राष्ट्रपति - उपराष्ट्रपति सहित केन्द्रीय मंत्रियों ने परिवार सहित बजाई तालियां- घंटियां
नई दिल्ली। आज भारत देश में शाम 5 बजने का जैसे सबको इंतजार था। सभी ने अपने- अपने घरों की बालकनी, छत पर आकर एकजुटता का जो परिचय दिया, उसकी गूंज सारी दुनिया को सुनाई दी। करीब 20 मिनट तक महानगर हो या गांव, जैसे एक आंदोलन सा चल पड़ा। तालियों से शंख-घंटियों की आवाज से पूरा आसमान गुंजायमान हो गया।
सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों ने अपने - अपने मनोभावों को व्यक्त किया।
आम हो या खास सभी ने इस अभियान का हिस्सा बनकर अपना समर्थन दिया। इनमें राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उप राष्ट्रपति एम. वैंकैया नायडू, लोकसभा स्वीकर ओम बिरला के अलावा केन्द्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर, नरेन्द्र सिंह तोमर, धर्मेन्द्र प्रधान सहित अनेक केन्द्रीय मंत्री भी परिवार सहित तालियां, घंटियां बजाकर इस अभियान का हिस्सा बने।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पत्नी के साथ अपने आवास पर ताली बजाकर कोरोना वायरस से लड़ रहे वीरो के प्रति अपना समर्थन जताया। उन्होंने ट्वीट किया, कोरोना वायरस संकट के बावजूद देश की सुरक्षा और स्वास्थ्य समेत सभी आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति और सेवाएं सुनिश्चित करने वाले सुरक्षाकर्मियों, स्वास्थ्यकर्मियों और अन्य सभी राष्ट्र रक्षकों का अभिनंदन है।
ओडि़शा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने भी थालियां बजाते हुए अपना एक वीडियो ट्वीटर पर शेयर किया। रेल मंत्री पीयूष गोयल ने अपनी 88 वर्षीय मां का वीडियो शेयर करते हुए लिखा-प्रधानमंत्री जी के आग्रह पर मेरी 88 वर्षीय माता जी ने भी आज घंटी बजाकर व्यवस्थाओं में लगे सभी लोगों के प्रति आभार प्रकट किया। मोदी जी के आह्वान से वह इतना प्रभावित थी कि स्वयं को इस महायज्ञ में शामिल होने से रोक न सकीं।
---
Leave A Comment