कोरोना वायरस- केंद्र ने राज्यों से हवाई अड्डों पर स्वास्थ्य अधिकारियों से समन्वय बनाये रखने कहा
नई दिल्ली। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन ने राज्यों से कहा है कि हवाई अड्डों पर यात्रियों की कारगर स्क्रीनिंग के लिए वे एयरपोर्ट स्वास्थ्य अधिकारियों और प्रबंधकों से समन्वय बनाये रखें।
राज्यों के मुख्य सचिवों और स्वास्थ्य मंत्रियों तथा सम्बद्ध संगठनों के प्रतिनिधियों से वीडियो कांफ्रेंस के जरिये समीक्षा बैठक में डॉक्टर हर्षवर्घन ने यह बात कही। इस बैठक में अस्पतालों में अलग वार्ड और प्रयोगशाला तैयारियों की भी समीक्षा की गयी। राज्यों और केन्द्रशासित प्रदेशों से चिकित्सा कर्मियों के लिए कार्यशाला आयोजित करने के लिए भी कहा गया है। इसके अलावा कोरोना वायरस से बचाव के उपायों की जानकारी से लोगों को अवगत कराने की सलाह दी गयी है। राज्यों से सीमावर्ती इलाकों में चौकियों और बंदरगाहों पर निगरानी व्यवस्था सशक्त करने को भी कहा गया है।
कोरोना वायरस का कोई भी नया मामला आज सामने नहीं आया है। देश में अभी इस बीमारी से संक्रमित रोगियों की संख्या 31 है। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के विशेष सचिव संजीव कुमार ने आज नई दिल्ली में मीडिया को इसकी जानकारी दी।
---
Leave A Comment