महिला मित्र से नाराज व्यक्ति ने अस्पताल में डॉक्टर और सफाईकर्मी को चाकू मारा!
गंगटोक। सिक्किम के गंगटोक में महिला मित्र के बात करने से इंकार करने से खफा एक व्यक्ति ने सोमवार को एसटीएनएम अस्पताल में एक डॉक्टर और एक सफाई कर्मचारी को कथित तौर पर चाकू घोंप दिया। पुलिस ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि तातांगचेन निवासी आरोपी व्यक्ति से उसकी महिला मित्र कई दिनों से फोन पर बात नहीं कर रही थी , जिससे वह नाराज हो गया था और महिला मित्र से मिलने के लिए अस्पताल गया था। पुलिस ने कहा कि बीमार रिश्तेदार के इलाज के लिए अस्पताल गई महिला ने आरोपी से बात करने से इनकार कर दिया और जब आरोपी उससे मिला तो वह उसे छोड़कर चली गई। उन्होंने बताया कि इस बात से नाराज आरोपी ने साथ लाए चाकू से अस्पताल के हृदय रोग विशेषज्ञ और सफाई कर्मचारी पर हमला कर दिया। बाद में खून से सना चाकू लेकर अस्पताल के आसपास घूमते समय पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। पुलिस ने बताया डॉक्टर और महिला सफाई कर्मचारी का अस्पताल में इलाज चल रहा है। डॉक्टर की हालत स्थिर लेकिन गंभीर है। पुलिस ने कहा कि इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
-
Leave A Comment