- Home
- खेल
- मैड्रिड. अलेक्सांद्र इसाक ने अंतिम सीटी बजने से कुछ सेकेंड पहले पेनल्टी को गोल में बदलकर रीयाल सोसिडाड को स्पेनिश फुटबॉल लीग ला लिगा में एस्पेनयोल पर 1-0 से जीत दिलाई। इसाक ने दूसरे हॉफ के इंजुरी टाइम के छठे मिनट में यह गोल किया जिससे सोसिडाड पिछले छह मैचों में अपनी चौथी जीत दर्ज करने में सफल रहा। इससे वह अगले सत्र में यूरोपीय टूर्नामेंटों में जगह सुरक्षित करने के करीब भी पहुंच गया है। सोसिडाड के अब 30 मैचों में 51 अंक हो गये हैं और वह छठे स्थान पर पहुंच गया है। वह पांचवें स्थान की टीम रीयाल बेटिस से दो अंक तथा सेविला, एटलेटिको मैड्रिड और बार्सिलोना से छह अंक पीछे है। इन सभी के समान 57 अंक हैं। रीयाल मैड्रिड 12 अंक की बढ़त के साथ शीर्ष पर है।
- ओरलियन्स (फ्रांस). भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी मिथुन मंजूनाथ ओरलियन्स मास्टर्स सुपर 100 टूर्नामेंट के फाइनल में स्थानीय खिलाड़ी टोमा जूनियर पोपोव से सीधे गेम में हार गये। विश्व के 32वें नंबर के फ्रांसीसी खिलाड़ी ने रविवार की रात को खेले गये फाइनल में 23 वर्षीय मंजूनाथ को 50 मिनट तक चले मैच में 21-11, 21-19 से हराया। यह मंजूनाथ का पहला सुपर 100 फाइनल था। वह प्रकाश पादुकोण बैडमिंटन अकादमी की देन हैं।इस गैर वरीय भारतीय खिलाड़ी ने पूरे टूर्नामेंट में प्रभावशाली प्रदर्शन किया। उन्होंने क्वार्टर फाइनल में डेनमार्क के विश्व में 22वें नंबर के खिलाड़ी हैंस क्रिस्टियन सोलबर्ग विटिंगस को हराया था। विश्व में 79वें नंबर के खिलाड़ी मंजूनाथ ने अब तक चार अखिल भारतीय रैंकिंग खिताब जीते हैं, जिनमें पिछले साल दिसंबर में खेला गया अखिल भारतीय सीनियर रैंकिंग बैडमिंटन टूर्नामेंट भी शामिल है।
- आगरा (उत्तर प्रदेश)। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान राहुल द्रविड़ ने रविवार को यहां ताजमहल का दीदार किया। वह अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ ताजमहल आये। द्रविड़ रविवार सुबह ताजमहल का दीदार करने पहुंचे। उन्होंने ताजमहल की पच्चीकारी के बारे में जाना। इस दौरान राहुल द्रविड़ के साथ फोटो खिंचवाने के लिए भीड़ उमड़ पड़ी। ताजमहल में शिफ्ट इंचार्ज तनुज शर्मा ने बताया कि पूर्व क्रिकेटर अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ प्रात: पौने सात बजे ताजमहल का दीदार करने पहुंचे। उन्होंने गाइड से ताजमहल के चप्पे-चप्पे के बारे में जानकारी ली। इस दौरान पर्यटकों द्वारा उन्हें पहचान लिया गया। पूर्व क्रिकेटर ने ताजमहल में फोटो भी खिंचाये।
- ग्वालियर। केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया के बेटे महाआर्यमन सिंधिया को रविवार को ग्वालियर डिविजन क्रिकेट संघ (जीडीसीए) का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। यह जानकारी जीडीसीए के अधिकारी ने दी। संघ के सचिव संजय आहुजा ने कहा कि जीडीसीए की हाल में हुई आम सालाना बैठक के बाद नयी कार्यकारी समिति में 26 वर्षीय महाआर्यमन को उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। उन्होंने कहा कि पूर्व आईएएस अधिकारी प्रशांत मेहता को संघ का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
- नयी दिल्ली. ओलंपिक पदक विजेता रवि कुमार दहिया, बजरंग पूनिया और साक्षी मलिक उन शीर्ष पहलवानों में शामिल हैं जो इस साल होने वाले राष्ट्रमंडल और एशियाई खेलों की तैयारियों के लिये भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) के सोनीपत और लखनऊ केंद्रों में तीन महीने के अभ्यास शिविर में भाग लेंगे। यह शिविर एक अप्रैल से शुरू हो गया है और यह 30 जून तक चलेगा। इसमें कुल 124 पहलवान (फ्रीस्टाइल और ग्रीको-रोमन), 23 कोच और सहयोगी स्टाफ हिस्सा लेंगे। साइ के बयान के अनुसार सोनीपत में 75 पुरुष पहलवान शिविर में भाग लेंगे जबकि 49 महिला पहलवान लखनऊ में अभ्यास करेंगे। इन शिविरों में भाग लेने वाले अन्य प्रमुख पहलवानों में विश्व चैंपियनशिप की कांस्य पदक विजेता अंशु मलिक और विनेश फोगाट भी शामिल हैं। साइ के अनुसार आगामी एशियाई चैंपियनशिप के लिये हाल में चयन ट्रायल जीतने वाले, ओपन राष्ट्रीय रैंकिंग टूर्नामेंट के विजेता और सीनियर राष्ट्रीय चैंपियनशिप के पदक विजेता पहलवान इन शिविरों में भाग लेंगे। पुरुषों के शिविर पर दो करोड़ 30 लाख रुपये जबकि महिलाओं के शिविर पर एक करोड़ 43 लाख रुपये का खर्च आएगा जिसे सरकार वहन करेगी। खर्च में यात्रा, ठहरना, भोजन, खेल किट, बीमा तथा प्रशिक्षकों और सहायक कर्मचारियों का वेतन आदि खर्च शामिल हैं।
- क्राइस्टचर्च .आस्ट्रेलिया ने रविवार को यहां फाइनल में इंग्लैंड को 71 रन से हराकर सातवीं बार आईसीसी महिला वनडे विश्व कप का खिताब जीता। आस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी के लिये आमंत्रित किये जाने पर एलिसा हीली की 170 रन की धांसू पारी तथा राचेल हेन्स (68) और बेथ मूनी (62) के उपयोगी योगदान से पांच विकेट पर 356 रन का विशाल स्कोर बनाया। इसके जवाब में पिछला चैंपियन इंग्लैंड नैट साइवर के नाबाद 148 रन की आकर्षक पारी के बावजूद 43.4 ओवर में 285 रन ही बना पाया।
- नयी दिल्ली. भारत की मीनाक्षी रविवार को फुकेत में महिलाओं के 51 किग्रा वर्ग में स्थानीय मुक्केबाज जुतामास जितपोंग से पहले दौर की हार के बाद थाईलैंड ओपन से बाहर हो गई। इस करीबी मुकाबले में मीनाक्षी को खंडित फैसले से 3-2 से हार का सामना करना पड़ा।मुकाबले के पहले दौर में, दोनों मुक्केबाजों ने दूर से खेलना बेहतर समझा लेकिन दूसरे दौर में दोनों ने एक दूसरे को कई पंच लगाये। अंतिम दौर में दोनों मुक्केबाजों के बीच करीबी मुकाबला देखने को मिला जहां मीनाक्षी ने कुछ स्पष्ट घूंसे मारे लेकिन यह उन्हें जीत दिलाने के लिए पर्याप्त नहीं था। प्रतियोगिता में सोमवार को पांच महिलाओं सहित छह भारतीय मुक्केबाज चुनौती पेश करेंगे।महिला वर्ग में मोनिका (48 किग्रा) , रेणु (54 किग्रा) , 2019 एशियाई चैंपियनशिप की कांस्य पदक विजेता मनीषा (57 किग्रा), मोनिका (63 किग्रा) और भाग्यवती कचारी (75 किग्रा) रिंग में उतरेंगी। पिछले सत्र के स्वर्ण पदक विजेता आशीष कुमार 81 किग्रा क्वार्टर फाइनल में स्थानीय मुक्केबाज अफीसित खानखोखरुइया के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेंगे। टूर्नामेंट के पिछले सत्र 2019 में भारतीय दल ने एक स्वर्ण, चार रजत और तीन कांस्य सहित आठ पदक जीते थे।
- नयी दिल्ली. भारतीय महिला मुक्केबाजों को फुकेट में रविवार से शुरू हो रहे थाईलैंड ओपन अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाजी टूर्नामेंट में पुरुष समकक्षों की तुलना में कड़ा ड्रॉ मिला है। इस टूर्नामेंट में भारतीय चुनौती की शुरुआत पहले दिन मीनाक्षी (51 किग्रा) करेंगी। पहले मुकाबले में मीनाक्षी की भिड़ंत थाईलेंड की जुटामस जिटपोंग से होगी जबकि मोनिका (48 किग्रा) अपने अभियान की शुरुआत पहले दौर में फिलिपीन्स की दो बार की विश्व चैंपियनशिप की पदक विजेता जोसी गाबुको के खिलाफ करेगी। आगामी विश्व चैंपियनशिप और एशियाई खेलों के लिए क्वालीफाई करने वाली एशियाई चैंपियनशिप 2019 की कांस्य पदक विजेता मनीषा (57 किग्रा) को दो बार की युवा एशियाई चैंपियन थाईलैंड की पोर्नटिप बुआपा से पहले दौर में खेलना है। रेणु (54 किग्रा) को पहले दौर में यूरोपीय अंडर-22 चैंपियन इटली की सिरीन चराबी का सामना करना है।भारतीय मुक्केबाजी महासंघ ने 10 अप्रैल तक होने वाले टूर्नामेंट के लिए 15 सदस्यीय मजबूत टीम उतारी है। यह तोक्यो ओलंपिक 2020 के बाद अमित पंघाल (52 किग्रा) और आशीष कुमार (81 किग्रा) का पहला टूर्नामेंट होगा। पंघाल और आशीष अपने अभियान की शुरुआत पुरुष वर्ग के क्वार्टर फाइनल में क्रमश: थाईलैंड के थानाकोव ओनयेम और अफिसिद खानखोखरिया के खिलाफ करेंगे। गत राष्ट्रीय चैंपियन रोहित मोर (57 किग्रा) और सुमित (75 किग्रा) को भी अंतिम आठ के मुकाबले में आसान प्रतिद्वंद्वी मिले हैं। भारतीय दल में आठ पुरुष और सात महिला मुक्केबाज शामिल हैं। गोविंद साहनी (48 किग्रा), अनंद चोपाडे (54 किग्रा), वरिंदर सिंह (60 किग्रा) और पूजा (69 किग्रा) अपना अभियान सेमीफाइनल मुकाबले के साथ शुरू करेंगे। टूर्नामेंट में एशिया, यूरोप, ओसियाना और अफ्रीका के शीर्ष मुक्केबाजों सहित कुल 130 मुक्केबाज हिस्सा ले रहे हैं जिसमें 74 पुरुष और 56 महिला मुक्केबाज शामिल हैं। थाईलैंड ओपन के 2019 में हुए पिछले टूर्नामेंट में भारत ने एक स्वर्ण, चार रजत और तीन कांस्य पदक सहित कुल आठ पदक जीते थे। टूर्नामेंट के स्वर्ण पदक विजेताओं को दो हजार डॉलर, रजत पदक विजेताओं को एक हजार डॉलर और कांस्य पदक विजेताओं को 500 डॉलर मिलेंगे। टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ मुक्केबाज और सर्वश्रेष्ठ टीम का भी इनामी राशि मिलेगी।भारतीय टीम इस प्रकार है:पुरुष: गोविंद सहानी (48 किग्रा), अमित पंघाल (52 किग्रा), अनंत चोपाडे (54 किग्रा), रोहित मोर (57 किग्रा), वरिंदर सिंह (60 किग्रा), सुमित (75 किग्रा), आशीष कुमार (81 किग्रा) और गौरव चौहान (91 किग्रा)। महिला: मोनिका (48 किग्रा), मीनाक्षी (51 किग्रा), रेणु (54 किग्रा), मनीषा (57 किग्रा), मोनिका (63 किग्रा), पूजा (69 किग्रा) और भाग्यवती कचारी (75 किग्रा)।
- नयी दिल्ली। भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) ने जनवरी से मार्च के महीने में पैरा खेलों सहित 21 खेलों के लिये 2,509 खेलो इंडिया खिलाड़ियों के लिये ‘आउट ऑफ पॉकेट’ भत्ते के तौर पर कुल 7.22 करोड़ रूपये जारी किये हैं। साइ की विज्ञप्ति के अनुसार, ‘‘मान्यता प्राप्त अकादमियों में ट्रेनिंग कर रहे और रह रहे प्रत्येक एथलीट को वार्षिक खेलो इंडिया छात्रवृत्ति योजना के अनुसार 6.28 लाख रूपये की वित्तीय सहायता आवंटित की गयी। इसमें 1.20 लाख रूपये का ‘आउट ऑफ पॉकेट’ (अपनी जेब से) भत्ता भी शामिल है। ’’यह भत्ता (सालाना 1.20 लाख रूपये) सीधे एथलीट के बैंक खाते में ट्रांसफर किया गया जबकि बाकी की राशि खिलाड़ी की खेलो इंडिया अकादमी में ट्रेनिंग, खाने, रहने और शिक्षा पर खर्च की गयी। साथ ही इसमें खिलाड़ियों के घर जाने की यात्रा करने का, खान-पान का और अन्य खर्चे भी शामिल हैं। यह खर्चा खेलो इंडिया प्रतिभा विकास योजना के अनुसार किया गया।
- नयी दिल्ली। भारत ने सुशीला चानू की अगुवाई में 2013 में महिला जूनियर हॉकी विश्व कप में कांस्य पदक जीता था और इस अनुभवी खिलाड़ी का मानना है कि इस बार सलीमा टेटे के नेतृत्व वाली टीम पहली बार स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच सकती है।भारतीय टीम पूल डी में अपने अभियान की शुरुआत शनिवार को वेल्स के खिलाफ करेगी। दक्षिण अफ्रीका के पोटचेफस्ट्रूम में होने वाले इस टूर्नामेंट में भारत का अगला मुकाबला रविवार को जर्मनी से होगा।भारत अपने पूल के अंतिम मैच में मलेशिया का सामना करेगा जबकि आठ अप्रैल से क्वार्टर फाइनल दौर शुरू होगा।सुशीला ने कहा, ‘‘यह मैदान के अंदर और मैदान के बाहर भी एक-दूसरे के बारे में बहुत अच्छी समझ रखने वाली टीम है। वे पिछले लंबे समय से एक टीम के रूप में अभ्यास करते रहे हैं और यहां तक कि उन्होंने भारतीय खेल प्राधिकरण् के बेंगलुरू और भुवनेश्वर केंद्रों पर लगाये गये राष्ट्रीय शिविरों में सीनियर महिला टीम के खिलाफ अभ्यास मैच भी खेले हैं जिनमें उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया था।’’उन्होंने कहा, ‘‘टीम में ऐसे खिलाड़ी भी शामिल हैं जिन्होंने ओलंपिक जैसे बड़े मंच पर सीनियर टीम का प्रतिनिधित्व किया है। इससे मुझे लगता है कि भारतीय जूनियर टीम इस बार स्वर्ण पदक जीतने की प्रबल दावेदार है।’’भारतीय टीम में शामिल तीन खिलाड़ी कप्तान टेटे, मिडफील्डर शर्मिला देवी और स्ट्राइकर लालरेम्सियामी तोक्यो ओलंपिक में चौथे स्थान पर रहने वाली सीनियर टीम का हिस्सा थीं।
- मियामी गार्डन्स. सोलहवीं वरीय जेसिका पेगुला ने बुधवार को यहां पौला बाडोसा के क्वार्टरफाइनल में पांच गेम के बाद रिटायर होने से मियामी ओपन टेनिस टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में प्रवेश किया। पेगुला गुरूवार की रात को होने वाले सेमीफाइनल में दूसरे नंबर की खिलाड़ी इगा स्वियातेक से भिड़ेंगी जिन्होंने दूसरे महिला क्वार्टरफाइनल में पेत्रा क्वितोवा को 6-3, 6-3 से शिकस्त दी। पेगुला को लगातार दूसरे मैच में प्रतिद्वंद्वी के वाकओवर देने का फायदा मिला। क्वार्टरफाइनल में बाडोसा के खिलाफ पहले सेट के पांच गेम में पेगुला 4-1 से आगे चल रही थीं तब स्पेन की खिलाड़ी ने रिटायर होने का फैसला किया। पेगुला को पहले दौर में बाई मिली थी और फिर उन्होंने अपने अगले दो मैच सीधे सेटों में अपने नाम किये। चौथे दौर के मैच में गैर वरीय अनहेलिना कालिनिना ने तब रिटायर हुईं जब पेगुला ने पहला सेट 6-0 से अपने नाम कर लिया था। इसके बाद बुधवार को भी इसी तरह से अगले दौर में पहुंची। पेगुला ने कहा, ‘‘निश्चित रूप से इस तरह से जीतना अच्छा नहीं है। ''वहीं बाडोसा सोमवार को अपडेट होने वाली रैंकिंग में करियर के सर्वश्रेष्ठ तीसरे स्थान पर पहुंच जायेंगी। अगर वह पेगुला को हरा देती तो वह दूसरे नंबर पर पहुंच सकती थीं। महिलाओं के एक अन्य सेमीफाइनल में दुनिया की 22वें नंबर की खिलाड़ी बेलिंडा बेनसिच का सामना गैर वरीय नाओमी ओसाका से होगा। पुरूष वर्ग के क्वार्टरफाइनल में छठे वरीय कैस्पर रूड ने एलेक्जेंडर ज्वेरेव को 6-3, 1-6, 6-3 से हराया और अब सेमीफाइनल सेरूंडोलो के सामने होंगे
-
नवी मुंबई। कोलकाता नाइट राइडर्स को कम स्कोर वाले मैच में तीन विकेट से हराने के बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के कप्तान फाफ डु प्लेसी ने कहा कि आखिरी ओवरों में दिनेश कार्तिक का अनुभव उनकी टीम के काम आया । आरसीबी को जीत के लिये 129 रन के लक्ष्य के जवाब में आखिरी ओवर में सात रन चाहिये थे । कार्तिक ने पहली दो गेंद पर छक्का और चौका जड़कर टीम को जीत तक पहुंचाया । डु प्लेसी ने कहा ,‘‘ यह अच्छी जीत थी । छोटे स्कोर का पीछा करते समय सकारात्मक सोच के साथ उतरना चाहिये और इतने आखिर तक मैच नहीं जाना चाहिये था लेकिन उनके गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया ।'' उन्होंने कहा ,‘‘ इस विकेट पर काफी सीम और उछाल थी । दो तीन दिन पहले यहां 200 बनाम 200 था लेकिन 120 बनाम 120 । हमें बेहतर ढंग से जीतना चाहिये था लेकिन जीत तो फिर जीत है ।'' उन्होंने कहा ,‘‘ आखिर में डीके (कार्तिक) का अनुभव काम आया । वह आखिरी पांच ओवर में इतना शांतचित्त था जैसे महेंद्र सिंह धेानी रहते हैं ।
- दुबई. भारतीय कप्तान रोहित शर्मा और अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली बुधवार को जारी ताजा आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में एक-एक पायदान खिसककर क्रमश: आठवें और 10वें स्थान पर पहुंच गये। रोहित बल्लेबाजी सूची में अब भी शीर्ष रैंकिंग पर काबिज भारतीय हैं, उनके 754 अंक हैं और एक स्थान फिसलकर आठवें स्थान पर हैं। कोहली के 742 रेटिंग अंक हैं और वह 10वें स्थान पर खिसक गये हैं। रविंद्र जडेजा ने आल राउंडर सूची में अपना शीर्ष स्थान बरकरार रखा है जबकि रविचंद्रन अश्विन वेस्टइंडीज के जेसन होल्डर को हटाकर दूसरे स्थान पर पहुंच गये हैं। अश्विन और तेज गेंदबाजी के अगुआ जसप्रीत बुमराह गेंदबाजों की सूची में क्रमश: अपने दूसरे और चौथे स्थान पर बने हुए है। वनडे रैंकिंग में कोहली ने अपना दूसरा स्थान कायम रखा है और रोहित एक पायदान के फायदे से चौथे स्थान पर पहुंच गये हैं। गेंदबाजों में शीर्ष 10 में केवल एक भारतीय बुमराह छठे स्थान पर काबिज हैं।
- मियामी. भारत के रोहन बोपन्ना और सानिया मिर्जा अपने-अपने युगल मैचों के क्वार्टर फाइनल में हारकर मियामी ओपन टेनिस टूर्नामेंट से बाहर हो गये। पिछले तीन साल से अधिकतर टूर्नामेंट में जोड़ी बनाकर खेल रहे बोपन्ना और कनाडा के डेनिस शापोवलोव की जोड़ी अंतिम आठ के मैच में नीदरलैंड के वेस्ले कूलहोफ और ग्रेट ब्रिटेन के नील स्कूप्स्की की छठी वरीयता प्राप्त जोड़ी से 2-6, 1-6 से हार गई। बोपन्ना और शापोवलोव की गैर वरीयता प्राप्त जोड़ी ने इससे पहले पिछले दौर में निकोला मेक्टिच और मेट पाविच की शीर्ष वरीयता प्राप्त क्रोएशियाई जोड़ी को सीधे सेटों में हराकर उलटफेर किया था। सानिया और बेल्जियम की उनकी जोड़ीदार कर्स्टन फ्लिपकेन्स ने कड़ी चुनौती पेश की लेकिन आखिर में उन्हें एक घंटे 23 मिनट तक चले मैच में रूस की एकातेरिना अलेक्जेंड्रोवा और चीन की चाओसुआन यांग से 3-6 6-7 (3) से हार का सामना करना पड़ा। इस तरह से इस एटीपी-डब्ल्यूटीए टूर्नामेंट में भारतीय चुनौती भी समाप्त हो गई।
-
पुणे । नये खिलाड़ियों से सजी आत्मविश्वास से ओतप्रोत राजस्थान रॉयल्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को 61 रन से हराकर इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सत्र में अपने अभियान की शानदार शुरूआत की । राजस्थान ने खेल के हर विभाग में सनराइजर्स को बौना साबित किया । कप्तान संजू सैमसन ने मोर्चे से अगुवाई करते हुए 27 गेंद में 55 रन बनाये जिसकी मदद से राजस्थान रॉयल्स ने छह विकेट पर 210 रन बनाये । जवाब में सनराइजर्स के तीन बल्लेबाज नौ रन पर और चार बल्लेबाज 29 रन पर पवेलियन लौट चुके थे । केन विलियमसन (2) की टीम सात विकेट पर 149 रन ही बना सकी । उसके लिये एडेन मार्कराम ने नाबाद 57 और वाशिंगटन सुंदर ने 14 गेंद में 40 रन बनाये । विलियमसन का शानदार कैच देवदत्त पडिक्कल ने लपका जबकि राहुल त्रिपाठी खाता खोले बिना प्रसिद्ध कृष्णा का दूसरा शिकार हुए । इसके बाद ट्रेंट बोल्ट ने निकोलस पूरन (0) को पगबाधा आउट किया । युजवेंद्र चहल ने अभिषेक शर्मा और अब्दुल समद के विकेट लेकर सनराइजर्स की हालत और खस्ता कर दी । इसके बाद टीम की वापसी का कोई मौका नहीं बचा था । इससे पहले रॉयल्स के लिये सैमसन और देवदत्त पडिक्कल ने तीसरे विकेट के लिये 41 गेंद में 73 रन बनाये जिसमें पडिक्कल ने 29 गेंद में चार चौकों और दो छक्कों की मदद से 41 रन जोड़े । सैमसन ने अपनी पारी में पांच छक्के और तीन चौके लगाये । वहीं आखिरी ओवरों में शिमरोन हेटमायेर ने सिर्फ 13 गेंद में तीन छक्कों की मदद से 32 रन बनाकर रॉयल्स को 200 रन के पार पहुंचाया । पहले बल्लेबाजी के लिये भेजी गई रॉयल्स के सलामी बल्लेबाज जोस बटलर को उस समय जीवनदान मिला जब उन्होंने खाता भी नहीं खोला था चूंकि गेंद नोबॉल थी । बटलर (35) और यशस्वी जायसवाल (20) ने 58 रन की साझेदारी करके टीम को अच्छी शुरूआत दी । बटलर ने उमरान मलिक को चौथे ओवर में दो चौके और दो छक्के लगाये और इस ओवर में 21 रन बने । दोनों सलामी बल्लेबाजों ने इसके बाद वाशिंगटन सुंदर को एक एक छक्का लगाया । रॉयल्स के पांच ओवर में बिना किसी नुकसान के 52 रन बन गए । जायसवाल सातवें ओवर में रोमारियो शेफर्ड की गेंद पर एडेन मार्कराम को कैच देकर लौटे । वहीं बटलर नौवें ओवर में अपना विकेट गंवा बैठे । सैमसन ने आते ही अपने तेवर जाहिर कर दिये और शुरूआत चौके छक्के से की । उन्होंने सनराइजर्स के किसी गेंदबाज को नहीं बख्शा । वहीं पडिक्कल ने भी 12वें ओवर में टी नटराजन को छक्का जड़कर अपने हाथ खोले । सैमसन ने सुंदर को 16वें ओवर में लगातार दो छक्के लगाये । सनराइजर्स ने पडिक्कल और सैमसन के विकेट एक के बाद एक ले लिये लेकिन हेटमायेर ने तेजी से रन बनाने का सिलसिला जारी रखा । आखिरी दस ओवर में रॉयल्स ने 123 रन बनाये ।
-
लुसाने । रूसी सैन्य हमले से जूझ रहे यू्क्रेन ने एक से 12 अप्रैल तक दक्षिण अफ्रीका के पोशेफ्स्ट्रूम में होने वाले एफआईएच महिला हॉकी जूनियर विश्व कप से नाम वापिस ले लिया । अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ के सीईओ थियरी वील ने एक बयान में कहा ,यह काफी दुखद स्थिति है । हम इस कठिन समय में यूक्रेन के हॉकी समुदाय के साथ हैं।'' एफआईएच ने बताया कि यूक्रेन की जगह किसी और टीम को टूर्नामेंट में शामिल नहीं किया जायेगा यानी यह टूर्नामेंट 15 टीमों का ही होगा । -
नयी दिल्ली । एशेज श्रृंखला में इंग्लैंड की हार के बाद हटाये गए पूर्व बल्लेबाज ग्राहम थोर्प को अफगानिस्तान क्रिकेट टीम का नया कोच बनाया गया है । इंग्लैंड के लिये 1993 से 2005 के बीच में सौ टेस्ट खेलने वाले थोर्प को एशेज श्रृंखला में आस्ट्रेलिया के हाथों हार के बाद पद से हटाया गया था । वह अफगानिस्तान के कोच लांस क्लूजनर की जगह लेंगे जिन्होंने दो साल के कार्यकाल के बाद नवंबर में पद छोड़ दिया ।
- दुबई. भारतीय कप्तान मिताली राज मंगलवार को जारी नवीनतम आईसीसी महिला एकदिवसीय रैंकिंग में दो पायदान के फायदे से छठे स्थान पर पहुंच गई हैं जबकि अनुभवी तेज गेंदबाज झूलन गोस्वामी भी इतने ही स्थान के सुधार के साथ पांचवें नंबर पर पहुंच गई हैं। न्यूजीलैंड में चल रहे विश्व कप के प्रदर्शन को शामिल कर जारी की गयी रैंकिंग में सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना 10वें स्थान पर बरकरार है। रविवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत के अंतिम लीग मैच में अर्धशतक जड़ने वाली मिताली ने रैंकिंग में ऑस्ट्रेलिया की राचेल हेन्स और इंग्लैंड की टैमी ब्यूमोंट को पीछे छोड़ा। भारतीय कप्तान के लिए हालांकि यह मैच दिल टूटने के साथ समाप्त हुआ क्योंकि उनकी टीम अंतिम गेंद तक चले मुकाबले को हारकर विश्व कप से बाहर हो गयी थी। गेंदबाजों की रैंकिंग में झूलन दक्षिण अफ्रीका की मैरिजाने कप और अयाबोंगा खाका की जोड़ी को पीछे छोड़ते हुए पांचवें स्थान पर पहुंच गयी। उन्होंने हालांकि हरफनमौला खिलाड़ियों की सूची में अपना नौवां स्थान इंग्लैंड की कैथरीन ब्रंट को गंवा दिया। झूलन अब 217 रेटिंग अंकों के साथ 10वें स्थान पर हैं, जबकि हमवतन दीप्ति शर्मा सातवें स्थान पर हैं। दक्षिण अफ्रीका की सलामी बल्लेबाज लौरा वोल्वार्ड्ट, जिन्होंने मौजूदा विश्व कप में सबसे ज्यादा रन (433) बनाए हैं, बल्लेबाजों की रैंकिंग में शीर्ष पर है।
- नयी दिल्ली. खेल विभाग ने वित्त मंत्रालय से अनुरोध किया है कि भारत में खेल उत्पादों के उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए इन पर वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) की एक समान पांच प्रतिशत दर लगाई जाए। केंद्रीय खेल राज्य मंत्री निसिथ प्रमाणिक ने कहा कि जीएसटी परिषद की सिफारिशों के आधार पर जीएसटी की दर तय की जाती हैं और अधिकतर खेल उपकरणों पर 12 प्रतिशत की दर से जीएसटी लगाई जाती है। उन्होंने कहा कि कुछ ही उपकरण हैं जिन पर 18 प्रतिशत जीएसटी लगाई जाती है।प्रमाणिक ने प्रश्नकाल में पूरक प्रश्नों का उत्तर देते हुए कहा, ‘‘इस मंत्रालय को खेलों के सामान के निर्माताओं से भी खेल सामग्री के लिए जीएसटी के तहत कर की दर में छूट के अनुरोध प्राप्त हो रहे हैं। खेल विभाग ने वित्त मंत्रालय से अनुरोध किया है कि भारत में खेल सामग्रियों के उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए एकसमान जीएसटी दर 5 प्रतिशत लगाई जाए।'' प्रमाणिक इस प्रश्न का उत्तर दे रहे थे कि क्या खेल उपकरणों पर जीएसटी बहुत अधिक है और यदि ऐसा है तो फिट इंडिया अभियान के तहत इसे कम करने के लिए क्या कदम उठाये जा रहे हैं।
- दोहा. भारत की मनिका बत्रा और अर्चना कामथ ने मंगलवार को डब्ल्यूटीटी (विश्व टेबल टेनिस) स्टार कंटेंडर स्पर्धा के क्वार्टर फाइनल में हांगकांग की सू वाई याम मिन्नी और ली हो चिंग को 3-1 से हराकर में महिला युगल के पदक दौर में प्रवेश किया। छठी रैंकिंग पर काबिज भारतीय जोड़ी ने 13-11 8-11 11-5 13-11 से जीत दर्ज की। अब सेमीफाइनल में उनके सामने चीनी ताइपे की ली यू-झुन और चेंग आई-चिंग की जोड़ी की चुनौती होगी। मनिका और जी. साथियान की मिश्रित युगल जोड़ी हालांकि पहले दौर से आगे नहीं बढ़ पायी। इस भारतीय जोड़ी को स्पेन की मारिया जिओ और अल्वारो रोबल्स की जोड़ी से 7-11, 11-9, 7-11, 5-11 से शिकस्त मिली। इससे पहले शरत कमल और मानव विकास ठक्कर को पुरुष युगल में स्पेन के रॉबल्स और रोमानिया के ओविडिउ इओनेस्कु की जोड़ी से 1-3 से हार का सामना करना पड़ा था। शरत पुरुष एकल में 2-0 की बढ़त बनाने के बाद जर्मनी के डांग किउ से दूसरे दौर का मैच हार गए। चीन मूल के जर्मन खिलाड़ी ने 7-11, 7-11, 11-5, 11-3, 11-7 से जीत हासिल की। इसके उलट 0-2 से पिछड़ने के बाद जी साथियान ने शानदार वापसी करते हुए जीत दर्ज की। उन्होंने पुरुष एकल में स्वीडन के माथियास फालक को 8-11, 3-11, 11-6, 11-7, 11-6 से हराया। मनिका ने महिला एकल के अंतिम 32 के दौर में जर्मनी की शियाओना शान पर 7-11, 11-6, 11-7, 11-9 से जीत हासिल की।
- वेलिंगटन. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के मुख्य कार्यकारी ज्योफ एलार्डिस ने कहा कि क्रिकेट की वैश्विक प्रतियोगिताओं में ‘महिलाओं और पुरुषों की पुरस्कार राशि के बीच की खाई को पाटने' पर चर्चा चल रही है। खेल की शीर्ष संस्था ने 2024 से 2031 तक शुरू होने वाले अगले आठ साल के चक्र में अपने पुरुष और महिला टूर्नामेंटों में समान स्थान हासिल वाली टीमों लिए पुरस्कार राशि में समानता लाने की योजना बनाई है। एलार्डिस का यह बयान तब आया जब उन्हें बताया गया कि न्यूजीलैंड में चल रहे महिला एकदिवसीय विश्व कप के विजेता को 2019 पुरुष विश्व कप विजेताओं द्वारा जीती गई पुरस्कार राशि के मुकाबले सिर्फ एक तिहाई रकम मिलेगी। एलार्डिस ने ‘ईएसपीएनक्रिकइंफो डॉट कॉम' से कहा, ‘‘चक्र की शुरुआत में हमने जो कुछ किया था उसमें इस ओर बढ़ने का जिक्र था। आईसीसी के अधिकांश वित्तीय मामले आठ साल के चक्र से जुड़े होते है। और हम इस चक्र में महिला और पुरुष टीमों के बीच के पुरस्कार राशि के अंतर को कम करने की कोशिश पर काम शुरू कर चुके है।'' उन्होंने कहा, ‘‘ हम अगले चक्र के आसपास चर्चा शुरू करने वाले हैं और उस चर्चा के शुरुआती मुद्दों में यह शामिल है जहां टूर्नामेंटों में समान स्थान पर रहने वाली महिलाओं की टीम को पुरूषों के बराबर रकम देने का प्रयास किया जायेगा। अभी इसमें समानता नहीं है लेकिन हम पुरस्कार राशि के मामले में समानता की ओर बढ़ेंगे।'' आईसीसी ने भले ही मौजूदा महिला एकदिवसीय विश्व कप की पुरस्कार राशि को दोगुना कर 1.32 मिलियन डॉलर (लगभग 10 करोड़ रुपये) कर दिया है, फिर भी यह 2019 पुरुष एकदिवसीय विश्व कप में दी गई राशि से 6.5 मिलियन डॉलर कम है, जिसे इंग्लैंड ने जीता था। आईसीसी अधिकारी ने कहा कि महिला वनडे विश्व कप का विस्तार आठ से 10 टीमों तक 2029 में होगा
- नयी दिल्ली। गत चैम्पियन अभिजीत गुप्ता ने ईरान के पूरमोसावी सैयद कियान को हराकर 19वें दिल्ली इंटरनेशनल ओपन शतरंज टूर्नामेंट में संयुक्त बढत बना ली । लगातार छह जीत के साथ गुप्ता के अर्जुन एरिगेसी, डी गुकेश और हर्षा भारतकोटी के समान 7 . 5 अंक हो गए हैं । वहीं एस पी सेतुरमन ने रूस के पावेल पोंक्रातोव को हराकर इन चारों की बराबरी कर ली । पूरमोसावी इस टूर्नामेंट में अंतरराष्ट्रीय मास्टर्स नॉर्म पाने वाले पहले खिलाड़ी बन गए । नीलेश साहा भी अगर आखिरी दौर में जीतते हैं तो यह नॉर्म हासिल कर लेंगे ।
- उदयपुर। महाराष्ट्र ने सीनियर और जूनियर वर्ग में शानदार प्रदर्शन करके यहां आयोजित 21वीं पैरा तैराकी चैंपियनशिप का खिताब जीता जबकि कर्नाटक की टीम दूसरे स्थान पर रही। आयोजकों की विज्ञप्ति के अनुसार महाराष्ट्र 386 अंकों के साथ शीर्ष पर रहा जबकि कर्नाटक ने कुल 317 अंक अर्जित किये। पश्चिम बंगाल तीसरे और हरियाणा चौथे स्थान पर रहा। इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता का आयोजन भारतीय पैरालंपिक समिति (पीसीआई) के सौजन्य से नारायण सेवा संस्थान ने किया था। विज्ञप्ति के अनुसार सब जूनियर वर्ग की व्यक्तिगत श्रेणी में बालक वर्ग में गुजरात के व्योम पावा और बालिका वर्ग में महाराष्ट्र की रिया पाटिल, जूनियर वर्ग में लड़कों में कर्नाटक के तेजस नंद कुमार और लड़कियों के वर्ग में पीसीआई का प्रतिनिधित्व कर रही साथी मंडल जबकि सीनियर वर्ग में पुरुषों में आंध्र प्रदेश के अन्ना पुरेड्डी और महिला वर्ग में राजस्थान की साधना मल्लिक को सर्वश्रेष्ठ तैराक घोषित किया गया। इस तीन दिन की प्रतियोगिता में कुल 245 स्पर्धाओं का आयोजन किया गया जिनमें दिव्यांगता की दृष्टि से वर्गीकृत 14 श्रेणियों में 306 पुरूष व 77 महिला खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
- मियामी (अमेरिका)। भारत के रोहन बोपन्ना और कनाडा के उनके जोड़ीदार डेनिस शापोवालोव ने यहां मियामी ओपन टेनिस टूर्नामेंट में निकोला मेक्टिच और मेट पाविच की शीर्ष वरीयता प्राप्त क्रोएशियाई जोड़ी को सीधे सेटों में हराकर पुरुष युगल क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। बोपन्ना और शापोवालोव की गैरवरीयता प्राप्त जोड़ी ने रविवार को दूसरे दौर के मैच में मेक्टिच और पाविच को 6-3 7-6 (3) से पराजित किया। बोपन्ना और शापोवालोव को सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए नीदरलैंड के वेस्ली कूलहोफ और ग्रेट ब्रिटेन के नील स्कूप्स्की की छठी वरीयता प्राप्त जोड़ी से भिड़ना होगा। कूलहोफ और स्कूप्स्की ने दूसरे दौर में स्पेन के पेड्रो मार्टिनेज और इटली के लोरेंजो सोनेगो को 6-3 7-6 (8) से हराया। बोपन्ना और शापोवालोव ने इस एटीपी मास्टर्स 1000 प्रतियोगिता के पहले दौर में अल सल्वाडोर के मार्सेलो एवरेवालो और नीदरलैंड के जीन-जुएन रोजर को 6-7 (5), 6-2, 10-3 से हराया था।
- जेद्दा. मौजूदा चैंपियन मैक्स वर्सटाप्पन ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए कार्टिंग दिनों के अपने प्रतिद्वंद्वी चार्ल्स लेक्लर को पीछे छोड़कर सऊदी अरब ग्रां प्री में पहला स्थान हासिल किया जो उनकी फार्मूला वन के वर्तमान सत्र में पहली और करियर की कुल 21वीं जीत है। रेडबुल के वर्सटाप्पन को इस सत्र की पहली दो रेस में अब तक मर्सिडीज के सात बार के चैंपियन लुईस हैमिल्टन से नहीं बल्कि फेरारी के लेक्लर से कड़ी चुनौती मिल रही है। लेक्लर ने इस रेस में दूसरा स्थान हासिल किया जबकि फेरारी के ही उनके साथी कार्लोस सेंज जूनियर तीसरे स्थान पर रहे। हैमिल्टन के नाम पर एफवन में 103 जीत का रिकार्ड दर्ज है लेकिन यहां वह 10वें स्थान पर रहकर अपनी टीम के लिये बमुश्किल एक अंक जुटा पाये। लेक्लर ने बहरीन ग्रां प्री जीती थी और वह अब कुल 45 अंक के साथ ड्राइवरों की सूची में शीर्ष पर हैं। उनके बाद सेंज (33 अंक) और वर्सटाप्पन (25) का नंबर आता है। हैमिल्टन 16 अंक के बाद पांचवें स्थान पर हैं।










.jpg)











.jpg)




