30 राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों में पूर्ण बंदी -केंद्र ने राज्यों से कहा - उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें
नई दिल्ली। कोरोना वायरस से उत्पन्न संकट को देखते हुए तीस राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों ने पूर्ण बंदी की घोषणा की है।
आंध्र प्रदेश, बिहार, चंडीगढ़ दिल्ली, गुजरात, जम्मू-कश्मीर, कर्नाटक, केरल, पंजाब, राजस्थान, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल सहित अन्य राज्यों और केन्द्रशासित प्रदेशों के पांच सौ 48 जिलों में लॉकडाउन प्रभावी हो गया है। उत्तर प्रदेश के 17, मध्य प्रदेश के 37 और ओडिशा के 5 जिलों में पूर्ण बंदी लागू है। लक्षद्वीप में कुछेक गतिविधियों पर पाबंदी लगाई गईं है।
स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय में संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने कल नई दिल्ली में संवाददाताओं को बताया कि मंत्रिमंडल सचिव ने सभी राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों से कहा है कि प्रतिबंधों का सख्ती से पालन किया जाना चाहिए और उल्लंघनकर्ताओं के विरुद्ध कार्रवाई की जानी चाहिए। श्री अग्रवाल ने बताया कि प्रतिबंधों का मुख्य उद्देश्य संक्रमण की संभावित श्रृंखला को तोडऩा है। उन्होंने कहा कि सरकार स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ा रही है। राज्यों से कहा गया है कि वे कोरोना रोगियों के इलाज के लिए अलग से अस्पताल तैयार करें।
---
Leave A Comment