केंद्र ने महिला सशक्तिकरण के लिए विशेष अभियान की शुरूआत की
नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने शिक्षा के माध्यम से लड़कियों और महिलाओं के सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए एक विशेष अभियान शुरू किया है।
केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा है कि मंत्रालय देशभर के स्कूलों और कॉलेजों में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाएगा। उन्होंने कहा कि 8 मार्च को मनाये जाने वाले अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस अभियान की शुरुआत आज से हो गई है। उन्होंने कहा कि यह अभियान वर्षभर चलेगा।
श्री पोखरियाल ने कहा कि सरकार ने 2014 से बालिकाओं की शिक्षा के लिए कई उपाय किये हैं। उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम अत्यन्त सफल रहा है जिसकी बदौलत शिक्षा में उच्चतर स्तर पर बालकों के मुकाबले बालिकाओं के दाखिलों में सभी पाठ्यक्रमों में इज़ाफा हुआ है। श्री निशंक ने कहा कि योग ओलंपियाड की तर्ज पर स्कूल-स्तर पर बालिकाओं के लिए आत्मरक्षा ओलंपियाड का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए, सरकारी स्कूलों में कक्षा 6 से 12 की लड़कियों को आत्मरक्षा प्रशिक्षण दिया जाता है।
---
Leave A Comment