सिलेंडर फटने से दो की मौत
जयपुर। शहर के चौड़ा रास्ता इलाके में स्थित ताड़केश्वर मंदिर परिसर में बने मकान में सोमवार सुबह सिलेंडर फट गया। हादसे में मंदिर के महंत की पत्नी और एक 16 साल के लड़के की मौत हो गई। मृतक लड़का मंदिर परिसर में अपने चाचा के साथ किराए पर रहता था। हादसे में उसका चाचा झुलस गया। धमाके से मकान का एक हिस्सा गिर गया। हादसा मकान की दूसरी मंजिल पर हुआ। सूचना पर पुलिस और सिविल डिफेंस की टीम मौके पर पहुंची। दोनों को मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ताड़केश्वर मंदिर परिसर में बने मकान की दूसरी मंजिल पर अभिषेक (16) पुत्र महेंद्र और उसके चाचा राजेश (42) किराए पर रहते थे। पहली मंजिल पर मंदिर के महंत गोविंद व्यास का निवास है, जहां वे अपनी पत्नी 42 वर्षीय मंजू के साथ रहते हैं। सुबह गैस की बदबू आने पर महंत ने अभिषेक को इस बारे में बोला और तभी जोर के धमाके के साथ सिलेंडर फट गया। सिलेंडर फटते ही मकान का एक हिस्सा टूटकर गिर गया। हादसे के समय कमरे में मौजूद मंजू के ऊपर मलबा गिर गया और वे उसमें दब गईं। अभिषेक भी मलबे में दब गया। घर में राजेश भी मौजूद था जो बुरी तरह झुलस गया। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस और रेस्क्यू टीम ने बचाव अभियान चलाया।
Leave A Comment