- Home
- देश
-
कोलकाता| गृह मंत्रालय ने मंगलवार को पश्चिम बंगाल और उससे जुड़े तीन राज्यों- बिहार, झारखंड तथा ओडिशा की पुलिस को अगले पखवाड़े के दौरान क्षेत्र में माओवादी गतिविधियां बढ़ने के प्रति आगाह किया है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। पूर्वी जोनल परिषद की स्थायी समिति की यहां राज्य सचिवालय में बैठक हुई। बैठक में गृह मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने खुफिया सूचना का हवाला देते हुए माओवादी गतिविधियों में अचानक वृद्धि की आशंका जताई और इन चारों राज्यों की पुलिस को सतर्क किया। राज्य सचिवालय के एक अधिकारी ने कहा, “पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड और ओडिशा की पुलिस को अगले 15 दिनों के लिए संभावित माओवादी हमले के प्रति उच्च सतर्कता बरतने को कहा गया है। इस संबंध में केंद्रीय खुफिया एजेंसियों से सूचना प्राप्त हुई है। -
अमेठी। उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले की मोहनगंज पुलिस ने महिला हेल्प डेस्क प्रभारी रश्मि यादव की मौत के लिए कथित रूप से जिम्मेदार आरोपी को मंगलवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने इसकी जानकारी दी। अमेठी जिले के मोहनगंज थाने में तैनात दारोगा और महिला हेल्पडेस्क प्रभारी रश्मि यादव का शव शुक्रवार को संदिग्ध परिस्थितियों में थाना परिसर में बने सरकारी आवास के कमरे में फंदे से लटका मिला था । पुलिस अधीक्षक दिनेश सिंह ने बताया कि इस मामले में वांछित अभियुक्त सुरेन्द्र सिंह उर्फ रिशू को अलीगढ से मंगलवार को गिरफ्तार किया गया । उन्होंने बताया कि रश्मि यादव के पिता मुन्ना लाल यादव ने थाना मोहनगंज पर लिखित तहरीर दी थी कि मेरी पुत्री रश्मी यादव थाना मोहनगंज में प्रभारी महिला चौकी पद पर तैनात थी । पिता ने अपने तहरीर में कहा है कि इससे पूर्व मेरी बेटी बहराइच जनपद में प्राइमरी स्कूल में अध्यापिका थी वहीं पर उसकी जान पहचान डायट मे कार्यरत आरोपी सुरेन्द्र सिंह उर्फ रिशू निवासी जनपद अलीगढ से हुई । पिता ने तहरीर में कहा था कि सुरेन्द्र सिंह उर्फ रिशू मेरी बेटी को सामने मिलकर व मोबाइल फोन से वार्ता के दौरान अपमान जनक बातें बोलता था और परेशान करता था जिससे क्षुब्ध होकर मेरी बेटी ने 22 अप्रैल को थाना मोहनगंज स्थित आवास में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी । पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस सूचना पर थाना मोहनगंज मे मुकदमा दर्ज किया गया था और आरोपी को अलीगढ से गिरफ्तार कर लिया गया । पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को रश्मि के लखनऊ स्थित आवास पर जाकर उनके परिजन से मुलाकात की थह और समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख ने न्यायालय से जातिगत मानसिक उत्पीड़न की वजह से घटी इस घटना का संज्ञान लेने का आग्रह किया था । - मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश). मुजफ्फरनगर जिले के शाहपुर क्षेत्र में एक पुलिसकर्मी ने कथित रूप से जहर खाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि शाहपुर थाना क्षेत्र के कुटबा गांव में सिपाही विनीत कुमार (26) ने जहर खाकर खुदकुशी कर ली। वह आगरा में तैनात था और छुट्टी पर अपने गांव आया था। उन्होंने बताया कि आत्महत्या के कारणों का तत्काल पता नहीं लग सका है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। मामले की जांच की जा रही है।
- वाराणसी (उप्र) .वाराणसी में, देश दुनिया के पर्यटकों और श्रद्धालुओं को अपनी ओर आकर्षित करने वाले गंगा नदी के घाटों में अब एक और नया घाट शामिल हो जाएगा। इस नए घाट का नाम "खिड़किया घाट" है लेकिन इसे ‘‘नमो घाट'' भी कहा जा रहा है। सूत्रों का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही इस घाट का उद्घाटन कर सकते हैं। घाट पर तीन जोड़ी हाथ की अभिवादन करती आकृतियां बनाई गई हैं। सूर्य का अभिवादन और गंगा को प्रणाम करते हाथों के इन तीनों शिल्पों की वजह से इस घाट को लोग ‘नमो' घाट कहते हैं। खिड़किया घाट के प्रथम चरण का काम समाप्ति की ओर है। इस पर करीब 34 करोड़ रुपये की लागत आई है। इस घाट से जल मार्ग और वायु मार्ग को भी जोड़ा जाएगा ताकि पर्यटक अन्य शहरों तक जा सकें। प्रधानमंत्री मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में प्राचीनता को संजोए हुए, आधुनिकता के साथ तालमेल कर चलती काशी के करीब 84 घाटों की श्रंखला में यह नया घाट लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। वाराणसी स्मार्ट सिटी के मुख्य महाप्रबंधक डॉ डी. वासुदेवन ने बताया कि करीब 21000 वर्ग मीटर क्षेत्र में बन रहे इस घाट की लागत लगभग 34 करोड़ रुपये है। उन्होंने बताया कि यह लगभग आधा किलोमीटर लम्बा है और इसका पहला चरण बनकर तैयार हो गया है। उन्होंने बताया “ इसके निर्माण में ‘मेक इन इंडिया' पर विशेष ध्यान दिया गया है। इस घाट पर ‘वोकल फॉर लोकल' भी दिखेगा। श्रद्धालु बनारस की सुबह देखने के बाद यहां शाम को गंगा आरती में शामिल हो सकेंगे।” यहां ओपन थियेटर, लाइब्रेरी, बनारसी खान पान के लिए फूड कोर्ट की व्यवस्था है। यहां एक बहुउद्देशीय प्लेटफार्म भी होगा, जहां हेलीकॉप्टर उतरने के साथ ही विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन हो सकता है। वासुदेवन ने बताया “यहां श्रद्धालु काशी विश्वनाथ धाम सुगम दर्शन का टिकट ले सकते हैं। जेटी से बोट द्वारा वे श्री काशी विश्वनाथ धाम जा सकेंगे।” इंजीनियर इंडिया लिमिटेड के प्रबंधक दुर्गेश ने बताया कि घाट के निर्माण में जिस सामग्री का इस्तेमाल किया गया है उससे बाढ़ में घाट सुरक्षित रहेगा। उन्होंने कहा कि देखने में खिड़किया घाट पुराने घाटों की तरह है, यहां तक गाड़ियां जा सकती हैं और घाट पर ही वाहन के लिए पार्किंग की व्यवस्था है।
- शिवपुरी (मप्र) . मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले में मिट्टी की खदान अचानक धंसने से दो महिलाओं की मौत हो गई। बामौरकलां थाना प्रभारी पुनीत वाजपेयी ने मंगलवार को बताया कि यह घटना शिवपुरी जिले के सुलार नदी की नहर के पास देवपुर में सोमवार शाम को उस वक्त हुई, जब ये महिलाएं इस खदान से पोतनी मिट्टी खोद रही थी। उन्होंने कहा कि एक महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरी महिला की मौत झांसी में उपचार के दौरान हुई। वाजपेयी ने बताया कि मृतकों की पहचान ब्रह्मा यादव (40) एवं सुमन यादव (50) के रूप में की गई है।
- नयी दिल्ली. स्पाइसजेट ने मंगलवार को कहा कि वह पांच मई से गुजरात के भावनगर को पुणे और मुंबई से जोड़ने वाली उड़ानें शुरू करेगी। विमानन कंपनी ने एक बयान जारी कर बताया कि वह अहमदाबाद-पुणे मार्ग पर अतिरिक्त उड़ानें भी आरंभ करेगी। बयान के मुताबिक, भावनगर-पुणे उड़ान केंद्र सरकार की ‘उड़ान' योजना के तहत संचालित होगी।उड़ान योजना के तहत केंद्र, राज्य सरकारें और हवाईअड्डा संचालक चुनिंदा विमानन कंपनियों को वित्तीय प्रोत्साहन देते हैं, ताकि बिना सेवा या कम सेवा वाले हवाईअड्डों से उड़ानों को संचालित किया जा सके और हवाई किराए को किफायती बनाया जा सके। नयी उड़ान सेवाओं के लिए स्पाइसजेट क्यू-400 विमान तैनात करेगी।
- बदायूं (उप्र) .बदायूं जिले में ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार एक महिला समेत तीन लोगों की मंगलवार को मौत हो गई। पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) सहसवान चंद्रपाल सिंह ने बताया कि मुजरिया थाना क्षेत्र के बदायूं मेरठ मार्ग पर मुजरिया चौराहे के पास आज यह हादसा हुआ। उन्होंने बताया कि गांव नगला सलारपुर के रहने वाले प्रमोद (28), शीला देवी (70) एवं अनार सिंह (40) एक बाइक पर सवार होकर अपने गांव नगला सालार से दवा लेने सहसवान जा रहे थे, इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को रौंद दिया जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गयी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में ट्रक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी है। चन्द्रपाल सिंह ने बताया कि ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
- लखनऊ. उत्तर प्रदेश सरकार ने लखनऊ पुलिस आयुक्तालय (पुलिस कमिश्नरेट) में दो और नये थाने स्थापित करने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने मंगलवार को ट्वीट कर बताया, "सुदृढ कानून व्यवस्था और आमजन के लिए पुलिस सेवा की सहज उपलब्धता कराने के प्रति संकल्पित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस कमिश्नरेट, लखनऊ (पुलिस आयुक्तालय) के थाना हजरतगंज के अन्तर्गत नवीन पुलिस थाना मदेयगंज तथा थाना काकोरी के अन्तर्गत नवीन पुलिस थाना दुबग्गा की स्थापना का निर्णय लिया है।" उल्लेखनीय है कि लखनऊ पुलिस आयुक्तालय में अभी कुल 43 थाने हैं। दो नये थानों का सृजन होने के बाद इनकी संख्या बढ़कर 45 हो जाएगी। उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने जनवरी 2020 में लखनऊ और गौतमबुद्धनगर में पुलिस कमिश्नर प्रणाली लागू की थी। बाद में वाराणसी और कानपुर में भी यह व्यवस्था लागू की गई।
- नगांव (असम). असम के होजई जिले में बिहार जाने वाली ट्रेन से 20 लाख रुपये कीमत का गांजा बरामद होने के बाद पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बताया कि गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने होजई के धोलपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन की पानी की टंकी से सोमवार को 65 किलोग्राम गांजा बरामद किया जबकि नगांव जिले के चपरमुख रेलवे स्टेशन पर रानी कमलापति ट्रेन की पानी की टंकी से 112 किलोग्राम प्रतिबंधित पदार्थ जब्त किया। अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने गांजा जब्ती के सिलसिले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है।ट्रेन त्रिपुरा में अगरतला से असम होते हुए बिहार जा रही थी। पुलिस के मुताबिक, गांजे का बाजार मूल्य करीब 20 लाख रुपये आंका गया है।
- चंडीगढ़. पंजाब के लुधियाना जिले में एक वाहन के नहर में गिर जाने से वाहन सवार पांच लोगों की मौत हो गयी, इनमें एक प्रवासी भारतीय भी शामिल है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।उन्होंने बताया कि हाल में कनाडा से लौटा जतिंदर सिंह अपने पांच दोस्तों के साथ सोमवार रात को लेहल गांव के खन्ना इलाके में अपने रिश्तेदारों से मिलकर लौट रहा था,तभी वाहन अनियंत्रित हो गया और जागेरा गांव के पास श्रीहिंद नहर में पलट गया। थाना प्रभारी एम गुरुदीप सिंह ने बताया कि जतिंदर सिंह और चार अन्य लोग मारे गए जबकि एक व्यक्ति सुरक्षित है।
- जयपुर. राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले में मंगलवार को एक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब एक ट्रक ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।हादसे में बाइक पर सवार तौहीद (24), उसकी पत्नी तरमीना बानो (22) तथा मां मेमुना बानो की मौत हो गई। हादसा चिरगांव राजमार्ग पर बोदाल वन चौकी के पास हुआ। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
- नोएडा. उत्तर प्रदेश में गौतमबुद्धनगर जिले के एक मॉल में स्थित एक रेस्तरां में बिल को लेकर कर्मचारियों और ग्राहकों के बीच हुए झगड़े में एक शख्स की मौत हो गई। पुलिस ने रेस्तरां के कर्मचारियों के खिलाफ हत्या के आरोप में मामला दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, सेक्टर 39 के गार्डन गैलरिया मॉल में स्थित एक रेस्तरां में पार्टी करने के लिए सोमवार रात को कुछ लोग गए थे जहां उनका बिल को लेकर रेस्तरां कर्मचारियों से झगड़ा हो गया और दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। उन्होंने बताया कि मारपीट में एक व्यक्ति को गंभीर चोट आईं, उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अपर पुलिस उपायुक्त (जोन प्रथम) रणविजय सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान बृजेश राय के तौर पर हुई है।उन्होंने बताया कि पुलिस ने राय की सहकर्मी आरती ठाकुर की शिकायत पर सेक्टर 39 थाने में रेस्तरां के प्रबंधक सहित कई लोगों के खिलाफ हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज किया है। सिंह ने बताया कि रेस्तरां में काम करने वाले 16 लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। उनसे गहनता से पूछताछ की जा रही है। अपर उपायुक्त ने बताया कि पुलिस ने रेस्तरां में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को भी अपने कब्जे में ले लिया है। उन्होंने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
- नयी दिल्ली. जाइडस लाइफसाइंसेस ने मंगलवार को कहा कि जाइकोवी-डी की दो खुराक देने से कम समय में बड़ी आबादी को कोरोना वायरस संक्रमण के खिलाफ टीका लगाने में मदद मिलेगी। कंपनी के टीके जाइकोवी-डी को दो खुराक की योजना के लिए भारत के औषधि महानियंत्रक (डीसीजीआई) से आपात उपयोग की अनुमति मिल गयी है। इस मंजूरी के साथ 12 साल और इससे अधिक उम्र के लोगों को 3 मिलीग्राम की दो खुराक के रूप में दवा दी जा सकती है। दोनों खुराक के बीच 28 दिन का अंतर रखा जा सकता है। इस समय जाइकोवी-डी की 2 मिलीग्राम की तीन खुराक की अनुमति है जिसमें प्रत्येक खुराक के 28 दिन बाद अगली खुराक दी जाती है। भारत ने 16 मार्च को 12 से 14 साल की आयु के बच्चों का टीकाकरण शुरू किया था।जाइडस लाइफसाइंसेस के प्रबंध निदेशक शर्विल पटेल ने दो खुराक की योजना के बारे में कहा कि इससे वायरस के खिलाफ प्रतिरक्षा को मजबूत करने के लिहाज से टीकाकरण के लिए जरूरी कुल समय घटाने में मदद मिलेगी।
- नयी दिल्ली. भारत में एक दिन में कोविड-19 के 2,483 नए मामले सामने आने से देश में कोरोना वायरस से अब तक संक्रमित हो चुके लोगों की संख्या बढ़कर 4,30,62,569 हो गई। वहीं, उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 15,636 रह गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से मंगलवार सुबह आठ बजे जारी अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, असम में संक्रमण से मौत के मामलों के पुन:मिलान के बाद 1,347 मामले और केरल में मौत के 47 मामले सामने आने के बाद मृतक संख्या बढ़कर 5,23,622 हो गई है। मंत्रालय ने बताया कि असम ने संक्रमण से मौत के मामलों का पुन: मिलान किया गया, जिससे मौजूदा आंकड़ों में बदलाव आया है। अन्यथा राज्य में पिछले 24 घंटे में संक्रमण से मौत का एक भी मामला सामने नहीं आया। केरल में भी पिछले 24 घंटे में संक्रमण से मौत का कोई मामला सामने नहीं आया, यह 47 मामले भी आंकड़ों के पुन:मिलान के बाद सामने आए। अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, देश में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 15,636 हो गई, जो कुल मामलों का 0.04 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटे में उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 886 की कमी दर्ज की गई है। वहीं, मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 98.75 प्रतिशत है। संक्रमण की दैनिक दर 0.55 प्रतिशत और साप्ताहिक दर 0.58 प्रतिशत है। देश में अभी तक कुल 4,25,23,311 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं और कोविड-19 से मृत्यु दर 1.22 प्रतिशत है। वहीं, राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक कोविड-19 रोधी टीकों की 187.95 करोड़ से अधिक खुराक दी जा चुकी हैं। गौरतलब है कि देश में सात अगस्त 2020 को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त 2020 को 30 लाख और पांच सितंबर 2020 को 40 लाख से अधिक हो गई थी। संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर 2020 को 50 लाख, 28 सितंबर 2020 को 60 लाख, 11 अक्टूबर 2020 को 70 लाख, 29 अक्टूबर 2020 को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे। देश में 19 दिसंबर 2020 को ये मामले एक करोड़ से अधिक हो गए थे। पिछले साल चार मई को संक्रमितों की संख्या दो करोड़ और 23 जून 2021 को तीन करोड़ के पार पहुंच गई थी। इस साल 26 जनवरी को मामले चार करोड़ के पार हो गए थे।
- नयी दिल्ली. इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों में हाल में आग लगने की घटनाओं के बीच केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मंगलवार को कंपनियों से गड़बड़ी वाले वाहनों को वापस मंगाने को लेकर तुरंत कदम उठाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि मार्च, अप्रैल और मई में पारा चढ़ने के साथ इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) की बैटरी में कुछ समस्या होती है। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री ने कहा कि देश का ईवी उद्योग अभी काम करना शुरू किया है और सरकार उनके समक्ष कोई बाधा पैदा नहीं करना चाहती। उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन सरकार के लिये सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण और मानव जीवन के साथ कोई समझौता नहीं किया जा सकता।'' हाल के दिनों में इलेक्ट्रिक वाहनों में आग लगने की कुछ घटनाओं के बाद उनका बयान मायने रखता है। इन घटनाओं में कुछ लोगों की मौत हो गयी जबकि कई जख्मी हुए। एक कार्यक्रम में गडकरी ने कहा कि कंपनियां खराब वाहनों को ठीक करने के लिये उन्हें वापस मंगाने को लेकर तुंरत कदम उठा सकती हैं। उन्होंने कहा, ‘‘मार्च, अप्रैल और मई में पारा चढ़ता है और ऐसे में ईवी बैटरी के कुछ समस्या होती है। मुझे लगता है कि इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों में आग लगना पारा चढ़ने से जुड़ा है।'' मंत्री ने कहा कि सरकार ईवी को लोकप्रिय बनाना चाहती है।गडकरी ने कहा, हम समझते हैं कि ईवी उद्योग ने अभी काम करना शुरू किया है। हम उसके लिये कोई बाधा पैदा नहीं करना चाहते। लेकिन सुरक्षा सरकार के लिये सर्वोच्च प्राथमिकता है और मानवीय जीवन के साथ कोई समझौता नहीं हो सकता।
- नयी दिल्ली. सीबीएसई की 10वीं और 12वीं कक्षा की सेकेंड टर्म की बोर्ड परीक्षा मंगलवार को भारत और विदेशों में दो साल की महामारी से उत्पन्न व्यवधानों के बाद शुरू हुई। पहले दौर की परीक्षा नवंबर में बहुविकल्पीय प्रश्नों के साथ छोटे प्रारूप में आयोजित की गई थी। परीक्षा की अवधि डेढ़ घंटे की थी। मंगलवार को, कक्षा 12 के लिए उद्यमिता और सौंदर्य और कल्याण पर परीक्षा थी, जबकि कक्षा 10 के लिए, छह विषयों - पेंटिंग, राय, गुरुंग, तमांग, शेरपा और थाई विषय की परीक्षा आयोजित की गई थी। बोर्ड के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “कक्षा 10 की परीक्षा 29 दिनों के लिए आयोजित की जाएगी, जो 24 मई को समाप्त होगी। कक्षा 12 की परीक्षा 51 दिनों के लिए आयोजित की जाएगी और 15 जून को समाप्त होगी।” उन्होंने कहा कि इस बार 7,406 परीक्षा केंद्रों पर 10वीं के 21.16 लाख से ज्यादा छात्र परीक्षा देंगे जबकि 6,720 परीक्षा केंद्रों पर 12वीं के 14.54 लाख छात्र हिस्सा लेंगे। प्रत्येक कक्षा में अनुमत छात्रों की संख्या 18 कर दी गई है और स्कूलों को कोविड-19 से पीड़ित छात्रों को अलग कमरे उपलब्ध कराने के लिए कहा गया है। अधिकारी ने कहा, “सीबीएसई ने भारत और 26 देशों में परीक्षाओं के संचालन के लिए विस्तृत व्यवस्था की है। चूंकि परीक्षाएं कोविड के बाद आयोजित की जा रही हैं, अत: बोर्ड ने इसके सुचारू संचालन के लिए सभी व्यवस्थाएं की हैं। कोविड के कारण, ये परीक्षाएं अप्रैल, मई और जून 2022 में आयोजित की जा रही हैं।” बोर्ड ने यह भी फैसला किया है कि जो छात्र अपने पहले सत्र की परीक्षा में अनुपस्थित थे, उनका परिणाम दूसरे सत्र के आधार पर होगा। बोर्ड अभी उन लोगों के परिणामों की गणना के तौर-तरीकों पर काम कर रहा है, जो दोनों टर्म परीक्षाओं में चूक गए थे। अधिकारी ने कहा, “अभी तक की व्यवस्था के अनुसार, इन छात्रों को अगले साल या तो नियमित या निजी उम्मीदवारों के रूप में उपस्थित होना होगा, लेकिन हम अभी भी तौर-तरीकों पर काम कर रहे हैं कि क्या ऐसे छात्रों को कोई समाधान प्रदान किया जा सकता है।” इंफ्रारेड थर्मामीटर खरीदने के लिए सीबीएसई प्रत्येक परीक्षा केंद्र को 5,000 रुपये का भुगतान कर रहा है। स्कूल को सेनेटाइज करने और परीक्षा परिसर में साफ-सफाई सुनिश्चित करने के लिए मास्क, सेनिटाइजर और साबुन की व्यवस्था करने के लिए भी प्रति अभ्यर्थी प्रतिदिन 5 रुपये की दर से भुगतान किया जा रहा है। सीआईएससीई कक्षा 10 के द्वितीय सत्र की परीक्षा सोमवार से शुरू हो गई। बोर्ड की 12वीं की परीक्षा मंगलवार से शुरू हो गई।
- बेंगलुरू भारतीय महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान एल्वेरा ब्रिटो का मंगलवार को यहां बढ़ती उम्र से जुड़ी समस्याओं के कारण निधन हो गया। वह 81 बरस की थी। तीन लोकप्रिय ब्रिटो बहनों (रीता और मेइ दो अन्य बहनें) में सबसे बड़ी एल्वेरा का 1960 से 1967 तक घरेलू प्रतियोगिताओं में दबदबा रहा और उनकी मौजूदगी वाली कर्नाटक की टीम ने इस दौरान सात राष्ट्रीय खिताब जीते। एल्वेरा ने आस्ट्रेलिया, श्रीलंका और जापान के खिलाफ भारत का प्रतिनिधित्व किया।अल्वेरा 1965 में अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित होने वाली सिर्फ दूसरी महिला हॉकी खिलाड़ी बनी थी। उनसे पहले एने लुम्सडेन (1961) को अर्जुन पुरस्कार से नवाजा गया था। एल्वेरा ने भी अपनी बहनों की तरह शादी नहीं की। हॉकी इंडिया ने एल्वेरा के निधन पर शोक जताया है।हॉकी इंडिया के अध्यक्ष ज्ञानेंद्रो निंगोमबम ने बयान में कहा, ‘‘एल्वेरा ब्रिटो के निधन के बारे में जानकर दुख हुआ। वह अपने समय की खिलाड़ियों से आगे थी और महिला हॉकी में उन्होंने इतना कुछ हासिल किया तथा राज्य में प्रशासक के रूप में खेल की सेवा करना जारी रखा।'' उन्होंने कहा, ‘‘हॉकी इंडिया और पूरे हॉकी समुदाय की ओर से हम उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हैं।
- नयी दिल्ली. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने मंगलवार को बताया कि भारत के औषधि महानियंत्रक (डीसीजीआई) ने 5 से 12 वर्ष के आयुवर्ग के बच्चों के लिए कोविड-19 रोधी टीके ‘कॉर्बेवैक्स' और 6 से 12 वर्ष के आयुवर्ग के बच्चों के लिए ‘कोवैक्सीन' टीके के आपातकालीन इस्तेमाल की अनुमति दे दी है। डीसीजीआई ने इससे पहले ‘कैडिला' को 12 साल या अधिक उम्र के बच्चों के लिए 28 दिन के अंतर पर दो खुराक के साथ 3 मिलीग्राम की अतिरिक्त खुराक के वास्ते उसके ‘जायकोव-डी' टीके के लिए भी आपातकालीन उपयोग की मंजूरी (ईयूए) दे दी थी। वर्तमान में, ‘जायकोव-डी' की दो मिलीग्राम की तीन खुराक की मंजूरी दी गई है। केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ) की कोविड-19 वैश्विक महामारी पर गठित विषय विशेषज्ञ समिति (एसईसी) की सिफारिशों के बाद भारत के औषधि महानियंत्रक (डीसीजीआई) ने इसके इस्तेमाल की अनुमति दी है। एसईसी ने 5 से 12 वर्ष की आयु के बच्चों के वास्ते ‘बायोलॉजिकल ई' के कोविड-19 रोधी टीके ‘कोर्बेवैक्स' और 6 से 12 वर्ष की आयु के बच्चों के लिए ‘कोवैक्सीन' टीके के आपातकालीन इस्तेमाल की मंजूरी (ईयूए) देने की पिछले सप्ताह सिफारिश की थी। ‘बायोलॉजिकल ई' के ‘कॉर्बेवैक्स' टीके की खुराक अभी 12 से 14 वर्ष के आयुवर्ग के बच्चों को दी जा रही है। वहीं, 24 दिसंबर, 2021 को डीसीजीआई ने 12 से 18 वर्ष के आयुवर्ग के लोगों के लिए ‘कोवैक्सीन' को आपातकालीन इस्तेमाल की सूची (ईयूएल) में डाल दिया था। भारत ने 16 मार्च को 12-14 वर्ष की आयु के बच्चों का टीकाकरण शुरू किया। देशभर में कोविड-19 रोधी टीकाकरण अभियान 16 जनवरी 2021 को शुरू किया गया था, तब केवल स्वास्थ्य कर्मियों को टीके लगाए जा रहे थे। इसके बाद दो फरवरी 2021 से, अग्रिम मोर्चे पर तैनात कर्मियों का टीकाकरण और एक मार्च 2021 से 60 वर्ष से अधिक आयु के लोगों और गंभीर बीमारी से पीड़ित 45 वर्ष या उससे अधिक आयु के लोगों के लिए टीकाकरण शुरू हुआ। 45 वर्ष से अधिक आयु के सभी लोगों के लिए एक अप्रैल 2021 को टीकाकरण शुरू हुआ और 18 साल से अधिक आयु के लोगों को एक मई 2021 से कोविड-19 रोधी टीके देने शुरू किए गए। देश में तीन जनवरी 2022 से 15 से 18 वर्ष के बच्चों का टीकाकरण शुरू हुआ था। स्वास्थ्य कर्मियों तथा अग्रिम मोर्चे पर तैनात कर्मियों और गंभीर बीमारी से पीड़ित 60 साल या उससे अधिक आयु के लोगों को ‘एहतियाती खुराक' 10 जनवरी 2022 से देनी शुरू की गई। देश में 10 अप्रैल 2022 से 18 साल से अधिक उम्र के सभी लोगों को ‘एहतियाती' खुराक देनी शुरू कर दी गई थी।
- देहरादून। अगले माह की शुरूआत में केदारनाथ धाम के कपाट खुलने से पहले उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मंदिर परिसर में पहुंच कर वहां चल रहे निर्माण कार्यों एवं आगामी यात्रा से संबंधित तैयारियों का जायजा लिया ।मुख्यमंत्री ने रूद्रप्रयाग जिले में स्थित केदारनाथ धाम में पूर्ण हो चुके सरस्वती आस्था पथ का निरीक्षण किया और निर्माणाधीन मंदाकिनी आस्था पथ को जल्द से जल्द पूरा करने की हिदायत दी। उन्होंने केदारनाथ परिसर के आसपास पहाड़ी शैली में बनाए जा रहे भवनों के निर्माण कार्यों की जानकारी भी ली।परिसर का भ्रमण करते हुए धामी ने केदार घाटी के निर्माण में अहम योगदान दे रहे श्रमिकों का हालचाल जाना एवं उनकी समस्याओं को जानकर उन्हें दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने श्रमिकों को उनके कार्य के लिए धन्यवाद भी किया। इस समय केदारनाथ में करीब 700 मजदूर निर्माण कार्य में लगे हैं ।धामी ने मंदिर परिसर के आसपास मुख्य मार्ग में अस्त-व्यस्त पड़े मलबे तथा निर्माण सामग्री को हटाए जाने के निर्देश देते हुए बर्फ पिघलने के साथ ही निर्माण कार्यों में गुणवत्ता के साथ तेजी लाने को कहा।पर्यटन सचिव दिलीप जावलकर ने मुख्यमंत्री को बताया कि मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए प्रवेश द्वार बनाया जाएगा तथा बरसात के दौरान पानी की निकासी के लिए उचित व्यवस्था विकसित की जाएगी और केदारघाटी में ‘ब्रह्म कमल वाटर पार्क’ का निर्माण किया जाएगा ।धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वप्न के अनुसार, केदारपुरी के निर्माण पर जोर देते हुए मंदाकिनी एवं सरस्वती नदी के किनारे सुरक्षा दीवार के साथ रेलिंग भी लगाए जाने का निर्देश दिया तथा वासुकी ताल ट्रैक को विकसित करने के लिए शीघ्र कार्य शुरू करने को कहा। उच्च गढ़वाल हिमालय में 11,750 फुट की उंचाई पर स्थित केदारनाथ धाम के कपाट छह मई को प्रात: 06:25 बजे श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे । हालांकि, चारधाम यात्रा की शुरूआत तीन मई को अक्षय तृतीया के पर्व पर उत्तरकाशी जिले में स्थित गंगोत्री और यमुनोत्री धामों के कपाट खुलने के साथ ही हो जाएगी । बदरीनाथ धाम के कपाट आठ मई को खुलेंगे ।
- नयी दिल्ली। कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने सोमवार को कहा कि ‘परंपरागत कृषि विकास योजना' की एक उप-योजना के तहत अब तक लगभग चार लाख हेक्टेयर क्षेत्र को प्राकृतिक खेती के तहत में लाया गया है और इसे विस्तार देने के लिए नीति आयोग एक रूपरेखा तैयार करेगा। तोमर ने नवाचारी कृषि पर आयोजित एक राष्ट्रीय कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि आज के वक्त की जरूरत हो चुकी है कि प्रकृति के साथ सामंजस्य बैठाकर की जाने वाली, उत्पादन की लागत कम करने वाली, अच्छी गुणवत्ता वाली उपज देने वाली और किसानों को मुनाफा देने वाली खेती की जाए। उन्होंने कहा कि आंध्र प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा और गुजरात के कुछ हिस्सों में किसान धीरे-धीरे प्राकृतिक खेती को अपना रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस दिशा में मिली कामयाबी देखने के बाद और किसान भी इससे जुड़ेंगे। तोमर ने कहा कि नीति आयोग इस कार्यशाला में किसानों, वैज्ञानिकों और कृषि विश्वविद्यालयों के कुलपतियों के साथ विचार-विमर्श कर प्राकृतिक खेती के बारे में एक रूपरेखा तैयार करेगा और कृषि मंत्रालय उसी का अनुसरण करेगा। उन्होंने कहा, ‘‘कुछ लोगों को ऐसी आशंका हो सकती है कि प्राकृतिक खेती करने से कृषि उत्पादन में गिरावट आ सकती है। ऐसे लोग प्राकृतिक खेती में मिली सफलता से अवगत होने के बाद इसे आसानी से अपना सकते हैं।'' उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती को पहले उन क्षेत्रों में बढ़ावा दिया जाना चाहिए जहां कृषि में रसायनों का इस्तेमाल कम या बिल्कुल भी नहीं किया जाता है। उन्होंने कहा कि निकोबार और लद्दाख जैसे क्षेत्रों में खेती में किसी भी रसायन का इस्तेमाल नहीं किया जाता है। इन खेतों को प्रमाणित करने के लिए एक केंद्रीय कार्यक्रम चल रहा है जिसमें राज्यों की भी मदद ली जा रही है। तोमर ने बताया कि अभी करीब 38 लाख हेक्टेयर क्षेत्र को जैविक खेती के दायरे में लाया जा चुका है जबकि परंपरागत कृषि विकास योजना की एक उप-योजना के तौर पर अबतक लगभग चार लाख हेक्टेयर क्षेत्र में प्राकृतिक खेती को अपनाया जा चुका है। उन्होंने कहा कि सरकार प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए ‘मिशन मोड' में काम कर रही है। इसे कृषि विश्वविद्यालयों के पाठ्यक्रम में भी शामिल किया गया है। इस अवसर पर केंद्रीय मत्स्य पालन, डेयरी एवं पशुपालन मंत्री पुरुषोत्तम रूपाला ने कहा कि कोविड-19 महामारी के दौरान अच्छी गुणवत्ता वाली उपज की नई मांग आई है और किसानों को इस पर ध्यान देने और उसके हिसाब से कदम उठाने की जरूरत है। इसके साथ ही उन्होंने प्राकृतिक खेती के जरिये उगाई गई फसलों की ब्रांडिंग पर भी जोर दिया। गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने अपने राज्य में प्राकृतिक खेती से जुड़ी कुछ कहानियों का जिक्र करते हुए कहा कि किसानों को प्राकृतिक खेती के बारे में ‘हतोत्साहित और भ्रमित' होने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती के पहले साल में उपज कम होगी लेकिन उस पर लागत एवं पानी की खपत भी कम रहेगी।
-
पारादीप. केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी एवं जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने नदी तट पर निर्मित ओडिशा के पहले अस्थायी प्लेटफार्म ‘जेटी' का सोमवार को उद्घाटन किया, जिससे राज्य में व्यापार एवं वाणिज्य को बढ़ाने में मदद मिलेगी। यह जानकारी एक अधिकारी ने दी। सोनोवाल ने जेटी का निर्माण करने के लिए भारतीय किसान उर्वरक सहकारी लिमिटेड (इफको) की प्रशंसा की, जो जलमार्ग का परिवहन के व्यावहारिक साधन के रूप में उपयोग करने की संभावना का पता लगाएगा। अधिकारी ने कहा कि इफको की पारादीप इकाई जिप्सम और उर्वरकों के परिवहन के लिए जेटी का उपयोग करेगी और इससे उच्च साजोसामान लागत, समय और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम होगी। जेटी की परिकल्पना उड़ीसा स्टीवडोर्स लिमिटेड (ओएसएल) द्वारा की गई थी, जिसे इसके विकास और संचालन की जिम्मेदारी भी दी गई थी। ओएसएल ने 25 फरवरी, 2021 को, जेटी के विकास और संचालन के लिए पारादीप पोर्ट अथॉरिटी और इफको के साथ एक सहमति पत्र पर हस्ताक्षर किए थे। एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि वर्तमान में, ‘जेटी' में 2,200 डेडवेट टनेज (डीडब्ल्यूटी) तक के जहाज ठहर सकते हैं। विज्ञप्ति में कहा गया है कि बड़े जहाजों के रुकने के लिए सुविधाओं का विकास और विस्तार करने की योजना बनायी जा रही है।
-
नयी दिल्ली. कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए केंद्र सरकार से बजट में अधिक आवंटन के साथ सक्रिय कदम उठाने का आग्रह किया है। इसी कड़ी में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राज्य में जून से 5,200 गावों में प्राकृतिक खेती शुरू करने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि राज्य में देसी गायों की देखरेख के लिए सरकार किसानों को प्रतिमाह 900 रुपये की मदद भी देगी। चौहान ने सोमवार को नवोन्मेषी खेती पर आयोजित एक राष्ट्रीय कार्यशाला में कहा कि विभिन्न फसलों के उत्पादन को बढ़ाने के लिए रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों का उपयोग बढ़ा है। रासायनिक उर्वरकों के बहुत अधिक इस्तेमाल के कारण मृदा की ‘सेहत' खराब हुई है जिसे रोकने की जरूरत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार उर्वरक सब्सिडी के लिए किसानों को 1.8 लाख करोड़ रुपये देती है और इसी तरह प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए किसानों को सब्सिडी दी जानी चाहिए। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाई एस जगन मोहन रेड्डी ने भी कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि प्राकृतिक खेती अपना रहे किसानों को केंद्र सरकार की सक्रिय नीतियों के जरिये प्रोत्साहित करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती को अपनाने वाले किसानों को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए क्योंकि वे उर्वरक सब्सिडी से परहेज कर रहे हैं। रेड्डी ने कहा, ‘‘मैं उन राज्यों के लिए आग्रह करता हूं जिनके पास प्राकृतिक खेती के लिए बड़ा क्षेत्र है। उन्हें वित्त आयोग की सिफारिश में भी उच्च महत्व दिया जाना चाहिए। ये राज्य देश को जलवायु परिवर्तन के लक्ष्यों और कार्बन उत्सर्जन को कम करने के लक्ष्यों को प्राप्त करने में भी मदद कर रहे हैं।'' उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य में प्राकृतिक खेती के लिए जलवायु उपयुक्त है। उन्होंने रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों के उपयोग पर चिंता भी व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अर्थव्यवस्था और परिस्थितिविज्ञान के बीच संतुलन बनाये रखने की दिशा में काम रही है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी केंद्र सरकार से प्राकृतिक खेती के लिए प्रोत्साहन राशि बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने केंद्र सरकार से प्राकृतिक खेती के लिए प्रोत्साहन को बढ़ाकर 31,000 रुपये प्रति हेक्टेयर करने के साथ प्राकृतिक उत्पादों की ‘ब्रांडिंग' और विपणन के लिए बजट में आवंटन करने का आग्रह किया है। इस दौरान गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों की आय को दोगुना करने का प्रण लिया है। यह तभी संभव हो पाएगा, जब देश के किसान रासायनिक खेती को त्यागकर प्राकृतिक खेती को पूरे मनोभाव से अपनाए। उन्होंने कहा, ‘‘रासायनिक खेती के कारण ज़मीन बंजर होती जा रही है, भूजल और नीचे जा रहा है। कृषि खर्च में रोजाना वृद्धि हो रही है। रासायनिक खाद एवं जंतुनाशकों से दूषित खाद्यान्न खाने से लोग कैंसर, मधुमेह, ह्रदय रोग जैसी असाध्य बीमारियों का शिकार बन रहे हैं। ऐसे में रासायनिक खेती के इन दुष्परिणामों से मुक्ति पाने के लिए प्राकृतिक खेती ही अपनाना होगा, जो समय की मांग है।
-
नयी दिल्ली. केंद्रीय संचार मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि डाकियों और डाकघरों के अन्य कर्मचारियों के लिए नियमित योग प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाने चाहिए। डाक विभाग द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वैष्णव ने यह बात कही। यह कार्यक्रम अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पहले आयोजित किया गया। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस हर साल 21 जून को मनाया जाता है। वैष्णव ने इस कार्यक्रम की अगुवाई करते हुए करीब दो लाख डाककर्मियों के साथ योग किया।
मंत्री ने कहा कि डाकियों ओर ग्रामीण डाक सेवकों (जीडीएस) के लिए नियमित रूप से योग प्रशिक्षण आयोजित किया जाना चाहिए जिससे उनकी सेहत अच्छी रहे। उन्होंने कहा कि अगले दो माह के दौरान डाकघरों में आने वाले नागरिकों को भी योग और उसके लाभों के बारे में बताया जाना चाहिए। -
नयी दिल्ली. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में सोमवार को तीन मंजिली इमारत के ढह जाने की घटना में वहां काम कर रहे दो श्रमिकों की मौत हो गयी जबकि तीन अन्य को बचावकर्मियों ने मलबे से बाहर निकाल लिया । मौके पर मौजूद एक अन्य श्रमिक बाल-बाल बच गया । पुलिस ने इसकी जानकारी दी । पुलिस अधिकारी ने बताया कि तीन मंजिला इमारत के जीर्णोंद्धार का काम चल रहा था उसकी दौरान यह ढह गया । उन्होंने बताया कि घटना के समय इमारत के बाहर मौजूद एक अन्य मजदूर बाल-बाल बच गया । पुलिस ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज की गयी है । दक्षिण दिल्ली नगर निगम ने इस घटना की जांच के आदेश दिये हैं ।
पुलिस ने बताया कि दोपहर बाद करीब 1.25 बजे साउथ कैंपस पुलिस थाने में सत्य निकेतन में इमारत गिरने के बारे में पीसीआर कॉल मिली । पुलिस उपायुक्त (दक्षिण-पश्चिम) मनोज सी ने कहा, ‘‘इमारत के बाहर मौजूद एक मजदूर बाल-बाल बच गया। उसे चोट लगी है और उपचार के लिये अस्पताल में भर्ती कराया गया है ।'' उन्होंने कहा, ‘‘दक्षिण पश्चिम जिला पुलिस ने दिल्ली दमकल सेवा और एनडीआरएफ की सहायता से मौके पर बचाव अभियान शुरू किया और (मलबे में फंसे) सभी पांच मजदूरों को बचा लिया है ।'' उन्होंने कहा कि दो मजदूरों की बाद में मौत हो गई और शेष चार का इलाज चल रहा है। डीसीपी ने कहा, मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
पुलिस ने कहा कि मृतकों की पहचान बिलाल और नसीम के रूप में हुई है और घायलों की पहचान मोहम्मद फिरदौस, असलम, सरफराज और मुसाहिद के तौर पर की गयी है । राहत और बचाव अभियान तीन घंटे से अधिक समय तक चला।
इससे पहले दिल्ली दमकल सेवा के निदेशक अतुल गर्ग ने बताया, ‘‘हमें अपराह्र लगभग 1:24 बजे यहां सत्य निकेतन इमारत संख्या 173 में एक मकान के गिरने की सूचना मिली। इसके बाद दमकल की छह गाड़ियां मौके पर भेजी गईं।'' उन्होंने कहा, ‘‘चूंकि, यह इमारत एक घनी आबादी वाली इलाके में है, इसलिये मुख्य चुनौती बचाव वाहनों को अंदर ले जाने की थी। यह कठिन काम था । मौके पर एक पुलिस की टीम भी मौजूद है ।
गर्ग ने बताया कि इमारत के मलबे में फंसे सभी पांच मजदूरों को बचा लिया गया है और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। उन्होंने बताया कि बचाव अभियान समाप्त हो गया है । राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) ने जीवित बचे लोगों की तलाश के लिए अपने खोजी कुत्तों को काम में लगाया था और ड्रीलिंग मशीन और कटर का इस्तेमाल किया । एनडीआरएफ के एक कर्मी ने बताया कि सभी मजदूर इमारत के किचेन वाले क्षेत्र में फंसे हुये थे ।
दमकल विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच के अनुसार, ऐसा लगता है कि इमारत मरम्मत के लिए अच्छी स्थिति में नहीं थी।। उन्होंने कहा, ‘‘यह एक पुरानी इमारत थी और मरम्मत के लिये अच्छी स्थिति में नहीं थी। हमें जांच में पता चला है कि इसे पीजी में बदलने के लिए मरम्मत का काम किया जा रहा था । इसलिए, उन्होंने ढांचे के कुछ हिस्से को तोड़ा होगा, जिससे वह गिर गया ।'' उन्होंने कहा, ‘‘चूंकि मरम्मत का काम चल रहा था, इसलिये इसमें कोई नहीं रह रहा था। यह भी पता चला है कि इसकी कोई उचित भवन योजना नहीं थी। यह नियोजित निर्माण भी नहीं था और संबंधित अधिकारियों द्वारा मंजूरी भी नहीं ली गयी थी ।'' दक्षिण दिल्ली के महापौर मुकेश सूर्यन ने कहा कि नगर निकाय इमारत गिरने के मामले की जांच शुरू करेगा ।
उन्होंने बताया कि इमारत में मरम्मत के कार्य करने के लिए गृहस्वामी को पिछले महीने नोटिस दिया गया था। उन्होंने कहा कि 11 अप्रैल को दिल्ली पुलिस से मरम्मत को रोकने का अनुरोध किया गया था। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल इस हादसे को ‘‘बेहद दुखद'' करार देते हुये कहा कि वह बचाव अभियान की निगरानी कर रहे हैं । केजरीवाल ने ट्वीट किया, ‘‘ये हादसा बेहद दुखद है। ज़िला प्रशासन राहत और बचाव के काम में जुटा है। मैं ख़ुद घटना से संबंधित हर जानकारी ले रहा हूं। -
कोटद्वार। उत्तराखंड में पौड़ी जिले के कोटद्वार शहर में सोमवार को हाथी के हमले में एक सिपाही की मौत हो गयी। कोटद्वार-पुलिंडा मोटर मार्ग पर हुई इस घटना के समय सिपाही के साथ मौजूद उसके एक अन्य साथी ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। पौड़ी की अपर पुलिस अधीक्षक मनीषा जोशी ने बताया कि पुलिसकर्मी मनजीत सिंह (39) अपने एक साथी के साथ किसी मामले की जांच के लिए सुबह कोटद्वार-पुलिंडा मार्ग पर जा रहे थे कि अचानक हाथी ने उन पर हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि हाथी के हमले से बचने के प्रयास में सिंह सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके साथी ने किसी तरह भागकर जान बचाई और पुलिस विभाग को इस बारे में सूचना दी। घायल सिंह को बेस अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वहीं, वन अधिकारियों ने लोगों से इन दिनों सुबह-सुबह बाहर निकलने पर सावधानी बरतने की अपील की है। कोटद्वार स्थित सिद्धबली मंदिर क्षेत्र और पुलिंडा क्षेत्र हाथियों का गलियारा है और गर्मियों में हाथी निकटवर्ती खोह नदी में पानी पीने आते हैं।




















-_2017,_in_New_Delhi.jpg)






