- Home
- देश
- मुंबई. भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने बृहस्पतिवार को बैंकों और अन्य वित्तीय संस्थानों को यह सुनिश्चित करने को कहा कि विदेश के अलावा घरेलू स्तर पर होने वाले इलेक्ट्रॉनिक रूप से धन भेजने में भेजने वाले और प्राप्तकर्ता दोनों के बारे में पूरी सूचना दर्ज हो। आरबीआई ने 'अपने ग्राहक को जानो' (केवाईसी) से संबंधित व्यापक निर्देश में ऑनलाइन लेनदेन से संबंधित कुछ नए बिंदुओं को शामिल किया है। ये निर्देश वित्तीय कार्यबल एफएटीएफ के सुझावों के अनुरूप हैं। रिजर्व बैंक के नए निर्देश के मुताबिक, सभी विदेशी ऑनलाइन धन भेजने में भेजने वाले और प्राप्तकर्ता दोनों के बारे में सटीक, पूरी और सार्थक जानकारी देनी होगी। इसके अलावा घरेलू ऑनलाइन प्रेषण के मामले में प्रेषक के विनियमित इकाई का खाताधारक होने की स्थिति में भी यही व्यवस्था लागू होगी। हालांकि ये निर्देश क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड या प्री-पेड भुगतान समाधान (पीपीआई) के जरिये खरीदारी के लिए किए जाने वाले ऑनलाइन लेनदेन पर लागू नहीं होते हैं।
-
भोपाल. मध्यप्रदेश सरकार ने भगवान राम के वनवास के दौरान उनसे जुड़े क्षेत्रों को विकसित करने के लिए ‘रामचंद्र पथ गमन न्यास' गठित करने का फैसला किया है, इसमें 33 सदस्य होंगे । एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को कहा कि न्यास के गठन का निर्णय प्रदेश मंत्रिमंडल ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में हुई बैठक में किया। उन्होंने कहा कि इसके 33 सदस्यों में से ट्रस्ट में 28 पदेन ट्रस्टी और पांच गैर-सरकारी ट्रस्टी होंगे, गैर-सरकारी न्यासियों का अधिकतम कार्यकाल तीन वर्ष का होगा। अधिकारी ने कहा कि ट्रस्ट की गतिविधियों के संचालन के लिए समय-समय पर विशेषज्ञ समितियों का गठन किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि संस्कृति विभाग ट्रस्ट के लिए संस्थागत व्यवस्था करने के लिए सक्षम प्राधिकारी होगा और इसके सुचारू संचालन के लिए एक परियोजना प्रबंधन इकाई का भी गठन किया जाएगा। अधिकारी ने कहा कि इसके अलावा मंत्रिमंडल ने सागर के मेडिकल कॉलेज में 150 एमबीबीएस की और सीटों के लिए अपनी मंजूरी दी। इससे इस संस्थान में एमबीबीएस की कुल सीटों की संख्या 250 हो जाएगी। सरकार ने इस उद्देश्य के लिए 200.31 करोड़ रुपये की स्वीकृति भी दी है। मंत्रिमंडल ने उड़ान योजना के तहत दतिया हवाई पट्टी को शामिल करने का फैसला किया है, परियोजना के प्रथम चरण में दतिया से भोपाल एवं दतिया से खजुराहो के लिए उड़ानें शुरु की जायेंगी। अधिकारी ने कहा कि सरकार ने मंदसौर जिले में मल्हारगढ़ अनुमंडल और सागर जिले में जैसीनगर अनुमंडल और सीहोर जिले में दोराहा को नई तहसील बनाने का फैसला भी किया गया है।
-
नयी दिल्ली. स्वास्थ्य एवं पंचायत राज समेत सामाजिक क्षेत्र के लगभग 14 मंत्रालयों ने अपने आंकड़े पीएम गतिशक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान (एनएमपी) मंच से जोड़ दिया है। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। मंत्रालय ने बताया कि प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों, कॉलेजों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, जिला अस्पतालों, स्वास्थ्य उप-केंद्रों, सार्वजनिक शौचालयों, डंप साइटों, आंगनवाड़ी केंद्रों, उचित मूल्य की दुकानों, अमृत सरोववर, और डेयरी स्थानों जैसी बुनियादी ढांचा इकाइयों से संबंधित इन मंत्रालयों की जानकारियां एनएमपी पर सूचीबद्ध की गई हैं। मंत्रालय के अनुसार, इन मंत्रालयों/विभागों के निजी पोर्टलों को विकसित कर दिया गया है, जो एनएमपी के साथ एकीकृत हो गए हैं। मंत्रालय में लॉजिस्टिक विभाग में विशेष सचिव सुमिता डावरा ने कहा कि पीएम गतिशक्ति एनएमपी की व्यापक स्वीकार्यता के लिए एक समग्र सोच की योजना पर काम किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि आंकड़ा प्रबंधन के लिए दिशानिर्देशों के रूप में कार्य करने के लिए सामाजिक क्षेत्र के प्रत्येक मंत्रालय की ओर से मानक संचालन प्रक्रियाएं (एसओपी) विकसित की जानी हैं, जिन्हें राज्य अपना सकते हैं। सामाजिक क्षेत्र की योजना के लिए एनएमपी की स्वीकार्यता की समीक्षा करने के लिए तीन मई को एक बैठक आयोजित की गई थी। इस दौरान आंकड़ा प्रबंधन के लिए उपायों जैसे- आंकड़ों की गुणवत्ता में सुधार, आंकड़ा अपलोडिंग और आंकड़ों के सत्यापन पर भी विचार किया गया था।
- कोलार (कर्नाटक) .कोलार में बांगरपेट तालुक के एक गांव से 4.5 करोड़ रुपये से अधिक की बेहिसाब नकदी जब्त की गई है। पुलिस ने यह जानकारी दी। उसने बताया कि पुलिस ने एक गुप्त सूचना के आधार पर एक रियल एस्टेट कारोबारी की कार पर छापा मारा, जिसमें बोरे में रखी नकदी बरामद की गई। इसके बाद गांव की तलाशी लेने पर और नकदी बरामद की गई। ऐसा आरोप है कि यह धन 10 मई को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए मतदाताओं के बीच बांटा जाना था। राज्य में 29 मार्च को आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद से अब तक 117 करोड़ रुपए नकद, 85.53 करोड़ रुपए मूल्य का सोना ओर 78.71 करोड़ रुपए की शराब जब्त की जा चुकी है।
- नई दिल्ली। बदरीनाथ हाईवे मार्ग खोल दिया गया है और यात्रियों की आवाजाही शुरू हो गई है।दरअसल कल बदरीनाथ हाईवे पर हेलंग में चट्टान गिरने से बद्रीनाथ जाने वाली सड़क बंद हो गई थी । कल अपराह्न तीन बजे अचानक पहाड़ी से मलबा हाइवे पर आ गया जिससे हाइवे बंद हो गया था। इस दौरान सड़क पर मलबा आने के कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लग गयी। भारी मात्रा में सड़क पर चट्टान का मलबा आने के कारण बदरीनाथ हाइवे अवरूद्ध हो गया । जिसके कारण यात्रा को रोक दिया गया है। चमोली पुलिस तीर्थयात्रियों से अपील की थी कि जहां पर भी हैं वहां सुरक्षित रहें और मार्ग के बारे में अपडेट लेकर ही यात्रा के लिए निकलें।गुरुवार को शाम के हाइवे से गुजर रही एक कार पर भी मलबा गिरा था। चंडीगढ़ के दो यात्री कार में सवार थे जो मलबे के कारण घायल हो गये। वहीं हनुमान चट्टी में भी पहाड़ से पत्थर गिरने के कारण एक बाइक सवार की मौत हो गयी थी। एनएचआईडीसीएल ने जेसीबी लगा कर दो घंटे की मशक्कत के बाद हाइवे खोल दिया था लेकिन छह बजे के लगभग फिर से पहाड़ी का एक हिस्सा सड़क पर आ गिरा। रोड बाधित होने के कारण वाहनों की आवाजाही भी रूक गई। बदरीनाथ धाम जाने वाले लगभग दस हजार यात्रियों को पुलिस प्रशासन ने रोक दिया । इन यात्रियों को जोशीमठ, हेलंग, पाखी, पीपलकोटी और चमोली में भेज दिया गया था।
-
नई दिल्ली। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी-एनसीपी की कोर समिति ने पार्टी प्रमुख पद से शरद पवार के इस्तीफे को नामंजूर कर दिया है और उनसे पार्टी के अध्यक्ष पद पर बने रहने का अनुरोध किया है। एनसीपी की स्थापना शरद पवार ने ही की थी। पार्टी के अध्यक्ष पद से उनके इस्तीफे के बाद नए राष्ट्रीय अध्यक्ष पर निर्णय के लिए मुंबई में पार्टी कार्यालय में कोर समिति की आज सुबह बैठक हुई। बैठक में पार्टी के नेता अजित पवार और सुप्रिया सुले भी मौजूद थे। एनसीपी की 18 सदस्यों वाली कोर समिति में श्री प्रफुल्ल पटेल, सुनील तटकरे, जयंत पाटिल, छगन भुजबल और दिलीप वल्से पाटिल शामिल हैं। श्री शरद पवार ने मंगलवार को पार्टी के अध्यक्ष पद से त्यागपत्र की घोषणा की थी। उनके भतीजे श्री अजीत पवार ने श्री शरद पवार के निर्णय का समर्थन करते हुए कहा था कि पार्टी का अगला अध्यक्ष श्री शरद पवार के ही नेतृत्व में काम करेगा। पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं ने श्री शरद पवार से अपना त्यागपत्र वापस लेने का अनुरोध किया था।
- अहमदाबाद. गुजरात सरकार ने मार्च में राज्य के कई हिस्सों में बेमौसम बारिश से नुकसान झेलने वाले किसानों के लिए बृहस्पतिवार को राहत पैकेज की घोषणा की। स्वास्थ्य मंत्री और राज्य सरकार के प्रवक्ता ऋषिकेश पटेल ने कहा कि प्रभावित किसानों को ‘सहायता' प्रदान करने के लिए राहत पैकेज को मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की अध्यक्षता में हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में मंजूरी दे दी गई। स्वास्थ्य मंत्री ने इस विशेष पैकेज के तहत दी जाने वाली सहायता को अब तक की सबसे बड़ी राहत बताया।उन्होंने कहा कि राहत पैकेज की घोषणा 13 प्रभावित जिलों - राजकोट, जूनागढ़, बनासकांठा, अरवल्ली, तापी, पाटन, साबरकांठा, सूरत, कच्छ, अमरेली, जामनगर, भावनगर और अहमदाबाद में नुकसान का आकलन करने के बाद की गई थी। इस पैकेज के तहत, जिन किसानों को अपनी कुल फसल का 33 प्रतिशत या उससे अधिक का नुकसान हुआ है, उन्हें राज्य आपदा प्रतिक्रिया कोष (एसडीआरएफ) द्वारा प्रदान किए गए मुआवजे के अलावा वित्तीय सहायता मिलेगी। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि गेहूं, चना, सरसों, केला और पपीता जैसी फसलों के लिए किसानों को एसडीआरएफ से 13,500 रुपये और राज्य सरकार से 9,500 रुपये प्रति हेक्टेयर की अतिरिक्त सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा कि कुल मिलाकर, प्रत्येक किसान को 23,000 रुपये प्रति हेक्टेयर की सहायता मिलेगी, लेकिन इसके लिए अधिकतम सीमा दो हेक्टेयर की होगी।
- अमरोहा (उप्र) । जिले के गजरौला क्षेत्र में शुक्रवार को खेलते समय पानी भरे गड्ढे में गिरकर डूबने से चार बच्चों की मौत हो गई। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। जान गंवाने वाले सभी चार बच्चे दिहाड़ी मजदूरों के हैं। पुलिस के मुताबिक ईंट भट्ठा मालिक ने मजदूरों की झुग्गी-झोपड़ियों के पास गड्ढे खुदवाए थे।गजरौला क्षेत्र के नौनेर गांव स्थित रज्जब अली के ईंट भट्ठे के पास राम पुत्र सौरभ (8), अजय पुत्र अजीत (7), नारायण पुत्री सोनाली (7) और नेहा (7) की पानी भरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गयी। हालांकि, घटना का पता चलने पर मजदूरों ने बच्चों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया जहां चारों को मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।स्थानीय लोगों ने बताया कि रजब अली के ईंट भट्ठे पर बिहार के मजदूरों के 20-25 परिवार रहते हैं। सभी मजदूर परिवार सहित झुग्गी-झोपड़ी में रहते हैं। उन्होंने बताया कि ईंट भट्ठा मालिक ने हाल ही में जेसीबी मशीन से झुग्गियों के पास गड्ढे खुदवाए थे जिसमें बारिश का पानी एकत्र हो गया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।(सांकेतिक फोटो)
-
नयी दिल्ली. वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह अमेरिकी विमान विनिर्माता बोइंग की भारत में बढ़ी हुई मौजूदगी देखना चाहते हैं। बोइंग को टाटा समूह की एयर इंडिया से विमानों की आपूर्ति का एक बड़ा ठेका मिला है। एयर इंडिया ने गत फरवरी में कहा था कि वह बोइंग और एयरबस से कुल 470 विमानों की खरीद करेगी। इस सौदे का कुल मूल्य 80 अरब डॉलर होने का अनुमान है। गोयल ने यहां भारत-अमेरिका साझेदारी पर आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘बोइंग को हाल ही में टाटा से बहुत बड़ा ऑर्डर मिला है और मेरी समझ में इसी तरह के कुछ और ऑर्डर भी आने वाले हैं। मैं भारत में बोइंग की मौजूदगी में विस्तार देखना चाहता हूं। मेरी इच्छा है कि आप अपना स्थानीय आपूर्ति शृंखला बढ़ाएं और यहां पर मरम्मत, रखरखाव एवं परिचालन (एमआरओ) की अधिक गतिविधियां करें।'' इसके साथ ही वाणिज्य मंत्री ने भरोसा जताया कि अमेरिका की कुछ अन्य बड़ी कंपनियां भी भारतीय फर्मों के साथ इसी तरह मिलकर काम करेंगी। उन्होंने दोनों देशों के द्विपक्षीय व्यापार की वृद्धि की रफ्तार अच्छी होने का जिक्र करते हुए कहा कि भारत और अमेरिका इस व्यापार को वर्ष 2030 तक चार गुना कर 500 अरब डॉलर तक ले जाने की कोशिश में हैं। गोयल ने भारतीय मूल के अजय बंगा के विश्व बैंक का अगला अध्यक्ष नियुक्त होने पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि वह विश्व बैंक के कामकाज में विकासशील देशों का भी नजरिया आत्मसात करने में सफल रहेंगे।
-
ठाणे महाराष्ट्र के ठाणे जिले में महज चार केलों के लिए एक दिव्यांग फल विक्रेता की पिटाई करने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एक पुलिस अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद आरोपी व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
मीरा-भयंदर, वसई-विरार पुलिस थाने में दी गई शिकायत के अनुसार एक मई को भयंदर की एक सड़क पर केले बेचने के दौरान सद्दाम हुसैन (29) पर हमला किया गया। अधिकारी के अनुसार हुसैन ने बताया कि एक व्यक्ति उसके ठेले से चार केले लेकर चलता बना। उन्होंने बताया कि हुसैन ने जब केले के पैसे मांगे तो व्यक्ति ने उसकी कथित तौर पर पिटाई कर दी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना के वीडियो में अज्ञात व्यक्ति को हुसैन को लात से मारते और उसे जमीन पर धक्का देते देखा जा सकता है। वीडियो में कुछ राहगिरों को दिव्यांग फल विक्रेता को बचाने का प्रयास करते भी देखा जा सकता है। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि उस व्यक्ति ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और इस दौरान उसके तीन हजार रुपये भी खो गये। अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और अभी तक इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। -
चेन्नई. एशियन कॉलेज ऑफ जर्नलिज्म (एसीजे) ने पत्रकारिता के क्षेत्र में दिए जाने वाले आठवें एसीजे पुरस्कार के विजेताओं की घोषणा कर दी है। एसीजे ने कहा कि इस पुरस्कार का मकसद उन ‘उत्कृष्ट पत्रकारों' के योगदान को मान्यता देना और सम्मानित करना है, जिन्होंने अपने कौशल एवं पेशे के प्रति शानदार प्रतिबद्धता तथा समर्पण का प्रदर्शन किया है। विजेताओं का चयन अलग-अलग श्रेणियों में किया गया है।
‘स्क्रॉल.इन' के अरुणाभ सैकिया को खोजी पत्रकारिता श्रेणी में एसीजे अवॉर्ड के लिए चुना गया है। वहीं, नील माधव और अलीशान जाफरी को ‘कारावां' पत्रिका में प्रकाशित एक लेख के वास्ते समाज को प्रभावित करने वाली पत्रकारिता श्रेणी में केपी नारायण कुमार मेमोरियल अवॉर्ड से सम्मानित करने का फैसला लिया गया है। इसी तरह, तन्मय भादुड़ी को फोटोजर्नलिज्म के लिए आशीष येचुरी मेमोरियल अवॉर्ड से नवाजा जाएगा। एसीजे पत्रकारिता पुरस्कार की ज्यूरी में रूबेन बनर्जी (अध्यक्ष), जयलक्ष्मी श्रीधर और वी कृष्णा अनंत शामिल थे, जिन्होंने प्रत्येक श्रेणी में छांटी गई प्रविष्टियों में से विजेताओं का चयन किया। -
भुवनेश्वर. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ओडिशा में अपने गृह जिले मयूरभंज की तीन दिवसीय यात्रा बृहस्पतिवार को शुरू की। ओडिशा के राज्यपाल गणेशी लाल, केंद्रीय मंत्री बिशेश्वर टुडू, राज्य के इस्पात और खनन मंत्री प्रफुल्ल मल्लिक और स्थानीय विधायकों ने ‘बदमपहाड़ हेलीपैड' पर मुर्मू का पारम्परिक तरीके से स्वागत किया। अपने मूल स्थान पर पहुंचने के बाद मुर्मू लगभग आधा किलोमीटर तक सड़क पर चलीं और आदिवासी पुरुषों, महिलाओं और बच्चों सहित लोगों से मिलीं, जो सड़क के दोनों ओर खड़े थे तथा उनका अभिवादन करने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। मुर्मू जब हेलीपैड से करीब पांच किलोमीटर दूर रायरंगपुर उपमंडल के पहाड़पुर गांव में अपनी ससुराल पहुंचीं, तो वहां लोगों ने उनका अभिवादन किया। अधिकारियों ने बताया कि मुर्मू के स्वागत के लिए रायरंगपुर और पहाड़पुर में कई होर्डिंग और बैनर लगाए गए हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रपति के दौरे के मद्देनजर 100 अधिकारियों के नेतृत्व में करीब 1,500 पुलिसकर्मियों को विभिन्न स्थानों पर तैनात किया गया है। देश का शीर्ष संवैधानिक पद संभालने और देश की पहली आदिवासी राष्ट्रपति बनने के बाद मुर्मू की मयूरभंज जिले के रायरंगपुर की यह पहली यात्रा है। रायरंगपुर उनका जन्मस्थान भी है। उन्होंने पहाड़पुर में अपने दिवंगत पति श्याम चरण मुर्मू की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और क्षेत्र के एसएलएस मेमोरियल स्कूल का दौरा किया। राष्ट्रपति बारीपदा में महाराजा श्रीराम चंद्रभंज देव विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी और अपने तीन दिवसीय दौरे के दौरान सिमिलीपाल बाघ अभयारण्य का भ्रमण भी करेंगी। एक अधिकारी ने बताया, “किसी भी राष्ट्रपति का सिमिलीपाल राष्ट्रीय उद्यान का यह पहला दौरा होगा। वह इस दौरान रायरंगपुर के समीप बड़ाबंधा के पास तिरंगा फहराने के लिए 100 फुट ऊंचे ध्वज स्तंभ का भी उद्घाटन करेंगी।
-
नयी दिल्ली. दिल्ली में बृहस्पतिवार को सुबह हल्का कोहरा दिखाई दिया जो मई के महीने में असामान्य है। दिल्ली और आसपास के क्षेत्र में सामान्य रूप से मई का महीना साल में सबसे ज्यादा गर्म होता है और इसमें औसत अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस होता है। मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि हवा में अत्यधिक नमी, हल्की हवा और दिन तथा रात के तापमान में काफी अंतर की वजह से कोहरे के लिए अनुकूल स्थितियां बनी हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक हल्के कोहरे में दृश्यता 501 मीटर से 1000 मीटर होती है।
सफदरजंग वेधशाला में बृहस्पतिवार को सुबह साढ़े आठ बजे समाप्त हुए 24 घंटे में 30 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गयी। बुधवार को अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस मापा गया जो सामान्य से नौ डिग्री सेल्सियस कम है। राजधानी में बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस मापा गया जो पिछले कम से कम 13 साल में इस महीने में सबसे कम तापमान है। जब से मौसम के संकेतकों पर निगरानी शुरू की गयी है, तब से दो मई, 1982 को इस महीने का सबसे कम तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। शहर में अधिकतर स्थानों पर आर्द्रता का स्तर 80 से 100 प्रतिशत के बीच रहा। मौसम विभाग के अधिकारियों के अनुसार शुक्रवार से फिर कुछ समय के लिए वर्षा होने की संभावना है। -
बेंगलुरु. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की यहां शनिवार को प्रस्तावित 36.6 किलोमीटर के रोड शो कार्यक्रम में तब्दीली करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उसे दो दिनों में विभाजित कर दिया है। ताजा कार्यक्रम के मुताबिक अब वह शनिवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 1.30 बजे तक और रविवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 2.30 बजे तक रोड शो करेंगे। सत्तारूढ़ पार्टी को इस योजना में बदलाव इसलिए करना पड़ा क्योंकि बेंगलुरु के लोगों ने इस तरह के एक दिवसीय कार्यक्रम से होने वाली कठिनाइयों को लेकर चिंता व्यक्त की थी। केंद्रीय मंत्री शोभा करंदलाजे ने कहा कि प्रधानमंत्री अब दो दिन शनिवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 1.30 बजे तक और रविवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 2.30 बजे तक रोड शो करेंगे। पार्टी ने बुधवार को कहा था कि मोदी शनिवार को यहां 36.6 किलोमीटर का रोड शो करेंगे। इसके तहत वह सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे तक 10.1 किलोमीटर और शाम चार बजे से रात 10 बजे तक 26.5 किलोमीटर की दूरी तय करने वाले थे। उन्होंने कहा, ‘‘जनता ने कहा है कि अगर पूरे दिन रोड शो किया जाता है तो इससे समस्या होगी। इसलिए, हमने उनकी भावनाओं का सम्मान किया है और इसे दो दिनों में करने का फैसला किया है। पार्टी नेताओं ने कहा कि छह और सात मई को रोड शो शहर के कुल 28 विधानसभा क्षेत्रों में से 19 से होकर गुजरेगा। कर्नाटक में 10 मई को मतदान होगा। आठ मई को चुनाव प्रचार का अंतिम दिन है और मतों की गिनती 13 मई को होगी। -
जयपुर. राजस्थान के जयपुर-अजमेर राजमार्ग पर बृहस्पतिवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई जिनमें तीन बच्चे एवं दो महिलाएं शामिल हैं। पुलिस ने इसकी जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह हादसा राजमार्ग पर दूदू के रामनगर इलाके में दोपहर लगभग साढ़े 12 बजे हुआ। उन्होंने बताया कि एक टैंकर टायर फटने के कारण अनियंत्रित होकर पास से गुजर रही कार पर पलट गया। उन्होंने बताया कि इससे कार में सवार सात लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी, जबकि एक अन्य घायल ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। दूदू के सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि कार में सवार लोग फागी से अजमेर जियारत करने जा रहे थे। उन्होंने बताया कि मरने वालों में हसीना, इसराइल, मुराद, रोहिना, शकील व सोनू शामिल हैं।
- पटना । पटना उच्च न्यायालय ने आज राज्य सरकार को निर्देश दिया कि वह जाति आधारित सर्वेक्षण को तत्काल बंद करे और यह सुनिश्चित करे कि पहले से ही एकत्र किए गए डेटा को सुरक्षित रखा जाए और रिट याचिका पर अंतिम आदेश पारित होने तक किसी के साथ साझा न किया जाए। उच्च न्यायालय ने सुनवाई के लिए अगली तारीख तीन जुलाई तय की है। मुख्य न्यायाधीश के विनोद चंद्रन और न्यायमूर्ति मधुरेश प्रसाद की खंडपीठ ने निजता के अधिकार के प्रति गैर जिम्मेदार रवैये पर राज्य सरकार को फटकार लगाई।न्यायालय ने कहा कि प्रथम दृष्टया, राज्य के पास जाति-आधारित सर्वेक्षण करने का कोई अधिकार नहीं है। न्यायालय ने राज्य विधानसभा में विभिन्न दलों के नेताओं के साथ सर्वेक्षण से जुडा डेटा साझा करने की सरकार की मंशा के बारे में भी चिंता व्यक्त की।
-
गुरुग्राम. हरियाणा के गुरुग्राम में एक व्यक्ति पर आरोप लगाया गया है कि उसने नौ साल की अपनी बच्ची पर गर्म दूध फेंका और उसे इस कदर पीटा कि उसकी खोपड़ी की हड्डी टूट गई। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। व्यक्ति पर अपनी पत्नी को भी पीटने का आरोप है। भोंडसी इलाके में किराए के मकान में रहने वाले आरोपी ने अपनी पत्नी और बेटी को क्यों पीटा, इसका अभी पता नहीं चल सका है। ऐसा आरोप है कि लड़की के नाना के शिकायत दर्ज कराने पर पुलिस ने मामले को रफा-दफा कर दिया था, लेकिन बाद में बच्ची की मां की शिकायत के आधार पर बुधवार को आरोपी के खिलाफ भोंडसी थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी। महिला ने शिकायत में कहा, ‘‘मेरे पति ने मुझे और मेरी बेटी को पीटा। उसने मेरी बेटी पर गर्म दूध भी फेंका। मेरी बेटी गंभीर रूप से झुलस गई और उसके सिर में चोट आई। मेरे पिता ने पुलिस सहायता के लिए 112 नंबर पर फोन किया था, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बजाय उसने मेरे पति के साथ कोई समझौता करके मेरे पिता की सहमति के बिना मामला बंद कर दिया।'' महिला की शिकायत के बाद, पुलिस ने जांच शुरू की और बच्ची की सीटी स्कैन रिपोर्ट में सामने आया कि उसके खोपड़ी के पिछले हिस्से की हड्डी टूट गई है। घटना के दो सप्ताह के बाद, भोंडसी थाने में लड़की की मां की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता और किशोर न्याय अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। जांच अधिकारी सहायक उप-निरीक्षक रोशनी ने कहा, ‘‘हमने प्राथमिकी दर्ज कर ली है और हम आरोपी को पकड़ने की कोशिश कर रहे हैं।
-
देहरादून. विदेश में रोजगार के इच्छुक युवाओं के सपनों को पूरा करने के लिए उत्तराखंड मंत्रिमंडल ने बुधवार को 'मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना' को मंजूरी दे दी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में यहां हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक के बाद प्रदेश के मुख्य सचिव सुखबीर सिंह सन्धु ने बताया कि योजना के तहत विदेश में रोजगार के इच्छुक युवाओं की प्रतिभा को तराशने के अलावा राज्य सरकार चयनित होने वाले अभ्यर्थियों के टिकट व वीजा आदि से संबंधित प्रक्रियाओं में मदद भी करेगी। मंत्रिमंडल की बैठक में बताया गया कि विदेश में रोजगार के इच्छुक युवाओं से संबंधित डाटाबेस तैयार करने के लिए ‘अपुणी सरकार पोर्टल' पर ऐप विकसित किया जा चुका है । इसके साथ ही विदेश में उपलब्ध रोजगार से राज्य के युवाओं को जोड़ने के लिए इस क्षेत्र में कार्य करने वाली संस्थाओं से रुचि पत्र के माध्यम से प्रस्ताव आमंत्रित किये जा रहे हैं तथा अब तक इस कड़ी में कई संस्थाओं के प्रस्ताव सरकार को प्राप्त भी हो चुके हैं ।
-
सीतामढ़ी/पटना. बिहार के सीतामढ़ी जिले के नगर थाना अंतर्गत पकड़ी गांव के समीप बुधवार की शाम एक तेज रफ्तार ट्रक ने एक ऑटो रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो रिक्शा में सवार एक ही परिवार के पांच सदस्यों सहित छह लोगों की मौत हो गई जबकि सात अन्य घायल हो गए। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस सड़क हादसे में छह लोगों की मौत पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने इस घटना को काफी दुखद बताया है। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवारों को दुख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है। उन्होंने इस सड़क हादसे में घायल सात लोगों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं। साथ ही उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की। सीतामढ़ी के पुलिस अधीक्षक मनोज तिवारी ने बताया कि इस हादसे में गंभीर रूप से घायल दो लोगों को बेहतर इलाज के लिए पड़ोसी जिले मुजफ्फरपुर के श्री कृष्ण मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया है जबकि बाकी अन्य घायलों का इलाज सदर अस्पताल में किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मृतकों में एक ही परिवार के पांच सदस्य और ऑटो रिक्शा चालक शामिल हैं और छह मृतकों में से तीन किशोर हैं।
-
नयी दिल्ली. लगातार तीन बार ‘ला नीना' की दुर्लभ घटना के बाद, आगामी महीनों में भूमध्यरेखीय प्रशांत महासागर के गर्म होने की संभावना बढ़ रही है, जिसे ‘एल नीनो' गतिविधि कहा जाता है और इसका संबंध उच्च वैश्विक तापमान से है। इसके कारण भारत में मॉनसून पर असर पड़ सकता है। संयुक्त राष्ट्र (यूएन) के विश्व मौसम विज्ञान संगठन (डब्ल्यूएमओ) के अनुसार, अल नीनो के अब जुलाई के अंत तक 60 प्रतिशत संभावना और सितंबर के अंत तक 80 प्रतिशत संभावना के साथ उभरने की भविष्यवाणी की गई है। डब्ल्यूएमओ के क्षेत्रीय जलवायु पूर्वानुमान सेवा प्रभाग के प्रमुख विल्फ्रान मौफौमा ओकिया ने स्विट्जरलैंड के जिनेवा में संवाददाताओं से कहा, ‘‘यह दुनिया भर में मौसम और जलवायु की प्रणाली को बदल देगा।''' इसके साथ ही अब तक के सबसे लंबी ‘ला नीना' गतिविधि भी समाप्त हो जाएगी। वर्ष 1950 के बाद ऐसा तीसरी बार हुआ है, जब ‘ला नीना' गतिविधि लगातार तीसरे वर्ष देखी गई हो। ‘ला नीना' का अर्थ समुद्र की सतह के तापमान के सामान्य से अधिक ठंडा होने का चरण है।
अल नीनो के कारण दक्षिण अमेरिका के पास प्रशांत महासागर की सतह के जल का ताप सामान्य से अधिक हो जाता है और इसे मॉनसून की हवाओं के कमजोर पड़ने तथा भारत में कम बारिश के साथ जोड़ कर देखा जाता है। लगातार तीन बार ‘ला नीना' के प्रभाव के बाद इस साल अल नीनो की स्थिति बनेगी। ला नीना, अल नीनो की विपरीत स्थिति है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्रा ने पिछले सप्ताह कहा था कि मॉनसून के दौरान अल नीनो की स्थिति बन सकती है और इसका प्रभाव मॉनसून के दूसरे भाग में महसूस किया जा सकता है। महापात्रा ने कहा था कि 1951-2022 के बीच जितने साल भी अल नीनो सक्रिय रहा है, वे सभी वर्ष मॉनसून के लिहाज़ से खराब नहीं थे। उन्होंने कहा कि इन वर्षों में अल नीनो के प्रभाव वाले 15 साल थे और उनमें से छह में ‘सामान्य' से लेकर ‘सामान्य से अधिक' बारिश हुई। -
जयपुर.राजस्थान के बाड़मेर जिले में एक महिला ने अपने दो बच्चों को कथित रूप से टांके (पानी की टंकी) में फेंक कर उनकी जान ले ली और फिर आत्मदाह कर लिया। पुलिस ने बताया कि यह घटना लीलसर गांव में बुधवार शाम को हुई। चोहटन थानाधिकारी भूताराम विश्नोई ने बताया कि आरोपी सोनी देवी (30) ने अपनी तीन साल की बेटी और डेढ़ साल के बेटे को पानी की टंकी में फेंक दिया जिसके बाद कुछ ज्वलनशील पदार्थ डालकर खुद को आग लगा ली। उन्होंने बताया, “महिला 80 प्रतिशत जल गई थी और उसकी मौत हो गई। बच्चे भी डूब गए। शवों को जिला अस्पताल के मुर्दाघर में रखा गया है। ” अधिकारी ने बताया कि इस घटना के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका है।
-
भुवनेश्वर. बंगाल की खाड़ी में नौ मई के आसपास एक ग्रीष्मकालीन चक्रवात आने का अनुमान है, हालांकि इसके मार्ग और तीव्रता के बारे में अभी आकलन नहीं किया गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बुधवार को यह जानकारी दी। आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्रा ने कहा कि संख्यात्मक मॉडल के अनुसार नौ मई के आसपास चक्रवाती तूफान के लिए स्थिति अनुकूल होने का संकेत मिला है, लेकिन इसकी गति और तीव्रता सात मई को कम दबाव का क्षेत्र बनने के बाद निर्धारित की जा सकती है। उन्होंने कहा कि हालांकि अभी तक देश के तट पर इसके पहुंचने के संबंध में कोई पूर्वानुमान नहीं है। उन्होंने कहा कि लेकिन मछुआरों को सात मई से समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। ओडिशा के विशेष राहत आयुक्त सत्यव्रत साहू ने बुधवार को कहा कि मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने पहले ही 18 तटीय और आसपास के जिलों के जिलाधिकारियों और 11 विभागों के अधिकारियों को सतर्क कर दिया है। महापात्रा ने कहा कि मौसम प्रणाली के आठ मई को कम दबाव के क्षेत्र में केंद्रित होने और नौ मई को एक चक्रवात में बदलने की आशंका है। उन्होंने कहा कि चक्रवात के बंगाल की मध्य खाड़ी की ओर बढ़ने का अनुमान है। उन्होंने ने एक स्थानीय टीवी समाचार चैनल को बताया कि ग्रीष्मकालीन चक्रवातों के मार्ग का अनुमान लगाना बहुत कठिन है। उन्होंने कहा कि कम दबाव का क्षेत्र बनने के बाद इसके मार्ग और तीव्रता के बारे में जानकारी दी जायेगी। ओडिशा तट पर इसके संभावित प्रभाव के बारे में पूछे जाने पर महापात्रा ने कहा कि इसके लिए या पूर्वी तट पर किसी अन्य स्थान के लिए कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि चक्रवात के बारे में जानकारी का उद्देश्य मछुआरों और नौ-परिवहन से जुड़े लोगों को सतर्क करना है। उन्होंने कहा कि लोगों को घबराने की कोई जरूरत नहीं है। महापात्रा ने कहा कि अप्रैल, मई और जून के महीने ग्रीष्मकालीन चक्रवात के लिए माने जाते है, जबकि सितंबर, अक्टूबर और नवंबर मानसून चक्रवात महीने हैं।
-
मुंबई. राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम (एनएफडीसी) हालिया कुछ वर्षों में “पिछड़ गया” है लेकिन यह जल्द ही यह फिर से फिल्मों को समर्थन देना शुरू कर देगा और इसकी खुद की ओटीटी सेवा होगी। एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी ने बुधवार को यह बात कही। सूचना एवं प्रसारण सचिव अपूर्व चंद्रा ने कहा कि “गांधी” और “जाने भी दो यारों” सरीखी फिल्मों को समर्थन देने वाले एनएफडीसी की जल्द ही नेटफ्लिक्स जैसी ओवर द टॉप (ओटीटी) सेवा भी होगी, जहां कोई भी इसकी फिल्में देख सकेगा। चंद्रा ने यहां वार्षिक ‘फिक्की फ्रेम्स' समारोह में कहा, “हमें लगता है कि एनएफडीसी पिछले 8-10 साल में पिछड़ गया है। हमें दोबारा वापसी करने की जरूरत है। हमें युवा फिल्मकारों को समर्थन देने की जरूरत है, जिन्हें बाजार में उस तरह पहुंच नहीं मिल पाई है। हम एनएफडीसी का ओटीटी प्लेटफॉर्म भी लेकर आएंगे।
-
नयी दिल्ली. सरकार को विदेशी पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए वीजा प्रक्रिया को अधिक अनुकूल बनाने और भारत आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा चिंताएं दूर करने पर ध्यान देना चाहिए। पर्यटन पर केंद्रित एक रिपोर्ट में यह सुझाव दिया गया है। सलाहकार फर्म नांगिया एंडरसन ने उद्योग मंडल फिक्की के सौजन्य से जारी अपनी रिपोर्ट में कहा है कि विदेश से भारत आने वाले पर्यटकों की संख्या में 2022-27 के दौरान सालाना आधार पर 12 प्रतिशत की दर से बढ़ने की उम्मीद है। लोगों के पास खर्च लायक आय बढ़ने, मध्यम वर्ग की संख्या में बढ़ोतरी और एक आकर्षक पर्यटक स्थल के तौर पर भारत के बारे में बढ़ती जागरूकता इस वृद्धि में अहम योगदान निभाएगी। रिपोर्ट के मुताबिक, कोविड-19 महामारी की वजह से पैदा हुई चुनौतियों के बावजूद वर्ष 2022 में 62 लाख विदेशी पर्यटक भारत आए थे जो महामारी से बुरी तरह प्रभावित वर्ष 2021 के 15.2 लाख पर्यटकों की तुलना में 307.9 प्रतिशत अधिक है। इसके अलावा पर्यटन ने पिछले साल देश के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में 9.2 प्रतिशत का योगदान दिया है और 4.46 करोड़ रोजगार भी पैदा किए हैं। रिपोर्ट में भारत के पर्यटन परिदृश्य को संभावनाओं से भरपूर बताते हुए कहा गया है कि विदेशी पर्यटकों को अधिक संख्या में आकर्षित करने के लिए सरकार को कई मोर्चों पर कदम उठाने होंगे। इनमें वीजा प्रक्रिया को अधिक सुगम बनाना और सुरक्षा से जुड़ी चिंताओं को दूर करना शामिल हैं। नांगिया एंडरसन एलएलपी के प्रबंध साझेदार एवं सार्वजनिक क्षेत्र परामर्श प्रमुख सूरज नांगिया ने कहा कि यह रिपोर्ट भारत आने वाले पर्यटकों के लिए इसे यादगार अनुभव बनाने से जुड़े सुझाव देती है। इससे निवेशकों एवं डेवलपरों के लिए भी भावी अवसरों को पहचानने में मदद मिलेगी।
-
नयी दिल्ली. दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में चिकित्सकों के एक दल ने दुर्लभ अंतःस्रावी विकार ‘हाइपरपैराथायरायडिज्म' से जुड़े जबड़े के एक बड़े ट्यूमर से पीड़ित 14 वर्षीय किशोरी का सफलतापूर्वक ऑपरेशन किया। ‘‘हाइपरपैराथायरायडिज्म'' रक्त में पैराथायराइड हार्मोन के स्तर में वृद्धि के कारण होता है।
किशोरी का ऑपरेशन करने वाले चिकित्सकों के अनुसार, उनकी जानकारी में यह ‘‘हाइपरपैराथायरायडिज्म'' से जुड़ा जबड़े का अब तक का सबसे बड़ा ट्यूमर है। चिकित्सकों ने बताया कि किशोरी के जबड़े का कोशिका ट्यूमर 18 गुणा 15 सेंटीमीटर के विशाल आकार तक बढ़ गया था। इसके कारण उसका चेहरा विकृत हो गया था और उसे बोलने में कठिनाई हो रही थी। यह ऑपरेशन एम्स के सर्जरी विभाग के प्रमुख डॉ. सुनील चंबर और डॉ. अजय रॉय चौधरी ने किया। मरीज ने खाना-पीना शुरू कर दिया है और वह एक स्वस्थ एवं सामान्य जीवन जी रही है।

.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)



.jpg)

















.jpg)
.jpg)