- Home
- देश
-
नयी दिल्ली. कॉरपोरेट मामलों के मंत्रालय (एमसीए) ने भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (सीसीआई) के चेयरपर्सन पद के लिए आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 27 मार्च तक बढ़ा दी है। इससे पहले आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि नौ मार्च थी। एमसीए के सोमवार को जारी नोटिस के अनुसार, ‘आवेदन लेने की अंतिम तिथि 27 मार्च, 2023 तक बढ़ा दी गई है।' सूचना में कहा गया है, ‘‘जिन उम्मीदवारों ने चेयरपर्सन पद के लिए 26 जुलाई, 2022 के पिछले विज्ञापन/रिक्ति सर्कुलर में आवेदन किया था, उन्हें फिर से आवेदन करने की जरूरत नहीं है।
-
नयी दिल्ली. एमिरेट्स एयरलाइन के अध्यक्ष सर टिम क्लार्क ने कहा है कि भारत में बहुत अवसर मौजूद हैं और वह इस बाजार में नए उत्पाद लेकर आएगी। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस महामारी के बाद भारत में वापसी अच्छी रही है। भारत और खाड़ी क्षेत्र को जोड़ने में अहम भूमिका निभाने वाली एयरलाइन एमिरेट्स चाहती है कि द्विपक्षीय अधिकार बढ़े जिससे वह भारत मे अधिक विमानों का परिचालन कर सके। क्लार्क ने कहा, यहां (भारत में) अपार संभावनाएं हैं और अन्य बाजारों की तरह भारतीय बाजार में भी नए उत्पाद उतारे जाएंगे। कापा विमानन सम्मेलन में क्लार्क ने कहा कि एयरलाइन अगले महीने अपने वित्तीय परिणामों की घोषणा करने वाली है, जो अच्छे रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘हमारे पास हर किसी के लिए बड़े अवसर मौजूद हैं।
-
बेंगलुरु. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी चिकबल्लापुर, बेंगलुरु और दावणगेरे में आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए 25 मार्च को कर्नाटक पहुंचेंगे। एक सरकारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि प्रधानमंत्री 25 मार्च की सुबह शहर में हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) हवाई अड्डे पर उतरेंगे और श्री मधुसूदन साई इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड रिसर्च का उद्घाटन करने के लिए हेलीकॉप्टर से चिकबल्लापुर के लिए उड़ान भरेंगे। मोदी व्हाइटफील्ड मेट्रो लाइन का उद्घाटन करने के लिए दोपहर में बेंगलुरु पहुंचेंगे और मेट्रो ट्रेन में सवारी भी करेंगे। एक आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इसके बाद वह दावणगेरे जाएंगे और एक जनसभा को संबोधित करेंगे और फिर शिवमोग्गा जाएंगे और फिर दिल्ली के लिए उड़ान भरेंगे। मोदी का इस साल कर्नाटक का यह सातवां दौरा होगा। प्रधानमंत्री 12 मार्च को मांड्या में बेंगलुरु-मैसूरू एक्सप्रेस-वे और धारवाड़ में आईआईटी परिसर का उद्घाटन करने के लिए कर्नाटक में थे। हालांकि, आधिकारिक विज्ञप्ति में जनसभा के बारे में विवरण साझा नहीं किया गया है, लेकिन कर्नाटक में अपनी चुनावी तैयारियों के तहत सत्तारूढ़ भाजपा की यह एक बड़ी रैली बताई जा रही है। भाजपा की कर्नाटक इकाई और मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई सहित उसके नेताओं ने कहा है कि मोदी 25 मार्च को दावणगेरे के जिला मुख्यालय में एक बड़ी रैली में भाग लेंगे, जो 8,000 किलोमीटर लंबी ‘‘विजय संकल्प यात्रा'' के समापन के अवसर पर होगी। विशेष रूप से डिजाइन किए गए वाहनों या 'रथों' में राज्य के चार अलग-अलग हिस्सों से शुरू हुए 20 दिवसीय राज्यव्यापी यात्रा की शुरुआत एक मार्च को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा ने चामराजनगर जिले के माले महादेश्वर हिल्स में की थी। भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, अन्य भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्रियों ने इन कार्यक्रम में भाग लिया है। कर्नाटक में चुनावी तैयारियां शुरू होने के बाद से यह पार्टी की पहला बड़ा कार्यक्रम है जिसमें प्रधानमंत्री शामिल होंगे। पार्टी पदाधिकारियों के अनुसार, इस कार्यक्रम का उद्देश्य विधानसभा चुनावों से पहले भाजपा कार्यकर्ताओं में जोश भरना है। इस बार पूर्ण बहुमत के साथ राज्य में सत्ता में वापसी करने का लक्ष्य रखने वाली भाजपा ने विधानसभा की कुल 224 सीट में से कम से कम 150 सीट जीतने का लक्ष्य रखा है।
- नयी दिल्ली। कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने मंगलवार को कहा कि शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार हाल में हुई बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि का गेहूं जैसी रबी की खड़ी फसलों पर बहुत अधिक असर नहीं हुआ है। हालांकि, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री ने कहा कि केंद्र को अभी राज्य सरकारों की ओर से जमीनी वास्तविकता की सूचना मिलना बाकी है। तोमर ने कहा, ‘‘आरंभिक आकलन के मुताबिक रबी की फसलों को ज्यादा नुकसान नहीं पहुंचा है।'' उन्होंने कहा कि हालांकि राज्य सरकारें अभी भी खड़ी फसलों को हुए नुकसान का आकलन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि फसल सर्वेक्षण कराने के बाद किसानों को तत्काल राहत प्रदान करने के लिए प्रदेश सरकारें राज्य आपदा राहत कोष (एसडीआरएफ) का उपयोग कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ज्ञापन सौंपने के बाद राष्ट्रीय आपदा राहत कोष से और अधिक धनराशि प्रदान कर सकती है। गेहूं प्रमुख रबी फसल है और कुछ राज्यों में इसकी कटाई चल रही है। रबी की अन्य फसलों में सरसों और चना शामिल हैं। पश्चिमी विक्षोभ के कारण बीते तीन दिन से देश के कई हिस्सों में बेसमौसम बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलीं।
- देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने चार धाम यात्रा मार्गों पर स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण एवं विस्तारीकरण के लिये केंद्र से 500 करोड़ रू स्वीकृत करने की मांग की है । मंगलवार को यहां अधिकारियों के साथ इस संबंध में एक बैठक में योजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) को अंतिम रूप दिया गया । बैठक के बाद प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत ने बताया कि यह डीपीआर केंद्र को स्वीकृति के लिए भेजी जा रही है । प्रदेश में इस साल चारधाम यात्रा 22 अप्रैल को अक्षय तृतीया के पर्व पर गंगोत्री और यमुनोत्री धामों के कपाट खुलने के साथ शुरू हो रही है। केदारनाथ धाम के कपाट 25 अप्रैल को जबकि बदरीनाथ धाम के कपाट 27 अप्रैल को खुल रहे हैं । रावत ने बताया कि योजना के तहत चारधाम के अंतर्गत आने वाली पांच चिकित्सा इकाइयों—जोशीमठ, गुप्तकाशी, भटवाडी, पुरोला व बड़कोट के उच्चीकरण के साथ ही श्रीनगर मेडिकल कॉलेज में कैथ लैब सहित कार्डियक यूनिट, ट्रॉमा सेंटर व मॉड्यूलर ऑपरेशन थियेटर स्थापित किए जाएंगे । उन्होंने बताया कि इसके अलावा चारधाम यात्रा मार्गो पर तैनात चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टॉफ एवं अन्य कार्मिकों को प्रोत्साहन भत्ता देने की भी योजना है। मंत्री ने कहा कि प्रत्येक वर्ष चारधाम यात्रा पर पूरे भारतवर्ष से लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं लेकिन इन स्थानों पर सीमित स्वास्थ्य सुविधाओं के चलते उन्हें समुचित मदद उपलब्ध कराना संभव नहीं हो पाता है । उन्होंने कहा कि इसके मददेनजर उन्होंने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डा मनसुख मांडविया की अध्यक्षता में नई दिल्ली में पिछले दिनों आयोजित बैठक में चारधाम यात्रा में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तारीकरण के लिये पृथक पैकेज की मांग रखी थी । रावत ने कहा कि इसी के मददेनजर योजना की डीपीआर तैयार कर केंद्र सरकार को भेजी जा रही है, जिसमें स्वास्थ्य सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण एवं विस्तारीकरण के लिये लगभग 500 करोड़ की मांग की गई है। उन्होंने बताया कि इसमें चिकित्सा इकाइयों के उच्चीकरण के लिये 150 करोड़, श्रीनगर मेडिकल कॉलेज में कैथ लैब सहित कार्डियक यूनिट, ट्रॉमा सेंटर व मॉड्यूलर ऑपरेशन थियेटर की स्थापना के लिये 27 करोड़, विभिन्न स्थानों पर ट्रंजिट हॉस्टल एवं स्वास्थ्य कुटीर की स्थापना के लिये 37 करोड़ तथा मानव संसाधन के वेतन भत्तों एवं प्रोत्साहन राशि के लिए 270 करोड़ रू शामिल हैं। मंत्री ने बताया कि आवश्यकता पड़ने पर देश के अन्य राज्यों से भी मेडिकल कॉलेज के स्नातकोत्तर छात्रों को यात्रा काल में चारधाम यात्रा में तैनात करने की मांग केंद्र से की जाएगी जिससे देशभर से उत्तराखंड आने वाले तीर्थ यात्रियों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं दी जा सके ।
- बेंगलुरु। कर्नाटक के बेंगलुरु में एक सप्ताह पहले केआर पुरम रेलवे स्टेशन पर कोलकाता की एक महिला यात्री के साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार करने के आरोप में उप मुख्य टिकट निरीक्षक को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि महिला कि शिकायत के बाद रेलवे कर्मचारी आरोपी संतोष कुमार वी. (42) को बेंगलुरु के तम्बु चेट्टी पाल्या से गिरफ्तार किया गया। किसी अन्य यात्री द्वारा बनाया गया घटना का एक वीडियो कई लोगों द्वारा साझा किया गया है। वीडियो के आधार पर आरोपी कुमार को निलंबित कर दिया गया और पुलिस ने अपनी जांच तेज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। हावड़ा से बेंगलुरू पहुंची 27 वर्षीय महिला ने 17 मार्च को पुलिस के समक्ष 14 मार्च को हुई इस घटना की शिकायत की थी।
- हाथरस (उप्र) । जिले में आगरा अलीगढ़ रोड पर तेज रफ्तार रोडवेज बस ने मंगलवार को एक ई रिक्शा को टक्कर मार दी, जिसमें एक बच्चे समेत पांच लोगों की मौत हो गयी । पुलिस अधीक्षक देवेश पांडे ने बताया कि आगरा अलीगढ़ रोड के चंदपा क्षेत्र के कपूरा चौराहे पर एक रोडवेज बस ने ई.रिक्शा को टक्कर मार दी जिससे ई रिक्शा के चालक समेत नौ लोग घायल हो गए। उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर मौक पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में पांच लोगों ने दम तोड़ दिया। वहीं, गंभीर हालत में कुछ घायलों को अलीगढ़ रेफर किया गया।पुलिस के मुताबिक, मौके से रोडवेज बस के चालक को हिरासत में ले लिया गया है।
- नोएडा ।उत्तर प्रदेश के नोएडा के थाना सेक्टर-63 पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार कर एक ऐसे गिरोह का का खुलासा किया है जो फर्जी कॉल सेंटर खोल कर लोगों को लोन दिलाने के नाम पर ठगी करते थे । पुलिस के एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पकड़े गये लोगों के पास से नकदी, लैपटॉप, फर्जी दस्तावेज, मोबाइल फोन सहित भारी मात्रा में अन्य सामग्री बरामद की गयी है। पुलिस उपायुक्त (जोन द्वितीय) राम बदन सिंह ने बताया कि थाना सेक्टर- 63 पुलिस ने एक सूचना के आधार पर सेक्टर-63 के एच ब्लॉक में चल रहे काल सेंटर पर छापेमारी की। उन्होंने बताया कि जांच में पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी साधारण चूर्ण को पंचकर्मा आयुर्वेद का स्टीकर लगाकर ऑनलाइन और सोशल मीडिया के माध्यम से भी बेचते थे। उन्होंने बताया कि पुलिस इनसे गहनता से पूछताछ की जा रही है।
- नयी दिल्ली। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) ने दोषपूर्ण गतिविधियों में लिप्त रहने के आरोप में पिछले साल 1.2 प्रतिशत आधार केंद्र ऑपरेटरों को निलंबित कर दिया। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई। यूआईडीएआई ने मंगलवार को यह जानकारी देते हुए कहा कि गलत कार्यों में लिप्त पाए जाने वाले आधार केंद्र संचालकों पर जरूरी दंडात्मक कार्रवाई भी की जाएगी। प्राधिकरण से जुड़े हुए करीब एक लाख संचालक आधार कार्ड बनाने के साथ ही धारकों के नाम में संशोधन और पता बदलने जैसी सेवाएं भी देते हैं। इसके साथ ही यूआईडीएआई ने कहा कि उसने प्रतिदिन एक मशीन पर किए जाने वाले पंजीकरण की संख्या भी सीमित कर दी है। यह कदम आधार प्रणाली का संचालकों द्वारा दुरुपयोग रोकने की मंशा से उठाया गया है।
- नयी दिल्ली । वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल वी. आर. चौधरी ने मंगलवार को कहा कि भारतीय रक्षा उद्योग को उन्नत निर्देशित ऊर्जा और हाइपरसोनिक हथियारों पर काम करने की जरूरत है। चौधरी ने साथ ही यह भी कहा कि भारतीय वायुसेना के लिए "एयरोस्पेस फोर्स" बनने का समय आ गया है।'पीएचडीसीसीआई डीईएफ एक्स टेक इंडिया 2023' में उद्घाटन भाषण देते हुए उन्होंने भविष्य की तकनीकों को अपनाने पर भी जोर दिया और कहा कि भविष्य में युद्ध जमीन, हवा और समुद्र के साथ-साथ अंतरिक्ष में भी लड़े जाएंगे। भारतीय वायुसेना प्रमुख ने कहा कि देश जब आजादी के 100 साल पूरे करेगा, तो उसके हथियार अलग होंगे। उन्होंने कहा कि निर्देशित ऊर्जा और हाइपरसोनिक हथियारों जैसे हथियारों का पहले ही अन्य देशों द्वारा "परीक्षण और उपयोग" किया जा चुका है। उन्होंने कहा, ‘‘(देश की आजादी के) 100 साल होने पर भारत के हथियार (देश की आजादी के) 75 के दौर के भारत के हथियारों से बहुत अलग दिखेंगे। निर्देशित ऊर्जा हथियार (डीईडब्ल्यू) और हाइपरसोनिक हथियारों का पहले ही परीक्षण और उपयोग किया गया है। डीईडब्ल्यू, विशेष रूप से लेजर, पारंपरिक हथियारों पर महत्वपूर्ण लाभ प्रदान करते हैं।'' वायुसेना प्रमुख ने कहा, ‘‘हमारे रक्षा उद्योगों को इन हथियारों के विकास को आगे बढ़ाने की जरूरत है और वांछित मारक क्षमता और सटीकता प्राप्त करने के लिए उन्हें हवाई ‘प्लेटफॉर्म' पर एकीकृत करने की भी जरूरत है।'
-
मुंबई। देश में निजी क्षेत्र में काम करने वाले कर्मचारियों के वेतन में 2023 में औसतन 10.2 प्रतिशत की वृद्धि हो सकती है। सर्वाधिक वृद्धि ई-कॉमर्स, पेशेवर सेवाओं और सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्रों में देखने को मिल सकती है। एक रिपोर्ट में यह कहा गया है। पेशेवर सेवाएं देने वाली ईवाई की रिपोर्ट ‘फ्यूचर ऑफ पे' 2023 में कहा गया है कि देश में 2023 में वेतन में औसतन 10.2 प्रतिशत की वृद्धि हो सकती है। यह 2022 में औसतन 10.4 प्रतिशत की तुलना में कम है। लेकिन इसके बावजूद दहाई अंक में है। इसमें कहा गया है कि इस साल वेतन में अनुमानित वृद्धि सभी क्षेत्रों में देखने को मिलेगी, जो 2022 की तुलना में मामूली कम होगी। हालांकि, कल-कारखानों में काम करने वाले कामगारों के मामले में इस साल वेतन में 2022 की तुलना में कम वृद्धि की संभावना है। रिपोर्ट के अनुसार, सबसे ज्यादा जिन क्षेत्रों में वेतन में वृद्धि की उम्मीद है, वे सभी प्रौद्योगिकी से जुड़े हैं। इसमें कहा गया है कि ई-कॉमर्स क्षेत्र में सबसे ज्यादा 12.5 प्रतिशत की वृद्धि की उम्मीद है। उसके बाद पेशेवर सेवाओं में 11.9 प्रतिशत तथा आईटी क्षेत्र में 10.8 प्रतिशत वृद्धि की संभावना है। ईवाई की रिपोर्ट सर्वे पर आधारित है। यह सर्वे दिसंबर, 2022 से फरवरी, 2023 के बीच किया गया। इसमें देश में मझोले से लेकर बड़े संगठनों के 150 मुख्य मानव संसाधन अधिकारी शामिल हुए।
- नयी दिल्ली । संसद की एक समिति ने देश के कई प्रदेशों में भूजल स्तर की गंभीर स्थिति को रेखांकित करते हुए कहा है कि भूजल संसाधनों के प्रबंधन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए तथा भूजल संरक्षण एवं जल के विवेकपूर्ण इस्तेमाल के लिए ठोस कदम उठाये जाएं। लोकसभा में पेश भारतीय जनता पार्टी सांसद परबतभाई सवाभाई पटेल की अध्यक्षता वाली ‘‘भूजल : एक मूल्यवान किन्तु घटता हुआ संसाधन'' विषय पर जल संसाधन संबंधी स्थायी समिति की रिपोर्ट में यह बात कही गई है। रिपोर्ट के अनुसार, भारत का भूजल संसाधन देश की पेयजल और सिंचाई जरूरतों को पूरा करने का एक महत्वपूर्ण स्रोत बन चुका है, जिसमें 80 प्रतिशत ग्रामीण पेयजल, 50 प्रतिशत शहरी पेयजल और दो तिहाई सिंचाई जल की आवश्यकता भूजल से पूरी होती है।इसमें कहा गया है कि समिति यह पाती है कि पर्याप्त जलस्रोतों से सम्पन्न होने के बावजूद विकेंद्रीकृत उपलब्धता, ताजे पानी की बढ़ती मांग, वर्षा की अनियमितता, बढ़ती जनसंख्या, औद्योगिकीकरण और शहरीकरण आदि के कारण भूजल पर बढ़ती निर्भरता के परिणामस्वरूप भूजल स्तर में काफी कमी आ रही है। समिति यह संज्ञान लेती है कि वर्ष 2020 के मूल्यांकन के अनुसार, देश में 398 अरब घन मीटर (बीसीएम) के कुल वार्षिक निकालने योग्य भूजल संसाधन में से 245 बीसीएम भूजल निकाला जा रहा है। इसमें कहा गया है कि देश में कुल 6965 मूल्यांकन इकाइयों (ब्लाक/तालुका/मंडल) में से 1114 इकाइयों को ‘अति दोहन' वाली श्रेणी में, जबकि 270 इकाइयों को ‘गंभीर' और 1057 इकाइयों को ‘अर्द्ध गंभीर' श्रेणी में वर्गीकृत किया गया है। समिति यह पाती है कि वर्ष 2020 में मूल्यांकन में छत्तीसगढ़, गुजरात, हरियाणा, मध्यप्रदेश और राजस्थान में सुधार के बजाय गिरावट आने की जानकारी दी गयी है। हालांकि 2017 की तुलना में 2020 के मूल्यांकन में समग्र भूजल की स्थिति में मामूली सुधार ने आशा की किरण दिखाई है। रिपोर्ट के अनुसार, समिति का अभी भी मानना है कि भूजल संरक्षण और जल के विवेकपूर्ण उपयोग के लिए ठोस कदम उठाने की जरूरत है। इसमें कहा गया है कि निरंतर भूजल निकासी के परिणामस्वरूप जल स्तर और नीचे चला गया है। अरुणाचल प्रदेश, बिहार, दमन और दीव, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, मेघालय, नगालैंड और त्रिपुरा को छोड़कर आंध्र प्रदेश, चंडीगढ़, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान जैसे प्रदेशों में अलग-अलग इलाकों में 10 प्रतिशत कुंओं में चार मीटर से अधिक की गिरावट देखी गई है। समिति की राय है कि जहां भूमिगत जल भंडारण गंभीर खतरे में है, उन क्षेत्रों में भूजल संसाधनों के प्रबंधन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए तथा सतही जल के पूरक के रूप में भूजल संसाधनों का विवेकपूर्ण उपयोग सुनिश्चित किया जा सके।
- जयपुर। जस्थान के अजमेर जिले में मंगलवार को करीब 20 फुट की ऊंचाई से एक झूला गिरने से उसमें सवार 11 लोग घायल हो गये। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘यह घटना झूले की केबल टूटने के कारण हुई। हादसे में 11 लोगों को चोटें आई है। जेएलएन सरकारी अस्पताल में उनका इलाज किया जा रहा है और वे सभी खतरे से बाहर हैं।'' नीचे आते समय झूले की केबल अचानक टूट गई जिससे वह गिर गया। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है।
-
नई दिल्ली। सरकार ने कहा है कि 2019-20 से 2021-22 में अटल पेंशन योजना के तहत नामांकन में 40 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी हुई है। वित्त राज्य मंत्री भागवत कराड ने मंगलवार को राज्यसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में यह बात कही। अटल पेंशन योजना 2015 में शुरू की गई थी। यह एक स्वैच्छिक पेंशन योजना है, जिसमें 60 वर्ष की आयु प्राप्त करने के बाद उपभोक्ता पेंशन प्राप्त करता है। इस योजना की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 40 वर्ष है। उन्होंने कहा कि अटल पेंशन योजना के पेंशन लाभ 2035 से शुरू होने की उम्मीद है।
-
सूरत. गुजरात के सूरत शहर में स्थित एक बिजलीघर के 30 साल पुराने 'कूलिंग टावर' को मंगलवार को विस्फोट के जरिए ढहा दिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों के मुताबिक गैस से चलने वाले ‘उतरन ताप विद्युत संयंत्र' के करीब 72 मीटर व्यास और 85 मीटर ऊंचे आरसीसी टावर को सुबह करीब 11:10 बजे ढहाया गया। अधिकारियों ने कहा कि विध्वंस के लिए 220 किलोग्राम विस्फोटक का इस्तेमाल किया गया। टावर सात सेकेंड के भीतर एक तेज आवाज के साथ नीचे गिर गया, जिससे धूल की एक मोटी परत फैल गई। एहतियात के तौर पर लोगों को टावर से करीब 250-300 मीटर की दूरी पर रखने के लिए बिजलीघर के आस-पास के क्षेत्र की घेराबंदी कर दी गई थी। यह बिजलीघर तापी नदी के किनारे स्थित है। एक अधिकारी ने कहा कि टावर के कॉलम की खुदाई के बाद विस्फोटक लगाए गए और इसमें विशेषज्ञों की मदद ली गई। प्रभारी अपर मुख्य अभियंता आर आर पटेल ने कहा, ‘‘ यह टावर गुजरात राज्य विद्युत निगम के 135 मेगावाट बिजली संयंत्र का हिस्सा था और इसका इस्तेमाल शीतलन उद्देश्यों के लिए किया जाता था। इसकी ऊंचाई 85 मीटर थी, जिसका निचला व्यास 72 मीटर था। '' पटेल ने कहा कि सितंबर 2021 में टावर के विध्वंस की प्रक्रिया शुरू हुई और इसके बॉयलर, जनरेटर, टरबाइन और ट्रांसफार्मर को तोड़ दिया गया था। इस टावर का निर्माण 1993 में किया गया था। -
हावड़ा. पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले में मंगलवार को सुबह एक सरकारी बस और एक कार की आमने-सामने की टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई और नौ अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना बगनान थाना क्षेत्र के ईश्वरीपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग 16 पर हुई।
पुलिस के मुताबिक, टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के बोनट समेत आगे का हिस्सा तहस नहस हो गया।
पुलिस ने बताया कि शवों को बाहर निकालने के लिए कार के कुछ हिस्सों को गैस कटर से काटना पड़ा। उन्होंने बताया कि अभी तक मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना के वक्त बस कोलकाता की ओर जा रही थी, जबकि कार पुरबा मेदिनीपुर में दीघा की ओर जा रही थी। उन्होंने बताया कि हादसे में बस में सवार नौ यात्री घायल हो गए, जिनमें से पांच लोगों को बगनान अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि बाकी लोगों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। -
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 25 मार्च को छत्तीसगढ़ में
नयी दिल्ली. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अगले आठ दिनों में कई कार्यक्रमों में भाग लेंगे, जिसके लिए वह चार राज्यों की यात्रा करेंगे, जिसमें दो बार कर्नाटक की यात्रा भी शामिल है। गृह मंत्री बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जम्मू एवं कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में स्थित शारदा देवी मंदिर का उद्घाटन करेंगे। मंदिर का निर्माण श्री श्रृंगेरी मठ और सेवा शारदा समिति कश्मीर द्वारा किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि शाह बृहस्पतिवार को नयी दिल्ली में 64 कलाओं पर आधारित एक वैदिक विरासत पोर्टल और आभासी संगीत का उद्घाटन करेंगे। गृह मंत्री 24 मार्च को कर्नाटक जाएंगे, जहां वह बेंगलुरु में मादक पदार्थों की तस्करी और राष्ट्रीय सुरक्षा पर दक्षिणी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के क्षेत्रीय सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। अधिकारियों ने बताया कि वह बेंगलुरु में सहकार समृद्धि सौधा की आधारशिला रखेंगे और सहकारिता मंत्रालय के विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन करेंगे। शाह 25 मार्च को छत्तीसगढ़ जाएंगे, जहां वह जगदलपुर में सीआरपीएफ के 84वें स्थापना दिवस समारोह में शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि जगदलपुर में वह बस्तर संभाग की स्थानीय हल्बी भाषा में प्रसार भारती की एक समाचार सेवा के प्रसारण की भी शुरुआत करेंगे। दोपहर में गृह मंत्री पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश जाएंगे, जहां वह छिंदवाड़ा के आंचलकुंड दादा दरबार में पूजा-अर्चना करेंगे। बाद में वे छिंदवाड़ा में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। अधिकारियों ने बताया कि गृह मंत्री 26 मार्च को कर्नाटक जाएंगे, जहां वह बीदर में गोराटा शहीद स्मारक और सरदार वल्लभभाई पटेल के स्मारक का उद्घाटन करेंगे। वह बीदर में 103 फुट की ऊंचाई पर स्थापित किया जाने वाला तिरंगा भी फहराएंगे। उन्होंने बताया कि दिन में शाह रायचूर जिले में विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।
वह भगवान बसवेश्वर और नादप्रभु केम्पेगौड़ा की प्रतिमाओं का अनावरण भी करेंगे। गृह मंत्री 28 मार्च को नई दिल्ली में एसोचैम के वार्षिक दिवस समारोह में भाग लेंगे। वह 29 मार्च को हरियाणा के गुरुग्राम में सीआरपीएफ अकादमी में सीआरपीएफ के 78 सहायक कमांडेंट के दीक्षांत समारोह में भाग लेंगे। - नयी दिल्ली। भारत ने जलवायु परिवर्तन पर अंतर सरकारी समिति (आईपीसीसी) की नयी रिपोर्ट का सोमवार को स्वागत करते हुए कहा कि यह समानता और जलवायु न्याय के लिए देश की मांग का समर्थन करती है। केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि रिपोर्ट अक्टूबर 2022 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए ‘मिशन लाइफ' के दृष्टिकोण को प्रतिध्वनित करती है और संसाधनों के ‘‘सचेत और समझदारीपूर्ण उपयोग'' पर केंद्रित व्यवहार परिवर्तन को प्रेरित करने के लिए वैश्विक जन आंदोलन का आह्वान करती है। यादव ने सिलसिलेवार ट्वीट में कहा ‘‘भारत आईपीसीसी (एआर6-एसवाईआर) की छठी आकलन रिपोर्ट से जुड़ी सारांश रिपोर्ट का स्वागत करता है। यह रिपोर्ट जलवायु परिवर्तन की पुष्टि मानवता के सामने प्रमुख पर्यावरणीय चुनौतियों में से एक के रूप में करती है। नीति निर्माताओं के लिए सारांश रिपोर्ट समानता और जलवायु न्याय के लिए भारत के आह्वान का समर्थन करती है।'' उन्होंने कहा कि जलवायु वैज्ञानिकों ने पुष्टि की है कि विकसित देशों से विकासशील देशों को वित्तीय सहायता जलवायु कार्रवाई का एक महत्वपूर्ण प्रवर्तक है जो यह दर्शाता है कि वर्तमान वित्तपोषण अपर्याप्त हैं। मंत्री ने कहा, ‘‘इसमें 100 अरब डॉलर भी शामिल है, जिसका वादा किया गया था लेकिन यह राशि कभी जारी नहीं की गई।'' सोमवार को आईपीसीसी की जारी रिपोर्ट मानवजनित उत्सर्जन के कारण वैश्विक तापमान में वृद्धि के कारणों और परिणामों पर 2015 के बाद से तैयार की गई सभी रिपोर्ट का सारांश है। रिपोर्ट में कहा गया है पूर्व-औद्योगिक समय से वैश्विक तापमान में बढ़ोतरी को 1.5 डिग्री सेल्सियस तक सीमित करने के लक्ष्य से दुनिया चूक सकती है लेकिन इस दशक में बड़े और त्वरित कदमों से ऐसा होने से रोका जा सकता है।
- नयी दिल्ली । मध्य दिल्ली का रहने वाला 44 वर्षीय शख्स साइबर ठगों का नया शिकार बना है। ठगों ने पीड़ित को वीडियो कॉल कर अश्लील हरकत की और इसे रिकॉर्ड कर उसे धमकाया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने सोमवार को बताया कि साइबर ठगों ने पीड़ित का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करने की धमकी दी और उससे करीब डेढ़ लाख रुपये ऐंठ लिये। यह मामला तब सामने आया जब पीड़ित ने इस बाबत पुलिस को शिकायत दी। पीड़ित एक मंदिर में कई साल से पुजारी है। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में कहा, ‘‘मुझे एक निर्वस्त्र लड़की का वीडियो कॉल आया। उसने मुझे भी निर्वस्त्र होने के लिए उकसाया और मैंने वही किया। जल्द ही मुझे अपनी गलती का अहसास हुआ और मैंने फोन काट दिया।” पुलिस के मुताबिक, कॉल करने वाले ने पीड़ित का कथित अश्लील वीडियो रिकॉर्ड कर लिया और यह वीडियो उन्हें व्हाट्सऐप नंबर पर भेजा और उसे सार्वजनिक न करने के एवज में पैसे ऐंठ लिये। पुलिस ने कहा कि पीड़ित की शिकायत के बाद हाल में मध्य दिल्ली के साइबर प्रकोष्ठ में एक मामला दर्ज किया गया। जांच से जुड़े पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि मामले की छानबीन जारी है।
- आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा के थाना सिकंदरा क्षेत्र में सोमवार को अरसेना के निकट आगरा आ रही रोडवेज बस ने पीछे से ट्रक में टक्कर मार दी, जिससे इस घटना में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गयी। पुलिस ने इसकी जानकारी दी । पुलिस ने बताया कि दोनों की पहचान बबलू (35) और वरूण (32) के रूप में की गयी है । दोनों क्रमश: फिरोजाबाद और सुलतानपुर जिलों के रहने वाले हैं । उन्होंने बताया कि पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।पुलिस ने बताया कि घटना में घायल लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
- नोएडा। उत्तर प्रदेश के नोएडा के थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र में हिंडन नदी के किनारे 13 मार्च को मिली युवती के शव के मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने उसके दो आरोपी भाइयों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इसकी जानकारी दी। बताया जाता है कि दोनों आरोपी अपनी बहन के चरित्र पर शक करते थे, इसकी वजह से उन्होंने उसकी हत्या कर शव को हिंडन नदी में फेंक दिया था। पुलिस उपायुक्त (जोन द्वितीय) राम बदन सिंह ने बताया कि 13 मार्च को थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र के हिंडन नदी में एक अज्ञात युवती का शव मिला था। उन्होंने बताया कि युवती की पहचान नाजिमा के रूप में हुई। डीसीपी ने बताया कि घटना की जांच कर रही थाना पुलिस ने इस घटना में शामिल आरोपी मिराज और आरोपी शाहरुख को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला है कि दोनों आरोपी भाई अपनी बहन के चरित्र पर शक करते थे। इस वजह से उन्होंने उसकी गला दबाकर हत्या की तथा शव को नदी में फेंक दिया था। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने 8 मार्च को युवती की हत्या की थी।
- नयी दिल्ली । पंजाब नेशनल बैंक में 13,000 करोड़ रुपये के घोटाले में वांछित भगोड़े हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी का नाम इंटरपोल के ‘रेड नोटिस' से हटा दिया गया है। सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूत्रों के मुताबिक, फ्रांस के लियोन शहर स्थित इंटरपोल के मुख्यालय में चोकसी द्वारा दायर याचिका के आधार पर यह कदम उठाया गया है। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने इस घटनाक्रम पर चुप्पी साध ली है।‘रेड नोटिस', 195-सदस्यीय देशों के संगठन इंटरपोल द्वारा दुनिया भर में कानून लागू करने वाली एजेंसियों को प्रत्यर्पण, आत्मसमर्पण या इसी तरह की कानूनी कार्रवाई के लिए आरोपी व्यक्ति का पता लगाने और हिरासत में लेने के लिए जारी किया गया ‘अलर्ट' का उच्चतम स्तर है। इंटरपोल ने 2018 में चोकसी के खिलाफ रेड नोटिस जारी किया था। भारत से फरार होने के लगभग 10 महीने बाद यह नोटिस जारी किया गया था। उसी साल चोकसी ने एंटीगुआ एवं बारबुडा की नागरिकता ले ली थी। सूत्रों ने बताया कि चोकसी ने अपने खिलाफ रेड नोटिस जारी करने संबंधी सीबीआई के आवेदन को चुनौती दी थी और इस मामले को राजनीतिक साजिश का नतीजा करार दिया था। चोकसी ने अपनी याचिका में भारत में जेल की स्थिति, उसकी व्यक्तिगत सुरक्षा और स्वास्थ्य जैसे मुद्दों को भी उठाया था।
- नयी दिल्ली। केंद्र ने सोमवार को कहा कि प्रमुख उत्पादक राज्यों में बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से गेहूं की खड़ी फसल को कुछ नुकसान हुआ है, लेकिन उसे अभी तक जमीनी हकीकत के बारे में राज्य सरकारों से रिपोर्ट नहीं मिली है। सरसों और चने की फसल की कोई चिंता नहीं है क्योंकि इसकी ज्यादातर फसल कट चुकी है। बागवानी फसलों के मामले में स्थानीय ओलावृष्टि से केले और आलू जैसी कुछ फसलों पर असर पड़ सकता है। पिछले दो दिन से देश के कई हिस्सों में पश्चिमी विक्षोभ के कारण बेमौसम बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाएं चल रही हैं। गेहूं मुख्य रबी फसल है, जिसकी कटाई देश के कुछ हिस्सों में शुरू हो गई है। सरसों और चना अन्य प्रमुख रबी फसलें हैं। सरकार ने फसल वर्ष 2022-23 (जुलाई-जून) के लिए रिकॉर्ड 11.22 करोड़ टन गेहूं उत्पादन का अनुमान लगाया है।कृषि राज्यमंत्री कैलाश चौधरी ने कहा, ''कुछ नुकसान हुआ है। हमें राज्य सरकारों से नुकसान की आकलन रिपोर्ट नहीं मिली है।'' उन्होंने कहा कि राज्य सरकारें राज्य आपदा राहत कोष (एसडीआरएफ) के तहत धन का उपयोग कर रही हैं। यदि राज्य सरकारें क्षति की सीमा का आकलन करने के बाद रिपोर्ट प्रस्तुत करती हैं तो केंद्र सरकार राष्ट्रीय आपदा राहत कोष (एनडीआरएफ) के तहत मुआवजा प्रदान करेगी। कृषि आयुक्त पी के सिंह ने कहा कि पिछले दो दिन में पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और राजस्थान जैसे गेहूं उत्पादक राज्यों में बेमौसम बारिश देखी गई है। कुछ हिस्सों में कम बारिश हुई है और इससे फसल को फायदा होगा। हालांकि, दो लाख हेक्टेयर क्षेत्र में भारी बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है। उन्होंने कहा, ‘‘नुकसान का आकलन राज्य सरकारों द्वारा किया जा रहा है, जो अगले 2-3 दिन में रिपोर्ट पेश करेंगे।'' सिंह ने कहा कि भले ही दो लाख हेक्टेयर गेहूं क्षेत्र में कुछ प्रतिशत का नुकसान होता है, लेकिन चालू वर्ष में 343.2 लाख हेक्टेयर के कुल गेहूं रकबे को देखते हुए इसका शायद ही कोई प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। सरसों और चने की फसल के मामले में इनमें से अधिकांश की कटाई हो चुकी है। उन्होंने कहा कि राजस्थान और हरियाणा के कुछ क्षेत्रों में सरसों की कटाई अभी बाकी है। सिंह ने कहा कि स्थानीय ओलावृष्टि वाले क्षेत्रों में कुछ बागवानी फसलों के प्रभावित होने की संभावना है। उदाहरण के लिए केला और आलू जैसी फसलें।
- लखनऊ. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को कहा कि उनकी सरकार अगले वर्ष तक प्रत्येक ग्राम पंचायत को खेल ‘किट' उपलब्ध कराएगी। मुख्यमंत्री ने खेल ‘किट' वितरण समारोह को संबोधित करते हुए यह भी कहा कि प्रखंडों में मिनी स्टेडियम और जिलों में स्टेडियम, पुरुष और महिलाओं के लिए अलग ओपन जिम के साथ ही 30,000 गांवों में खेल के मैदान बनाने के लिए युद्ध स्तर पर कार्य किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने युवक मंगल दल और महिला मंगल दल से गांवों को स्वच्छ बनाए रखने के लिए इस मिशन की अगुवाई करने और इन्हें सौहार्द केंद्रों में परिवर्तित करने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा और महिलाओं के मंगल दल भारत की समृद्धि के आधार हैं जो आत्मनिर्भर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विजन' को जमीन पर उतार सकते हैं। उन्होंने युवाओं और महिलाओं को समाज में अपनी जिम्मेदारी को समझने और अपने आसपास अवैध गतिविधियों के बारे में पुलिस को सूचित करने की सलाह दी। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन छह अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को नियुक्त पत्र भी प्रदान किए जिन्हें प्रति माह 1.5 लाख रुपये मानदेय पर कोच बनाया गया है।
-
दिल्ली के कुछ हिस्सों में भारी बारिश
नयी दिल्ली. दिल्ली के कुछ हिस्सों में सोमवार को तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हुई। इससे पहले दिन में दिल्ली में मौसम सुहावना रहा और अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 27.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 17.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि आर्द्रता का स्तर 48 प्रतिशत से 94 प्रतिशत के बीच रहा। मौसम कार्यालय ने मंगलवार को आमतौर पर बादल छाए रहने और बहुत हल्की बारिश या बूंदाबांदी का अनुमान जताया है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 26 और 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। दिल्ली में शाम चार बजे तक 24 घंटे का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 154 पर ‘मध्यम' श्रेणी में दर्ज किया गया। शून्य से 50 के बीच एक्यूआई ‘अच्छा', 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक', 101 से 200 के बीच ‘मध्यम', 201 से 300 के बीच ‘खराब', 301 से 400 के बीच ‘बेहद खराब' और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर' माना जाता है। सरकार की वायु गुणवत्ता पूर्वानुमान एजेंसी ‘सफर' के अनुसार, अगले छह दिनों तक वायु गुणवत्ता के ‘मध्यम' श्रेणी में बने रहने की संभावना है।




.jpg)

















.jpg)
.jpg)

.jpeg)

