घरेलू विवाद के चलते पत्नी और ससुराल वालों को मारी गोली
मोगा। पंजाब पुलिस के हेड कांस्टेबल पर गांव जलालपुर में घरेलू विवाद के चलते पत्नी और 3 ससुराल वालों (सास-साला और साले की पत्नी) पर गोली मारकर हत्या करने का आरोप है। घटना में साले की 10 साल की बच्ची भी घायल है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार शाम आरोपी कांस्टेबल का ससुराल में विवाद हुआ था। इसके बाद धर्मकोट पुलिस उसे लेकर चली गई थी। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने सुबह 6 बजे लौटकर एके-47 से वारदात को अंजाम दिया। बाद में उसने समर्पण कर दिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी कुलविंदर सिंह मोगा पुलिस लाइन में दंगा विरोधी दल को लीड करता है। उसका पत्नी राजविंदर कौर के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था। झगड़े के बाद पत्नी मायके चली जाती थी। इस बात पर कुलविंदर ससुराल के लोगों से भी बेहद खफा था। पुलिस ने बताया कि आरोपी कांस्टेबल ने ससुराल पहुंचते ही सरकारी एके- 47 राइफल निकाली और गोलीबारी शुरू कर दी। घटना में पत्नी राजविंदर कौर, साला जसकरण सिंह और साले की पत्नी इंद्रजीत कौर की मौके पर ही मौत हो गई। 65 वर्षीय सास सुखविंदर कौर को गंभीर हालत में मोगा के सिविल अस्पताल में लाया गया था। यहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई। घटना में साले जसकरण सिंह की 10 साल की बेटी जश्नप्रीत कौर घायल हो गई। वारदात के बाद आरोपी कुलविंदर ने छत पर चढ़कर जोर से चीखने लगा। पुलिस के पहुंचने पर आत्मसमर्पण कर दिया।
Leave A Comment