- Home
- देश
- लातूर। महाराष्ट्र के लातूर जिले के नागनाथेश्वर मंदिर में सती प्रथा के बारे में जानकारी देता 15वीं सदी का एक शिलालेख मिला है। शोधकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। सती प्रथा के तहत महिलाएं अपने पति की चिता पर अपना जीवन समाप्त कर लेती थीं।इतिहासकार कृष्णा गुडाडे को निलंगा तहसील के ओस्तुरी गांव के मंदिर में यह शिलालेख मिला है। उन्होंने इसे 1437 ईस्वी का बताया है। गुडाडे ने कहा कि शिलालेख पर देवनागरी लिपि में 13 पंक्तियां लिखी हैं। इसके निचले हिस्से में पत्नी, पति की चिता पर लेटी दिखाई देती है, जबकि शीर्ष भाग पर भगवान शिव और घोड़े पर सवार सती की पूजा करते हुए एक जोड़े की छवि है। गुडाडे ने कहा, “यह एक महत्वपूर्ण शिलालेख है जो उस समय पर और विशेष तौर पर सती जैसी प्रथाओं पर प्रकाश डालता है।”
- जोधपुर (राजस्थान)। जोधपुर के भूंगरा गांव में शादी समारोह के दौरान गैस सिलेंडर फटने से एक घर में आग लगने से 60 लोग झुलस गए हैं, वहीं 4 लोगों की मौत हो गई है।जोधपुर कलेक्टर हिमांशु गुप्ता ने जानकारी दी कि जोधपुर के शेरगढ़ में गुरुवार को शादी समारोह के दौरान बड़ा हादसा हुआ है और यहां गैस सिलेंडर फटने के फटने से शादी समारोह में आए 60 लोग झुलस गए। कलेक्टर ने जानकारी दी है कि इस हादसे में दूल्हा सुरेंद्र सिंह, दूल्हे के पिता तगत सिंह, दूल्हे की मां दाखु कवर व बहन रसाल कंवर झुलस सहित 60 लोग झुलस गए हैं। वहीं 8 से 10 महिला, बच्चे व पुरुष 90 फीसदी तक जल चुके हैं। वहीं 30 महिला, पुरुष व बच्चे 50 फीसदी से 70 फीसदी तक जल चुके हैं।स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया और आग के अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला गया और तत्काल उन्हें अस्पताल ले जाया गया। इस हादसे में दूल्हे के माता-पिता और बहन भी गंभीर रूप से झुलस गए हैं। वहीं दूल्हे के बहन की हालत गंभीर बताई जा रही है। इस हादसे में दो बच्चों सहित 4 लोगों की मौत हो गई है।मिली जानकारी के अनुसार जोधपुर के शेरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के भूंगरा गांव में एक शादी समारोह के आयोजन के दौरान रसोई बनाने का काम चल रहा था। पुलिस को जानकारी मिली कि शादी समारोह में खाना बनाने के लिए 20 गैस सिलेंडर मंगवा कर रखे गए थे, जिनमें से एक गैस सिलेंडर हलवाई के पास ब्लास्ट हो गया, जिसके बाद एक के बाद एक 5 सिलेंडर फट गए ।राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इस बारे में कहा-कुछ बच्चे झुलसे गए हैं और मृत्यु भी हुई हैं। हमारी कोशिश है कि ज्यादा से ज्यादा लोगों की जान बचाई जा सके। हादसे के कारण की जांच होनी चाहिए और कंपनी के लोगों से भी बातचीत की जाएगी ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों। नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा।वहीं नागौर के सांसद हनुमान बेनीवाल ने कहा कि - ये दिल दहला देने वाली घटना है। 50 से ज्यादा लोगों का अस्पताल में समुचित इलाज किया जा रहा है। मैं मुख्यमंत्री से अपील करूंगा कि सिर्फ बातों से काम नहीं चलता, इस मामले में मृतक के परिजनों और घायलों को विशेष पैकेज देने की घोषणा की जाए।
-
नई दिल्ली। वन्य जीव संरक्षण संशोधन विधेयक-2022 गुरुवार को संसद से पारित हो गया। राज्य सभा ने आज इसपर अपनी मुहर लगाई जबकि लोकसभा से यह पहले ही पारित हो चुका था।विधेयक का उददेश्य वन्य जीवों और वनस्पतियों की लुप्तप्राय प्रजातियों के अंतर्राष्ट्रीय व्यापार पर कन्वेंशन-सीआईटीसी को लागू करना और इसके द्वारा संरक्षित संकटग्रस्त प्रजातियों की सूची का विस्तार करना है। विधेयक पर चर्चा का जवाब देते हुए केन्द्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेन्द्र यादव ने वन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों और वन्यजीवों के संरक्षण पर जोर दिया।श्री यादव ने कहा कि देश का वन क्षेत्र लगातार बढ रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2004 से 2014 के बीच जहां देश में दो लाख 26 हजार वर्ग किलोमीटर से अधिक के वन क्षेत्र का उपयोग दूसरे कार्यो के लिए किया गया वहीं 2014 से 2022 के बीच केवल एक लाख 30 हजार वन क्षेत्र का ही ऐसा इस्तेमाल हुआ। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि मोदी सरकार के प्रयासों की वजह से ही देश के हरित क्षेत्र का विस्तार हुआ है।
इस विधेयक में केंद्र सरकार को एक ऐसा प्राधिकरण बनाने का अधिकार दिया जा रहा है, जो संरक्षित प्रजातियों के निर्यात या आयात के लिए लाइसेंस प्रदान कर सकेगा। इससे पहले चर्चा में भाग लेते हुए, भारतीय जनता पार्टी के राकेश सिन्हा ने कहा कि इसका उद्देश्य पर्यावरण की रक्षा करना, तस्करी रोकना और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाना है। उन्होंने कहा कि 2014 से देश के वन क्षेत्र में बढ़ोतरी हुई है। विधेयक का समर्थन करते हुए राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रफुल्ल पटेल ने कहा कि पर्यावरण की सुरक्षा समय की मांग है। उन्होंने मानवों और पशुओं के बीच बढ़ती संघर्ष की घटनाओं पर चिंता जताई। कांग्रेस के जयराम रमेश ने कहा कि इससे संकटापन्न कई प्रजातियों का सरंक्षण सुनश्चित हो सकेगा। तृणमूल कांग्रेस की सुष्मिता देव, कांग्रेस के कुमार केतकर और अन्य सदस्यों ने भी चर्चा में हिस्सा लिया। -
देहरादून. उत्तराखंड को आध्यात्मिक शांति के साथ ही (शारीरिक) उपचार का भी स्रोत बताते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने बृहस्पतिवार को कहा कि यहां चिकित्सा पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं जिससे युवाओं में रोजगार के अवसर भी बढेंगे। उत्तराखंड के दो दिवसीय दौरे पर आईं राष्ट्रपति ने देर शाम यहां मुख्यमंत्री आवास में आयोजित 'नागरिक अभिनंदन' कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तराखंड आध्यात्मिक शांति और उपचार दोनों ही दृष्टियों से कल्याण का स्रोत रहा है । इस संबंध में उन्होंने भगवान राम के भाई लक्ष्मण के उपचार का भी जिक्र किया और कहा कि लोकमान्यता है कि हनुमान इसी क्षेत्र के द्रोण पर्वत को 'संजीवनी बूटी' सहित लेकर गए थे । उन्होंने कहा, ‘‘ मुझे यह जानकर प्रसन्नता हो रही है कि आधुनिक चिकित्सा के साथ ही आयुर्वेद चिकित्सा के क्षेत्र में उत्तराखंड सरकार अपनी परंपराओं को आगे बढ़ाते हुए नई-नई संस्थाएं स्थापित कर रही है। प्रदेश में प्राकृतिक चिकित्सा के कई प्रसिद्ध केंद्र हैं जहां देश-विदेश के लोग आकर स्वास्थ्य लाभ करते हैं। उत्तराखंड में प्राकृतिक पर्यटन और साहसिक पर्यटन के साथ ही चिकित्स पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं जिससे युवाओं में रोजगार के अवसर भी बढेंगे ।'' हिमालय में रहने वालों को देवता बताते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि वह उनके बीच आकर बहुत प्रसन्न हैं । उन्होंने यहां की प्राकृतिक सुंदरता और यहां के लोगों के प्रेमपूर्ण व्यवहार का जिक्र करते हुए कहा कि इसने स्वामी विवेकानंद से लेकर महात्मा गांधी और कवि सुमित्रानंदन पंत तक को मंत्रमुग्ध किया था। हांलांकि, उन्होंने कहा कि इस प्राकृतिक सुंदरता को बचाते हुए हमें विकास के मार्ग पर आगे बढना है । उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उत्तराखंड और उसके लोगों के देश के प्रति योगदान को भी याद किया तथा कहा कि इसका हिसाब लगाना असंभव है। उन्होंने उत्तराखंड को वीरों की भूमि बताते हुए कहा कि देश के वर्तमान प्रमुख रक्षा अध्यक्ष लेफ्टिनेंट जनरल अनिल चौहान तथा पहले प्रमुख रक्षा दिवंगत जनरल बिपिन रावत प्रदेश के सपूत हैं । उन्होंने पूर्व सैन्य प्रमुख जन बिपिन चंद्र जोशी सहित अनेक सेनानियों को भी याद किया । उन्होंने एवरेस्ट विजेता बछेंद्री पाल, समाज सेवी बसंती बिष्ट और अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाडी वंदना कटारिया का उल्लेख करते हुए प्रदेश को नारी शक्ति का केंद्र बताया । इस संबंध में उन्होंने कहा कि शुक्रवार को होने वाले दून विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में स्वर्णपदक हासिल करने वाले विद्यार्थियों में बडी संख्या लडकियों की है जो सामाजिक परिवर्तन और विकसित भारत की दिशा में एक बढता कदम है । राष्ट्रपति ने देश को विविध संस्कृतियों से भरा देश बताते हुए कहा कि उत्तराखंड में भी एक समृद्ध संस्कृति रही है। उन्होंने भारत के सभी राज्यों में संस्कृति को बढावा देने की जरूरत बताई । उन्होंने कहा कि दूरदराज पहाड़ों में रहने वालों की संस्कृति भी फूल जैसी है जो लोगों को सुशोभित करती हैं लेकिन अनजाने में पेड़ से झड़ जाती है । उन्होंने कहा, ' हमारा कर्तव्य है कि हम उन्हें प्रोत्साहित, विकसित और सशक्त करें तथा लोगों के सामने लाएं ।' उन्होंने विश्वास जताया कि 2047 में स्वाधीनता के 100 वर्ष पूरे होने तक भारत विश्व समुदाय में अपनी क्षमता के अनुरूप श्रेष्ठता प्राप्त कर चुका होगा तथा उत्तराखंड देश का पहले नंबर का राज्य बनकर उभरेगा । कार्यक्रम में राष्ट्रपति ने दो हजार करोड रुपये से अधिक की नौ विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया । कार्यक्रम में राज्यपाल लेफ्टि जन (सेवानिवृत्त)गुरमीत सिंह ने राष्ट्रपति को केदारनाथ मंदिर की प्रतिकृति तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कंडाली के रेशों से बन शॉल भेंट की । इस शॉल पर उत्तराखंड की प्राचीन लोककला शैली थापे को उकेरा गया है । राष्ट्रपति को इसके अतिरिक्त शैली थापे तथा एपण के मिश्रण से तैयार एक स्मृति चिहन भी भेंट किया गया । इससे पहले राष्ट्रपति बनने के बाद पहली बार उत्तराखंड आयीं मुर्मू का जौलीग्रांट हवाई अडडे पर राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने स्वागत किया । इस दौरान, राष्ट्रपति ने गार्ड ऑफ ऑनर का निरीक्षण किया। अपने प्रवास के दौरान राष्ट्रपति मसूरी स्थित लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासनिक अकादमी तथा दून विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रमों में भी हिस्सा लेंगी ।
-
गाजियाबाद. अभिनेता मनोज वाजपेयी की मां गीता देवी का यहां एक अस्पताल में बृहस्पतिवार की सुबह निधन हो गया। वह कुछ दिनों से बीमार थीं। अभिनेता के प्रवक्ता के अनुसार, गीता देवी करीब 20 दिनों से अस्वस्थ चल रही थीं और आज सुबह साढ़े आठ बजे मैक्स सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में उनका निधन हो गया। बयान में कहा गया, “मनोज वाजपेयी की मां गीता देवी का आज सुबह साढ़े आठ बजे निधन हो गया। वह पिछले 20 दिनों से ठीक नहीं थीं और मैक्स सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था।” परिवार की ओर से मौत के कारणों का खुलासा नहीं किया गया। गीता देवी के वाजपेयी के अलावा दो अन्य बेटे और तीन बेटियां हैं। वाजपेयी के पिता आर.के. बाजपेयी का पिछले साल अक्टूबर में दिल्ली में निधन हो गया था।
- - बागेश्वर। उत्तराखंड के बागेश्वर में गुरुवार कनौली-शामा सड़क पर एक कार गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में तीन महिलाओं समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक बच्ची और एक महिला गंभीर रूप से घायल हैं।जानकारी के अनुसार, गुरुवार की शाम करीब पांच बजे कार कनोली से शामा की ओर जा रही थी। रमाड़ी के पास चालक अचानक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार गहरी खाई में गिर गई। हादसे में वाहन स्वामी(चालक) दरवान सिंह (60) पुत्र दान सिंह निवासी ह्यूंडुंगरा (कपकोट) निवासी बिंदुखत्ता, लाली देवी (55) पत्नी खुशाल सिंह निवासी ह्यूंडुंगरा, गोपुली देवी (62) पत्नी गोपाल सिंह निवासी ह्यूंडुंगरा और मानुली देवी (52) पत्नी पान सिंह निवासी भनार टिक्टा की मौके पर ही मौत हो गई।वहीं, पुष्पा देवी (35) पत्नी बलवंत सिंह निवासी ह्यूंडुंगरा और ज्योति (4) पुत्री गंगा सिंह निवासी ह्यूंडुंगरा (द्वारिका) घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। तब तक चार लोगों की मौत हो चुकी थी। लोगों ने दोनों घायलों को 108 एंबुलेंस के माध्यम से कपकोट के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा।इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। बताया जा रहा है कि मृतक दरवान सिंह का परिवार एक सप्ताह पहले बिंदुखत्ता से पूजा में शामिल होने के लिए अपने गांव ह्यूंडुंगरा आए थे। गुरुवार को वह परिजनों के साथ शामा लौट रहे थे। इसी दौरान हादसा हो गया।
- अहमदाबाद/शिमला। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के करिश्मे के दम पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गुरुवार को गुजरात विधानसभा चुनाव में रिकॉर्ड सातवीं बार जीत हासिल कर सत्ता बरकरार रखी और विपक्ष को पछाड़कर राज्य में अब तक का सबसे बड़ा बहुमत हासिल किया। भाजपा ने जहां मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के गृह राज्य में "ऐतिहासिक" जीत के साथ नया कीर्तिमान स्थापित किया, वहीं वह भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के गृह राज्य हिमाचल प्रदेश में करीबी लड़ाई के बाद कांग्रेस से हार गई और पर्वतीय राज्य ने लगभग चार दशकों से चली आ रही उस परंपरा को बरकरार रखा, जिसमें वह भाजपा और कांग्रेस को बारी-बारी से सत्ता सुख प्रदान करता रहा है।कांग्रेस नेताओं ने हिमाचल प्रदेश में जीत का श्रेय अपनी महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा को दिया। पार्टी की यह जीत उसका हौसला बढ़ाने वाली है। गुजरात में मोदी की लोकप्रियता में कोई कमी नहीं आई और उन्होंने 31 चुनावी रैलियों को संबोधित कर अपने गृह राज्य में अपनी पार्टी के लिए जमकर प्रचार किया। राज्य में तीन-चौथाई से अधिक बहुमत हासिल कर भाजपा ने अब तक के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए। भाजपा की आंधी में कांग्रेस राज्य में अपने सर्वाधिक निचले स्तर पर चली गई तथा बड़े-बड़े दावे करने वाली आम आदमी पार्टी (आप) भी उसे कोई टक्कर नहीं दे पाई। भाजपा की गुजरात इकाई के अध्यक्ष सी आर पाटिल ने कहा कि राज्य में पार्टी के 60 वर्षीय मृदुभाषी चेहरे भूपेंद्र पटेल मुख्यमंत्री बने रहेंगे और उनका शपथग्रहण समारोह 12 दिसंबर को होगा। पटेल ने अहमदाबाद की घाटलोडिया सीट से पटेल ने 1.92 लाख मतों के भारी अंतर से जीत दर्ज की है। सभी वर्गों से समर्थन पाने वाली भाजपा को गुजरात की 182 विधानसभा सीट में से 154 सीट पर जीत मिल चुकी है और खबर लिखे जाने तक वह दो सीट पर आगे चल रही थी। उसे लगभग 53 प्रतिशत मत मिले हैं, जो पश्चिमी राज्य में किसी पार्टी का अब तक का सर्वश्रेष्ठ रिकॉर्ड है। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में 49.1 प्रतिशत मतों के साथ 99 सीट हासिल करने वाली भाजपा ने मोदी के मुख्यमंत्रित्व काल में 2002 में 127 सीट के अपने पिछले सर्वश्रेष्ठ रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया है। माधव सिंह सोलंकी के नेतृत्व में 1985 में कांग्रेस द्वारा जीती गईं 149 सीट का रिकॉर्ड गुजरात में किसी पार्टी का जीत का अब तक का सर्वश्रेष्ठ रिकॉर्ड था, जिसे इस बार भाजपा ने तोड़कर एक नया इतिहास रच दिया है। करीब 13 फीसदी मतों के साथ अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आप ने पांच सीट पर जीत हासिल की है। दिल्ली के मुख्यमंत्री ने एक वीडियो संदेश में कहा कि हालांकि आप ने भले ही ज्यादा सीट नहीं जीती हैं, लेकिन उसे मिले मतों ने उसे राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा दिलाने में मदद की है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और गुजरात के मुख्यमंत्री पटेल ने पार्टी की "ऐतिहासिक जीत" का श्रेय प्रधानमंत्री मोदी को दिया। भाजपा ने विकास एजेंडे पर ध्यान केंद्रित किया और 1995 से बिना चुनाव हारे 27 साल तक सत्ता में रहने के बाद फिर से सत्ता विरोधी लहर पर काबू पा लिया। उसने पश्चिम बंगाल में लगातार सात बार जीत के वाम मोर्चे के रिकॉर्ड की भी बराबरी कर ली है। माकपा के नेतृत्व वाले वाम मोर्चे ने 1977 से 2011 तक 34 साल तक पश्चिम बंगाल पर शासन किया था। गुजरात में कांग्रेस ने 2017 में 77 सीट जीतकर भाजपा को अच्छी टक्कर दी थी, लेकिन इस बार वह ऐसा कुछ नहीं कर पाई। करीब 28 फीसदी मत प्रतिशत के साथ कांग्रेस ने 17 सीट पर जीत हासिल की है। दलित नेता और मौजूदा कांग्रेस विधायक जिग्नेश मेवाणी ने मतगणना के शुरुआती दौर में पिछड़ने के बाद मामूली अंतर से अपनी वडगाम सीट बरकरार रखी। गांधीनगर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय में बड़ा जश्न मनाया।मंडी जिले की सिराज विधानसभा सीट से छठी बार चुनाव जीतने वाले हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि वह लोगों के जनादेश का सम्मान करते हैं। उन्होंने राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को अपना इस्तीफा सौंप दिया।कांग्रेस और भाजपा के मत प्रतिशत में एक प्रतिशत से भी कम अंतर रहा। कांग्रेस को जहां 43.9 फीसदी वोट मिले, वहीं भाजपा को 43 फीसदी वोट मिले हैं। कांग्रेस नेताओं- राहुल गांधी, राजीव शुक्ला, रणदीप सुरजेवाला और आनंद शर्मा सहित अन्य नेताओं ने कांग्रेस की जीत पर हिमाचल प्रदेश के लोगों का आभार व्यक्त किया। निर्वाचन आयोग के नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, कांग्रेस ने 68 में से 40 सीट पर जीत हासिल की, जबकि भाजपा ने 25 सीट जीती। तीन सीट पर निर्दलीय विजयी रहे। आप, जिसने 67 सीट पर उम्मीदवार उतारे थे, खाता खोलने में विफल रही और उसे केवल 1.1 प्रतिशत वोट मिले हैं।
- शिमला। कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में गुरुवार को 40 सीट जीतकर पूर्ण बहुमत हासिल कर लिया और इस तरह राज्य में हर पांच साल पर राज बदलने का रिवाज कायम रहा। चुनाव नतीजे आने के बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को अपना इस्तीफा सौंप दिया। कांग्रेस ने शुक्रवार को अपने विधायकों की बैठक शिमला में बुलाई है, जिसमें छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा बतौर पर्यवेक्षक शामिल होंगे। इस बैठक में विधायक दल का नेता चुनने के फैसले के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को अधिकृत करते हुए प्रस्ताव पारित किया जा सकता है। पार्टी ने पहले कहा था कि विधायक दल की बैठक चंडीगढ़ में बुलाई गई है।निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, 68 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस ने 40 सीट पर जीत दर्ज की है। वहीं, भाजपा को 25 सीट मिली है। तीन सीट पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत हासिल की है। आम आदमी पार्टी (आप) के हिस्से में कोई सीट नहीं आई। उसने 67 सीट पर चुनाव लड़ा था।हिमाचल प्रदेश का 1985 से यह राजनीतिक इतिहास रहा है कि यहां की जनता ने किसी भी पार्टी को लगातार दो बार सत्ता की चाबी नहीं सौंपी है। सिराज विधानसभा सीट पर निवर्तमान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कांग्रेस उम्मीदवार चेतराम को 38,183 मतों के अंतर से पराजित किया। पूर्व केंद्रीय मंत्री सुखराम के पुत्र और भाजपा उम्मीदवार अनिल शर्मा ने मंडी सदर विधानसभा सीट पर जीत हासिल की है। उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार चम्बा ठाकुर को 10 हजार से अधिक मतों के अंतर से पराजित किया। शिमला शहरी विधानसभा सीट पर कांग्रेस के हरीश जनारथा ने भाजपा उम्मीदवार संजय सूद को 3,037 मतों के अंतर से पराजित किया। मौजूदा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता मुकेश अग्निहोत्री ने हरोली विधानसभा सीट पर जीत हासिल की। वहीं, ठियोग विधानसभा सीट पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष कुलदीप राठौर तथा धर्मशाला से पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा विजयी घोषित किये गये। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुखविंदर सिंह सुक्खू ने नदौन सीट से जीत हासिल की। हिमाचल प्रदेश में 12 नवंबर को हुए विधानसभा चुनाव में 76.44 फीसदी मतदान दर्ज किया गया था।राज्य विधानसभा चुनाव में पराजय स्वीकार करते हुए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को अपना इस्तीफा सौंप दिया। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि राज्यपाल ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया है।ठाकुर ने राज्यपाल को इस्तीफा सौंपने से कुछ देर पहले संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैं जनादेश का सम्मान करता हूं और थोड़ी देर में राज्यपाल को इस्तीफा सौंपने जा रहा हूं।'' मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘अब नयी सरकार बनेगी, मैं उन्हें (कांग्रेस को) बधाई देता हूं और उम्मीद करता हूं कि वह अपने वादे पूरे करेगी।'' विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत के बाद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने ट्वीट किया, ‘‘भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस को जनादेश देने के लिए हिमाचल प्रदेश की जनता का दिल से धन्यवाद व अभिवादन। ये जीत हिमाचल की जनता के मुद्दों व उन्नति के संकल्प की जीत है। कांग्रेस पार्टी के सभी नेताओं व कार्यकर्ताओं को भी ढेर सारी शुभकामनाएं। आपकी मेहनत रंग लाई।'' कांग्रेस की जीत के बाद अब मुख्यमंत्री पद के दावेदारों को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू, अब तक नेता प्रतिपक्ष रहे मुकेश अग्निहोत्री तथा कुछ अन्य नेताओं के नाम मुख्यमंत्री पद के दावेदारों में शामिल हैं। कांग्रेस नेता सुधीर शर्मा ने गुरुवार को कहा कि हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री का नाम पार्टी आलाकमान तय करेगा और उसके फैसले पर सभी मिलकर आगे बढ़ेंगे। उधर, प्रतिभा सिंह के पुत्र और विधायक विक्रमादित्य सिंह ने कहा, ‘‘बेटे के रूप में, मैं अपनी मां को मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहूंगा, लेकिन इस संबंध में फैसला विजेता उम्मीदवारों और आलाकमान द्वारा लिया जाएगा।
- नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुजरात विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की शानदार जीत पर वहां की जनता का आभार प्रकट किया और कहा कि लोगों ने विकास की राजनीति को आशीर्वाद दिया है। मोदी ने एक ट्वीट में कहा कि उनके मुताबिक गुजरात भाजपा का हर एक कार्यकर्ता चैंपियन है।उन्होंने कहा, ‘‘यह ऐतिहासिक जीत हमारे कार्यकर्ताओं के परिश्रम के बगैर संभव नहीं था। कार्यकर्ता ही हमारी पार्टी की वास्तविक मजबूती हैं।'' उन्होंने कहा, ‘‘धन्यवाद गुजरात। अभूतपूर्व चुनाव परिणामों को देखकर मैं बहुत सारी भावनाओं से भर गया हूं। लोगों ने विकास की राजनीति को आशीर्वाद दिया। साथ ही उन्होंने इच्छा व्यक्त की है कि विकास की यह गति और तेजी से जारी रहे। मैं गुजरात की जन शक्ति को नमन करता हूं।'' गुजरात विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रचंड बहुमत के साथ जीत हासिल करने और राज्य के इतिहास में अब तक की सबसे बड़ी जीत दर्ज करने के करीब पहुंच गई है। निर्वाचन आयोग से प्राप्त ताजा आंकड़ों के मुताबिक भाजपा ने 140 सीट पर जीत हासिल कर ली, जबकि 16 सीट पर उसके उम्मीदवार बढ़त बनाए हुए हैं। इस प्रकार वह 156 सीट पर जीत के करीब है। हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के नतीजों पर मोदी ने कहा कि भाजपा प्रदेश के लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए काम करती रहेगी। उन्होंने एक ट्वीट में कहा, ‘‘मैं हिमाचल प्रदेश के लोगों को भाजपा के प्रति स्नेह और समर्थन के लिए धन्यवाद देता हूं। हम राज्य की आकांक्षाओं को पूरा करने और आने वाले समय में लोगों के मुद्दों को उठाने के लिए काम करते रहेंगे।'' कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में बृहस्पतिवार को पूर्ण बहुमत हासिल कर लिया।निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध ताजा आंकड़ों के मुताबिक, कांग्रेस 68 सदस्यीय विधानसभा में 39 सीट जीत चुकी है और एक सीट पर आगे है। भाजपा 18 सीट जीत चुकी है और सात सीट पर आगे है। तीन सीट पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत हासिल की है।
- भोपाल। मध्यप्रदेश में विश्वविद्यालयों के कुलपति अब कुलगुरु कहलाएंगे। इस संबंध में प्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने गुरुवार को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। मध्यप्रदेश जनसंपर्क विभाग की एक अधिकारी ने कहा, ‘‘राज्यपाल पटेल ने कुलपति का नाम कुलगुरु किए जाने के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।'' उन्होंने कहा कि पटेल ने यहां राजभवन के सांदीपनि सभागार में आयोजित विश्वविद्यालय समन्वय समिति की 100वीं बैठक को संबोधित करते हुए यह बात कही। इस अवसर पर मध्यप्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव, अपर मुख्य सचिव उच्च शिक्षा शैलेन्द्र सिंह, राज्यपाल के प्रमुख सचिव डी.पी. आहूजा, वित्त आयुक्त जानेश्वर पाटिल, आयुक्त उच्च शिक्षा कर्मवीर शर्मा, प्रदेश के सभी राजकीय और निजी विश्वविद्यालयों के कुलपति और राजभवन एवं उच्च शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद थे। इसके अलावा, राज्यपाल ने कहा कि सभी निजी और राजकीय विश्वविद्यालय अधिक से अधिक रोजगार मूलक पाठ्यक्रम संचालित करें। पाठ्यक्रमों की उच्च गुणवत्ता के मानकों का कड़ाई से पालन करें। पटेल ने कहा कि सभी शासकीय और निजी विश्वविद्यालय हर वर्ष पांच-पांच गांव गोद लेकर स्वास्थ्य, स्वच्छता और सामुदायिक सेवा के कार्यों का संचालन करें।
- जबलपुर। मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय ने राज्य की खरगापुर विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक राहुल सिंह लोधी के निर्वाचन को निरस्त कर दिया है।न्यायमूर्ति नंदिता दुबे की एकल पीठ ने पिछले महीने दिए अपने आदेश में यह भी कहा कि लोधी का नामांकन पत्र स्वीकार करने वाले निर्वाचन अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। यह आदेश उच्च न्यायालय ने अपनी वेबसाइट पर बुधवार को अपलोड किया।लोधी मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले की खरगापुर सीट से वर्ष 2018 में विधायक चुने गए थे। अदालत ने लोधी के अपने नामांकन पत्र में गलत जानकारी देने का दोषी पाए जाने के बाद यह आदेश दिया है। राहुल सिंह लोधी मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती के बड़े भाई हरवल सिंह लोधी के बेटे हैं।अदालत ने निर्वाचन निरस्त करने के साथ ही लोधी को दिए जा रहे विधानसभा सदस्यता से जुड़े सभी लाभ तत्काल खत्म किए जाने के निर्देश दिए हैं।खरगापुर से कांग्रेस के टिकट पर पराजित प्रत्याशी चंदा सिंह गौर ने लोधी के निर्वाचन को जनप्रतिनिधित्व अधिनियम के संबंधित प्रावधानों के तहत चुनौती दी थी।गौर की ओर से दायर याचिका में कहा गया था कि भाजपा विधायक का नामांकन पत्र निर्वाचन अधिकारी द्वारा नियम विरुद्ध तरीके से स्वीकार किया गया है। इसके अलावा, याचिकाकर्ता ने लोधी पर सरकार से अनुबंधित एक निजी ठेका कंपनी से साझेदारी की जानकारी छिपाने का आरोप भी लगाया था।यही नहीं, लोधी पर पूर्व में उच्च न्यायालय द्वारा उन पर लगाए गए 10,000 रुपये के जुर्माने की राशि का भुगतान याचिकाकर्ता चंदा सिंह गौर को न किए जाने का आरोप भी लगाया गया था। याचिकाकर्ता के वकील राजमणि मिश्रा ने कहा कि अदालत ने याचिकाकर्ता के पक्ष में दोनों मुद्दों को स्वीकार कर लिया है। उन्होंने बताया कि यह आदेश नौ नवंबर को सुनाया गया था।
-
देहरादून. उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को कहा कि मैकाले की शिक्षा पद्धति युवाओं को केवल नौकरी दिलाने का उद्देश्य रखती थी जबकि नई शिक्षा नीति से युवा रोजगार प्रदाता बनेंगे। यहां शुरू हुए दो दिवसीय उच्च शिक्षा चिंतन शिविर में मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में नये भारत की नींव रखी जा रही है जहां हर क्षेत्र में भारत आत्मनिर्भर बन रहा है। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा के क्षेत्र में भी कई नए कार्य किए जा रहे हैं जिसमें प्राचीन शिक्षा पद्धति और आधुनिक शिक्षा पद्धति के सम्मिश्रण से बनी नई शिक्षा नीति शामिल है। उन्होंने कहा, ‘‘जहां एक ओर (लार्ड) मैकाले की शिक्षा व्यवस्था पर आधारित पुरानी शिक्षा पद्धति युवाओं को सिर्फ नौकरी दिलाने का उद्देश्य रखती थी, वहीं नई शिक्षा नीति के माध्यम से युवा स्वयं नौकरियां देने वाले बन सकेंगे। इसके माध्यम से युवा उद्यमी बन सकेगा, स्टार्टअप विकसित कर सकेगा।'' उत्तराखंड को 2025 तक देश का अग्रणी राज्य बनाने के लक्ष्य का जिक्र करते हुए धामी ने कहा कि यही कारण है कि राज्य सरकार ने 'नो पेंडेंसी' की नीति अपनाते हुए उत्तराखंड में नयी शिक्षा नीति लागू कर दी है। उन्होंने कहा सीमित संसाधनों के बावजूद राष्ट्रीय शिक्षा नीति के प्रावधानों को समग्रता से लागू करने वाला उत्तराखंड पहला राज्य है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के छात्र—छात्राओं के सर्वांगीण विकास को लेकर दृढसंकल्पित है और प्रदेश को उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक मॉडल राज्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में कार्य कर रही है जिसमें उसे निजी क्षेत्र की संस्थाओं का भी सहयोग मिल रहा है। उन्होंने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षा पहुँचाने के प्रदेश सरकार के प्रयास में राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (नैक) जैसी प्रतिष्ठित संस्था का पूरा सहयोग मिल रहा है। उन्होंने कहा राष्ट्रीय शिक्षा नीति के प्रावधानों के अनुरूप संस्थाओं का मूल्यांकन और प्रत्यायन अनिवार्य है और निश्चित रूप से नैक के विशेषज्ञों के परामर्श और उच्च शिक्षा के क्षेत्र में कार्य कर रहे शिक्षकों और अधिकारियों के सहयोग से प्रदेश में संस्थाओं की गुणवत्ता सुधारने में भी सहायता होगी। उच्च शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने कहा कि वर्तमान में उत्तराखंड में 35 विश्वविद्यालय, 119 सरकारी डिग्री कॉलेज, 300 से अधिक निजी डिग्री कॉलेज हैं जहां देश के लगभग सभी राज्यों एवं 19 देशों से छात्र-छात्राएं अध्ययन के लिए आते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने पिछले पांच साल में उच्च शिक्षा में सभी कॉलेजों में प्रधानाचार्य एवं पर्याप्त शिक्षक उपलब्ध कराए हैं। उन्होंने कहा कि 2025 तक राज्य में 25 मॉडल कॉलेज बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इस मौके पर मुख्यमंत्री की उपस्थिति में उच्च शिक्षा विभाग द्वारा उत्तराखंड में उच्च शिक्षा संस्थानों के आधुनिकरण, उद्यमिता और कौशल विकास के क्षेत्र में देश के प्रतिष्ठित संस्थान ‘भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान अहमदाबाद' के साथ उद्यमिता संवर्धन हेतु एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर दस्तखत किए गए। इसके साथ ही छात्रों को आभासीय प्रयोगशाला की सुविधा प्रदान करने हेतु केरल के अमृता विश्वविद्यापीठम् तथा कम्प्यूटर दक्षता और सूचना प्रौद्योगिकी विशेषज्ञता के लिए एडूनेट आईबीएम के साथ भी समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए।
-
सौतेले भाई की हत्या...!
जयपुर. राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले के खुइयां थाना क्षेत्र में एक युवक ने अपने सौतेले भाई पर लाठी से कथित रूप से वार किया जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बुधवार को बताया कि आरोपी कालूराम (42) को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है।थानाधिकारी ओमप्रकाश ने बताया कि कल रात पांडू सर गांव में आरोपी कालूराम (42) ने नशे में अपने सौतेले भाई सुरेश (33) की लाठी से वार कर हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।अधिकारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है और हत्या में प्रयुक्त लाठी और खून से सने कपड़े बरामद कर लिए गए हैं। -
बालू से भरा ट्रक बाइक पर पलटा, चार वर्षीय बच्ची समेत तीन लोगों की मौत
बुलंदशहर . जिले के नरौरा इलाके में बुधवार शाम बालू से भरा एक ट्रक बाइक पर पलटने से चार साल की बच्ची समेत तीन लोगों की मौत हो गयी। पुलिस ने बताया कि डिबाई थाना इलाके के प्रकाशपुर के रहने वाले महिपाल, गीता और उसकी बेटी सुरभि नरौरा की तरफ जा रहे थे तभी रास्ते में रतनपुर गांव के पास शाम चार बजे के करीब बालू से भरा ट्रक दूसरे वाहन को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर बाइक पर पलट गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जेसीबी मशीन की सहायता से ट्रक के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला। हादसे में महिपाल (35), गीता (40) और उसकी बेटी सुरभि (4) की ट्रक के नीचे दबकर मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया -
14 साल के लड़के ने दो नाबालिग बहनों का यौन शोषण किया...!
गुरुग्राम. गुरुग्राम पुलिस ने दो नाबालिग बहनों द्वारा 14 साल के लड़के पर यौन शोषण का आरोप लगाने के बाद मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि पीड़ित लड़कियां और लड़का एक ही जगह ट्यूशन जाते थे। लड़कियों की मां ने पुलिस को दी शिकायत में कहा, ‘‘दो दिन पहले मेरी बेटी ने ट्यूशन जाते वक्त अपनी एक परिचित को बताया कि भैया (आरोपी) ने उसे गलत तरीके से छूआ। जब मुझे इसके बारे में पता चला तो मैंने अपनी दोनों बेटियों से पूछा तो उन्होंने यही बात दोहरायी। मेरी दूसरी बेटी ने भी मुझे बताया कि भैया ने रक्षा बंधन के दौरान उसके साथ भी ऐसा ही किया था।'' पुलिस ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर महिला पुलिस थाने में बाल यौन अपराध संरक्षण (पोक्सो) कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी पूनम ने कहा, ‘‘प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है। हम तथ्यों की पुष्टि कर रहे हैं और कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।'' -
ब्यूटीशियन पर दुल्हन का मेकअप खराब करने और धमकी देने का मामला दर्ज
जबलपुर . मध्य प्रदेश के जबलपुर में एक ब्यूटीशियन के खिलाफ दुल्हन का मेकअप खराब करने और उसे धमकाने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) प्रभात शुक्ला ने बताया कि शहर के धमापुर क्षेत्र की रहने वाली एक दुल्हन ने तीन दिसंबर को अपनी शादी के लिए कोतवाली बाजार में ब्यूटी पार्लर चलाने वाली ब्यूटीशियन से समय निर्धारित किया था। उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता के अनुसार ब्यूटीशियन ने दुल्हन के परिवार को शादी के दिन पहुंचने का आश्वासन देकर अग्रिम भुगतान ले लिया था। बाद में ब्यूटीशियन के नहीं पहुंचने पर दुल्हन के परिवार ने उससे संपर्क किया तो उसने पार्लर में आने की लिए कहा और जब दुल्हन वहां पहुंची तो उसने वादे के मुताबिक खुद उसका मेकअप करने के बजाय अपनी सहायक को मेकअप का काम सौंपा जिसने गड़बड़ी की। बाद में दुल्हन की मां ने मंगलवार को कोतवाली थाने में तहरीर दी।उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता ने ब्यूटी पार्लर की मालकिन पर दुर्व्यवहार करने और धमकी देने का आरोप लगाया। शिकायतकर्ता ने ब्यूटीशियन के साथ अपनी बातचीत की रिकॉर्डिंग जमा करायी। उन्होंने कहा कि ब्यूटीशियन के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 294 और 506 के तहत मामला दर्ज किया गया है। -
साले की पत्नी की हत्या करने के बाद खुद को गोली से उड़ाया...!
रेवाड़ी. हरियाणा के रेवाड़ी जिले के बावल इलाके के एक गांव में 33 वर्षीय व्यक्ति ने अपने साले की पत्नी की कथित तौर पर हत्या करने के बाद खुद को गोली मारकर जान दे दी। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने कहा कि नूंह जिले के झिमरावत गांव के निवासी आरोपी जगदीश ने मंगलवार रात डुल्हेड़ा गांव में 26 वर्षीय शीतल की उसके पति के घर में गोली मारकर हत्या कर दी। महिला के पति की तरफ से दर्ज शिकायत के अनुसार उन दोनों के बीच प्रेम प्रसंग था। शीतल के पति महेश द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, वह अपनी पत्नी और अपने दो बच्चों के साथ घर के एक कमरे में सो रहा था, लेकिन इस बीच वह उठा तो उसे गोली चलने की आवाज सुनाई दी। महेश ने अपनी शिकायत में कहा, “लगभग पौने 11 बजे, मैं पेशाब करने के लिए बाहर गया। थोड़ी देर बाद, मैंने अपने कमरे से पटाखा फटने जैसी आवाज सुनी। मैं तुरंत अपने कमरे में गया, लेकिन पाया कि वह अंदर से बंद था। किसी तरह मैंने दरवाजा खोला तो अपनी पत्नी को मृत पाया, और मेरा बहनोई आरोपी जगदीश खून से लथपथ फर्श पर पड़ा था। उसके बाएं हाथ में पिस्तौल थी।” महेश ने कहा कि उसकी बहन पूनम ने 2008 में आरोपी जगदीश से शादी की थी और उनके दो बच्चे हैं। पूनम की दिसंबर 2021 में मौत हो गई थी। महेश ने कहा कि इस साल मार्च में आरोपी जगदीश उसकी पत्नी शीतल को जबरदस्ती झिमरावत में अपने घर ले गया, लेकिन एक सप्ताह बाद वह लौट आई। लेकिन कुछ दिन बाद आरोपी जगदीश फिर से उसे अपने घर ले गया। महेश ने कहा कि मामला झिमरावत में पंचायत के पास गया, लेकिन शीतल ने घर वापस आने से मना कर दिया। हालांकि, सात नवंबर को वह लौट आई। पुलिस को घटना स्थल से एक पिस्तौल और तीन कारतूस मिले हैं। शिकायत के बाद मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच जारी है। -
बड़े भाई ने पीट-पीट कर की छोटे भाई की हत्या...!
गोरखपुर . गोरखपुर के शाहपुर थाना क्षेत्र के केवटिया टोला इलाके में जमीन के एक छोटे से हिस्से को लेकर हुए विवाद में 28 वर्षीय एक व्यक्ति की उसके बड़े भाई ने पीट-पीट कर कथित रूप से हत्या कर दी। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि मंगलवार की रात को हुई इस घटना के बाद से आरोपी फरार है।उन्होंने बताया कि केवटिया टोला इलाके के मुरली निषाद के निधन के बाद उनके पांच बेटों में जमीन का समान रूप से बंटवारा किया गया लेकिन आरोपी धर्मेंद्र ने मृतक जितेंद्र की जमीन के एक हिस्से पर कब्जा कर लिया था, जिस पर दोनो भाइयों में अक्सर विवाद होता रहता था। पुलिस ने बताया कि मंगलवार की रात दोनों भाइयों की पत्नियां इस बात को लेकर लड़ रही थीं, जिसमें जल्दी ही उनके पति भी साथ हो गए और बड़े भाई आरोपी धर्मेंद्र ने जितेंद्र को लकड़ी के डंडे से पीटना शुरू कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गयी। मृतक की पत्नी मीरा ने पुलिस को बताया कि पिता मुरली की 2012 में मृत्यु हो गई थी और संपत्ति के बंटवारे में सभी का बराबर का हिस्सा था लेकिन आरोपी धर्मेंद्र ने अतिरिक्त जमीन ले ली जो जितेंद्र के हिस्से की थी और वह उसे छोड़ने को तैयार नहीं था। इसी बात को लेकर मंगलवार की रात दोनों में मारपीट शुरू हो गई और आरोपी धर्मेंद्र ने जितेंद्र को लकड़ी के डंडे से बेरहमी से पीट-पीटकर मार डाला। पुलिस के मुताबिक, भाइयों की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है और वे टीन की छप्पर में रहते थे। जितेंद्र पेंटर का काम करता था और अन्य भाई मजदूरी करते थे। उन्होंने बताया कि आरोपी अपने छोटे भाई को डंडे से मारकर मौके से फरार हो गया। पुलिस अधीक्षक नगर कृष्ण कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा। -
नई दिल्ली। राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड ने कहा है कि वर्ष 2015 में उच्चतम न्यायालय से राष्ट्रीय न्यायिक नियुक्ति आयोग अधिनियम का निरस्त होना संसदीय सम्प्रभुता के साथ एक गंभीर समझौता और जनादेश का अपमान था। श्री धनखड ने कहा कि कार्यपालिका, न्यायपालिका और विधायिका का अपने दायरे में ही रह कर कार्य करना लोकतंत्र के हित में है। उन्होंने कहा कि जब ये तीनों अंग अपने दायरे में रहकर अपना काम करते हैं, तभी लोकतंत्र फलता-फूलता है। श्री धनखड ने कहा कि इन तीनों में से काई भी अंग अगर अपनी सीमा से इतर जाकर दूसरे के कार्यक्षेत्र में प्रवेश करता है तो इससे शासन में अव्यवस्था पैदा होती है। श्री धनखड़ कल से शुरू हुए संसद के शीतकालीन सत्र में राज्यसभा के सभापति का पद ग्रहण करने के बाद राज्यसभा को संबोधित कर रहे थे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विश्वास व्यक्त किया है कि राज्यसभा के नए सभापति जगदीप धनखड के नेतृत्व में सदन नए कीर्तिमान स्थापित करेगा। राज्यसभा में शीतकालीन सत्र के पहले दिन उनका स्वागत करते हुए प्रधानमंत्री ने सभापति का आसन संभालने पर श्री धनखड को बधाई दी।प्रधानमंत्री ने कहा कि श्री धनखड का जीवन सभी के लिए प्रेरक है। उन्होंने कहा कि उप-राष्ट्रपति का संबंध किसान परिवार से है और उन्होंने एक सैनिक स्कूल से शिक्षा ली है। उन्होंने कहा कि श्री धनखड में किसान और जवान दोनों के ही गुण हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि राज्यसभा भारत की सबसे बडी शक्ति है क्योंकि देश के अनेक प्रधानमंत्री इसके सदस्य रहे हैं। उन्होंने उप-राष्ट्रपति को किसान-पुत्र बताते हुए कहा कि उन्हें कानूनी मामलों की भी काफी जानकारी है। श्री मोदी ने कहा कि अभी कुछ दिन पहले ही विश्व ने भारत को जी-20 समूह की मेजबानी की जिम्मेदारी सौंपी है और यह अमृत काल का आरंभ भी है। उन्होंने कहा कि अमृत काल नये विकसित भारत के निर्माण का काल ही नहीं होगा बल्कि भारत इस अवधि में विश्व की भावी दिशा तय करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। - जयपुर। राजस्थान के टोंक जिले के मेहंदवास थाना क्षेत्र में बीती रात एक ट्रक और मारुति वैन की भिड़ंत में तीन लोगों की मौत हो गई जबकि दो अन्य घायल हो गये। थानाधिकारी देवेन्द्र सिंह ने बुधवार को बताया कि देवली से टोंक की ओर जा रही एक मारुति वैन की विपरीत दिशा से आ रहे एक ट्रक से भिड़ंत हो गई जिससे वैन में सवार पप्पू ऊर्फ राजेश (50), राजू (40) और राकेश (38) की मौत हो गई जबकि दो अन्य घायल हो गये। उन्होंने बताया कि घायलों को उपचार के लिये जयपुर रेफर किया गया है। उन्होंने बताया कि बुधवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। उन्होंने बताया कि इस मामले में ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश की जा रही है। ट्रक को जब्त कर लिया गया है।
- चेन्नई। बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र अब गहरे दबाव में बदल गया है और बुधवार को यह चेन्नई से लगभग 770 किलोमीटर दूर स्थित था। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी आईएमडी ने एक बुलेटिन में कहा कि गहरा दबाव चक्रवाती तूफान में बदल सकता है और तमिलनाडु तथा पुडुचेरी में इसके असर से मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र छह दिसंबर की शाम को उसी क्षेत्र में गहरे दबाव में बदल गया और कराईकल से लगभग 690 किमी पूर्व-दक्षिण पूर्व तथा चेन्नई से लगभग 770 किमी पूर्व-दक्षिण पूर्व में स्थित था। बुलेटिन के मुताबिक इसके उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और बुधवार शाम को चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है। आठ दिसंबर की सुबह तक दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी, उत्तरी तमिलनाडु-पुडुचेरी और आंध्र प्रदेश के दक्षिणी तटों तक इसके पहुंचने की संभावना है। इसके प्रभाव से 8 से 10 दिसंबर के बीच तटीय तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, आंध्र प्रदेश के दक्षिणी हिस्से के अधिकतर स्थानों और रायलसीमा में हल्की से मध्यम वर्षा तथा छिटपुट स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा होने का अनुमान है। बुलेटिन में कहा गया कि अगले 24 घंटों के दौरान 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है और फिर आठ दिसंबर को इसकी रफ्तार घटकर 40-45 किमी प्रति घंटे की हो सकती है।
- तिरुवनंतपुरम। भारत में पिछले कुछ दशकों में हजारों लोगों की मौत के लिए जिम्मेदार लू का प्रकोप चिंताजनक गति से बढ़ रहा है और वह (भारत) जल्द ऐसी भीषण गर्म हवाओं का सामना करने वाला दुनिया का पहला देश होगा जो इनसान की बर्दाश्त की सीमा से बाहर होगी। एक नयी रिपोर्ट में यह चेतावनी दी गई है।विश्व बैंक की ‘भारत में शीतलन क्षेत्र में जलवायु निवेश के अवसर’ शीर्षक वाली रिपोर्ट में कहा गया है कि देश अपेक्षाकृत ज्यादा गर्मी का सामना कर रहा है, जो जल्द शुरू हो जाती हैं और कहीं ज्यादा समय तक टिकती है। रिपोर्ट में कहा गया है, “अप्रैल 2022 में भारत समय से पहले लू की चपेट में आ गया था, जिससे आम जनजीवन ठहर-सा गया था और राजधानी नयी दिल्ली में तो तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। मार्च का महीना तापमान में अप्रत्याशित वृद्धि का गवाह बना था और यह इतिहास का सबसे गर्म मार्च महीना बनकर उभरा था।”यह रिपोर्ट तिरुवनंतपुरम में केरल सरकार के साथ साझेदारी में विश्व बैंक द्वारा आयोजित दो दिवसीय ‘भारत जलवायु एवं विकास साझेदारों’ की बैठक में जारी की जाएगी।रिपोर्ट में आशंका जताई गई है कि भारत में जल्द लू की तीव्रता उस सीमा को पार कर जाएगी, जो इनसान के बर्दाश्त करने के योग्य है। इसमें कहा गया है, “अगस्त 2021 में जलवायु परिवर्तन पर अंतर-सरकारी पैनल (आईपीसीसी) की छठी आकलन रिपोर्ट में चेतावनी दी गई थी कि भारतीय उपमहाद्वीप में आने वाले दशक में भीषण लू चलने के अधिक मामले सामने आएंगे।”रिपोर्ट के मुताबिक, “जी20 क्लाइमेट रिस्क एटलस ने भी 2021 में आगाह किया था कि यदि कार्बन उत्सर्जन का स्तर अधिक बना रहता है तो पूरे भारत में 2036 से 2065 के बीच लू 25 गुना अधिक समय तक चलने की आशंका है। यह आकलन आईपीसीसी के सबसे खराब उत्सर्जन परिदृश्य के मद्देनजर किया गया था।”रिपोर्ट में चेतावनी दी गई है कि भारत में बढ़ती गर्मी आर्थिक उत्पादकता में कमी ला सकती है। इसमें कहा गया है, “भारत का 75 फीसदी कार्यबल यानी लगभग 38 करोड़ लोग, ऐसे क्षेत्रों में काम करते हैं, जिनमें उन्हें गर्म वातावरण में रहना पड़ता है। कई बार उन्हें जीवन के लिए संभावित रूप से खतरनाक तापमान में काम करना पड़ता है। ...2030 तक गर्मी के तनाव से संबंधित उत्पादकता में गिरावट के कारण वैश्विक स्तर पर जो आठ करोड़ नौकरियां जाने का अनुमान जताया गया है, उनमें से 3.4 करोड़ नौकरयां भारत में जाएंगी।”रिपोर्ट के मुताबिक, दक्षिण एशियाई देशों में भारी श्रम पर गर्मी का सबसे ज्यादा असर भारत में देखा गया है, जहां सालभर में 101 अरब घंटे गर्मी के कारण बर्बाद होते हैं।वैश्विक प्रबंधन सलाहकार फर्म मैकिन्से एंड कंपनी द्वारा किए गए विश्लेषण से पता चलता है कि बढ़ती गर्मी और उमस से होने वाला श्रम का नुकसान इस दशक के अंत तक भारत के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) का 4.5 प्रतिशत यानी लगभग 150-250 अरब अमेरिकी डॉलर खतरे में होगा।कंपनी ने कहा कि भारत की दीर्घकालिक खाद्य सुरक्षा और सार्वजनिक स्वास्थ्य सुरक्षा एक विश्वसनीय कोल्ड चेन शृंखला पर निर्भर करेगी।
-
नयी दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) ने दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) चुनाव में बुधवार को 134 सीट जीतकर इस प्रतिष्ठित नगर निकाय पर भाजपा के 15 साल के शासन को खत्म कर दिया। एमसीडी के 250 वार्डों में हुए चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 104 सीटें हासिल कीं जबकि कांग्रेस के हिस्से में सिर्फ नौ सीटें आईं।एमसीडी चुनाव में जीत से खुश दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने नागरिक सुविधाओं में सुधार का संकल्प व्यक्त किया और इसके लिये केंद्र तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का ‘आशीर्वाद’ मांगा।
एक्जिट पोल में भाजपा को तगड़ा झटका लगने का पूर्वानुमान व्यक्त किया गया था, हालांकि उसने आप को अच्छी टक्कर दी और 104 वार्ड में जीत हासिल की। कांग्रेस को इस बार महज नौ सीटों से संतोष करना पड़ा जबकि पिछले निकाय चुनाव में उसने 30 वार्ड में जीत हासिल की थी। इस बार तीन निर्दलीय भी चुनाव जीते हैं।आप कार्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नगर निकाय को ‘भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी’ से छुटकारा मिलेगा।कड़ी सुरक्षा के बीच सुबह आठ बजे राजधानी के 42 मतगणना केंद्रों पर मतों की गिनती शुरू हुई और शुरुआती रुझान भाजपा के पक्ष में दिख रहे थे। एक समय भाजपा 107 सीटों पर आगे थे और आप 95 सीटों पर।जैसे-जैसे मतगणना आगे बढ़ी, आप ने भाजपा को पछाड़ते हुए धीरे-धीरे बढ़त बना ली और अंत में 134 वार्ड में जीत हासिल की। भाजपा को 104 सीटें मिलीं और उसने एग्जिट पोल के पूर्वानुमान से कहीं बेहतर प्रदर्शन किया।निर्दलीय उम्मीदवार शकीला बेगम ने उत्तरपूर्वी दिल्ली की सीलमपुर सीट से जीत हासिल की। दो अन्य निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी जीत हासिल की है।‘आप’ के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि महज 10 साल पुरानी पार्टी ने देश की सबसे बड़ी पार्टी (भाजपा) को उसी के गढ़ में ‘‘मात’’ दे दी। उन्होंने कहा, ‘‘ परिणामों ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि ‘आप’ एक कट्टर ईमानदार पार्टी है।’’सिंह ने कहा कि परिणाम इसलिए भी उल्लेखनीय हैं, क्योंकि भाजपा ने चुनाव प्रचार के लिए 17 केंद्रीय मंत्रियों सहित सभी शीर्ष नेताओं को मैदान में उतारा था।दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा, “15 साल की सत्ता विरोधी लहर के बावजूद हमारा प्रदर्शन बेहतर है। हमने नगर निगमों में दिल्ली के लोगों के लिए काम किया लेकिन शायद कुछ लोग खुश नहीं थे। हालांकि भाजपा के खिलाफ कोई गुस्सा नहीं था।”आप के राउज एवेन्यू स्थित कार्यालय में लाउडस्पीकरों से देशभक्ति के गीतों की गूंज के बीच सुबह से ही जश्न का माहौल था और समूचा परिसर रंग-बिरंगे गुब्बारों से सजा हुआ था।जैसे ही पलड़ा आप के पक्ष में आया, समर्थकों ने पार्टी के झंडे लेकर मिठाई बांटी और ढोल की थाप पर नाचते हुए जश्न मनाया।गोपाल राय, आतिशी और दुर्गेश पाठक सहित समर्थकों और नेताओं का मतगणना शुरू होने और नतीजे पार्टी के पक्ष में आने के बाद कार्यालय में पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था।‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल ने बुधवार को यहां भारत को दुनिया का नंबर एक देश बनाने के लिए देश में सकारात्मक राजनीति की वकालत की।केजरीवाल ने कहा, “हम सभी को दिल्ली की हालत सुधारनी है और मुझे भाजपा और कांग्रेस सहित सभी के सहयोग की आवश्यकता है। हमें ऐसा करने के लिए सभी के सहयोग की जरूरत है, खासकर केंद्र और प्रधानमंत्री की मदद और आशीर्वाद की।” -
शाहजहांपुर (उत्तर प्रदेश). शाहजहांपुर जिले में करंट लगने से गम्भीर रूप से झुलसे आठ साल के बच्चे के इलाज के लिये एक समाजसेवी ने शहर में 'भीख' मांगकर सात हजार रुपये जुटाये हैं। समाजसेवी सलमान खान का भीख मांगते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह एक बर्तन के चारों तरफ बच्चे के इलाज में मदद की गुजारिश लिखा कागज चिपकाकर भीख मांगते दिख रहे हैं। शहर कोतवाली क्षेत्र के अजीजगंज में रहने वाली पुष्पा ने मंगलवार को बताया कि उनके आठ साल के बेटे देवकांत को पिछले पांच नवंबर को करंट लग गया था, जिससे वह गम्भीर रूप से झुलस गया था। वह उसे स्थानीय मेडिकल कालेज में ले गयी, जहां डॉक्टरों ने उसे लखनऊ ले जाने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि इसके बाद वह अपने बेटे को घर ले आयी क्योंकि उनके पास इतने पैसे नहीं थे कि वह अपने बेटे का इलाज करा सके। पुष्पा ने बताया कि मुसीबत के वक्त में सलमान खान नामक समाजसेवी उनकी मदद के लिये आगे आये और एक हफ्ते पहले उनके बेटे को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। इलाज के लिये धन जुटाने के लिये सलमान ने शहर में जगह—जगह चंदा मांगकर आठ हजार रुपये इकट्ठा किये। महिला का कहना है कि उनके पति मजदूरी करते हैं। इस समय वह मजदूरी करने भी नहीं जा पा रहे हैं, इसलिए उनके पास इतना भी धन नहीं है कि वह एक वक्त की रोटी खा सके। सलमान ने बताया कि उन्होंने शहर के थानों, चौकियों तथा बहादुरगंज से लेकर घंटाघर तक भीख मांगी। इस दौरान उन्होंने सात हजार रुपये एकत्र करके अस्पताल में भर्ती बच्चे की मां को दे दिए हैं। राजकीय मेडिकल कॉलेज की जन सम्पर्क अधिकारी डॉक्टर पूजा त्रिपाठी ने देवकांत का इलाज कर रहे चिकित्सक के हवाले से ' बताया कि बच्चे के दोनों पैरों में संक्रमण बढ़ गया है और ऐसे में उसके पैर काटने पड़ सकते हैं, क्योंकि संक्रमण काफी तेजी से बढ़ रहा है और बच्चे की हालत काफी गंभीर बनी हुई है इसीलिए इसे लखनऊ के लिए रेफर किया गया था।
-
नयी दिल्ली. सार्वजनिक क्षेत्र की पनबिजली कंपनी एनएचपीसी ने मंगलवार को कहा कि उसके निदेशक (तकनीकी) यमुना कुमार चौबे के पास अगले तीन महीने तक और कंपनी के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार रहेगा। अभय कुमार सिंह के 31 अगस्त, 2022 को सेवानिवृत्त होने के बाद चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक का प्रभार एक सितंबर को चौबे को दिया गया था। यह प्रभार उन्हें तीन महीने के लिए दिया गया था। बीएसई को दी गई सूचना के मुताबिक, ‘‘बिजली मंत्रालय ने एनएचपीसी के निदेशक (तकनीकी) यमुना कुमार चौबे को चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार एक दिसंबर, 2022 से अगले तीन महीने तक या पद पर नियमित नियुक्ति होने की अवधि तक या अगले आदेश तक दिया है।

.jpg)







.jpg)



.jpeg)
.jpeg)

.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)


.jpg)





