- Home
- देश
-
जयपुर. दौसा पुलिस ने दो निजी बसों से 86.50 लाख रुपये कीमत की 173 किलोग्राम चांदी जब्त की है। पुलिस ने बताया कि एक बस में यात्रा कर रहे दो व्यक्तियों के पास से 61.02 किलोग्राम चांदी बरामद की गई, जबकि दूसरी बस की डिक्की से 112.52 किलोग्राम चांदी बरामद की गई। दौसा पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा ने बताया कि आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर जांच के दौरान रविवार को चांदी बरामद की गई।
- तिरुवनंतपुरम। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के प्रमुख एस. सोमनाथ ने रविवार को कहा कि अंतरिक्ष एजेंसी बहुप्रतीक्षित मानव अंतरिक्ष उड़ान कार्यक्रम ‘गगनयान' मिशन के लिए लड़ाकू विमान उड़ाने वाली महिला पायलटों या महिला वैज्ञानिकों को प्राथमिकता देता है और भविष्य में उन्हें भेजना संभव होगा। उन्होंने कहा कि इसरो अगले साल अपने मानव रहित गगनयान अंतरिक्ष यान में एक महिला ह्यूमनॉइड (एक रोबोट जो मानव जैसा दिखता है) भेजेगा। उन्होंने कहा कि इसरो का लक्ष्य तीन दिवसीय गगनयान मिशन के लिए मानव को 400 किलोमीटर की पृथ्वी की निचली कक्षा में अंतरिक्ष में भेजना और पृथ्वी पर सुरक्षित वापस लाना है। सोमनाथ ने फोन पर एक सवाल के जवाब में कहा, ‘‘इसमें कोई संदेह नहीं है...लेकिन हमें भविष्य में ऐसी संभावित (महिला) उम्मीदवारों का पता लगाना होगा।'' भारत ने शनिवार को अपने महत्वाकांक्षी मानव अंतरिक्ष मिशन गगनयान में पहली मानव रहित परीक्षण उड़ान सफलतापूर्वक पूरी कर ली। इससे पहले, परीक्षण को प्रतिकूल परिस्थिति के चलते प्रक्षेपण से महज चार सेकंड पहले रोक दिया गया, लेकिन इसके दो घंटे से कम समय बाद इसे सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया। सोमनाथ ने कहा कि मानवयुक्त मिशन 2025 तक आने की उम्मीद है और यह एक छोटी अवधि का मिशन होगा।उन्होंने कहा, ‘‘अभी, प्रारंभिक उम्मीदवार वायुसेना के लड़ाकू विमानों के पायलटों में से होंगे...वे थोड़ी अलग श्रेणी के हैं। हमारे पास अभी महिला पायलट नहीं है। इसलिए जब वे आ जायेंगी तो एक तरीका यह भी होगा।'' उन्होंने कहा,‘‘ दूसरा विकल्प है जब अधिक वैज्ञानिक गतिविधियां होंगी। फिर वैज्ञानिक अंतरिक्ष यात्री बनकर आयेंगे। तो उस वक्त मेरा मानना है कि महिलाओं के लिए ज्यादा संभावनाएं हैं।'' एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि इसरो का लक्ष्य 2035 तक पूरी तरह से परिचालन वाला अंतरिक्ष स्टेशन स्थापित करना है। इसरो के अनुसार, मानव अंतरिक्ष उड़ान मिशन गगनयान से पहले टीवी-डी1 परीक्षण यान को कल सुबह 10 बजे सफलतापूर्वक प्रक्षेपित किया गया। क्रू मॉड्यूल रॉकेट से अलग हो गया और योजना के अनुसार बंगाल की खाड़ी में गिर गया।
- पाटन। गुजरात के पाटन जिले में एक राजमार्ग पर रविवार को एक कार और वैन के बीच आमने-सामने की टक्कर में तीन साल की एक बच्ची सहित तीन लोगों की मौत हो गई और आठ लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। सामी थाने के एक अधिकारी ने बताया कि राधनपुर से आ रही एक तेज रफ्तार वैन की सामी शहर के समीप राज्य राजमार्ग पर शाम करीब चार बजे दूसरी दिशा से आ रही कार से आमने-सामने की टक्कर हो गई। उन्होंने बताया कि तीन साल की बच्ची, 24 वर्षीय महिला और उसके 26 वर्षीय मंगेतर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वैन में सवार आठ लोग घायल हो गए। अधिकारी ने बताया कि घायलों को इलाज के लिए आनन-फानन में पाटन के एक सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्होंने बताया कि मृत पुरुष और महिला कार में यात्रा कर रहे थे, जबकि बच्ची वैन में सवार थी।
- नयी दिल्ली। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मंगलवार को अरुणाचल प्रदेश के तवांग में एलएसी के नजदीक सेना के जवानों के साथ दशहरा मनाएंगे। रक्षा सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूत्रों ने कहा कि रक्षा मंत्री तवांग में ‘‘शस्त्र पूजा'' भी करेंगे । सूत्रों ने कहा कि रक्षा मंत्री अरुणाचल प्रदेश में एलएसी पर जमीनी स्थिति की व्यापक समीक्षा भी करेंगे। वह क्षेत्र में कुछ अग्रिम स्थानों का दौरा भी कर सकते हैं।
-
खरगोन. मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में एक मिनी ट्रक के 100 फीट गहरी खाई में गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी की। एक अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना शनिवार रात मंडलेश्वर पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत जामघाट के पास हुई। मंडलेश्वर पुलिस थाना प्रभारी इंद्रेश त्रिपाठी ने कहा कि लोहे के सरिये और अन्य सामान ले जा रहे मिनी ट्रक के चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद वाहन गहरी खाई में गिर गया। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों की सूचना के बाद पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची, लेकिन जब तक मदद वहां पहुंची, ट्रक में सवार तीन लोगों की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने बताया कि मृतकों की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है।
-
नयी दिल्ली. सरकार अगले तीन से चार साल में केवल घरेलू स्तर पर निर्मित सेल, वेफर्स और पॉलीसिलिकॉन से बने सौर पैनल को मॉडल और निर्माताओं की अनुमोदित सूची (एएलएमएम) के तहत पंजीकृत करने की योजना बना रही है। नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री आर. के. सिंह ने भी अपने मंत्रालय के संबंधित अधिकारियों से इस संबंध में एक नीति तैयार करने को कहा है। सरकार ने सौर पैनल के घरेलू विनिर्माण को बढ़ावा देने के लिए एएलएमएम की शुरुआत की थी। मंत्री ने कहा कि कम दक्षता वाले मॉड्यूल को एएलएमएम से हटा दिया जाता है।
सिंह ने कहा, हम अपनी नीतियां विकसित करेंगे। हम केवल उन मॉड्यूल की सुरक्षा करेंगे, जो भारत में बने सेल हैं। एक या दो साल में हम ऐसी नीति लाएंगे। फिर, एक से दो साल के बाद हम एक नीति लाएंगे कि वेफर्स और पॉलीसिलिकॉन भी भारत में बनने चाहिए।'' उन्होंने कहा, ‘‘ हम केवल उन्हीं कंपनियों को एएलएमएम के तहत पंजीकृत करते हैं जिनके सेल, वेफर्स और पॉलीसिलिकॉन भारत निर्मित हैं।'' मंत्री ने कहा कि इस कदम से 'मेक-इन-इंडिया' के लक्ष्य को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। सरकार अगले कुछ वर्षों में सौर पैनलों कलपुर्जों के आयात को बढ़ावा नहीं देगी। उन्होंने कहा, ‘‘ आप बाहर से सेल आयात करते हैं और यहां उसे ‘असेंबल' करते हैं। फिर यह कहकर बेचते हैं कि यह भारत में बना है, जबकि यह 90 प्रतिशत चीन में बना है ऐसा अब नहीं चलेगा। मंत्रालय अगले वर्ष एएलएमएम की समीक्षा भी करेगा।'' सिंह ने कहा कि सरकार भारत के लोगों के हितों की रक्षा के लिए निर्माताओं को किसी भी पुराने उपकरण या प्रौद्योगिकी का समर्थन करने की अनुमति नहीं देगी। -
जयपुर. राजस्थान पुलिस, आबकारी, नारकोटिक्स विभाग ने विधानसभा चुनाव के मद्देनजर प्रदेश में नौ अक्टूबर को आदर्श आचार संहिता लागू होने से अब तक 200 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की अवैध शराब, नकदी व अन्य सामग्री जब्त की है। निर्वाचन आयोग के एक बयान के अनुसार 2018 के विधानसभा चुनाव के लिए लागू आचार संहिता की पूरी अवधि यानी 65 दिन में 70 करोड़ की अवैध सामग्री जब्त की गयी थी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता ने रविवार को एक बयान में बताया कि 32.67 करोड़ रुपये मूल्य की सामग्री की जब्ती के साथ जयपुर प्रदेश में शीर्ष पर है जबकि बांसवाड़ा 13.34 करोड़ रुपये, उदयपुर 12.74 करोड़ रुपये, अलवर करीब 12 करोड़ रुपये और बाड़मेर करीब 10 करोड़ रुपये की जब्ती के साथ क्रमश: दूसरे तीसरे, चौथे और पांचवें स्थान पर है। उन्होंने बताया कि अलवर से सबसे अधिक करीब 4.30 करोड़ रुपये की अवैध शराब जब्त की गई है जबकि मादक पदार्थ की जब्ती के मामले में बाड़ेमर जिला शीर्ष पर है जहां से करीब 7.40 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ जब्त किए गए हैं। गुप्ता ने बताया कि जयपुर से सबसे अधिक 7. 77 करोड़ रुपये की बेनामी नकदी जब्त की गई है जबकि बांसवाड़ा से सबसे अधिक 11.14 करोड़ मूल्य के सोना-चांदी जैसी कीमती धातुओं की जब्ती की गई है। उन्होंने बताया कि सवाई माधोपुर में 27.54 लाख रुपये की सामग्री जब्त की गई है जो मतदाताओं को लुभाने के लिए बांटी जानी थी। गुप्ता ने बताया कि प्रदेश भर में विभागों द्वारा कड़ी निगरानी रखी जा रही है और किसी भी संदेहास्पद मामले पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है।
-
नई दिल्ली। भारत ने युद्धग्रस्त गाजा पट्टी में फलस्तीनियों के लिए मानवीय सहायता भेजी है। सोशल मीडिया पोस्ट में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिन्दम बागची ने कहा है कि करीब साढे छह टन औषधीय सहायता और 32 टन आपदा राहत सामग्री लेकर भारतीय वायु सेना का सी-17 विमान मिस्र में अल-आरिश हवाई अड्डे के लिए रवाना हुआ। राहत सामग्री में आवश्यक जीवन रक्षक दवाएं, सर्जिकल सामान, तंबू, स्लीपिंग बैग, तिरपाल, स्वच्छता सुविधाएं, पानी स्वच्छ करने के टैबलेट सहित अन्य आवश्यक वस्तुएं शामिल हैं। ये वस्तुएं मिस्र और गाजा के बीच राफाह सीमा से फिलिस्तीन भेजी जाएंगी।
- हैदराबाद/नयी दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार को तेलंगाना विधानसभा चुनाव के लिए 52 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की। पार्टी ने मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव (केसीआर) के खिलाफ अपने विधायक इटाला राजेन्द्र को गजवेल से उम्मीदवार बनाया है जबकि तेलंगाना इकाई के पूर्व अध्यक्ष बंदी संजय कुमार समेत अपने तीन सांसदों को भी विधानसभा चुनाव के मैदान में उतारा है।भाजपा ने अपने हिंदूवादी नेता टी राजा सिंह का निलंबन रद्द करने के बाद उनकी गौशमहल सीट से उन्हें मैदान में उतारा है। सिंह ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘आगामी विधानसभा चुनाव के लिए गौशमहल से उम्मीदवार बनाए जाने पर मैं भाजपा नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करता हूं।’’प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मौजूदगी में शुक्रवार को हुई भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में इन नामों को अंतिम रूप दिया गया। पार्टी ने 12 महिलाओं को उम्मीवार बनाया है।पार्टी ने तेलंगाना इकाई के पूर्व अध्यक्ष व करीमनगर से सांसद बंदी संजय कुमार को करीमनगर विधानसभा क्षेत्र से, निजामाबाद के सांसद अरविंद धर्मापुरी को कोराटला विधानसभा क्षेत्र से और आदिलाबाद के सांसद सोयम बाबू राव को बोआथ विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया है।तेलंगाना की सत्ताधारी भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) से भाजपा में आए पूर्व मंत्री इटाला राजेन्द्र, गजवेल के अलावा हुजूराबाद से भी चुनाव लड़ेंगे। भाजपा में शामिल होने के बाद राजेन्द्र ने इस सीट पर हुए उपचुनाव में जीत दर्ज की थी। भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने उन्हें प्रदेश में चुनाव अभियान समिति का मुखिया बनाया है।राजेन्द्र ने केंद्रीय नेतृत्व के समक्ष मुख्यमंत्री के खिलाफ चुनाव लड़ने की पहले ही इच्छा जताई थी।केसीआर आगामी चुनावों में दो क्षेत्रों – गजवेल और कामारेड्डी विधानसभा क्षेत्रों से चुनाव लड़ेंगे। भाजपा की सूची के अनुसार, के. वेंकट रमना रेड्डी कामारेड्डी निर्वाचन क्षेत्र में मुख्यमंत्री को चुनौती देंगे।विधानसभा चुनाव में तीन सांसदों को मैदान में उतारने की पार्टी की रणनीति पर भाजपा के वरिष्ठ नेता एन रामचंदर राव ने कहा कि पार्टी उम्मीदवारों की जीत की क्षमता पर भरोसा कर रही है।भाजपा नेता ने कहा, ‘‘मूल रूप से, भाजपा का विचार क्षमतावान उम्मीदवारों को मैदान में उतारने का है ताकि जीतने की संभावना अधिक हो और विधानसभा में पार्टी का अधिक प्रतिनिधित्व भी हो।’’उन्होंने कहा कि पार्टी नए चेहरों को मैदान में उतारकर जोखिम नहीं लेना चाहती।पार्टी ने जिन महिलाओं को उम्मीदवार बनाया है उनमें डॉ. बोगा श्रावणी (जगतियाल), कंडूला संध्या रानी (रामागुंडम), बोडिगा शोभा (चोपाडांडी) और रानी रुद्रमा रेड्डी (सिरसिला) प्रमुख हैं। तेलंगाना में 119 विधानसभा सीट के लिए एक चरण में 30 नवंबर को मतदान होगा।
- काठमांडू । नेपाल की राजधानी काठमांडू में रविवार को 6.1 तीव्रता का भूकंप आया।राष्ट्रीय भूकंप निगरानी एवं अनुसंधान केंद्र के अनुसार,सुबह सात बजकर 39 मिनट पर आए भूकंप का केंद्र धाडिंग जिले में था।इस भूकंप के किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं है। भूकंप के झटके बागमती और गंडकी प्रांतों में भी महसूस किए गए। नेपाल में अक्सर भूकंप आते रहते हैं। दरअसल नेपाल उस पर्वत श्रृंखला पर स्थित है जहां तिब्बती और भारतीय टेक्टोनिक प्लेट मिलती हैं और ये हर सदी एक-दूसरे के तकरीबन दो मीटर पास खिसकती हैं जिसके परिणामस्वरूप दबाव उत्पन्न होता है और भूकंप आते हैं। इससे पहले नेपाल के सुदूरपश्चिम प्रांत में 16 अक्टूबर को 4.8 तीव्रता का भूकंप आया था। नेपाल में 2015 में 7.8 तीव्रता के भूकंप और उसके बाद आए झटकों के कारण लगभग 9,000 लोगों की मौत हो गई थी।
-
नई दिल्ली। मौसम विभाग ने घोषणा की है कि पूर्वोत्तर मानसून शुरू हो गया है। विभाग ने बताया है कि तमिलनाडु और केरल में बारिश की उम्मीद है। दक्षिण और मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर उत्तर-पूर्वी हवाओं के मजबूत होने के बाद पूर्वोत्तर मानसून शुरू हुआ। चक्रवाती तूफान तेज दक्षिण-पश्चिम अरब सागर के ऊपर एक चक्रवाती तूफान में बदल गया है। मौसम विभाग ने कहा कि अगले 24 घंटों के दौरान एक सौ 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने के साथ इसके चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है। इस चक्रवात के 25 अक्टूबर के आसपास यमन-ओमान तटों को पार करने की उम्मीद है।
वहीं, बंगाल की खाड़ी में दक्षिण-पश्चिम और आसपास के इलाकों में कम दबाव का क्षेत्र बन गया है, जो 22 अक्टूबर के आसपास पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक दबाव में बदल जाएगा। इसके कारण ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटीय जिलों में 24 और 25 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर मध्यम वर्षा हो सकती है। -
गगनयान परीक्षण की सफलता पर बोले प्रधानमंत्री
ग्वालियर . प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को देश के महत्वाकांक्षी मानव अंतरिक्ष मिशन गगनयान में पहली मानव रहित परीक्षण उड़ान के पूरा होने के कुछ घंटों बाद कहा कि भारत के लिए आज कुछ भी असंभव नहीं है। साथ ही उन्होंने कहा कि उनकी सरकार सत्ता में आने के बाद से दीर्घकालिक दृष्टिकोण के साथ काम कर रही है। उन्होंने यहां सिंधिया स्कूल के 125वें स्थापना दिवस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि अनुच्छेद 370 को निरस्त करना, तीन तलाक पर प्रतिबंध लगाना, ओआरओपी (वन रैंक वन पेंशन)और जीएसटी (माल एवं सेवा कर) को लागू करना जैसे कई लंबित काम पिछले दस वर्षों में पूरे किए गए हैं। मोदी ने कहा, ‘‘ मैं 2014 में प्रधानमंत्री बना। उसके बाद से हमारी सरकार ने दीर्घकालिक दृष्टिकोण के साथ काम शुरू किया। हमारी सरकार ने 60 साल से लंबित अनुच्छेद 370 को खत्म किया, पूर्व सैनिकों के लिए 40 साल से लंबित वन रैंक, वन पेंशन (ओआरओपी), जीएसटी को लागू किया, तीन तलाक पर प्रतिबंध लगाया और वर्षों से लंबित महिला आरक्षण (विधानसभाओं में) पर कानून बनाया।'' उन्होंने कहा, ''उनकी सरकार ने इतने सारे काम पूरे किए हैं कि उन्हें पूरी रात में भी सूचीबद्ध नहीं किया जा सकता।'' प्रधानमंत्री ने श्रीहरिकोटा में भारत के महत्वाकांक्षी मानव अंतरिक्ष मिशन गगनयान में पहली मानव रहित परीक्षण उड़ान के पूरा होने का जिक्र करते हुए कहा कि आज सुबह ही हमने गगनयान का सफलतापूर्वक परीक्षण किया है। उन्होंने अंतरिक्ष स्टेशन लॉन्च करने की योजना, तेजस लड़ाकू जेट कार्यक्रम की सफलता और स्वदेश निर्मित विमानवाहक पोत आईएनएस विक्रांत का भी उल्लेख किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज भारत के लिए कुछ भी असंभव नहीं है।
उन्होंने स्वर्गीय माधवराव सिंधिया का उल्लेख करते हुए कहा कि जब वह रेल मंत्री थे तब देश में शताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन शुरू की गई थी, लेकिन उसके बाद दशकों तक देश में कोई नयी ट्रेन शुरू नहीं की गई, पर अब, यह उनकी सरकार है जिसने आधुनिक वंदे भारत और नमो भारत जैसी आधुनिक ट्रेन शुरू की हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि 23 अगस्त को भारत ने एक बड़ी छलांग लगाई जब चंद्रयान -3 चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफलतापूर्वक उतरने वाला पहला अंतरिक्ष मिशन बन गया। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत अब दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा ‘स्टार्टअप इकोसिस्टम' है और 2014 में 100 से बढ़कर स्टार्टअप की संख्या लगभग एक लाख हो गई है। मोदी ने कहा कि इसके अलावा भारत में दुनिया में इंटरनेट उपयोगकर्ताओं की दूसरा सबसे बड़ी संख्या है और मोबाइल फोन विनिर्माण में भी दूसरे स्थान पर है। प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने युवाओं के लिए अंतरिक्ष क्षेत्र भी खोला है।
इस अवसर पर उन्होंने स्कूल पर एक स्मारक डाक टिकट भी जारी किया। कार्यक्रम में नितिन मुकेश विशेष रूप से उपस्थित थे। कार्यक्रम को केंद्रीय मंत्री और स्कूल के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के अध्यक्ष ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगू भाई पटेल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह (जो सिंधिया स्कूल के पूर्व छात्र हैं) भी उपस्थित थे। -
नयी दिल्ली. मध्य दिल्ली के पहाड़गंज इलाके में एक होटल के मालिक और उसके आठ साल के बेटे की उन्हीं के घर में चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक घटना के वक्त पिता-पुत्र घर में सो रहे थे।
पुलिस ने बताया कि पिता-पुत्र के शव शनिवार दोपहर उस समय बरामद किये गये जबकि होटल मालिक की पत्नी और उनकी बेटी कई बार फोन करने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिलने पर उन्हें देखने के लिए होटल पहुंची। पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान अनुज सिंह (30) और उनके बेटे रौनक के रूप में हुई है।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, '' पिता-पुत्र के शव इमारत की पहली मंजिल पर पाए गए, जिसमें अनुज का परिवार रहता था। उसका गला रेता गया था और शरीर पर चाकू से कई बार वार किए गए थे। उसका शव बिस्तर पर पड़ा हुआ था।'' उन्होंने बताया कि रौनक खून से लथपथ फर्श पर पड़ा हुआ था। अधिकारी ने बताया कि घर में लूटपाट की गई थी और कुछ कीमती सामान गायब होने का संदेह है। मध्य दिल्ली के पुलिस उपायुक्त एस.के. सेन ने बताया कि नबी करीम थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। सेन ने कहा कि मुजफ्फरपुर (बिहार) निवासी व्यक्ति को मुख्य संदिग्ध के रूप में चिह्नित किया गया है। उन्होंने बताया कि वह व्यक्ति सुबह से गायब है और वह इमारत में लगे सीसीटीवी की डीवीआर और मोबाइल फोन भी ले गया है। पुलिस ने कहा कि अनुज ने हाल ही में द्वारका में एक मकान खरीदा था और वह वहां अकसर जाया करता था। पुलिस के अनुसार शुक्रवार को भी अनुज अपनी मां, पत्नी और दो बच्चों के साथ नए मकान में पूजा के लिए गया था और उसकी मां व पत्नी वहीं रुक गए जबकि वह और बेटा लौट आए। -
नयी दिल्ली. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि ‘ऑनलाइन स्ट्रीमिंग' मंचों पर प्रसारित किये जाने वाले कार्यक्रमों में तंबाकू रोधी चेतावनियों को शामिल करने की आवश्यकता वाले ओटीटी (ओवर-द-टॉप) नियम 2023 से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। मंत्रालय ने नियम का अनुपालन नहीं किये जाने पर कार्रवाई करने की भी चेतावनी दी।
मंत्रालय ने मीडिया में आई उस खबर को ‘झूठा, भ्रामक और गलत तरीके से पेश किए गए तथ्यों पर आधारित' करार दिया, जिसमें हाल में दावा किया गया था कि केंद्र सरकार ने ओटीटी पर प्रसारित होने वाली सामग्री में धूम्रपान की चेतावनी जोड़ने को लेकर स्ट्रीमिंग सेवाओं के साथ ‘एक असहज समझौता' किया है। मंत्रालय ने कहा, ‘‘खबर में आगे दावा किया गया है कि कुछ मंचों ने इस तरह के समझौते के परिणामस्वरूप कम प्रभावकारी चेतावनियों को शामिल करने का विकल्प चुना है। मीडिया में आई खबर तथ्यात्मक रूप से सही नहीं है। यह सार्वजनिक स्वास्थ्य को अपने शीर्ष कर्तव्यों में शामिल करने की केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता को सही तरीके से प्रतिबिंबित नहीं करती है।'' मंत्रालय ने कहा कि सार्वजनिक स्वास्थ्य को प्राथमिक मुद्दा मानते हुए, सरकार ने सीओटीपी (सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद) फिल्म नियमों का विस्तार कर ओटीटी मंचों पर भी लागू किया है। ओटीटी नियम एक सितंबर 2023 से लागू हो गए हैं। इन नियमों के तहत, अब सभी ओटीटी मंच जैसे कि नेटफ्लिक्स, अमेजन प्राइम वीडियो, डिजनी प्लस हॉटस्टार, जियो सिनेमा, सोनी लिव, एएलटीबालाजी, वूट आदि को तंबाकू उत्पादों की दुष्प्रभाव संबंधी चेतावनी उन दृश्यों के साथ प्रदर्शित करने होंगे, जिनमें धूम्रपान आदि के दृश्य हैं। -
इटावा (उप्र) . जिले में भरथना इलाके के एक गांव में परिवार में आपसी विवाद में शनिवार को एक व्यक्ति ने अपने सगे चाचा की कथित रूप गोली मारकर हत्या कर दी तथा उसे बचाने आयी दादी को भी मार डाला। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सत्य पाल सिंह ने बताया कि जिले में भरथना थाना क्षेत्र के नगला ढुलबजा गांव में शनिवार को सुबह चाचा-भतीजा के बीच खेत की मिट्टी बेचे जाने से मिले पैसे के बंटवारे को लेकर विवाद हो गया जिसके बाद भतीजे आरोपी सत्यवीर सिंह ने अपने सगे चाचा 40 वर्षीय अमित कुमार को तमंचे से गोली मार दी, फलस्वरूप उसकी मौकै पर मौत हो गई । उन्होंने बताया कि अमित को बचाने दौड़ी उसकी माँ 65 वर्षीय राम मूर्ति को भी आरोपी सत्यवीर ने फावड़े से काट दिया जिससे उनकी भी मौके पर मौत हो गयी । सिंह के मुताबिक आरोपी सत्यवीर सिंह फरार हो गया है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
उनके अनुसार दोहरे हत्याकांड की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा वह मामले की जानकारी के लिए विवेचना में लग गई है। घटना की सूचना पाते ही जिलाधिकारी अवनीश कुमार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने घटनास्थल पर पहुंच कर मौका मुआयना किया। -
श्री राम जन्मभूमि में निर्माण कार्यों का लिया जायजा
लखनऊ/अयोध्या. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को अयोध्या पहुंचे। यहां पहुंचने पर रामकथा पार्क में उनका स्वागत किया गया। वहां से मुख्यमंत्री सीधे हनुमानगढ़ी मंदिर गए और उन्होंने संकट मोचन हनुमान के चरणों में शीश झुकाया। फिर वह सीधे रामलला के दर्शन करने पहुंचे। वहां भी उन्होंने ने मर्यादा पुरुषोत्तम की पूजा-अर्चना की। एक बयान के मुताबिक शारदीय नवरात्रि के सप्तमी तिथि पर अयोध्या पहुंचे मुख्यमंत्री ने शनिवार शाम श्री राम जन्मभूमि परिसर का अवलोकन किया। यहां उन्होंने श्रमिकों का हालचाल जाना। इसके बाद वह जन्मभूमि के कार्यों की प्रगति से रूबरू हुए। इस दौरान ट्रस्ट के पदाधिकारी आदि मौजूद रहे। -
नयी दिल्ली. केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने शनिवार को कहा कि पिछले एक साल में 188 पुलिसकर्मियों ने देश की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ‘ड्यूटी' के दौरान अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। शाह ने कहा कि देश शहीदों के परिवारों के बलिदान को कभी नहीं भूलेगा। उन्होंने पुलिस स्मृति दिवस पर यहां राष्ट्रीय पुलिस स्मारक पर कर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद कहा, ‘‘पिछले एक साल में, एक सितंबर, 2022 से 31 अगस्त, 2023 तक, 188 पुलिसकर्मियों ने देश में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ड्यूटी के दौरान सर्वोच्च बलिदान दिया है।'' गृहमंत्री शाह ने कहा कि देश की सेवा करने वाले सभी कर्मियों में से पुलिसकर्मियों का काम सबसे कठिन होता है - चाहे दिन हो या रात, सर्दी हो या गर्मी, त्योहार हो या सामान्य दिन, पुलिसकर्मियों को अपने परिवार के साथ त्योहार मनाने का मौका नहीं मिलता है। उन्होंने कहा कि देश में पुलिसकर्मी अपने जीवन के स्वर्णिम वर्ष अपने परिवारों से दूर बिताते हैं और उनमें से कई देश की लंबी जमीनी सीमा की रक्षा करते हुए अपनी बहादुरी और बलिदान के जरिये देश की रक्षा करते हैं। आजादी के बाद से देश की सेवा करते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले 36,250 पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि देते हुए शाह ने कहा कि पुलिस स्मारक केवल प्रतीकात्मक नहीं है, बल्कि यह राष्ट्र निर्माण के प्रति पुलिसकर्मियों के बलिदान और समर्पण को स्वीकार करना है। उन्होंने कहा कि सरकार पुलिसकर्मियों और उनके परिवार के सदस्यों के कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार सभी कर्मियों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और उनकी सुरक्षा के लिए चिंतित है। इक्कीस अक्टूबर, 1959 को, लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स में हथियारों से लैस चीन के सैनिकों द्वारा घात लगाकर किए गए हमले के दौरान ड्यूटी पर तैनात 10 पुलिसकर्मी शहीद हो गए थे। तब से, हर साल 21 अक्टूबर को इन शहीदों और ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले अन्य सभी पुलिसकर्मियों के सम्मान में पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है।
-
नागपुर. राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ 24 अक्टूबर को महाराष्ट्र के नागपुर शहर में अपना वार्षिक विजयादशमी उत्सव आयोजित करेगा। इसके लिए आरएसएस ने प्रसिद्ध गायक शंकर महादेवन को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया है। एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि सरसंघचालक मोहन भागवत पारंपरिक दशहरा सभा को रेशिमबाग मैदान में संबोधित करेंगे, जो संघ का एक प्रमुख कार्यक्रम है। इसमें कहा गया है कि पथ संचलन सुबह करीब 6.20 बजे सीपी और बरार कॉलेज गेट और रेशिमबाग मैदान से निकाला जाएगा, जबकि मुख्य कार्यक्रम सुबह 7.40 बजे शुरू होगा। विज्ञप्ति में कहा गया है कि इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण संघ के फेसबुक, यूट्यूब और इंस्टाग्राम हैंडल पर किया जाएगा। आरएसएस की स्थापना सितंबर 1925 में दशहरा के दिन केशव बलिराम हेडगेवार ने की थी। वर्ष 2022 की दशहरा रैली में संघ ने माउंट एवरेस्ट पर दो बार चढ़ने वाली दुनिया की पहली महिला पर्वतारोही संतोष यादव को मुख्य अतिथि के तौर पर आमंत्रित किया था।
-
पुणे. भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा के मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर तेज गति से लेम्बोर्गिनी उरुस चलाने के लिए दो चालान काटे गए और उन पर 4000 रुपए का जुर्माना लगाया गया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने गुरुवार को यह जानकारी दी। राजमार्ग पुलिस अधीक्षक लता फड़ ने कहा कि घटना मंगलवार को हुई और जुर्माना अगले दिन जमा कर दिया गया। सब इंस्पेक्टर अमोल पोवार ने बताया कि एक्सप्रेस वे पर लगे कैमरे में कामशेत सुरंग के पास उनकी लग्जरी कर की गति 117 किलोमीटर प्रति घंटा आंकी गई जो 105 किमी प्रति घंटे की अनुमेय सीमा से बहुत अधिक है। उन्होंने बताया कि इसके बाद सोमाटेन फाटा के पास कार की गति 111 किमी प्रति घंटे थी।
-
कोच्चि. भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के अध्यक्ष एस. सोमनाथ ने बृहस्पतिवार को कहा कि चंद्रयान-3 का रोवर ‘प्रज्ञान' चंद्रमा की सतह पर सुप्तावस्था में है, लेकिन इसके फिर से सक्रिय होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है। सोमनाथ ने कहा कि अंतरिक्ष एजेंसी इस बात से भली-भांति अवगत है कि रोवर और लैंडर ‘विक्रम' चंद्रमा की सतह पर सुप्तावस्था या निष्क्रय अवस्था में चले गये हैं। उन्होंने कहा कि ‘चंद्रयान-3' मिशन का उद्देश्य ‘सॉफ्ट लैंडिंग' था और इसके बाद अगले 14 दिन तक प्रयोग किए गए और सभी जरूरी आंकड़े एकत्र कर लिये गये हैं। सोमनाथ ने यहां मलयाला मनोरमा समूह द्वारा आयोजित ‘मनोरमा न्यूज कॉन्क्लेव 2023' को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘अब यह वहां शांति से सो रहा है...इसे अच्छे से सोने दो..हम इसे परेशान न करें...जब यह अपने आप उठना चाहेगा, तो उठेगा...मैं अभी इसके बारे में यही कहना चाहता हूं।'' यह पूछे जाने पर कि क्या इसरो को अब भी उम्मीद है कि रोवर फिर से सक्रिय हो जाएगा, उन्होंने कहा, ‘‘उम्मीद रखने का कारण है।'' सोमनाथ ने अपनी ‘उम्मीद' के कारण बताते हुए कहा कि इस मिशन में एक लैंडर और एक रोवर शामिल थे । उन्होंने बताया कि चूँकि लैंडर एक विशाल संरचना है, इसलिए इसका पूरी तरह से परीक्षण नहीं किया जा सका। उन्होंने कहा कि लेकिन जब रोवर का परीक्षण शून्य से 200 डिग्री सेल्सियस नीचे पर किया गया, तो यह उससे भी कम तापमान पर काम करता हुआ पाया गया। इसरो प्रमुख ने स्पष्ट किया कि ‘चंद्रयान-3' मिशन का उद्देश्य पूरा हो गया है। उन्होंने कहा कि इसरो मिशन के माध्यम से एकत्र किए गए वैज्ञानिक डेटा का पता लगाने की कोशिश कर रहा है। गत 23 अगस्त को चंद्रमा पर उतरने के बाद, लैंडर तथा रोवर और पेलोड ने एक के बाद एक प्रयोग किए ताकि उन्हें 14 पृथ्वी दिन (एक चंद्र दिवस) के भीतर पूरा किया जा सके। चंद्रमा पर एक दिन पृथ्वी के 14 दिन के बराबर होता है। पृथ्वी के एकमात्र प्राकृतिक उपग्रह चंद्रमा पर रात्रि की शुरुआत होने से पहले, लैंडर और रोवर दोनों क्रमशः चार और दो सितंबर को सुप्तावस्था या निष्क्रय अवस्था (स्लीप मोड) में चले गये थे। इसरो ने 22 सितंबर को कहा था कि उसने अपने चंद्र मिशन ‘चंद्रयान-3' के लैंडर ‘विक्रम' और रोवर ‘प्रज्ञान' के साथ सम्पर्क करने के प्रयास किए हैं, ताकि उनके सक्रिय होने की स्थिति का पता लगाया जा सके लेकिन अभी तक उनसे कोई सिग्नल नहीं मिला है।
-
नयी दिल्ली. विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री जितेंद्र सिंह ने शनिवार को कहा कि गगनयान परियोजना के ‘अबॉर्ट मिशन' की सफल परीक्षण उड़ान ने शेष परीक्षणों और मानव रहित अभियानों के लिए मंच तैयार कर दिया है, जिसका परिणाम अंतत: भारत की पहली मानव अंतरिक्ष उड़ान के रूप में सामने आएगा। अंतरिक्ष राज्य मंत्री सिंह ने श्रीहरिकोटा अंतरिक्ष केंद्र से परीक्षण यान विकास उड़ान 1 (टीवी-डी1) की सफलता पर इसरो को बधाई दी। उन्होंने कहा, ‘‘शुरुआत अच्छी तो आधा काम पूरा।''
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने कुछ प्रारंभिक बाधाओं से पार पाते हुए देश के महत्वाकांक्षी मानव अंतरिक्ष उड़ान कार्यक्रम ‘गगनयान' से जुड़े पेलोड के साथ उड़ान भरने वाले परीक्षण यान का शनिवार सुबह 10 बजे सफल प्रक्षेपण किया। वैज्ञानिकों ने मिशन निष्फल होने की स्थिति में (अबॉर्ट सिचुएशन) टीवी-डी1 परीक्षण यान से ‘क्रू मॉड्यूल' (जिसमें अंतरिक्ष यात्री सवार होंगे) को बाहरी अंतरिक्ष में प्रक्षेपित करने के बाद वापस सुरक्षित लाने के लिए ‘क्रू एस्केप सिस्टम' यानी चालक दल बचाव प्रणाली (सीईएस) का परीक्षण किया। तय योजना के अनुसार, ‘क्रू मॉड्यूल' और ‘क्रू एस्केप सिस्टम' के बंगाल की खाड़ी में सुरक्षित और सटीक तरीके से गिरने पर मिशन नियंत्रण केंद्र में इसरो के वैज्ञानिकों में खुशी की लहर दौड़ गई। सिंह ने एक बयान में कहा, "आज के कार्यक्रम ने संभवत: वर्ष 2025 के किसी भारतीय अंतरिक्ष यात्री को अंतरिक्ष में भेजने के उद्देश्य से प्रणालियों और प्रक्रियाओं के परीक्षणों की एक श्रृंखला का मार्ग प्रशस्त किया है।" मंत्री ने कहा कि गगनयान मिशन में मानव सुरक्षा सर्वोपरि है और आज सुबह परीक्षण उड़ान ने प्रक्षेपण के तुरंत बाद प्रतिकूल परिस्थितियों के मामले में चालक दल को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की क्षमता की पुष्टि की। सिंह ने कहा, "आज की कवायद में गगनयान मिशन के ‘क्रू मॉड्यूल' पर ‘क्रू एस्केप' प्रणाली के प्रदर्शन का परीक्षण किया गया। मूल रूप से, इसमें सुरक्षा तंत्र का परीक्षण किया गया जो गगनयान मिशन के चालक दल को किसी खराबी के कारण मिशन के निष्फल होने की स्थिति में अंतरिक्ष यान से बचने में सफल बनाएगा।'' उन्होंने कहा कि ‘क्रू मॉड्यूल' (सीएम) चालक दल के लिए अंतरिक्ष में पृथ्वी जैसे वातावरण वाला रहने योग्य स्थान है। सिंह ने कहा कि ‘सर्विस मॉड्यूल' का उपयोग कक्षा में रहते हुए ‘क्रू मॉड्यूल' को आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए किया जाएगा। गगनयान मानव अंतरिक्ष उड़ान के तहत भारत तीन अंतरिक्ष यात्रियों को पृथ्वी से 400 किलोमीटर ऊपर की कक्षा में ले जाने और उन्हें सुरक्षित वापस लाने की योजना बना रहा है। यह परीक्षण उड़ान चंद्रमा पर चंद्रयान-3 की सफल ‘सॉफ्ट लैंडिंग' के दो महीने के भीतर हुई है।
मंत्री ने कहा, "प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में, भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम का लक्ष्य अंतरिक्ष में अपना पहला मानवयुक्त मिशन और बाद में पहले भारतीय अंतरिक्ष यात्री को चंद्रमा पर उतारना है।" सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री ने निर्देश दिया है कि भारत को अब 2035 तक भारतीय अंतरिक्ष स्टेशन स्थापित करने और 2040 तक चंद्रमा पर पहले भारतीय को भेजने जैसे नए और महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित करने चाहिए।
-
कोडरमा. झारखंड के कोडरमा जिले में सड़क किनारे एक रेहड़ी से गोल गप्पे खाने के बाद संदिग्ध खाद्य विषाक्ता से लगभग 50 बच्चे और महिलाएं बीमार पड़ गईं। कोडरमा के अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी (एसीएमओ) ने बताया कि शुक्रवार शाम लोकाई पंचायत के गोसाईं टोला इलाके में एक रेहड़ी वाले से 'गोल गप्पे' खाने के बाद लगभग 40 बच्चे और 10 महिलाएं खाद्य विषाक्ता का शिकार हो गईं। अधिकारी ने बताया कि 'गोल गप्पे' खाने के बाद बच्चों और महिलाओं को उल्टी और दस्त जैसी समस्याएं होने लगीं और उनमें जीवाणु संक्रमण का पता चला। उन्होंने बताया कि उन्हें कोडरमा के सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां वे 24 घंटे तक निगरानी में हैं। उन्होंने बताया कि बच्चों की उम्र नौ से 15 साल के बीच है और उनकी हालत स्थिर है। अधिकारी ने बताया कि विक्रेता के बचे हुए खाद्य पदार्थों को जब्त कर लिया गया है और नमूने जांच के लिए रांची भेजे गए हैं।
-
अहमदाबाद. गुजरात ने राजस्थान और मध्य प्रदेश में अगले महीने होने वाले विधानसभा चुनावों के मद्देनजर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए दोनों राज्यों से लगी अपनी सीमाओं पर सुरक्षा कड़ी कर दी है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। सरकार ने एक विज्ञप्ति में कहा कि असामाजिक तत्वों के साथ-साथ अवैध हथियारों, मादक पदार्थ, जाली मुद्रा और ऐसी अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं की आवाजाही को रोकने के लिए दोनों राज्यों की सीमा से लगे गुजरात के जिलों में 48 अंतरराज्यीय चेकपोस्ट स्थापित किए गए हैं। गुजरात के पांच जिलों- बनासकांठा, साबरकांठा, अरवल्ली, दाहोद और महिसागर की सीमाएं राजस्थान के साथ लगी हैं, और दो जिलों दाहोद और छोटा उदेपुर की सीमाएं मध्य प्रदेश से लगी हैं। सरकार ने कहा कि पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) शमशेर सिंह के निर्देश पर, 48 चेकपोस्ट स्थापित किए गए हैं, जिनमें से 37 राजस्थान और 11 मध्य प्रदेश से लगी सीमाओं पर हैं। राज्य सरकार ने कहा कि सीमाओं पर तैनात पुलिस अपराधियों और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखेगी तथा अवैध हथियारों एवं मादक पदार्थों जैसी प्रतिबंधित वस्तुओं की तस्करी को रोकेगी। दोनों राज्यों की सीमा से लगे गुजरात के जिलों के जिलाधिकारियों को जन प्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा 135 (सी) के तहत मतदान के दिन और उससे एक दिन पहले शराब या किसी अन्य नशीले पदार्थ की बिक्री पर प्रतिबंध का सख्ती से कार्यान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। गुजरात में शराब की बिक्री, निर्माण और उपभोग पर प्रतिबंध लगाने वाला एक सख्त कानून है। निर्वाचन आयोग की घोषणा के अनुसार, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, राजस्थान, तेलंगाना और मिजोरम में 7-30 नवंबर के बीच विधानसभा चुनाव होंगे। सभी राज्यों के लिए मतगणना तीन दिसंबर को होगी। मध्य प्रदेश और राजस्थान में क्रमश: 17 नवंबर और 25 नवंबर को मतदान होगा।
- श्रीहरिकोटा (आंध्र प्रदेश) । महत्वाकांक्षी गगनयान मानव अंतरिक्ष उड़ान कार्यक्रम से जुड़े पेलोड के साथ उड़ान भरने वाले परीक्षण यान का शनिवार पूर्वाह्न 10 बजे सफल प्रक्षेपण किया गया। रॉकेट का प्रक्षेपण पहले शनिवार सुबह आठ बजे के लिए निर्धारित था, लेकिन बाद में इसे दो बार कुल 45 मिनट के लिए टाला गया।इसरो प्रमुख एस. सोमनाथ ने बाद में बताया कि किसी विसंगति के कारण प्रक्षेपण तय कार्यक्रम के अनुसार नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि टीवी-डी1 रॉकेट का इंजन तय प्रक्रिया के अनुसार चालू नहीं हो सका था।इसके बाद, इसरो ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘प्रक्षेपण रोके जाने के कारण का पता लगा लिया गया है और उसे दुरुस्त कर दिया गया है। प्रक्षेपण आज पूर्वाह्न 10 बजे होगा।’’दो घंटे की देरी और टीवी-डी1 इंजन के शुरुआत में तय प्रक्रिया के तहत चालू नहीं हो पाने के बाद पैदा हुई घबराहट के बीच इसरो के वैज्ञानिकों ने रॉकेट का सटीक प्रक्षेपण किया। यान के ‘क्रू मॉड्यूल’ (जिसमें अंतरिक्ष यात्री सवार होंगे) एवं ‘क्रू एस्केप’ (चालकदल बचाव प्रणाली) पृथक्करण का लक्ष्य हासिल करते ही श्रीहरिकोटा स्थित मिशन नियंत्रण केंद्र में सांसें थाम कर बैठे वैज्ञानिकों ने तालियां बजाकर इसका स्वागत किया।इसरो ने घोषणा की कि टीवी-डी1 मिशन पूरी तरह सफल रहा।तय योजना के अनुसार पेलोड बाद में समुद्र में सुरक्षित तरीके से गिर गए।इसरो ने एकल-चरण तरल प्रणोदक वाले रॉकेट के इस प्रक्षेपण के जरिये मानव को अंतरिक्ष में भेजने के अपने महत्वाकांक्षी कार्यक्रम ‘गगनयान’ की दिशा में आगे कदम बढ़ाया। इसरो का लक्ष्य तीन दिवसीय गगनयान मिशन के लिए मानव को 400 किलोमीटर की पृथ्वी की निचली कक्षा में अंतरिक्ष में भेजना और पृथ्वी पर सुरक्षित वापस लाना है। इसरो ने शुक्रवार को कहा था कि इस परीक्षण उड़ान की सफलता शेष परीक्षणों और मानवरहित मिशन के लिए आधार तैयार करेगी, जिससे पहला गगनयान कार्यक्रम शुरू होगा।
-
नई दिल्ली। यमुना एक्सप्रेस-वे पर भीषण सड़क हादसे में एक परिवार के 5 लोगों की मौत हो गई। शुक्रवार-शनिवार की रात 1 बजे ग्रेटर नोएडा में जेवर के पास अचानक ब्रेक लगाने से तेज रफ्तार ट्रक कार पर चढ़ गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार कई फीट तक घिसटती चली गई। हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए। छत उड़ गई । हादसे में पति-पत्नी, बेटी समेत 5 की मौत हो गई।


.jpg)

.jpg)




.jpg)
.jpg)

















