- Home
- देश
- गुवाहाटी। भारत की जी20 अध्यक्षता में सदस्य देशों के प्रतिनिधि सोमवार से शुरू होने जा रही ‘सुप्रीम ऑडिट इंस्टीट्यूशंस-20 (एसएआई20)' की तीन दिवसीय बैठक में समुद्रों एवं महासागरों पर आधारित अर्थव्यवस्था (ब्लू इकोनॉमी) एवं जिम्मेदार कृत्रिम मेधा (एआई) विषयों पर विचार-विमर्श करेंगे। भारत की जी20 अध्यक्षता के तहत सोमवार को इस बैठक की मेजबानी भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) करेंगे। एक विज्ञप्ति में बताया गया कि एसएआई20 कार्यक्रम में जी20 के सदस्य देश, आमंत्रित राष्ट्र तथा अन्य अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। इनके अलावा ऑस्ट्रेलिया, ब्राजील, मिस्र, इंडोनेशिया, ओमान, कोरिया, रूस, सऊदी अरब, तुर्किये तथा संयुक्त अरब अमीरात के एसएआई भी इसमें शामिल होंगे। कैग ने समुद्रों एवं महासागरों पर आधारित अर्थव्यवस्था तथा जिम्मेदार कृत्रिम मेधा जैसे दो प्राथमिक क्षेत्रों पर एसएआई20 के सरोकार समूह को सहयोग करने का प्रस्ताव दिया है। ब्लू इकोनॉमी के अंतर्गत ऐसी अर्थव्यवस्था आती है, जो प्रत्यक्ष व परोक्ष रूप से महासागरों व समुद्रों पर आधारित होती है। समुद्री अर्थव्यवस्था का मतलब है कि समुद्री संसाधनों का अर्थव्यवस्था को मजबूत करने, आजीविका को बेहतर बनाने तथा रोजगार के लिए सूझबूझ से इस्तेमाल किया जाए, जिससे हमारी परिस्थितिकी भी संरक्षित और सुरक्षित रहे।
- नयी दिल्ली। इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी राज्यमंत्री राजीव चंद्रशेखर प्रौद्योगिकी स्टार्टअप परिवेश से करीब से जुड़े सिलिकॉन वैली बैंक के दिवालिया होने के असर का पता लगाने के लिए इस हफ्ते स्टार्टअप क्षेत्र के लोगों से मुलाकात करेंगे। चंद्रशेखर ने रविवार को ट्वीट किया, ‘‘एसवीबी का बंद होना निश्चित ही दुनियाभर के स्टार्टअप के लिए परेशानी पैदा करने वाला होगा। स्टार्टअप न्यूइंडिया अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इसके असर का आकलन करने के लिए मैं इस हफ्ते भारतीय स्टार्टअप के लोगों से मुलाकात करूंगा और यह पता लगाने का प्रयास करूंगा कि नरेंद्र मोदी सरकार संकट के इस समय में उनकी किस तरह मदद कर सकती है।'' सिलिकॉन वैली बैंक के दिवालिया होने से अमेरिका में काम करने वाले सॉफ्टवेयर सेवा प्रदाता ज्यादातर भारतीय स्टार्टअप और इनक्यूबेटर वाई कॉम्बिनेटर से जुड़ी कंपनियां प्रभावित होंगी। हालांकि उद्योग जगत लोगों एवं विशेषज्ञों का ऐसा मानना है कि यह प्रभाव लंबा नहीं टिकेगा।
- विदिशा (मप्र)। मध्यप्रदेश में रविवार को एक तेज रफ्तार बस ने लोगों से खचाखच भरे ट्रैक्टर-ट्राली को टक्कर मार दी, जिससे दो लोगों की मौत हो गई और 19 अन्य घायल हो गये। अधिकारियों ने यह जानकारी दी । विदिशा जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक समीर यादव ने बताया कि यह घटना विदिशा शहर से करीब आठ किलोमीटर दूर रायसेन जिले में सांची के समीप सुबह करीब चार बजे हुई। उनके अनुसार इस हादसे में दो लोगों की मौत हुई है और 19 अन्य घायल हुए हैं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ वैभव जैन ने बताया कि रविवार सुबह 21 घायल लोगों को मेडिकल कॉलेज विदिशा लाया गया, जिनमें से मीरा बाई (70) और कल्लू (25) नामक दो लोगों की मौत हो गई। उन्होंने कहा कि घायलों में से दो की हालत गंभीर है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के वक्त ट्रैक्टर-ट्राली में भी 35 लोग सवार थे और जब तेज रफ्तार बस ने इसे पीछे टक्कर मारी, उस वक्त ट्रैक्टर-ट्राली खड़ी थी।
- श्रीनगर। जम्मू कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में एक आतंकवादी ठिकाने का भंडाफोड़ किया गया और वहां से हथियार तथा गोला बारुद बरामद किए गए। पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि शनिवार को उत्तर कश्मीर जिले में हंदवाड़ा के शलनार हंगनीकूट इलाके में पुलिस ने छापा मारा। उन्होंने बताया कि इलाके की छानबीन के दौरान एक ऐसे स्थान का पता चला, जहां हथियार और गोला बारुद का भंडारण किया गया था। इनमें एक एके 47 राइफल के साथ दो मैगजीन और 75 गोलियां, 10 हथगोले, 26 यूबीजीएल ग्रेनेड, आठ यूबीजीएल बूस्टर, दो फ्लेम थ्रोअर, पांच रॉकेट और तीन रॉकेट बूस्टर शामिल थे। पुलिस अधिकारी ने बताया कि कानून की संबंधित धाराओं के तहत एक मामला दर्ज किया गया है और जांच शुरू की गयी है।
- नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ऐतिहासिक ‘‘दांडी मार्च'' की वर्षगांठ पर महात्मा गांधी तथा इसमें भाग लेने वाले अन्य लोगों को श्रद्धांजलि दीं और कहा कि इसे विभिन्न प्रकार के अन्याय के खिलाफ दृढ़ प्रयास के तौर पर याद रखा जाएगा। नमक सत्याग्रह को 1930 के दांडी मार्च के नाम से भी जाना जाता है और यह भारत के स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में एक ऐतिहासिक घटना है। ब्रिटिश शासन के विरूद्ध सविनय अवज्ञा आंदोलन के तहत गांधी के नेतृत्व में ‘सत्याग्रहियों' ने 12 मार्च- पांच पांच अप्रैल के दौरान अहमदाबाद के साबरमती आश्रम से तटीय गांव डांडी तक की यात्रा की थी और ब्रिटिश सरकार के नमक कानून का उल्लंघन करते हुए समुद्री पानी से नमक बनाया था। मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘मैं बापू और दांडी मार्च में भाग लेने वाले अन्य सभी लोगों को श्रद्धांजलि देता हूं। यह हमारे देश के इतिहास में एक महत्वपूर्ण घटना थी।'' प्रधानमंत्री ने कहा कि इसे विभिन्न प्रकार के अन्याय के खिलाफ एक दृढ़ प्रयास के रूप में याद रखा जाएगा।
- समालखा (हरियाणा): राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की वार्षिक प्रतिनिधि सभा की बैठक में संगठन के सामाजिक जागरूकता कार्यक्रमों में महिलाओं की हिस्सेदारी बढ़ाने के बारे में चर्चा की जायेगी। संघ के सह सरकार्यवाह मनमोहन वैद्य ने रविवार को यह जानकारी दी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की वार्षिक अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा की तीन-दिवसीय बैठक रविवार को शुरू हुई, जिसमें पिछले एक वर्ष में संगठन के कामकाज की समीक्षा की जायेगी और आगे के एक साल के कामकाज का खाका तैयार किया जायेगा। वैद्य ने संवाददाताओं से कहा कि आरएसएस देश की आजादी के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर एक प्रस्ताव पारित करेगी और इसमें आत्मनिर्भरता पर जोर दिया जायेगा। आरएसएस में महिलाओं की सहभागिता के बारे में पूछे गये एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए संघ की एक समर्पित शाखा है, जिसे राष्ट्र सेविका समिति के नाम से जाना जाता है, जो महिलाओं के सर्वांगीण विकास को लेकर काम करती है। मनमोहन वैद्य ने कहा , ‘‘सामाजिक जागरूकता, जन जागरण और सामाजिक बदलाव से जुड़े कार्यों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के बारे में बैठक के दौरान चर्चा की जायेगी।''इससे पहले, संगठन ने ऐसे राजनीतिक नेताओं और प्रख्यात हस्तियों को श्रद्धांजलि दी, जिनका पिछले एक साल में निधन हुआ है। इस सूची में मुलायम सिंह यादव, शरद यादव और भूषण समेत 100 से अधिक नाम शामिल हैं। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन मोदी और अभिनेता-फिल्म निर्माता सतीश कौशिक भी शामिल हैं। file photo
-
प्रयागराज (उप्र)। उमेश पाल हत्याकांड में नामजद और फरार आरोपी अतीक अहमद की पत्नी आरोपी शाइस्ता परवीन पर प्रयागराज पुलिस ने 25,000 रुपए का इनाम घोषित किया है। यहां धूमनगंज थाने के प्रभारी राजेश कुमार मौर्या ने बताया कि आरोपी शाइस्ता परवीन पर शुक्रवार को 25,000 रुपए का इनाम घोषित किया गया है। उमेश पाल और उसके दो सुरक्षाकर्मियों की 24 फरवरी को गोली मारकर हत्या किए जाने के बाद उमेश की पत्नी की तहरीर पर धूमनगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। प्राथमिकी में आरोपी माफिया अतीक अहमद, उसके आरोपी भाई अशरफ और पत्नी आरोपी शाइस्ता परवीन एवं अन्य के खिलाफ हत्या और साजिश रचने का आरोप लगाया गया है। इससे पूर्व आरोपी अतीक अहमद के आरोपी बेटे असद समेत पांच शूटरों पर ढाई-ढाई लाख रुपए का इनाम घोषित किया गया है।
- मांड्या (कर्नाटक) । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का रविवार को मांड्या शहर में एक विशाल रोडशो के दौरान गर्मजोशी से स्वागत किया गया और उन्होंने भी भीड़ में शामिल लोगों पर वापस फूलों की पंखुड़ियां फेंककर अपने उद्गगार जाहिर किये। मोदी ने रास्ते के दोनों ओर कतारबद्ध खड़े लोगों का हाथ हिलाकर अभिवादन किया। उन्हें अपनी कार के बोनट पर एकत्रित फूलों की पंखुड़ियों को उठाकर भीड़ पर फेंकते देखा गया। वह अपनी कार से उतरे और उनके स्वागत में प्रस्तुति देने वाले लोक कलाकारों से मिले। प्रधानमंत्री देश को बेंगलुरु-मैसूरु एक्सप्रेसवे समर्पित करने संबंधी कार्यक्रम के लिए इस जिले में हैं। इस परियोजना में राष्ट्रीय राजमार्ग-275 के बेंगलुरु-निदाघट्टा-मैसुरु खंड को छह लेन का बनाना शामिल है। करीब 118 किलोमीटर लंबी इस परियोजना को लगभग 8,480 करोड़ रुपये की कुल लागत से विकसित किया गया है। इससे बेंगलुरु और मैसुरु के बीच यात्रा का समय लगभग तीन घंटे से घटकर करीब एक घंटा 15 मिनट हो जाएगा। सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी पुराने मैसूरु क्षेत्र में अच्छी-खासी सीट जीतने पर ध्यान केंद्रित करती दिख रही है, जहां वह पारंपरिक रूप से कमजोर रही है। कर्नाटक में मई में विधानसभा चुनाव होने हैं। मोदी के 1.8 किलोमीटर लंबे रोडशो के लिए पूरे रास्ते को भगवा रंग से सजाया गया। पूरे रास्ते पर भाजपा के झंडे, पोस्टर और बैनर लगाए गए। अपनी कार के ‘रनिंग बोर्ड' पर खड़े होकर मोदी ने सड़कों और आसपास की इमारतों पर खड़े लोगों का हाथ हिलाकर अभिवादन किया। भीड़ में शामिल लोगों को ‘मोदी, मोदी' के नारे लगाते देखा गया। मांड्या जिला, पुराने मैसूरु क्षेत्र का एक प्रमुख हिस्सा है और यह पारंपरिक रूप से जनता दल सेक्युलर (जद-एस) का गढ़ रहा है। जिले में सात विधानसभा क्षेत्र हैं और एक को छोड़कर सभी पर जद (एस) का कब्जा है। वोक्कालिंगा समुदाय बहुल इस जिले में कांग्रेस भी मजबूत है और भाजपा यहां अपने पैर पसारने की कोशिश कर रही है।
- भुवनेश्वर। ओडिशा में एच3एन2 के 59 मामले सामने आने के बाद राज्य सरकार ने जिला अधिकारियों से इन्फ्लूएंजा जैसी बीमारी (आईएलआई) और श्वसन संबधी ‘सीवियर एक्यूट रेस्पिरेटरी इन्फेक्शन' (एसएआरआई) की निगरानी तेज करने को कहा है और लोगों को व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने तथा भीड़भाड़ वाली जगहों से बचने की सलाह दी है। एक शीर्ष अधिकारी ने यह जानकारी दी। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण सचिव शालिनी पंडित ने जिलाधिकारियों और संबंधित स्वास्थ्य अधिकारियों को स्वास्थ्य सुविधा स्तर और सामुदायिक स्तर पर आईएलआई और एसएआरआई की निगरानी बढ़ाने के लिए कहा है। अधिकांश मरीजों में लक्षण हल्के और स्वत: ठीक होने वाले हैं, इसलिए राज्य सरकार ने हाथ धोने, व्यक्तिगत स्वच्छता और भीड़भाड़ वाली जगहों से बचने पर जोर दिया है। अधिकारी ने कहा कि जिला एकीकृत रोग निगरानी परियोजना इकाइयां तैयार हैं और स्थिति की लगातार निगरानी कर रही हैं। । एच1एन1 और एच3एन2 इन्फ्लूएंजा ए वायरस के उपस्वरूप हैं। विभाग ने एक बयान में कहा कि यह दिसंबर से मार्च तक बच्चों और बुजुर्गों में पाया जाने वाला एक सामान्य फ्लू वायरस है। सरकार ने कहा कि इन्फ्लूएंजा वायरस एक सामान्य मौसमी वायरस है जो बुखार, खांसी और जुकाम का कारण बनता है। विभाग ने कहा कि गंभीर बीमारी से ग्रसित व्यक्तियों या बुजुर्ग लोगों में यह श्वसन संबंधी जटिलताओं को जन्म दे सकता है। पंडित ने कहा, ‘‘100 में से नब्बे व्यक्ति अपने आप ठीक हो जाते हैं क्योंकि यह वायरल बीमारी अपने आप में सीमित है। बाकी दस प्रतिशत मामलों में आईएलआई और एसएआरआई के लक्षण होने पर सांस लेने में तकलीफ, लगातार खांसी और दवाओं की जरूरत हो सकती है।'' उन्होंने कहा कि कमजोर रोग प्रतिरोधक क्षमता वाले लोगों और फ्लू जैसे लक्षणों से पीड़ित व्यक्तियों को मास्क का उपयोग करना चाहिए।
- कन्नौज (उप्र) । उत्तर प्रदेश में कन्नौज जिले के गुरसहायगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने शनिवार को छापेमारी कर ढाई क्विंटल से अधिक चंदन की लकड़ी बरामद की और तीन आरोपी तस्करों को गिरफ्तार भी किया है। पुलिस ने यह जानकारी दी है। कन्नौज के पुलिस अधीक्षक (एसपी) कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि गुरसहायगंज पुलिस ने शनिवार को सूचना के आधार पर थाना क्षेत्र के ग्राम डुडवा बुजुर्ग में मुशाहिद रजा के यहां छापेमारी की और घर के अंदर छह बोरों में रखी 256 किलोग्राम चंदन की लकड़ी बरामद की। उन्होंने बताया कि बरामद लकड़ी की कीमत 15 लाख रुपये आंकी गयी है।सिंह के अनुसार, इस घटना में संलिप्त डुंडवा बुजुर्ग निवासी तीन आरोपियों- शान मोहम्मद उर्फ शानू (31) जुनैद उर्फ मोना (29) और फरहान (21) को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो आरोपी- मुशाहिद रजा और अनीश खां फरार हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस इन फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।एसपी ने बताया कि आरोपी अनीश खान ने आरोपी मुशाहिद रजा और उसके अन्य आरोपी भाइयों को एक छोटे ट्रक के जरिये चंदन की लकड़ी की आपूर्ति की थी तथा पुलिस ने इस वाहन को भी जब्त कर लिया है। एसपी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है।
-
जालौन (उप्र)आरोपी उत्तर प्रदेश में जालौन जिले के कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में मकान निर्माण के दौरान खुदाई के समय 160 साल से अधिक पुराने 279 सिक्कों और चांदी के गहनों से भरा धातु का एक बर्तन मिला है, जिसे प्रशासन ने कब्जे में लेकर पुरातत्व विभाग को सौंप दिया है। एक प्रशासनिक अधिकारी ने यह जानकारी दी है। प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, कोतवाली जालौन की व्यास पुरा गांव में मकान निर्माण के लिए शनिवार को खुदाई करते वक्त 279 प्राचीन सिक्के मिले, जिसे प्रशासन ने अपने कब्जे में लेकर पुरातत्व विभाग को सौंप दिया है। उरई के उप जिला अधिकारी राजेश सिंह ने बताया कि कोतवाली जालौन के गांव व्यास पुरा निवासी कमलेश कुशवाहा को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत एक आवास आवंटित हुआ, जिसके निर्माण के लिए शनिवार को नींव की खुदाई चल रही थी। उन्होंने बताया कि अचानक एक मजदूर की खुदाई करने वाली गैंती एक धातु के बर्तन से टकरा गई और जब उसे निकाला गया तो उसमें 279 चांदी के सिक्कों के अलावा चांदी के गहने भी मिले। सिंह ने बताया कि सिक्कों में सन् 1862 अंकित है, जिससे प्रतीत होता है ये सिक्के 161 साल पुराने हैं। सूचना पाकर पुलिस निर्माण स्थल पर पहुंची, जहां पर सिक्कों को देखकर पुलिस ने उप जिलाधिकारी (एसडीएम) को सूचना दी। सिंह ने मौके पर पहुंचकर सिक्कों को अपने कब्जे में ले लिया और उसे तत्काल पुरातत्व विभाग के अधिकारियों को बुलाकर सौंप दिया।
- सिवनी (मप्र)। मध्यप्रदेश के सिवनी में राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) और स्थानीय पुलिस ने छापेमारी के बाद पूछताछ के लिए दो लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे कथित तौर पर कुछ आपत्तिजनक सामग्री एवं इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए हैं। यह जानकारी एक अधिकारी ने रविवार को दी है। सिवनी जिले के पुलिस अधीक्षक रामजी श्रीवास्तव ने बताया कि शनिवार को तीन लोगों के परिसरों में छापेमारी की गई, जिसके बाद दो लोगों को पूछताछ के लिए जबलपुर ले जाया गया। उन्होंने कहा, ‘‘प्रारंभिक पूछताछ के बाद एनआइए की टीम दो आरोपियों --अब्दुल अजीज सल्फी (40) एवं शोएब खान (27) को अपने साथ जबलपुर ले गई है। एक अन्य आरोपी अकरम खान (28) को पूछताछ के बाद एनआइए ने छोड़ दिया है।'' श्रीवास्तव ने बताया कि एनआइए के दिल्ली मुख्यालय में दर्ज मामले के संबंध में छानबीन के दौरान मध्यप्रदेश के सिवनी जिले में संदिग्ध एवं अवैध गतिविधियों की सूचना मिलने पर एनआइए की टीम शनिवार को जांच करने सिवनी मुख्यालय पहुंची थी। उन्होंने कहा कि एनआइए की टीम गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) की धाराओं 18, 38, 39 के अलावा भारतीय दंड संहित (भादंसं) की धाराओं 121, 121 ए के तहत दिल्ली में दर्ज प्रकरण की जांच कर रही है। श्रीवास्तव ने बताया कि एनआइए की टीम ने मौके से कुछ इलेक्ट्रानिक डिवाइस, हार्ड डिस्क एवं आपत्तिजनक साहित्य बरामद किया है, जिसकी विधिवत जब्ती बनाई गई है। file photo
- नयी दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) पिछले लगभग एक दशक से तमाम सियासी उठापटक के बावजूद दिल्ली की सत्ता के गलियारों में अपनी पकड़ बनाए हुए है। पार्टी में कुछ ऐसे नाम हैं जो बहुत शुरू से इसके साथ जुड़े हैं और इसकी मजबूती के लिए काम कर रहे हैं। इन लोगों पर किसी भी मौके पर किसी भी तरह की बड़ी जिम्मेदारी के लिए भरोसा किया जा सकता है। आतिशी सिंह आम आदमी पार्टी का एक ऐसा ही चेहरा हैं। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में आप ने सबसे पहले अपने जिन उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया था, उनमें पूर्वी दिल्ली से मैदान में उतारी गईं आतिशी भी शामिल थीं। अब उन्हें दिल्ली का नया शिक्षा मंत्री बनाया गया है। शिक्षा विभाग के अलावा, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), महिला एवं बाल विकास, ऊर्जा, कला-संस्कृति एवं भाषा तथा पर्यटन विभाग भी उनके जिम्मे होंगे।आतिशी की शिक्षा की बात करें तो उनकी स्कूली शिक्षा नयी दिल्ली के पूसा रोड स्थित स्प्रिंगडेल्स स्कूल में हुई। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के सेंट स्टीफन कॉलेज से वर्ष 2001 में स्नातक की पढ़ाई पूरी की और उसके बाद आगे की पढ़ाई ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से की। पढ़ाई पूरी करके भारत लौटने के बाद आतिशी ने आंध्र प्रदेश के ऋषि वैली स्कूल में कुछ समय तक काम किया और एक गैर-सरकारी संगठन संभावना इंस्टीट्यूट ऑफ पब्लिक पॉलिसी के साथ भी जुड़ी रहीं। आप के गठन के समय से ही आतिशी पार्टी के साथ जुड़ी हुई हैं। जनवरी 2013 में उन्हें पार्टी के लिए नीति निर्धारण के काम में शामिल किया गया। उसके बाद हर गुजरते वर्ष के साथ उनकी छवि पार्टी की एक कर्मठ और जिम्मेदार पदाधिकारी के तौर पर मजबूत होती रही। वर्ष 2015 में उन्होंने आप नेता आलोक अग्रवाल द्वारा मध्यप्रदेश के खंडवा में चलाये गये जल सत्याग्रह में बढ़ चढ़कर भाग लिया। आतिशी को 2019 के लोकसभा चुनाव में पूर्वी दिल्ली से पार्टी का उम्मीदवार बनाया गया। वह भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी गौतम गंभीर से 4.77 लाख मतों से हार गईं। वर्ष 2020 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में उन्होंने पार्टी के टिकट पर कालकाजी क्षेत्र से चुनाव जीता और भाजपा प्रत्याशी को 11 हजार से अधिक मतों से मात दी।---------
-
हैदराबाद। गृहमंत्री अमित शाह ने कहा है कि आतंकवाद, घुसपैठ और वामपंथी उग्रवाद को बिल्कुल बर्दाश्त न करने की सरकार की नीति आगे भी जारी रहेगी और केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल-सीआईएसएफ की इसमें महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया है कि सीआईएसएफ बड़े औद्योगिक और आर्थिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा चुनौतियों से निपटने में सक्षम होगा। श्री शाह ने यह भी कहा कि देश की आर्थिक प्रगति में सीआईएसएफ की महत्वपूर्ण भूमिका है और यह देश की अर्थव्यवस्था को पचास खरब डॉलर का बनाने की दिशा में अपना योगदान जारी रखेगा। श्री शाह ने आज हैदराबाद में हकीमपेट में राष्ट्रीय औद्योगिक और सुरक्षा अकादमी में सीआईएसएफ के 54वें स्थापना दिवस समारोह में यह बात कही। गृहमंत्री ने कहा कि अत्याधुनिक तकनीक की बदौलत सीआईएसएफ कई तरीकों से देश के महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा कर रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार के प्रयासों के कारण जम्मू- कश्मीर में आतंकवाद तथा उत्तर-पूर्व में घुसपैठ और वामपंथी उग्रवाद में पिछले कुछ वर्षों में काफी कमी आई है। इस अवसर पर सीआईएसएफ के जवानों ने गृहमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। श्री शाह ने उत्कृष्ट सेवा के लिए सीआईएसएफ कैडिटों को पुलिस पदक, विशिष्ट सेवा पदक और जीवनरक्षा पदक प्रदान किए।समारोह में सीआईएसएफ के महानिदेशक शीलवर्धन सिंह ने कहा कि पिछले वर्ष सीआईएसएफ ने आग लगने की ढाई हजार से अधिक घटनाओं में कई हजार करोड़ रुपए की सार्वजनिक संपत्ति बचाई है। हवाई अड्डों तथा बंदरगाहों पर गुम हुए बेशकीमती सामानों को संबंधित लोगों को वापिस करने में मदद की है। यह पहला मौका है जब सीआईएसएफ का स्थापना दिवस समारोह दिल्ली से बाहर आयोजित किया गया है। इस अवसर पर तेलंगाना के राज्यपाल डॉ. तमिलिसाई सौन्दर राजन, पर्यटन और संस्कृति मंत्री जी. किशन रेड्डी, राज्यसभा सदस्य डॉ. के लक्ष्मण, लोकसभा सदस्य बी. संजय कुमार और पुलिस महानिदेशक अंजनी कुमार भी उपस्थित थे।
- बद्रीनाथ । चारधाम यात्रा मे यात्री देहरादून से हेलीकॉप्टर में बद्रीनाथ धाम पहुंचते हैं। अधिकांश तीर्थयात्री बद्रीनाथ धाम के दर्शन कर उसी दिन लौट जाते हैं। इस बार तीर्थयात्रियों को लेकर बद्रीनाथ धाम पहुंचने वाले हेलीकॉप्टर को भी ईको पर्यटक शुल्क देना होगा। पहले तीर्थयात्रियों व पर्यटकों को दर्शन के लिए लेकर पहुंचने वाहनों को ईको पर्यटन शुल्क देना पड़ता था लेकिन इस बार हेली कंपनी से शुल्क वसूला जाएगा। नगर पंचायत ने पर्यटक शुल्क में संशोधन की कार्यवाही भी शुरु कर ली है। नगर पंचायत बद्रीनाथ की प्रभारी अधिकारी/एसडीएम जोशीमठ कुमकुम जोशी ने बताया कि बद्रीनाथ धाम में इस बार ईको टैक्स में संशोधन किया गया है। वाहनों के साथ ही हेलीकॉप्टर कंपनियों से भी प्रति चक्कर 1000 रुपये पर्यटक शुल्क लिया जाएगा। यात्रा के दौरान हेलीकॉप्टर प्रतिदिन 20 - 25 चक्कर लगाते हैं। इस पर्यटक शुल्क को नगर पंचायत द्वारा अपने स्तर से पर्यावरण व पर्यटन विकास पर खर्च किया जाएगा।नगर पंचायत द्वारा वसूला जाने वाला शुल्क -हेली सेवा - 1000 रुपये प्रति चक्करबस - 120 रुपये प्रति वाहनटैंपो ट्रेवलर - 100 रुपयेकार, जीप - 60 रुपयेदो पहिया वाहन -10 रुपयेबद्रीनाथ धाम को कूड़ा मुक्त बनाने की योजना भी बनाई -इस बार बद्रीनाथ धाम में ईको पर्यटक शुल्क के साथ तीर्थयात्रियों से 20 रुपये अतिरिक्त लिए जाएंगे जिसके बदले उन्हें एक बैग दिया जाएगा। तीर्थयात्री धाम में रहने तक जो भी कूड़ा छोड़ते हैं। उसे बैग में रखकर रवानगी के समय बैरियर पर दे देंगे जिस पर नगर पंचायत के कर्मचारी उनसे लिए गए 20 रुपये को वापस कर देंगे। इससे धाम को प्लास्टिक व कूड़ा मुक्त रखा जा सकता है।
-
नरसिंहपुर . मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर जिले में एक शराबी व्यक्ति की प्रताड़ना से परेशान होकर उसकी 38 वर्षीय पत्नी, बेटे और बेटी ने चलती ट्रेन के सामने कूदकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। यह जानकारी एक अधिकारी ने शनिवार को दी। उन्होंने कहा कि महिला, उसके 19 वर्षीय बेटे और 16 वर्षीय बेटी ने जिला मुख्यालय से करीब 50 किलोमीटर दूर गाडरवारा रेलवे स्टेशन के पास यह कदम उठाया। गाडरवारा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (एसडीओपी) शशि पाठक ने कहा कि पुलिस को शुक्रवार रात करीब 10 बजे रेल की पटरियों पर तीन शव पड़े होने की सूचना मिली। अधिकारी ने बताया कि बेटे की जेब से एक सुसाइड नोट मिला है जिसमें उसने लिखा है कि अपने पिता द्वारा शराब पीकर परेशान करने की वजह से वे तीनों आत्महत्या कर रहे हैं। पाठक ने कहा कि पुलिस ने पिता को गिरफ्तार कर लिया है.
-
विशाखापत्तनम. राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) ने श्रीकाकुलम रेलवे स्टेशन पर दो लोगों के पास से 4.21 करोड़ रुपये का तस्करी का सोना बरामद किया गया है और उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। खुफिया सूचना के आधार पर डीआरआई विशाखापत्तनम के अधिकारियों ने यात्री को रोका जो चेन्नई मेल से कोलकाता से श्रीकाकुलम नौ मार्च को आया था। अधिकारियों ने बताया कि एक अन्य को भी गिरफ्तार किया गया जो यात्री से सोना लेने आया था और स्टेशन पर ही मौजूद था। डीआरआई ने बताया कि आरोपी के पास से सोने की आठ ईंटे मिलीं जिनका कुल वजन 7.396 किलोग्राम है और इनकी कीमत करीब 4.21 करोड़ रुपये आंकी गई है। विज्ञप्ति के मुताबिक सोने की तस्करी बांग्लादेश से की गई और कोलकाता में उसकी सोने की ईंट बनाई गयीं।
-
नयी दिल्ली. दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराधों की अनदेखी करने के रवैये को खत्म किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पुरुषों और लड़कों को समझना चाहिए कि महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जबतक समाज अपनी जिम्मेदारी को नहीं समझेगा और खुद में बदलाव नहीं लाएगा तबतक दिल्ली को महिलाओं के लिए सुरक्षित बनाने की सभी कोशिशें बेकार जाएंगी। केजरीवाल दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू) अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पुरस्कार के विजेताओं को सम्मानित करने के लिए आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार वितरित कर वह रोमांचित महसूस कर रहे हैं, खासतौर पर दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) की महिला चालको को। केजरीवाल ने कहा, ‘‘दिल्ली सरकार डीटीसी बेड़े में और महिला चालकों को शामिल करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।'' उन्होंने डीटीसी की 31 महिला चालकों को सम्मानित किया। दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू) द्वारा शुरू किए गए पुरस्कार समारोह में करीब 100 महिलाओं को सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार उन महिलाओं को दिया जाता है जिन्होंने महिलाओं के प्रति असाधारण साहस और प्रतिबद्धता का प्रदर्शन किया है। समारोह को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा, ‘‘साल में सभी 365 दिन महिलाओं के लिए हैं लेकिन यह महिलाओं की उपलब्धियों का जश्न मनाने के लिए एक खास दिन है। एक कहावत है : उम्र महज एक संख्या है। आज इस कार्यक्रम में 104 वर्षीय और 106 वर्षीय महिलाओं को सम्मानित किया जा रहा है। हमें उनसे प्रेरणा लेनी चाहिए।'' उन्होंने कहा, ‘‘आज डीसीडब्ल्यू अवार्ड्स प्रतिष्ठित पुरस्कार बन गए हैं। पुरस्कार जीतने वाली सभी महिलाओं को बधाई।'' केजरीवाल ने कहा, ‘‘ यह कहावत है कि उम्र महज संख्याएं हैं। आज इस कार्यक्रम में 104 और 106 साल उम्र की महिलाओं को सम्मानित किया गया है। हमें इनसे प्रेरणा लेनी चाहिए।'' तीन बुजुर्ग महिलाओं 105 वर्षीय कुट्टियम्मा कोंथी और रमा बाई और 95 वर्षीय भगवानी देवी डागर को सम्मानित किया गया है।
-
नयी दिल्ली. साहित्य अकादमी ने हिंदी के लिए बद्री नारायण, अंग्रेजी के लिए अनुराधा रॉय और उर्दू के लिए अनीस अशफाक समेत 24 भारतीय भाषाओं के लेखकों को शनिवार को वर्ष 2022 के लिए प्रतिष्ठित साहित्य अकादमी पुरस्कार से नवाज़ा। इन लेखकों को अकादमी के छह दिवसीय ‘साहित्योत्सव' के पहले दिन आयोजित कार्यक्रम में इस पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इस ‘साहित्योत्सव' का उद्धाटन केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने किया। अकादमी की ओर से शनिवार को जारी एक बयान मुताबिक, अकादमी के आज ही संपन्न हुए चुनाव में माधव कौशिक को अध्यक्ष और कुमुद शर्मा को उपाध्यक्ष चुना गया। बयान के मुताबिक, मेघवाल ने अकादमी की प्रदर्शनी का उद्घाटन करने के बाद कहा, “हमें समाज में एक ऐसी सकारात्मकता उत्पन्न करनी है जिससे हमारा देश विकासशील की जगह विकसित राष्ट्र की पदवी पा सके।” संस्कृति राज्य मंत्री ने कहा कि कला और साहित्यिक से जुड़ सभी संस्थानों को समाज में रचनात्मक और सकारात्मक परिवेश बनाएं रखने में सहयोग करना चाहिए। शाम में कमानी सभागार में हुए पुरस्कार समारोह में नारायण को हिंदी में उनके कविता संग्रह ‘तुमड़ी के शब्द' के लिए प्रतिष्ठित साहित्य अकादमी पुरस्कार से नवाजा गया। रॉय को अंग्रेजी में उनके उपन्यास ‘ऑल द लाइव्स वी नेवर लिव्ड' के लिए तथा उर्दू में अशफाक को उनके उपन्यास ‘ख्वाब सराब' के लिए साहित्य अकादमी पुरस्कार से सम्मानित किया गया। बयान में कहा गया है कि मनोज कुमार गोस्वामी (असमिया), तपन बंद्योपाध्याय (बांग्ला), रश्मि चौधरी (बोडो) और वीणा गुप्ता (डोगरी) को भी साहित्य अकादमी पुरस्कार से सम्मानित किया गया। बयान के मुताबिक, गुलाम मोहम्मद शेख (गुजराती), मुडनाकुडु चिन्नास्वामी (कन्नड), फरूक़ फयाज़ (कश्मीरी), माया अनिल खंरगटे (कोंकणी), अजित आजाद (मैथिली), एम. थॉमस मैथ्यू (मलयालम), कोइजम शांतिबाला (मणिपुरी), प्रवीण दशरथ बांदेकर (मराठी) और के. बी. नेपाली (नेपाली) को भी साल 2022 के लिए इस प्रतिष्ठित पुरस्कार से नवाज़ा गया। बयान में कहा गया है कि यह पुरस्कार गायत्रीबाला पंडा (उड़िया), सुखजीत (पंजाबी), जर्नादन प्रसाद पाण्डेय ‘मणि' (संस्कृत), काजली सोरेन ‘जगन्नाथ सोरेन' (संताली), कन्हैयालाल लेखवाणी (सिंधी), एम. राजेंद्रन (तमिल), मधुरांतकम नरेंद्र (तेलुगु) को भी प्रदान किया गया है। इसमें कहा गया है कि कमल रंगा (राजस्थानी) पुरस्कार ग्रहण करने नहीं आ सके। साहित्य अकादमी पुरस्कार से नवाजे गए लेखक-लेखिकाओं को एक उत्कीर्ण ताम्रफलक, शॉल और एक-एक लाख रुपये की राशि दी गई। समारोह की अध्यक्षता आज चुने गए अकादमी नए अध्यक्ष माधव कौशिक ने की और समापन वक्तव्य नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष कुमुद शर्मा द्वारा प्रस्तुत किया गया। इस समारोह के मुख्य अतिथि अंग्रेजी के लेखक एवं विद्वान उपमन्यु चटर्जी थे। अकादमी के सचिव के. श्रीनिवास राव ने बृहस्पतिवार को बताया था कि यह अबतक का सबसे बड़ा ‘साहित्योत्सव' है जिसमें 40 कार्यक्रम आयोजित होंगे और इनमें 400 से ज्यादा लेखक व विद्वान भाग लेंगे। सोलह मार्च तक चलने वाले इस ‘साहित्योत्सव' में देश के पूर्व प्रधान न्यायाधीश दीपक मिश्रा, नोबेल पुरस्कार से सम्मानित कैलाश सत्यार्थी और उद्योगपति सुनीलकांत मुंजाल के व्याख्यान भी होंगे।
- बेंगलुरु। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को 118 किलोमीटर लंबी बेंगलुरु-मैसूरु एक्सप्रेसवे परियोजना का उद्घाटन किया। इससे पहले उन्होंने मांड्या में एक रोड शो भी किया।इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इंफ्रास्ट्रक्चर अपने साथ सिर्फ सुविधा नहीं लाता... ये रोजगार लाता है, निवेश लाता है, कमाई के साधन लाता है। बीते वर्षों में सिर्फ कर्नाटक में ही हमने 1 लाख करोड़ रुपए से अधिक हाई-वे से जुड़े प्रोजेक्ट्स में पूंजी निवेश किया है।पीएम मोदी ने कहा कि आज मैसुरू-कुशलनगर फोरलेन का भी शिलान्यास हुआ है। ये सभी प्रोजेक्ट्स इस क्षेत्र में सबका विकास को और गति देंगे, समृद्धि के रास्ते खोलेंगे। कनेक्टिविटी के इन प्रोजेक्ट्स के लिए आप सभी को बहुत-बहुत बधाई।प्रधानमंत्री ने कहा कि 2014 में जब आपने मुझे वोट देकर सेवा का मौका दिया तो देश में गरीब का दुख-दर्द समझने वाली संवेदनशील सरकार बनी। इसके बाद भाजपा की केंद्र सरकार ने पूरी ईमानदारी से गरीब की सेवा करने का प्रयास किया। गरीब के जीवन से मुश्किल कम करने का लगातार प्रयास किया। उन्होंने कहा कि बीते 9 वर्षों में भाजपा सरकार की योजनाओं से करोड़ों गरीबों का जीवन आसान हुआ है। कांग्रेस के शासनकाल में गरीब को सुविधाओं के लिए सरकार के पास चक्कर लगाने पड़ते थे। अब भाजपा की सरकार गरीब के पास जाकर सुविधाएं दे रही है।क्या है इस एक्सप्रेस वे में खास :8480 करोड़ की लागत से बने इस एक्सप्रेस वे की मदद से बेंगलुरु और मैसूरु के बीच का सफर मात्र 90 मिनट तय हो जाएगा। पहले इसमें 3 घंटे का समय लगता था। एक्सप्रेसवे में 9 बड़े पुल, 42 छोटे पुल, 64 अंडरपास, 11 ओवरपास और चार रेल ओवर ब्रिज बनाए गए हैं। यह एक्सप्रेस वे कर्नाटक के विकास में अहम योगदान देगा। इससे श्रीरंगपटना, कूर्ग, ऊटी और केरल जैसे क्षेत्रों तक पहुंच आसान होगी और पर्यटन में भी फायदा होगा।
- मुंबई।महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में रविवार सुबह समृद्धि एक्सप्रेसवे पर एक कार का टायर फट गया, जिससे उसमें सवार छह लोगों की मौत हो गई। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे के कारणों की जांच में जुट गई। पुलिस के एक अधिकारी के मुताबिक, हादसा शिवणी पिसा गांव में सुबह आठ बजे हुआ। कार औरंगाबाद से शेगांव की ओर जा रही थी। तभी टायर ब्लास्ट कर गया। टायर फटने की आवाज इतनी जोरदार थी कि आसपास के लोग सहम गए। वह भागते हुए घटनास्थल पर पहुंचे तो देखा कि एक कार हादसे का शिकार हो गई है।पुलिस के अधिकारी ने बताया कि कार में लिख नंबरों के आधार पर गाड़ी के मालिक की पहचान की जा रही है। अधिकारी ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के पास सूचना भेज दी गई है। पुलिस ने बताया कि पहली नजर में हादसे की वजह टायर फटना लग रहा है. लेकिन, पुलिस की एक टीम अपनी ओर से हादसे के कारणों की जांच कर रही है। शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
- श्रीनगर। डल झील और जबरवन पहाड़ियों के बीच स्थित ‘इंदिरा गांधी ट्यूलिप गार्डन’ अगले सप्ताह से पर्यटकों का स्वागत करने के लिए तैयार है, क्योंकि एशिया के इस सबसे बड़े ट्यूलिप गार्डन में रंग-बिरंगे फूल खिल चुके हैं। ट्यूलिप गार्डन के प्रभारी इनाम-उल-रहमान ने कहा, ‘‘ट्यूलिप उद्यान को पर्यटकों के लिए खोलने से पहले हम बागवानी, अभियांत्रिकी, कवकनाशक शोधन, पोषक तत्व छिड़काव जैसी छोटी-मोटी तैयारियां करते हैं और वह जारी है।’’पूरे देश में लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बन चुका यह गार्डन 19 मार्च को आम लोगों के लिए खोला जाएगा। इसे सिराज बाग के नाम से भी जाना जाता है। यहां विविध रंगों के 15 लाख ट्यूलिप के अलावा गुलाबी तुरसावा, डैफोडिल, मस्कारा और सिकलेमेन जैसे अन्य वसंती फूल लोगों का चित्त हरेंगे।रहमान ने कहा, ‘‘हर साल हम इस गार्डन का विस्तार करते हैं और नयी-नयी किस्में यहां हैं। इस साल हमने फाउंटेन चैनल का विस्तार किया है…. इसे दुनियाभर में बागवानी पेशेवर अंदाज में एक मिसाल कायम करना चाहिए।’’उन्होंने कहा कि इस साल पीले, लाल, गहरे लाल, बैंगनी, सफेद एवं अन्य रंगों के ट्यूलिप सतरंगी नजारा पेश करेंगे।उन्होंने कहा, ‘‘जबरवन पहाड़ियों की तलहटी में बसा यह उद्यान एक अदभुत नजारा पेश करता है। यही कारण है कि लोग इसे पसंद करते हैं।’’गार्डन के सुपरवाइजर मुश्ताक अहमद मीर ने कहा कि ट्यूलिप गार्डन में तैयारी जोरशोर से चल रही है और अगले रविवार से इसके खुल जाने की संभावना है।उन्होंने इस सीजन में बड़ी संख्या में पर्यटकों के आने की उम्मीद जताते हुए कहा, ‘‘दिन-रात काम चल रहा है। कश्मीर के बाहर से इस गार्डन के खुलने के बारे में ढेरों सवाल हमारे पास आ रहे हैं।’’उन्होंने कहा, ‘‘पिछले साल बहुत अच्छा सीजन रहा था, क्योंकि दो लाख पर्यटक आये थे। हमें आशा है कि यह साल और बेहतर रहेगा।’’
-
भोपाल. मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के मिसरोद इलाके में शनिवार को एक पुलिस उपनिरीक्षक का शव रेल की पटरी पर मिला, जबकि उनकी पत्नी और दो वर्षीय बेटे के शव यहां कोलार स्थित उनके किराये के घर पर खून से लथपथ मिले। पुलिस को लगता है कि आगर मालवा के रहने वाले सुरेश खानगुडा (32) ने अपनी पत्नी कृष्णा (28) और दो वर्षीय बेटे इवा की हत्या करने के बाद ट्रेन के सामने कूद कर आत्महत्या कर ली। मिसरोद थाने के निरीक्षक आर बी शर्मा ने बताया कि पुलिस को आज तड़के 3 बजे सूचना मिली कि रेल की पटरी पर उपनिरीक्षक का शव पड़ा हुआ है। हालांकि, उन्होंने कहा कि रेलवे पुलिस घटना की जांच कर रही है क्योंकि शव रेल की पटरी पर मिला है। इसी बीच, कोलार पुलिस थाने के उपनिरीक्षक शैलेन्द्र कुशवाहा ने बताया कि मृतक सुरेश खानगुडा की पत्नी कृष्णा (28) और दो वर्षीय बेटे इवा का शव भी आज दोपहर यहां कोलार इलाके में राजवैध कॉलोनी स्थित उनके किराये के घर पर दो अलग-अलग कमरों में मिले हैं। उन्होंने कहा कि इन दोनों के गले किसी धारदार हथियार से रेते गये हैं। उन्होंने बताया कि इन दोनों शव का भी पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। कुशवाहा ने कहा कि उनकी हत्या किसने की, अब तक इस बात का पता नहीं चल पाया है। उन्होंने कहा कि पुलिस एवं फोरेंसिक प्रयोगशाला की टीम मौके पर है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। कुशवाहा ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। इन मौतों के पीछे के कारण के बारे में पूछे जाने पर भोपाल के पुलिस आयुक्त मकरंद देउस्कर ने कहा, ‘‘यह अब तक सामने नहीं आया है। मामले की जांच की जा रही है।
-- -
मुजफ्फरनगर . किसान आंदोलन से खुद को अलग न करने पर भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) नेता राकेश टिकैत और उनके परिवार के सदस्यों को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले व्यक्ति को पुलिस ने शनिवार को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने यह जानकारी दी। भोरा कलां थाना के प्रभारी निरीक्षक (एसओ) अक्षय शर्मा ने पत्रकारों को बताया कि फोन करने वाले की पहचान हो गई है जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है और पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। उन्होंने ने कहा कि फोन करने वाले दिल्ली में रहता है और मुजफ्फरनगर पुलिस ने उसे वहीं से गिरफ्तार किया। शर्मा ने शुक्रवार को बताया था कि भाकियू अध्यक्ष नरेश टिकैत के बेटे गौरव टिकैत ने शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें कहा गया है कि एक अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें फोन करके धमकी दी कि अगर राकेश टिकैत किसान आंदोलन से खुद को अलग नहीं करते हैं तो उन्हें एवं उनके परिवार के सदस्यों को बम से उड़ा दिया जाएगा। पुलिस ने इस शिकायत पर भारतीय दंड संहिता की धारा 507 व 506 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। -
बेंगलुरु. निर्वाचन आयोग ने शनिवार को कहा कि उसने कर्नाटक में आगामी विधानसभा चुनावों में 80 वर्ष से अधिक आयु के लोगों और दिव्यांगों के लिए घर से मतदान (वोट-फ्रॉम-होम) की सुविधा शुरू की है। मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने यहां संवाददाताओं से कहा कि पहली बार निर्वाचन आयोग 80 साल से ज्यादा उम्र के लोगों को यह सुविधा देने जा रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘हमारी टीम फॉर्म-12डी के साथ ऐसे मतदाताओं के पास जाएंगी।'' उन्होंने कहा, ‘‘हालांकि हम 80 साल से अधिक उम्र के लोगों और इस सुविधा का लाभ नहीं लेने वाले लोगों को मतदान केंद्र पर आने के लिए प्रोत्साहित करते हैं।'' कुमार ने कहा कि इस संबंध में गोपनीयता बरती जाएगी और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी की जाएगी।
उन्होंने कहा कि दिव्यांगों के लिए एक मोबाइल एप्लिकेशन ‘सक्षम' शुरू किया गया है, जिसमें वे 'लॉगइन' कर सकते हैं और मतदान करने की सुविधा का चयन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि एक अन्य मोबाइल एप्लिकेशन, ‘सुविधा' विकसित की गई है, जो उम्मीदवारों के लिए नामांकन और शपथ पत्र दाखिल करने के लिए एक ऑनलाइन पोर्टल है। कुमार ने कहा, ‘‘उम्मीदवार बैठकों और रैलियों की अनुमति लेने के लिए ‘सुविधा' पोर्टल का भी उपयोग कर सकते हैं।'' उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं के लाभ के लिए ‘अपने उम्मीदवार को जानें' (केवाईसी) नामक एक अभियान भी शुरू किया है। कुमार ने कहा, ‘‘राजनीतिक दलों को अपने पोर्टल और सोशल मीडिया मंच पर मतदाताओं को सूचित करना होगा कि उन्होंने आपराधिक पृष्ठभूमि वाले उम्मीदवार को क्यों चुना और चुनाव लड़ने के लिए टिकट क्यों दिया।'' उन्होंने कहा कि आयोग ने चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन से संबंधित शिकायत दर्ज कराने के लिए किसी के लिए भी ‘ई-विजिल' मोबाइल एप्लिकेशन पेश किया है। कर्नाटक विधानसभा चुनाव के बारे में बात करते हुए, उन्होंने कहा कि 224 निर्वाचन क्षेत्रों वाले राज्य में अनुसूचित जाति के लिए 36 सीट और अनुसूचित जनजाति के लिए 15 सीट आरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि यहां 5.21 करोड़ मतदाता हैं जिनमें 2.59 महिला मतदाता हैं। चुनाव की संभावित तिथि के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि यह 24 मई से पहले कराया जाना है, जब मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। कुमार चुनाव तैयारियों की समीक्षा करने के लिए राज्य के तीन दिवसीय दौरे पर हैं।
कर्नाटक में कितने चरणों में चुनाव होंगे, इस पर उन्होंने कहा कि यह आयोग का विशेषाधिकार है और यह सुरक्षा बलों की उपलब्धता, परीक्षा और त्योहारों जैसे विभिन्न कारकों पर निर्भर करता है। उन्होंने चुनाव के दौरान पक्षपात करने वाले अधिकारियों को सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।




.jpg)
.jpg)
.jpg)


.jpg)


.jpg)














.jpg)