- Home
- देश
- पुणे (महाराष्ट्र)। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को कहा कि देश के सुरक्षा तंत्र को मजबूत करने के लिए रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता जरूरी है। सिंह ने पुणे में उन्नत प्रौद्योगिकी रक्षा संस्थान (डीआईएटी) के 12वें दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि रक्षा उपकरणों के आयात पर निर्भरता भारत की सामरिक स्वायत्तता में बाधा बन सकती है। उन्होंने कहा कि यही कारण है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार इस क्षेत्र में आत्मनिर्भरता हासिल करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा, ‘‘आत्मनिर्भरता के बिना, हम अपने राष्ट्रीय हितों के अनुरूप वैश्विक मुद्दों पर स्वतंत्र निर्णय नहीं ले सकते। हम जितना अधिक उपकरण आयात करेंगे, उसका हमारे व्यापार संतुलन पर उतना अधिक प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। हम शुद्ध आयातक के बजाय शुद्ध निर्यातक बनने का लक्ष्य रखते हैं। इससे न केवल हमारी अर्थव्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।'' सिंह ने कहा कि आत्मनिर्भरता का मतलब दुनिया से अलगाव नहीं है। उन्होंने कहा, ‘‘आज, दुनिया एक वैश्विक गांव बन गई है और अलग रहना संभव नहीं है। आत्मनिर्भरता का उद्देश्य अपने मित्र देशों की सुरक्षा आवश्यकताओं को पूरा करते हुए अपनी क्षमता से आवश्यक उपकरण/प्लेटफॉर्म बनाकर सशस्त्र बलों की जरूरतों को पूरा करना है।'' उन्होंने आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए रक्षा मंत्रालय द्वारा उठाए गए कदमों की बात की, जिसमें सशस्त्र बलों के लिए चार सकारात्मक स्वदेशीकरण सूचियों की घोषणा शामिल है। इसमें 411 प्रणालियां/उपकरण शामिल हैं। सिंह ने कहा कि सरकार द्वारा नवाचार के क्षेत्र में विशेष जोर दिया जा रहा है, भारत स्टार्ट-अप के लिए दूसरा सबसे बड़ा केंद्र बन गया है। उन्होंने कहा कि रक्षा मंत्रालय को लगातार नवोन्मेषी विचार मिल रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘डिफेंस इंडिया स्टार्ट-अप चैलेंज के पिछले सात संस्करणों में 6,000 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए, जो इंगित करता है कि भारतीय स्टार्ट-अप रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की तलाश में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। अधिक पेटेंट दायर किए जा रहे हैं, जो अभिनव कौशल का संकेत है।''
- मेदिनीनगर (झारखंड)। झारखंड के पलामू जिले में 19 वर्षीय युवती को कथित तौर पर पीटा गया, उसके बाल काट दिए गए और फिर ग्राम पंचायत सदस्यों के आदेश पर उसे गांव में घुमाया गया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। युवती ने शादी करने से कथित तौर पर इनकार कर दिया था।पुलिस ने बताया कि यह घटना प्रदेश की राजधानी रांची से करीब 185 किलोमीटर दूर एक गांव में रविवार को हुई। पाटन थाना के प्रभारी गुलशन गौरव ने कहा कि पंचायत के तीन सदस्यों और पीड़िता की एक रिश्तेदार सहित चार लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। उन्होंने कहा कि पीड़िता का मेदिनीनगर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में इलाज चल रहा है। गौरव ने कहा कि गांव वालों के बयान के मुताबिक युवती की शादी 20 अप्रैल को होनी थी, लेकिन जब दूल्हा उस दिन उसके गांव पहुंचा तो उसने शादी से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा, “इसके बाद, वह 20 दिनों तक गायब रही और रविवार को लौटी। जैसे ही वह लौटी, उसके परिवार के सदस्यों और रिश्तेदारों की उपस्थिति में ग्राम पंचायत बुलाई गई।'' पुलिस अधिकारी के अनुसार, पंचायत सदस्यों के फैसले के आधार पर उसके बाल काट दिए गए और उसकी पिटाई की गई तथा गांव में उसे घुमाया गया।
- नयी दिल्ली । दिल्ली के चिड़ियाघर में 18 साल में पहली बार एक बाघिन ने शावकों को जन्म दिया है। चिड़ियाघर ने सोमवार को एक बयान में यह जानकारी दी। बयान में कहा गया कि रायल बंगाल बाघिन सिद्धि ने चार मई को पांच शावकों को जन्म दिया। इसमें कहा गया कि इनमें से दो शावक जीवित हैं जबकि तीन शावक मृत पैदा हुए। इसमें कहा गया कि बाघिन और दो शावकों का स्वास्थ्य ठीक है तथा ‘सीसीटीवी' के जरिए उनकी लगातार निगरानी की जा रही है। बयान के अनुसार, चिड़ियाघर के कर्मचारी उनकी निगरानी कर रहे हैं। चिड़ियाघर में अभी चार वयस्क बाघ हैं। दिल्ली के चिड़ियाघर का उद्घाटन 1959 में किया गया था और उस समय से यहां बाघों को रखा गया है।
- नयी दिल्ली । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नेता स्मृति ईरानी ने सोमवार को कहा कि उन्हें अमेठी में राहुल गांधी के खिलाफ चुनाव मैदान में इसलिए नहीं उतारा गया था कि वह महिला हैं, बल्कि पार्टी को लगता था कि केवल वह ही उन्हें हरा सकती हैं। ईरानी की टिप्पणी यह कहे जाने पर आई कि सरकार को महिला रियल एस्टेट डेवलपर्स को त्वरित मंजूरी देने पर विचार करना चाहिए। महिला एवं बाल विकास मंत्री ईरानी ने रियल एस्टेट डेवलपर्स के संगठन ‘क्रेडाई' द्वारा आयोजित सम्मेलन में कहा, “मैं इसके बजाय पुरुष डेवलपर्स के साथ प्रतिस्पर्धा करना पसंद करूंगी... मुझे अमेठी इसलिए नहीं भेजा गया था क्योंकि मैं एक महिला हूं। मुझे अमेठी इसलिए भेजा गया क्योंकि मैं एकमात्र व्यक्ति थी जो उस आदमी (राहुल गांधी) को हरा सकती थी।” ईरानी ने 2019 के आम चुनाव में नेहरू-गांधी परिवार के गढ़ अमेठी में राहुल गांधी को लगभग 55,000 मतों के अंतर से हराया था। इससे पहले 2014 के लोकसभा चुनाव में वह राहुल गांधी के सामने एक लाख मतों के अंतर से हार गई गई थीं।
-
नयी दिल्ली । केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने भारतीय स्टेट बैंक की अगुवाई वाले बैंकों के एक समूह से 1017.93 करोड़ रुपये की कथित ठगी को लेकर लोहा इस्पात लिमिटेड और इसके तत्कालीन अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक (सीएमडी) राजेश गौरीशंकर पोद्दार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। सीबीआई ने एक बयान में कहा कि आरोप है कि तत्कालीन सीएमडी और अन्य ने भारतीय स्टेट बैंक और इसकी अगुवाई वाले समूह के सदस्यों- बैंक ऑफ इंडिया, कैनरा बैंक, इंडियन ओवरसीज बैंक और पंजाब नेशनल बैंक को चूना लगाने के लिए 2012-2017 में साजिश रची थी और कार्यशील पूंजी, मियादी कर्ज आदि के रूप में करीब 812.07 करोड़ रुपये का ऋण लिया था। यह कार्रवाई एसबीआई की शिकायत पर की गयी है। एसबीआई का आरोप है कि लोहा इस्पात, इसके निदेशकों, गारंटर और अज्ञात अन्य लोगों ने संदिग्ध एवं अस्तित्वहीन निकायों के साथ जाली बिक्री और खरीद विनिमय कर बैंक की इस ऋण राशि की हेराफेरी की। एसबीआई की शिकायत के आनुसार, उन्होंने ऋणदाताओं को धोखा देने के इरादे से अवैध फायदा कमाने के लिए कथित रूप से साजिश रची। सीबीआई के एक प्रवक्ता ने कहा, ‘‘ दिल्ली, मुंबई, रायगढ़ और ठाणे में आरोपियों के रिहायशी और आवासीय परिसरों समेत नौ स्थानों की तलाशी ली गयी और अभियोजन योग्य दस्तावेज/सामग्री बरामद हुई।'
-
नई दिल्ली। भारत और ब्रिटेन के बीच प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते के लिए अगले दौर की बातचीत जून में नई दिल्ली में आयोजित होगी। विदेश व्यापार के महानिदेशक संतोष कुमार सारंगी ने नई दिल्ली में पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि इस वार्ता को पिछले वर्ष दिवाली तक पूरा होना था, लेकिन अलग- अलग कारणों से तारीख आगे बढ़ गई। उन्होंने कहा कि दोनों देश इस बातचीत को शीघ्रता से पूरा करने पर ध्यान केन्द्रित कर रहे हैं।
श्री सारंगी ने आशा व्यक्त करते हुए कहा कि विचार विमर्श का दसवां दौर पांच से नौ जून तक आयोजित होगा और इससे ठोस परिणाम प्राप्त होंगे। भारत और ब्रिटेन के बीच इस वार्ता की शुरूआत 13 जनवरी 2021 को हुई थी, जिसके तहत 26 नीतिगत क्षेत्रों और मुद्दों को शामिल किया गया था।श्री सारंगी ने यह भी बताया कि भारत और यूरोपीय संघ के बीच व्यापार समझौते को लेकर वार्ता का पांचवां दौर 19 से 23 जून तक भारत में होना निर्धारित है। इस सिलसिले में मार्च 2023 तक आपसी बातचीत के चार दौर पूरे हो चुके हैं। चौथे दौर तक 21 नीतिगत क्षेत्रों पर बातचीत हुई और 74 तकनीकी सत्र आयोजित किये गए। दोनों देशों ने वस्तु और सेवा क्षेत्र में विभिन्न तौर तरीकों को साझा करने पर चर्चा की थी।विदेश व्यापार के महानिदेशक ने भारत और कनाडा के बीच व्यापार समझौते के बारे में बताया कि वस्तु और सेवा क्षेत्र के लिए बातचीत अगले चरण तक पहुंच चुकी है। चर्चा का सातवां दौर कनाडा के ओटावा में तीन से छह अप्रैल तक आयोजित हुआ था। इस दौरान पारम्परिक क्षेत्रों के साथ साथ लघु और मध्यम उद्यम, व्यापार, पर्यावरण तथा श्रम जैसे मुद्दों पर विचार प्रस्तुत किये गए। श्री संतोष कुमार सारंगी ने जी-20 के बारे में बताया कि व्यापार और निवेश कार्यकारी समूह की दूसरी बैठक 23 से 25 मई के बीच बैंगलुरू में आयोजित होगी। -
कडपा .आंध्र प्रदेश के कडपा जिले में सोमवार तड़के मंदिर से पूजा-अर्चना कर वापस लौट रहे श्रद्धालुओं से भरे एक वाहन में एक ट्रक ने टक्कर मार दी जिससे छह लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि वाहन में 12 श्रद्वालु सवार थे और जैसे ही यह जिले के पेंचियानंतपुरम गांव पहुंचा तभी लौह अयस्क से लदे एक ट्रक ने उसमें टक्कर मार दी। कडपा के पुलिस अधीक्षक के के एन अंबुराजन ने बताया, "वे तिरुमाला से आ रहे थे और तड़के साढ़े पांच बजे कर्नाटक के बेल्लारी से लौह अयस्क ले जा रहे एक ट्रक से उनका वाहन टकरा गया।" उन्होंने बताया कि सभी लोग तिरुपति में श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर के दर्शन करने के बाद तड़ीपत्री की ओर जा रहे थे। अंबुराजन ने कहा कि घायलों को अनंतपुरम में स्थानांतरित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि फिलहाल हादसे में मारे गए लोगों के नाम पता नहीं चले हैं। -
अहमदाबाद. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की ‘‘ईमानदारी और सादगी'' के लिए उनकी प्रशंसा की। मोदी ने एक समाचार रिपोर्ट साझा करते हुए बताया कि कैसे मस्तिष्काघात होने के बाद अपने बेटे को मुंबई ले जाने के लिए मुख्यमंत्री ने सरकार की एयर एंबुलेंस का भुगतान किया। प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री के बेटे अनुज के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की, जो महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती हैं। मोदी ने गुजराती में ट्वीट किया, ‘‘गुजरात के मुख्यमंत्री श्री भूपेंद्र भाई पटेल ने सार्वजनिक जीवन में ईमानदारी और सादगी की मिसाल पेश की है। मुझे भरोसा और विश्वास है कि उनका आचरण सार्वजनिक जीवन में सक्रिय करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा। मैं उनके बेटे अनुज के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।'' भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की गुजरात इकाई द्वारा ट्विटर पर साझा की गई एक समाचार रिपोर्ट के जवाब में मोदी ने पटेल की सराहना की। गुजरात में सत्तारूढ़ भाजपा ने सरकारी एयर एंबुलेंस सेवा के लिए भुगतान किए जाने को लेकर भूपेंद्र पटेल की प्रशंसा की है। भूपेंद्र पटेल के बेटे अनुज को 30 अप्रैल को मस्तिष्काघात हुआ था और उन्हें अहमदाबाद के केडी अस्पताल ले जाया गया जहां उनकी सर्जरी हुई। एक मई को अनुज को मुंबई के हिंदुजा अस्पताल में ले जाया गया, जहां वह निगरानी में हैं।
-
जम्मू. उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (यूबीटी) ने दक्षिण कश्मीर में बाबा अमरनाथ के दर्शन के इच्छुक श्रद्धालुओं से पंजीकरण शुल्क वसूले जाने के विरुद्ध दिल्ली में प्रदर्शन करने की रविवार को घोषणा की। दो महीने तक चलने वाली इस अमरनाथ यात्रा के लिए पिछले महीने पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हुई थी। यह यात्रा अनंतनाग जिले के पारंपरिक 48 किलोमीटर लंबे ननवान-पहलगाम मार्ग तथा गांदेरबल जिले में छोटे लेकिन अधिक चढाई वाले 14 किलोमीटर मार्ग से एक जुलाई से शुरू होने जा रही है। शिवसेना (यूबीटी) की जम्मू-कश्मीर इकाई के प्रमुख मनीष साहनी ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘श्रद्धालुओं के वास्ते मुफ्त पंजीकरण को लेकर दबाव बनाने के अपने वर्तमान आंदोलन के हिस्से के तौर पर हम अगले कुछ दिनों में दिल्ली में जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने जा रहे हैं।'' उन्होंने कहा कि कई वरिष्ठ पार्टी नेता, धार्मिक प्रमुख, सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ता भी पंजीकरण शुल्क वापस लेने की मांग से संबंधित इस प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘हम (जम्मू-कश्मीर के) उपराज्यपाल और श्राइन बोर्ड से श्रद्धालुओं से कोई पंजीकरण शुल्क न लेने की अपील करते हैं। हम चाहते हैं कि श्रद्धालुओं को करों से भी मुक्त रखा जाए।'' साहनी ने बताया कि पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल बृहस्पतिवार को मुंबई में युवा सेना के प्रमुख आदित्य ठाकरे से मिला था और उसने उन्हें आंदोलन के बारे में बताया।
-
मुंबई. मुंबई शहर में बन रही महत्वाकांक्षी तटीय सड़क का नाम छत्रपति संभाजी महाराज के नाम पर रखा जाएगा। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने रविवार को इसकी घोषणा की। शिंदे ने छत्रपति शिवाजी महाराज के ज्येष्ठ पुत्र संभाजी महाराज की 366वीं जयंती मनाने के लिए यहां गेटवे ऑफ इंडिया पर आयोजित एक कार्यक्रम में यह बात कही। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘तटीय सड़क मुंबई की जीवन रेखा है और हम इसका नाम छत्रपति संभाजी महाराज के नाम पर रखने जा रहे हैं। हम इस सड़क पर संभाजी महाराज की प्रतिमा भी लगाएंगे।'' बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) द्वारा बनाई जा रही तटीय सड़क के तहत मौजूदा बांद्रा वर्ली सी लिंक के माध्यम से दक्षिण मुंबई में मरीन ड्राइव क्षेत्र को पश्चिमी उपनगर कांदिवली से जोड़ने का प्रस्ताव है। इससे मुंबई के उत्तरी क्षेत्र की ओर जाने वाले वाहनों के दबाव के कम होने की उम्मीद है। इससे पहले, सुर सम्राज्ञी लता मंगेशकर के परिवार के सदस्यों ने महाराष्ट्र सरकार से उनके नाम पर तटीय सड़क का नाम रखने का अनुरोध किया था।
-
नोएडा. उत्तर प्रदेश के नोएडा और ग्रेटर नोएडा में 15 दिनों के अभियान के दौरान यातायात नियमों के उल्लंघन के लिए कुल 58,685 चालान काटे गए। आधिकारिक आंकड़ों में यह जानकारी सामने आई है। आंकड़ों के मुताबिक, औसतन प्रतिदिन 3,900 से अधिक चालान काटे गए। पुलिस ने इस दौरान करीब एक हजार वाहन भी जब्त किये। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि 28 अप्रैल को शुरू किया गया, 'सड़क का अनुशासन -1' नामक अभियान विशेष रूप से गलत लेन में वाहन चलाने और अवैध पार्किंग की जांच पर केंद्रित था। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, इस अभियान की अवधि के दौरान 58,685 चालान काटे गए। इनमें से 7,792 चालान गलत लेन में वाहन चलाने के लिए और 14,430 पार्किंग उल्लंघन के लिए किए गए थे। इस दौरान, यातायात पुलिस 1,128 वाहनों को खींचकर (टो करके) ले गयी और 996 वाहनों को नियमों के उल्लंघन के लिए जब्त कर लिया गया, जबकि पखवाड़े के दौरान पांच मामलों में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस उपायुक्त (यातायात) अनिल कुमार यादव ने कहा कि अभियान प्रभावी रहा है और भविष्य में नोएडा और ग्रेटर नोएडा में यातायात नियमों को लागू करने के लिए इससे सीख ली जाएगी
- file photo
-
नयी दिल्ली. विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री जितेंद्र सिंह ने रविवार को कहा कि केंद्र सरकार ने ‘स्टार्टअप' के पोषण और प्रगति की निगरानी के लिए एक तंत्र स्थापित करने का प्रस्ताव दिया है। उन्होंने कहा कि स्टार्टअप की संख्या एक लाख के आंकड़े को पार कर चुकी है। उन्होंने कहा कि यह तंत्र विभिन्न स्टार्टअप की प्रगति पर पैनी नजर रखेगा और देखेगा कि उनको कैसे टिकाऊ बनाया जाए ताकि वे असफल न हों, खासकर वे जिन्होंने केंद्र सरकार से तकनीकी और वित्तीय समर्थन हासिल किया है। सिंह यहां प्रगति मैदान में आयोजित राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी सप्ताह प्रदर्शनी के समापन कार्यक्रम और पुरस्कार समारोह में बोल रहे थे। मंत्री ने कहा कि कई वर्षों के दौरान स्टार्टअप में बदलाव देखा गया है जो सूचना प्रौद्योगिकी से जैव प्रौद्योगिकी और पृथ्वी विज्ञान की तरफ है, क्योंकि समुद्र विज्ञान में नयी संभावनाएं खुली हैं। उन्होंने स्टार्टअप को लेकर जारी मिथकों को खारिज किया। सिंह ने कहा, ‘‘उम्र भी एक कारक है, मैंने एक वैज्ञानिक को सेवानिवृत्ति के बाद एक स्टार्टअप स्थापित करते देखा है, दूसरी उच्च योग्यता है, आपको बस एक नवोन्मेषी होने की आवश्यकता है, रचनात्मकता के लिए एक आंतरिक चाहत होनी चाहिए।'' प्रमुख वैज्ञानिक सलाहकार अजय कुमार सूद ने सुझाव दिया कि राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस और सप्ताह की तरह ‘स्टार्टअप दिवस एवं सप्ताह' होना चाहिए। सिंह ने नवोन्मेषी स्वदेशी तकनीक के सफल व्यावसायीकरण के लिए राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी पुरस्कार प्रदान किये। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी सप्ताह समारोह की शुरुआत 11 मई को पोकरण-दो परमाणु परीक्षण की 25वीं वर्षगांठ पर हुई। यह परीक्षण 1998 में किया गया था। वर्ष 1999 में राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस समारोह की शुरुआत तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा की गई थी।
-
जौनपुर . जौनपुर जिले की केराकत क्षेत्र में रविवार को एक ट्रक की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) शैलेंद्र सिंह ने यहां बताया कि जौनपुर के बक्सा क्षेत्र निवासी शिवजीत (28) और सुजीत कुमार (26) आजमगढ़ में किसी विवाह समारोह में शामिल होने के बाद मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे। तड़के लगभग तीन बजे केराकत चौराहे पर जौनपुर से केराकत की तरफ जा रहे एक ट्रक से उनकी मोटरसाइकिल जा टकराई और उसी में फंसी रह गई। उन्होंने बताया कि इस घटना में शिवजीत की मौके पर ही मृत्यु हो गई जबकि सुजीत ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। दोनों ने हेलमेट नहीं पहना था। सिंह ने बताया कि पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और ट्रक को कब्जे में ले लिया है।
-
प्रयागराज. उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के पूरामुफ्ती थाने के ददौली गांव में शनिवार की रात एक तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से चार लोगों की मौत हो गयी । पुलिस ने इसकी जानकारी दी । पूरामुफ्ती थाने के प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि शनिवार की रात ददौली गांव के लकड़मंडी में एक परिवार के कुछ लोग घर के सामने बैठे थे, तभी एक तेज रफ्तार कार इन लोगों को कुचलते हुये पलट गयी । उन्होंने बताया कि इस दुर्घटना में राजेंद्र गुप्ता (35), सरिता देवी (32), अरनव (8) और लल्लू राम (50) की मृत्यु हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया जिसका इलाज चल रहा है। उन्होंने बताया कि शवों का पोस्टमार्टम करा लिया गया है। कार के ड्राइवर को हिरासत में ले लिया गया है और उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। -
गोरखपुर. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को भगवान भोलेनाथ की महिमा का बखान करते हुए कहा कि द्वादश ज्योतिर्लिंग हमारी समृद्ध आध्यात्मिक विरासत होने के साथ सांस्कृतिक दृष्टि से हमें एकता के सूत्र में जोड़ते हैं। रविवार को गोरखनाथ मंदिर में आयोजित सप्त दिवसीय श्री विष्णु महापुराण कथा के विश्राम दिवस पर व्यासपीठ के समक्ष अपने संबोधन में गोरक्षपीठ के महंत और मुख्यमंत्री योगी ने कहा, ''आध्यात्मिक दृष्टि से देखें तो संपूर्ण सृष्टि पर भोलेनाथ की कृपा है और देश में उत्तर से दक्षिण तक, पूरब से पश्चिम तक भगवान शिव के ज्योतिर्लिंग व मंदिर हैं।'' उन्होंने कहा, ''द्वादश ज्योतिर्लिंग हमारी समृद्ध आध्यात्मिक विरासत होने के साथ सांस्कृतिक दृष्टि से हमें एकता के सूत्र में जोड़ते हैं।” योगी ने कहा “पूरब में बैद्यनाथ धाम है तो पश्चिम में सोमनाथ धाम। काशी में बाबा विश्वनाथ धाम तो मध्य प्रदेश में महाकालेश्वर व ओंकारेश्वर धाम। उत्तर के हिमालय पर केदारनाथ विराजमान हैं तो सुदूर दक्षिण में रामेश्वरम ज्योतिर्लिंग के रूप में भगवान शिव का आशीर्वाद है।'' मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान श्रीराम ने लंका पर विजय प्राप्त करने के लिए रामेश्वरम में सेतुबंध का निर्माण किया था और इसके लिए उन्होंने यहीं पर शिव जी की आराधना की थी। भगवान श्रीराम ने महादेव की महिमा बताते हुए कहा था कि शिव द्रोही के लिए धरती पर कोई जगह नहीं है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भगवान शिव भोले हैं, वह बहुत शीघ्र भक्तों पर अनुग्रह करते हैं। प्राचीन काल से ही सुर-असुर दोनों ने उनकी पूजा की। यह उनका महात्म्य है तभी वह महादेव कहलाते हैं। शिव का अर्थ ही है कल्याण। उन्होंने कहा कि आप सभी श्रद्धालु सौभाग्यशाली हैं कि आपको एक सप्ताह से शिवावतार गुरु गोरखनाथ की साधना स्थली पर श्री शिव महापुराण के मर्मज्ञ संत बालक दास के श्रीमुख से देवाधिदेव महादेव के विभिन्न रूपों के महात्म्य के श्रवण का अवसर प्राप्त हुआ। आधिकारिक रूप से रविवार को जारी एक बयान के अनुसार योगी ने कथा व्यास के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भगवान गोरखनाथ से सभी को कथा ज्ञान यज्ञ का पुण्य प्राप्त होने तथा सबके मंगलमय जीवन की प्रार्थना की।
-
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात' के 100वें एपिसोड को चिह्नित करने के लिए यहां राष्ट्रीय आधुनिक कला संग्रहालय (एनजीएमए) में आयोजित एक कला प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी ‘जन शक्ति : ए कलेक्टिव पावर' में कई प्रसिद्ध कलाकारों की कलाकृतियां प्रदर्शित की गई हैं।
संस्कृति मंत्रालय के मुताबिक, प्रदर्शनी के अवलोकन के दौरान कलाकारों को प्रधानमंत्री मोदी के साथ उनकी कलाकृतियों और ‘मन की बात' के विषयों के बारे में संवाद करने का अवसर मिला, जिसने उन्हें प्रेरित किया है। मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘‘कलाकृतियों को देखने के बाद प्रधानमंत्री ने ‘जन शक्ति' प्रदर्शनी कैटलॉग पर हस्ताक्षर किए और संदेश लिखा, ‘मन मंदिर की यात्रा सुखद हो..'। इस कैटलॉग पर 13 कलाकारों ने भी हस्ताक्षर किए हैं।'' मोदी ने अपने दौरे की कुछ तस्वीरें ट्विटर पर साझा कीं।
प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘एनजीएमए में ‘जन शक्ति' कला प्रदर्शनी का दौरा किया। यह ‘मन की बात' एपिसोड के कुछ विषयों पर आधारित कला के अद्भुत कार्यों की प्रदर्शनी है। मैं उन सभी कलाकारों को बधाई देता हूं जिन्होंने अपनी रचनात्मकता से प्रदर्शनी को समृद्ध किया है। -
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि वॉलमार्ट के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) डग मैकमिलन के साथ हाल में हुई उनकी बैठक उपयोगी रही और इस दौरान उनके बीच कई विषयों पर गहन चर्चा हुई। मोदी ने कहा कि वह भारत को निवेश के लिए आकर्षक गंतव्य के रूप में उभरते देखकर खुश हैं। मोदी और मैकमिलन के बीच पिछले सप्ताह मुलाकात हुई थी। मोदी ने वॉलमार्ट के एक ट्वीट को रि-ट्वीट करते हुए लिखा, “वॉलमार्ट के सीईओ डग मैकमिलन के साथ बैठक उपयोगी रही। हमने विभिन्न विषयों पर गहन चर्चा की। इस बात से प्रसन्न हूं कि भारत निवेश के एक आकर्षक गंतव्य के रूप में उभर रहा है।'' वॉलमार्ट इंक ने 11 मई को ट्वीट किया था, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अच्छी बातचीत के लिए आपका धन्यवाद। भारत को खिलौनों, समुद्री भोजन एवं अन्य वस्तुओं के क्षेत्र में प्रमुख वैश्विक निर्यातक बनाने के लिए हम भारत से 2027 तक प्रति वर्ष 10 अरब डॉलर का निर्यात करने की दिशा में काम कर रहे हैं। हम रसद, कौशल विकास और आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
-
राजामहेंद्रवरम. आंध्र प्रदेश के काकीनाडा जिले में रविवार दोपहर ऑटोरिक्शा और बस की टक्कर में छह महिलाओं की मौत हो गई। महिलाएं ऑटो में सवार थीं। पुलिस ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि तल्लारेवु बाईपास रोड के पास निजी बस ने वाहन को टक्कर मार दी।
पुलिस के अनुसार, सभी मृतकों की पहचान पास के झींगा के खेत में काम करने वाली मजदूरों के रूप में की गई है। हादसे में छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें काकीनाडा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनका इलाज किया जा रहा है। कोरंगी पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच की जा रही है। -
नयी दिल्ली. काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (सीआईएससीई) ने 10वीं और 12वीं कक्षा की परीक्षा के परिणाम रविवार को घोषित कर दिए। दोनों में ही लड़कियों ने लड़कों की तुलना में बेहतर प्रदर्शन किया है। सीआईएससीई के सचिव गेरी अराथून ने रविवार को कहा कि 10वीं कक्षा (आईसीएसई) की परीक्षा 63 विषयों में ली गई थी, जिनमें 21 भारतीय, 14 विदेशी और दो शास्त्रीय भाषाएं हैं। उन्होंने कहा, ‘‘12वीं कक्षा (आईएससी) परीक्षा 47 विषयों में ली गई, जिनमें 12 भारतीय भाषाएं, तीन विदेशी भाषाएं और एक शास्त्रीय भाषा है। सीआईएससीई के अनुसार, 10वीं कक्षा में नौ, जबकि 12वीं कक्षा में पांच विद्यार्थियों ने शीर्ष स्थान साझा किया है। घोषित परिणाम के अनुसार, 10वीं कक्षा में नौ विद्यार्थियों ने 99.80 प्रतिशत अंकों के साथ शीर्ष स्थान साझा किया है जिनमें रुशील कुमार, अनन्या कार्तिक, श्रेया उपाध्याय, अदवय सरदेसाई, यश मनीष भसीन, तनय सुशील शाह, हिया संघवी, अविशी सिंह और संबित मुखोपाध्याय हैं। वहीं 12वीं कक्षा में, पांच विद्यार्थियों ने 99.75 प्रतिशत अंकों के साथ शीर्ष स्थान साझा किया है। वे रिया अग्रवाल, इस्पिता भट्टाचार्य, मोहम्मद आर्यन तारिक, शुभम कुमार अग्रवाल और मान्या गुप्ता हैं।
- नयी दिल्ली। एक उच्च स्तरीय समिति ने शनिवार शाम को एक बैठक की और केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) के निदेशक पद के लिए तीन वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के नामों को मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति को भेजा है। सूत्रों ने यह जानकारी दी। इस उच्च स्तरीय समिति में प्रधानमंत्री, भारत के प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) और लोकसभा में विपक्ष के नेता शामिल होते हैं। कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने बताया, ‘‘समिति ने बैठक की और मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति को तीन नाम भेजे, जो उनमें से एक को इस पद के लिए चुनेगी।'' सूत्रों ने बताया कि बैठक के दौरान कर्नाटक, दिल्ली और अन्य राज्यों के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के नामों पर चर्चा की गई। सीबीआई निदेशक सुबोध कुमार जायसवाल का दो साल का निर्धारित कार्यकाल 25 मई को समाप्त हो जायेगा।सूत्रों ने कहा कि कर्नाटक के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) प्रवीण सूद का नाम इस पद के लिए सबसे आगे चल रहा है। सूद राज्य कैडर के 1986 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के अधिकारी हैं। महाराष्ट्र कैडर के 1985 बैच के आईपीएस अधिकारी और मुंबई पुलिस के पूर्व आयुक्त जायसवाल ने 26 मई, 2021 को सीबीआई की बागडोर संभाली थी। सीबीआई निदेशक का चयन दो साल के निश्चित कार्यकाल के लिए प्रधानमंत्री, सीजेआई और लोकसभा में विपक्ष के नेता की एक समिति द्वारा किया जाता है। कार्यकाल पांच साल तक बढ़ाया जा सकता है। सूत्रों ने बताया कि बैठक के दौरान, नये केंद्रीय सतर्कता आयुक्त और लोकपाल सदस्य की नियुक्ति के लिए संभावित उम्मीदवारों पर भी चर्चा की गई।
- लंदन/नयी दिल्ली। भारत कोहिनूर हीरे सहित ब्रिटेन के संग्रहालयों में रखीं मूर्तियों और औपनिवेशिक युग की अन्य कलाकृतियों को वापस लाने के लिए एक प्रत्यावर्तन अभियान की योजना बना रहा है। शनिवार को एक ब्रिटिश मीडिया रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई। ‘द डेली टेलीग्राफ' अखबार का दावा है कि यह मुद्दा नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की प्राथमिकताओं में से एक है, जिसके दोनों देशों के बीच कूटनीतिक और व्यापार वार्ता में उठने की संभावना है। कहा जाता है कि भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) जहां स्वतंत्रता के बाद से देश के बाहर "तस्करी" की गई वस्तुओं को पुनः प्राप्त करने के लिए अग्रणी प्रयास कर रहा है, वहीं नयी दिल्ली में अधिकारी लंदन में राजनयिकों के साथ समन्वय कर रहे हैं ताकि औपनिवेशिक शासन के दौरान "युद्ध की लूट" के रूप में जब्त की गईं या उत्साही लोगों द्वारा एकत्र की गईं कलाकृतियों को रखने वाले संस्थानों से इन्हें वापस करने का औपचारिक अनुरोध किया जा सके। समाचार पत्र की रिपोर्ट में कहा गया है, "प्रत्यावर्तन का लंबा काम सबसे आसान लक्ष्य, छोटे संग्रहालयों और निजी संग्रहकर्ताओं के साथ शुरू होगा, जो स्वेच्छा से भारतीय कलाकृतियों को सौंपने के इच्छुक हो सकते हैं, और फिर प्रयास बड़े संस्थानों तथा शाही संग्रहालयों तक किए जाएंगे।" नयी दिल्ली में वरिष्ठ अधिकारियों का मानना है कि इस तरह की ऐतिहासिक कलाकृतियां एक मजबूत राष्ट्रीय सांस्कृतिक पहचान को सुदृढ़ कर सकती हैं, जैसा कि संस्कृति मंत्रालय में संयुक्त सचिव लिली पांड्या के हवाले से कहा गया, "प्राचीन वस्तुओं का भौतिक और अमूर्त दोनों मूल्य हैं, वे सांस्कृतिक विरासत, सामुदायिकता की निरंतरता और राष्ट्रीय पहचान का हिस्सा हैं। इन शिल्पकृतियों को लूटकर, आप इस मूल्य को लूट रहे हैं, और ज्ञान एवं समुदाय की निरंतरता को तोड़ रहे हैं।” कोहिनूर पिछले हफ्ते ब्रिटेन में राज्याभिषेक समारोह के समय सुर्खियों में था, जब रानी कैमिला ने अपने मुकुट के लिए वैकल्पिक हीरे को चुनकर एक राजनयिक विवाद को टाल दिया।
- नयी दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय निकाय शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के सदस्य देशों ने डिजिटल सार्वजनिक ढांचे को विकसित करने के लिए भारत के प्रस्ताव को सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया है। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को यह जानकारी दी। एससीओ में पाकिस्तान और चीन भी सदस्य हैं।भारत ने जनता तक आसानी से सेवाएं पहुंचाने के लिए यूनीफाइड पेमेंट इंटरफेस (यूपीआई), आधार जैसे डिजिटल सार्वजनिक ढांचों (डीपीआई) को विकसित किया है। वैष्णव ने कहा, “एससीओ सदस्य देशों के डिजिटल मंत्रियों ने शनिवार को मुलाकात की और अपने-अपने यहां डिजिटल प्रौद्योगिकी लागू करने के लिए डीपीआई को लागू करने के भारत के प्रस्ताव को सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया।” एससीओ में आठ सदस्य देश- चीन, भारत, कजाकिस्तान, किर्गिस्तान, रूस, पाकिस्तान, ताजिकिस्तान और उज्बेकिस्तान हैं। इनके अलावा चार पर्यवेक्षक देश- अफगानिस्तान, बेलारूस, ईरान और मंगोलिया और छह वार्ता साझेदार- अर्मेनिया, अजरबैजान, कम्बोडिया, नेपाल, श्रीलंका और तुर्किए हैं। सरकार ने जी-20 अध्यक्षता में अपनी जिम्मेदारी के हिस्से के रूप में बिना किसी शुल्क के विभिन्न देशों को प्रौद्योगिकी का लाभ देने की पेशकश करने के लिए संपर्क करना शुरू कर दिया है और उम्मीद है कि भारतीय स्टार्टअप इससे लाभान्वित होंगे। भारत ने यूपीआई स्वीकार्यता के लिए पहले से ही लगभग दर्जनभर देशों के साथ करार कर लिया है।भीम यूपीआई क्यूआर इस समय सिंगापुर, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), मॉरीशस, नेपाल और भूटान में स्वीकार किए जा चुके हैं।
- नयी दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के कांति नगर इलाके में एक शराब की दुकान से करीब छह से सात लाख रुपये की चोरी करने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान पश्चिम बंगाल निवासी मोहम्मद गाजी शेख (23), शेख (33) और बांग्लादेश निवासी मोहम्मद बिलाल (30) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि तीनों आरोपी कूड़ा बीनने का काम करते थे और नशे के आदी थे।एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक 25 अप्रैल को, एक शिकायतकर्ता ने बताया कि कुछ लोगों ने शराब की दुकान की छत को काटकर दुकान में प्रवेश किया और अलमारी का ताला तोड़कर पैसे चुरा लिए। अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला और दुकान के ऊपर खाली जगह में तीन से चार लोगों को पाया। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने रात के डेढ़ बजे दुकान में प्रवेश किया और छह से सात लाख रुपये चुरा लिये। पुलिस उपायुक्त (शाहदरा) रोहित मीणा ने बताया कि बाद में आरोपी लोनी और पसोंदा इलाके में पाये गये, जहां छापेमारी कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि चोरी के पैसे से खरीदे गए मोबाइल फोन और स्कूटर सहित अपराध में इस्तेमाल किए गए एक अन्य दोपहिया वाहन को भी बरामद कर लिया गया है।
- मुंबई। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में फर्जी दस्तावेजों के जरिये सिम कार्ड हासिल करने के आरोप में पिछले तीन दिनों में कम से कम 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने उनके पास से चार लैपटॉप और 60 मोबाइल फोन के अलावा 2,197 सिम कार्ड भी जब्त किये हैं। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान वी पी रोड, डी एन नगर, मालाबार हिल, सहार और बांगुर नगर थाना क्षेत्रों में छापेमारी की गई। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किये गये लोगों में सिम कार्ड बेचने वाले लोग, एजेंट और कॉल सेंटर के मालिक शामिल हैं जो इस तरह के सिम कार्ड का इस्तेमाल करते थे। अधिकारी ने बताया कि दूरसंचार विभाग (डीओटी) से इस संबंध में जानकारी मिलने के बाद मुंबई पुलिस ने कार्रवाई की। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने फर्जी आधार कार्ड और अन्य दस्तावेजों के जरिये सिम कार्ड हासिल किये और व्यक्तिगत लाभ के लिए इन मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल किया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किये गये सभी लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी सहित भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
-
नई दिल्ली। बांग्लादेश में अति भीषण चक्रवाती तूफान मोका के तटवर्ती क्षेत्रों से पहुचने के बीच सरकार ने करीब चार लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया है। चट्टोग्राम में तटवर्ती क्षेत्रों में शुक्रवार दोपहर से रूक-रूक कर वर्षा हो रही है। हमारे ढाका संवाददाता ने तूफान से संबंधित ताजा स्थिति की जानकारी देते हुए कहा कि आज सुबह बांग्लादेश मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी नवीनतम बुलेटिन में कहा गया है कि चक्रवात मोका का प्रभाव चट्टोग्राम और बरिसाल डिवीजनों के तटीय क्षेत्रों पर शुरू हो गया है। हालांकि, चक्रवात ने लैंडफॉल नहीं किया है। तेज हवाओं के कारण सामान्य ज्वार से 8-12 फीट ऊंची लहरें उठने की संभावना है। कॉक्स बाजार और चटोग्राम के तटीय क्षेत्रों में निचले इलाकों में इसकी वजह से बाढ़ आने की संभावना है। लैंडफॉल की संभावना को देखते हुए कॉक्स बाजार प्रशासन ने 4 लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित चक्रवात आश्रयों में पहुंचा दिया है।
इधर भारत में मौसम विभाग का कहना है कि चक्रवात के प्रभाव से त्रिपुरा और मिजोरम में कई जगहों पर आज कहीं भारी और कहीं बहुत भारी वर्षा हो सकती है। नगालैंड, मणिपुर और दक्षिण असम में भी कई स्थानों पर वर्षा की संभावना है। मछुआरों को सलाह दी गई है कि बंगाल की खाड़ी और उत्तरी अंडमान सागर में समुद्र में न जाएं। पहले से समुद्र में गए मछुआरों से कहा गया है कि वे तट पर लौट आएं।

.jpg)


.jpg)















.jpg)

.jpg)

.jpg)


