- Home
- देश
-
इंदौर (मप्र)। इंदौर में सिविल जज की परीक्षा की तैयारी कर रहे एक विधि स्नातक ने खुद को न्यायिक मजिस्ट्रेट बताया और एक कारोबारी को उसके खिलाफ अदालत में चल रहे एक मुकदमे को खत्म करने का झांसा देते हुए उससे कथित रूप से 2.60 लाख रुपये ठग लिए। यह जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने शनिवार को दी । जूनी थाने के प्रभारी योगेश सिंह ने बताया कि आरोपी राजीव लाहोटी (43) के खिलाफ धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात और पररूप धारण करने को लेकर भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा, ‘‘आरोपी लाहोटी ने कारोबारी हरबंश सिंह वाधवा (58) से देवास जिला अदालत में मुलाकात की और खुद को न्यायिक मजिस्ट्रेट बताया। उसने वाधवा के खिलाफ अदालत में चल रहा मुकदमा खत्म करने के लिए उससे तीन लाख रुपये की मांग की थी। वाधवा ने 15 अगस्त को उसे 2.60 लाख रुपये का भुगतान किया।'' सिंह ने बताया, ‘‘भुगतान करने के बाद भी जब अदालत में उसके खिलाफ मुकदमा खत्म नहीं हुआ, तो वाधवा ने आरोपी लाहोटी के बारे में पूछताछ की और पाया कि आरोपी मजिस्ट्रेट नहीं है, बल्कि सिविल जज की परीक्षा की तैयारी कर रहा है। इसके बाद आरोपी लाहोटी ने भी फोन उठाना बंद कर दिया, तब वाधवा ने उसके खिलाफ शिकायत दर्ज करायी। -
मथुरा (उप्र) .मथुरा में ब्रज दर्शन के लिए आए एक परिवार की दो साल की बच्ची को वृन्दावन में रात में सोते समय कथित तौर पर अगवा किये जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। वृन्दावन कोतवाली प्रभारी सूरज प्रकाश शर्मा ने बताया कि लखीमपुर खीरी जिले का एक परिवार करीब दस दिन पूर्व ब्रज भ्रमण पर आया हुआ है तथा वह परिक्रमा मार्ग स्थित रेलवे लाइन के किनारे रेलवे के एक कमरे में ठहरा हुआ है। इस परिवार की ओर से दी गई जानकारी के आधार पर शर्मा ने बताया कि शुक्रवार रात को पति-पत्नी अपने बच्चों समेत सो रहे थे, तभी मध्य रात्रि करीब डेढ़ बजे पति की नींद खुली तो उसने बेटी को गायब पाया। पुलिस के अनुसार फिर उसने अपनी पत्नी को जगाया और रात भर बेटी की तलाश की गई लेकिन बच्ची नहीं मिली। शनिवार की सुबह कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई। शर्मा ने बताया कि मौका मुआयना कर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है तथा आसपास के सीसीटीवी कैमरों के वीडियो रिकॉर्ड खंगाल कर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि बच्ची को कौन ले गया। -
कोच्चि (केरल)| दुबई से आने वाले एक विमान में एक महिला यात्री शनिवार को बेहोश हो गयी और बाद में यहां एक अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया गया।
पुलिस ने रविवार को बताया कि मिनी (56) दुबई से कोच्चि आ रही थी लेकिन विमान में यात्रा के दौरान ही वह बेहोश हो गयी।पुलिस ने बताया, ‘‘उसे विमान के हवाई अड्डे पर उतरने के बाद नजदीक के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया लेकिन उसे मृत घोषित कर दिया गया।’’हवाई अड्डे के सूत्रों ने बताया कि महिला का कुछ बीमारियों के लिए इलाज चल रहा था। पुलिस ने इस संबंध में कोई मामला दर्ज नहीं किया है क्योंकि महिला की मौत प्राकृतिक वजहों से हुई प्रतीत होती है। -
कोलकाता। पश्चिम बंगाल सरकार संयुक्त राष्ट्र बाल कोष (यूनिसेफ) के सहयोग से राज्य में बाल विवाह और किशोरावस्था में गर्भधारण की समस्या पर अंकुश लगाने के लिए स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) के सदस्यों को मिलाकर बाल हितैषी ‘संघ' का गठन करेगी। भारत में बाल विवाह और किशोरावस्था गर्भधारण की सबसे अधिक दर पश्चिम बंगाल में है।
यूनिसेफ ने कोलकाता में एक बयान जारी कर कहा कि इन दोनों खतरों को रोकने के लिए बंगाल सरकार और यूनिसेफ ने राज्य के सभी 23 जिलों के 87 प्रखंडों में अगले छह महीनों में पायलट परियोजना के रूप में 110 बाल-सुलभ ‘संघ' बनाने की योजना बनाई है। पश्चिम बंगाल राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (एसआरएलएम) के मिशन निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) विभु गोयल ने शुक्रवार को एक सत्यापन कार्यशाला के अंत में कहा, ‘‘इस पहल का उद्देश्य एसएचजी सदस्यों और उनके परिजनों के जीवन को प्रभावित करने वाले मसलों का समाधान करना है।'' राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण की रिपोर्ट के अनुसार, बाल विवाह और किशोरावस्था में गर्भधारण के सबसे ज्यादा मामले में पश्चिम बंगाल में आते हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि साल 2019-20 में कराए गए राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण-5 के मुताबिक, 20 से 24 वर्ष की उम्र की 41.6 फीसदी महिलाओं की शादी किशोरावस्था में कर दी गई थी और उनमें से 16.4 फीसदी किशोरावस्था में ही गर्भवती हो गई थीं। -
नयी दिल्ली। दिल्ली में इंडिया गेट पर आने वाले पर्यटक ‘अमर जवान ज्योति' को याद कर रहे हैं जबकि कई अन्य लोगों का मानना है कि पुनरुद्धार लंबे समय से लंबित था और ‘ अखंड ज्योति' केवल भौतिक रूप से हटाई गई है। रायसीना हिल परिसर से इंडिया गेट के बीच हाल में शुरू किए गए ‘कर्तव्य पथ', जिसे पहले राजपथ के नाम से जाना जाता था, और इसके आसपास के पार्क को शुक्रवार को करीब दो साल के अंतराल के बाद जनता के खोल दिया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बृहस्पतिवार को इस हिस्से का उद्घाटन किया था और लोगों से यहां का भ्रमण करने पर अपनी ‘सेल्फी' लेकर इसे सोशल मीडिया पर साझा करने का अनुरोध किया था। सेंट्रल विस्टा पुनर्विकास परियोजना की कल्पना सितंबर 2019 में की गई थी।
इंडिया गेट पर घूमने पहुंचे पर्यटक अपने मित्रों और परिवार के सदस्यों के साथ ‘सेल्फी' और तस्वीरें लेते नजर आये। वहीं, तमाम लोग ‘इंस्टाग्राम रील' बनाने में व्यस्त दिखे। शुक्रवार शाम स्मारक घूमने पहुंचे गाजियाबाद निवासी ग्राफिक डिजाइनर मनीष भंडारी ने कहा, ‘‘इंडिया गेट के नीचे अमर जवान ज्योति की अनुपस्थिति अपने आप में खास है क्योंकि हम सभी ने बचपन के दिनों से इसकी लौ को जलते देखा है।'' उन्होंने कहा, ‘‘मैं निश्चित रूप से इसे याद कर रहा हूं क्योंकि यह हमारी यादों का हिस्सा था। इंडिया गेट अपनी प्रतिष्ठित ज्योति के बिना थोड़ा अलग महसूस हो रहा है।'' ‘अमर जवान ज्योति' 1971 के भारत-पाक युद्ध में भारत की जीत के उपलक्ष्य में बनाई गई थी और इसका उद्घाटन तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने 26 जनवरी, 1972 को किया था। 21 जनवरी को स्मारक से करीब 400 मीटर की दूरी पर स्थापित युद्ध स्मारक में अमर जवान ज्योति का विलय कर दिया गया था। मूलरूप से झारखंड निवासी शहजाद खान (19) शुक्रवार को इंडिया गेट परिसर के खुलने के पहले दिन घूमने पहुंचे थे। वह फिलहाल नोएडा में रह रहे हैं। खान ने कहा, ‘‘मैं पहली बार दिल्ली आया हूं। अब तक मैंने इंडिया गेट को टीवी पर और फिल्मों में देखा है। इसलिए, मैं इसके पुराने और नए अवतारों के बीच का अंतर नहीं बता सकता, लेकिन मुझे अमर जवान ज्योति की याद जरूर आई।'' वहीं, कई पर्यटकों ने कहा कि ‘अमर जवान ज्योति' को केवल भौतिक रूप से नजदीकी युद्ध स्मारक स्थानांतरित किया गया है और यह अब भी अपने मूल स्थान के निकट ही प्रज्जवलित है। - नागपुर। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने शनिवार को किसानों का आह्वान किया कि वे कृषि उत्पादों के विपणन और निर्यात के लिए अपनी खुद की कंपनियां बनाएं और सरकार पर निर्भर न रहें। गडकरी ने कहा कि सरकार वहां कदम रख सकती है, जहां वे (किसान) किसी समस्या का समाधान नहीं ढूंढ सकते।वह अपने एग्रोविजन फाउंडेशन और सरकारी निकाय ‘कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण' के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित एक संपर्क कार्यक्रम में बोल रहे थे। भाजपा नेता ने कहा कि 50 से 100 किसानों को कृषक उपज कंपनी बनाने के लिए एक साथ आना चाहिए, ताकि वे अपने उत्पाद को खुले बाजार में बेच सकें। उन्होंने कहा कि ऐसे समूह अपना खुद का कोल्ड स्टोरेज भी बना सकते हैं।सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री ने कहा, ‘‘मैंने (एक किसान के रूप में) अपनी उपज के लिए एक बाजार ढूंढा, आपको भी अपनी उपज के लिए एक बाजार खुद ही ढूंढना चाहिए। मैं आपको एक बात कहना चाहता हूं, सरकार पर निर्भर न रहें।'' उन्होंने आगे कहा, ‘‘आप अपने स्वयं के सामाजिक-आर्थिक जीवन के निर्माता हैं।'' गडकरी ने नासिक के किसान विलास शिंदे का भी उदाहरण दिया, जिन्होंने बिना किसी सरकारी सब्सिडी या सहायता के सैकड़ों करोड़ रुपये का कारोबार खड़ा किया। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जहां किसान अपने दम पर किसी समस्या का समाधान नहीं कर सकते, वहां सरकार कदम उठा सकती है।
- नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 12 सितंबर को ग्रेटर नोएडा में अंतरराष्ट्रीय डेयरी संघ विश्व डेयरी सम्मेलन-2022 (आईडीएफ डब्ल्यूडीएस-2022) का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने यह जानकारी दी। पीएमओ ने बताया कि चार दिवसीय शिखर सम्मेलन, जो इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित किया जा रहा है, वैश्विक और भारतीय डेयरी हितधारकों का एक सम्मेलन है, जिसमें उद्योग जगत के नेता, विशेषज्ञ, किसान और नीति निर्माता शिरकत करेंगे। यह सम्मेलन ‘पोषण और आजीविका के लिए डेयरी' विषय पर केंद्रित है। पीएमओ के मुताबिक, आईडीएफ डब्ल्यूडीएस-2022 में दुनिया के 50 देशों के लगभग 1,500 प्रतिभागियों के हिस्सा लेने की संभावना है। इससे पहले, भारत में विश्व डेयरी सम्मेलन का आयोजन साल 1974 में किया गया था। प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा, “भारतीय डेयरी उद्योग इस मायने में अद्वितीय है कि यह एक सहकारी मॉडल पर आधारित है, जो छोटे और सीमांत डेयरी किसानों, विशेषकर महिलाओं को सशक्त बनाता है।” पीएमओ ने कहा, “प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण से प्रेरित होकर सरकार ने डेयरी क्षेत्र की बेहतरी के लिए कई कदम उठाए हैं, जिसके परिणामस्वरूप पिछले आठ वर्षों में दूध उत्पादन में 44 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई है।” प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा कि भारतीय डेयरी उद्योग, जिसकी वैश्विक दुग्ध उत्पादन में लगभग 23 प्रतिशत हिस्सेदारी है और जो सालाना लगभग 210 मिलियन टन दूध का उत्पादन करता है और आठ करोड़ से अधिक डेयरी किसानों को सशक्त बनाता है, उसकी की सफलता की कहानी आईडीएफ डब्ल्यूडीएस-2022 में प्रदर्शित की जाएगी। पीएमओ के मुताबिक, शिखर सम्मेलन से भारतीय डेयरी किसानों को वैश्विक स्तर पर अपनाई जाने वाली सर्वोत्तम प्रथाओं के बारे में जानने में भी मदद मिलेगी।
- बरेली (उत्तर प्रदेश)। बरेली के शीशगढ़ थाना क्षेत्र में शनिवार को जंगल में चारा लेने गए पति ने गन्ने के खेत में कथित रूप से गला रेतकर पत्नी की हत्या करने के बाद खुद भी जहरीला पदार्थ खा लिया जिससे उसकी भी मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। बरेली के अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) राजकुमार अग्रवाल ने बताया कि शीशगढ़ थाना क्षेत्र के गांव ईश्वर पुर निवासी आरोपी सोहनलाल (30) ने शनिवार गांव के बाहर गन्ने के खेत में अपनी पत्नी कौशल्या देवी (30) की धारदार हथियार से गला रेत कर हत्या कर दी और फिर खुद भी जहरीला पदार्थ खा लिया जिससे उसकी भी मौके पर ही मौत हो गई। अधिकारी के अनुसार, मृतक के घर वालों ने बताया कि कौशल्या देवी और सोहनलाल चार बच्चों के माता-पिता थे लेकिन दोनों के बीच अक्सर किसी ना किसी बात पर विवाद होता रहता था। अग्रवाल ने परिजनों के हवाले से बताया कि शुक्रवार को दिन में भी आरोपी सोहन लाल का पत्नी कौशल्या देवी से किसी बात पर विवाद हो गया था जिससे आरोपी सोहनलाल मानसिक रूप से परेशान था और शनिवार दोपहर वह चारा लेने के लिए पत्नी कौशल्या देवी को भी अपने साथ जंगल में ले गया था, जहां चारा काटते समय पति-पत्नी में कोई विवाद हो गया। उन्होंने बताया कि खेत में ही आरोपी ने पत्नी की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी और पत्नी की मौत क़े बाद परेशान आरोपी सोहनलाल ने खुद भी जहरीला पदार्थ खा लिया उसने भी मौके पर दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटना की जांच शुरू करते हुए दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
- भुवनेश्वर/कोलकाता। । भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले तीन दिन अर्थात 14 सितम्बर तक ओडिशा और पश्चिम बंगाल में भारी बारिश की संभावना जताई है। इसने अगले 36 घंटों में पश्चिम बंगाल-ओडिशा के तटों व अन्य स्थानों पर 45 किमी प्रति घंटे से अधिक की गति से हवा चलने के कारण मौसम खराब होने की भविष्यवाणी की है। आईएमडी ने मछुआरों को सोमवार तक गहरे समुद्र में न जाने की सलाह दी है। आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने कहा, ‘‘ओडिशा में रविवार को भारी बारिश होगी। कुछ जगहों पर 20 सेंटीमीटर से ज्यादा बारिश हो सकती है। इस बीच विक्षोभ ओडिशा-आंध्र की सीमा को पार करेगा।'' आईएमडी ने मंगलवार तक और उप-हिमालयी बंगाल में बुधवार तक गंगीय पश्चिम बंगाल में अलग-अलग भारी बारिश और गरज के साथ व्यापक वर्षा का अनुमान लगाया है। मौसम विज्ञानी ने कहा कि कोलकाता और दक्षिण बंगाल के अन्य पड़ोसी जिलों में एक या दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। दक्षिण बंगाल के जिलों में अधिकांश स्थानों पर गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, कलिम्पोंग, अलीपुरद्वार, कूचबिहार, उत्तर दिनाजपुर और दक्षिण दिनाजपुर और मालदा जिलों में 14 सितंबर तक हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है।*मौसम कार्यालय ने कहा कि पिछले 24 घंटों में पूरे दक्षिण बंगाल में औसत बारिश 5.3 मिमी दर्ज की गई, जबकि उत्तर बंगाल का आंकड़ा तत्काल ज्ञात नहीं हुआ है। ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि राज्य के लगभग सभी स्थानों पर शनिवार को सुबह 8.30 बजे से शाम 5.30 बजे के बीच बारिश हुई। सबसे अधिक 44 मिमी बारिश ढेंकनाल में दर्ज की गई है, इसके बाद जाजपुर में 28 मिमी, कटक में 25.4 मिमी, बारीपदा में 25 मिमी और परलाखेमुंडी और भद्रक में 22 मिमी बारिश दर्ज की गई है। कोरापुट और गजपति जिलों से प्राप्त रिपोर्टों में कहा गया है कि भारी बारिश ने सामान्य जनजीवन को प्रभावित किया है और कुछ सड़कों पर पानी भर गया है। आईएमडी ने अपने पूर्वानुमान में कहा कि रविवार को ओडिशा के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। भुवनेश्वर मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, मल्कानगिरी, कोरापुट, नबरंगपुर, रायगडा, कालाहांडी, कंधमाल, गजपति, गंजम, खुर्दा, नयागढ़ और कटक जिलों में कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश होने के आसार हैं। मौसम कार्यालय ने गंजम, गजपति, कंधमाल, कालाहांडी, नबरंगपुर, रायगडा, बोलांगीर, कोरापुट, बौध और नयागढ़ जैसे 10 जिलों में ऑरेंज अलर्ट (20 सेमी तक बारिश) जारी किया है। मौसम कार्यालय ने कहा कि 20 अन्य जिलों में भारी बारिश को लेकर ‘येलो' चेतावनी जारी की गई है।ओडिशा के विशेष राहत आयुक्त ने सभी जिला कलेक्टर को तैयार रहने और आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार उपाय करने के लिए एक पत्र जारी किया है। FILE PHOT0
- जींद (हरियाणा)। हरियाणा के जींद में जामनी गांव के निकट शनिवार शाम को 152 डी राष्ट्रीय राजमार्ग पर दो गाडिय़ों के बीच भिडंत हो जाने से एक महिला चिकित्सक सहित तीन लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पिल्लूखेड़ा के थाना प्रभारी हरिओम ने बताया कि जामनी गांव के निकट 152डी राष्ट्रीय राजमार्ग पर टोल प्लाजा के समीप दो गाडिय़ों के बीच जबरदस्त आमने-सामने की भिडंत हो गई। उनके अनुसार एक गाड़ी में सवार गुरूग्राम सेक्टर 10 की निवासी डा. शिवानी गुप्ता की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उनका बेटा अमित जिंदल गंभीर रूप से घायल हो गया। हरिओम के अनुसार दूसरी गाड़ी में सवार राजस्थान के झुंझनू विजय और हरियाणा के अंबाला के उसके दोस्त (शिनाख्त नहीं हुई) भी गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके अनुसार टोल प्लाजा पर तैनात एंबुलेंस ने तीनों घायलों को असंध के सामान्य अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने विजय एवं उसके दोस्त को मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार अपने बेटे अमित जिंदल के साथ डॉ. शिवानी गुप्ता ससुर के शोक में शोक में शामिल होने जा रही थीं । उनके ससुर की पटियाला में मौत हो गई थी। उनके चिकित्सक पति डा. अरविंद जिंदल पहले ही पटियाला पहुंच चुके थे। जिस समय हादसा हुआ उसी दौरान पूर्व शिक्षा मंत्री गीता भुक्कल की गाड़ी भी इसी नेशनल हाइवे से गुजरी तो उन्होंने भी रूक कर घटना का जायजा लिया और सूचना पुलिस अधिकारियों को दी। हरिओम ने बताया कि हाइवे को वन-वे किया गया था, जिसके चलते दोनों गाडिय़ों की भिडंत हो गई।
- ऊना (हिमाचल प्रदेश) । ऊना जिले में शनिवार देर रात हुए एक दर्दनाक हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, जिला मुख्यालय ऊना के पास कुठार कलां में यह हादसा हुआ है। मृतकों में दो सलोह हरोली, एक झलेड़ा ऊना, एक हाज़ीपुर नंगल पंजाब और एक सनोली मजारा का रहने वाले हंै।जानकारी के अनुसार शनिवार रात को एक बेकाबू कार कुठार कलां में खम्भे से टकरा कर खेतों में जा गिरी है। घटना का पता लगते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और सभी युवकों को गाड़ी से बाहर निकाला। हादसे में राजन जसवाल व अमल निवासी सलोह हरोली जिला ऊना की मौके पर ही मौत हो गई थी। जबकि हादसे में कार चालक विशाल चौधरी निवासी मजारा, सिमरन जीत सिंह निवासी हाजीपुर तहसील नंगल व अनूप सिंह निवासी झलेड़ा को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें उपचार के दौरान मृत घोषित कर दिया है।मृतकों की पहचान राजन जसवाल पुत्र कुलदीप जसवाल और अमल पुत्र नंद लाल निवासी सलोह, विशाल चौधरी उर्फ अमनदीप पुत्र बलदेव सिंह निवासी मजारा, सिमरन जीत सिंह पुत्र दर्शन सिंह निवासी हाजीपुर तहसील नंगल जिला रुपनगर पंजाब व अनूप सिंह पुत्र जनक राज निवासी झलेड़ा के रूप में हुई है। डीएसपी मुख्यालय अंकित शर्मा ने बताया कि हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
- नई दिल्ली । पांच से 18 साल तक के बच्चों के लिए भी जल्द नाक से दी जाने वाली कोरोना वैक्सीन उपलब्ध होगी। भारत बायोटक ने तीसरे चरण के अध्ययन के लिए ड्रग कंट्रोलर से अनुमति मांगी है। गौरतलब है कि छह सितंबर को, भारत के औषधि महानियंत्रक (DCGI) ने 18 वर्ष से अधिक आयु के लोगों के लिए इंट्रानैसल कोविड वैक्सीन iNCOVACC को मंजूरी दी थी।आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, भारत बायोटेक ने अब पांच से 18 साल तक की आयु वर्ग के लिए iNCOVACC की सुरक्षा, प्रतिक्रियात्मकता और इम्युनोजेनेसिटी का मूल्यांकन करने के लिए तीसरे चरण की अनुमति के लिए आवेदन दिया है।भारत बायोटेक द्वारा साझा की गई जानकारियों के मुताबिक यह नेजल वैक्सीन, अब तक प्रयोग में लाई जा रही अन्य वैक्सीन्स से काफी अलग और प्रभावी है। कुछ बातें इसे बेहद खास बनाती हैं।-यह वैक्सीन चूंकि नाक के माध्यम से दी जाती है जो नाक के भीतर प्रतिरक्षा प्रणाली तैयार करके वायरस के प्रवेश करते ही उसे निष्क्रिय कर देगी।-अब तक दी जा रही वैक्सीन्स से अलग, इसके लिए निडिल की आवश्यकता नहीं होगी।-इसे उपयोग में लाना भी आसान है घर पर भी इसको प्रयोग किया जा सकेगा। इसके लिए प्रशिक्षित स्वास्थ्य देखभाल कर्मचारियों की आवश्यकता भी नहीं है।-सुई से संबिधित जोखिमों जैसे संक्रमण, या वैक्सीनेशन के बाद होने वाले दर्द से मुक्ति मिलेगी।-बच्चों और वयस्कों के लिए आदर्श रूप से उपयुक्त है।-सबसे खास बात यह वायरस को शरीर में प्रवेश करने से पहले ही मारने की क्षमता वाली है, ऐसे में इससे शरीर के अंगों को होने वाली समस्याओं का जोखिम नहीं होगा।
- दुमका। झारखंड के दुमका जिले में शनिवार शाम को रानीश्वर थाना क्षेत्र के शादीपुर गाँव में वज्रपात होने से 13 वर्षीया एक बालिका की मौत हो गयी। दुमका के अनुमंडल अधिकारी महेश्वर महतो ने बताया कि संचिता बागति नामक यह बालिका गाँव के पोखर के पास गयी थी कि तभी तेज बारिश शुरू हो गयी और जब तक वह वापस घर पहुंचती वहां वज्रपात हो गया जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गयी। उनके अनुसार वह कक्षा सातवीं की छात्रा थी। महतो ने कहा कि रविवार को शव का पोस्टमार्टम होगा। उनके मुताबिक मृत बालिका के परिजन को सरकारी प्रावधान के तहत चार लाख रुपये का मुआवजा दिया जायेगा।
-
चंडीगढ़ | हरियाणा पुलिस ने शनिवार को बताया कि उसने हिमाचल प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान में एटीएम धोखाधड़ी के मामलों में कथित रूप से शामिल एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि हरियाणा के रोहतक निवासी आरोपी रोहित उर्फ अमित फर्जी तरीके से अज्ञात लोगों से एटीएम कार्ड हासिल कर उनका 'क्लोन' यानी दूसरा कार्ड बना लेता था। पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी कार्डधारकों की मदद करने के बहाने उनके पासवर्ड और पैसे हथिया लेता था। प्रवक्ता ने बताया कि भिवानी से पुलिस के एक दल ने उसे हांसी से गिरफ्तार किया और 70 हजार रुपये नकद और एक कार बरामद की है। -
कोलकाता| राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम (एनएफडीसी) ने दिवंगत फिल्म निर्देशक सत्यजीत रे को श्रद्धांजलि देते हुए एक पोस्टर डिजाइन प्रतियोगिता का आयोजन किया है। प्रतियोगिता के लिए आवेदन 23 सितंबर तक स्वीकार किये जाएंगे। एनएफडीसी के प्रबंध निदेशक रविंदर भाकर ने कहा कि प्रतियोगिता का विषय ‘केवल और केवल रे‘ है। भाकर ने कहा, ‘‘वह ना केवल एक महान निर्देशक थे, बल्कि एक प्रतिभाशाली चित्रकार, लेखक और संगीतकार भी थे, वे विविध रचनात्मक प्रतिभा के धनी थे। उनके अधिकांश फिल्म पोस्टर स्वयं रे द्वारा डिजाइन किए गए थे। यह प्रतियोगिता रे की जयंती के 101 साल पूरे होने पर उनकी बहुमुखी क्षमता के प्रति एक श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि पहले तीन विजेताओं को पुरस्कार मिलेगा, जबकि 72 अन्य को प्रशंसा पत्र मिलेगा। उनके सभी पोस्टर 53वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई) में प्रदर्शित किए जाएंगे। ऑनलाइन प्रतियोगिता में 18 वर्ष और इससे अधिक उम्र के भारतीय नागरिक भाग ले सकेंगे। एनएफडीसी के एक प्रवक्ता ने कहा, ‘‘कला, दृश्य संचार के साथ-साथ ग्राफिक डिजाइन और चित्रण कौशल वाले रचनात्मक पेशेवर व्यक्ति, जो डिजिटल उपकरणों का उपयोग करने में पारंगत हैं, प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए पात्र हैं।'' प्रवक्ता ने कहा कि विजेता डिजाइनर को एक लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा, जबकि पहले और दूसरे उपविजेता को क्रमशः 75,000 रुपये और 50,000 रुपये मिलेंगे। 53वां आईएफएफआई गोवा में 20 से 28 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा। -
सहारनपुर (उप्र) | उत्तर प्रदेश में सहारनपुर जिले के एक गांव में शनिवार को एक किसान के खेत पर पेड़ काटने आये तीन मजदूरों की हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आकर करंट लगने से मौत हो गई जबकि एक अन्य मजदूर गंभीर रूप से झुलस गया। घायलों को उपचार के लिए पी जी आई चण्डीगढ भेजा गया है।
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सूरज राय ने बताया कि शनिवार को रामपुर मनिहारान थाने के तहत आने वाले मदनुकी गांव में एक किसान ने अपने खेत में लगे पेड़ों को कटवाने के लिए मजदूर बुलाए थे तथा गंगोह क्षेत्र के फतेहपुर ढोला निवासी सद्दाम (32), नौशाद (30), और अजय अपने साथी मजदूरों के साथ पेड़ काटने आये थे। राय ने बताया कि जब ये तीनों पेड काटने लगे तभी पास से गुजर रही विद्युत लाइन की चपेट में आकर करंट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गयी जबकि इनका एक साथी आरिफ (29) गम्भीर रूप से झुलस गया। हादसे की जानकारी मिलते ही रामपुर मनिहारान थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घायल मजदूर आरिफ को उपचार के लिये जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया लेकिन उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे इलाज के लिए पी जी आई चंडीगढ़ में भर्ती कराने के लिए कहा गया है। -
मुंबई। महाराष्ट्र में 10 दिवसीय उत्सव के समापन के बाद शनिवार सुबह तक भगवान गणेश की 38,000 से अधिक मूर्तियों का मुंबई के विभिन्न जल निकायों में विसर्जन किया गया, जबकि शहर में कुछ स्थानों पर विसर्जन शोभायात्रा अभी भी जारी है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। मूर्तियों को दक्षिण मुंबई में गिरगांव चौपाटी (समुद्र तट) में कृत्रिम तालाबों और कुछ अन्य जल निकायों में विसर्जित किया गया। गिरगांव चौपाटी स्थान लालबागचा राजा, गणेश गली और अन्य लोकप्रिय गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए प्रमुख स्थानों में से एक है। शिवाजी पार्क, बांद्रा, जुहू और मलाड सहित शहर भर के अन्य समुद्र तटों पर भी मूर्तियों का विसर्जन किया गया। विसर्जन शोभायात्रा शुक्रवार सुबह से ही निकलना शुरू हो गई थी। महाराष्ट्र समेत देश भर में 10 दिवसीय उत्सव इस वर्ष विशेष उत्साह और धूमधाम से मनाया गया क्योंकि पिछले दो साल कोविड-19 के कारण प्रतिबंध लागू थे। बृह्नमुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) के एक अधिकारी ने बताया कि शनिवार सुबह नौ बजे तक शहर में भगवान गणेश की 38,214 मूर्तियों का विसर्जन किया गया। लालबागचा राजा गणेश प्रतिमा शहर में उत्सव के मुख्य आकर्षण में से एक है, जिसे शुक्रवार को जुलूस शुरू होने के लगभग 22 घंटे बाद सुबह नौ बजकर 15 मिनट पर विसर्जित किया गया। लालबागचा राजा का जुलूस शनिवार तड़के गिरगांव चौपाटी पहुंचा। लालबागचा राजा को विदा करने के लिए विसर्जन स्थल पर भारी भीड़ जमा रही। बीएमसी अधिकारी ने बताया, ‘‘विसर्जन जुलूस के दौरान किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है।''
बीएमसी के एक अन्य अधिकारी ने बताया कि लालबागचा राजा के बाद गिरगांव चौपाटी में विसर्जन प्रक्रिया लगभग समाप्त हो गई। हालांकि, यह अभी भी पश्चिमी उपनगरों में जारी है और इसमें कुछ और घंटे लगने की संभावना हैं। उन्होंने बताया कि विसर्जन शोभायात्रा के कारण कईं मार्गों पर यातायात की आवाजाही रोक दी गई थी। मुंबई की सड़कों पर निगरानी रखने के लिए 3,200 अधिकारियों सहित 20,000 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात रहे। अधिकारियों ने बताया कि राज्य रिजर्व पुलिस बल (एसआरपीएफ) की आठ कंपनियां, त्वरित कार्रवाई बल की एक कंपनी और 750 होमगार्ड भी तैनात किए गए थे। बीएमसी ने 73 प्राकृतिक और 162 कृत्रिम जल निकायों में विसर्जन की सुविधा प्रदान की थी और लगभग 10,000 स्वयं सहायता कर्मियों को तैनात किया गया था। -
कौशांबी (उप्र) । उत्तर प्रदेश में कौशाम्बी जिले के कड़ा धाम थाना क्षेत्र स्थित मां शीतला मंदिर में दर्शन करने आए एक श्रद्धालु ने शनिवार को अपनी जीभ काटकर मंदिर की चौखट पर चढ़ा दी। पुलिस ने घायल श्रद्धालु को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। थानाध्यक्ष अभिलाष तिवारी ने बताया कि जिले के पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र के पूरब शरीरा गांव निवासी संपत (38) पत्नी बन्नो देवी के साथ शनिवार को मां शीतला के दर्शन करने आया था। गंगा स्नान करने के बाद संपत ने अपनी पत्नी के साथ शीतला मां के दर्शन पूजन किये। तिवारी के अनुसार, दंपती ने मंदिर की परिक्रमा की और लौटते वक्त संपत ने साथ लाये ब्लेड से अपनी जीभ काटकर मंदिर की चौखट पर चढ़ा दी। इस घटना के बाद मंदिर में अन्य श्रद्धालुओं के बीच हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल संपत को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। संपत की पत्नी ने बताया कि शुक्रवार रात उसके पति ने शीतला माता के दर्शन की इच्छा जताई थी। इसी सिलसिले में दोनों ने आज गंगा स्नान के बाद मंदिर में पूजा अर्चना की, लेकिन उसके पति ने अचानक इस घटना को अंजाम दिया।
-
नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय-ईडी शनिवार को कोलकाता में मोबाइल गेम एप्लिकेशन संबंधित जांच के सिलसिले में छह परिसरों में तलाशी अभियान चला रहा है। तलाशी के दौरान परिसर से सात करोड़ रुपये से अधिक की बडी रकम बरामद हुई है। आमिर खान नाम के एक व्यक्ति ने जनता को धोखा देने के उद्देश्य से ई-नगेट्स नाम का एक मोबाइल गेमिंग ऐप की शुरूआत की थी। शुरूआत में उपयोगकर्ताओं को कमीशन का लालच दिया गया और शेष राशि को बिना किसी परेशानी के निकालने का विकल्प दिया गया। इससे उपयोगकर्ताओं में विश्वास पैदा हुआ और उन्होंने ज्यादा कमीशन के लालच में बडी राशि निवेश करना शुरू कर दिया और अधिक संख्या में खरीद ऑर्डर देना शुरू कर दिया। जनता से अच्छी खासी रकम वसूलने के बाद अचानक सिस्टम अपग्रेडेशन के बहाने ऐप से निकासी बंद कर दी गई। इसके बाद, प्रोफ़ाइल समेत ऐप सर्वर से सारा डेटा और जानकारी हटा दी गई तब जाकर लोगों को जालसाझी समझ में आई।
फेडरल बैंक के अधिकारियों द्वारा दायर शिकायत के आधार पर ईडी ने आमिर खान और अन्य के खिलाफ कोलकाता के पार्क स्ट्रीट पुलिस स्टेशन में आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी के आधार पर तत्काल मामला दर्ज किया। - नोएडा (उप्र)। नोएडा में सेक्टर-66 स्थित श्रमिक कुंज में रहने वाले एक ऑटो रिक्शा चालक ने शनिवार सुबह कथित तौर पर रोटी बनाने वाले लोहे के तवे से वार करके अपनी पत्नी की हत्या कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) अब्दुल कादिर ने बताया कि थाना फेस-3 क्षेत्र के सेक्टर-66 में स्थित श्रमिक कुंज में रहने वाले आरोपी अनुज कुमार मंडल ने अपनी पत्नी खुशबू मंडल (32) के सिर पर शनिवार सुबह तवे से हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गयी। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसीपी ने बताया कि पुलिस ने आरोपी अनुज कुमार को हिरासत में ले लिया है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि उसकी पत्नी तीन दिन से खाना नहीं बना रही थी तथा घर में झगड़ा कर रही थी। दोनों में सुबह खाना बनाने को लेकर फिर से झगड़ा हुआ। इस दौरान आरोपी अनुज ने तवे से उसके सिर पर हमला कर दिया जिससे उसकी मौत हो गई।
- नयी दिल्ली। पुरातत्वविद् एवं पद्म विभूषण से सम्मानित बी बी लाल का शनिवार को 101 वर्ष की आयु में निधन हो गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्हें एक महान बुद्धिजीवी के रूप में याद किया जाएगा, जिन्होंने ‘‘हमारे समृद्ध अतीत के साथ हमारे संबंध को गहरा किया।'' लाल भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के महानिदेशक रहे थे और उन्हें अयोध्या में उस स्थल पर खुदाई के दौरान मंदिर जैसे स्तंभ मिले थे, जहां अब राममंदिर का निर्माण किया जा रहा है। अधिकारियों ने कहा कि लाल एएसआई के सबसे कम उम्र के महानिदेशकों में से एक थे और वह 1968 से 1972 तक पद पर रहे। मोदी ने कहा, ‘‘श्री बी बी लाल एक महान व्यक्ति थे। संस्कृति और पुरातत्व में उनका योगदान अद्वितीय है। उन्हें एक महान बुद्धिजीवी के रूप में याद किया जाएगा, जिन्होंने हमारे समृद्ध अतीत के साथ हमारे जुड़ाव को और गहरा किया। उनके निधन से दुखी हूं। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और दोस्तों के साथ हैं। ओम शांति।'' केंद्रीय संस्कृति मंत्री जी किशन रेड्डी ने कहा कि देश ने एक प्रतिभाशाली व्यक्ति को खो दिया है। उन्होंने कहा कि लाल ने चार दशकों से अधिक समय तक भारत के पुरातत्व उत्खनन एवं प्रयासों और पुरातत्वविदों को प्रशिक्षित करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘पुरातत्व के क्षेत्र में पद्म विभूषण प्रोफेसर बी बी लाल का उल्लेखनीय योगदान है। वह अपने क्षेत्र के अगुआ थे, उन्होंने अपना जीवन इस विषय के लिए समर्पित किया। उनका काम आने वाली पीढ़ियों को सिखाता और प्रभावित करता रहेगा। महान आत्मा को हमारी श्रद्धांजलि।'' एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘एएसआई में, हम सभी उनके जाने से दुखी हैं। उन्होंने विद्वानों के चार पीढ़ियों से अधिक का मार्गदर्शन किया और इस क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य किया।' file photo
-
नई दिल्ली भारतीय रेलवे नई तेज रफ्तार वंदे भारत रेलगाड़ी शुरू करेगा। इसका नाम वंदे भारत -दो होगा और इसकी अधिकतम गति 180 किलोमीटर प्रति घंटा होगी । यह मात्र 52 सैकेण्ड में सौ किलोमीटर तक की गति हासिल कर लेगी। इस नयी रेलगाड़ी का वजन 430 टन के स्थान पर 392 टन होगा और इसमें मांग पर वाई-फाइ सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। नई वंदे भारत रेलगाड़ी में 32 इंच का एल.सी.डी. टेलीविजन होगा और 15 प्रतिशत अधिक ऊर्जा दक्ष ए.सी. सुविधा होगी। इसमें सभी श्रेणियों के यात्रियों के लिए आरामदायक सीटों की व्यवस्था की गई है। वंदे भारत एक्सप्रेस की इस नई डिजाइन में शुद्ध हवा के लिए भी विशेष प्रणाली काम करेगी।
-
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी राज्यों से अमृत काल में भारत को विज्ञान और प्रौद्योगिकी का वैश्विक केंद्र बनाने के लिए मिलकर काम करने का आग्रह किया है। वह आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अहमदाबाद की साइंस सिटी में दो दिन के केंद्र-राज्य विज्ञान सम्मेलन का उद्घाटन करने के बाद सभा को संबोधित कर रहे थे।
श्री मोदी ने राज्यों से वैज्ञानिकों को सभी आवश्यक सहायता प्रदान करने और विज्ञान तथा प्रौद्योगिकी संस्थानों के निर्माण पर जोर देने को कहा। उन्होंने कहा कि राज्यों के उच्च शिक्षा संस्थानों में भी इनोवेशन लैब की संख्या बढ़ाई जानी चाहिए। प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार विज्ञान आधारित विकास की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि 2014 से विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में निवेश में काफी वृद्धि हुई है। श्री मोदी ने कहा कि लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए विज्ञान और प्रौद्योगिकी से संबंधित अनुसंधान को स्थानीय स्तर पर ले जाने की आवश्यकता है।उन्होंने कहा कि जब देश अपने वैज्ञानिकों की उपलब्धियों का जश्न मनाता है तो विज्ञान, समाज और संस्कृति का हिस्सा बन जाता है। श्री मोदी ने कहा कि आज का नया भारत जय जवान, जय किसान, जय विज्ञान और जय अनुसंधान के मंत्र के साथ आगे बढ़ रहा है।केंद्रीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री, जितेंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में, सरकार ने विज्ञान और प्रौद्योगिकी में निजी क्षेत्र की भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए कई पहल की हैं।इस अवसर पर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, राज्य के विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री जीतूभाई वघानी, प्रधान सचिव पंकज कुमार उपस्थित थे। सम्मेलन में राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के मंत्री, विज्ञान तथा प्रौद्योगिकी मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी, उद्योग प्रतिनिधि, गैर सरकारी संगठन, युवा वैज्ञानिक और विद्यार्थी भी शामिल हुए। सम्मेलन का आयोजन नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने में केंद्र राज्य समन्वय और सहयोग तंत्र को मजबूत करने के लिए किया गया है। -
नई दिल्ली।भारत और चीन सोमवार तक लद्दाख के गोगरा-हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र से सेनाएं हटाने की प्रक्रिया पूरी करेंगे। दोनों पक्षों के बीच बातचीत और आगे बढ़ाने, वास्तविक नियंत्रण रेखा के अन्य मुद्दों को हल करने तथा सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति और सद्भाव बनाये रखने पर सहमति बनी। चीन के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने कहा कि इस क्षेत्र से सेना हटाए जाने की शुरुआत एक सकारात्मक कदम है जो सीमा पर शांति स्थापना में सहायक है।
- नयी दिल्ली ।गैर-बासमती चावल के निर्यात पर 20 प्रतिशत सीमा शुल्क लगाने के बाद सरकार ने घरेलू उपलब्धता बढ़ाने के उद्देश्य से टुकड़ा चावल के निर्यात पर प्रतिबंध लगा दिया है।विदेश व्यापार महानिदेशालय (डीजीएफटी) ने आठ सितंबर, 2022 को जारी अधिसूचना में कहा, "टुकड़ा चावल के निर्यात की श्रेणी को 'मुक्त' से 'प्रतिबंधित' में संशोधित किया गया है।" यह अधिसूचना नौ सितंबर, 2022 से प्रभावी है।स्थांतरित नीति के संबंध में विदेश व्यापार नीति 2015-2020 के तहत प्रावधान इस अधिसूचना पर लागू नहीं होंगे। साथ ही नौ से 15 सितंबर की अवधि के दौरान टुकड़ा चावल की कुछ खेपों को निर्यात करने की अनुमति दी जाएगी।अधिसूचना के अनुसार, इस अवधि के दौरान निर्यात के लिए केवल उसी खेप को अनुमति दी जाएगी जिसका इस अधिसूचना से पहले जहाजों पर लदान शुरू हो गया है।इससे पहले सरकार ने उसना चावल को छोड़कर गैर-बासमती चावल पर 20 प्रतिशत का निर्यात शुल्क लगा दिया है। चालू खरीफ सत्र में धान फसल का रकबा काफी घट गया है। ऐसे में घरेलू आपूर्ति बढ़ाने के लिए सरकार ने यह कदम उठाया है।राजस्व विभाग की जारी अधिसूचना के अनुसार, धान के रूप में चावल और ब्राउन राइस पर 20 प्रतिशत का निर्यात शुल्क लगाया गया है। यह निर्यात शुल्क नौ सितंबर से लागू होगा।गौरतलब है कि देश के कुछ राज्यों में बारिश कम होने की वजह से धान का बुवाई क्षेत्र घटा है। चीन के बाद भारत चावल का सबसे बड़ा उत्पादक है। चावल के वैश्विक व्यापार में भारत का हिस्सा 40 प्रतिशत है।भारत ने 2021-22 के वित्त वर्ष में 2.12 करोड़ टन चावल का निर्यात किया था। इसमें 39.4 लाख टन बासमती चावल था। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, इस अवधि में गैर-बासमती चावल का निर्यात 6.11 अरब डॉलर रहा।भारत ने 2021-22 के दौरान विश्व के 150 से अधिक देशों को गैर-बासमती चावल का निर्यात किया।






.jpg)
.jpg)
.jpg)


















