- Home
- छत्तीसगढ़
-
-दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण के लिए पेश की 'Navinaut' और 'SignX' तकनीक
रायपुर। यूनिसेफ (UNICEF) द्वारा सम्मानित 'ग्लोबल यूथ इनोवेटर' और 'एलियन इनोवेशंस' के 21 वर्षीय संस्थापक रवि किरण ने छत्तीसगढ़ शासन के समाज कल्याण विभाग के सचिव श्री भुवनेश यादव से मुलाकात की। इस मुलाक़ात में उनके साथ स्टार्टअप में ऑपरेशंस और पार्टनरशिप की जिम्मेदारी संभाल रहीं हर्षिता भी उपस्थित थीं। विशेष बात यह है कि ये दोनों ही युवा अपनी इंजीनियरिंग की पढ़ाई के साथ-साथ इस नवाचार के जरिए समाज में बदलाव ला रहे हैं।इस अहम मुलाक़ात का मुख्य उद्देश्य दिव्यांगजनों (PwDs) को सशक्त बनाने और उनके दैनिक जीवन को अधिक स्वतंत्र व सुलभ बनाने के लिए विकसित किए गए अत्याधुनिक उपकरणों— 'नेविनॉट' (Navinaut) और 'साइनएक्स' (SignX)— का प्रदर्शन करना था।बैठक के दौरान सचिव श्री यादव के समक्ष इन 'मेड इन इंडिया' तकनीकों की कार्यप्रणाली और हजारों दिव्यांगों के जीवन में इनके सकारात्मक प्रभाव पर विस्तृत चर्चा की गई। रवि ने दृष्टिबाधित लोगों के लिए भारत का पहला टॉर्च के आकार का कॉम्पैक्ट सहायक उपकरण 'नेविनॉट' प्रस्तुत किया। यह उपकरण बिना पारंपरिक छड़ी के बाधा-मुक्त और सुरक्षित रूप से चलने में मदद करता है। इसमें सटीक रूप से बाधाओं का पता लगाने के लिए एडवांस्ड लिडार (LiDAR) सेंसर और अलर्ट के लिए टैक्टाइल वाइब्रेशन की सुविधा है। इसके साथ ही श्रवण एवं वाक् बाधित (मूक-बधिर) व्यक्तियों के लिए 'साइनएक्स' (SignX) का भी प्रदर्शन किया गया। यह स्मार्ट डेस्क-आधारित एआई (AI) उपकरण बिना किसी दुभाषिए के रीयल-टाइम संवाद को संभव बनाता है। यह 97.6 प्रतिशत सटीकता के साथ सांकेतिक भाषा को पहचानकर उसे तुरंत आवाज में बदल देता है, और 'स्पीच-टू-टेक्स्ट' फीचर के जरिए सामने वाले की बातों को स्क्रीन पर दिखाता है।समाज कल्याण सचिव श्री भुवनेश यादव ने इन नवाचारों की गहरी सराहना करते हुए बेहद सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि तकनीक के माध्यम से दिव्यांगजनों के जीवन स्तर को ऊंचा उठाना और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना शासन की प्राथमिकताओं में से एक है। श्री यादव ने इन उपकरणों की व्यावहारिक उपयोगिता को देखते हुए भविष्य में इन्हें प्रोत्साहित करने और सार्वजनिक स्थानों, सरकारी कार्यालयों, अस्पतालों व शिक्षण संस्थानों में इनके उपयोग की संभावनाओं पर भी सार्थक विचार-विमर्श किया। यह बैठक तकनीकी नवाचारों और सरकारी प्रयासों के समन्वय से दिव्यांग समुदाय के लिए एक समावेशी, समान और सुलभ वातावरण तैयार करने की दिशा में एक बेहद महत्वपूर्ण कदम है। -
-बस्तर अब भय और हिंसा के अतीत से बाहर निकलकर शांति, विकास और संभावनाओं की नई दिशा में आगे बढ़ रहा- उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा
-बस्तर की जल, जंगल और जमीन बस्तर के लोगों की है, उसका संरक्षण एवं विकास में स्थानीय समुदाय की प्रमुख भूमिका होगी
रायपुर / जगदलपुर में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री श्री विजय शर्मा ने दृढ़ विश्वास के साथ कहा कि राज्य सरकार, केंद्रीय एजेंसियों और सुरक्षा बलों के समन्वित एवं सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप छत्तीसगढ़ 31 मार्च 2026 तक सशस्त्र नक्सलवाद से पूर्णतः मुक्त हो जाएगा। उन्होंने कहा कि यह केवल एक प्रशासनिक उपलब्धि नहीं, बल्कि बस्तर और समूचे छत्तीसगढ़ के सामाजिक, आर्थिक और मानवीय पुनर्जागरण की दिशा में एक ऐतिहासिक परिवर्तन है। इस महत्वपूर्ण अवसर पर नारायणपुर विधायक एवं मंत्री श्री केदार कश्यप, जगदलपुर विधायक श्री किरण सिंहदेव, डीजीपी श्री अरुण देव गौतम, पुलिस महानिदेशक एंटी नक्सल ऑपरेशन श्री विवेकानंद, नक्सल उन्मूलन से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी, एडीजी सीआरपीएफ, बस्तर कमिश्नर, आईजी सुंदरराज पी., बीजापुर के पुलिस अधीक्षक सहित विभिन्न केंद्रीय एवं राज्य सुरक्षा बलों के अधिकारी उपस्थित रहे। उपमुख्यमंत्री ने बताया कि अगस्त 2024 में केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह द्वारा घोषित समय-सीमा के अनुरूप राज्य सरकार ने एक सुनियोजित रणनीति के तहत कार्य किया, जिसका सकारात्मक परिणाम आज स्पष्ट रूप से सामने आ रहा है। इसी क्रम में हाल ही में डीकेजेडसी स्तर के नक्सली पापा राव ने अपने साथियों एवं हथियारों सहित पुनर्वास कर मुख्यधारा में वापसी की है। यह घटना न केवल सुरक्षा दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि यह इस बात का भी प्रमाण है कि अब नक्सल संगठन का शीर्ष ढांचा भी कमजोर पड़ चुका है। उन्होंने कहा कि बस्तर के समाज ने भी खुले मन से इन पुनर्वासित लोगों को स्वीकार कर सामाजिक समरसता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है।उन्होंने विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि पिछले दो वर्षों में लगभग 3 हजार से अधिक नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर पुनर्वास किया है, जिसमें सीसी मेंबर से लेकर विभिन्न स्तरों के कैडर शामिल हैं। इसके अतिरिक्त 2 हजार से अधिक नक्सलियों की गिरफ्तारी हुई है तथा लगभग 500 से अधिक नक्सली मुठभेड़ों में निष्प्रभावी (न्यूट्रलाइज) किए गए हैं। इस प्रकार कुल मिलाकर 5000 से अधिक सशस्त्र कैडर में कमी आई है, जो नक्सल संगठन की रीढ़ को कमजोर करने वाला निर्णायक कारक सिद्ध हुआ है। वर्तमान स्थिति में डीकेजेडसी स्तर का कोई सक्रिय माओवादी छत्तीसगढ़ में शेष नहीं है और केवल 30 से 40 की सीमित संख्या में नक्सली उत्तर एवं दक्षिण के दूरस्थ क्षेत्रों में बचे हैं, जिनके भी शीघ्र पुनर्वास करने की संभावना व्यक्त की गई है। उन्होंने कहा कि यह परिवर्तन केवल सुरक्षा अभियानों का परिणाम नहीं, बल्कि विश्वास, संवाद और पुनर्वास नीति की सफलता का भी परिचायक है।
उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि बस्तर संभाग सहित कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान, राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी, धमतरी, गरियाबंद और महासमुंद जैसे जिले, जो कभी नक्सल प्रभाव से प्रभावित रहे थे, अब पूरी तरह इस समस्या से मुक्त हो चुके हैं। बस्तर का लगभग 95 प्रतिशत से अधिक भौगोलिक क्षेत्र अब नक्सल प्रभाव से बाहर आ चुका है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि सुरक्षा बलों के अद्वितीय साहस, रणनीतिक दक्षता और कठिन परिस्थितियों में निरंतर किए गए प्रयासों का परिणाम है। केंद्रीय और राज्य के सुरक्षा बलों के जवानों ने विषम परिस्थितियों में अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए अद्भुत पराक्रम का परिचय दिया है, जिसके लिए पूरा प्रदेश उनका ऋणी है। उन्होंने इस अभियान में समाज की सहभागिता को भी अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि हमारे बस्तर के पत्रकार साथियों द्वारा किए गए प्रयास, पंचायती राज संस्थाओं के जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भूमिका तथा बस्तर के स्थानीय मुरिया, मारिया, गोंड और हलबा समाज के प्रमुखों का सहयोग इस अभियान की सफलता के प्रमुख आधार रहे हैं। इसके साथ ही पत्रकारों ने भी जनजागरण, संवाद और विश्वास निर्माण में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि इन सभी प्रयासों के कारण बड़ी संख्या में नक्सलियों ने हिंसा का मार्ग छोड़कर मुख्यधारा को अपनाया, जिससे अनेक जिंदगियां बच सकीं और बस्तर को भय और रक्तपात के वातावरण से बाहर निकालने में सफलता मिली। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार केवल नक्सलवाद के उन्मूलन तक सीमित नहीं है, बल्कि बस्तर के सर्वांगीण विकास के लिए भी समान रूप से प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि पुनर्वास नीति के तहत बस्तर ओलंपिक का आयोजन कर युवाओं को खेल के क्षेत्र में अवसर प्रदान किया गया, जिससे उनकी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा मिली। इसी प्रकार बस्तर पंडुम के माध्यम से स्थानीय संस्कृति, परंपरा और लोकजीवन को संरक्षित और प्रोत्साहित करने का कार्य किया गया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि बस्तर के युवा आने वाले समय में राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी अपनी प्रतिभा का परचम लहराएंगे।उन्होंने यह भी बताया कि बस्तर के आंतरिक क्षेत्रों में स्थापित लगभग 400 सुरक्षा कैंपों को चरणबद्ध तरीके से विकास केंद्रों में परिवर्तित किया जाएगा। भविष्य में ये कैंप थाना, स्कूल, अस्पताल तथा लघु वनोपज संग्रहण एवं प्रसंस्करण केंद्रों के रूप में कार्य करेंगे, जिससे स्थानीय लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे तथा क्षेत्र में स्थायी विकास की आधारशिला मजबूत होगी।उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री के 'लाल आतंक से मुक्ति' के संकल्प, केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह द्वारा निर्धारित समय-सीमा और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में यह अभियान निरंतर सफलता की ओर अग्रसर है। उन्होंने इसरो, एनटीआरओ, आईटीबीपी और एनएसजी जैसी संस्थाओं द्वारा प्राप्त तकनीकी सहयोग को भी महत्वपूर्ण बताया, जिसने अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया।अपने संबोधन के अंत में उन्होंने कहा कि बस्तर अब भय और हिंसा के अतीत से बाहर निकलकर शांति, विकास और संभावनाओं की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार के भ्रम या भ्रामक प्रचार से बचें और विकास की इस यात्रा में सहभागी बनें। उन्होंने दोहराया कि जल, जंगल और जमीन बस्तर के लोगों का है और उसके संरक्षण एवं विकास में स्थानीय समुदाय की ही प्रमुख भूमिका होगी। उपमुख्यमंत्री ने पूर्ण विश्वास के साथ कहा कि निर्धारित समय-सीमा तक छत्तीसगढ़ सशस्त्र नक्सलवाद से मुक्त होकर देश के लिए शांति, विकास और सुशासन का एक आदर्श मॉडल बनकर उभरेगा।
- -सर्व आदिवासी समाज के प्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के समक्ष किया आत्मसमर्पणजगदलपुर । नक्सली लीडर पापा राव अपने अन्य साथियों के साथ आज 25 मार्च को बस्तर संभाग मुख्यालय, जगदलपुर स्थित शौर्य भवन, पुलिस कोऑर्डिनेशन सेंटर लालबाग, जगदलपुर में दोपहर लगभग 1:30 बजे आत्मसमर्पण कर समाज की मुख्यधारा में शामिल हुए।पूना मारगेम ''पुनर्वास से पुनर्जीवन पहल के अंतर्गत डीकेएसजेडसी सदस्य पापा राव, डीवीसीएम प्रकाश मड़वी, डीवीसीएम अनिल ताती सहित कुल 18 माओवादी कैडर, सर्व आदिवासी समाज के प्रतिनिधियों तथा डीजीपी अरूण देव गौतम एडीजी नक्सल ऑपरेशन विवेकानंद सिन्हा, बस्तर रेंज के आईजी सुन्दरराज पी. एवं बीएसएफ के एडीजी तथा सीआरपीएफ के आई सहित अन्य पुलिस एवं केंद्रीय सुरक्षा बलों अधिकारियों तथा बस्तर संभाग आयुक्त डोमन सिंह के समक्ष 18 घातक हथिारों के साथ आत्मसमर्पण कर समाज की मुख्यधारा में शामिल गए।आज आत्मसमर्पण करने वाले पापा राव सहित अन्य 17 माओवादियों को छत्तीसगढ़ पुलिस एवं केन्द्रीय अर्धसैनिक बलों के अधिकारियों ने संविधान की पुस्तक भेंटकर आत्मसमर्पण कराया तथा समाज प्रमुखों ने इन माओवादियों को गुलाब के पुष्प भेंट कर समाज की मुख्यधारा में स्वागत किया।उल्लेखनीय है कि हिंसा त्याग कर समाज की मुख्यधारा में प्रवेश करने वाले कैडरों द्वारा पुनर्वास की प्रक्रिया के दौरान 8 एके-47, 01 इंसास राइफल, 01 एलएलआर राइफल, 04 नग .303, 02 सिंगल शॉट, 01 नग 9 एमएम पिस्टल, तथा 01 बीजीएल लॉंचर तथा 5 पांच रूपये नकदी सहित भारी संख्या के उक्त हथियारों के गोलियां भी पुलिस अधिकारियों को सौंपे।
- 0- पानी फैक्ट्रियों में मिली गंदगी, कर्मचारियों के लिए हेड कैप और ग्लव्स अनिवार्य0- पानी और जूस के नमूनों की जांच, 180 बोरी पानी पाऊच जप्तदुर्ग. भीषण गर्मी के आगमन को देखते हुए जिला खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा जिले की पानी फैक्ट्रियों में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह के निर्देशानुसार खाद्य नियंत्रक एवं औषधि प्रशासन के मार्गदर्शन में विभाग ने विभिन्न क्षेत्रों में औचक निरीक्षण किया। इस कार्यवाही के दौरान विगत 19 मार्च को आर.एस. इंटरप्राइसेस जामुल और पाल एक्वा छावनी भिलाई से पानी की बोतलों के नमूने लिए गए। वहीं, 20 मार्च को कुम्हारी स्थित आई.बी. साल्युसन में नियमों के उल्लंघन पाए जाने पर 180 बोरी पानी पाऊच जप्त किए गए।इसके अतिरिक्त, 23 मार्च को अमर बेवरेजेस कैलाश नगर भिलाई से पानी की बोतल और ज्योति इंडस्ट्रीज जेवरा सिरसा से लीची जूस के नमूने संकलित कर जांच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे गए हैं। जांच के दौरान वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीमती रिचा शर्मा और खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री नारद राम कोमरे ने फर्मों के संचालकों को कर्मचारियों के मेडिकल प्रमाणपत्र और पानी की शुद्धता की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही, स्वच्छता बनाए रखने और कार्य के दौरान कर्मचारियों को हैंड ग्लव्स व हेड कैप अनिवार्य रूप से पहनने की हिदायत दी गई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम 2006 (विनियम 2011) के तहत कड़ी कार्यवाही की जाएगी। गर्मी के सीजन को देखते हुए नमूनों के संकलन और निरीक्षण का यह कार्य आने वाले दिनों में भी निरंतर जारी रहेगा।--
- 0- दूध व्यवसाय से हो रही अच्छी आमदनीदुर्ग. ग्राम पंचायत महमरा की रहने वाली श्रीमती अनारकली यादव एक साधारण ग्रामीण महिला हैं, पति श्री रामेश्वर यादव के साथ वे वर्षों से पशुपालन और कृषि कार्य के जरिए अपने परिवार का भरण-पोषण कर रही थीं। श्रीमती अनारकली के पास पहले से कुछ गौधन था, जो उनके जीवनयापन का मुख्य आधार था। लेकिन पशुओं के लिए उचित व्यवस्था न होने के कारण उन्हें कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। पशुओं को कच्चे शेड में रखा जाता था, जहां न तो साफ-सफाई संभव थी और न ही मौसम से सुरक्षा। बारिश के दिनों में स्थिति और भी खराब हो जाती थी। पशुओं को कभी खुले में रखना पड़ता, तो कभी कीचड़ और गंदगी में। इससे पशुओं का स्वास्थ्य बिगड़ता और दूध उत्पादन भी प्रभावित होता था।अनारकली लंबे समय से एक पक्के पशु शेड का सपना देख रही थीं, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण यह संभव नहीं हो पा रहा था। आखिरकार उन्होंने हिम्मत जुटाई और अपनी समस्या ग्राम सभा में रखी। उनकी बात को गंभीरता से लेते हुए ग्राम पंचायत ने महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के अंतर्गत उनके लिए पशु शेड निर्माण को स्वीकृति दी। करीब 0.95 लाख रुपये की लागत से पक्का पशु शेड बनाया गया। निर्माण के दौरान ग्राम पंचायत का पूरा सहयोग मिला और इस प्रक्रिया में अनारकली को मजदूरी भी प्राप्त हुई, जिससे उनकी आय में तुरंत सहारा मिला। शेड बनने के बाद जैसे उनकी जिंदगी बदल गई। अब उनके पशुओं को सुरक्षित, साफ और व्यवस्थित आश्रय मिलने लगा। इसका सीधा असर पशुओं के स्वास्थ्य और दूध उत्पादन पर पड़ा। पहले जहां उनके पास लगभग 11 पशु थे, वहीं अब उनकी संख्या बढ़कर 35 के करीब पहुंच गई है।आज अनारकली केवल खेती तक सीमित नहीं हैं, बल्कि दूध व्यवसाय से भी अच्छी आमदनी कमा रही हैं। उनकी वार्षिक आय अब 2 लाख रुपये से अधिक हो गई है। श्रीमती अनारकली बताती है कि पहले हर समय पशुओं की चिंता बनी रहती थी। बारिश, ठंड, हर मौसम में परेशानी होती थी। पक्का शेड बनवाने का सपना था, लेकिन पैसों की कमी आड़े आती थी। मनरेगा योजना से यह संभव हुआ। शेड का निर्माण होने से पशु सुरक्षित हैं, उनकी संख्या भी बढ़ रही है और आमदनी भी। इसके लिए उन्होंने राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया।
- दुर्ग. कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह ने विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र विकास योजना के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए विधानसभा क्षेत्र साजा में विकास कार्य के लिए प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। साजा विधानसभा क्षेत्र विधायक श्री ईश्वर साहू द्वारा अनुशंसित इस कार्य के लिए 6.00 लाख रूपए की राशि स्वीकृत की गई है। जिला योजना एवं सांख्यिकी कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्वीकृत राशि से विकास खण्ड धमधा के अंतर्गत ग्राम पंचायत सेमरिया में सेन भवन के पास अहाता निर्माण का कार्य कराया जाएगा। इस कार्य के संपादन के लिए क्रियान्वयन एजेंसी मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत धमधा को नियुक्त किया गया है।--
- दुर्ग. कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह ने विभिन्न दुर्घटनाओं में असमय मृत्यु का शिकार हुए व्यक्तियों के परिजनों के लिए कुल 16 लाख रूपए की आर्थिक सहायता अनुदान राशि स्वीकृत की है । प्राप्त जानकारी के अनुसार, अनुभाग दुर्ग के अंतर्गत ग्राम मतवारी निवासी श्री पप्पू लाल चौधरी की 07 फरवरी 2025 को शिवनाथ नदी के महमरा एनीकेट में नहाते समय डूबने से मृत्यु हो गई थी । इसी प्रकार, भिलाई-03 अनुभाग के ग्राम लिमतरा निवासी श्री जगतराम यादव की 27 सितम्बर 2021 को गांव के डबरी तालाब में डूबने से मृत्यु हुई।अन्य प्रकरणों में, ग्राम सिकोला निवासी श्री गुरुप्रकाश साहू की 27 मार्च 2024 को सिकोला तालाब में डूबने से और सुपेला भिलाई निवासी श्री लोहित राव की 01 नवम्बर 2018 को रायपुर के महादेव घाट स्थित खारून नदी में नहाते समय डूबने से मृत्यु हो गई थी। कलेक्टर श्री सिंह द्वारा राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के प्रावधानों के अनुरूप स्व. पप्पू लाल चौधरी की पत्नी श्रीमती रेखा चौधरी, स्व. जगतराम यादव के पुत्र श्री कोमल यादव, स्व. गुरुप्रकाश साहू की पत्नी श्रीमती शालिनी साहू और स्व. लोहित राव की माता श्रीमती वेंकट रत्ना को क्रमशः 4-4 लाख रूपए की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है ।
- बिलासपुर. औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग द्वारा औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा मानकों को सुदृढ़ करने एवं दुर्घटनाओं की संभावनाओं को शून्य करने के उद्देश्य से 25 मार्च 2026 को सवेरे 10 बजे से देवकीनंदन सभागृह, बिलासपुर में एकदिवसीय जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।कार्यक्रम की अध्यक्षता आयुक्त बिलासपुर संभाग सुनील जैन करेंगे। इस अवसर पर कलेक्टर संजय अग्रवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे तथा आईएचएस रायपुर के संचालक मनीष श्रीवास्तव सहित अन्य गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।कार्यक्रम में राज्य के विभिन्न स्पंज आयरन एवं औद्योगिक इकाइयों द्वारा सुरक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों एवं सकारात्मक पहलुओं पर प्रस्तुति दी जाएगी। साथ ही नुक्कड़ नाटक के माध्यम से श्रमिकों एवं प्रबंधन को सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं के प्रति जागरूक किया जाएगा। इस एक दिवसीय प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य औद्योगिक इकाइयों में “शून्य दुर्घटना” की अवधारणा को साकार करना है। पावर पॉइंट प्रस्तुतियों एवं संवादात्मक सत्रों के माध्यम से उपस्थित प्रतिभागियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, जिससे वे अपने कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों का प्रभावी क्रियान्वयन कर सकें। कार्यक्रम में बिलासपुर सहित छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से औद्योगिक इकाइयों के प्रबंधन एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में भाग लेंगे, जिससे औद्योगिक सुरक्षा के प्रति व्यापक जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना विकसित होगी।--
- 0- दावा आपत्ति 30 मार्च तकबिलासपुर. राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन अंतर्गत विभिन्न रिक्त संविदा पदों फिजियोथेरेपिस्ट, डेंटल असिस्टेंट-एनओएचपी, फीडिंग डिमांसट्रेटर-एनआरसी, एमपीडब्ल्यू-यूएएएम, सेक्रेट्रियल असिस्टेंट-आईडीएसपी, एनपीसीबी, कुक-एनआरसी, क्लीनर-एसएनसीयू, आयाबाई-एसएनसीयू की पात्र-अपात्र सूची जारी कर दी गई है। सूची के संबंध में दावा आपत्ति निर्धारित प्रपत्र में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के नाम से 30 मार्च 2026 को शाम 5 बजे तक कार्यालय के आवक जावक शाखा में जमा कर सकते है। पदों की सूची एवं दावा आपत्ति का प्रारूप कार्यालय सूचना पटल पर एवं जिले की वेबसाईट www.bilaspur.gov.in पर देखा जा सकता है।
- भिलाईनगर। छत्तीसगढ़ शासन के पर्यावरण एवं नगरीय विकास विभाग के आदेशानुसार नगर पालिक निगम भिलाई सीमा के अंतर्गत संचालित पशुवध गृह एवं समस्त मांस विक्रय की दुकानें दिनांक 26.03.2026 दिन गुरूवार को रामनवमी एवं दिनांक 31.03.2026 दिन मंगलवार को महावीर जयंती पर्व के अवसर पर बंद रखी जावेगी। समस्त मांस मटन विक्रेता शासन के इस आदेश का कड़ाई से पालन करना सुनिश्चित करें।--
- भिलाईनगर। नगर पालिक निगम भिलाई आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय जोन-2 वैशाली नगर क्षेत्र में पेवर ब्लाक, प्रस्तावित रोड स्थल, तालाब एवं नहर सफाई कार्यो का निरीक्षण किये। उपस्थित अधिकारियों को तालाब एवं नहर की साफ-सफाई व्यवस्था को और बेहतर कराने निर्देशित किये है।निगम आयुक्त द्वारा वैशाली नगर कालेज के सामने लगे पेवर ब्लाक का निरीक्षण किया गया। सौंदर्यीकरण को दृष्टिगत करते हुए पूर्व में पेवर ब्लाक लगाया गया था, पेवर ब्लाक पुराना होने के कारण बीच-बीच से उखड़ गया है, जिसका जल्द ही संधारण कराने निर्देशित किये है। नागरिको की सुविधा एवं आवागमन को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए बाबादीप सिंह नगर में रोड निर्माण किया जाना है। उक्त प्रस्तावित रोड निर्माण स्थल का अवलोकन आयुक्त द्वारा किया गया है। वार्ड 22 घासीदास नगर में शिव शक्ति तालाब एवं नहर को साफ-सफाई कार्य कराया जा रहा है, जिसका अवलोकन निगम आयुक्त द्वारा किया गया। सफाई कार्य को प्राथमिकता देते हुए और बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित कराने कहा गया है। निरीक्षण के दौरान कार्यपालन अभियंता अरविंद शर्मा, सहायक अभियंता श्वेता वर्मा, सहायक राजस्व अधिकारी प्रशन्न तिवारी, जोन स्वास्थ्य अधिकारी शंकर सहानी, स्वच्छता निरीक्षक अंजनी सिंह, जोनल सुपरवाइजर एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।--
- रायपुर. विधानसभा निर्वाचन-2023, लोकसभा निर्वाचन-2024 एवं उप विधानसभा निर्वाचन-2024 के दौरान रायपुर जिले के अंतर्गत विधानसभा क्षेत्रों तिल्दा, धरसींवा, रायपुर ग्रामीण, रायपुर नगर पश्चिम, रायपुर नगर उत्तर, रायपुर नगर दक्षिण, आरंग एवं अभनपुर में निर्वाचन कार्य हेतु अधिग्रहित किए गए वाहनों के भुगतान के संबंध में महत्वपूर्ण सूचना जारी की गई है।जिला निर्वाचन कार्यालय, रायपुर से प्राप्त जानकारी के अनुसार, अब तक कई वाहन मालिक अपने वाहनों (स्कूल बस, विश्वविद्यालय बस एवं छोटे वाहन जैसे स्कॉर्पियो, इनोवा आदि) का भुगतान प्राप्त करने हेतु कार्यालय में उपस्थित नहीं हुए हैं। ऐसे सभी वाहन मालिकों से अपील की गई है कि वे 30 मार्च 2026 को दोपहर 2 बजे तक कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन कार्यालय रायपुर के कक्ष क्रमांक 9 में उपस्थित होकर निर्वाचन पर्यवेक्षक से संपर्क करें तथा आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करें।भुगतान प्राप्त करने हेतु वाहन मालिकों को अपने साथ वाहन का पंजीयन प्रमाण पत्र (आर.सी. बुक), वाहन अधिग्रहण आदेश, आधार कार्ड, पैन कार्ड, जीएसटी नंबर तथा बैंक विवरण के लिए कैंसल चेक लाना अनिवार्य है। निर्धारित समयावधि में आवश्यक दस्तावेजों सहित उपस्थित नहीं होने की स्थिति में संबंधित भुगतान राशि शासन को चालान के माध्यम से जमा कर दी जाएगी, भुगतान नहीं होने की स्थिति में जिला निर्वाचन कार्यालय, रायपुर कार्यालय की कोई जिम्मेदारी नहीं होगी।
- 0- महाराष्ट्र मंडल का 45 वर्ष पहले 'बालिका शिक्षा प्रोत्साहन अभियान' अभी भी जोरशोर से जारीरायपुर। महाराष्ट्र मंडल के संत ज्ञानेश्वर विद्यालय में शिक्षण सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से करीब 45 साल पहले शुरू की गई मंडल की इस स्कूल में लड़कियों के प्रवेश शुल्क पर दी जाने वाली 20 फीसदी की छूट आगामी शिक्षा सत्र में भी यथावत रखी है। इन दिनों स्कूल में जारी नौनिहाल बच्चों के प्रवेश को लेकर उनके अभिभावकों का उत्साह उल्लेखनीय है।प्राचार्य मनीष गोवर्धन ने बताया कि प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग प्रवेश के लिए पूछताछ करने आ रहे हैं। अभिभावक अपने बच्चों को शाला में प्रवेश भी दिला रहे है। स्कूल में प्रवेश के लिए अलग से एडमिशन डेस्क बनाया गया है। शिक्षिका तृप्ति अग्निहोत्री, आराधना लाल, अपर्णा आठले, अस्मिता कुसरे और अखिल खरे एडमिशन डेस्क की कमान संभाल रहे हैं। प्राचार्य ने बताया कि पिछले शिक्षा सत्र 2024 25 में संत ज्ञानेश्वर विद्यालय के दो बच्चों ने बोर्ड की 12वीं में और दो बच्चों ने दसवीं की प्रवीण्य सूची में स्थान बनाया था।उन्हें उम्मीद है कि इस बार भी कुछ बच्चे यह गौरवशाली इतिहास दोहराएंगे।अस्मिता कुसरे ने बताया कि प्रियदर्शिनी नगर, संतोषी नगर, पचपेड़ी नाका सहित आसपास के मोहल्लों के साथ कई दूरस्थ इलाकों के भी अभिभावक अपने बच्चों को शाला में प्रवेश दिलाने के लिए संपर्क कर रहे हैं। एडमिशन डेस्क की ओर से अभिभावकों को स्कूल में मिलने वाले संस्कारों और अकादमिक उपलब्धि के बारे में बताया जा रहा है।
- 0- हनुमान जयंती पर चौबे कालोनी राममंदिर में होगा नारदीय कीर्तनरायपुर। महाराष्ट्र मंडल में 28 मार्च से एक अप्रैल तक छत्रपति शिवाजी महाराज सभागृह (मिनी हाल) में वाल्मिकी रामायण कथा का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम को लेकर आध्यात्मिक समिति की पदाधिकारियों की मंडल में शाम को हुई बैठक में जिम्मेदारी सौंपी गई। 28 मार्च को कथावाचक रामनाथ रामचंद्र अय्यर के आगमन से लेकर दो अप्रैल को हनुमान जयंती पर होने वाले नारदीय कीर्तन तक की रूपरेखा तैयार कर विभिन्न समितियां बनाई और इनके पदाधिकारी मनोनीत कर उन्हें काम सौंपे गए।सचिव चेतन दंडवते ने बताया कि इस पांच दिवसीय आयोजन में बुवा पुणे से पधारे आचार्य रामनाथ श्रद्धालुओं और श्रोताओं को प्रभु श्रीराम के प्रेरक प्रसंगों पर प्रवचन देंगे। आचार्य रामनाथ मराठी, हिंदी, अंग्रेजी के अच्छे जानकार हैं और इन भाषाओं में धाराप्रवाह प्रवचन करते हैं। महाराष्ट्र मंडल में वे हिंदी में रामकथा कहेंगे।आध्यात्मिक समिति की प्रभारी आकांक्षा गद्रे ने कहा कि रामकथा के दूसरे दिन 29 मार्च को अपर्णा कालेले निर्देशित बाल नाटक ‘उत्तर रामायण’ का मंचन किया जाएगा। बाल नाटक के बाद विवेक रहाटगांवकर द्वारा रचित और साधना राहटगांवकर की ओर से स्वरबद्ध महाराष्ट्र मंडल के गीत को रिलीज किया जाएगा। साथ ही रामकथा के दौरान महाराष्ट्र मंडल के सभी महिला केंद्रों की ओर प्रतिदिन भजन किया जाएगा।आध्यात्मिक समिति की समन्वयक आस्था काले के अनुसार 28 अप्रैल को कथावाचक रामनाथ रामचंद्र अय्यर ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस से रायपुर पहुंचेंगे। स्टेशन में उनके स्वागत के लिए मंडल अध्यक्ष अजय मधुकर काले, मुख्य समन्वयक श्याम सुंदर खंगन और आर्टिसन अजय पोतदार जाएंगे। इस मौके पर अध्यक्ष अजय काले, मुख्य समन्वयक श्याम सुंदर खंगन, बाल वाचनालय- उद्यान शंकर नगर की प्रभारी रेणुका पुराणिक, आध्यात्मिक समिति की प्रमुख सृष्टि दंडवते, कला संस्कृति समिति के प्रभारी अजय पोतदार, संध्या खंगन, चौबे कॉलोनी केंद्र की संयोजिका अक्षता पंडित, वैशाली पुरोहित सहित अनेक पदाधिकारी व सभासद बैठक में शामिल रहे।
- 0- टीबी मुक्त अभियान के 100 दिवस की शुरुआत0- जिले की 62 पंचायतें पहली बार टीबी मुक्त घोषितबिलासपुर. विश्व क्षय दिवस के अवसर पर जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों में विविध जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान सीएमएचओ कार्यालय से मितानिनों एवं विभिन्न सहयोगी संगठनों के साथ एक व्यापक जनजागरूकता रैली निकाली गई। रैली को सीएमएचओ डॉ. शुभा गरेवाल एवं जिला क्षय अधिकारी डॉ. गायत्री बांधी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।इस अवसर पर राज्य में प्रधानमंत्री टीबी मुक्त अभियान के 100 दिवसीय कार्यक्रम की शुरुआत भी की गई। केंद्र स्तर पर इस अभियान का शुभारंभ शाम 5 बजे केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री द्वारा किया गया। जिले में कार्यक्रम का आयोजन मंथन सभा कक्ष में किया गया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश सूर्यवंशी, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण समिति की सभापति श्रीमती अरुणा सूर्या, कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल, सीईओ जिला पंचायत श्री संदीप अग्रवाल सहित सीएमएचओ डॉ. शुभा गरेवाल, जिला क्षय अधिकारी डॉ. गायत्री बांधी मौजूद रही। कार्यक्रम के दौरान वर्ष 2025 में टीबी मुक्त घोषित पंचायतों के सरपंच एवं सचिवों को सम्मानित किया गया। उन्हें पुष्प गुच्छ, प्रशस्ति पत्र एवं महात्मा गांधी की प्रतिमा भेंट की गई। प्रथम वर्ष टीबी मुक्त हुई पंचायतों को कांस्य रंग की प्रतिमा तथा लगातार दो वर्ष टीबी मुक्त रहने वाली पंचायतों को सिल्वर रंग की प्रतिमा प्रदान की गई। वर्ष 2025 में बिलासपुर जिले की 62 पंचायतें पहली बार और 20 पंचायतें दूसरी बार टीबी मुक्त घोषित की गई हैं।कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल और जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश सूर्यवंशी ने जिले में संचालित टीबी उन्मूलन कार्यों की सराहना करते हुए निरंतर प्रगति बनाए रखने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला क्षय अधिकारी डॉ. गायत्री बांधी ने टीबी रोग एवं प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। साथ ही अन्य अतिथियों ने भी इस अभियान को सफल बनाने के लिए जनसहयोग बढ़ाने और व्यापक प्रचार-प्रसार करने का आह्वान किया। इस कार्यक्रम में कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने जिले में बर्ड फ्लू की पुष्टि की जानकारी देते हुए इससे बचाव के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर डीपीएम प्यूली मजूमदार, ए. सरिता, विश्व स्वास्थ्य संगठन से डॉ. ऋतु कश्यप एवं टीबी विभाग के समस्त अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
- रायपुर. गर्मी के मौसम में गुणवत्ताहीन पेय पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा लगातार विभिन्न दुकानों में निरीक्षण कर सैंपल कलेक्ट किया जा रहा है। नियंत्रक श्री दीपक कुमार अग्रवाल (आईएएस) के निर्देशानुसार जिले में चलाये जा रहे विशेष अभियान में विभिन्न खाद्य उत्पादक उद्योगों एवं फर्मों का निरीक्षण किया जा रहा है और अमान्य पेय पदार्थ मिलने पर कार्यवाही की जा रही है।अभियान के दौरान भाठागांव स्थित मेसर्स टीएससी सन्स एक्वाईन से Aquainn Packaged Drinking Water के दो नमूने लिए गए। इसी प्रकार अग्रसेन चौक स्थित मेसर्स सिद्धार्थ मिनरल्स से Homipure Packaged Drinking Water तथा अवंती विहार कॉलोनी स्थित मेसर्स सन प्रोडक्ट्स से Sun Aqua Packaged Drinking Water का एक-एक विधिक नमूना संग्रहित किया गया। साथ ही बोरियाकला स्थित मेसर्स महेश गृह उद्योग से Pkd. Parth Litchi Drink एवं मेसर्स मीनाक्षी बेवरेजेस से Mangalya Packaged Drinking Water के विधिक नमूने लिए गए।सभी नमूनों को गुणवत्ता जाँच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है। जिन फर्मों के नमूनों के परिक्षण में कमियां पाई गई हैं, उन्हें सुधार हेतु इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किया गया है। यदि परीक्षण के दौरान कोई भी नमूना अमानक या असुरक्षित पाया जाता है, तो संबंधित फर्मों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 नियम 2011 के अंतर्गत कार्रवाई की जाएगी।
- 0- भगवान श्री राम हम सबके आराध्य, छत्तीसगढ़ सरकार उनके बताए हुए रास्ते पर चल रही हैं :- मंत्री गुरु खुशवंत साहेब0- महिला सशक्तिकरण को समर्पित माता कौशल्या महोत्सव 2026रायपुर. जिले के आरंग विकासखंड अंतर्गत चंदखुरी ग्राम में माता कौशल्या महोत्सव 2026 का शुभारंभ कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार मंत्री एवं आरंग विधायक गुरु खुशवंत साहेब ने दीप प्रज्वलित कर महोत्सव का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में मानस मंडली एवं सुप्रसिद्ध कलाकार श्रीमती पूनम विराट तिवारी को सम्मानित किया गया।इस अवसर पर मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब ने संबोधित करते हुए कहा कि यह महोत्सव मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण की दृष्टि से आयोजित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में “महतारी वंदन योजना” की 25वीं किस्त जारी कर महिलाओं को सशक्त बनाया जा रहा है और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर प्रदान किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम सभी को प्रभु श्रीराम के आदर्शों पर चलना चाहिए। उन्होंने बताया कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में अयोध्या में 500 वर्षों बाद भगवान श्रीराम के जन्मस्थान पर भव्य मंदिर का निर्माण हुआ है। भगवान श्री राम हम सबके आराध्य, छत्तीसगढ़ सरकार उनके बताए हुए रास्ते पर चल रही हैं।मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में संचालित “रामलला दर्शन योजना” के तहत अब तक 42 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या जाकर भगवान श्रीराम के दर्शन कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री साय अंत्योदय की भावना के साथ अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसान हितैषी है तथा महिला आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है।मंत्री ने कहा कि सभी के सहयोग से इस महोत्सव को और अधिक भव्य बनाया जाएगा। साथ ही नवा रायपुर में फिल्म सिटी, मेडि सिटी सहित विभिन्न विकास कार्य तेजी से किए जा रहे हैं।कार्यक्रम में संस्कृति विभाग के संचालक श्री विवेक आचार्य ने कहा कि माता कौशल्या महोत्सव महिला सशक्तिकरण को समर्पित है। उन्होंने बताया कि महोत्सव में महिलाओं द्वारा संचालित स्टॉल लगाए गए हैं, जिनके माध्यम से वे स्व-रोजगार को बढ़ावा दे रही हैं। केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं से महिलाओं को लाभ मिल रहा है।इस अवसर पर छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम की अध्यक्षा सुश्री मोना सेन, जिला पंचायत सीईओ श्री कुमार बिश्वरंजन, एसडीएम श्रीमती अभिलाषा पैंकरा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
- राहुल गांधी के ‘नाकामी मॉडल‘ ने हिमाचल प्रदेश को वित्तीय संकट में डाला - अमित चिमनानीरायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी ने कहा कि राहुल गांधी के ‘नाकामी मॉडल‘ ने हिमाचल प्रदेश को वित्तीय संकट में डाल दिया है। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए ऑब्जर्वर बनाया गया था। हिमाचल प्रदेश में बड़ी-बड़ी घोषणा कर कांग्रेस पार्टी ने सत्ता तो हासिल कर ली लेकिन एक भी वादों को पूरा नहीं कर पाई। और सरकार की नाकामी के चलते हिमाचल प्रदेश में वित्तीय संकट की स्थिति निर्मित हो गई । उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी को देश की अर्थव्यवस्था मजाक लगती है और कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के दौरान एक ऐसी घोषणा कर दी जो बजट देश के एक वर्ष के बजट से ज्यादा था, झूठ बोल कर सत्ता पाना यही कांग्रेस का चरित्र है।भाजपा प्रदेश प्रवक्ता श्री चिमनानी ने कहा कि छत्तीसगढ़ में 2018 में झूठे वादों के सहारे सरकार बनाने वाली कांग्रेस पार्टी भी अपना कोई वादा पूरा नहीं कर पाई थी, उन्होंने कहा कि जिस राज्य में भूपेश बघेल को चुनावी जिम्मेदारी दी जाती है उन राज्यों में कांग्रेस पार्टी मुंह की खाती है और बुरी तरह चुनाव में परास्त हुई है या फिर उन राज्यों में सरकार बनने के बाद वित्तीय संकट आ जाता है। कांग्रेस पार्टी का पूरे देश में केवल एक ही लक्ष्य है गांधी परिवार की चरण वंदना में प्रदेश की जनता की गाढ़ी कमाई को लुटाना ।भाजपा प्रदेश प्रवक्ता चिमनानी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में वर्तमान कांग्रेस सरकार को गंभीर आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है , जनता से खुली लूट चल रही है पेट्रोल डीजल के दाम एक साथ 5 रु प्रति लीटर बढ़ा दिए गए है हिमाचल प्रदेश में भी छत्तीसगढ़ प्रदेश जैसा विकास का एक भी कार्य नहीं हुआ है। हर तरफ केवल लूट मची हुई है । उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता इस बात का समझ चुकी थी इसलिए 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी को सत्ता से हटाकर विकास करने वाली भाजपा की सरकार चुनी। कांग्रेस सरकारें अब जनता के लिए एक पनौती बन चुकी है।
- रायपुर। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती विभा अवस्थी के मार्गदर्शन एवं आदेशानुसार एवं रायपुर भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष श्रीमती कृतिका जैन के नेतृत्व में सोमवार को मधु पिल्ले स्कूल, पार्षद कार्यालय के बाजू पंडरी में पावन पर्व नवरात्रि के शुभ अवसर पर पंचमी के दिन भव्य 511 कन्या भोज एवं भंडारा का आयोजन किया। इस अवसर पर भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रही।इस अवसर पर भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष श्रीमती कृतिका जैन ने कहा कि नारी शक्ति का स्वरूप है जो शक्ति के पावन पर्व पर मां शक्ति की उपासना करते हुए आज 511 कन्याओं का भोज कराकर आशीर्वाद लिया। प्रदेश में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी महिलाओं सशक्तिकरण की दिशा में उल्लेखनीय कार्य कर रहे है। आज प्रदेश की मातृशक्ति प्रदेश की साय सरकार की योजनाओं के माध्यम से सशक्त हो रही है। नवरात्रि के पावन पर्व में मां शक्ति का आशीर्वाद सभी को मिले इसकी कामना की है।इस अवसर पर राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक सुनील सोनी, पुरंदर मिश्रा, महापौर मीनल चौबे, रायपुर जिला प्रभारी राजेंद्र शर्मा, जिला महामंत्री गुंजन प्रजापति, बाल आयोग अध्यक्ष वर्णिका शर्मा, लोकेश कांवरिया, रायपुर नगर निगम के सभापति सूर्यकांत राठौर, पार्षद अवतार सिंह बगल सहित जिला एवं मंडल स्तर की सभी बहने उपस्थित रही।--
- रायपुर /मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने महासमुंद जिले के खल्लारी माता मंदिर में हाल ही में हुई रोप-वे दुर्घटना में प्रभावित परिवारों के लिए सहायता राशि की घोषणा की है। उन्होंने दिवंगत श्रद्धालु के परिजन को 5 लाख रुपए एवं घायलों को 50 हजार रुपए की सहायता राशि प्रदान करने का निर्णय लिया है, ताकि इस कठिन समय में उन्हें संबल मिल सके।मुख्यमंत्री श्री साय ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार इस दुःख की घड़ी में उनके साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और हर संभव सहायता के लिए तत्पर है। मुख्यमंत्री ने कहा कि घटना की विस्तृत जांच जारी है और दोषियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।
-
- जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के आपसी समन्वय से जिले में हो रहा बेहतर कार्य
- मादक पदार्थों की फसलों पर निगरानी, सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष सतर्कता के दिए निर्देश
- स्कूली बच्चों के बैग की ले रैंडम तलाशी, हॉस्टलों का करें निरीक्षण
- मेडिकल स्टोर्स के नियमित निरीक्षण के दिए निर्देश
- सड़क सुरक्षा के संबंध में ली जानकारी, ड्रिंक एंड ड्राइव पर सख्त कार्रवाई के दिए निर्देश
- दुर्घटनाओं को रोकने ब्लैक स्पॉट चिन्हांकित करने के निर्देश
- कलेक्टर श्रीमती प्रजापति एवं एसएसपी श्री वाय. पी. सिंह ने कानून एवं व्यवस्था की ली बैठक
मोहला । कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने जिले में नशा मुक्ति अभियान को प्रभावी रूप से संचालित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को समन्वित कार्यवाही करने के निर्देश दिए। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित कानून एवं व्यवस्था की समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि नशा मुक्ति केवल प्रशासनिक दायित्व नहीं, बल्कि एक सामाजिक अभियान है, जिसमें सभी विभागों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री वाय. पी. सिंह, सीईओ जिला पंचायत श्रीमती भारती चंद्राकर, एसडीएम मानपुर श्री अमित नाथ योगी, डिप्टी कलेक्टर श्री डीआर ध्रुव, सभी थाना प्रभारी सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने निर्देशित किया कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की खेती पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा ऐसे मामलों में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री वाय. पी. सिंह ने महाराष्ट्र के सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष चौकसी बरतने के निर्देश देते हुए कहा कि अंतरराज्यीय गतिविधियों पर नजर रखना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को मेडिकल स्टोर्स का नियमित निरीक्षण करने तथा प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने कोटपा एक्ट के तहत की गई कार्रवाई की जानकारी लेते हुए शिक्षा विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग को भी इसके अंतर्गत कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही स्कूलों, कॉलेजों एवं ग्राम पंचायतों में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए।
कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने स्कूली बच्चों को नशे से दूर रखने हेतु स्कूल बैग की रैंडम जांच तथा छात्रावासों का नियमित निरीक्षण करने को कहा। उन्होंने थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि वे कैलेंडर बनाकर नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत नियमित गतिविधियां संचालित करें एवं आमजन को जागरूक करें। कानून व्यवस्था के मद्देनजर कलेक्टर ने ग्रामों में उत्पन्न होने वाली सामूहिक समस्याओं का त्वरित समाधान करने तथा जिला प्रशासन को अवगत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने धार्मिक एवं सार्वजनिक आयोजनों के दौरान पुलिसिंग को चुस्त-दुरुस्त रखने तथा परीक्षाओं के मद्देनजर अनावश्यक कोलाहल पर नियंत्रण रखने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर ने सूखा नशा के मामलों में विशेष सतर्कता बरतने एवं कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क सुरक्षा के विषय में जानकारी लेते हुए ड्रिंक एंड ड्राइव के मामलों में सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा तथा दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट चिन्हांकित कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि वे संस्था प्रमुखों से विद्यालय परिसरों के 100 मीटर के दायरे में कोटपा एक्ट के उल्लंघन न होने संबंधी प्रमाण पत्र प्राप्त करें।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री वाय. पी. सिंह ने कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने हेतु पुलिस विभाग द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने सभी विभागों के समन्वय से जिले में नशा मुक्ति एवं कानून व्यवस्था को बेहतर बनाने हेतु सहयोग की बात कही। कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने कहा कि जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के आपसी समन्वय से जिले में बेहतर कार्य हो रहा है, जो कानून एवं व्यवस्था के लिए सकारात्मक है। आगे भी सभी अधिकारी आपसी समन्वय से कार्य करें। -
राजनांदगांव । जिला स्तरीय विनोबा कार्यक्रम अंतर्गत डोंगरगढ़ विकासखंड में पोस्ट ऑफ द मंथ के तहत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विकासखंड शिक्षा अधिकारी डोंगरगढ़ श्री श्रीनिवास मिश्रा, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री गोपी वर्मा एवं सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री बिरेन्द्र कौर गर्चा की उपस्थिति में प्रीति बाला लाटिया, करण माधवानी, वर्षा अग्रवाल, पूनम रानी खुटे, तिकिर्ति चंद्रवंशी, कमलेश्वरी वर्मा, धनुष राम कंवर, संगीता देवांगन एवं सुमिता शर्मा को लाइब्रेरी बैग प्रदान कर सम्मानित किया गया।
जिला प्रभारी विनोबा एप श्री नरेन्द्र साहू ने बताया कि ओपन लिंक फाउंडेशन द्वारा संचालित जिला स्तरीय विनोबा कार्यक्रम अंतर्गत प्रत्येक माह पोस्ट ऑफ द मंथ के माध्यम से शिक्षकों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा मिल रहा है। इसके माध्यम से शिक्षक अपने विद्यालयों में बच्चों के सर्वांगीण विकास हेतु नवाचार आधारित शिक्षण पद्धतियों एवं गतिविधि-आधारित अधिगम को प्रोत्साहित कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि विनोबा एप के माध्यम से शिक्षक अपनी शैक्षणिक गतिविधियों को साझा करते हैं। जिनमें से उत्कृष्ट पोस्ट का चयन कर शिक्षकों को प्रतिमाह पोस्ट ऑफ द मंथ से सम्मानित किया जाता है। इस पहल से शिक्षकों का उत्साहवर्धन होने के साथ ही एक-दूसरे से प्रेरणा लेकर अपने कार्य को और अधिक प्रभावी बना रहे हैं तथा प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने के प्रयास को कर रहे हैं। -
राजनांदगांव । विश्व क्षय दिवस पर राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम अंतर्गत जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन जिला चिकित्सालय राजनांदगांव के सभाकक्ष में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित महापौर श्री मधुसूदन यादव ने कहा कि सभी के प्रयासों एवं सहभागिता से टीबी उन्मूलन अभियान को सफल बनाया जा सकता है। उन्होंने निक्षय मित्र बनकर टीबी मरीजों को सहयोग प्रदान करने तथा टीबी मुक्त राजनांदगांव बनाने की अपील की। महापौर ने जिले में टीबी मुक्त भारत अभियान (100 दिवसीय अभियान) के द्वितीय चरण का शुभारंभ प्रचार रथ को हरी झंडी दिखा कर किया। टीबी मुक्त ग्राम पंचायतों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। टीबी मरीजों को पोषण आहार का वितरण किया। उन्होंने विश्व क्षय दिवस पर कार्यक्रम में उपस्थित जनसमुदाय को क्षय रोग उन्मूलन के संबंध में शपथ दिलाई।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नेतराम नवरतन ने जिले को टीबी रोग उन्मूलन की दिशा में किए जा रहे प्रयासों के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक टीबी जांच एवं शीघ्र उपचार के माध्यम से जिले को टीबी मुक्त बनाने के लिए कार्य करने कहा। नोडल अधिकारी डॉ. अल्पना लुनिया ने बताया कि जिले में टीबी मुक्त भारत अभियान (100 दिवसीय निक्षय निरामय) का द्वितीय चरण के तहत अभियान का संचालन चार चरणों में किया जाएगा। प्रथम चरण में 1-15 दिवस के भीतर मितानिनों द्वारा घर-घर भ्रमण कर उच्च जोखिम समूह मधुमेह, कम रोग प्रतिरोधक क्षमता, तम्बाकू एवं शराब उपयोग करने वाले, पुराने प्लमोनरी टीबी, प्लमोनरी टीबी मरीजों के परिवारों के सदस्य, मलिन बस्ती कुल 10 लक्षण का स्क्रीनिंग करने एवं सभी संभावित व्यक्तियों का सूची अद्यतन, आयुष्मान आरोग्य शिविर आयोजन कर उच्च जोखिम समूह वाले व्यक्तियों का हैण्डहेल्ड एक्स-रे का उपयोग कर स्क्रीनिंग तथा टीबी संभावित मरीजों का नॉट टेस्ट किया जाएगा।
कार्यक्रम के प्रारंभ में क्षय रोग के उपचार एवं रोकथाम के लिए प्रचार-प्रसार एवं जनजागरूकता हेतु नर्सिंग कॉलेज की छात्राओं द्वारा रैली का आयोजन किया गया। रैली जिला चिकित्सालय से प्रारंभ होकर गौरव पथ, दुुर्गा चौक, मानव मंदिर चौक, फव्वारा चौक, दिग्विजय कॉलेज चौक का भ्रमण कर टीबी रोग के संबंध में लोगों को जागरूक किया गया। साथ ही जिला चिकित्सालय परिसर में टीबी रोग उन्मूलन हेतु हस्ताक्षर अभियान का संचालन भी किया गया। कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ. महेन्द्र प्रसाद, डॉ. बीएल तुलावी, जिला डाटा प्रबंधक श्री अखिलेश कुमार चोपड़ा, टीबी मुक्त ग्राम पंचायतों के सरपंच, शहरी क्षेत्रों के मितानिन एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी व कर्मचारी, छात्राएं एवं नागरिक उपस्थित थे। -
राजनांदगांव । मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजना अंतर्गत वर्ष 2026-27 में प्रदेश में संचालित प्रयास आवासीय विद्यालयों के कक्षा 9वीं में प्रवेश हेतु प्राक्चयन परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। प्राक्चयन परीक्षा में शामिल होने के लिए इच्छुक विद्यार्थी 17 अप्रैल 2026 तक ऑनलाईन आवेदन प्रस्तुत कर सकते है। ऑनलाईन भरे गये आवेदन पत्र में त्रुटि सुधार 21 अप्रैल 2026 तक किया जा सकता है। जिला स्तर पर दस्तावेजों का परीक्षण 28 जुलाई 2026 तक किया जाएगा। परीक्षा में शामिल होने के लिए प्रवेश पत्र 1 मई 2026 से डाउनलोड किया जा सकता है। प्राक्चयन परीक्षा 10 मई 2026 को आयोजित की जाएगी।
मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजना अंतर्गत प्रयास अवासीय विद्यालयों में प्रदेश के प्रतिभावान विद्यार्थियों को कक्षा 9वीं से 12वीं तक उत्कृष्ट स्कूली शिक्षा के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर की मेडिकल, इंजीनियरिंग, सीए, सीएस, सीएमए, क्लैट तथा एनडीए की प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल होने के लिए सघन तैयारी करायी जाती है। ऑनलाईन आवेदन प्रस्तुत करने एवं अन्य जानकारी वेबसाईट https://eklavya.cg.nic.in/PRSMS/Student-admission-Detail तथा कार्यालय सहायक आयुक्त आदिवासी विकास राजनांदगांव से प्राप्त की जा सकती है। -
राजनांदगांव । कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री जितेन्द्र यादव के निर्देशानुसार जिले में अवैध शराब विक्रेताओं के विरूद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। प्रभारी सहायक आयुक्त आबकारी श्री अभिषेक तिवारी ने बताया कि आबकारी विभाग द्वारा ग्राम कल्याणपुर थाना डोंगरगढ़ में उत्तमदास चतुर्वेदी के कब्जे से 34 नग पाव देशी मदिरा प्लेन व मसाला कुल मात्रा 6.120 बल्क लीटर शराब जप्त किया गया। आबकारी अधिनियम की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया कर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की गई। कार्रवाही में आबकारी उप निरीक्षक वृत्त डोंगरगढ़ श्री अनिल कुमार सिंह, मुख्य आरक्षक श्री लालसिंह राजपूत, आरक्षक श्री भोजराज बंजारे शामिल थे। जिले में अवैध मदिरा विक्रय की रोकथाम के लिए होटल, ढाबों एवं मदिरा दुकानों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। सभी वृत्त प्रभारियों को होटल, ढाबों की नियमित जांच करने एवं अवैध मदिरा विक्रय के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए है।



























