टायर फटने से पलटी बस, तीन की मौत
अजमेर। जयपुर से गुजरात जा रही एक बस रविवार को एनएच-8 पर टायर फटने से पलट गई। इस हादसे में 3 यात्रियों की मौत हो गई। 23 घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि झटका लगने से एक यात्री बस से उछल कर बाहर गिर गया और टायरों के नीचे आने से उसकी मौत हो गई। घायलों को अजमेर के जवाहरलाल नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गुजरात की एक बस जयपुर से अजमेर जा रही थी। बस में राजस्थान, आंध्रप्रदेश और गुजरात समेत कुछ राज्यों के करीब 45 यात्री सवार थे। नेशनल हाईवे 8 पर पालरा के पास बस का टायर फट गया। इससे बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा कर पलट गई। बस के पलटते ही एक यात्री गाड़ी से बाहर सड़क पर गिर गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आसपास के ग्रामीण मदद को आए और बस के शीशे तोड़कर यात्रियों को निकाला।
सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को जवाहर लाल नेहरू अस्पताल पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। हादसे में 23 यात्री घायल हुए, जिनमें 3 की हालत नाजुक है। कुछ की पहचान नहीं हो पाई। पुलिस ने क्रेन से बस को सीधा करवाया। हादसा होते ही स्थानीय लोगों और पुलिस ने यात्रियों को बस से निकाला। कुछ घायलों को पुलिस ने अस्पताल में दाखिल कराया है।
Leave A Comment