मोदी और पुर्तगाल के राष्ट्रपति के बीच विभिन्न विषयों पर व्यापक विचार-विमर्श
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज पुर्तगाल के राष्ट्रपति मार्सेलो रेबेलो डिसूज़ा से नई दिल्ली में बातचीत की। दोनों नेताओं ने व्यापार और निवेश सहित विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंध बढ़ाने पर व्यापक विचार विमर्श किया।
श्री डिसूजा चार दिन की भारत यात्रा पर कल रात नई दिल्ली पहुंचे। यह उनकी पहली भारत यात्रा है। आज सुबह राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में श्री डिसूज़ा का पारम्परिक स्वागत किया गया। वे महात्मा गांधी की समाधि राजघाट भी गये और राष्ट्रपिता को श्रद्धांजलि अर्पित की।
पुर्तगाल के राष्ट्रपति के साथ वहां के विदेश मंत्री प्रोफेसर अगस्तो सान्तोस सिल्वा और विदेश राज्यमंत्री प्रोफेसर युरिको ब्रिलहांत डायस और राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री जोरगे सेगुरो सांचेज़ भी आये हैं। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद आज शाम पुर्तगाल के राष्ट्रपति से मिलेंगे। श्री कोविंद ने उनके सम्मान में भोज का आयोजन किया है। अपनी यात्रा के दौरान श्री डिसूज़ा महाराष्ट्र और गोवा भी जाएंगे।
--
Leave A Comment