- Home
- देश
- जयपुर । राजस्थान सरकार ने कोरोना वायरस संक्रमण के मरीजों की बढ़ती संख्या के बीच संक्रमण से सबसे अधिक प्रभावित आठ जिला मुख्यालयों में रात्रिकालीन कर्फ्यू लगाने का फैसला किया है। इसके साथ ही सार्वजनिक स्थलों पर मास्क नहीं पहनने पर जुर्माना बढ़ाकर 500 रुपये कर दिया गया है। वहीं राजधानी जयपुर में धारा 144 लगाई गयी है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की अध्यक्षता में शनिवार रात को राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक में ये फैसले किए गए। बैठक में सर्दी और त्योहारी सीजन के कारण संक्रमण के बढ़ते मामलों को नियंत्रित करने के उपायों पर विचार हुआ। बैठक में यह निर्णय किया गया कि संक्रमण से सर्वाधिक प्रभावित आठ जिला मुख्यालयों (जयपुर, जोधपुर, कोटा, बीकानेर, उदयपुर, अजमेर, अलवर व भीलवाड़ा) के नगरीय क्षेत्र में बाजार, रेस्टोरेंट, शॉपिंग मॉल व अन्य वाणिज्यिक संस्थान शाम सात बजे तक ही खुले रहेंगे। इन आठ जिला मुख्यालयों के नगरीय क्षेत्र में रात आठ बजे से सुबह छह बजे तक रात्रिकालीन कर्फ्यू रहेगा। वहीं मास्क नहीं पहनने पर लगाया जाने वाला जुर्माना 200 रुपये से बढ़ाकर अब 500 रूपये कर दिया गया है।हालांकि इस दौरान विवाह समारोह में जाने वाले, दवाइयों सहित अति आवश्यक सेवाओं से संबंधित लोगों तथा बस, ट्रेन व हवाई जहाज में सफर करने वालों को आवागमन की छूट होगी। संक्रमण से सर्वाधिक प्रभावित आठ जिलों (जयपुर, जोधपुर, कोटा, बीकानेर, उदयपुर, अजमेर, अलवर एवं भीलवाड़ा) में जिला मुख्यालय स्थित नगरीय क्षेत्र में ऐसे राजकीय व निजी कार्यालयों एवं संस्थान जहां 100 से अधिक कर्मचारी कार्यरत हैं वहां कार्य दिवसों में कार्मिकों की उपस्थिति 75 प्रतिशत से अधिक नहीं होगी। इन संस्थानों एवं कार्यालयों में स्टाफ को रोटेशन के आधार पर बुलाया जाएगा ताकि किसी भी कार्य दिवस पर 75 प्रतिशत से अधिक कर्मचारी कार्यालय में उपस्थित नहीं हों।
- नोएडाहै। नोएडा में यमुना एक्सप्रेस- वे पर हुए एक हादसे में एक मोटरसाइकिल सवार की मौत हो गई। थाना दनकौर के प्रभारी निरीक्षक अनिल पांडे ने बताया कि थाना दनकौर क्षेत्र के यमुना एक्सप्रेस वे पर एक अज्ञात कार चालक ने तेजी एवं लापरवाही से वाहन चलाते हुए मोटरसाइकिल सवार जोगिंदर को टक्कर मार दी। उन्होंने बताया कि गंभीर रूप से घायल जोगेंद्र को उपचार के लिए ग्रेटर नोएडा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान शुक्रवार रात उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
- ग्वालियर। ग्वालियर मेडिकल कॉलेज के सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में शनिवार दोपहर को गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में आग लगने से दो मरीज झुलस गए। अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट किशोर कान्याल ने बताया, शनिवार दोपहर करीब ढाई बजे सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल की तीसरी मंजिल में बने आईसीयू में आग लग गई। यह आग शार्ट सर्किट के कारण लगी। कान्याल ने बताया कि सबसे पहले आईसीयू में भर्ती नौ मरीजों को तुरंत वहां से दूसरी मंजिल पर स्थित वार्ड में शिफ्ट किया गया। उन्होंने बताया कि अस्पताल और दमकल कर्मियों ने तुरंत आग पर काबू पा लिया। फिलहाल आग पूरी तरह बुझ चुकी है और दो मरीज आग की चपेट में आने से झुलस गए हैं, जिनका इलाज सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में ही किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि ग्वालियर स्थित सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल मेडिकल कॉलेज के जयारोग्य अस्पताल कैंपस में स्थित है और यहां पर कोरोना वायरस संक्रमण से पीड़ित मरीजों का इलाज किया जा रहा है।
- आधी रात आरोपी चचेरे भाईयों ने किया हमलातीन आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तारबांदा। उत्तर प्रदेश के बांदा शहर के गायत्री नगर (चमरौड़ी) मुहल्ले के परशुराम तालाब में शुक्रवार की आधी रात नाली में कूड़ा फेंकने के मामूली विवाद में आरोपी चचेरे भाइयों ने धारदार हथियार से हमलाकर सिपाही, उसकी मां एवं बहन की हत्या कर दी। वारदात में दो अन्य घायल भी हुए हैं। पुलिस ने इस सिलसिले में रात में ही तीन अारोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और एक आरोपी महिला को हिरासत में लिया है। नगर पुलिस उपाधीक्षक (सीओ) आलोक मिश्रा ने शनिवार को बताया कि बांदा शहर के गायत्री नगर (चमरौड़ी) मुहल्ले के परशुराम तालाब में शुक्रवार रात करीब साढ़े ग्यारह बजे नाली में कूड़ा और सड़े चावल फेंकने के मामूली विवाद के बाद प्रयागराज जिले के नैनी थाना में तैनात सिपाही अभिजीत वर्मा (27), उसकी बहन निशा वर्मा (29) और मां रमावती (54) की पड़ोसी आरोपी चचेरे भाइयों ने कुल्हाड़ी, लाठी-डंडों और तमंचे से गोली मारकर हत्या कर दी। उन्होंने बताया, इस सिलसिले में करीब दो बजे रात में ही छापेमारी कर एक घर से मृत सिपाही के आरोपी चचेरे भाई देवराज, आरोपी शिवपूजन, आरोपी बबलू को घटना में इस्तेमाल किये गए हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया और हमले में शामिल आरोपियों के परिवार की एक आरोपी महिला को भी हिरासत में लिया है। उन्होंने बताया कि अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। सीओ ने बताया कि हमले के दौरान सिपाही अभिजीत के साथी दिलीप (24) और एक महिला रज्जो देवी (35) भी कुल्हाड़ी लगने से घायल हुए हैं, जिनको इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घटना की जानकारी मिलने पर बांदा परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) के. सत्यनारायण, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ शंकर मीणा और जिलाधिकारी आनन्द कुमार सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया है और मातहतों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए हैं।
- गांधीनगर (गुजरात)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पंडित दीनदयाल पेट्रोलियम विश्वविद्यालय के आठवें दीक्षान्त समारोह के दौरान आज गांधीनगर में आठ अत्याधुनिक सुविधाओं का उद्घाटन किया। इनमें गुजरात ऊर्जा विकास एजेंसी द्वारा 17 करोड रूपये की लागत से स्थापित 45 मेगावाट उत्पादन क्षमता वाला मोनो क्रिस्टेलाइन फोटो वोल्टेक पैनल भी शामिल है।प्रधानमंत्री ने विश्वविद्यालय के 22 करोड रूपये की निधि वाले टेक्नोलॉजी-कारोबारी इन्क्यूबेटर का भी शुभारंभ किया। उन्होंने गुजरात खेल प्राधिकरण द्वारा स्थापित 15 करोड़ रूपये लागत के खेल परिसर का भी उदघाटन किया।इसके अलावा उन्होंने हॉराइजन 2022 के अन्तर्गत औद्योगिक कचरे के निपटान और पानी का खारापन दूर करने से संबंधित अनुसंधान केन्द्र इंडिया एच टू ओ का भी उदघाटन किया जो यूरोपीय संघ के सहयोग से स्थापित किया जा रहा है। गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी इस अवसर पर उपस्थित थे। समारोह की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के संचालक मंडल के अध्यक्ष और रिलायंस इंडस्ट्रीज़ के प्रमुख मुकेश अंबानी ने की।
-
अकादमी 48 घंटे के लिए सील
देहरादून। कोरोना संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। लालबहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासनिक अकादमी में अब तक 33 प्रशिक्षु आईएएस अधिकारी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। अकादमी के निदेशक डॉ. संजीव चोपड़ा ने भी इसकी पुष्टि की है। स्थानीय प्रशासन ने अगले 48 घंटे के लिए पूरी अकादमी को सील करने का फैसला लिया है। डीएम के निर्देश पर स्थानीय प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अकादमी पहुंचकर पांच आवासीय क्षेत्रों को कंटेनमेंट जोन बना दिया है, साथ ही अकादमी को 48 घंटे के लिए सील कर दिया है।
-
सुरेंद्रनगर। गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले में सड़क हादसे में एक ही परिवार के 7 लोगों की मौत हो गई। हादसा मालवन हाईवे पर शनिवार को तड़के करीब 5.30 बजे हुआ। ट्रक से टकराने के बाद कार गड्ढे में उतर गई और उसमें आग लग गई। कार में सवार सभी लोगों की जलकर मौत हो गई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, हादसे का शिकार हुआ परिवार कार से चोटीला मंदिर के दर्शन कर लौट रहा था। इसी दौरान दुर्घटना हो गई। कार इतनी बुरी तरह से जल गई थी कि शवों को पहचानना मुश्किल हो रहा था। मृतकों में तीन बच्चे भी शामिल हैं।
मृतकों में सेजलबेन नायी (32), कैलाशबेन रमेशभाई नायी (35), हरेशभाई नायी (35), रमेशभाई मनसुखभाई नायी (38), हर्षिलबेन नायी (6), शीतल नायी (8), सनीभाई नायी (12) शामिल हैं। - नई दिल्ली। जल्द ही देश में तेज रफ्तार डबल डेकर ट्रेनों का जाल बिछने वाला है। कपूरथला ने एक सेमी स्पीड डबल डेक कोच तैयार किया है जो 160 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से दौड़ सकता है।रेल मंत्री पीयूष गोयल ने ट्विटर के जरिए ये जानकारी दी है। इस डबल डेकर कोच में सभी तरह की मॉडर्न फैसिलिटीज दी गई हैं। इस कोच में 120 लोग बैठ सकते हैं, ऊपरी डेक पर 50 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था है और निचली डेक पर 48 लोगों के लिए। देश में चल रही दूसरी डबल डेकर ट्रेनों के मुकाबले इस ट्रेन में ज्यादा यात्री बैठ सकेंगे और सफर भी जल्दी पूरा हो सकेगा।आरसीएएफ के बनाए इस कोच को अभी रिसर्च डिजाइन एंड स्टैंडर्ड ऑर्गनाइजेशन के पास भेजा लखनऊ जाएगा। जहां इस कोच का ट्रायल होगा, जिसमें सफल होने के बाद इसे कमर्शियल इस्तेमाल के लिए मंजूरी मिलेगी। रेलवे की योजना इस डबल डेकर कोच को देश के सबसे व्यस्त रूट्स पर चलाने की है।डबल डेकर कोच में स्टेट ऑफ द आर्ट एयर स्प्रिंग सस्पेंशन सिस्टम का इस्तेमाल किया गया है, यानी सफर के दौरान झटके न के बराबर महसूस होंगे। आरसीएएफ देश की एकमात्र उत्पादन इकाई है जिसने भारतीय रेलवे के लिए डबल डेकर कोच तैयार किए हैं।जानें क्या -क्या हैं खासियत1. आरामदायक सफर के लिए कोच की चौड़ाई ज्यादा रखी गई है।2. इंटीरियर्स काफी अच्छे हैं. काफी अच्छे मैटीरियल का इस्तेमाल किया गया है।3. मोबाइल और लैपटॉपर चार्जिंग प्वाइंट्स दिए गए हैंै।4. जीएसपी आधारित पैसेंजर इंफॉर्मेशन सिस्टम है ै।5. हर कोच में एलईडी डेस्टिनेशन बोर्ड लगा हुआ है, ताकि यात्रियों को पता रहे कि अगला स्टेशन कौन सा हैै।6. पैसेंजर एरिया में स्लाइडिंग दरवाजे लगे हैं, जिन्हें खोलना और बंद करना आसान होगा7. हर कोच में एक मिनी पैंट्री भी होगी, जहां यात्रियों के लिए गर्मागर्म खाना रखा जाएगारेलवे का वेस्टर्न रेलवे जोन दो डबल डेकर ट्रेनें पहले ही चला रहा है। एक ट्रेन मुंबई सेंट्रल से अहमदाबाद जबकि दूसरी ट्रेन पोरबंदर से दिल्ली सराय रोहिल्ला रेलवे स्टेशन के बीच है।
- नई दिल्ली। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा है कि यह देखने के लिए प्रायोगिक आधार पर अध्ययन किया जा रहा है कि क्या गोबार से बनने वाली बायोगैस की आपूर्ति गांवों में घरों तक की जा सकती है।गुरुवार को विश्व शौचालय दिवस के मौके पर आयोजित एक डिजिटल कार्यक्रम में शेखावत ने बेहतर ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के लिए गांवों में कचरे के पृथक्करण पर जोर दिया। उन्होंने कहा, "भारत में मवेशियों की संख्या सबसे ज्यादा है और (ग्रामीण भारत में) गोबर उपलब्ध रहता है। इस पर काम कर रहे हैं कि गोबर को कैसे संपत्ति में बदला जा सकता है। गोबर धन योजना को कैसे मजबूत किया जाए, इसके लिए हमने एक कार्यक्रम शुरू किया है।" शेखावत ने डिजिटल कार्यक्रम में अधिकारियों और ग्राम प्रमुखों से भी बातचीत की जिन्होंने ठोस अपशिष्ट निपटान में उत्कृष्ट काम किया है।
- नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को गुजरात के गांधीनगर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय पेट्रोलियम विश्वविद्यालय के आठवें दीक्षांत समारोह को संबोधित करेंगे।प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी एक विज्ञप्ति के मुताबिक वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से आयोजित होने वाले इस समारोह के दौरान मोदी 45 मेगावाट की उत्पादन क्षमता वाले एक मोनोक्रिस्टलाइन सोलर पैनल और जल तकनीक के एक उत्कृष्ट केंद्र का भी शिलान्यास करेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी नवोन्मेषी केन्द्र, चिकित्सा संबंधी शोध केंद्र और खेल परिसर का उद्घाटन भी करेंगे। दीक्षांत समारोह में 2600 छात्रों को उनकी डिग्री और डिप्लोमा प्रदान किए जाएंगे।
- नई दिल्ली। केन्द्र सरकार ने हरियाणा, राजस्थान, गुजरात और मणिपुर में कोविड-19 महामारी की रोकथाम, निगरानी और जांच व्यवस्था मजबूत बनाने में मदद करने के लिए उच्च स्तरीय केन्द्रीय दलों की तैनाती की है। कोरोना रोगियों की प्रतिदिन बढ़ती संख्या और मौतें दिल्ली एनसीआर में पडऩे वाले हरियाणा और राजस्थान के इलाकों में दर्ज की जा रही हैं।नई दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान के निदेशक डॉ. रणदीप गुलेरिया हरियाणा के लिए बने तीन सदस्यों वाले दल का नेतृत्व कर रहे हैं। नीति आयोग के सदस्य - स्वास्थ्य डॉ. वी के पॉल राजस्थान के लिए बने दल और राष्ट्रीय महामारी नियंत्रण केन्द्र - एन.सी.डी.सी के निदेशक डॉ. एस के सिंह गुजरात के लिए बने केन्द्रीय दल के प्रमुख होंगे। डी.एच.जी.सी के अपर महानिदेशक डॉ. एल स्वास्तीचरण मणिपुर के लिए बने केन्द्रीय दल का नेतृत्व करेंगे।यह दल उन जिलों का दौरा करेंगे जहां ज्यादा संक्रमण के मामले सामने आ रहे हैं और राज्य सरकारों को इसकी रोकथाम, निगरानी, जांच, संक्रमण से बचाव और नियंत्रण के संबंध में सहयोग करेंगे। केन्द्रीय दल महामारी से निपटने की चुनौती तथा समय पर निदान के लिए सुझाव भी देंगे।
- नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने राष्ट्रीय राजधानी में कोविड-19 के मामलों में बढ़ोतरी के मद्देनजर फेस मास्क नहीं लगाने के लिए जुर्माने की राशि 500 रुपये से बढ़ाकर 2 हजार रुपये करने की गुरुवार को घोषणा की। साथ ही उन्होंने अस्पतालों में कोविड-19 रोगियों के लिए बिस्तरों की संख्या बढ़ाने का भी ऐलान किया।केजरीवाल ने लोगों से शहर में तालाब और अन्य जलाशयों के किनारे छठ नहीं मनाने की भी अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार 19 नवंबर से निजी अस्पतालों में 80 प्रतिशत आईसीयू बिस्तर कोविड-19 रोगियों के लिए आरक्षित करने के अपने फैसले को लागू कर रही है। उन्होंने एक ऑनलाइन ब्रीफिंग में कहा कि निजी अस्पतालों को गैर-आईसीयू कोविड -19 बिस्तर 50 प्रतिशत से बढ़ाकर 60 प्रतिशत करने का भी निर्देश दिया गया है। केजरीवाल ने कहा कि उन्होंने उपराज्यपाल अनिल बैजल से मुलाकात करके उन्हें सरकार द्वारा कोविड-19 की जांच के लिए उठाए गए विभिन्न कदमों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि मास्क नहीं पहनने के लिए जुर्माना 500 रुपये से बढ़ाकर 2 हजार रुपये कर दिया गया है।मुख्यमंत्री ने कहा कि 1,400 से अधिक आईसीयू बिस्तर की व्यवस्था की जा रही है जिसमें से दिल्ली सरकार के अस्पतालों में 663 और केंद्र सरकार की इकाइयों में 750 आईसीयू बिस्तर शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में दिल्ली में कोविड-19 रोगियों के लिए लगभग 7,500 सामान्य और 446 आईसीयू बिस्तर उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि अस्पतालों को इस समय के लिए गैर-महत्वपूर्ण नियोजित सर्जरी को स्थगित करने के लिए कहा गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें दिल्ली में कोविड-19 स्थिति पर एक सर्वदलीय बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों से सहयोग का आश्वासन मिला है। केजरीवाल ने कहा कि उन्होंने उनसे लोगों को संक्रमण से बचाने के लिए फेस मास्क वितरित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि कोविड -19 पर कोई राजनीति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे छठ पूजा के लिए जलाशयों के किनारे न जाएं और इसके बजाय यह त्योहार घर पर मनाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर छठ पूजा के दौरान एक भी कोविड??-19 संक्रमित व्यक्ति पानी में प्रवेश करता है, तो अन्य सभी संक्रमित हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार को संक्रमण के खतरे के कारण नदी तट, तालाबों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर छठ पूजा पर रोक लगाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
- नयी दिल्ली। विदेश मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को कहा कि गुरु नानक देव की 551वीं जयंती पर भारत से सिखों का एक जत्था पाकिस्तान स्थित ‘जन्म स्थान गुरुद्वारा ननकाना' साहिब जाएगा और यह यात्रा 27 नवंबर से एक दिसंबर तक होगी। मंत्रालय के प्रवक्ता अनुराग श्रीवास्तव ने कहा कि यात्रा भारत और पाकिस्तान के बीच धार्मिक स्थलों की यात्रा से संबंधित 1974 के द्विपक्षीय प्रोटोकॉल के तहत होगी। डिजिटल संवाददाता सम्मेलन में यह पूछे जाने पर कि क्या गुरु नानक देव की 551वीं जयंती पर सिखों के पाकिस्तान जाने के लिए करतारपुर कॉरिडोर खोला जाएगा, श्रीवास्तव ने कहा कि इसपर और संबंधित मुद्दों पर मंत्रालय में संबंधित अधिकारियों के साथ चर्चा हुई है। उन्होंने कहा, यह निर्णय हुआ है कि गुरु नानक देव जी की 551वीं जयंती पर भारत से सिखों का एक जत्था 27 नवंबर से एक दिसंबर तक के लिए ‘जन्म स्थान गुरुद्वारा ननकाना साहिब' जाएगा। पिछले कुछ वर्षों में श्रीलंकाई जलक्षेत्र में घुसने के आरोप में पकड़ी गईं मछली पकड़ने वाली अनेक भारतीय नौकाओं को नष्ट करने के श्रीलंका की एक अदालत के फैसले के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ‘‘हमने खबरें देखी हैं...हम श्रीलंका सरकार के संपर्क में हैं।'' ब्रिटेन से विजय माल्या के प्रत्यर्पण के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ‘‘हमें बताया गया है कि वहां कोई गोपनीय कानूनी मुद्दा है जिसका समाधान किए जाने की आवश्यकता है और कानूनी मुद्दा पूरा होने के बाद विजय माल्या को भारत को प्रत्यर्पित किया जा सकता है।
- नयी दिल्ली। विदेश मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को कहा कि कोविड-19 महामारी के मद्देनजर सरकार द्वारा सात मई से ‘वंदे भारत' मिशन शुरू किए जाने के बाद से 30 लाख से अधिक भारतीय विदेश से वापस आए हैं। मंत्रालय के प्रवक्ता अनुराग श्रीवास्तव ने कहा कि मिशन के आठवें चरण की शुरुआत एक नवंबर से हुई जो अभी जारी है। उन्होंने कहा कि इस चरण में 19 नवंबर तक 24 देशों से 763 उड़ानों का अंतरराष्ट्रीय परिचालन हुआ जो भारत में 21 हवाईअड्डों तक पहुंचीं और लगभग 1,40,000 लोगों को वापस लेकर आई हैं। श्रीवास्तव ने कहा, इसके साथ ही आज की तारीख तक वंदे भारत मिशन के तहत विभिन्न माध्यमों से वापस आए भारतीयों की संख्या 30.90 लाख हो गई है।
- अयोध्या। ‘पंच कोसी परिक्रमा' और ‘चौदह कोसी परिक्रमा' के लिए अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं पर कड़ी पाबंदी लगाते हुए कोविड-19 के मद्देनजर सिर्फ स्थानीय लोगों को परिक्रमा करने की अनुमति दी गई है। हर साल बड़ी संख्या में लोग परिक्रमा के लिए अयोध्या आते हैं। यहां ‘चौहद कोसी परिक्रमा' 22 नवंबर से जबकि ‘पंच कोसी परिक्रमा' 25 नवंबर से शुरू होगी। प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि देश के विभिन्न प्रांत में कोविड-19 की दूसरी लहर को ध्यान में रखते हुए यह पाबंदी लगाई गई हैं। बातचीत में अयोध्या के पुलिस उप महानिरीक्षक दीपक कुमार ने बताया, हम अयोध्या के पड़ासी जिलों के प्रशासन के संपर्क में है। सभी सीमाओं पर अवरोधक लगाए जा रहे हैं और सुरक्षा बलों को तैनात किया जा रहा है।
- देहरादून। उत्तराखंड के उच्च हिमालयी क्षेत्र में स्थित बद्रीनाथ धाम के कपाट बृहस्पतिवार को शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए और इसी के साथ इस वर्ष की चारधाम यात्रा का समापन हो गया।देवस्थानम बोर्ड के मीडिया प्रभारी हरीश गौड़ ने बताया कि तय मुहूर्त के अनुसार, कार्तिक शुक्ल की पंचमी को उत्तराषाढा नक्षत्र और अभिजीत मुहूर्त में अपराह्न 03:35 बजे बद्रीनाथ धाम के कपाट विधि-विधान से बंद कर दिए गए। मंदिर के मुख्य पुजारी रावल ईश्वरी प्रसाद नंबूदरी ने कपाट बंदी की प्रक्रिया को संपन्न किया। दो दिन पहले हुई बर्फबारी के चलते बद्रीनाथ धाम में जमी बर्फ और सर्द हवाओं के बीच मंदिर के कपाट बंद होने के समय धर्माधिकारियों, चारधाम देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड के अधिकारियों और तीर्थ पुरोहितों के साथ ही पांच हजार से अधिक श्रद्धालु परिसर में मौजूद थे जो जय बदरी विशाल का उद्घोष कर रहे थे। इस मौके पर मंदिर को भव्य रूप से फूलों से सजाया गया था और सेना के बैंड की सुमधुर लहरियां हवा में तैर रही थीं।उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ मंगलवार को भगवान बद्रीनाथ के दर्शन करने वाले उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कपाट बंद होने के अवसर पर अपने संदेश में लोक मंगल की कामना की। चमोली जिले में बद्रीनाथ धाम के बंद होने के साथ ही इस वर्ष की चारधाम यात्रा का समापन हो गया है। गढवाल हिमालय के चारधामों में से अन्य तीन— रूद्रप्रयाग जिले में केदारनाथ तथा उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री और यमुनोत्री के कपाट पहले ही बंद किए जा चुके हैं ।सर्दियों में भारी बर्फबारी और भीषण ठंड की चपेट में रहने के कारण चार धामों के कपाटों को हर साल अक्टूबर—नवंबर में श्रद्धालुओं के लिए बंद कर दिया जाता है जो अगले साल अप्रैल—मई में दोबारा खोल दिए जाते हैं। उत्तराखंड चारधाम देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रविनाथ रमन ने बताया कि इस वर्ष कुल तीन लाख दस हजार यात्रियों ने चारधामों के दर्शन किए जिनमें से एक लाख पैंतालीस हजार से अधिक तीर्थयात्री बद्रीनाथ पहुंचे। उन्होंने बताया कि 1 लाख 34 हजार 981 तीर्थयात्री केदारनाथ, 23 हजार 837 श्रद्धालु गंगोत्री धाम एवं 7 हजार 731 श्रद्धालु यमुनोत्री धाम के दर्शन करने पहुंचे।गौरतलब है कि कोविड-19 महामारी के कारण इस साल यात्रा देर से जुलाई में शुरू हुई थी।
- मालदा (प.बंगाल)। पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में आज एक प्लास्टिक फैक्ट्री में हुए विस्फोट में आठ लोग बुरी तरह घायल हो गये जिनमें से पांच की हालत बेहद नाजुक है । पुलिस ने यह जानकारी दी ।एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना जिले के सुजापुर इलाके में आज करीब 11 बजे दिन में हुई । उन्होंने बताया, ''इस घटना में आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गये हैं । उनमें से पांच की स्थिति बहुत नाजुक है । डॉक्टर उनकी जिंदगी बचाने का प्रयास कर रहे हैं । इस मामले में हमने जांच शुरू कर दी है ।
- नई दिल्ली। सरकार ने शिक्षण सत्र 2020-21 में केन्द्र के कोटे से एमबीबीएस पाठ्यक्रम की पांच सीटें कोरोना योद्धाओं के बच्चों के लिए आरक्षित करने का फैसला किया है।केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि इस कदम का लक्ष्य उन कोरोना योद्धाओं का सम्मान करना है जिनकी मृत्यु कोविड-19 के कारण या महामारी संबंधी ड्यूटी के दौरान हुई है। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने केन्द्र के कोटे से एमबीबीएस में दाखिले के दिशा-निर्देशों में नयी श्रेणी 'कोरोना योद्धाओं के बच्चे' जोड़ा है। राष्ट्रीय परीक्षा अकादमी द्वारा करायी गई नीट-2020 में प्राप्त रैंक के आधार पर भरे गए ऑनलाइन आवेदनों के माध्यम से मेडिकल काउंसिल कमेटी इन छात्रों का चयन करेगी। डॉ. हर्षवर्धन ने कहा, ''यह उन कोरोना योद्धाओं के बलिदान का सम्मान होगा जिन्होंने निस्वार्थ भाव से अपना कर्तव्य और मानव धर्म निभाया है।'' रेखांकित करते हुए कि 50 लाख रुपये की बीमा योजना की घोषणा के दौरान ही सरकार द्वारा 'कोरोना योद्धा' की परिभाषा तय कर दी गई थी, मंत्री ने कहा, ''कोरोना योद्धा में सामुदायिक स्वास्थ्य कर्मियों सहित, ऐसे सभी स्वास्थ्यकर्मी आते हैं, जो कोविड-19 मरीजों की सीधे-सीधे देखभाल कर रहे हैं या फिर इसके कारण जिनके जीवन को खतरा है।''उन्होंने कहा, इसमें ''राज्य/केन्द्र सरकार के अस्पताल, केन्द्र/राज्यों/केन्द्र शासित प्रदेशों के स्वायत अस्पताल, एम्स और राष्ट्रीय महत्व के संस्थान और कोविड-19 नियंत्रण के लिए केन्द्र द्वारा तय अस्पतालों के कर्मचारी, निजी अस्पतालों के कर्मचारी, अवकाश प्राप्त/स्वयंसेवक/स्थानीय शहरी निकाय/संविदाकर्मी/दिहाड़ी मजदूर/अस्थाई कर्मचारी/आउटसोर्स कर्मचारी आदि सभी आएंगे।'' दाखिले के लिए मानदंड राज्य और केन्द्र शासित प्रदेश तय करेंगे।-
- शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में स्थित संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान के बफर जोन में बृहस्पतिवार को एक बाघ के हमले में एक महिला की मौत हो गई। शहडोल उत्तर वन मंडल के वन मंडलाधिकारी सिद्धार्थ गुप्ता ने बताया कि जिला मुख्यालय से लगभग 100 किलोमीटर दूर ब्यौहारी वन परिक्षेत्र के ग्राम पंचायत आखेटपुर में बाघ के हमले में एक महिला की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि यह घटना बृहस्पतिवार की सुबह साढ़े पांच बजे उस समय हुई, जब बाघ ने गांव में अपने घर में सो रही समरिया पटेल (40) पर हमला कर दिया। बाघ के हमले के बाद ग्रामीणों ने विरोध किया और मांग की कि वन विभाग को ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिये उपाय करने चाहिये। गुप्ता ने बताया कि नियमानुसार पीड़ित परिवार को चार लाख रुपये मुआवजे की राशि दी जायेगी।
- जालना। महाराष्ट्र के जालना जिले में एक खेत में स्थित कुएं पर बिजली का झटका लगने से तीन भइयों की मौत हो गयी । पुलिस ने बृहस्पतिवार को इसकी जानकारी दी । पुलिस ने बताया कि यह घटना जिले के पलसखेड पिंपल गांव में बुधवार की शाम हुयी । हादसे के वक्त तीनों भाई खेत में खड़ी फसल की सिंचाई करने गये थे । पुलिस ने बताया कि जब वे घर नहीं लौटे तो परजिनों ने उनकी तलाश शुरू की और करीब आधी रात के वक्त तीनों के शव कुएं में तैरते मिले । उन्होंने बताया कि तीनों की पहचान दानेश्वर अप्पासाहेब जाधव (27), रामेश्वर अप्पासाहेब जाधव(24) एवं सुनील जाधव (18) के रूप में की गयी है । उन्होंने बताया कि तलाश के दौरान लोगों को मौके से बिजली का एक तार मिला जिसमें करंट था ।
- पटना। बिहार के शिक्षा मंत्री मेवालाल चौधरी ने बृहस्पतिवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। भ्रष्टाचार के आरोपों के बावजूद चौधरी को मंत्री बनाए जाने को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया था। राज्य के नीतीश कुमार कैबिनेट में एक मंत्री के तौर पर शपथ लेने के तीन दिन बाद ही चौधरी ने इस्तीफा दे दिया।श्री चौधरी को शपथग्रहण के एक दिन बाद मंगलवार को प्रभार आवंटित किया गया था। उन्होंने अपराह्न एक बजे प्रभार संभालने के तत्काल बाद अपना इस्तीफा भेज दिया। चौधरी मुख्यमंत्री कुमार के नेतृत्व वाले जदयू के सदस्य हैं। वे बिहार कृषि विश्वविद्यालय, भागलपुर में शिक्षकों और तकनीशियनों की नियुक्ति में कथित अनियमितता के पांच वर्ष पुराने एक मामले में आरोपी हैं। वे इस विश्वविद्यालय के कुलपति रहे हैं।--
- नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने कहा है कि आत्मनिर्भर निधि में पीएम स्वनिधि योजना में 27 लाख 33 हजार से ज्यादा आवेदन पत्र मिले हैं। योजना में ठेले पर घूम-घूम कर सामान बेचने वालों को सीधे लाभ मिलेंगे।कुल 14 लाख 34 हजार से ज्यादा आवेदन पत्रों को मंजूरी दी गई और करीब 7 लाख 88 हजार लोगों को कर्ज बांटे गये। आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि जो रेहडी वाले कोविड-19 लॉकडाउन के कारण अपने घरों को लौट गये थे, वे इस कर्ज के पात्र है। बयान में यह भी कहा गया है कि योजना में कर्ज देने का प्रावधान बेहद आसान है। इसके लिये किसी भी सेवा केन्द्र या नगर निगम कार्यालय या बैंक जाकर आवेदन किया जा सकता है। इसके बाद लोगों के घरों पर बैंक खुद पहुंच रहे हैं।मंत्रालय ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बैंक कर्मचारियों की कड़ी मेहनत की सराहना करते हुये कहा कि एक वक्त था कि गलियों में ठेला ढोने वाले बैंक के भीतर नहीं जाते थे, लेकिन आज बैंक उनके घर जा रहे हैं। यह सरकार के कामकाज की पारदर्शिता और जवाबदेही के कारण संभव हुआ है।
- मंडला (मध्यप्रदेश)। मध्यप्रदेश के कान्हा बाघ अभयारण्य के किसली परिक्षेत्र के अंतर्गत मोचीदादर बीट में एक वृद्ध बाघ का शव मिला है।बाघ अभयारण्य के क्षेत्र संचालक एस के सिंह ने बताया कि मंगलवार को वन कर्मचारियों एवं सुरक्षा दल के गश्ती के दौरान दुर्गन्ध आने पर निरीक्षण किया गया। उसके बाद बाघ का 4 से 5 दिन पुराना शव सड़ी गली अवस्था में मिला। उन्होंने कहा कि बाघ का शव काफी गल चुका था, जिससे उसकी पहचान का निर्धारण नहीं किया जा सका। सिंह ने बताया कि मृत बाघ के केनाइन दांत काफी घिसे हुए थे। इस आधार पर बाघ की उम्र लगभग 14 से 15 वर्ष प्रतीत होती है। केनाइन एवं अन्य दांतों के परीक्षण से यह स्पष्ट हुआ कि बाघ शिकार करने में असमर्थ था। उन्होंने कहा कि बाघ की मृत्यु का संभावित कारण वृद्धावस्था एवं आहार की कमी है। सिंह ने बताया कि विस्तृत जांच के लिए बुधवार को पशु चिकित्सक द्वारा शव परीक्षण किया गया और उसके नमूने एकत्रित किये गये हैं।
- हैदराबाद। तेलंगाना के महबूबाबाद जिले में 30 से अधिक बंदरों को संदिग्ध रूप से जहर देकर मार दिया गया और गनी बैग में भर दिया गया। वन विभाग के एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि गनी बैग में भरे मृत बंदर मंगलवार को जिले के शनिगापुरम गांव के पास एक पहाड़ी पर मिले। अधिकारी ने कहा कि बंदरों के शव सड़ चुके थे इसलिए पोस्टमॉर्टम नहीं कराया जा सका ।वन और पुलिस अधिकारी आसपास के गांवों के लोगों से पूछताछ कर रहे हैं। अधिकारी ने पीटीआई-भाषा को फोन पर बताया, संदेह है कि बंदरों को जहर देकर मारा गया है । यह किसानों ने अपनी फसल बचाने के लिए किया है या किसी और ने इसे अंजाम दिया, इसका अब तक पता नहीं चल पाया है। (फाइल फोटो)
-
नई दिल्ली। जल शक्ति मंत्रालय में पेयजल और स्वच्छता विभाग गुरुवार को स्वच्छ भारत मिशन- ग्रामीण के अंतर्गत विश्व शौचालय दिवस का आयोजन कर रहा है। यह दिन स्वच्छता के बारे में जागरूकता बढ़ाने और लोगों को शौचालय का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित करने के लिए मनाया जाता है।
केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत वर्चुअल कार्यक्रम के माध्यम से कुछ चुने हुए जिलों और राज्यों को स्वछता पुरस्कार से सम्मानित करेंगे। कोविड-19 परिदृश्य को देखते हुए इस वर्ष पुरस्कार समारोह का आयोजन ऑनलाइन प्लेटफ़ॉर्म के माध्यम से किया जा रहा है।
















.jpg)
.jpg)



.jpg)



.jpg)

