- Home
- देश
- नई दिल्ली। रेलवे आगामी बुधवार 11 नवंबर से पश्चिम बंगाल में 696 उपनगरीय रेल सेवाएं शुरू करेगा। रेल मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि इससे यात्रियों की सुविधा बढऩे के साथ आवागमन में आसानी होगी।रेल मंत्री ने अपने एक ट्वीट में कहा कि कोविड-19 परिस्थितियों को देखते हुए सुरक्षा के पर्याप्त प्रबंध किये जाएंगे। रेलवे और राज्य सरकार के बीच हुए विचार-विमर्श के बाद इन सेवाओं के संचालन की अनुमति दी गई है। कोरोना महामारी फैलने के बाद पिछले मार्च से ही इन सभी सेवाओं पर रोक लगा दी गई थी।
- नई दिल्ली। भारत में कोविड-19 के 45 हजार 903 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमण के मामले बढ़कर 85 लाख 53 हजार 657 हो गए। वहीं 79 लाख से अधिक लोगों के संक्रमण मुक्त होने के साथ ही मरीजों के ठीक होने की दर बढ़कर 92.56 प्रतिशत हो गई।केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से सुबह आठ बजे जारी किए गए अद्यतन आंकड़ों के अनुसार देश में 490 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 1 लाख 26 हजार 611 हो गई।आंकड़ों के अनुसार अभी तक कुल 79 लाख 17 हजार 373 लोगों के संक्रमण मुक्त होने के बाद मरीजों के ठीक होने की दर बढ़कर 92.56 प्रतिशत हो गई है। वहीं कोविड-19 से मृत्यु दर 1.48 प्रतिशत है। देश में लगातार 11 दिन से उपचाराधीन लोगों की संख्या छह लाख से कम है।आंकड़ों के अनुसार देश में अभी 5,09,673 लोगों का इलाज चल रहा है,जो कुल मामलों का 5.96 प्रतिशत है। भारत में सात अगस्त को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख और पांच सितम्बर को 40 लाख के पार चली गई थी। वहीं, कुल मामले 16 सितम्बर को 50 लाख, 28 सितम्बर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख और 29 अक्टूबर को 80 लाख के पार चले गए थे।भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के अनुसार आठ नवम्बर तक कुल 11 करोड़ 85 लाख 72 हजार 192 नमूनों की कोविड-19 की जांच की गई, जिनमें से 8 लाख 35 हजार 401 नमूनों का परीक्षण अकेले रविवार को किया गया। आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटे में जिन 490 लोगों की मौत हुई, उनमें से सबसे अधिक 125 लोग महाराष्ट्र के थे। इनके अलावा दिल्ली के 77, पश्चिम बंगाल के 59, उत्तर प्रदेश के 26, केरल के 24, कर्नाटक के 22 और तमिलनाडु के 20 लोग थे। मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार देश में अभी तक वायरस से 1,26,611 लोगों की मौत हो चुकी हैं, जिनमें से सबसे अधिक 45,240 लोग महाराष्ट्र के थे। वहीं कर्नाटक के 11,391, तमिलनाडु के 11,344 , पश्चिम बंगाल के 7,294, उतर प्रदेश के 7,206 , दिल्ली के 6,989, आंध्र प्रदेश के 6,791, पंजाब के 4,318 और गुजरात के 3,760 लोग थे।
- बागपत (उप्र)। बागपत जिले के रमाला थाना क्षेत्र में एक कार के रविवार देर रात डिवाइडर से कार टकरा जाने से दो सगे भाइयों समेत चार लोगों की मौत हो गई और कार चालक घायल हो गया।रमाला पुलिस के अनुसार, दिल्ली के महरौली निवासी नरेश, प्रमोद और दो सगे भाई धर्मेन्द्र एवं कपिल, कार चालक नरेश सैनी की कार से रविवार देर रात शामली जिले के एक गांव में शादी समारोह में शामिल होने गए थे। लौटते समय बागपत में रमाला गेट के पास उनकी कार राजमार्ग पर बने डिवाइडर से टकरा गई।पुलिस ने बताया कि हादसे में पांचों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को नगर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने प्रमोद, नरेश, धर्मेन्द्र और कपिल को मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल कार चालक नरेश सैनी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
- मुंबई। एक इंटिरियर डिजाइनर की आत्महत्या के संबंध में गिरफ्तार रिपब्लिक टीवी के मुख्य संपादक अर्णब गोस्वामी, फिरोज शेख और नीतेश सरदा को आज अलीबौग के कोविड क्वारंटाइन केंद्र से महाराष्ट्र में रायगढ़ जिले की तालोजा जेल स्थानांतरित कर दिया गया।जेल अधीक्षक ए. टी. पाटिल ने बताया कि सुरक्षा और अति विशिष्ट मामला होने के कारण वरिष्ठ अधिकारियों से इन्हें तालोजा जेल भेजने का अनुरोध किया गया था। बाद में महानिरीक्षक जेल ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए।इस बीच, भारतीय जनता पार्टी के पूर्व सांसद किरीट सोमैया ने एक ट्वीट में कहा कि वह तालोजा जेल के प्रभारी से मिले हैं और उन्होंने आश्वासन दिया है कि अर्णब गोस्वामी को प्रताडि़त नहीं किया जाएगा और उन्हें आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।अर्णब गोस्वामी, फिरोज शेख और नीतिश सरदा को चार नवंबर को अली बाग पुलिस ने गिरफ्तार किया था। बाद में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने इन तीनों को 18 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश दिए।
- नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने 7 लोगों को गिरफ्तार कर बिना लाइसेंस के बेचे जा रहे 600 किलोग्राम से अधिक पटाखें जब्त किये। अधिकारियों ने आज यह जानकारी दी।दिवाली से पहले दिल्ली सरकार ने कोविड-19 की स्थिति और चिकित्सीय कारणों से गुरुवार को हरित पटाखों सहित सभी प्रकार के पटाखों पर 30 नवंबर तक के लिए प्रतिबंध लगा दिया है। सरकार ने त्योहारों और प्रदूषण को शहर में कोविड-19 के मामलों में वृद्धि के लिए जिम्मेदार बताया था। पुलिस ने कहा कि रविवार तक शहर में अवैध रूप से पटाखे बेचने के लिए सात लोगों के खिलाफ मामले दर्ज किए गए थे।दिल्ली पुलिस के अतिरिक्त पीआरओ अनिल मित्तल ने कहा, " पुलिस ने 593.224 किलो पटाखे बरामद कर 7 लोगों को गिरफ्तार किया है। अब तक पटाखे फोडऩे वालों के खिलाफ 8 मामले दर्ज किए गए है और एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार किए गए व्यक्ति के पास से एक किलो आतिशबाजी बरामद की गई थी।"
- गंगटोक। सिक्किम के पूर्व मुख्यमंत्री संचमान लिम्बू का रविवार को यहां एक सरकारी अस्पताल में निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार थे। परिवार के सूत्रों ने यह जानकारी दी। वह 73 वर्ष के थे। उनके परिवार में पत्नी, दो पुत्र और एक पुत्री हैं। लिम्बू सिक्किम के चौथे मुख्यमंत्री थे। उनका कार्यकाल छह महीने के लिए दो जून से 12 दिसम्बर, 1994 तक था। सूत्रों ने बताया कि उनके पार्थिव शरीर को गंगटोक में उनके आवास पर लाया गया है और पश्चिम सिक्किम जिले में उनके पैतृक गांव में अंतिम संस्कार के लिए प्रबंध किये गये हैं।
- मऊ (उप्र)। जिले के दक्षिण टोला क्षेत्र में रविवार को एक महिला ने अपने दो बच्चों को जहर खिलाने के बाद खुद भी जहर खा लिया। इस घटना में मां-बेटे की मौत हो गई और बेटी का इलाज चल रहा है। पुलिस क्षेत्राधिकारी (नगर) नरेश कुमार ने यहां बताया कि भूपटनगर मुहल्ले में रहने वाले संतोष गौतम की पत्नी अनामिका ने अपनी तीन साल की बेटी अंकिता और छह माह के बेटे को जहर खिलाने के बाद खुद भी जहर खा लिया। उन्होंने बताया कि तबीयत बिगड़ने पर तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां इलाज के दौरान अनामिका (30) और उसके छह माह के बेटे की मौत हो गई। अंकिता का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने इस मामले में आवश्यक कार्यवाही की है।
-
उन्नाव। उन्नाव जिले के बेहटा मुजावर थाना क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर रविवार सुबह एक दुर्घटना में एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हो गये। पुलिस के अनुसार जिले के बेहटा मुजावर थाना क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर दिल्ली से समस्तीपुर (बिहार) की ओर जा रही एक कार का आगे का टायर फट गया और कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ती हुई गहरी खाई में जाकर पलट गई। इस हादसे में कार सवार समस्तीपुर निवासी मीरा देवी (53) और जयप्रकाश (40) की मौत हो गई जबकि रामकीर्ति (55), महेश कुमार (43) और अजय (35) घायल हो गये। बांगरमऊ के पुलिस क्षेत्राधिकारी ने बताया कि घटना की सूचना पर पुलिस ने पहुँचकर राहत और बचाव कार्य करते हुए घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
- पीलीभीत। पीलीभीत शहर में शनिवार देर रात एक तेज रफ्तार कार पेड़ से टकरा गई जिससे कार सवार दो नाबालिग बच्चियों और उनकी मां की मौत हो गई जबकि चार लोग घायल हो गये। सुनगढ़ी के थानाध्यक्ष अतर सिंह ने रविवार को बताया कि शहर के पत्थर व्यवसायी वैभव अग्रवाल अपने परिवार के साथ कार से बरेली से अपने घर पीलीभीत लौट रहे थे। उन्होंने बताया कि उसी बीच शहर के थाना सुनगढ़ी क्षेत्र के गौहनिया चौराहे के समीप उनकी तेज रफ्तार कार पेड़ से टकरा गई, जिससे कार में सवार दो बच्चियों कनिष्का अग्रवाल (7) व ईशानी अग्रवाल (5) और उनकी मां प्रिया अग्रवाल (35) की मौके पर ही मौत हो गई जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए । उन्होंने बताया कि सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
- नोएडा। नोएडा थाना दादरी क्षेत्र के कस्बा दादरी में बीती रात अपने मकान की छत पर घूम रहे एक व्यक्ति की हाई वोल्टेज तार की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस उपायुक्त (जोन तृतीय) राजेश कुमार सिंह ने बताया कि थाना दादरी क्षेत्र के माधव विहार कॉलोनी में रहने वाला राहुल (26) शनिवार देर रात अपने मकान की छत पर घूम रहा था, तभी वह मकान के ऊपर से गुजर रहे 11,000 वोल्टेज के तार की चपेट में आ गए। उन्होंने बताया कि इस घटना में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। डीसीपी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
- बिजनौर। उत्तर प्रदेश के बिजनौर में चीनी से भरा एक बड़ा ट्रक पलटने से उसके नीचे दबकर मोटरसाइकिल सवार तीन लोगों की मौत हो गयी। जिला पुलिस कार्यालय के अनुसार शनिवार रात थाना नहटौर क्षेत्र में नहटौर डिग्री कालेज के पास कोतवाली देहात की ओर से आ रहा चीनी से भरा एक ट्रक असंतुलित होकर पलट गया। उन्होंने बताया कि उसी समय वहां से गुजर रहे मोटरसाइकिल सवार सलमान (26), हामिद (35) और अनिल(30) ट्रक के नीचे दब गये। उन्होंने बताया कि पुलिस ने जब तक क्रेन बुलाकर ट्रक हटवाया तब तक तीनों की मौत हो चुकी थी।
- नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में प्रदूषण के कारण वायु गुणवत्ता की स्थिति बिगड़ती जा रही है। दिल्ली के कई इलाकों में आज सुबह काफी धुंध छाई हुई थी जिसके कारण दृश्यता कम हो गई थी।पड़ोसी राज्यों में पराली जलाने के बढ़ते मामले शहर में प्रदूषित वायु का एक मुख्य कारण है। आज दोपहर दिल्ली की वायु गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी में है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार आज दोपहर 12 बजे दिल्ली की वायु गुणवत्ता सूचकांक 396 दर्ज की गई।201 और 300 के बीच के वायु गुणवत्ता सूचकांक को खराब माना जाता है जबकि 301 से 400 को बहुत खराब और 401 से 500 तक की वायु गुणवत्ता को बहुत अधिक खराब श्रेणी में रखा जाता है। वायु गुणवत्ता और मौसम पूर्वानुमान तथा अनुसंधान प्रणाली -सफर का पूर्वानुमान है कि कल तक वायु गुणवत्ता बहुत अधिक खराब श्रेणी में रहेगी।---
- नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि सरकार पोत परिवहन मंत्रालय का नाम बदलकर पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय करने जा रही है। उन्होंने कहा कि भारत, माल ढुलाई में आने वाले खर्च में कमी लाने के लिए तेजी से मल्टी मॉडल कनेक्टिविटी विकसित करने पर काम कर रहा है।उन्होंने कहा कि सरकार आंतरिक रूप से जुड़े हुए सड़क, रेल, हवाई यातायात और पोत परिवहन के विकास के लिए बुनियादी ढांचा बढ़ाने और इस कार्य में आने वाली गतिरोधों को दूर करने के प्रयास कर रही है। श्री मोदी ने कहा कि भारत में परिवहन को बेहतर बनाने में उनकी सरकार दूसरे देशों के मुकाबले अधिक धनराशि खर्च कर रही है। उन्होंने कहा कि हम जल परिवहन के जरिए खर्चों में बेहद कमी ला सकते हैं।प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सरकार ऐसे पारिस्थितिक तंत्र को विकसित करने पर अपना ध्यान केन्द्रित कर रही है जिससे कार्गो का अवरोध रहित आवागमन सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कहा कि समुद्री व्यापार और कारोबार के विशेषज्ञ तैयार करने तथा प्रशिक्षित श्रमिक उपलब्ध कराने के लिए गुजरात समुद्री विश्वविद्यालय एक बड़ा केन्द्र है। आज गुजरात समुद्री विश्वविद्यालय कई विधाओं में एमबीए की डिग्री प्रदान कर रहा है, जिनमें समुद्री कानून, समुद्री अंतर्राष्ट्रीय कानून और प्रबंधन, नौपरिवहन और माल ढुलाई प्रमुख हैं।
- नई दिल्ली। देश में कोविड-19 से स्वस्थ होने की दर 92.49 प्रतिशत हो गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान 49 हजार से अधिक कोविड मरीज ठीक हुए हैं। इस प्रकार स्वस्थ होने वालों की संख्या 78 लाख 68 हजार से अधिक हो गई है। वर्तमान में सक्रिय मामलों की संख्या कुल मामलों का 6.03 प्रतिशत है। इस समय देश में कोविड मरीजों की संख्या करीब 5 लाख 12 हजार रह गई है।बीते एक दिन में 45 हजार छह सौ 74 नए मामलों की पुष्टि हुई है। इसे मिलाकर देश में अब तक संक्रमित हुए लोगों की संख्या 85 लाख से अधिक हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि कोविड से निपटने की समग्र रणनीति, लगातार जांच, संक्रमित व्यक्तियों की पहचान और उनके उपचार के कारण स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या बढ़ी है और मृत्यु दर में कमी आई है। फिलहाल भारत में मृत्यु दर 1.48 प्रतिशत है, जो कि विश्व में सबसे कम में से एक है। पिछले 24 घंटों के दौरान 559 कोविड रोगियों की मृत्यु हुई है। इसे मिलाकर देश में कोरोना से अब तक एक लाख 26 हजार 121 लोगों की मौत हो चुकी है।भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद के अनुसार बीते एक दिन के दौरान 11 लाख 94 हजार से अधिक कोविड नमूनों की जांच की गई। इसे मिलाकर अब तक 11 करोड़ 77 लाख नमूनों की जांच हो चुकी है।
-
इंदौर। मध्य प्रदेश में कांग्रेस पार्टी के करीबी रहे कंप्यूटर बाबा के आश्रम पर प्रशासन का बुलडोजर चला है। बाबा के आश्रम के कुछ हिस्सों को अवैध निर्माण बताकर गिरा दिया गया है। रविवार को आश्रम गिराने से कुछ देर पहले ही कंप्यूटर बाबा के नाम से मशहूर नामदेव त्यागी को मप्र पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। कमलनाथ की अगुवाई वाली सरकार के समय बाबा नदी संरक्षण न्यास के अध्यक्ष बनाए गए थे। इन्हें कैबिनेट मंत्री का दर्जा प्राप्त था। आश्रम तोड़े जाने को लेकर कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने ट्वीट करते हुए कहा कि इंदौर में बदले की भावना से कंप्यूटर बाबा का आश्रम व मंदिर बिना किसी नोटिस दिए तोड़ा जा रहा है। यह राजनैतिक प्रतिशोध की चरम सीमा है। मैं इसकी निंदा करता हूं।
पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी क्षेत्र) महेशचंद्र जैन ने कहा कि इंदौर शहर से सटे जम्बूर्डी हप्सी गांव में कंप्यूटर बाबा के आश्रम परिसर में प्रशासन द्वारा अवैध निर्माण ढहाये जाने के दौरान दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 151 (संज्ञेय अपराध घटित होने से रोकने के लिए की जाने वाली एहतियातन गिरफ्तारी) के तहत यह कदम उठाया गया। उन्होंने बताया कि कंप्यूटर बाबा और उनसे जुड़े छह अन्य लोगों को एहतियातन गिरफ्तार कर एक स्थानीय जेल भेजा गया है। एसपी ने बताया कि प्रशासन की जांच के दौरान कंप्यूटर बाबा के आश्रम परिसर में दो एकड़ शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा और निर्माण प्रमाणित पाया गया था। एसपी के अनुसार यह आश्रम 40 एकड़ से ज्यादा जमीन पर फैला है और इसका मौजूदा बाजार मूल्य लगभग 80 करोड़ रुपए आंका जा रहा है।
एसपी श्री जैन ने बताया कि राजस्व विभाग ने इस मामले में आश्रम के कर्ता-धर्ताओं पर कुछ दिन पहले 2,000 रुपये का अर्थदंड लगाया था और उन्हें शासकीय भूमि से अवैध निर्माण हटाने को कहा गया था। अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर प्रशासन ने आश्रम का सामान बाहर निकालकर अवैध निर्माण ढहा दिये जिनमें शेड और कमरे शामिल हैं। इस दौरान वहां भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।
बाबा ने निकाली थी लोकतंत्र बचाओ यात्रा
राज्य की 28 विधानसभा सीटों पर तीन नवंबर को संपन्न उप चुनावों से पहले कंप्यूटर बाबा ने अन्य साधु-संतों के साथ लोकतंत्र बचाओ यात्रा निकाली थी। कंप्यूटर बाबा राज्य में इससे पहले भी कांग्रेस के पक्ष में चुनावी अभियान चला चुके हैं। नर्मदा नदी की कथित बदहाली के प्रमुख मुद्दे पर उन्होंने नवंबर 2018 के पिछले विधानसभा चुनावों में सत्तारूढ़ भाजपा के खिलाफ संतों को राज्य भर में लामबंद करने का अभियान चलाया था। लोकसभा के पिछले चुनावों में उन्होंने भोपाल सीट से कांग्रेस प्रत्याशी दिग्विजय सिंह के समर्थन में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान किये थे।
- नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी के जन्मदिन पर रविवार को उन्हें शुभकामनाएं दीं और कहा कि वह भाजपा कार्यकर्ताओं एवं देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।श्री आडवाणी रविवार को 93 वर्ष के हो गए। रविवार सुबह पीएम मोदी लाल कृष्ण आडवाणी के निवास पहुंचे। यहां प्रधानमंत्री ने आडवाणी को फूलों का गुलस्ता भेंट कर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद पीएम मोदी ने आडवाणी के पैर छूकर उनका आशीर्वाद भी लिया। इस अवसर पर गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा भी मौजूद रहे। इसके बाद पीएम मोदी ने लाल कृष्ण आडवाणी को केक भी खिलाया और आडवाणी ने भी प्रधानमंत्री को केक खिलाया।इससे पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हिंदी में ट्वीट किया, भाजपा को जन-जन तक पहुंचाने के साथ देश के विकास में अहम भूमिका निभाने वाले श्रद्धेय लालकृष्ण आडवाणी जी को जन्मदिन की बहुत-बहुत बधाई। वह पार्टी के करोड़ों कार्यकर्ताओं के साथ ही देशवासियों के प्रत्यक्ष प्रेरणास्रोत हैं। मैं उनकी लंबी आयु और स्वस्थ जीवन के लिए प्रार्थना करता हूं।बीजेपी के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी का जन्म 8 नवंबर 1927 को पाकिस्तान के कराची में एक सिंधी परिवार में हुआ था। उनके पिता का नाम किशनचंद आडवाणी और मां का नाम ज्ञानी देवी था। उनके पिता एक उद्यमी थे। लाल कृष्ण आडवाणी की प्रारंभिक शिक्षा कराची के सेंट पैट्रिक हाई स्कूल में हुई थी। विभाजन के समय उनका परिवार पाकिस्तान छोड़कर मुंबई आ गया और यहीं बस गया। यहां से ही लाल कृष्ण आडवाणी ने लॉ कॉलेज ऑफ द बॉम्बे यूनिवर्सिटी से कानून की पढ़ाई की। उन्होंने अपने राजनीतिक करिअर की शुरूआत राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से की थी। भारतीय जनता पार्टी की नींव रखने में लाल कृष्ण आडवाणी का योगदान बहुमूल्य है। उनकी पत्नी का नाम कमला आडवाणी है बेटे का नाम जयंत आडवाणी व बेटी का नाम प्रतिभा आडवाणी है।वर्ष 2002 से 2004 के बीच अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में लाल कृष्ण आडवाणी भारत के सातवें उप प्रधानमंत्री रहे। वहीं 1998 से 2004 के दरम्यान वह बीजेपी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार में गृहमंत्री का भी पद संभाल चुके हैं। 10वीं और 14वीं लोकसभा में वह विपक्ष के नेता की भूमिका में रहे। 2015 में भारत के दूसरे बड़े नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से भी वे सम्मानित किये जा चुके हैं।
-
नई दिल्ली। यशवर्धन कुमार सिन्हा ने शनिवार को मुख्य सूचना आयुक्त (सीआईसी) के तौर पर शपथ ली। राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी बयान में यह जानकारी दी गई है। बयान के मुताबिक राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में सिन्हा को शपथ दिलाई। इस साल 26 अगस्त को बिमल जुल्का का कार्यकाल पूरा होने के बाद दो महीने से ज्यादा समय से मुख्य सूचना आयुक्त का पद खाली पड़ा था। सिन्हा ने एक जनवरी 2019 को सूचना आयुक्त का पद संभाला था। वह ब्रिटेन और श्रीलंका में भारत के उच्चायुक्त के तौर पर सेवाएं दे चुके हैं। बतौर सीआईसी, 62 वर्षीय सिन्हा का कार्यकाल करीब तीन वर्षों का होगा। सीआईसी या सूचना आयुक्त की नियुक्ति पांच वर्ष के लिए या 65 वर्ष की आयु पूरी होने तक के लिए की जाती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय समिति द्वारा सिन्हा का चयन किया गया है। मोदी के अलावा लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी और गृह मंत्री अमित शाह इस समिति के सदस्य हैं। सिन्हा के अलावा इस समिति ने पत्रकार उदय माहुरकर, पूर्व श्रम सचिव हीरा लाल सामारिया और पूर्व उप नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक सरोज पुन्हानी को सूचना आयुक्त के रूप में नियुक्त करने को मंजूरी दी। अपने शपथ ग्रहण के बाद सिन्हा ने इन तीन लोगों को शपथ दिलाई। माहुरकर, सामारिया और पुन्हानी के शामिल होने के साथ ही सूचना आयुक्तों की संख्या बढ़कर सात हो जाएगी जबकि उनकी स्वीकृत क्षमता 10 है। इस समय वनाजा एन सरना, नीरज कुमार गुप्ता, सुरेश चंद्र और अमिता पांडोवे अन्य सूचना आयुक्त हैं। सूचना आयोग में अब भी तीन सूचना आयुक्तों के पद खाली है। सूचना का अधिकार कानून के तहत मुख्य सूचना आयुक्त के साथ इस संस्था में कुल 10 सूचना आयुक्त होने चाहिए। नवनियुक्त सूचना आयुक्त माहुरकर एक प्रमुख मीडिया संस्थान के साथ वरिष्ठ पद पर काम कर चुके हैं। वह गुजरात के महाराजा सयाजीराव विश्वविद्यालय से भारतीय इतिहास, संस्कृति और पुरातत्वविज्ञान में स्नातक हैं। सामारिया तेलंगाना कैडर के 1985 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। वह सितंबर में श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के सचिव के तौर पर सेवानिवृत्त हुए थे। पुन्हानी, 1984 बैच के भारतीय लेखा परीक्षा एवं लेखा सेवा (आईएएएस) अधिकारी रहे हैं।
- झांसी। झांसी जिले के ऐरच थाना क्षेत्र में छेडख़ानी से परेशान एक छात्रा ने जहर खाकर कथित रूप से आत्महत्या कर ली। पुलिस को छात्रा के पास से एक सुसाइड नोट मिला है जिसमें उसने कथित तौर पर पड़ोस में रहने वाले एक युवक को अपनी आत्महत्या के लिए जिम्मेदार ठहराया है।छात्रा ने अपने परिवार से मौत का बदला लेने की भी अपील की है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने लड़के के परिजनों को हिरासत में ले लिया है जबकि आरोपी फरार है जिसकी तलाश की जा रही है। झांसी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार ने बताया कि ऐरच थाना क्षेत्र की कक्षा 11वीं की छात्रा के साथ पिछली एक तारीख को एक युवक द्वारा छेडख़ानी की गई। उन्होंने बताया कि परिजनों ने लोक लाज के भय से थाने में सूचना नहीं दी थी और आपस में ही बातचीत कर रहे थे कि उपरोक्त छात्रा ने अपने एवं परिजनों के अपमान से क्षुब्ध होकर जहरीला पदार्थ खा लिया। पीडि़ता के परिजनों ने बताया कि शुक्रवार को विषाक्त पदार्थ खाने के बाद आनन-फानन में छात्रा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया जहां हालात में सुधार न होने पर उसे मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां शनिवार को उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। एसएसपी दिनेश कुमार ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों के परिवार वालों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मुख्य आरोपी आकाश फरार है, उसकी तलाश में एरच, गुरसरांय और गरौठा थाने की पुलिस टीम लगी हैं। जल्द से जल्द आरोपी को पकड़ लिया जाएगा(प्रतिकात्मक फोटो)
- ब्रह्मपुर (ओडि़शा)। ओडि़शा के गंजाम जिले में अवैध विनिर्माण इकाइयों से भारी मात्रा में पटाखे जब्त किये गये और इस सिलसिले में तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया।थाना प्रभारी पी के साहू ने बताया कि अस्का थाना क्षेत्र के नलबंता गांव में शनिवार को अवैध पटाखा विनिर्माण इकाइयों पर छापे के दौरान यह जब्ती की गयी। उन्होंने कहा, दिवाली त्योहार से पहले हमने विभिन्न अवैध पटाखा विनिर्माण इकाइयों से 70 लाख रूपये मूल्य के पटाखे जब्त किये हैं जो ट्रकों में लदे हुए थे। अधिकारी ने बताया कि इस काम में लगे तीन लोग गिरफ्तार किये गये जबकि बाकी भाग गये। उनके अनुसार एक दर्जन से अधिक ऐसी इकाइयों का पता चला है और दिवाली तक छापे जारी रहेंगे। गंजाम जिला प्रशासन ने कोविड-19 के चलते इस साल पटाखों के उत्पादन एवं विक्रय पर रोक लगा दी है और लोगों से बिना आतिशबाजी के त्योहार मनाने की अपील की है।
-
नई दिल्ली। पिछले महीने दिल्ली के मालवीय नगर के एक गरीब दंपति के ढाबा (बाबा का ढाबा) का वीडियो काफी वायरल हुआ था। वीडियो में ढाबा चलाने वाले वृद्ध दादा जी बिक्री ना होने के कारण रो रहे थे। वीडियो सामने आने के बाद कई लोग और सेलेब्स वृद्ध शख्स की मदद करने के लिए आगे आए। अब इस मामले में एक नया ट्विस्ट आ गया है।
'बाबा का ढाबा' के मालिक कांता प्रसाद ने वीडियो वायरल करने वाले यूट्यूबर और फूड ब्लॉगर गौरव वासन पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। दिल्ली के मालवीय नगर थाने में गौरव के खिलाफ धारा 420 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। कांता प्रसाद ने आरोप लगाया कि गौरव ने डोनेशन के लिए जानबूझकर अपने और अपने परिवार वालों की बैंक डीटेल्स लोगों के साथ शेयर की ताकि पैसे उसके अकाउंट में आ जाएं। इस तरह से गौरव ने उनके साथ धोखाधड़ी की है।
कांता प्रसाद ने कहा कि 80 साल की उम्र में लोग मुझे गालियां दे रहे हैं। लोगों का कहना है कि जो काम कांता प्रसाद ने किया है, इसके बाद कोई भी शख्स मदद करने से पहले 100 बार सोचेगा। वहीं गौरव ने खुद पर लगे सभी आरोपों को सिरे से नकारा है। गौरव ने कहा कि बाबा उन्हें बदनाम करने का काम कर रहे हैं। अभी तक केवल 3.78 लाख रुपये इकठ्ठे हुए हैं और बाबा कह रहे हैं कि 25 लाख रुपये आए हैं। मैं बाबा के खिलाफ कोर्ट में मानहानि मुकदमा करने की सोच रहा हूं।
- सिंगरौली, (मप्र)। मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिले में शनिवार को एक मिनी ट्रक के अनियंत्रित होकर पलट जाने से चार लोगों की मौत हो गयी और कम से कम 15 अन्य लोग घायल हो गये। हादसा जिला मुख्यालय से करीब 60 किलोमीटर दूर सरई थाना क्षेत्र के ग्राम भलैया टोला गांव में हुआ।सरई पुलिस थाने के प्रभारी निरीक्षक शंखधर द्विवेदी ने बताया कि शनिवार तड़के भलैया टोला गांव के पास यह हादसा तब हुआ जब पास के एक गांव में कार्यक्रम में शामिल होने के बाद लोग मिनी ट्रक में अपने गांव लंघाडोल लौट रहे थे। उन्होंने बताया कि चालक के नियंत्रण खो देने से मिनी ट्रक पलट गया और चार लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी जबकि कम से कम 15 लोग घायल हो गये। उन्होंने बताया कि घायलों में से दस की हालत गंभीर है और उनका उपचार स्थानीय अस्पताल में किया जा रहा है। जिलाधिकारी राजीव रंजन मीणा, पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र कुमार सिंह और देवसर से विधायक सुभाष रामचरित वर्मा सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल और अस्पताल का दौरा का घायलों की उपचार की व्यवस्था देखी।
- नई दिल्ली। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन-इसरो ने आज पृथ्वी का अध्ययन करने में सक्षम उपग्रह-ई.ओ.एस-01 को, शक्तिशाली रॉकेट पी एस एल वी- सी 49 के जरिये सफलता पूर्वक प्रक्षेपित किया और इसे अपेक्षित कक्षा में स्थापित किया। इसके साथ नौ और व्यवसायिक उपग्रह भी भेजे गए हैं।श्रीहरिकोटा के राष्ट्रीय अंतरिक्ष केंद्र के क्षेत्र में मौसम खराब होने के कारण इस प्रक्षेपण में थोड़ी देरी हुई। इसे दोपहर बाद 3 बजकर 2 मिनट की बजाय 3 बजकर 12 मिनट पर छोड़ा गया। इसरो के वैज्ञानिकों ने बताया कि प्रक्षेपण की समूची प्रक्रिया शुरू से ही सुचारू रूप से चल रही थी।इसरो प्रमुख डॉक्टर के सिवन ने इस सफल प्रक्षेपण पर वैज्ञानिकों, इंजीनियरों और तकनिशियनों को बधाई दी है और कहा है कि यह दिवाली के पर्व से पहले का उत्सव है। उन्होंने कहा कि प्रक्षेपण अभियानों की एक पूरी श्रृंखला पीएसएलवी के साथ शुरू की जानी है, जो रॉकेट के एक नए वर्ग की पहली विकासात्मक उड़ान होगी। इसे लघु उपग्रह प्रक्षेपण वाहन और जीएसएलवी कहा जाता है।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पी एस एल वी - सी-49/ई ओ एस - 01 मिशन के आज सफलतापूर्वक प्रक्षेपण पर इसरो और देश के अंतरिक्ष उद्योग को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि कोविड-19 के दौरान आई बहुत सी बाधाओं के बाद भी वैज्ञानिकों ने तय समय सीमा के भीतर अपने काम को संपन्न किया। श्री मोदी ने कहा कि अमरीका और लक्समबर्ग के चार-चार तथा लिथुआनिया के एक उपग्रह सहित नौ उपग्रहों को इस मिशन के तहत प्रक्षेपित किया गया
- नई दिल्ली। देश में कोविड-19 से स्वस्थ होने की दर 92 प्रतिशत से अधिक हो गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान 53 हजार से अधिक कोविड रोगी स्वस्थ हुए हैं। कोविड से स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या 78 लाख से अधिक हो गई है। स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी से मौजूदा संक्रमित लोगों की संख्या 5 लाख 16 हजार ही रह गई है।स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि 77 प्रतिशत नए मामले 10 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से हैं। दिल्ली ने महाराष्ट्र और केरल को पीछे छोड़ दिया है जहां पिछले 24 घंटों में सात हजार 178 नए मामले दर्ज किए गए हैं। केरल में 7002 और महाराष्ट्र में 6 हजार 870 नए मामले दर्ज किए गए हैं।पिछले 24 घंटों के दौरान 50 हजार 357 नए मामलों की खबर है। इसे मिलाकर देश में अब तक संक्रमित हुए लोगों की संख्या 84 लाख से अधिक हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि कोविड-19 के मामलों से निपटने की रणनीति, लगातार जांच संक्रमित लोगों की पहचान और उनके उपचार के कारण स्वस्थ होने वाले लोग बढ़े हैं और मृतकों की संख्या कम हुई है। फिलहाल पूरे देश में मृतकों की दर 1.48 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटों के दौरान पांच सौ 77 लोगों की मृत्यु हुई है। इसे मिलाकर देश में कोरोना से अब तक एक लाख 25 हजार 562 लोगों की मृत्यु हो चुकी है।स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना से मरने वालों की सर्वाधिक संख्या 161 महाराष्ट्र में रही। इसके बाद दिल्ली और पश्चिम बंगाल का स्थान है जहां क्रमश: 64 और 55 लोगों की मौत हुई। भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान 11 लाख 13 हजार से अधिक नमूनों की जांच की गई। इसे मिलाकर अब तक 11 करोड़ 65 लाख नमूनों की जांच की चुकी है।
-
सुसाइड नोट में लिखा - कर्ज नहीं चुका पाने की वजह से दे रहा हूं जान
इंदौर। इंदौर की पाश्र्वनाथ कॉलोनी में रहने वाले 52 साल के एक प्रापर्टी ब्रोकर ने शुक्रवार रात को हाथ की नस काटकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार वे कर्ज से तनाव में आ चुके थे। पुलिस ने बताया कि मृतक ने चार पेज का सुसाइड नोट भी छोड़ा है। सुबह जब बेटा सोकर उठा तो उसे जानकारी लगी।
अन्नपूर्णा थाने के सब इंस्पेक्टर अंकित शर्मा के अनुसार मृतक 52 वर्षीय रामलाल पिता नत्थू प्रसाद यादव निवासी पाश्र्वनाथ कॉलोनी है। रामलाल यादव प्रापर्टी का काम करते थे और किराए के मकान में रहते थे। घटना के वक्त उनकी पत्नी और बेटियां नानी के घर गए थे। बेटा ऊपर कमरे में सो रहा था। सुबह बेटा 5.30 बजे सोकर उठा तो पिता के हाथ में खून दिखा। उनकी हाथ की नस कटी हुई थी। बेटा उन्हें तुरंत अस्पताल लाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सब इंस्पेक्टर श्री शर्मा ने यह भी बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि उन पर काफी कर्जा था। सुसाइड नोट में कर्ज का विवरण लिखा था। किसी के द्वारा परेशान करने की बात नहीं लिखी गई है।
पुलिस ने यह भी बताया कि सुसाइड नोट में एक पेज में थोड़ा सा लिखा हुआ है। इसके अलावा बाकी स्टांप पर चार पेज लिखे हैं, जिसमें मैं स्वयं अपनी इच्छा से मर रहा हूं। किसी को परेशान ना करें। किसी की गलती नहीं है। बेटे अक्षय यादव ने बताया कि पिता ने आर्थिक तंगी के कारण आत्महत्या की है। बाहर से पैसा ले रखा था। वे चुका नहीं पा रहे थे। हालांकि लोग परेशान नहीं कर रहे थे। - आगरा। आगरा जिले के जगदीशपुरा थाना क्षेत्र स्थित सदरबंद गांव में शुक्रवार को एक जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया जिससे दोनों तरफ से 15 लोग घायल हो गये।प्लाट पर कब्जे को लेकर लाठी,डंडे और सरियों का इस्तेमाल किया गया। जगदीशपुरा थाने के निरीक्षक बीएन सिंह ने बताया कि जमीनी विवाद के झगड़े में पुलिस ने अपनी ओर से दोनों पक्षों के 15 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे हैं। (प्रतिकात्मक फोटो)----





-copy.jpg)














.jpg)

.jpg)
.jpg)



.jpg)