राष्ट्रमंडल खेलों में, भारतीय दल की शानदार शुरुआत, तैराकी में श्रीहरि नटराज ने 100 मीटर बैकस्ट्रोक के फाइनल में जगह बनाई
बर्मिंघम । बर्मिंघम में चल रहे राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय दल ने अपने अभियान की धमाकेदार शुरूआत की है। टेबल टेनिस में मौजूदा चैम्पियन भारत ने कल पहले दिन शानदार प्रदर्शन किया। पुरुष और महिला दोनों टीमों ने अपनी-अपनी स्पर्धाओं में क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। ग्रुप-3 में अपने पहले दो मुकाबलों में बारबाडोस को समान अंतर से हराने के बाद भारतीय पुरुष टीम ने सिंगापुर को 3-0 से हराया। भारत आज अपने अंतिम ग्रुप-स्टेज मुकाबले में उत्तरी आयरलैंड से भिड़ेगा। दूसरी ओर, भारतीय महिला टीम ने क्वार्टर फाइनल में पहुंचने के लिए दक्षिण अफ्रीका और फिजी के खिलाफ जीत दर्ज की। भारत ग्रुप-2 में शीर्ष स्थान पर है। भारत आज अंतिम ग्रुप मैच में गुयाना से खेलेगा।
भारतीय महिला हॉकी टीम ने भी अपने पूल-ए मैच में घाना पर 5-0 से जीत के साथ विजयी शुरुआत की।
बैडमिंटन में, भारत ने ग्रुप-ए में पाकिस्तान को 5-0 से हराया। मुक्केबाज श्री शिवा थापा ने पाकिस्तान के सुलेमान बलूच को हराकर 63.5 किलोग्राम वर्ग के प्री-क्वाटर फाइनल में प्रवेश किया। राष्ट्रमंडल खेलों में भारत की सबसे कम उम्र के खिलाड़ी 14 वर्षीय खिलाड़ी अनाहत सिंह ने महिला एकल स्क्वैश प्रतियोगिता में विजयी शुरुआत की। उन्होंने सेंट विंसेंट और ग्रेनेडाइंस के जैडा रॉस को 3-0 से हराकर राउंड ऑफ 32 में जगह बनाई।
पुरुष एकल में, पहली बार खेल रहे अभय सिंह ने राउंड ऑफ़ 64 में ब्रिटिश वर्जिन आइलैंड के जो चैपमैन को 11-5, 11-5, 11-5 से हराया। अगले दौर में उनका मुकाबला स्कॉटलैंड के एलन क्लेन से होगा।
तैराकी में, श्रीहरि नटराज ने पुरुषों की 100 मीटर बैकस्ट्रोक प्रतियोगिता की दूसरी हीट के सेमीफाइनल में 54 दशमलव पांच-पांच सेकेंड के समय के साथ चौथे स्थान पर रहते हुए फाइनल में जगह बनाई। फाइनल आज खेला जाएगा है।
लॉन बाउल में, भारतीय टीम ने पुरुषों के डबल्स मुकाबले के दूसरे दौर में फ़ॉकलैंड द्वीप समूह पर 36-4 से भारी जीत दर्ज की। इस बीच, महिलाओं की टीम ने कुक आइलैंड्स के खिलाफ 15-9 से जीत दर्ज की।
भारत को राष्ट्रमंडल खेलों के महिला क्रिकेट मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। कल भारत अपने पहले ग्रुप-ए मैच में बर्मिंघम के एजबेस्टन में ऑस्ट्रेलिया से तीन विकेट से हार गया।
ट्रायथलॉन के महिला सिंगल्स स्प्रिंट डिस्टेंस मुकाबले में कुल 32 प्रतियोगियों में प्रज्ञा मोहन 26वें और संजना सुनील जोशी 28वें स्थान पर रहीं। भारत पहली बार राष्ट्रमंडल खेलों में ट्रायथलॉन अनुशासन में भाग ले रहा है।
पुरुष सिगल्स (स्प्रिंट डिस्टेंस) फाइनल में कुल 45 प्रतियोगियों में आदर्श नायर 30वें और विश्वनाथ यादव 33वें स्थान पर रहें।
Leave A Comment