कांग्रेस के नाना पटोले महाराष्ट्र के स्पीकर
मुंबई। कांग्रेस नेता नाना पटोले निर्विरोध महाराष्ट्र विधानसभा के अध्यक्ष बन गए हैं। अब तक की राज्य विधानसभा की परंपरा के मुताबिक उन्हें निर्विरोध चुना गया है। कांग्रेस, शिवसेना और एनसीपी के गठबंधन महाविकास आघाड़ी ने उन्हें संयुक्त रूप से स्पीकर पद का उम्मीदवार बनाया था। इससे पहले भाजपा ने उनके खिलाफ किशन कठोरे को उम्मीदवार के तौर पर उतारा था। हालांकि चुनाव से पहले भाजपा ने उनके नाम को वापस ले लिया। पटोले विदर्भ में साकोली विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं जबकि कथोरे ठाणे में मुरबाड से विधायक हैं। यह दोनों का विधायक के तौर पर चौथा कार्यकाल है। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और कुछ वरिष्ठ विधायक पटोले (57) को अध्यक्ष की पीठ तक ले गए। ठाकरे और भाजपा विधायक दल के नेता देवेंद्र फडणवीस ने विधायक और किसान नेता के तौर पर पटोले के काम की तारीफ की।
देवेंद्र फडणवीस बने विधानसभा में विपक्ष के नेता
पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को महाराष्ट्र विधानसभा में विपक्ष का नेता बनाया गया है। विधानसभा अध्यक्ष नाना पटोले ने फडणवीस को सदन में विपक्ष का नया नेता घोषित किया। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे, शिवसेना, एनसीपी, कांग्रेस के मंत्रियों ने विधानसभा में फडणवीस को बधाई दी। भाजपा नेता देवेंद फडणवीस ने विधानसभा में कहा, हमने विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए किसान कथोरे को मनोनीत किया था, लेकिन सर्वदलीय बैठक में दूसरी पार्टियों ने हमसे अनुरोध किया और यह परंपरा रही है कि विधानसभा अध्यक्ष निर्विरोध चुना जाता है। इसलिए हमने उनके अनुरोध को माना और अपने उम्मीदवार का नाम वापस ले लिया।
Leave A Comment