केंद्र की 75 लाख महिला स्व-सहायता समूह बनाने की योजना
नई दिल्ली। केंद्र सरकार देश में ज्यादा से ज्यादा महिलाओं की आजीविका के लिए 2022 तक 75 लाख महिला स्व-सहायता समूह बनाने की तैयारी कर रही है।
केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने आज नई दिल्ली में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर नारी सशक्तिकरण पर आयोजित एक कार्यक्रम में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि महिला स्व-सहायता समूह गरीबी उन्मूलन कार्यक्रम का आधार हैं। ग्रामीण विकास मंत्रालय का पूरा प्रयास महिलाओं के उत्थान पर केंद्रित है। उन्होंने कहा कि देश में 60 लाख से अधिक स्व-सहायता समूह हैं जिनसे छह करोड़ 73 लाख से ज्यादा महिलाएं जुड़ी हुई हैं। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि सरकार ऐसी महिलाओं को आजीविका मिशन के तहत प्रशिक्षण और वित्तीय सहायता दे रही है। बैंकों से आसान कर्ज की सुविधा भी दी गई है।
श्री तोमर ने कहा कि सरकार ने महिलाओं और ग्रामीण आबादी को मदद के साथ ही उन्हें उत्पादों की अच्छी कीमत दिलाने के लिए ई-बाजार जैसा मंच भी प्रदान किया है।
---
Leave A Comment