मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री मोरारजी देसाई को उनकी जयंती पर किया नमन
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री मोरारजी भाई देसाई को आज उनकी जयंती पर याद किया है।
श्री मोदी ने एक ट्विट कर उन्हें नमन किया। अपने ट्विट संदेश में श्री मोदी ने लिखा-पूर्व प्रधानमंत्री मोरारजी भाई देसाई को उनकी जयंती पर शत-शत नमन। उन्होंने हमेशा अनुशासन और सिद्धांतों पर आधारित राजनीति की, जिसके लिए वे हमेशा याद किए जाएंगे।
प्रधानमंत्री ने ट्विटर एक वीडियो भी शेयर किया जिसमें वे मोरारजी देसाई की तस्वीर पर पुष्पाजंलि अर्पित करते नजर आ रहे हैं। इसके अलावा श्री देसाई के जीवन पर आधारित एक छोटी सी झलक भी इस वीडियो में देखने को मिल रही है।
देश के चौथे और पहले गैरकांग्रेसी प्रधानमंत्री मोरारजी देसाई का जन्म आज ही के दिन 1896 में बॉम्बे प्रांत के भदेली गांव में हुआ था। उनका पूरा नाम मोरारजी रणछोडज़ी देसाई था। मोरारजी देसाई 1977 से लेकर 1979 तक देश के प्रधानमंत्री रहे। इसके अलावा वो बॉम्बे राज्य के मुख्यमंत्री के पद पर भी रहे। आजादी की लड़ाई से लेकर उसके बाद देश की राजनीति में उन्होंने अपना अहम योगदान निभाया। एक पारंपरिक धार्मिक परिवार से आने वाले मोरारजी देसाई कहा करते थे कि हर आदमी को अपनी जिंदगी में सच्चाई और उसके विश्वास के अनुरूप काम करना चाहिए।
ब्रिटिश शासनकाल के दौरान मोरारजी देसाई ने करीब 12 वर्षों तक डिप्टी कलेक्टर का पद संभाला, लेकिन महात्मा गांधी से प्रेरित होकर वो 1930 में आजादी की लड़ाई में कूद पड़े। 1931 में उन्होंने कांग्रेस की सदस्यता ले ली। आजादी के बाद भी उन्होंने देश की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाई। वो जवाहरलाल नेहरू की कैबिनेट में गृहमंत्री के पद पर रहे। इसके बाद इंदिरा गांधी के प्रधानमंत्री रहते हुए, वो उपप्रधानमंत्री और वित्तमंत्री रहे।
मोरारजी देसाई के सक्रिय राजनीति से रिटायर होने के बाद 1986 में पाकिस्तान ने उन्हें निशान-ए-पाकिस्तान सम्मान से नवाजा। 1991 में उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया गया।. 10 अप्रैल 1995 को उनका निधन हो गया।
----
Leave A Comment