वास्तु शास्त्र के अनुसार इन पौधों को घर में लगाना है अशुभ
प्राचीन काल से ये माना जाता रहा है कि पेड़ -पौधे सकारात्मक ऊर्जा को उत्पन्न कर नकारात्मक ऊर्जा को बाहर निकालते हैं। अगर हम वास्तु शास्त्र की बात करें तो ऐसे कई पौधे हैं जिन्हें घर में लगाना अशुभ माना गया है। माना जाता है कि इन पौधों से घर में नकारात्मक ऊर्जा का प्रवेश होता है जिससे गृह-कलेश, धन हानि, कंगाली आती है। आज ऐसे ही कुछ पौधों के बारे में हम जानकारी दे रहे हैं।
बोनसाई - बड़े पेड़ों की प्रजाति को बौनसाई रूप में रखने का प्रचलन लगातार बढ़ रहा है। पीपल, बरगद, बांस, नींबू आदि पौधे बौनसाई रूप में घरों के अंदर भी मिल जाते हैं। वास्तु शास्त्र के अनुसार, लाल फूल और बोनसाई के पौधों को घर के अंदर रखना अशुभ है। आप बौनसाई के शौकीन हैं, तो इन्हें घर के अंदर नहीं, बल्कि खुली जगह या फिर बगीचे में रख सकते हैं। इससे नकारात्मक ऊर्जा का घर के अंदर प्रवेश नहीं हो पाता है।
खजूर का पेड़ - वास्तु शास्त्र के हिसाब से खजूर का पेड़ घर में लगाना शुभ नहीं होता। कहा जाता है कि ये नकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है जिससे घर में आर्थिक समस्या बनी रहती है और इसका बुरा प्रभाव सेहत पर भी पड़ता है। पाम प्रजाति के इन पौधों को सड़क के किनारे लगाना उचित माना गया है।
इमली और मेहंदी का पौधा - सदियों से यह मान्यता चली आ रही है कि इमली और मेहंदी के पेड़ों पर बुरी आत्माओं का वास होता है। इसलिए इन पौधों को घर में लगाने से बचें।
बांस का पेड़ - बांस के पेड़ को वैसे तो अच्छा माना जाता है, लेकिन वास्तु शास्त्र कि दृष्टि से देखें तो ये घर के लिए शुभ नहीं होता। इसे घर पर लगाने से कई सारी समस्याओं का आगमन होता है। इसलिए जितना हो सकें इसे घर के बाहर ही लगाए। माना जाता है कि बांस के फूल अकाल लाते हैं।
कपास -कपास का पौधा, सिल्की सूती पौधा और पाल्मीरा का पेड़ (एक प्रकार का ताड़ का पेड़) भी घर के आसपास लगाए जाने पर अशुभ फल देते हैं।
बेर का पेड़ - वास्तु शास्त्र में बेर के पेड़ को भी अशुभ माना जाता है। इसे घर में लगाने से नकारात्मक ऊर्जा का प्रवेश होता है। इसलिए इसे लगाने से मना किया गया है। मान्यता ये भी है कि बेर के पेड़ में भी बुरी आत्माओं का वास होता है।
---
Leave A Comment