- Home
- देश
-
देहरादून। साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए उत्तराखंड पर्यटन द्वारा देश में पहली बार ‘जायरोकॉप्टर' के जरिए ‘हिमालय एयरसफारी' शुरू की जाएगी । उत्तराखंड पर्यटन विभाग के अनुसार, नई पहल के लिए शनिवार को हरिद्वार में ‘जायरोकॉप्टर' की पहली परीक्षण उड़ान सफलतापूर्वक आयोजित की गयी जिसमें हरिद्वार के जिलाधिकारी धीरज गरबियाल ने भी हिस्सा लिया । यह उड़ान बैरागी कैंप से भरी गयी । विभाग का कहना है कि जायरोकॉप्टर के संचालन के लिए नागर विमानन महानिदेशालय से आवश्यक मंजूरी प्राप्त कर ली गयी है । उसके मुताबिक जर्मनी से लाए गए नवीनतम तकनीक तथा सुरक्षा युक्त ‘जायरोकॉप्टर' उत्तराखंड के अनछुए गंतव्यों को जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा । इससे पर्यटकों को हिमालय के लुभावने दृश्यों के साथ रोमांच का भी एक अद्धितीय अनुभव प्राप्त होगा । उत्तराखंड पर्यटन विकास बोर्ड ने ‘रजस एयरोस्पोर्टस एंड एडवेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड' के सहयोग से ‘जायरोकॉप्टर' द्वारा अभूतपूर्व अनुभव प्रदान करने की योजना बनायी है। परीक्षण उड़ान का हिस्सा रहे उत्तराखंड पर्यटन विकास बोर्ड के अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी कर्नल अश्विनी पुंडीर ने कहा कि जल्द ही ‘जायरोकॉप्टर' के माध्यम से राज्य के विभिन्न पर्यटन स्थलों की हिमालय एयर सफारी योजना शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि 'ब्रेकफास्ट टूरिज्म' के तहत आरंभ की जाने वाली योजना के तहत पर्यटक हिमालय पर्वतमाला और शांत नदियों के दृश्यों का आनंद लेते हुए एक स्थान से दूसरे स्थान पर आसानी से जा सकेंगे । कर्नल पुंडीर ने कहा कि उत्तराखंड पर्यटन प्रदेश की सुंदरता का अनुभव कराने के लिए सुरक्षित और नवीन माध्यम प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है । उन्होंने बताया कि जर्मनी से खरीदे गए अत्याधुनिक ‘जायरोकॉप्टर' का शुरुआत में संचालन विशेष रूप से प्रशिक्षित जर्मन पॉयलट करेंगे। नागरिक उड्डयन विभाग और जिलाधिकारियों के सहयोग से विभिन्न दर्शनीय स्थानों पर ‘जायरोकॉप्टर' के लिए विशेष हवाई पटिटयां विकसित करने की योजनाएं चल रही हैं ।
-
नयी दिल्ली। भारतीय स्वास्थ्य देखभाल पेशेवरों के एक निकाय ने वैश्विक नैदानिक सर्वोत्तम प्रथाओं के अनुरूप देखभाल के मानक के रूप में हीमोफीलिया रोगियों में रक्तस्राव को रोकने के लिए उपचार की सिफारिश करने वाले दिशानिर्देश प्रस्तावित किए हैं। हीमोफीलिया एंड हेल्थ कलेक्टिव ऑफ नॉर्थ (एचएचसीएन) ने 16 राज्यों के राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के प्रतिनिधियों के सहयोग से हीमोफीलिया से पीड़ित व्यक्तियों (पीडब्ल्यूएच) के इलाज के लिए अपनी तरह के पहले भारतीय दिशानिर्देशों का प्रस्ताव दिया है। एचएचसीएन दो दशकों से अधिक समय से हीमोफिलिया देखभाल के क्षेत्र में काम कर रहा है। एचएचसीएन ने पीडब्ल्यूएच के लिए व्यापक देखभाल की आवश्यकता पर भी प्रकाश डाला है और प्रत्येक राज्य और केंद्रीय प्रतिपूर्ति निकायों की बजटीय आवश्यकताओं को समझने के लिए भुगतानकर्ताओं और नीति निर्माताओं के लिए बजटीय गणना की सिफारिश की है। भारत में वर्तमान उपचार के तौर-तरीके मुख्य रूप से रक्तस्राव की घटनाओं का उपचार करने के लिए ऑन-डिमांड थेरेपी ‘एफ 8 बदलने' पर ध्यान केंद्रित करते हैं। नए दिशानिर्देश स्पष्ट रूप से पीडब्ल्यूएच के लिए समय पर निदान, फिजियोथेरेपी और बहु-विषयक देखभाल के महत्व सहित व्यापक देखभाल की आवश्यकता को स्पष्ट करते हैं।
-
नोएडा (उप्र):। रबूपुरा थाना क्षेत्र के यमुना एक्सप्रेस-वे पर रविवार को दो कारों की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। रबूपुरा के थाना प्रभारी निरीक्षक राघवेंद्र सिंह ने बताया कि बुलंदशहर जिले के निवासी गौरव अग्रवाल रविवार को अपनी बेटी और बेटे के साथ कार से यमुना एक्सप्रेसवे से होते हुए कहीं जा रहे थे कि रास्ते में आगे चल रही एक कार के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया जिससे दोनों कार आपस में टकरा गईं।
उन्होंने बताया कि इस घटना में गौरव अग्रवाल तथा उनके दोनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां चिकित्सकों ने गौरव अग्रवाल को मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि गौरव अग्रवाल के भाई वैभव अग्रवाल की शिकायत पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है। -
नई दिल्ली। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने संयुक्त राष्ट्र संगठन में सुधार की आवश्यकता पर बल दिया है। आज बेंगलुरु में रोटरी संस्थान के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद एक पुराने क्लब की तरह है जहां स्थापित सदस्य नए सदस्यों को स्वीकार नहीं करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि संगठन में सुधार न होने के कारण संयुक्त राष्ट्र की प्रभावशीलता कम हो रही है। उन्होंने यह भी कहा कि मौजूदा चुनौतियों से निपटने के लिए बड़ी संख्या में देश संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में सुधार का आग्रह कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भारत लगातार वैश्विक मंच पर सुधारों का मुद्दा उठाता रहा है। भारत-चीन संबंधों के बारे श्री जयशंकर ने कहा कि दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंध कठिन हो गए हैं और इसका कारण चीन द्वारा सीमा संबंधी समझौतों का पालन न किया जाना है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि भारत चीन के साथ बेहतर संबंध चाहता है। वर्ष 2047 तक भारत के विकसित देश बनने की आकांक्षा पर डॉ. जयशंकर ने कहा कि देश सुधारों की राह पर है और सभी आकांक्षाओं को पूरा किया जा सकता है। -
नई दिल्ली। तमिलनाडु के कई हिस्सों में तेज बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने यहां अगले सात दिनों के लिए तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। क्षेत्रीय मौसम विभाग ने तमिलनाडु के विरूधुनगर, मदुरै और थेनी जिलों में तेज बारिश जारी रहने का अनुमान व्यक्त किया है। थुटुकुडी, डिन्डीगुल, कन्याकुमारी, कोयम्बटूर, तिरूपुर और शिवगंगा जिलों में अगले 24 घंटों में मध्यम बारिश होगी। रामनाथपुरम, तिरूचिरापल्ली और सात अन्य जिलों में हल्की से मघ्यम बारिश होने का पूर्वानुमान व्यक्त किया गया है। लगातार बारिश के कारण राज्य सरकार ने तिरूनेलवेली, थिटुकुडी, कन्याकुमारी और तेनकासी के सभी कार्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों में अवकाश की घोषणा कर दी है। अगली घोषणा तक विश्वविद्यालय की परीक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं। लगातार बारिश के कारण जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। पापनासम सर्वलार बांध भर चुका है। तमिराभरणी नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। जल निकाय तेजी से भरने के कारण अत्यधिक पानी को छोड दिया गया है जिससे अचानक बाढ की स्थिति पैदा हो गई है। राज्य सरकार ने निचले स्थानों पर रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थान पर जाने की सलाह दी है। जिला प्रशासनों को स्थिति से निपटने के लिए तत्काल नैदानिक उपाय करने को कहा गया है। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ टीमों को राहत और बचाव कार्य के लिए तैनात कर दिया गया है।
-
नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा है कि चालू वित्त वर्ष के नौ महीनों के दौरान देश में स्पेस स्टार्टअप ने निजी क्षेत्र का 10 अरब रुपए से अधिक का निवेश आकर्षित किया है।
श्री सिंह ने कहा कि भारत की अंतरिक्ष अर्थव्यवस्था आज आठ अरब डॉलर की है लेकिन 2040 तक यह कई गुना बढ जाएगी। श्री सिंह ने कहा कि आर्थर डी. लिटिल रिपोर्ट के अनुसार 2040 तक भारतीय अंतरिक्ष अर्थव्यवस्था 100 अरब डॉलर की होने का अनुमान है।श्री सिंह ने कहा कि इसरो ने 430 से अधिक विदेशी उपग्रह प्रक्षेपित किए हैं। इस दौरान इसरो ने यूरोपीय उपग्रहों के प्रक्षेपण से 29 करोड़ यूरो और अमरीकी उपग्रहों के प्रक्षेपण से 17 करोड़ डॉलर की कमाई की। श्री सिंह ने कहा कि अंतरिक्ष के क्षेत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुधारों और सरकारी-निजी-भागीदारी शुरू होने से भारत में स्पेस स्टार्टअप की संख्या तेजी से बढ़ी है। उन्होंने कहा कि केवल 4 वर्ष के अंदर ही अंतरिक्ष क्षेत्र के स्टार्टअप की संख्या दो अंकों से बढ़कर 1,180 तक पहुंच गई है। -
जयपुर. राजस्थान के अजमेर जिले में शनिवार देर रात सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को बताया कि एक कार डिवाइडर से टकरा गई जिसके बाद उसमें आग लग गई, इसमें तीन लोग जिंदा जल गये। उन्होंने बताया कि लोहागल मार्ग पर हुई इस दुर्घटना में दो अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए।
मृतकों की पहचान सोहेल खान, जय सांखला और शक्ति सिंह के रूप में हुई वहीं कृष्ण मुरारी और उमेश कुमार घायल हुए हैं। पुलिस के अनुसार ये सभी दोस्त थे और पुष्कर से लौट रहे थे तभी उनकी तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकरा गई और उसमें आग लग गई। आसपास मौजूद लोगों ने कार की खिड़की के शीशे तोड़कर दो लोगों को तो बाहर निकाल लिया लेकिन अन्य को बचाया नहीं जा सका। -
राउरकेला. ओडिशा के राउरकेला शहर में डायरिया फैलने से पांच लोगों की मौत हो गई और 120 से अधिक लोग अस्पताल में भर्ती हैं। एक स्वास्थ्य अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। सुंदरगढ़ के मुख्य जिला चिकित्सा एवं जन स्वास्थ्य अधिकारी (सीडीएम एवं पीएचओ) धरणी रंजन सत्पति ने बताया कि पिछले तीन दिनों में राउरकेला शहर में फैले डायरिया से रविवार सुबह तक पांच लोगों की मौत हो चुकी है और 120 से अधिक लोगों को राउरकेला राजकीय अस्पताल (आरजीएच) में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि डायरिया से 15 दिसंबर को दो लोगों की मौत हुई थी जबकि 16 दिसंबर को भी दो लोगों की जान चली गई थी। वहीं रविवार को एक व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। अस्पताल की प्रभारी निदेशक सुधारानी प्रधान ने बताया कि राउरकेला राजकीय अस्पताल में हर दिन 25-30 से अधिक डायरिया के मरीज आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि मरीज बहुत खराब हालत में आए और सदमे में थे। उनपर इलाज का प्रभावी असर नहीं हुआ।
प्रधान ने कहा, हमें डायरिया फैलने का कोई सामान्य स्रोत नहीं मिला है। हमारे चिकित्सा विशेषज्ञ का मानना है कि यह वायरस से हो सकता है। यह बीमारी ज्यादातर झुग्गी-झोपड़ी वाले इलाकों और छेंड, तारकेरा, पानपोष, नाला रोड, प्लांट साइट, लेबर टेनेमेंट तथा बिरजापल्ली सहित राउरकेला के आसपास के इलाकों में फैली है। राउरकेला में ओडिशा जल निगम के महाप्रबंधक प्रताप मोहंती ने कहा, ‘‘हम सतर्क पर हैं और किसी भी शिकायत पर कार्रवाई करने के लिए दल बनाए गए हैं। हम जल आपूर्ति पाइपलाइन में किसी भी रिसाव का पता लगाने के लिए प्रत्येक स्थान पर जा रहे हैं। -
सूरत (गुजरात) .प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को यहां विशाल ‘सूरत डायमंड बोर्स' परिसर का उद्घाटन करने के बाद कहा कि उनके तीसरे कार्यकाल में भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़े अर्थव्यवस्था बन जाएगा। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय हीरा और आभूषण कारोबार के लिए दुनिया का सबसे बड़ा और आधुनिक केंद्र ‘सूरत डायमंड बोर्स' नए भारत की ताकत और संकल्प का प्रतीक है। इस मौके पर एक सभा का संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि सूरत का हीरा उद्योग आठ लाख लोगों को रोजगार दे रहा है और नए बोर्स से 1.5 लाख और नौकरियां पैदा होंगी। दुनिया के सबसे बड़े कार्यालय परिसर वाली सूरत डायमंड बोर्स (एसडीबी) इमारत 67 लाख वर्ग फुट से अधिक के क्षेत्र में फैली है और सूरत शहर के समीप खजोद गांव में स्थित है। मोदी ने कहा, ‘‘सूरत की भव्यता में एक और हीरा जुड़ गया है- कोई छोटा-मोटा हीरा नहीं बल्कि दुनिया का सबसे बेहतरीन हीरा । इस हीरे की चमक के आगे दुनिया की बड़ी-बड़ी इमारतें तक फीकी पड़ जाती हैं। जब भी कोई दुनिया में इस डायमंड बोर्स की बात करेगा तो सूरत और भारत का जिक्र आएगा।'' प्रधानमंत्री ने कहा कि सूरत डायमंड बोर्स भारतीय डिजाइन, डिजाइनर, सामग्री और अवधारणा की क्षमता दिखाता है। उन्होंने कहा, ‘‘यह इमारत नए भारत की नयी ताकत और संकल्प का प्रतीक है।'' उन्होंने कहा, ‘‘आप सभी जानते हैं कि भारत पिछले 10 साल में 10वें स्थान से दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति बन गया है। अब, मोदी गारंटी देता है कि अपने तीसरे कार्यकाल में भारत दुनिया की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में से एक होगा।'' उन्होंने कहा, ‘‘सरकार ने अगले 25 वर्षों के लिए भी लक्ष्य तय किए हैं। हम 5-10 हजार अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने के साथ ही निर्यात को रिकॉर्ड उच्च स्तर पर रखने का लक्ष्य तय करने पर काम कर रहे हैं।'' मोदी ने कहा कि सूरत और उसके हीरा उद्योग ने कई गुना वृद्धि की है। उन्होंने कहा कि शहर को देश के निर्यात में अपना योगदान बढ़ाने का भी लक्ष्य तय करना चाहिए जो ‘‘हीरा और कीमती पत्थरों और आभूषण क्षेत्र के लिए एक चुनौती और अवसर'' दोनों है। उन्होंने कहा कि आज दुनिया का झुकाव भारत की ओर है और देश की साख ऊंची है तथा सभी जगह उसकी चर्चा की जा रही है। उन्होंने कहा, ‘‘मेड इन इंडिया एक मजबूत ब्रांड बन गया है। आपके कारोबार और आभूषण क्षेत्र को इससे लाभ मिलेगा। इसलिए मैं आपसे संकल्प लेने और इसे पूरा करने का अनुरोध करता हूं।'' प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि एक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, मेट्रो रेल सेवा, हजीरा बंदरगाह, एलएनजी टर्मिनल और मल्टी कार्गो बंदरगाह के जरिए कारोबारों की क्षमता बढ़ाने के लिए सूरत के आधुनिक बुनियादी ढांचे को और बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सूरत बुलेट ट्रेन के नेटवर्क पर है और वेस्टर्न डेडिकेटिड फ्रेट कॉरिडोर पर कार्य प्रगति पर है जिससे क्षेत्र का उत्तरी और पूर्वी भारत से संपर्क और मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि ‘‘मोदी की गारंटी'' की इन दिनों काफी चर्चा की जा रही है और हाल में हुए विधानसभा चुनावों के कारण तो और भी चर्चा है। मोदी ने कहा, ‘‘लेकिन सूरत के लोग लंबे समय से मोदी की गारंटी के बारे में जानते हैं। सूरत के मेहनती लोगों ने मोदी की गारंटी को हकीकत बनते हुए देखा है और यह सूरत डायमंड बोर्स इसका एक उदाहरण है।'' एक आधिकारिक बयान के अनुसार, यह कच्चे और पॉलिश किए गए हीरों के साथ-साथ आभूषणों के व्यापार का एक वैश्विक केंद्र होगा। बयान में कहा गया है कि इसमें आयात और निर्यात के लिए एक अत्याधुनिक ‘सीमा शुल्क मंजूरी गृह', खुदरा आभूषण व्यवसाय के लिए आभूषण मॉल और अंतरराष्ट्रीय बैंकिंग की सुविधा होगी। एसडीबी के मीडिया संयोजक दिनेश नवादिया ने हाल में एक बयान में कहा था कि मुंबई के हीरा व्यापारी समेत कई हीरा व्यापारियों ने पहले ही अपने कार्यालयों का कब्जा ले लिया था जो नीलामी के बाद प्रबंधन ने आवंटित किए थे। एसडीबी ‘डायमंड रिसर्च एंड मर्केंटाइल (ड्रीम) सिटी' का हिस्सा है।
गुजरात की पूर्व मुख्यमंत्री आनंदीबेन पटेल ने फरवरी 2015 में एसडीबी और ड्रीम सिटी परियोजना की नींव रखी थी। एक विज्ञप्ति के अनुसार, एसडीबी अब दुनिया का सबसे बड़ा कार्यालय भवन है जिसमें करीब 4,500 हीरा व्यापार कार्यालय हैं। यह विशाल इमारत ड्रीम सिटी के भीतर 35.54 एकड़ जमीन पर बनी है जिसमें 300 वर्ग फुट से लेकर एक लाख वर्ग फुट तक के कार्यालयों के साथ 15 मंजिल वाले नौ टावर हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि सूरत हवाई अड्डे के नए टर्मिनल भवन का आज उद्घाटन किया गया है और सूरत हवाई अड्डे को भी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का दर्जा मिल गया है जिससे शहर के लोगों की वर्षों पुरानी मांग पूरी हो गयी है। मोदी ने कहा कि सूरत हवाई अड्डे के साथ ही गुजरात में अब तीन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे हो गए हैं। उन्होंने कहा कि हीरा व्यापार के अलावा कपड़ा, पर्यटन, शिक्षा और कई अन्य क्षेत्रों को इससे लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि वह सूरत शहर से निकटता से जुड़े रहे हैं जिसने उन्हें यह सिखाया है कि सामूहिक प्रयास से सबसे बड़ी चुनौतियों का भी कैसे सामना किया जाए। उन्होंने कहा कि सूरत ने पूर्व में प्लेग और बाढ़ समेत कई उतार-चढ़ाव देखे हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि सूरत दुनिया के शीर्ष 10 सबसे तेजी से उभरते हुए शहरों में से एक है। उन्होंने कहा, ‘‘लाखों युवाओं के लिए आज सूरत सपनों का शहर है। यह शहर सूचना प्रौद्योगिकी में आगे बढ़ रहा है और डायमंड बोर्स के रूप में एक विशाल इमारत मिलना एक ऐतिहासिक घटना है। - मंगलूरु,। कर्नाटक लोकायुक्त कार्यालय में उपलोकायुक्त के एक पद समेत कुल 717 पद रिक्त हैं जिसके कारण 16,019 मामले लंबित हो गए हैं। कर्नाटक के लोकायुक्त न्यायमूर्ति बी एस पाटिल ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने साथ ही कहा कि इस समय मौजूद संसाधनों की मदद से लंबित मामलों का तेजी से निपटारा किए जाने का प्रयास किया जा रहा है। न्यायमूर्ति पाटिल ने शनिवार को यहां स्थानीय प्रशासन के अधिकारियों से समीक्षा बैठक करने और लोकायुक्त को मिली शिकायतों की स्थिति जानने के बाद पत्रकारों को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उन्होंने उपलोकायुक्त के एक रिक्त पद एवं अन्य सभी 716 रिक्त पदों पर शीघ्र भर्ती के लिए राज्य सरकार को पत्र लिखा है लेकिन इस बारे में अभी कोई कार्रवाई नहीं की गयी है। उन्होंने बताया कि 716 पदों में 47 पद ‘क' वर्ग के अधिकारियों के और 43 पद ‘ख' वर्ग के अधिकारियों के हैं जबकि 532 पद तृतीय श्रेणी के कर्मियों के एवं 94 पद चतुर्थ श्रेणी के कर्मियों के पद रिक्त हैं। न्यायमूर्ति पाटिल ने बताया कि 5,805 मामले तो राज्य के एक उपलोकायुक्त के समक्ष लंबित हैं जिनका पद ही रिक्त है। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि अत्यंत सीमित संसाधन होने के बावजूद लंबित मामलों को जल्द से जल्द निपटाने के प्रयास किये जा रहे हैं ताकि आम लोगों को भ्रष्टाचार से निजात मिल सके।
- इटावा (उप्र)। उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के इकदिल थाना इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग-दो पर एक तेज रफ़्तार ट्रक एक ढाबे में जा घुसा जिससे ढाबा मालिक समेत चार युवकों की मौत हो गयी और दो लोग घायल हो गए। पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।हादसे की सूचना मिलने पर जिलाधिकारी अवनीश कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार तथा अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार वर्मा ने बताया कि इटावा-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर इकदिल थाना क्षेत्र में शनिवार रात करीब 10:30 बजे कानपुर से तेज गति से आ रहा ट्रक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे बने ढाबे में घुस गया। उन्होंने बताया कि इससे सूरज (32), तालिब(30), संजय कुमार (35) तथा ढाबा मालिक कुलदीप कुमार (35) की मौके पर ही मौत हो गयी। उन्होंने बताया कि घटना में घायल फिरोजाबाद के नगला खंगर निवासी सौरभ कुमार और इकदिल निवासी राहुल कुमार को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
- श्रावस्ती (उप्र)। रतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राज्यसभा सदस्य सुधांशु त्रिवेदी ने यहां कहा कि देश ‘‘जल, थल, नभ और पाताल में भी अपने लोगों की रक्षा करने में सक्षम'' हैं। उन्होंने कहा, ‘‘हमारा देश सीमा पार आतंकवादियों को मार कर देश को सुरक्षित करता है तो देश के अंदर सुरंग में फंसे अपने 41 नागरिकों को भी सुरक्षित बचा कर लाता है।" त्रिवेदी ने सिलक्यारा सुरंग से सकुशल वापस लौटे श्रावस्ती जिला निवासी छह श्रमिकों तथा उनके बचाव में लगाये गये राज्य समन्वयक को उनके साहस के लिए शनिवार को यहां सम्मानित किया। केन्द्र सरकार द्वारा चलाई जा रही ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा' के तहत आयोजित चौपाल के मुख्य अतिथि के तौर पर त्रिवेदी शनिवार को जिले में नेपाल सीमा से सटे सिरसिया क्षेत्र के बभनी गांव पहुंचे थे।त्रिवेदी ने इस अवसर पर कहा, ‘‘अब हम जल, थल, नभ और पाताल में भी अपने लोगों की रक्षा में सक्षम हैं। हमारा देश सीमा पार आतंकवादियों को मार कर देश को सुरक्षित करता है और देश के अंदर सुरंग में फंसे अपने 41 नागरिकों को भी सुरक्षित बचा कर लाता है।" गौरतलब है कि उत्तराखंड के उत्तरकाशी में बन रही सिलक्यारा सुरंग में काम कर रहे 41 मजदूर बीते माह सुरंग धंसने से मलबे के पीछे फंस गये थे। इन 41 में से छह श्रमिक सत्यदेव, अंकित, राम मिलन, संतोष, जय प्रकाश व रामसुंदर श्रावस्ती के मोतीपुर कलां गांव के हैं। केन्द्र एवं राज्य सरकार ने सफल राहत व बचाव अभियान चलाकर सभी 41 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाला था। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा उत्तरकाशी भेजे गये राज्य समन्वयक अरुण मिश्र ने राज्य के सभी मजदूरों और उनके परिवारों के बीच समन्वय स्थापित किया और उन्हें हिम्मत बनाए रखने के लिए प्रोत्साहित किया। त्रिवेदी ने कार्यक्रम में स्थानीय जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्रा, विधायक राम फेरन पांडेय, अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की मौजूदगी में विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को योजनाओं के प्रमाण पत्र एवं चेक आदि वितरित किए। पत्रकारों ने भाजपा नेता से सवाल किया कि विपक्ष संसद की सुरक्षा में हाल में हुई चूक को ‘‘बेरोजगारी से जोड़ रहा है'', ऐसे में उनकी क्या प्रतिक्रिया है। त्रिवेदी ने इसके जवाब में कहा, ‘‘देश में विकास की गंगा बह रही है।'' उन्होंने किसी नेता का नाम लिए बगैर कहा, ‘‘सवाल पूछने वाले नेता बताएं कि बेरोजगारी कहां है?'' उन्होंने कहा कि संसद की घटना पर बेरोजगारी की आड़ में राजनीति चमकाने की कोशिश की जा रही है और यह एक संवेदनशील मुद्दा है जिस पर राजनीति नहीं होनी चाहिए।
- नागपुर। महाराष्ट्र के नागपुर जिले में विस्फोटक बनाने वाली एक फैक्टरी में रविवार को विस्फोट होने से नौ लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने ‘ बताया कि विस्फोट सुबह नौ बजे बाजारगांव इलाके में ‘सोलर इंडस्ट्रीज' की ‘कास्ट बूस्टर' इकाई में हुआ। उन्होंने बताया कि इसमें नौ लोगों की मौत हो गई है।कोंढाली पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना यहां से 40 किलोमीटर दूर स्थित फैक्टरी में हुई, जिससे इमारत को गंभीर नुकसान पहुंचा। उन्होंने बताया कि विस्फोट के समय फैक्टरी में 12 कर्मचारी मौजूद थे। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर एक पोस्ट साझा कर इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया और नौ लोगों की मौत होने पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार मृतकों के परिवारों को पांच-पांच लाख रुपये की अनुग्रह राशि देगी और मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने इस फैसले को मंजूरी दे दी है। फडणवीस ने कहा कि ‘सोलर इंडस्ट्रीज' में हुए विस्फोट में छह महिलाओं समेत नौ लोगों की मौत हो गई।उन्होंने कहा कि यह कंपनी सशस्त्र बलों के लिए ड्रोन और विस्फोटक बनाती है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस दुखद मौके पर पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है।सूत्रों ने बताया कि इस फैक्टरी में कोयला खनन में इस्तेमाल होने वाले विस्फोटक बनाए गए थे।एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतकों की पहचान युवराज चारोडे, ओमेश्वर माचिरके, मीता उइके, आरती सहारे, स्वेताली मारबते, पुष्पा मनापुरे, भाग्यश्री लोनारे, रुमिता उइके और मौसम पटले के रूप में की गई है। अधिकारी ने बताया कि घायल श्रमिकों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस अधीक्षक हर्ष पोद्दार ने कहा कि प्राधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि इस विस्फोट से कितना नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि विस्फोट के कारणों की गहन जांच की जा रही है और आसपास के क्षेत्रों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है।
- वाराणसी (उप्र)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार को अपने संसदीय निर्वाचन क्षेत्र वाराणसी के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे। वह अपने इस दौरे के दौरान काशी तथा आसपास के क्षेत्रों के विकास के लिए 19,000 करोड़ रुपये से अधिक की 37 परियोजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन करेंगे। काशी पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री के काफिले पर लोगों ने फूलों की पंखुड़ियों से वर्षा की। इसी दौरान उनका कारवां रोककर एक एम्बुलेंस को रास्ता दिया गया। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक प्रधानमंत्री करीब सवा तीन बजे विशेष विमान ने बाबतपुर हवाई अड्डे पर पहुंचे। इस दौरान उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनकी अगवानी की। इसके बाद प्रधानमंत्री का काफिला हवाई अड्डे से कटिंग मेमोरियल मैदान के लिये रवाना हुआ। इस दौरान मोदी के स्वागत में सड़क के दोनों किनारे खड़े लोगों ने उनके नारे लगाये। प्रधानमंत्री की इस यात्रा के दौरान एक ऐसा भी अवसर आया जब उनका काफिला रोककर एक एंबुलेंस को रास्ता दिया गया। एक अधिकारी ने बताया कि नदेसर स्थित कटिंग मेमोरियल पहुंचने पर उनके काफिले के सामने एक एम्बुलेंस आ गई। इस दौरान प्रधानमंत्री ने अपना काफिला रुकवाकर एम्बुलेंस को रास्ता दिया। प्रधानमंत्री ने कटिंग मेमोरियल मैदान में आयुष्मान योजना के लाभार्थियों से मुलाकात की। इसके अलावा उन्होंने विकसित भारत संकल्प यात्रा प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने स्कूली बच्चों से भी भेंट की। आधिकारिक बयान के मुताबिक वाराणसी दौरे के पहले दिन प्रधानमंत्री मोदी शाम को नमो घाट से ‘काशी तमिल संगमम' के दूसरे संस्करण का शुभारंभ करेंगे। 17 से 31 दिसंबर तक आयोजित होने वाले ‘काशी तमिल संगमम' के दूसरे संस्करण के दौरान तमिलनाडु एवं पुडुचेरी के 1,400 लोग वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या की यात्रा करेंगे। मोदी यहां ‘काशी तमिल संगमम एक्सप्रेस' को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। बयान में कहा गया है कि ‘काशी तमिल संगमम' के दूसरे संस्करण में साहित्य, प्राचीन ग्रंथ, दर्शन, अध्यात्म, संगीत, नृत्य, नाटक, योग और आयुर्वेद पर व्याख्यान भी होंगे। इसके अतिरिक्त, "नवाचार, व्यापार, ज्ञान विनिमय, शिक्षा तकनीक और अगली पीढ़ी की प्रौद्योगिकी" पर संगोष्ठी कराने की योजना बनाई गई है।
-
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने संसद की सुरक्षा में सेंध पर चिंता जताते हुए इसे गंभीर मामला बताया है। प्रधानमंत्री ने एक हिंदी समाचार पत्र को दिए इंटरव्यू में राजनीतिक दलों से इसका राजनीतिकरण न करने का आग्रह किया क्योंकि यह राष्ट्रीय सुरक्षा का मामला है। श्री मोदी ने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष ने जांच के आदेश दिये हैं और साजिश का पर्दाफाश हो जायेगा। संसद सुरक्षा में सेंध को दुर्भाग्यपूर्ण और दुखद बताते हुए उन्होंने कहा कि जांच एजेंसियां मामले की गहराई से जांच कर रही हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि संसद में सेंध मामले की गहन जांच की जानी चाहिए ताकि ऐसी घटना दोबारा न हो सके। श्री मोदी ने कहा कि अपराधियों और घटना में शामिल तत्वों के इरादे जानना महत्वपूर्ण है।
प्रधानमंत्री ने विपक्षी दलों से संसद में रचनात्मक भूमिका निभाने का अनुरोध किया क्योंकि इस मुद्दे को लेकर संसद के चालू सत्र की कार्यवाही पिछले दो दिनों से स्थगित हुई है। इससे पहले बृहस्पतिवार को हुई बैठक में वरिष्ठ मंत्रियों को संसद की सुरक्षा में सेंध के मामले को गंभीरता से लेने का निर्देश दिया था। उन्होंने मुद्दे का राजनीतिकरण करने के प्रति आगाह किया था और भविष्य में सुरक्षा सेंध जैसी घटनाओं बचने के लिए सामूहिक एहतियाती उपाय करने का अनुरोध किया था। संसद सुरक्षा में सेंध की घटना बुधवार को उस समय हुई थी जब दो व्यक्ति दर्शक दीर्घा से लोकसभा कक्ष में घुस गए थे और कनस्तरों से पीले रंग के धुंए छोड़े थे। -
मुंबई. बड़ी संख्या में कर्मचारियों का मानना है कि कार्यालय में काम करने के दौरान झपकी लेने से थकान मिटाने में मदद मिलती है और इससे कर्मचारियों की कार्य-क्षमता तथा सेहत भी ठीक रहती है। कर्मचारी समाधान और मानव संसाधन सेवाएं मुहैया कराने वाली कंपनी जीनियस कंसल्टेंट की एक रिपोर्ट में यह बात कही गई। जापान में 'इनेमुरी' की प्रथा लंबे समय से चली आ रही है, जिसमें कार्य अवधि के दौरान झपकी लेना शामिल है। रिपोर्ट में कहा गया कि ऐसा करना एक स्वस्थ कार्य संस्कृति के लिए जरूरी है। सर्वेक्षण में शामिल लगभग 94 प्रतिशत कर्मचारियों का मानना है कि कार्य अवधि के दौरान झपकी लेना जरूरी है, जबकि केवल तीन प्रतिशत इस बात से असहमत थे। रिपोर्ट में कहा गया कि कर्मचारी तनाव को दूर करने के लिए काम के घंटों के दौरान आराम चाहते हैं।
यह रिपोर्ट बैंकिंग और वित्त, निर्माण और इंजीनियरिंग, शिक्षा, एफएमसीजी, आतिथ्य, मानव संसाधन समाधान, आईटी, आईटीईएस और बीपीओ, लॉजिस्टिक, विनिर्माण, मीडिया सहित विभिन्न क्षेत्रों के 1,207 कर्मचारियों के बीच किए गए एक ऑनलाइन सर्वेक्षण पर आधारित है। यह सर्वेक्षण 25 सितंबर से 27 अक्टूबर के बीच किया गया। -
आगरा. उत्तर प्रदेश रोडवेज के वातानुकूलित (एसी) बसों के किराए में शनिवार से 10 प्रतिशत कमी की गई है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि सर्दी के मौसम में सवारियों की एसी बसों में कम आवाजाही को देखते हुए प्रयोग के तौर पर किराया कम करने का फैसला लिया गया है। आगरा में रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक बी.पी. अग्रवाल ने बताया कि रोडवेज मुख्यालय ने किराए में कमी करने का आदेश जारी किया है जिसके बाद आगरा से संचालित बसों में भी नयी दरें शुक्रवार आधी रात के बाद से लागू हो गई हैं।
-
नोएडा(उप्र), गौतमबुद्ध नगर जिले में सूरजपुर थाना क्षेत्र के संतोष नगर कॉलोनी में एक युवक की उसके पड़ोसी ने ही कथित तौर पर अवैध संबंध के शक में हत्या कर दी। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। सूरजपुर थाना के प्रभारी निरीक्षक पुष्पराज सिंह ने बताया कि पवन संतोष नगर कॉलोनी में सपरिवार रहता था और उसके पड़ोस में रहने वाले आरोपी दिनेश की किराने की दुकान है जिसमें वह और उसकी पत्नी बैठते हैं। उन्होंने बताया कि पवन दुकान पर सामान लेने आता था और आरोपी दिनेश को शक था कि उसका उसकी पत्नी के साथ कथित ‘अवैध संबंध' है। सिंह ने बताया कि शुक्रवार देर रात पवन छत पर टहल था, तभी आरोपी दिनेश धारदार हथियार के साथ वहां पहुंचा और गाली-गलौच करने लगा। उन्होंने बताया कि जब पवन ने विरोध किया तो आरोपी ने हमला कर उसे घायल कर दिया। सिंह ने बताया कि पवन को तत्काल अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। सिंह के मुताबिक आरोपी घटना के बाद से फरार है और उसे गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है।
-
जयपुर. राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले के गोगामेड़ी थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात बोलेरो और पिकअप की आमने-सामने की भिड़ंत में बोलेरो सवार तीन लोगों की मौत हो गई जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। गोगामेड़ी के थानाधिकारी राधेश्याम ने बताया- मृतकों की पहचान राजवीर(38), राजकुमार(25) और रामस्वरूप(38) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि शवों का शनिवार सुबह पोस्टमॉर्टम करवाकर उन्हें परिजनों को सौंप दिया गया। राधेश्याम ने बताया कि हादसे में घायल मांगेराम(45) को उपचार के लिये अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पिकअप चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
-
नयी दि्ल्ली. कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) ने महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और उत्तराखंड में नौ अस्पताल बनाने का फैसला किया है। इसके अलावा गुजरात में 17 नए दवाखाने भी खोले जाएंगे। केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री भूपेन्द्र यादव की अध्यक्षता में शुक्रवार को ईएसआईसी मुख्यालय में आयोजित कर्मचारी राज्य बीमा निगम की 192वीं बैठक में यह निर्णय लिया गया। बैठक में श्रम एवं रोजगार राज्य मंत्री रामेश्वर तेली भी उपाध्यक्ष के रूप में शामिल हुए।
श्रम मंत्रालय ने शुक्रवार देर शाम जारी एक बयान में कहा कि स्वास्थ्य देखभाल के बुनियादी ढांचे में सुधार के लिए ईएसआई योजना के तहत महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और उत्तराखंड में नौ नए अस्पताल और गुजरात में 17 नए दवाखाने स्थापित किए जाएंगे। बयान के अनुसार, मुद्रास्फीति के प्रभाव को बेअसर करने के लिए स्थायी विकलांगता लाभ (पीडीबी) और आश्रित लाभ (डीबी) की मूल दर को बढ़ाने के प्रस्ताव को भी ईएसआईसी ने मंजूरी दी। पीडीबी का भुगतान मासिक रूप में वेतन का 90 प्रतिशत तक किया जाता है। ऐसे मामलों में जहां काम के दौरान व्यावसायिक खतरों के कारण मृत्यु होती है, बीमित व्यक्ति के आश्रितों को मासिक भुगतान के रूप में वेतन के 90 प्रतिशत की दर से डीबी का भुगतान किया जाता है। ईएसआईसी ने महाराष्ट्र के बिबवेवाड़ी और ओडिशा के राउरकेला स्थित अपने अस्पतालों में बेड क्षमता बढ़ाने का भी निर्णय लिया। -
नयी दिल्ली. सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे ने शनिवार को कहा कि भारत की सशस्त्र सेनाओं को "अप्रत्याशित की अपेक्षा करें" की कहावत के अनुरूप खुद को ढालने की जरूरत है। उन्होंने भू-राजनीतिक परिदृश्यों और सुरक्षा चुनौतियों के बारे में सेना के जागरूक रहने की जरूरत पर भी जोर दिया। नागपुर में भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) को संबोधित करते हुए सेना प्रमुख ने कहा कि विरासत में मिली अस्थिर सीमाओं की चुनौतियां हमें उलझाना जारी रखेंगी। सेना प्रमुख जनरल पांडे की यह टिप्पणी पूर्वी लद्दाख में चीन के साथ सीमा पर जारी गतिरोध के बीच आई है।
विभिन्न क्षेत्रीय और वैश्विक सुरक्षा चुनौतियों पर प्रकाश डालते हुए जनरल पांडे ने कहा कि हिंद प्रशांत क्षेत्र में पारंपरिक और गैर-पारंपरिक तरीके से अधिकार को लेकर प्रतिस्पर्धा बढ़ रही है। उन्होंने कहा, ''अप्रत्याशित की अपेक्षा करना एक ऐसी चीज है जो हमारे लिए जरूरी है।''
सेना प्रमुख पांडे ने कहा, ब्लैक स्वान जैसी घटनाएं वैश्विक सुरक्षा के परिदृश्य में उथल-पुथल ला सकती हैं। रूस-यूक्रेन और इजराइल-हमास के बीच जारी संघर्ष के परिणाम अन्य देशों के बीच संबंधों को फिर से परिभाषित करेंगे, जो आने वाले दशकों में विश्व राजनीति को एक नया रंग देंगे। -
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ शनिवार को डिजिटल माध्यम से बातचीत के दौरान सरकार की ‘माइक्रो फाइनेंस' पहल की लाभार्थी मुंबई निवासी एक महिला ने कहा कि उनकी सफल उद्यमशीलता ने उन्हें बेटो को पढ़ाई के लिए फ्रांस भेजने में समर्थ बनाया। महिला उद्यमी मेघना ने कहा कि ‘मुद्रा' और ‘स्वनिधि' जैसी केंद्रीय योजनाओं ने उनके खानपान से जुड़े व्यवसाय का विस्तार करने में मदद की है, जिससे 25 महिलाओं को काम मिला हुआ है। राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और मिजोरम में शनिवार को ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा' को हरी झंडी दिखाने के बाद प्रधानमंत्री ने केंद्रीय योजनाओं के जिन लाभार्थियों से बातचीत की उनमें मेघना भी शामिल थीं। प्रधानमंत्री के साथ बातचीत के दौरान मेघना ने कहा कि उन्होंने अपनी खानपान इकाई के लिए बर्तन खरीदने के लिए मुद्रा योजना के माध्यम से 90,000 रुपये का ऋण लिया था। मेघना कहा कि उन्होंने 100 महिलाओं के लिए पीएम कौशल विकास योजना के तहत सिलाई का प्रशिक्षण भी लिया, जो अब अमेरिका और कनाडा में हस्तनिर्मित रजाई निर्यात कर रही हैं। शिमला के रोहड़ू के एक प्राथमिक विद्यालय में पेय जल पहुंचाने वाली कुशला देवी ने कहा कि उन्हें ‘पीएम आवास योजना' के तहत घर के लिए 1.85 लाख रुपये की सहायता मिली, जिससे उन्हें पक्का घर बनाने में मदद मिली। केरल के कोझिकोड में केले की खेती करने वाले किसान धर्म राजन ने प्रधानमंत्री को बताया कि उन्होंने किसान क्रेडिट कार्ड ऋण, पीएम किसान सम्माननिधि, पीएम जीवन ज्योति बीमा योजना और पीएम सुरक्षा बीमा योजना का लाभ उठाया है। मोदी ने कहा कि सरकारी योजनाओं और ऋण से राजन को परिवार के लिए अधिक पैसा बचाने में मदद मिल रही थी, अन्यथा उनके पैसे साहूकारों को अधिक ब्याज चुकाने में खर्च हो जाते। गुवाहाटी स्थित स्वयं सहायता समूह चलाने वाली गृहिणी कल्याणी राजबोंगशी ने कहा कि उन्हें अपनी खाद्य प्रसंस्करण इकाई का विस्तार करने के लिए ‘प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम औपचारिकीकरण योजना' से सहायता मिली।
- लखनऊ। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने रविवार को यहां दो दिवसीय अटल स्वास्थ्य मेला की शुरुआत करने के बाद दावा किया कि आने वाले चार-पांच वर्ष में भारत अर्थव्यवस्था के मामले में जर्मनी और जापान को भी पीछे छोड़कर दुनिया की तीसरी बड़ी महाशक्ति बनेगा उपराष्ट्रपति ने लखनऊ के राजाजीपुरम के पी एन टी ग्राउंड में रविवार को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में आयोजित ‘अटल स्वास्थ्य मेला’ का उद्घाटन किया। यह मेला सोमवार तक आयोजित किया जाएगा।धनखड़ ने कहा, ‘‘1990 में मैं केंद्र सरकार में मंत्री था। हमारी सरकार भारतीय जनता पार्टी का समर्थन ले रही थी। मुझे मंत्री की हैसियत से यूरोपीय संसद में जाने का सौभाग्य मिला। मुझे यूरोप में 15 दिन तक माननीय अटल जी का सानिध्य मिला। अटल जी बहुत याद आ रहे हैं। उनकी याद बहुत आती है और आज तो निश्चित रूप से आ रही है।’’उन्होंने कहा, ‘‘अटल जी सिद्धांतों पर अटल रहे और मार्मिक मुद्दों पर वह अत्यंत मुलायम थे। आज अटल जी होते तो वह देख पाते कि जिस भारत को उन्होंने ढुलमुल होते देखा था जब भारत की अर्थव्यवस्था चरमरा गयी थी, आज वह भारत दुनिया के शिखर पर है।’’उपराष्ट्रपति ने देश के विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा, ‘‘हमारी अर्थव्यवस्था ने कनाडा को पीछे छोड़ा है, ब्रिटेन को पीछे छोड़ा है, फ्रांस को पीछे छोड़ा है और आज अर्थव्यवस्था के मामले में (भारत) दुनिया की पांचवीं महाशक्ति है।’’उन्होंने दावा किया, ‘‘आपको जानकर प्रसन्नता होगी कि दुनिया हमारा लोहा मानती है, आने वाले चार-पांच साल में जापान और जर्मनी भी हमारे पीछे होंगे और हमारा भारत दुनिया की तीसरी बड़ी महाशक्ति बनने जा रहा है। इस सबके लिए आवश्यक है कि हम स्वस्थ रहें।’’धनखड़ ने कहा कि आप में कितनी भी प्रतिभा हो, कितनी योग्यता हो, कितना भी कौशल हो, आप स्वस्थ नहीं हैं तो आप कुछ नहीं कर पाएंगे।इस मौके पर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने अपने संबोधन में लोगों को स्वस्थ रहने की नसीहत देते हुए स्वच्छता पर जोर दिया।इससे पहले, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा और सांसद सुधांशु त्रिवेदी तथा आयोजक नीरज सिंह ने धनखड़ का स्वागत किया।रक्षा मंत्री व लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह के पुत्र नीरज सिंहने अपने स्वागत भाषण में धनखड़ के व्यक्तित्व व कृतित्व पर प्रकाश डाला। उपराष्ट्रपति ने 2019 से लगातार अटल स्वास्थ्य मेला आयोजित कर रहे नीरज सिंह के कार्यों की सराहना की।
-
नई दिल्ली। सरकार ने कुवैत के अमीर शेख नवाफ अल-अहमद अल-जबर अल-सबाह के सम्मान में आज देशभर में एक दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है। कुवैत के अमीर का कल निधन हो गया था। विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा है कि सरकार और भारत की जनता अमीर के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त करती है।
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी सरकार और भारत की जनता की तरफ से श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए प्रधानमंत्री के विशेष दूत के रूप में कुवैत जायेंगे। वे राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री की ओर से कुवैत के नए अमीर शेख मेशल अल-अहमद अल-जबर अल-सबाह को व्यक्तिगत संवेदना पत्र देंगे। -
नई दिल्ली। केरल में कोविड संक्रमण बढ़ने की खबरें हैं। राज्य में इस समय एक 1324 लोगों में कोविड संक्रमण की पुष्टि हुई है, जो कि देश में सबसे अधिक है। तिरुवनंतपुरम में एक व्यक्ति में कोविड-19 के नए सब-वेरिएंट-जेएन-1 का संक्रमण पाया गया है। राज्य की स्वास्थ्य मंत्री वीणा जार्ज ने कहा है कि घबराने की स्थिति नहीं है और मामलों पर लगातार नजर रखी जा रही है। इस बीच केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि वह राज्य के स्वास्थ्य विभाग से लगातार संपर्क में है और सभी उपायों की निगरानी की जा रही है।

.jpg)
.jpg)








.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)








.jpg)




