- Home
- देश
- नयी दिल्ली। उच्चतम न्यायालय ने गुरुवार को आदेश दिया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ कथित टिप्पणियों को लेकर असम पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए कांग्रेस नेता पवन खेड़ा को 28 फरवरी तक अंतरिम जमानत पर रिहा किया जाए। प्रधान न्यायाधीश डी. वाई. चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाली तीन-न्यायाधीशों की पीठ ने कहा कि दिल्ली में सक्षम मजिस्ट्रेट के सामने पेश किए जाने पर खेड़ा को अंतरिम जमानत पर रिहा कर दिया जाये।न्यायमूर्ति चंद्रचूड़, न्यायमूर्ति एम. आर. शाह और न्यायमूर्ति पी. एस. नरसिम्हा की पीठ ने कहा, ‘‘उपरोक्त आदेश मंगलवार (28 फरवरी) तक प्रभावी रहेगा।’’न्यायालय ने मामले की अगली सुनवाई की तिथि 27 फरवरी तय की। उच्चतम न्यायालय ने असम और उत्तर प्रदेश राज्यों को नोटिस जारी कर खेड़ा की उस याचिका पर जवाब मांगा है जिसमें प्रधानमंत्री के खिलाफ उनकी कथित टिप्पणियों को लेकर असम और उत्तर प्रदेश के लखनऊ तथा वाराणसी में उनके खिलाफ दर्ज कई प्राथमिकियों को एक साथ जोड़ने का अनुरोध किया गया है।खेड़ा की ओर से पेश हुए वरिष्ठ अधिवक्ता ए. एम. सिंघवी ने कहा कि कांग्रेस नेता ने प्रधानमंत्री पर अपनी टिप्पणी के लिए उसी दिन माफी मांगी थी और उन पर लगाए गए आरोपों के सिलसिले में गिरफ्तारी की कोई आवश्यकता नहीं है।उन्होंने कहा कि टिप्पणी में इस्तेमाल किये गये शब्दों का चयन और लगाई गई धाराएं कथित अपराधों से मेल नहीं खाती।सिंघवी ने कहा, ‘‘इससे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर सीधा प्रभाव पड़ेगा।’’असम पुलिस की ओर से अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल ऐश्वर्या भाटी ने खुली अदालत में कथित टिप्पणी का ऑडियो-वीडियो क्लिप चलाया और कहा कि खेड़ा देश के लोकतांत्रिक रूप से चुने गए प्रधानमंत्री के खिलाफ इस तरह के ‘‘अपमानजनक शब्दों’’ का इस्तेमाल नहीं कर सकते।भाटी ने अदालत को बताया कि खेड़ा को गिरफ्तार कर लिया गया है और उन्हें ट्रांजिट रिमांड के लिए दिन में सक्षम मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया जाएगा।न्यायालय ने अपराह्न तीन बजे मामले की सुनवाई की।इससे पूर्व दिन में कांग्रेस के राष्ट्रीय महाधिवेशन में भाग लेने के लिए रायपुर जा रहे पार्टी के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा को रायपुर जाने वाले विमान से नीचे उतार दिया गया। गत 17 फरवरी को मुंबई में एक संवाददाता सम्मेलन में मोदी के खिलाफ उनकी कथित टिप्पणियों के सिलसिले में खेड़ा को दिल्ली हवाई अड्डे पर गिरफ्तार कर लिया गया।दिल्ली पुलिस ने कहा कि असम पुलिस के अनुरोध पर खेड़ा को हिरासत में लिया गया।उनके साथ गए कांग्रेस नेता विरोध में धरने पर बैठ गए और गिरफ्तारी वारंट के बिना उन्हें ले जाने के प्रयासों का विरोध किया।दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने बाद में उन्हें असम पुलिस का एक दस्तावेज सौंपा, जिसमें खेड़ा को गिरफ्तार करने में उनकी मदद मांगी गई थी।कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला, खेड़ा के साथ हवाईअड्डे पर एक पुलिस थाने गए जहां केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) की भारी तैनाती थी।प्रधानमंत्री के खिलाफ उनकी कथित टिप्पणी के लिए असम के हाफलोंग पुलिस थाने में भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।उड़ान में मौजूद कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने ट्विटर पर कहा, ‘‘हम सभी इंडिगो 6ई 204 उड़ान से रायपुर जा रहे हैं और अचानक मेरे साथी पवन खेड़ा को विमान से नीचे उतरने के लिए कहा गया।’’ उन्होंने कहा, ‘‘यह किस तरह की मनमानी है? कोई कानून का शासन है या नहीं? यह किस आधार पर और किसके आदेश पर किया जा रहा है?’’
-
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि पर्यावरण संरक्षित विकास इस साल के केंद्रीय बजट की सात शीर्ष प्राथमिकताओं में से एक है। इसका उद्देश्य देश में पर्यावरण संरक्षित औद्योगिक और आर्थिक परिवर्तन लाना तथा पर्यावरण अनुकूल कृषि एवं टिकाऊ ऊर्जा अपनाना है। इससे बड़ी संख्या में हरित रोजगारों का सृजन भी होगा।
इस साल केंद्रीय बजट में पर्यावरण संरक्षित विकास के लिए विभिन्न क्षेत्रों और मंत्रालयों की कई परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। इनमें ग्रीन हाइड्रोजन मिशन, ऊर्जा परिवर्तन, ऊर्जा भंडारण और नवीकरणीय परियोजनाएं, ग्रीन क्रेडिट कार्यक्रम, गोबरधन योजना तथा पुराने वाहनों को बदलने जैसी योजनाएं हैं।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि इस वर्ष का बजट निवेशकों और देश की जनता को हरित विकास की ओर बढ़ते हुए अपना भविष्य सुरक्षित करने के अनेक अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि सरकार अर्थव्यवस्था के हरित विकास के लिए हर संभव सहायता देने को तैयार है। बजट के बाद हरित विकास पर वीडियो कांफ्रेंस से वेबिनार को संबोधित करते हुए श्री मोदी ने कहा कि इस सरकार द्वारा 2014 से प्रस्तुत किया जा रहा प्रत्येक बजट मौजूदा चुनौतियों के समाधान के लिए नए समय के सुधारों को आगे ले जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह बजट वैश्विक हरित ऊर्जा बाजार में भारत की अग्रणी भूमिका तय करने में अहम होगा। उन्होंने कहा कि बजट से हरित रोजगार बढ़ाने और वैश्विक भलाई में सहायता मिलेगी।हरित विकास और ऊर्जा परिवर्तन के लिए की गई पहलों को रेखांकित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि अक्षय ऊर्जा का उत्पादन बढ़ाना, पेट्रोल-डीजल जैसे जीवाश्म ईंधन के उपयोग को कम करना और गैस आधारित अर्थव्यवस्था की ओर बढ़ना देश की प्राथमिकताओं के तीन स्तंभ हैं। उन्होंने कहा कि 2014 से बजट में पीएम कुसुम, रूफ टॉप सोलर योजना, सोल्डर पैनल विनिर्माण के लिए प्रोत्साहन राशि तथा बैटरी स्टोरेज समेत अनेक महत्वपूर्ण घोषणाएं की गई हैं। इस साल के बजट में घोषित पहलों के बारे में बात करते हुए श्री मोदी ने कहा कि बजट में हरित विकास के लिए अनेक घोषणाएं की गई हैं जो देश की भावी पीढि़यों के उज्जवल भविष्य के लिए बुनियाद का काम करेंगी। उन्होंने कहा कि पीएम प्रणाम, गोबर्धन, वाहन स्क्रैपिंग नीति जैसी योजनाएं देश के भविष्य को आकार देने में प्रमुख भूमिका निभाएंगी।प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत अक्षय ऊर्जा स्रोतों के मामले में जितनी अधिक नेतृत्व की भूमिका निभाएगा, दुनिया में उतना ही बदलाव ला सकता है। उन्होंने कहा कि भारत 2014 से दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में अपनी अक्षय ऊर्जा क्षमता को मजबूत करने वाला अग्रणी देश है। उन्होंने कहा कि देश ने जो भी लक्ष्य निर्धारित किए, समय सीमा से पहले उन्हें पूरा किया। उन्होंने कहा कि देश ने गैर-जीवाश्म ईंधन से 40 प्रतिशत विद्युत क्षमता के लक्ष्य को निर्धारित समय सीमा से नौ वर्ष पहले ही प्राप्त कर लिया। उन्होंने अक्षय ऊर्जा के क्षेत्र में अवसरों को सोने की खान बताते हुए निवेशकों से अपील की कि जैव ईंधन, कृषि अपशिष्ट, बायोगैस, ग्रीन हाइड्रोजन, बैटरी स्टोरज तथा शहरों के कचरा निस्तारण जैसे क्षेत्रों में निवेश करें। -
नई दिल्ली। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद IARI ने गेहूं की 3 नई किस्म विकसित की है। यह नई किस्म मौसम में बदलाव और बढ़ती गर्मी की चुनौतियों का सामना कर सकती है। आईसीएआर के प्रधान वैज्ञानिक राजबीर यादव ने नई किस्म की विशेषताओं के बारे में जानकारी दी। दरअसल, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद ने गेहूं की तीन ऐसी किस्मों को विकसित किया है, जो गर्मी के मौसम आने से पहले पक कर तैयार हो जाएगी। यानी कि सर्दी खत्म होते- होते फसल पूरी तरह से तैयार हो जाएगी और होली से पहले ही उसे काटा जा सकता है। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के वैज्ञानिकों का कहना है कि गेहूं के इन किस्मों को विकसित करने का मुख्य उदेश्य ‘बीट-द-हीट’ समाधान के तहत बुवाई के समय को आगे बढ़ाना है।
गेहूं की फसल आमतौर पर 140-145 दिनों में तैयार हो जाती है । उत्तर भारत में गेहूं की बुवाई ज्यादातर नवंबर महीने में की जाती है। वहीं, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और मध्य प्रदेश में नवंबर महीने के मध्य तक धान, कपास और सोयाबीन की कटाई होती है । इसके बाद किसान गेहूं की बुवाई करते हैं। इसी तरह उत्तर प्रदेश में दूसरी छमाही और बिहार में गन्ना और धान के कटने बाद गेहूं की खेती शुरू की जाती है।वैज्ञानिकों का कहना है कि अगर इन नई किस्मों की बुवाई 20 अक्टूबर के आसपास शुरू की जाती है। गर्मी आने से पहले गेहूं काटने के लिए तैयार हो जाएगा। यानी ये नई किस्में फसलों को झुलसा देने वाली गर्मी के संपर्क में नहीं आएंगी। कृषि जानकारों के मुताबिक, मार्च के तीसरे सप्ताह तक इस किस्मों में गेहूं के दाने भरने का काम पूरा हो जाता है। ऐसे में महीने के अंत तक इन्हें आराम से काटा जा सकता है।खास बात यह है कि IARI के वैज्ञानिकों ने तीन किस्में विकसित की हैं, जिनमें से सभी जीनों को शामिल किया गया है, जो समय से पहले फूल आने और जल्दी बढ़ने में सहायक होंगे। वैज्ञानिकों ने पहली किस्म का नाम HDCSW-18 दिया है। इस किस्म को 2016 में आधिकारिक रूप से अधिसूचित किया गया था। यह पहले से मौजूद HD-2967 और HD-3086 किस्म की तुलना में अधिक उपज देती है। HDCSW-18 से आप प्रति हेक्टेयर 7 टन से अधिक गेहूं की उपज प्राप्त कर सकते हैं। वहीं, HD-2967 और HD-3086 से प्रति हेक्टेयर 6-6.5 टन पैदावार मिलती है।सामान्य उच्च उपज वाली गेहूं की किस्मों की ऊंचाई 90-95 सेमी होती है. ऐसे में लंबा होने के कारण, जब उनके बालियों में अच्छी तरह अनाज भर जाते हैं तो उन्हें झुकने का खतरा होता है। जबकि, 2022 में जारी दूसरी किस्म एचडी-3410 में की ऊंचाई 100-105 सेमी है। इस किस्म से आपकों 7.5 टन/हेक्टेयर उपज मिलेगी. लेकिन तीसरी किस्म, HD-3385 से बंपर पैदावार मिलने की उम्मीद है।. वहीं, ARI ने HD-3385 को पौध किस्मों और किसानों के अधिकार प्राधिकरण (PPVFRA) के संरक्षण के साथ पंजीकृत किया है।इसने डीसीएम श्रीरा को किस्म का लाइसेंस भी दिया है। -
नयी दिल्ली. इजराइल के राजदूत नाओर गिलोन ने बुधवार को कहा कि इजराइल का सामरिक महत्व के हाइफा बंदरगाह को भारतीय कंपनी अडाणी समूह को सौंपना, भारत पर उनके देश के भरोसे को प्रदर्शित करता है। गिलोन ने संवाददाताओं से कहा कि भारत और इजराइल प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) को अंतिम रूप देने को उत्सुक हैं क्योंकि इससे सम्पूर्ण कारोबारी संबंधों को और गति मिलेगी। उन्होंने संकेत दिया कि आने वाले दिनों में होने वाली उच्च स्तरीय यात्रा के दौरान मुक्त व्यापार समझौते को आगे बढ़ाया जा सकता है। इजराइली राजदूत ने दोनों देशों के बीच संबंधों को बेहद मजबूत करार देते हुए कहा कि रक्षा विनिर्माण क्षेत्र में भारत के आत्मनिर्भरता के प्रयासों को समर्थन देना इजराइल के हित में है जो इस क्षेत्र में दोनों देशों के बीच दीर्घकालिक भरोसे के कारण है। पिछले महीने अडाणी समूह द्वारा हाइफा बंदरगाह का अधिग्रहण करने के विषय पर गिलोन ने कहा कि यह भारत पर इजराइल के भरोसे का संकेत है और इससे द्विपक्षीय कारोबार को गति मिल सकती है। उन्होंने कहा, ‘‘ यह हमारी ओर से काफी महत्वपूर्ण कदम है क्योंकि हाइफा एक सामरिक महत्व का बंदरगाह है।'' गौरतलब है कि अडाणी समूह ने पिछले महीने 1.2 अरब डालर में सामरिक महत्व के हाइफा बंदरगाह का अधिग्रहण किया था। इजराइल के राजदूत ने कहा कि दोनों देशों के बीच नवीकरणीय ऊर्जा, स्मार्ट आवाजाही, कृषि, जल, साइबर क्षेत्र, गृह सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में सहयोग की काफी संभावनाएं हैं।
- -
नयी दिल्ली. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बृहस्पतिवार से तीन दिनों के लिए कर्नाटक, मध्य प्रदेश और बिहार का दौरा करेंगे। इस दौरान वह बेंगलुरु में एक संवाद सत्र, सतना में एक आदिवासी सभा में भाग लेंगे और पटना में किसानों और मजदूरों के एक समागत को संबोधित करेंगे। केंद्रीय गृह मंत्री 23 फरवरी को कर्नाटक के बेल्लारी में ‘‘विजय संकल्प समावेश'' में भाग लेंगे और बेंगलुरु में ‘‘भारतीय राजनीति के 65 साल का परिदृश्य और मोदी के नेतृत्व में व्यापक बदलाव'' विषय पर एक परिचर्चा सत्र को संबोधित करेंगे। शाह 24 फरवरी को मध्य प्रदेश का दौरा करेंगे, जहां वह सतना में मां शारदा शक्तिपीठ मंदिर में पूजा करेंगे। कोल जनजातीय समूह की एक सभा को संबोधित करेंगे और शहर में एक मेडिकल कॉलेज का उद्घाटन करेंगे। वह 25 फरवरी को बिहार जाएंगे, जिस दौरान वह पश्चिमी चंपारण में एक रैली को संबोधित करेंगे, पटना में किसानों और मजदूरों के एक समागम में भाग लेंगे और तख्त श्री हरमंदिर जी पटना साहिब गुरुद्वारे में मत्था टेकेंगे।
-
विजयवाड़ा. आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाई. एस. जगन मोहन रेड्डी निवर्तमान राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन के प्रति आभार और सम्मान व्यक्त करते हुए उन्हें विदा करने के लिए अपनी पत्नी, कई मंत्रियों, विधायकों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ गणवरम हवाई अड्डा पहुंचे। रेड्डी ने अत्यधिक सम्मान प्रकट करते हुए झुककर हरिचंदन के पैर भी छुए। हरिचंदन छत्तीसगढ़ के रायपुर के लिए विमान में सवार हुए, जहां वह नए राज्यपाल के रूप में पदभार ग्रहण करेंगे। मंगलवार रात राज्यपाल के आधिकारिक विदाई समारोह में रेड्डी ने कहा कि ऐसे समय में जब राज्य सरकारों और राज्यपालों के बीच संबंध विवादों से प्रभावित हैं, तब हरिचंदन ने विभिन्न संवैधानिक निकायों के बीच अत्यधिक समन्वय कायम करके राज्यपाल पद की शालीनता और गरिमा को बढ़ाया है। रेड्डी की पत्नी वाई. एस. भारती, आवास मंत्री जोगी रमेश, आंध्र प्रदेश कृषि मिशन के उपाध्यक्ष एम. वी. एस. नागी रेड्डी, विधान परिषद के अध्यक्ष के. मोशेन राजू भी हवाई अड्डे पर मौजूद थे।
- -
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आम बजट 2023-24 में की गई विभिन्न घोषणाओं पर विभिन्न पक्षों को संबोधित करेंगे। इसकी शुरुआत बृहस्पतिवार को हरित वृद्धि पर एक वेबिनार से होगी। वित्त मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि प्रधानमंत्री 12 बजट-पश्चात वेबिनार को संबोधित करेंगे। इनका आयोजन 23 फरवरी से 11 मार्च के बीच किया जाएगा। बयान के मुताबिक कृषि और सहकारी समितियों के हितधारकों के साथ वेबिनार 24 फरवरी को आयोजित किया जाएगा। इसके एक दिन बाद कौशल तथा शिक्षा पर वेबिनार का आयोजन किया जाएगा। मोदी जिन वेबिनारों को संबोधित करेंगे, उनमें बुनियादी ढांचा, वित्तीय क्षेत्र, स्वास्थ्य तथा चिकित्सा अनुसंधान, महिला सशक्तिकरण और प्रधानमंत्री विश्वकर्मा कौशल सम्मान (पीएम विकास) शामिल हैं। मंत्रालय ने कहा कि आम बजट 2023-24 में घोषित 'सप्तऋषि' प्राथमिकताओं के अनुसार विभिन्न मंत्रालयों और विभागों द्वारा वेबिनार आयोजित किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने बजट घोषणाओं के कार्यान्वयन में तालमेल लाने के लिए सभी हितधारकों को एक साथ लाने के लिए इन वेबिनार की परिकल्पना की है। बिजली मंत्रालय ने एक विज्ञप्ति में कहा कि हरित वृद्धि पर वेबिनार में छह सत्र होंगे, जिसमें हरित वृद्धि के ऊर्जा और गैर-ऊर्जा, दोनों घटकों को शामिल किया जाएगा।
- -
नयी दिल्ली . प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को 41वीं प्रगति बैठक की अध्यक्षता की और 13 राज्यों में 41,500 करोड़ रुपये से अधिक की नौ प्रमुख बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की समीक्षा की। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक मोदी ने मिशन अमृत सरोवर की भी समीक्षा की और मानसून की शुरुआत से पहले अमृत सरोवर का काम मिशन मोड में पूरा करने के लिए सभी मंत्रालयों और राज्य सरकारों को सलाह दी। प्रगति ‘‘प्रो-एक्टिव गवर्नेस'' और परियोजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए एक ‘‘आइसीटी'' आधारित मंच है जिसमें केंद्र और राज्य सरकारें शामिल हैं। पीएमओ ने कहा कि बैठक में नौ प्रमुख बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की समीक्षा की गई। इनमें से तीन परियोजनाएं सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय से, दो परियोजनाएं रेल मंत्रालय से और एक-एक परियोजना बिजली मंत्रालय, कोयला मंत्रालय, पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय और स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय से है। इन नौ परियोजनाओं की कुल लागत 41,500 करोड़ रुपये से अधिक है और यह 13 राज्यों में क्रियान्वित की जा रही हैं। इन राज्यों में छत्तीसगढ़, पंजाब, बिहार, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, झारखंड, केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, असम, गुजरात, महाराष्ट्र और अरुणाचल प्रदेश से संबंधित हैं। प्रधानमंत्री ने मंत्रालयों और राज्य सरकारों को बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की योजना बनाने के लिए पीएम गतिशक्ति पोर्टल का उपयोग करने की सलाह दी। उन्होंने परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के लिए भूमि अधिग्रहण, उपयोगिता स्थानांतरण और अन्य मुद्दों के शीघ्र समाधान पर भी जोर दिया। उन्होंने केंद्र सरकार के मंत्रालयों और राज्य सरकारों के बीच उचित समन्वय सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। इस दौरान प्रधानमंत्री ने 'मिशन अमृत सरोवर' की भी समीक्षा की। उन्होंने बिहार के किशनगंज और गुजरात के बोटाद में ड्रोन के माध्यम से अमृत सरोवर स्थलों का दृश्य भी देखा। पीएमओ के अनुसार प्रधानमंत्री ने सभी मंत्रालयों और राज्य सरकारों को मानसून की शुरुआत से पहले अमृत सरोवर का काम मिशन मोड में पूरा करने की सलाह दी। प्रधानमंत्री ने योजना के तहत 50,000 अमृत सरोवरों के लक्ष्य को समय पर पूरा करने के लिए ब्लॉक स्तर पर निगरानी पर भी जोर दिया। 'मिशन अमृत सरोवर' का लक्ष्य पूरे देश में जल निकायों को फिर से जीवंत करने और भविष्य के लिए जल संरक्षण है। पीएमओ ने कहा कि एक बार मिशन पूरा हो जाने के बाद, जल धारण क्षमता में अपेक्षित वृद्धि लगभग 50 करोड़ घन मीटर होगी, अनुमानित कार्बन पृथक्करण प्रति वर्ष लगभग 32,000 टन होगा वहीं भूजल पुनर्भरण में अपेक्षित वृद्धि 22 अरब घन मीटर से अधिक होगी। जिन अमृत सरोवरों का काम पूरा हो चुका है, वे सामुदायिक गतिविधि और भागीदारी के केंद्रों के रूप में विकसित हो रहे हैं और इस प्रकार जन भागीदारी की भावना को बढ़ा रहे हैं। बयान के मुताबिक अमृत सरोवर स्थलों पर स्वच्छता रैली, जल संरक्षण पर जल शपथ, रंगोली प्रतियोगिता जैसी स्कूली बच्चों की गतिविधियां, छठ पूजा जैसे धार्मिक त्योहारों का आयोजन किया जा रहा है। प्रगति बैठकों के दौरान अब तक कुल 15.82 लाख करोड़ रुपये की लागत वाली 328 परियोजनाओं की समीक्षा की गई है।
- -
नयी दिल्ली। अपने लिए नौकरी का चयन करते वक्त लोगों के लिए सबसे अहम कारक वेतन होता है। एक सर्वे में शामिल प्रतिभागियों में से 60 प्रतिशत ने यह कहा है। इसके अलावा कंपनी के प्रबंधन में भरोसा भी इस लिहाज से एक महत्वपूर्ण मापदंड बन गया है।
संपत्ति सलाहकार सीबीआरई इंडिया ने ‘‘भारत की आवाज: भविष्य में लोग कैसे रहेंगे, किस तरह काम और खरीदारी करेंगे'' शीर्षक से एक रिपोर्ट जारी की है। यह सर्वे 1,500 से अधिक लोगों पर किया गया है जिसमें करीब 70 प्रतिशत ने कहा कि वे कम से कम तीन दिन कार्यालय आकर काम करना चाहते हैं। सीबीआरई ने कहा, ‘‘विभिन्न आयुवर्ग के 60 प्रतिशत से अधिक भावी कर्मियों (कार्यालय और हाइब्रिड दोनों तरह से काम करने वाले) ने कहा कि नौकरी का चयन करते वक्त वेतन सबसे अहम कारक बना हुआ है।
वहीं आमने-सामने का संवाद सीमित होने की वजह से कंपनी के प्रबंधन में भरोसा भी दोनों प्रकार के कर्मियों के लिए एक अन्य महत्वपूण कारक के रूप में सामने आया है।'' रिपोर्ट के मुताबिक, कार्यस्थल पर सुरक्षा के बेहतर उपाय और सुविधाओं को 80 प्रतिशत प्रतिभागियों ने सबसे ज्यादा प्रेरणादायी पहलू बताया जिससे वे नियमित रूप से कार्यालय आने को प्रेरित होते हैं।
सीबीआरई के चेयरमैन एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (भारत, दक्षिण-पूर्व एशिया, पश्चिम एशिया और अफ्रीका) अंशुमान मैगजीन ने कहा, ‘‘सर्वे बताता है कि ज्यादातर लोग कार्यालय में नियमित आने पर जब विचार करते हैं तो कार्यस्थल की गुणवत्ता और काम करने के निजी स्थान को तवज्जो देते हैं जबकि इस मामले में महामारी के बाद से स्वास्थ्य उनके लिए सबसे महत्वपूर्ण कारक हो गया है।''
सर्वे में पाया गया कि हाइब्रिड कामकाज (कभी कार्यालय आकर तो कभी घर से काम करना) को भारत में व्यापक रूप से अपनाया गया है। 78 प्रतिशत लोग इस प्रकार के कामकाज को प्राथमिकता देते हैं। -
श्रीनगर। भारतीय सेना ने दिमाग और ताकत का सही समायोजन करने के लिए अपनी भर्ती प्रक्रिया में बदलाव किया है। सेना के एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। सेना में भर्ती प्रक्रिया से जुड़े अधिकारी कर्नल जी. सुरेश ने बुधवार को यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘पहले भर्ती प्रक्रिया के अंत में एक लिखित परीक्षा होती थी, लेकिन अब पहली बात यह जरूरी होगी कि भर्ती होने वाले लोग शारीरिक रूप और मानसिक रूप से मजबूत हों।'' उन्होंने कहा कि अन्य जांच जैसे शारीरिक और चिकित्सा जांच लिखित परीक्षा के बाद की जायेंगी।
कर्नल सुरेश ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में दूसरा बड़ा बदलाव यह किया गया है कि उम्मीदवारों को लिखित परीक्षा में शामिल होने के लिए 500 रुपये का शुल्क देना होगा। उन्होंने कहा, ‘‘इस राशि में से भारतीय सेना 250 रुपये वहन करेगी जबकि उम्मीदवार को केवल 250 रुपये का भुगतान करना होगा।'' कर्नल सुरेश ने कहा कि ‘अग्निवीर' के रूप में भर्ती के लिए पंजीकरण प्रक्रिया इस महीने की शुरुआत में जारी देशव्यापी अधिसूचना के साथ शुरू हो गई है।
उन्होंने कहा कि ऑनलाइन पंजीकरण वर्ष में केवल एक बार किया जा सकता है। संशोधित भर्ती प्रक्रिया के अनुसार, भर्ती रैली से पहले कंप्यूटर आधारित ऑनलाइन साझा प्रवेश परीक्षा (सीईई) आयोजित की जाएगी। सेना ने प्रक्रिया में बदलाव के संबंध में हाल में विभिन्न समाचार पत्रों में विज्ञापन दिया था। भर्ती तीन चरणों में की जाएगी। पहले चरण में, वेबसाइट पर ऑनलाइन पंजीकरण और आवेदन करने वाले सभी उम्मीदवारों को सीईई से गुजरना होगा।
बयान में कहा गया है कि चरण दो में, चयनित उम्मीदवारों को संबंधित सेना भर्ती कार्यालयों (एआरओ) द्वारा तय किए गए स्थान पर भर्ती रैली के लिए बुलाया जाएगा, जहां वे शारीरिक फिटनेस परीक्षण और शारीरिक माप परीक्षण से गुजरेंगे। बयान के अनुसार अंत में चरण तीन में, चयनित उम्मीदवारों को चिकित्सा जांच से गुजरना होगा। -
लुनावड़ा। गुजरात के महिसागर जिले में बुधवार दोपहर बाद टैंपो और कार की भिड़ंत के चलते कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई जबकि करीब 15 व्यक्ति घायल हो गए। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। सूत्रों ने कहा कि मृतक संख्या बढ़ सकती है।
पुलिस उपाधीक्षक पी.एस. तड़वी ने प्रारंभिक जांच का हवाला देते हुए कहा कि करीब 20 यात्री टैंपो में सवार होकर विवाह पूर्व कार्यक्रम में शरीक होने जा रहे थे तभी वह लुनावड़ा तालुका के कोठा गांव के निकट दुर्गटनाग्रस्त हो गया। तड़वी ने कहा, “दुर्घटना में अब तक पांच यात्रियों की मौत हो चुकी है जबकि 15 लोग घायल हैं। टैंपो ने विपरीत दिशा से आ रही एक कार को जब टक्कर मारी तब टैंपो में 20-21 यात्री सवार थे।” उन्होंने कहा कि मामले की विस्तृत जांच जारी है। -
प्रतापगढ़। जिले के महेशगंज थाना अंतर्गत माघी गांव में मंगलवार को एक बुजुर्ग महिला का शव मिला। पुलिस के मुताबिक महिला की धारदार हथियार से हत्या की गई थी। अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिम) रोहित मिश्रा ने कहा कि महेशगंज थाना अंतर्गत माघी गांव में एक बुजुर्ग महिला का शव उसके घर में एक चारपाई पर पाया गया। महिला की पहचान शकुंतला सिंह (65) के रूप में की गई है। उन्होंने कहा कि उसकी तेज धारदार हथियार से हत्या की गई है। महिला अपनी बहन के साथ रह रही थी।
मिश्रा ने कहा कि महिला सोमवार की रात एक धार्मिक आयोजन में शामिल होने गई थी और वहां से लौटने के बाद वह बरामदे में सो गई और मंगलवार को उसका शव पाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और इस मामले की जांच की जा रही है। -
नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को संसद रत्न सम्मान 2023 के लिए नामित सांसदों को बधाई दी। कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी, राजद के मनोज झा, माकपा के जॉन ब्रिटास सहित 13 सांसदों को संसद रत्न सम्मान 2023 के लिए नामित किया गया है।
इस सम्मान के लिए 13 सांसदों को नामित किया गया है, जिनमें आठ लोकसभा के और पांच राज्यसभा के सदस्य हैं। इनमें तीन पूर्व सांसद भी शामिल हैं। प्रधानमंत्री ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘संसद रत्न सम्मान के लिए नामित संसद के सभी सहयोगियों को बधाइयां। वे अपनी समृद्ध अंतर्दृष्टि के साथ संसदीय कार्यवाही को समृद्ध करते रहें।'' -
गुना। मध्य प्रदेश के गुना जिले में बुधवार तड़के एक तेज रफ्तार ट्रक के खड़ी बस से टकरा जाने से दो यात्रियों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गये। स्थानीय पुलिस थाने के प्रभारी विपेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि दुर्घटना सुबह करीब सवा पांच बजे मायाना शहर के पास एक यात्री को उतारने के लिए बस के रुकने के बाद हुई।
उन्होंने बताया कि एक यात्री बस के पिछले हिस्से में सामान रखने की जगह से अपना बैग उठा रहा था तभी तेज गति से आ रहे ट्रक ने खड़ी बस को टक्कर मार दी जिससे करीब 15 यात्री घायल हो गये। अधिकारी ने कहा कि घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया जहां गायत्री बाई (33) और उदय सिंह (28) की मौत हो गई। उन्होंने कहा कि टक्कर के कारण बस का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस दुर्घटना की जांच कर रही है। -
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने वित्तीय वर्ष 2023-24 के बजट में वर्ष 2025 में प्रयागराज में आयोजित होने वाले महाकुंभ के लिए 2500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। प्रयागराज में 2025 में आयोजित होने वाले महाकुंभ मेला को अब तक का सबसे भव्य आयोजन बनाने के लिए राज्य की योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की सरकार ने इस बजट में भारी भरकम धनराशि प्रस्तावित किया है।
महाकुंभ के आयोजन के लिए बीते साल के बजट 2022-23 में जहां 621.55 करोड़ रुपये प्रस्तावित किये गये थे, वहीं इसके सापेक्ष इस बार सरकार ने बजट में 2500 करोड़ रुपये की व्यवस्था की है। उल्लेखनीय है कि बतौर तीर्थ हिन्दुओं में प्रयागराज का एक महत्वपूर्ण स्थान है।
परंपरागत तौर पर नदियों के मिलन को बेहद पवित्र माना जाता है और प्रयागराज में गंगा, यमुना और सरस्वती का मिलन होता है। प्रयागराज के संगम पर हर 12वें साल कुंभ और छठे साल पर अर्धकुंभ आयोजित होता था। योगी सरकार ने 'अर्धकुंभ' को 'कुंभ' और 'कुंभ' को 'महाकुंभ' का नाम दिया है -
नयी दिल्ली। कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने बुधवार को कहा कि बागवानी क्षेत्र को आर्थिक वृद्धि को गति देने वाला माना जा रहा है और यह क्षेत्र धीरे-धीरे बीज व्यापार, मूल्यवर्धन और निर्यात से जुड़ा एक संगठित उद्योग बन रहा है। बेंगलुरु में आयोजित हो रहे चार दिवसीय राष्ट्रीय बागवानी मेले का ‘ऑनलाइन' उद्घाटन करते हुए तोमर ने कहा कि बागवानी क्षेत्र, किसानों की आय दोगुनी करने और आवश्यक पोषण सुरक्षा प्रदान करने में, महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
तोमर ने कहा, ‘‘बागवानी फसलों के उत्पादन और उपलब्धता में तेजी से वृद्धि से देश की पोषण सुरक्षा के बीच की खाई को पाटने में मदद मिलेगी।'' एक सरकारी बयान के अनुसार, उन्होंने कहा कि देश का बागवानी उत्पादन वर्ष 1950-51 के 2.5 करोड़ टन से 13 गुना बढ़कर वर्ष 2020-21 के दौरान 33.1 करोड़ टन हो गया है, जो खाद्यान्न उत्पादन से कहीं अधिक है।
उन्होंने कहा, ‘‘इस क्षेत्र को आर्थिक वृद्धि को गति देने वाला माना जा रहा है और यह क्षेत्र धीरे-धीरे बीज व्यापार, मूल्य संवर्धन और निर्यात से जुड़ा एक संगठित उद्योग बन रहा है।'' मंत्री ने कहा कि वित्तवर्ष 2023-24 के बजट में, बागवानी क्षेत्र के विकास के लिए 2,200 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। -
तेजपुर। असम के सोनितपुर जिले में पुलिस ने बुधवार को तीन करोड़ रुपये मूल्य का गांजा जब्त किया और एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। पुलिस ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अरुणाचल प्रदेश की सीमा से लगे चरिदुआर थाना क्षेत्र के भालुकपुंग चौकी पर एक वाहन से 575 किलोग्राम गांजा जब्त किया। कार अरुणाचल प्रदेश से असम के उदलगुरी जा रही थी। पुलिस ने बताया कि मादक पदार्थ को साबुन के 14 बॉक्स में छिपा कर रखा गया था।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार व्यक्ति पश्चिम बंगाल का रहने वाला था, जबकि वाहन में सवार एक अन्य व्यक्ति भागने में सफल रहा। मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने पुलिस को मादक पदार्थ के खिलाफ निरंतर अभियान चलाने और उल्लेखनीय सफलता हासिल करने के लिए बधाई दी। गौरतलब है कि पिछले तीन दिनों में यह राज्य में मादक पदार्थ की दूसरी सबसे बड़ी खेप है। इससे पहले कार्बी आंगलोंग जिले में सोमवार को 25 करोड़ रुपये की हेरोइन जब्त की गई थी और इस सिलसिले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया था। -
गिरिडीह। झारखंड के गिरिडीह जिले में 'गिरिडीह केंद्रीय कारागार' के एक पहरेदार को कुछ अज्ञात अपराधियों ने गोली मार दी। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि पहरेदार की पहचान शशिभूषण यादव के रूप में हुई है, उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के एक बयान के अनुसार, घटना मंगलवार रात करीब आठ बजे गिरिडीह-टुंडी मार्ग पर स्थित एक पेट्रोल पंप के पास हुई, जहां तीन अपराधियों ने पहरेदार यादव और बिहारी मंडल (कांस्टेबल) पर हमला कर दिया। बयान के अनुसार, अपराधियों ने कथित तौर पर पहरेदार की बंदूक छीन ली और उन पर गोली चला दी।
फिलहाल, गिरिडीह मुफस्सिल थाने में तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है। उप-विभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) अनिल कुमार ने कहा, "घटना के छह घंटे के भीतर दो अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनके पास से पहरेदार की बंदूक और अपराध में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की गई है। ( प्रतीकात्मक चित्र ) - नई दिल्ली। दिल्ली एमसीडी के मेयर चुनाव के नतीजों की घोषणा हो गई है। आम आदमी पार्टी की निगम पार्षद शैली ओबेरॉय ने भारतीय जनता पार्टी की रेखा गुप्ता को 34 वोटों से हराया। दिल्ली में पहली बार आप का मेयर बना है। दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने बुधवार को ट्वीट कर कहा कि AAP कैंडिडेट शैली ओबेरॉय ने एमसीडी मेयर का चुनाव जीत लिया है। दिल्ली एमसीडी के मेयर पद के लिए मतदान सिविक सेंटर में हुआ। सिसोदिया ने ट्वीट कर लिखा, “सभी कार्यकर्ताओं को बहुत बधाई और दिल्ली की जनता का तहे दिल से एक बार फिर से आभार। आप की पहली मेयर शैली ओबरॉय को भी बहुत बहुत बधाई।”आप ने चार दिसंबर को हुए एमसीडी चुनाव में 134 वार्डों में जीत हासिल की थी और नगर निकाय पर भाजपा के 15 साल पुराने शासन को समाप्त कर दिया था। भाजपा 104 वार्ड में जीत के साथ दूसरे स्थान पर रही थी। कांग्रेस ने 250 सदस्यीय निगम सदन में नौ सीट जीती थीं।
- शिवमोगा । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उद्घाटन से पहले कर्नाटक के नवनिर्मित शिवमोगा हवाई अड्डे पर परीक्षण उड़ान के तहत रवाना भारतीय वायुसेना का एक विमान मंगलवर को सुरक्षित तरीके से उतरा। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। शिवमोगा जिले के सोगने में ग्रीनफील्ड घरेलू हवाई अड्डे का निर्माण केंद्र की उड़ान योजना के तहत किया गया है, जिसका उद्देश्य हवाई यात्रा को सभी के लिए किफायती बनाना है। विमान के हवाई अड्डे पर उतरने की जानकारी को अपने ट्विटर हैंडल पर वीडियो क्लिप के जरिये साझा करते हुए शिवमोगा के सांसद बी वाई राघवेंद्र ने कहा, ‘‘शिवमेगा पर पहले परीक्षण उड़ान का विमान उतरा। माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी शिवमोगा हवाई अड्डा का 27 फरवरी को इस पर उतरकर उद्घाटन करेंगे।'' प्रधानमंत्री मोदी 27 फरवरी को हवाई अड्डे का उद्घाटन करने वाले हैं। यह हवाई अड्डा 662.38 एकड़ क्षेत्रफल में फैला है, जिसकी नींव जून 2020 में तत्कालीन मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा ने रखी थी।
-
नयी दिल्ली । दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के नजफगढ़ में 2022 में एक ‘संत' पर गोली चलाने के आरोप में अशोक प्रधान-नीतू दाबोधिया गिरोह के एक संदिग्ध ‘शार्पशूटर' को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान नांगलोई निवासी सिकंदर उर्फ रोहित (27) के रूप में की गई है। आकाश नाथ के रूप में पहचाने गए स्वयंभू संत हमले में बाल-बाल बच गए थे, लेकिन उनके एक भक्त को गोली लग गई थी। यह कथित हमला तब हुआ था, जब संत ने खुद को नाथ समुदाय का संत होने का दावा करने वाले सुशील दास को भंडारे में आमंत्रित नहीं किया था। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने सिकंदर की कार को छावला नाले के पास रोका और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
- गुरुग्राम ।राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) के एक कमांडो की पत्नी की गुरुग्राम के मानेसर में एनएसजी शिविर में एक रिहायशी इमारत की सातवीं मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि 33 वर्षीय महिला के परिजनों ने उसकी मौत के लिए उसके पति व ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना रविवार रात साढ़े नौ बजे के करीब मिली। पुलिस ने बताया कि पीड़िता की पहचान प्रीति के रूप में हुई।पीड़िता के भाई पुष्पेंद्र सिंह लोधी ने आरोप लगाया कि उसकी बहन की शादी 2017 में हुई थी तथा वालेंदर (महिला का पति) और उसके परिवार के सदस्य उसे दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहे थे और अंत में उसकी जान ले ली। पुलिस ने बताया कि शिकायत के बाद सोमवार को मानेसर थाने में आरोपी वालेंदर और उसके आरोपी माता-पिता के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। मानेसर थाने के प्रभारी विजय कुमार ने बताया, “हम तथ्यों की जांच कर रहे हैं और कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।”(सांकेतिक फोटो)
- नयी दिल्ली । दिल्ली सरकार द्वारा अंतिम रूप दी जा रही नीति में केवल इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों को ही बाइक टैक्सी के रूप में अनुमति देने का प्रस्ताव है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने कहा कि दोपहिया, तिपहिया और चार पहिया वाहनों से जुड़ी संबंधित नीति अंतिम चरण में हैं और उसे शीघ्र ही लागू किया जाएगा। एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘ संबंधित नीति को अंतिम रूप दिया जा रहा है और उसमें इन वाहनों को विनियमित करने के लिए प्रावधान शामिल करने की योजना है...।'' दिल्ली सरकार के परिवहन विभाग ने वाणिज्यिक उद्देश्यों के लिए इस्तेमाल किए जा रहे निजी पंजीयन वाले दो पहिया वाहनों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की है।
- भोपाल । मध्य प्रदेश में वरिष्ठ पत्रकारों के एक संगठन ने 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के गैर-मान्यता प्राप्त पत्रकारों को मासिक भुगतान की मांग को लेकर मंगलवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को ज्ञापन सौंपा। वर्तमान में मध्यप्रदेश सरकार द्वारा राज्य में अधिमान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकारों (60 वर्ष से अधिक आयु) को 10 हजार रुपये प्रतिमाह की ‘‘श्रद्धा निधि'' दी जा रही है। वरिष्ट पत्रकार कल्याण संघ ने चौहान को संबोधित ज्ञापन में कहा कि पत्रकार श्रद्धा निधि योजना में गैर-मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकारों (60 वर्ष और उससे अधिक आयु) को भी शामिल किया जाना चाहिए। इसके साथ ही संगठन ने मांग की कि वर्तमान लाभार्थियों को मासिक भुगतान दोगुना (20 हजार रुपये) किया जाए। वरिष्ट पत्रकार कल्याण संघ के अध्यक्ष हरि मोहन मोदी ने कहा कि श्रद्धा निधि के मौजूदा लाभार्थियों को 20,000 रुपये का भुगतान किया जाना चाहिए और उस आयु वर्ग के गैर-मान्यता प्राप्त पत्रकारों को भी उतना ही वित्तीय लाभ दिया जाना चाहिए क्योंकि कोटा प्रणाली के कारण बहुत कम पत्रकार राज्य सरकार की मान्यता प्राप्त करने में सक्षम हैं। उन्होंने कहा, ‘‘किसी भी समाचार पत्र या मीडिया कंपनी में सीमित कोटा के कारण केवल तीन पत्रकार अधिमान्यता प्राप्त करने में सक्षम होते हैं। इसके कारण कई मीडियाकर्मी मान्यता लाभ से वंचित हैं।'' संगठन के सचिव वीरेंद्र सिन्हा ने कहा कि यह भी मांग की गई है कि वरिष्ठ पत्रकारों की मृत्यु के बाद श्रद्धा निधि का लाभ उनके आश्रितों या पत्नी को दिया जाना चाहिए क्योंकि ऐसी स्थिति में वित्तीय सुरक्षा बहुत जरूरी है। इसके साथ ही संगठन ने जनसंपर्क विभाग से उसके द्वारा संचालित वरिष्ठ पत्रकारों की स्वास्थ्य बीमा योजना का पूरा प्रीमियम वहन करने की भी मांग की है। file photo
- गोपेश्वर ।उत्तराखंड में चमोली जिले के कर्णप्रयाग में बहुगुणा नगर, सुभाष नगर और अपर बाजार में भूधंसाव से प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करने के बाद जिलाधिकारी हिमांशु खुराना ने दरारों वाले भवनों में रह रहे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने के आदेश दिए हैं। प्रभावितों से मुलाकात के बाद जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भूधंसाव के कारण जिन भवनों में अत्यधिक दरारें आ गई हैं, उन्हें खाली करते हुए लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा जाए। उन्होंने कहा कि जो लोग किराए पर जाना चाहते हैं, उन्हें छह महीने तक किराया भी दिया जाएगा। जिलाधिकारी ने कहा कि भवनों में दरारों की निगरानी के लिए ‘क्रेकोमीटर' लगाए जाएं। उन्होंने कहा कि सर्वेक्षण टीम के माध्यम से प्रभावित क्षेत्रों में भवनों का विस्तृत सर्वेक्षण कराया जाए। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि कर्णप्रयाग के बहुगुणा नगर में भूधसांव से 28 भवन प्रभावित हुए हैं। वहीं, सुभाष नगर एवं अपर बाजार में भी कुछ भवनों में दरारें आयी हैं।

.jpg)

.jpg)


















.jpg)
.jpg)
.jpg)

.jpg)