- Home
- देश
-
हजारीबाग. झारखंड के हजारीबाग जिले में एक 14 वर्षीय लड़के की उसी के सहपाठी ने चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने घटना को उस वक्त अंजाम दिया, जब पीड़ित अपना जन्मदिन मना रहा था।
लोहसिंघना थाने के प्रभारी बिपिन कुमार यादव ने बताया कि घटना शुक्रवार शाम को हजारीबाग झील क्षेत्र में हुई। हालांकि, घटना के कारण का पता नहीं चल पाया है। अधिकारी ने बताया कि घटना में लड़के के पेट पर चाकू से गंभीर चोटें आईं थीं और उसे शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) स्थानांतरित कर दिया गया लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। यादव ने बताया कि मृतक के पिता ने शनिवार को मुख्य आरोपी और चार अन्य लड़कों के खिलाफ अपने बेटे की हत्या का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई, जिसके बाद मुख्य आरोपी को निरुद्ध कर लिया गया। -
जम्मू. केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने शनिवार को कहा कि इस साल कश्मीर में करीब दो करोड़ पर्यटक आये, जो घाटी में बेहतर सुरक्षा स्थिति का संकेत देता है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा एजेंसियां आतंकवादी गतिविधियों से निपटने के लिए आवश्यक कदम उठा रही हैं। कठुआ जिले में एक कार्यक्रम से इतर संवाददाताओं से बातचीत में उन्होंने कहा कि यह कहना सही नहीं है कि सुरक्षा स्थिति बिगड़ रही है। पुंछ जिले में आतंकवादियों ने बृहस्पतिवार को सेना के दो वाहनों को निशाना बनाकर हमला किया था जिसमें पांच सैनिक शहीद हो गए और दो अन्य घायल हो गए। इस बारे में पूछे जाने पर सिंह ने कहा, ‘‘हम इस प्रकार की घटनाओं को नजरअंदाज नहीं कर सकते हैं और संबंधित एजेंसियां इनका मुकाबला करने के लिए आवश्यक कदम उठा रही हैं।'' मंत्री ने कहा, ‘‘ इस साल लगभग दो करोड़ पर्यटक कश्मीर आए... यह संख्या घाटी में बेहतर सुरक्षा स्थिति के बारे में खुद बयां करती है। पर्यटक किसी भी स्थान पर यह सुनिश्चित करने के बाद ही जाते हैं कि वह उनके और उनके परिवार के लिए सुरक्षित है।
-
कानपुर . भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) कानपुर के मैकेनिकल इंजीनियरिंग के 53 वर्षीय वरिष्ठ वैज्ञानिक समीर खांडेकर का एक पूर्व छात्र सम्मेलन के दौरान व्याख्यान देते समय दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। आईआईटी के अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। आईआईटी के अधिकारियों ने बताया कि छात्र मामलों के अधिष्ठाता (डीन) व मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के प्रमुख खांडेकर सभा को संबोधित करते समय मंच पर गिर पड़े। अधिकारियों ने बताया कि उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां पहुंचने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
आईआईटी-कानपुर के निदेशक अभय करंदीकर ने फोन पर बताया कि जब से उन्होंने संस्थान में एक पूर्व छात्र सम्मेलन के दौरान एक उत्कृष्ट शिक्षक और शोधकर्ता समीर खांडेकर के आकस्मिक निधन के बारे में सुना, तब से वह पूरी तरह सदमे में हैं। उन्होंने बताया कि खांडेकर एक व्याख्यान दे रहे थे, तभी उन्हें सीने में तेज दर्द हुआ और पसीना आने लगा। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता खांडेकर मंच पर गिर पड़े। करंदीकर ने पुष्टि की कि शव को संस्थान के स्वास्थ्य केंद्र में रखा गया है और अंतिम संस्कार उनके इकलौते बेटे प्रवाह खांडेकर के आने के बाद ही किया जाएगा, जो लंदन में कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय में पढ़ रहे हैं। उपस्थित लोगों ने कहा कि प्रोफेसर खांडेकर के अंतिम शब्द थे ‘‘अपने स्वास्थ्य का ख्याल रखें।'' -
झांसी (उप्र). झांसी जिला मुख्यालय के शिवाजी नगर स्थित एक निजी विद्यालय में दसवीं कक्षा के करीब 16 वर्षीय नाबालिग छात्र की उसके सहपाठियों ने पैसों के लेन-देन और पुरानी रंजिश के विवाद में कथित रूप से कपड़े उतारकर पिटाई की। पुलिस ने यह जानकारी दी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर ‘वायरल' हो गया। पुलिस ने शनिवार को बताया कि उसने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार यह घटना पिछले सोमवार की बताई जा रही है जिसका वीडियो बाद में ‘वायरल' किया गया।
पीड़ित छात्र ने दो दिन पूर्व पुलिस को बताया कि पिछले दिनों वह घर के पास स्थित लेबर चौराहे के निकट एक पार्क में बैठा था तभी उसके कुछ स्कूली साथियों ने सेना की फायरिंग देखने जाने की बात कह कर अपने साथ गाड़ी में बिठा लिया तथा कानपुर रोड स्थित रिसाला चुंगी के पास सुनसान जंगल में ले गए। पीड़ित छात्र का आरोप है कि वहां उसके सहपाठियों ने कपड़े उतार कर उसके साथ मारपीट की तथा उसका उसका वीडियो बनाकर बाद में उसे सार्वजनिक कर दिया। पुलिस ने बताया कि इससे कुछ दिन पहले आरोपियों में से एक युवक की उपरोक्त किशोर एवं उसके साथियों ने स्कूल से लौटते समय पिटाई कर दी थी, जिसका बदला लेने के लिए ही इस घटना को अंजाम दिया गया। पुलिस के मुताबिक साथ ही इन छात्रों के बीच दो रुपये की उधारी को लेकर भी विवाद चल रहा था। घटना के संबंध में शहरी क्षेत्र के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) राजेश राय ने बताया कि इस मामले में नबाबाद थाना में पांच आरोपियो के खिलाफ सुसंगत धाराओं प्राथमिकी दर्ज की गयी है। सीओ के अनुसार एक बालिग आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है एवं अन्य नाबालिग आरोपियों की तलाश की जा रही है। नाबालिग आरोपियों की उम्र 15-16 वर्ष बताई गई है एवं वे सभी एक निजी स्कूल के छात्र बताए गए हैं। -
ठाणे. महाराष्ट्र के ठाणे जिले में पुलिस ने 40 लाख रुपये का गुटखा जब्त कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। एक अधिकारी ने यहां यह जानकारी दी। महाराष्ट्र में गुटखे का निर्माण और बिक्री दोनों प्रतिबंधित है।
निरीक्षक डी.टी. सोंके ने बताया कि गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बृहस्पतिवार को गणेशपुरी थाना क्षेत्र में एक टेम्पो को रोका और भारी मात्रा में गुटखा बरामद किया। अधिकारी ने बताया कि प्रतिबंधित वस्तु को ले जा रहे 28 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया गया और मजिस्ट्रेट की अदालत ने उसे पांच दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया। अधिकारी ने बताया कि टेम्पो को भी जब्त कर लिया गया और मामले की जांच जारी है। -
जयपुर. राजस्थान के खैरथल-तिजारा जिले में एक मकान के कमरे में हीटर से लगी आग के कारण एक व्यक्ति और उसकी तीन महीने की बेटी की आग में जिंदा झुलसकर मौत हो गयी और घटना में उसकी पत्नी घायल हो गयी। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि घटना शुक्रवार रात शेखपुर थाना क्षेत्र की है। उन्होंने बताया कि हीटर से रजाई में आग लग गयी और दीपक यादव और उनकी तीन माह की बेटी निशिका जिंदा झुलसकर मारे गये। हादसे में दीपक की पत्नी संजू भी झुलस गई। उन्होंने बताया कि कमरे से चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी उन्हें बचाने के लिए दौड़े और आग बुझाने का प्रयास किया। पीड़ितों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया जहां दीपक और निशिका को मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि संजू का गंभीर हालत में अस्पताल में इलाज जारी है। दीपक चालक का काम करता था।
-file photo
-
जम्मू. भगवान शिव और देवी इंद्राणी की मूर्तियों की 12वीं शताब्दी ईस्वी की एक जोड़ी यहां खुदाई में मिली है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने कहा कि प्राचीन मूर्तियां जम्मू के बाहरी इलाके में भौर शिविर में खुदाई के दौरान मिलीं और बाद में उन्हें अभिलेखागार, पुरातत्व और संग्रहालय विभाग ने अपने कब्जे में ले लिया। प्रारंभिक निष्कर्षों का हवाला देते हुए, अधिकारियों ने कहा कि यह पाया गया है कि 12वीं शताब्दी ईस्वी की मूर्तियां बहुत दुर्लभ हैं। अधिकारियों ने कहा कि ये मूर्तियां देवी इंद्राणी के मानव रूपों को दर्शाती हैं, जिनका माप 28 गुणा 13.5 इंच व वजन 55 किलोग्राम है। उन्होंने बताया कि भगवान शिव की मूर्ति का माप 21 गुणा 14 इंच है और इसका वजन 40 किलोग्राम है। उन्होंने कहा कि पुरातत्व विभाग की सहायक निदेशक संगीता शर्मा के नेतृत्व में चार सदस्यीय टीम ने भौर शिविर का दौरा किया और संरक्षण के लिए मूर्तियों को अपने कब्जे में ले लिया।
-
नयी दिल्ली. भारत में बीते 24 घंटे में कोविड-19 के 752 नए मामले दर्ज किए गए और उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 3,420 हो गई है। देश में 21 मई 2023 के बाद से एक दिन में सामने आए कोरोना वायरस संक्रमण के ये सबसे अधिक मामले हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से शनिवार सुबह आठ बजे तक अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, देश में अब तक सामने आए कोविड-19 के मामलों की कुल संख्या 4.50 करोड़ (4,50,07,964) है। देश में बीते 24 घंटे में संक्रमण से चार लोगों की मौत होने के कारण इस महामारी से मरने वालों की संख्या बढ़कर 5,33,332 हो गई है। मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, बीते 24 घंटे में केरल में दो तथा राजस्थान और कर्नाटक में कोविड-19 से एक-एक मरीज की मौत हुई है। स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट के अनुसार, इस बीमारी से उबरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 4,44,71,212 हो गई है। स्वस्थ होने की राष्ट्रीय दर 98.81 प्रतिशत है, वहीं मृत्यु दर 1.19 प्रतिशत है। मंत्रालय के अनुसार, देश में अभी तक कोविड-19 रोधी टीकाकरण अभियान के तहत 220.67 करोड़ खुराक दी जा चुकी हैं।
-
मुंबई. मुंबई विश्वविद्यालय ने कहा है कि उसने मंदिर प्रबंधन पर एक पाठ्यक्रम पेश करने के लिए ऑक्सफोर्ड सेंटर फॉर हिंदू स्टडीज के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। समझौते के तहत यह पाठ्यक्रम ऑफलाइन (प्रत्यक्ष) और ऑनलाइन माध्यम से पेश किए जाने वाले विभिन्न डिप्लोमा और प्रमाणपत्र-स्तर के पाठ्यक्रमों में से एक होगा। विश्वविद्यालय द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि विश्वविद्यालय के ‘सेंटर फॉर हिंदू स्टडीज' और संस्कृत विभाग ने ‘ऑक्सफोर्ड सेंटर फॉर हिंदू स्टडीज' के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। यह पाठ्यक्रम डिग्री और प्रमाणपत्र पाठ्यक्रमों के साथ हिंदू दर्शन के समग्र अध्ययन पर केंद्रित होगा।
- नई दिल्ली। केंद्र ने शुक्रवार को राज्यों को अतिरिक्त कर के रूप में 72,961.21 करोड़ रुपये जारी करने का ऐलान किया है। वित्त मंत्रालय ने बयान जारी कर यह जानकारी दी और बताया कि राज्यों को किस मद के लिए ये रकम जारी की गई है।मंत्रालय ने बताया कि राज्यों को ये रकम आगामी त्योहारों और नए साल के मद्देनजर सामाजिक कल्याण के कार्यों और इन्फ्रास्ट्रक्चर की बेहतरी के लिए जरूरी रकम जुटाने के लिए जारी की गई है।कब मिलेगा पैसा? क्या है कर हस्तांतरण का नियम?नियमों के अनुसार, राज्यों के केंद्रीय पूल से मिलने वाले टैक्स का हस्तांतरण 14 किस्तों में होता है। 11 किस्तें 11 महीने में हर महीने जारी की जाती है जबकि, 3 किस्त मार्च महीने में जारी की जाती है। केंद्र की तरफ से जारी यह रकम राज्यों को मिलने वाले रेगुलर टैक्स के अतिरिक्त है।मंत्रालय ने कहा कि अतिरिक्त किस्त 10 जनवरी, 2023 को राज्यों को देय कर हस्तांतरण (due tax devolution) और इस साल 11 दिसंबर को जारी 72,961.21 करोड़ रुपये के अतिरिक्त है।किस राज्य को मिलेगी सबसे ज्यादा रकम?केंद्र की तरफ से जारी इस किस्त में सबसे बड़ा हिस्सा उत्तर प्रदेश के हाथ में जाएगा। उत्तर प्रदेश को अतिरिक्त कर के रूप में 13088.51 रुपये मिलेंगे। इसके बाद बिहार को 7,338 करोड़ रुपये और पश्चिम बंगाल को 5488.88 करोड़ रुपये मिलेंगे। सबसे कम जिस राज्य को रकम मिलेगी वह है गोवा और सिक्किम। गोवा को 281 करोड़ रुपये और सिक्किम को 283 करोड़ रुपये दिए जाएंगे।
- नई दिल्ली।फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों अगले साल जनवरी में भारत के 75वें गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि होंगे। मैक्रों इस साल सितंबर में नई दिल्ली में आयोजित जी20 शिखर सम्मेलन के लिए भी भारत आए थे।शुक्रवार को विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘रणनीतिक साझेदार के रूप में, भारत और फ्रांस क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर साझा राय रखते हैं। इस साल दोनों देश, भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी की 25वीं वर्षगांठ मना रहे हैं।’ फ्रांस के राष्ट्रपति कार्यालय ने भी इस यात्रा की पुष्टि की है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 जुलाई, 2023 को पेरिस में आयोजित हुए बैस्टिल डे परेड में विशेष रूप से सम्मानित अतिथि थे। मोदी की यात्रा के दौरान ‘होराइजन 2047’ रोडमैप, हिंद-प्रशांत रोडमैप और अन्य मुद्दों पर चर्चा की गई थी और आगामी यात्रा के दौरान भी ये संदर्भ बिंदु वार्ता के लिए कारगर होंगे।जी20 के दौरान हुई बैठक में दोनों पक्षों ने रक्षा सहयोग को मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताते हुए आधुनिक रक्षा तकनीकों के निर्माण, डिजाइन तैयार करने, उसके परीक्षण पर जोर देने का वादा किया। उन्होंने हिंद-प्रशांत और इससे इतर भी अविकसित देशों के लिए भारत में उत्पादन बढ़ाने की योजना की बात दोहराई।जून में, मोदी की फ्रांस यात्रा के दौरान परमाणु सहयोग पर भी चर्चा हुई और विशेष रूप से जैतपुर परमाणु संयंत्र परियोजना के लिए चर्चा हुई। इसमें कहा गया है कि दोनों पक्ष छोटे मॉड्यूलर रिएक्टर (एसएमआर) और उन्नत मॉड्यूलर रिएक्टर (एएमआर) प्रौद्योगिकियों को मिलकर तैयार करने के लिए साझेदारी करेंगे।एसएमआर परमाणु रिएक्टर आमतौर पर 300 मेगावॉट या उससे कम के होते हैं जिन्हें मॉड्यूलर फैक्टरी फैब्रिकेशन का इस्तेमाल कर मॉड्यूलर तकनीक के साथ डिजाइन किया जाता है। इनमें किफायती उत्पादन होता है और इसमें वक्त भी कम लगता है। भारत और फ्रांस ने एक आशय पत्र की घोषणा पर हस्ताक्षर करने की तैयारी भी कर रहे हैं।मुख्य अतिथि की खोजऐसा छठीं बार होगा जब फ्रांस के नेता राष्ट्रीय राजधानी में गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि होंगे। भारत ने अगले साल के गणतंत्र दिवस समारोह के लिए पहले सभी तीन क्वाड देशों, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया के नेताओं को आमंत्रित करने में दिलचस्पी दिखाई थी। दरअसल भारत ने इन यात्राओं की योजना, चौथे क्वाड शिखर सम्मेलन के साथ ही बनाने का इरादा किया था जिसकी मेजबानी भारत 2024 में करेगा। हालांकि, सभी तीन नेताओं की पहले से ही घरेलू स्तर की व्यस्तताएं थीं।ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंटनी अल्बनीज 26 जनवरी को सार्वजनिक समारोहों में व्यस्त रहेंगे क्योंकि उस दिन ऑस्ट्रेलिया का राष्ट्रीय दिवस भी है। वहीं, जापान आमतौर पर जनवरी के अंतिम सप्ताह में अपने संसद सत्र की शुरुआत करता है और प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा 23 जनवरी से शुरू होने वाले बजट सत्र के शुरुआती हफ्ते से ही मौजूद रहेंगे।अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन को अपनी अन्य व्यस्तताओं के कारण यह आमंत्रण टालना पड़ा। 2023 में भारत ने मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी को गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया था।
-
नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि संसद में हाल में पारित तीन आपराधिक कानूनों को लागू करने के लिए दिसंबर 2024 तक सभी केंद्र शासित प्रदेशों में बुनियादी ढांचे, सॉफ्टवेयर, मानव संसाधनों का प्रशिक्षण और अदालतों के पूर्ण कम्प्यूटरीकरण का काम पूरा हो जाएगा। उन्होंने कल चंडीगढ़ में साइबर ऑपरेशन एंड सिक्योरिटी सेंटर (CENCOPS) का उद्घाटन करते हुए कहा कि मोदी सरकार ने क्राइम एण्ड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एण्ड सिस्टम - सीसीटीएनएस और इंटर-ऑपरेबल क्रिमिनल जस्टिस सिस्टम-आईसीजेएस के जरिए यह कानून लागू करने का काम शुरू भी कर दिया है। श्री शाह ने कहा कि आतंकवाद और संगठित अपराध की परिभाषा लागू करने, अभियोजन निदेशालय के गठन और आईसीजेएस और सीसीटीएनएस में खामियाँ दूर करने के लिए एक समयबद्ध कार्यक्रम तैयार किया जाएगा।
श्री शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की संसद ने तीन ऐतिहासिक विधेयकों को कानून में बदल दिया है जो देश की आपराधिक न्याय प्रणाली में बदलाव लाएंगे। उन्होंने कहा कि पूरे देश की न्याय व्यवस्था भारत के संविधान की भावना के अनुरूप चलनी चाहिए। गृह मंत्री ने कहा कि हमारे कानूनों को नवीनतम तकनीक स्वीकार करने के लिए स्वयं को तैयार करना चाहिए।उन्होंने कहा कि जब आपराधिक न्याय प्रणाली में महत्वपूर्ण बदलाव लाने के लिए संसद में चर्चा हो रही थी तब विपक्षी दल उपराष्ट्रपति की नकल उतारने का निंदनीय कार्य कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इस देश में कई सरकारें आई और चली गई लेकिन संवैधानिक पदों के प्रति हमेशा सम्मान दिया जाता रहा है।गृह मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत अपनी आपराधिक न्याय प्रणाली को भारतीय सोच के साथ चलाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि भारत की आपराधिक न्याय प्रणाली भी 19वीं सदी से सीधे 21वीं सदी में जाने के लिए तैयार है। श्री शाह ने कहा कि इन कानूनों के लागू होने के बाद हमारी आपराधिक न्याय प्रणाली दुनिया की सबसे आधुनिक आपराधिक न्याय प्रणाली बन जाएगी। -
नई दिल्ली। केंद्रीय जनजातीय मामलों के मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा है कि जनजातीय विद्यार्थियों के विकास के लिए देशभर में 740 एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय बनाए जाएंगे। श्री मुंडा संथाली भाषा को संविधान में मान्यता मिलने की वर्षगांठ के अवसर पर पश्चिम बंगाल में झारग्राम के बेटकुंदरी मैदान में एक समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जनजातीय मामलों के मंत्रालय ने इस दिशा में काम करना पहले ही शुरू कर दिया है।
पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि इन विद्यालयों में छठी से बारहवीं कक्षा के विद्यार्थियों को निशुल्क शिक्षा प्रदान की जाएगी। देशभर में एकलव्य मॉडल विद्यालयों में दस हजार शिक्षकों की भर्ती के लिए जल्दी ही विज्ञापन दिए जाएंगे। इस समय देशभर में करीब 200 ऐसे विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं। -
नई दिल्ली। इसरो के अध्यक्ष एस सोमनाथ ने कहा है कि अमृत काल के दौरान भारत का अपना अंतरिक्ष केंद्र होगा। कल अहमदाबाद के विज्ञान नगर में आयोजित भारतीय विज्ञान सम्मेलन में युवा वैज्ञानिकों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय वैज्ञानिक अगले 25 वर्षों में चंद्रमा पर पहुँच जाएगे। 21 दिसंबर से 24 दिसंबर तक चलने वाले इस सम्मेलन का आयोजन विज्ञान भारती और गुजरात सरकार संयुक्त रूप से कर रहे हैं। उन्होंने वैज्ञानिक विद्यार्थियों से अपने ज्ञान और क्षमता का उपयोग करते हुए भारत को विकसित देश बनाने की दिशा में योगदान करने का आह्वान किया।
श्री सोमनाथ ने कहा कि शैक्षिक संस्थाओं और उद्योग के बीच समन्वय और आदान-प्रदान यह सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक है कि शोध का उपयोग समाज के कल्याण के लिए होता है। उन्होंने कहा कि विकसित और आत्मनिर्भर भारत का लक्ष्य प्राप्त करने के लिए प्रौद्योगिकी की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण है। जाने माने वैज्ञानिक, विद्यार्थी और देश के शोधकर्ता इस सम्मेलन में हिस्सा ले रहे हैं। -
मुंबई। मशहूर कवि और चित्रकार इमरोज शुक्रवार को दुनिया को अलविदा कह गए हैं। अमृता और इमरोज की प्रेम कहानी विश्वप्रसिद्ध है। पंजाब के पठानकोट से शुरू हुई यह कहानी समाप्त हो गई है। अब यह लव स्टोरी लोगों के दिलों में जिंदगी भर के लिए अमर हो गई है। बता दें इमरोज का जन्म 26 जनवरी 1926 को पंजाब में हुआ था। इमरोज को इंद्रजीत के नाम से भी जाना जाता है। वह 97 साल के थे। इमरोज पिछले कुछ समय से उम्र संबंधी बीमारियों का सामना कर रहे थे और एक महीने पहले भी उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अमृता प्रीतम की पुत्रवधू अलका क्वात्रा ने इमरोज के निधन की पुष्टि की। क्वात्रा ने बताया कि सुबह लगभग साढ़े पांच बजे इमरोज ने मुंबई में अपने घर पर अंतिम सांस ली। उनका अंतिम संस्कार दोपहर बाद परिजनों की मौजूदगी में किया गया।
अलका, अमृता प्रीतम के पूर्व पति प्रीतम सिंह से पैदा हुए बेटे नवराज की पत्नी हैं। नवराज का भी निधन हो चुका है। इमरोज के परिवार में पुत्रवधू अलका क्वात्रा के अलावा एक पोता और एक पोती हैं।कहा जाता है कि अमृता को अपनी कविता संग्रह 'नगमानी' के कवर डिजाइन के लिए एक कलाकार की तलाश थी और इसी तलाश के दौरान उनकी चित्रकार इमरोज़ से मुलाकात हुई थी।अमृता और इमरोज 40 साल तक एक-दूसरे के साथ रहे, लेकिन कभी अपने रिश्ते को शादी के बंधन में बांधने की कोशिश नहीं की। अमृता उन्हें प्यार से जीत कहकर बुलाती थीं। अमृता की जिंदगी के अंतिम दिनों में इमरोज साए की तरह उनके साथ नजर आते थे।इमरोज, अमृता से इतनी मोहब्बत करते थे कि उन्होंने उनके लिए 'अमृता के लिए नज्म जारी है' नाम की किताब भी लिखी थी, जिसे 2008 में प्रकाशित किया गया था। जब अमृता बीमार थीं, तब ये कविता इमरोज के लिए लिखी थी :मैं तैनू फ़िर मिलांगीकित्थे ? किस तरह पता नईशायद तेरे ताखियल दी चिंगारी बण केतेरे केनवास ते उतरांगी।अमृता प्रीतम ने अपनी आत्मकथा 'रसीदी टिकट' में साहिर लुधियानवी के अलावा अपने और इमरोज़ के बीच के आत्मिक रिश्तों को भी बेहतरीन ढंग से क़लमबंद किया। इस किताब में अमृता ने अपनी ज़िंदगी कई परतों को खोलने की कोशिश की है।'रसीदी टिकट' में अमृता ख़ुद से जुड़े हुए कई ब्योरे यहां खुलकर बताती हैं। इमरोज़, अमृता की जिंदगी में आए तीसरे पुरुष थे। हालांकि वह पूरे जीवन साहिर से प्यार करती रहीं। अमृता कई बार इमरोज़ से कहतीं- "अजनबी तुम मुझे जिंदगी की शाम में क्यों मिले, मिलना था तो दोपहर में मिलते।" अमृता इमरोज़ से अक्सर इस तरह के सवाल पूछती थीं, क्योंकि इमरोज़ अमृता की ज़िंदगी में बहुत देर से आये थे। मगर वो दोनों एक ही घर में एक ही छत के नीचे दो अलग-अलग कमरे में रहते थे।मैं रात को शांति में लिखती थीं, तब धीरे से इमरोज़ चाय रख जाते थे...अमृता के संग रहने के लिए इमरोज़ ने उनसे कहा था इस पर अमृता ने इमरोज़ से कहा कि "पूरी दुनिया घूमकर आओ फिर भी तुम्हें लगे कि साथ रहना है तो मैं यहीं तुम्हारा इंतज़ार करती मिलूंगी। उस समय इमरोज़ ने अपने कमरे के साथ चक्कर लगाने के बाद उन्होंने अमृता से कहा कि घूम लिया दुनिया, मुझे अभी भी तुम्हारे ही साथ रहना है।" अमृता ने इमरोज़ का ज़िक्र करते हुए कहा कि जब मैं रात को शांति में लिखती थीं, तब धीरे से इमरोज़ चाय रख जाते थे।ये सिलसिला सालों साल चला। इमरोज़ जब भी अमृता को स्कूटर पर ले जाते तो अमृता अक्सर उंगलियोंं से हमेशा उनकी पीठ पर कुछ लिखती रहती थीं। इमरोज़ भी इस बात से अच्छे से वाक़िफ़ थे कि उनकी पीठ पर वो जो शब्द लिख रहीं हैं वो साहिर हैं।मेरा इश्क़ यह किस मुकाम पर आ गया है...अमृता को जब राज्यसभा का मनोनीत सदस्य बनाया गया तो इमरोज़ उनके साथ संसद भवन जाते और घंटों बाहर बैठ कर अमृता के लौटने का इंतज़ार करते। अक्सर वहीं पर मौजूद लोग इमरोज़ को ड्राइवर मान लेते। इमरोज़ ने भी अमृता के लिए अपने करियर के साथ समझौता किया। उन्हें बहुत जगह अच्छी नौकरी के अवसर मिले मगर अमृता की ख़ातिर उन्होंने ये अवसर ठुकरा दिये।क़लम ने आज गीतों का क़ाफ़िया तोड़ दियामेरा इश्क़ यह किस मुकाम पर आ गया है
देख नज़र वाले, तेरे सामने बैठी हूंमेरे हाथ से हिज्र का कांटा निकाल दे
जिसने अंधेरे के अलावा कभी कुछ नहीं बुनावह मुहब्बत आज किरणें बुनकर दे गयी
उठो, अपने घड़े से पानी का एक कटोरा दोराह के हादसे मैं इस पानी से धो लूंगी...
(अमृता प्रीतम की एक गज़ल) -
नई दिल्ली। भारत में कोरोना वायरस से एक और व्यक्ति की मौत हो गई और 328 नए मामले मिलने से कुल संक्रमितों की संख्या 2,997 पहुंच गई है। शुक्रवार को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों से यह जानकारी मिली है।
सिर्फ केरल में 265 नए मामले मिलने से दक्षिणी राज्य में सक्रिय मरीजों की संख्या 2,606 हो गई है।मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, बिहार और छत्तीसगढ़ में पहला मरीज मिला है जबकि 16 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश में अभी कोई नया मरीज नहीं मिला है। कर्नाटक और तमिलनाडु में फरवरी के बाद पहली बार सक्रिय मरीजों की संख्या 100 के पार हो गई। इनसाकॉग द्वारा शुक्रवार तक कोरोना के नए वेरिएंट जेएन.1 के 22 मामलों का पता लगाया गया है। इनमें से 21 मरीज गोवा के हैं और एक मरीज केरल का है।नए वेरिएंट के बारे में नीति आयोग के सदस्य (स्वास्थ्य) वीके पॉल ने कहा कि भारत के वैज्ञानिक नए वेरिएंट की बारीकी से जांच कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने राज्यों को जांच बढ़ाने और अपनी निगरानी प्रणालियों को मजबूत करने की आवश्यकताओं पर जोर दिया। - अयोध्या. राम मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा के अवसर पर आमंत्रित बुजुर्ग और दिव्यांग श्रद्धालुओं को भव्य परिसर में ज्यादा पैदल चलने की जरूरत नहीं होगी, क्योंकि मंदिर निर्माण ट्रस्ट उनके लिए ई-वाहनों का संचालन कराएगा। मंदिर ट्रस्ट के ट्रस्टी अनिल मिश्रा ने बताया कि राम मंदिर निर्माण ट्रस्ट राम जन्मभूमि पर आने वाले बुजुर्ग आगंतुकों के लिए विशेष व्यवस्था करेगा। वरिष्ठ नागरिकों को भव्य परिसर में ज्यादा पैदल चलने की जरूरत नहीं होगी। उन्होंने बताया कि राम मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा के बाद बुजुर्ग और दिव्यांग श्रद्धालुओं की सुविधा के साथ-साथ बीमार लोगों के लिए भी ई-वाहनों का संचालन किया जाएगा। ट्रस्ट जल्द ही दर्जनों छोटे ई-वाहन खरीदेगा। ये ई-वाहन 12 यात्रियों की क्षमता वाले बैटरी चालित ‘गोल्फ कार्ट' होंगे। मिश्रा ने बताया कि इस सुविधा का लाभ लेने के लिए वरिष्ठ नागरिक राम मंदिर प्रवेश द्वार के स्वागत कार्यालय पर संपर्क कर सकते हैं। उन्हें ई-वाहनों में बैठाकर गर्भगृह के निकटतम बिंदु तक ले जाया जाएगा और उसी गाड़ी में वापस लाया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह व्यवस्था उन श्रद्धालुओं के लिए होगी जो मुख्य द्वार से गर्भगृह तक 25-30 मीटर तो चल सकते हैं, लेकिन 600 मीटर की दूरी तय नहीं कर सकते। मिश्रा ने बताया कि ट्रस्ट श्रद्धालुओं को चिकित्सा सुविधा भी उपलब्ध कराएगा।
-
अयोध्या . अयोध्या में बन रहे भव्य राम मंदिर में भगवान श्री राम की ससुराल यानी बिहार के मिथिला से पाग, पान और मखाना पहुंचाया जाएगा। इन उपहारों की व्यवस्था पटना का प्रसिद्ध महावीर मंदिर करेगा। महावीर मंदिर के सचिव पूर्व आईपीएस किशोर कुणाल ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी देने के साथ ही बताया कि 15 जनवरी से एक महीने तक अयोध्या में महावीर मंदिर द्वारा भक्तों के लिए एक भव्य लंगर भी चलाया जाएगा। शास्त्रों के अनुसार, राम की पत्नी माता सीता मिथिला की थीं।
कुणाल ने बताया, ''उद्घाटन समारोह के लिए देशभर से अयोध्या पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए राम रसोई 15 जनवरी से 15 फरवरी तक सुबह नौ बजे से रात नौ बजे तक चलेगी।'' उन्होंने दावा किया कि उच्चतम न्यायालय में राम जन्मभूमि—बाबरी मस्जिद विवाद की सुनवाई के दौरान राम मंदिर के पक्ष में अहम साक्ष्य उपलब्ध कराने में महावीर मंदिर ने अहम भूमिका निभाई। कुणाल ने बताया कि राम मंदिर निर्माण के लिए महावीर मंदिर ने 10 करोड़ रुपये का योगदान देने का ऐलान किया था। उसमें से आठ करोड़ रुपये दिये जा चुके हैं। बाकी दो करोड़ रुपये की राशि उद्घाटन से पहले 15 जनवरी को दी जायेगी। कुणाल के मुताबिक, राम मंदिर निर्माण के लिए अकेले किसी संगठन या व्यक्ति द्वारा दी गई यह सबसे बड़ी रकम है। अयोध्या में बन रहे भव्य मंदिर में रामलला की प्राण—प्रतिष्ठा आगामी 22 जनवरी को की जाएगी। इसके लिये जोरदार तैयारियां की जा रही हैं। -
नई दिल्ली। केन्द्रीय जनजातीय कार्य मंत्री अर्जुन मुंडा ने कल नई दिल्ली में दो दिनों के जनजातीय प्रबोधन कार्यक्रम- आदि व्याख्यान का शुभारम्भ किया। राष्ट्रीय जनजातीय शोध संस्थान इस कार्यक्रम का आयोजन कर रहा है। इसका उद्देश्य जनजातीय परम्पराओं और संस्कृति की जटिलताओं के प्रति गहरी समझ बनाना है।
इस अवसर पर श्री मुंडा ने जनजातीय पहचान, उनकी मान्यता और संरक्षण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जनजातीय भाषा और साहित्य जनजातीय पहचान को संरक्षित रखने के लिए महत्वपूर्ण हैं। श्री मुंडा ने सरकार द्वारा विशेष रूप से संवेदनशील जनजातीय समूहों के लिए प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान का उल्लेख किया। - वलसाड. गुजरात के वलसाड में एक शख्स ने अपनी पत्नी और 11 वर्षीय बेटी की नदी में फेंककर कथित तौर पर हत्या कर दी और इसके बाद खुद नदी में कूदकर अपनी जान देने की कोशिश की लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे बचा लिया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। उमरगाम थाने के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी विजय पांडे (45) हमरान गांव के पास वरोली नदी पर बने एक पुल के नीचे एक खंभे पर दिखा जिसके बाद बुधवार दोपहर को उसे बचा लिया गया। अधिकारी के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि उसने मिर्गी से पीड़ित अपनी पत्नी और मानसिक रूप से बीमार बेटी को नदी में धक्का दे दिया जिससे उनकी मौत हो गई। अधिकारी ने कहा कि उसकी पत्नी गायत्रीदेवी (40) और बेटी गौरी के शव स्थानीय तैराकों ने नदी से बरामद कर लिए हैं। उमरगाम शहर के निवासी आरोपी ने शुरू में पुलिस को बताया था कि वह, उसकी पत्नी और बेटी बुधवार दोपहर एक शिव मंदिर में पूजा करने गए थे और बाद में एक पुल से नदी देखने गए, जहां उसने उन्हें धक्का देकर नदी में गिरा दिया जिससे उनकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि इसके बाद उसने आत्महत्या करने की कोशिश की लेकिन वह एक खंभे को पकड़ कर बच गया, जहां से उसे बचा लिया गया। एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने आरोपी पांडे को गिरफ्तार कर लिया है।अधिकारी ने बताया कि हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और उसे हिरासत में लिया गया है।
- श्योपुर. मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले के कूनो राष्ट्रीय उद्यान (केएनपी) में बृहस्पतिवार को एक और अफ्रीकी चीते को बाड़े से बाहर निकालकर जंगल में छोड़ दिया गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। इसके साथ ही जंगल में छोड़े गए चीतों की संख्या चार हो गई है और पर्यटकों को उनके यहां लाए जाने के एक वर्ष से अधिक समय बाद उनकी झलक देखने का मौका मिलेगा। उन्होंने कहा कि पिछले साल सितंबर में नामीबिया से लाए गए नर चीता पवन को केएनपी के नयागांव क्षेत्र में छोड़ा गया है, जो पीपलबावड़ी पर्यटन क्षेत्र के अंतर्गत आता है। अधिकारी ने कहा कि अब केएनपी आने वाले पर्यटक पवन और पहले जंगल में छोड़े गए तीन अन्य चीतों की झलक पा सकते हैं। इससे पहले, पशु चिकित्सकों की एक टीम ने केएनपी में सभी 15 जीवित चीतों (सात नर, सात मादा और एक शावक) को स्वास्थ्य मापदंडों की निगरानी के लिए इस साल अगस्त से बोमा (बाड़ों) में रखा था। विभिन्न कारणों से अब तक छह वयस्क चीतों और तीन शावकों की मौत हो चुकी है।
- नयी दिल्ली. दल्ली सरकार के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने कहा कि कुछ महीनों में अपनी व्हाट्सऐप-आधारित बस टिकट प्रणाली शुरू करेगी और इस परियोजना का परीक्षण अगले महीने शुरू हो जाएगा। गहलोत ने कहा कि इसके अलावा जल्द ही एकल-यात्रा टिकट प्रणाली भी आएगी जिससे लोग ऑटो, मेट्रो टिकट और बस टिकट बुक कर पाएंगे। गहलोत ने कहा, ‘‘ इस पहल के लिए हमने पहले ही व्हाट्सऐप के साथ गठजोड़ कर लिया है। इसमें सिर्फ डिजिटल मुद्रा शामिल होगी। या तो आप एनसीएमसी कार्ड खरीदें या डिजिटल टिकट। इससे डिजिटल मुद्रा को भी बढ़ावा मिलेगा।” सरकार ने हाल ही में एक बयान में कहा था कि दिल्ली में अनुमानित तौर पर 40 लाख लोग बसों से सफर करते हैं और 2025 तक यह संख्या 60 लाख तक जाने की उम्मीद है। मंत्री ने कहा कि डिजिटल टिकट प्रणाली नकदी के लेन-देन में आमतौर पर देखे जाने वाली हेरफेर को रोकने में मदद करेगी। अधिकारियों ने पहले कहा था कि व्हाट्सऐप आधारित बस टिकट प्रणाली दिल्ली मेट्रो के लिए उपयोग की जाने वाली प्रणाली जैसी ही होगी। गहलोत ने कहा कि व्हाट्सऐप बस टिकट प्रणाली दो महीने में शुरू हो जानी चाहिए।उन्होंने कहा, "हमारी योजना 15 जनवरी के आसपास इसे प्रायोगिक आधार शुरू करने की है और उसके बाद इसे पूरी तरह से शुरू करने में हमें एक या दो महीने लगेंगे।" दिल्ली में सात हजार से अधिक सरकारी बसें हैं जिनमें चार हजार डीटीसी और तीन हजार क्लस्टर बसें शामिल हैं। उन्होंने कहा कि सरकार एकल यात्रा की टिकट बुकिंग के लिए एक अलग ऐप जारी करने की भी योजना बना रही है।मंत्री ने कहा, “एक ही टिकट का उपयोग ऑटो, मेट्रो और बस में यात्रा के लिए किया जाएगा।”उन्होंने कहा, “केंद्र सरकार ‘ओपन नेटवर्क ऑफ डिजिटल कॉमर्स' (ओएनडीसी) पर जोर दे रही है। जो एग्रीगेटर ओएनडीसी मंच पर होंगे, निश्चित रूप से वे हमारी ऐप का हिस्सा होंगे।” दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) के पास पहले से ही व्हाट्सऐप आधारित टिकट प्रणाली है। यह सेवा इस साल मई में शुरू की गई थी और बाद में इसका विस्तार गुरुग्राम रैपिड मेट्रो सहित रैपिड ट्रांजिट सिस्टम के सभी कॉरिडोर तक कर दिया गया था।
- जींद(हरियाणा). जिले के उचाना थाना क्षेत्र के सुरबरा गांव में घरेलू विवाद की वजह से पत्नी द्वारा गांव के ही एक अन्य युवक के साथ मिलकर पति की कथित तौर पर डंडों से पीट-पीटकर हत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।पुलिस ने बताया कि मृतक के भतीजे अमित ने तहरीर दी है कि उसका चाचा राजा खेतीबाड़ी का काम करता था और उसकी शादी हिसार जिले के किन्नर गांव निवासी आरोपी कुसुम के साथ हुई थी। अमित ने तहरीर में बताया कि 20 दिसंबर की रात करीब दस बजे चाचा-चाची के लड़ने की आवाज सुनाई दी, तब वह दीवार फांदकर उनके मकान में दाखिल हुआ और देखा कि चाचा के सिर में चोट लगी है और उनका खून बह रहा है। अमित के मुताबिक उसने दोनों को समझा बुझाकर शांत कराया और वापस आने लगा तब परिवार का ही आरोपी वीरेंद्र उनके घर में दाखिल हुआ। उसने बताया कि चाचा के घर से लौटने के बाद वह सो गया और जब सुबह उठा तो जानकारी मिली कि राजा की मौत हो गई है। अमित ने बताया कि जब वह मौके पर पहुंचे तो शव के चारों ओर खून था।पुलिस ने शिकायत के हवाले से बताया कि आरोपी वीरेंद्र और आरोपी कुसुम ने रात को फिर से राजा की पिटाई की थी और अधिक खून बहने से उसकी मौत हो गई। उचाना थाना के जांच अधिकारी उप उप निरीक्षक बलवान सिंह ने बताया कि आरोपी कुसुम व आरोपी वीरेंद्र के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
-
नयी दिल्ली. संसद ने बृहस्पतिवार को तीन नए विधेयकों को मंजूरी दे दी, जिनमें औपनिवेशिक काल के आपराधिक कानूनों में आमूल-चूल बदलाव करने के साथ ही आतंकवाद, ‘लिंचिंग' और राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरे में डालने वाले अपराधों के लिए सजा को और अधिक कठोर बनाने के प्रावधान किए गए हैं। औपिनवेशिक काल से चले आ रहे तीन आपराधिक कानूनों के स्थान पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) विधेयक, 2023, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) विधेयक, 2023 और भारतीय साक्ष्य (बीएस) विधेयक, 2023 को उच्च सदन ने ध्वनमित से अपनी स्वीकृति दी। चर्चा में विपक्ष ने हिस्सा नहीं लिया क्योंकि विपक्ष के कई सदस्य निलंबित हैं, वहीं अन्य विपक्षी सदस्यों ने कार्यवाही में भाग नहीं लिया। लोकसभा इसे पहले ही पारित कर चुकी है।
ये तीनों विधेयक भारतीय दंड संहिता (आईपीसी), 1860, दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी),1898 और भारतीय साक्ष्य अधिनियम, 1872 के स्थान पर लाये गए हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि तीन आपराधिक कानूनों के स्थानों पर लाए गए विधेयकों के संसद से पारित होने के बाद भारत के आपराधिक न्याय प्रक्रिया में एक नयी शुरुआत होगी जो पूर्णतया भारतीय होगी। विधेयकों पर चर्चा का जवाब देते हुए उन्होंने कहा, ‘‘इन नए कानूनों को ध्यान से पढ़ने पर पता चलेगा कि इनमें न्याय के भारतीय दर्शन को स्थान दिया गया है। हमारे संविधान निर्माताओं ने भी राजनीतिक न्याय, आर्थिक न्याय और सामाजिक न्याय को बरकरार रखने की गारंटी दी है। संविधान की यह गारंटी 140 करोड़ के देश को यह तीनों विधेयक देते हैं।'' उन्होंने कहा, ‘‘इन कानूनों की आत्मा भारतीय है। पहली बार भारत द्वारा, भारत के लिए और भारतीय संसद से बनाए गए कानून से हमारी आपराधिक न्याय प्रक्रिया चलेगी। इसमें भारतीय मिट्टी की सुगंध है। इसका मुझे बहुत गौरव है।'' शाह ने कहा कि इन कानूनों की आत्मा भी भारतीय है, सोच भी भारतीय है और यह पूरी तरह से भारतीय है।उन्होंने कहा कि भारतीय दंड संहिता (आईपीसी), दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) और भारतीय साक्ष्य अधिनियम... इन तीनों कानूनों को 1857 के स्वतंत्रता संग्राम के बाद अंग्रेजों के शासन की रक्षा के लिए बनाया गया था। उन्होंने कहा, ‘‘इनका उद्देश्य सिर्फ और सिर्फ अंग्रेजों के शासन की सुरक्षा करना था। इसमें कहीं भारत के नागरिक की सुरक्षा, उसके सम्मान और मानव अधिकार की सुरक्षा नहीं थी। हमारी आपराधिक न्याय प्रणाली में सबसे बड़ी खामी देरी है... न्याय में देरी से न्याय वंचित होता है इसलिए इसे ध्यान में रखते हुए, हमने पुलिस, वकीलों और अदालत के लिए एक समय सीमा निर्धारित करने की कोशिश की है।'' केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि इन कानूनों के लागू होने के बाद देश में ‘तारीख पर तारीख' का दौर चला जाएगा और तीन साल में किसी भी पीड़ित को न्याय मिल जाए, ऐसी प्रणाली देश में स्थापित होगी। उन्होंने कहा, ‘‘यह विश्व की सबसे आधुनिक और वैज्ञानिक न्याय प्रणाली होगी।''नए कानून की जरूरत पर विपक्षी दलों की ओर से सवाल उठाए जाने का जवाब देते हुए शाह ने कहा कि इसका अर्थ है कि उन्हें स्वराज का मतलब ही नहीं मालूम है। उन्होंने कहा, ‘‘स्व शब्द सिर्फ शासन से जुड़ा हुआ नहीं है। स्वराज मतलब है, जो धर्म को आगे बढ़ाए, जो स्व भाषा को आगे बढ़ाए, जो स्व संस्कृति को आगे बढ़ाए और जो स्व शासन को आगे बढ़ाए... वह स्वराज है।'' उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने स्वराज की लड़ाई लड़ी थी न कि स्व शासन की।विपक्षी दलों, खासकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए शाह ने कहा कि वह लंबे समय तक सत्ता में रहे लेकिन इस स्व को कभी जगाने का काम नहीं किया लेकिन 2014 से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जनता की आत्मा को यानी उनके स्व को जगाने का प्रयास किया है, जो भारत के उत्थान का कारण बना है।'' शाह ने कहा कि वर्तमान सरकार ने इन विधेयकों के जरिए राजद्रोह के अंग्रेजी विचार को ही समाप्त कर दिया है और अब शासन के खिलाफ कोई भी बोल सकता है क्योंकि सभी को वाणी की स्वतंत्रता का अधिकार है। उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन लोकतंत्र में देश के खिलाफ आप नहीं बोल सकते। देश के खिलाफ बोलेंगे, कुछ करेंगे, देश के हितों को नुकसान करेंगे तो कठोर से कठोर दंड का प्रावधान इन कानूनों में किया गया है।'' उन्होंने कहा, ‘‘व्यक्ति और देश के बीच अंतर होता है। लोकतंत्र के मूल विचार में देश महान होता है व्यक्ति महान नहीं होता है। इसको इस कानून के माध्यम से प्रतिस्थापित किया गया है।'' शाह ने कहा कि वह बचपन से कांग्रेस की विचारधारा के विरोधी रहे हैं लेकिन उनकी यह भावना आगे और मजबूत होती गई जब उन्होंने देखा कि कांग्रेस जब-जब सत्ता में आती थी राजद्रोह कानून का बड़े मजे से उपयोग करती थी और जब सत्ता से बाहर जाती थी तो कहती थी कि राजद्रोह औपनिवेशिक कानून है और इसे समाप्त कर देना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस कभी राजद्रोह को समाप्त नहीं करना चाहती थी। ये तो मोदी सरकार है, जो इस देश से राजद्रोह को हमेशा के लिए समाप्त कर रही है।'' - गंगटोक. सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने बृहस्पतिवार को कहा कि उनकी सरकार 2024 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले राज्य के प्रत्येक घर के एक सदस्य को रोजगार प्रदान करेगी। सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा (एसकेएम) के अध्यक्ष तमांग ने महिलाओं और राज्य सरकार के कर्मियों को लुभाने के लिए कई अन्य रियायतों की भी घोषणा की। उन्होंने नामची जिले के रोलू में एक सभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘हम 2024 में विधानसभा चुनाव से पहले प्रत्येक घर के एक सदस्य को रोजगार प्रदान करेंगे।'' मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) बहाल की जाएगी, जिससे राज्य सरकार के लगभग 50,000 सेवारत एवं सेवानिवृत्त कर्मचारियों और अधिकारियों के लाभान्वित होने की उम्मीद है। नई पेंशन योजना के विपरीत किसी सरकारी कर्मचारी को ओपीएस के तहत अपने वेतन के किसी भी हिस्से का योगदान देने की आवश्यकता नहीं है। कई राज्यों के कर्मचारी पुरानी व्यवस्था बहाल करने की मांग कर रहे हैं। तमांग ने महिला मतदाताओं को लुभाने के उद्देश्य से कहा कि ‘‘सभी घरों की माताओं'' को अगले साल से हर तिमाही में एक मुफ्त एलपीजी सिलेंडर प्रदान किया जाएगा। उन्होंने ‘अम्मा योजना' के तहत महिलाओं को दी जाने वाली वित्तीय सहायता को 100 प्रतिशत बढ़ाकर 40,000 रुपये प्रति वर्ष करने की भी घोषणा की। यह योजना गैर-कामकाजी माताओं के लिए है। मुख्यमंत्री ने जोरेथांग-मेली राजमार्ग पर स्थित पिकनिक स्थल रोलू में एक सभा को संबोधित करते हुए ये घोषणाएं कीं। यह वही स्थान है जहां सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट के तत्कालीन बागी विधायक तमांग ने पूर्व मुख्यमंत्री पवन कुमार चामलिंग द्वारा सरकार में उन्हें जगह नहीं दिए जाने के बाद 2009 में आज ही के दिन अपने समर्थकों के साथ एक पिकनिक पार्टी के दौरान पूर्वोत्तर राज्य में ‘परिवर्तन' लाने का आह्वान किया था। सत्तारूढ़ सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा (एसकेएम) इस दिन को ‘रोलू दिवस' के रूप में मनाता है और पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों के लिए हर साल पिकनिक पार्टी का आयोजन करता है। इस बीच, पूर्व अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर निर्मल छेत्री तमांग की मौजूदगी में एसकेएम में शामिल हुए।छेत्री (33) ने कहा कि वह तमांग के नेतृत्व में सिक्किम में हो रहे बदलाव से प्रभावित हैं।










.jpg)
.jpg)



.jpg)
.jpg)
.jpeg)
.jpeg)


.jpeg)
.jpeg)

.jpeg)
.jpeg)


