राष्ट्रमंडल खेलों में, भारत के अचिंत शेउली ने भारोत्तोलन में रिकॉर्ड 313 किलोग्राम भार उठाकर स्वर्ण पदक जीता
बर्मिंघम। बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय भारोत्तोलन दल की जीत का सिलसिला जारी रखते हुए 73 किलोग्राम वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे अचिंता शेउली ने आज स्वर्ण पदक जीत लिया। 20 वर्षीय अचिंता ने स्नैच में 143 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 170 किलोग्राम सहित कुल 313 किलोग्राम वजन उठाकर स्वर्ण पदक हासिल किया। भारत भारोत्तोलन दल अब तक 6 पदक हासिल कर चुका है। इससे पहले मीराबाई चानू और जेरेमी लालरिनुंगा ने स्वर्ण पदक हासिल किया जबकि बिंदियारानी देवी और संकेत सरगर को रजत पदक मिला। पदक तालिका में एकमात्र कांस्य पदक गुरुराजा पुजारी ने जीता है।
शेउली के स्वर्ण पदक के साथ ही भारत ने राष्ट्रमंडल खेलों में अब तक 3 स्वर्ण, 2 रजत और एक कांस्य पदक जीते हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्वर्ण पदक जीतने पर अचिंत शेउली को बधाई दी है। ट्वीट में राष्ट्रपति ने कहा कि राष्ट्रमंडल खेलों में अचिंत शेउली ने स्वर्ण पदक जीतकर देश को गौरवान्वित किया और तिरंगे का मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि शेउली ने पहले प्रयास की असफलता से तुरंत उबरकर पहला स्थान हासिल किया। वे इतिहास रचने वाले विजेता हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने एक ट्वीट में कहा कि अचिंत ने इस विशेष उपलब्धि के लिए कठिन परिश्रम किया है। प्रधानमंत्री ने उन्हें भविष्य के लिए भी शुभकामनाएं दीं। श्री मोदी ने एक वीडियो साझा करते हुए कहा कि राष्ट्रमंडल खेलों के लिए रवाना होने से पहले उन्होंने अचिंत से बातचीत की थी। अचिंत ने उन्हें अपनी मां और भाई से मिले सहयोग-समर्थन के बारे में बताया था। प्रधानमंत्री ने आशा व्यक्त की कि फिल्में देखने के शौकीन अचिंत को पदक जीत लेने के बाद अब अपनी पसंद की फिल्म देखने का मौका मिलेगा।
Leave A Comment