उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में 3 हजार टन से अधिक स्वर्ण भंडार मिला
नई दिल्ली। भारतीय भू-गर्भ सर्वेक्षण - जी.एस.आई. ने उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में तीन हजार टन से अधिक सोने के भंडार का पता लगाया है। यह स्वर्ण भंडार सोन पहाड़ी और हरदी इलाके में मिला है।
विभाग ने बताया कि सोनभद्र में स्वर्ण भंडार खोजने का कार्य लगभग दो दशक पहले 1992-93 में शुरु किया गया था। सोनभद्र के कोन थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत पडऱक्ष के हरदी पहाड़ी में वर्षों पहले सोना मिलने की पुष्टि अधिकारियों ने अब जाकर की है।
अधिकारी के. के. राय ने बताया कि यहां सोन पहाड़ी और हरदी इलाकों में सोने के भंडार मिले है। उन्होंने बताया कि सोने के भंडार का पता लगाने का काम पिछले दो दशक से चल रहा था। इन ब्लॉक की ई-निविदा के जरिए नीलामी की प्रक्रिया जल्द ही आरंभ होगी। सोन पहाड़ी में करीब 2943.26 टन और हरदी ब्लॉक में 646.16 टन सोना मिला है। श्री राय ने बताया कि सोने के अलावा इलाके में अन्य खनिज पदार्थ भी मिले हैं।
विश्व स्वर्ण परिषद के अनुसार भारत के पास इस समय 626 टन स्वर्ण भंडार है। सोने का नया भंडार इसका करीब पांच गुणा है। इसकी अनुमानित कीमत करीब 12 लाख करोड़ रुपए है।
गौरतलब है कि जिस पहाड़ी में सोना मिला है, उसे शिव पहाड़ी के नाम से भी पहचाना जाता है । यहां पर सोना छिपा होने की बातें बरसों से की जाती रही हैं।
Leave A Comment