- Home
- खेल
-
नयी दिल्ली. पैरालम्पिक स्वर्ण पदक विजेता भालाफेंक खिलाड़ी देवेंद्र झझाडिया सोमवार को देश का तीसरा सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्मभूषण पाने वाले पहले पैरा एथलीट बन गए । 40 वर्ष के झझाडिया ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से राष्ट्रपति भवन में यह सम्मान हासिल किया ।
झझाडिया ने पहली बार 2004 एथेंस पैरालम्पिक मे स्वर्ण पदक जीता था जबकि रियो ओलंपिक 2016 में दूसरा पीला तमगा अपने नाम किया । उन्होंने तोक्यो पैरालम्पिक 2020 में रजत पदक जीता । पैरालम्पिक के चार पदक विजेताओं को पद्म पुरस्कार से नवाजा गया ।
तोक्यो पैरालम्पिक में दो पदक जीतने वाली निशानेबाज अवनि लेखरा को पद्मश्री प्रदान किया गया । वहीं स्वर्ण पदक विजेता भालाफेंक खिलाड़ी सुमित अंतिल और बैडमिंटन में स्वर्ण पदक जीतने वाले प्रमोद भगत को भी पद्मश्री सम्मान मिला । झझाडिया ने कहा ,‘‘ पहली बार एक पैरा एथलीट को पद्मभूषण मिला है । मैं इसके लिये प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद देता हूं । अब देश के लिये और पदक जीतने की मेरी जिम्मेदारी बढ गई है ।'' उन्होंने कहा ,‘‘ मैं युवाओं से कहूंगा कि कड़ी मेहनत करें । एक मिनट की मेहनत से कुछ हासिल नहीं होगा । मैं पिछले 20 साल से मेहनत कर रहा हूं ।'' लेखरा ने ट्वीट किया ,‘‘ पद्मश्री मिलने से सम्मानित और गौरवान्वित महसूस कर रही हूं । यह सम्मान मेरे प्रयासों का पुरस्कार ही नहीं बल्कि मेरे परिवार के बलिदानों का नतीजा और मेरे कैरियर में सहयोग करने वाले हर व्यक्ति के समर्थन का फल है ।'' - पेरिस. चैंपियन्स लीग के क्वार्टर फाइनल में रीयाल मैड्रिड से हार झेलने के बाद पेरिस सेंट जर्मेन (पीएसजी) को फ्रांसीसी फुटबॉल लीग में रविवार को मोनाको के हाथों 3-0 से हार का सामना करना पड़ा। मोनाको की तरफ से विसाम बेन येडेर ने दो गोल किये जबकि कई स्टार खिलाड़ियों से सजी पीएसजी की टीम एक भी गोल नहीं कर पायी। मोनाको की लीग1 में पीएसजी के खिलाफ 1999 के बाद यह सबसे बड़ी जीत है। इस हार के बावजूद पीएसजी लीग1 में अब भी 12 अंक की बढ़त से शीर्ष पर बना हुआ है। उसके बाद मार्सेली का नंबर आता है जिसने एक अन्य मैच में नीस को 2-1 से हराया। पीएसजी फ्रांसीसी लीग में सेंट एटिनी के 10 खिताब के रिकार्ड की बराबरी करने की कवायद में है।
-
भुवनेश्वर. जुगराज सिंह के पेनल्टी कार्नर पर किये गये दो गोल के बाद मनदीप सिंह के अंतिम क्षणों में किये गये गोल की मदद से भारत ने एफआईएच प्रो लीग हॉकी के रोमांच से भरे दूसरे मैच में रविवार को यहां अर्जेंटीना को 4-3 से हराकर पहले चरण में शूटआउट में मिली हार का बदला चुकता कर दिया। अर्जेंटीना ने शनिवार को पहला मैच पेनल्टी शूट आउट में जीता था और यह मैच भी एक समय उसी तरफ बढ़ रहा था लेकिन मनदीप का अंतिम हूटर बजने से 26 सेकेंड पहले किया गया गोल निर्णायक साबित हुआ। इससे पहले जुगराज ने 20वें और 52वें मिनट में जबकि हार्दिक सिंह ने 17वें मिनट में गोल किया था। अर्जेंटीना की तरफ से डेला टोरे निकोलस (40वें), डोमेन टॉमस (51वें) और फेरेरो मार्टिन (56वें मिनट) ने गोल किये। इस जीत के बाद भारत आठ मैचों में 16 अंक लेकर नीदरलैंड के बाद दूसरे स्थान पर बना हुआ है। अर्जेंटीना छह मैचों में 11 अंक लेकर चौथे स्थान पर है। कलिंग स्टेडियम में खेले गये मैच में पहले क्वार्टर में कोई टीम गोल नहीं कर पायी। भारत और अर्जेंटीना के बीच 2013 के बाद खेले गये 11 मैचों में पहले क्वार्टर में केवल पांच गोल हुए हैं। भारत ने हालांकि दूसरे क्वार्टर में जबर्दस्त खेल दिखाया और दो गोल दागे। हार्दिक के बेहतरीन प्रयास से भारत ने पहला गोल दागा। वरुण कुमार का पेनल्टी कार्नर पर ड्रैग फ्लिक जब बचा दिया गया तब हार्दिक ने फुर्ती दिखाते हुए रिबाउंड पर गोल किया। भारत को इसके तीन मिनट बाद कप्तान अमित रोहिदास के प्रयासों से पेनल्टी कार्नर मिला जिसे जुगराज सिंह ने करारे ड्रैग फ्लिक से गोल में बदलने में गलती नहीं की। अर्जेंटीना को दूसरे क्वार्टर में पेनल्टी स्ट्रोक दिया गया था लेकिन भारत के रिव्यू के बाद रेफरी ने अपना फैसला बदल दिया था। अर्जेंटीना ने तीसरे क्वार्टर में वापसी के लिये पूरा जोर लगा दिया। उसके लिये पहला गोल डेला टोरे ने किया जबकि डोमेन टॉमस ने 51वें मिनट में पेनल्टी स्ट्रोक को गोल में बदलकर स्कोर 2-2 से बराबर किया। जुगराज ने हालांकि तुरंत ही अपने करारे फ्लिक का एक और जोरदार नमूना पेश करके भारत को फिर से बढ़त दिलायी लेकिन अर्जेंटीना मार्टिन फेरेरो के गोल से फिर से बराबरी करने में सफल रहा। लेकिन मनदीप ने लंबे पास को डिफलेक्ट करके अर्जेंटीना के गोल में डालकर भारत को जीत दिलायी। भारत अब दो और तीन अप्रैल को इंग्लैंड के खिलाफ मैच खेलेगा।
- बर्मिंघम . तृषा जॉली और गायत्री गोपीचंद की भारतीय जोड़ी का आल इंग्लैंड बैडमिंटन चैम्पियनशिप में शानदार सफर यहां महिला युगल स्पर्धा में शु जियान झांग और यु झेंग की जोड़ी से सीधे गेम में मिली हार के बाद समाप्त हो गया। भारतीय जोड़ी ने कड़ी चुनौती पेश की लेकिन उन्हें अंतिम चार मुकाबले में चीनी जोड़ी से शनिवार को यहां 17-21 16-21 से हार का सामना करना पड़ा। भारतीय जोड़ी की हार से पहले युवा लक्ष्य सेन इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचने वाले चौथे पुरूष भारतीय एकल खिलाड़ी बने थे। सेन ने सेमीफाइनल में गत चैम्पियन मलेशिया के ली जि जिया को 21 - 13, 12 - 21, 21 - 19 से हराया था।अब वह दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी विक्टर एक्सेलसेन के सामने होंगे जिसमें उनका जीत का रिकॉर्ड 1-4 है। दुनिया के 11वें नंबर के भारतीय को डेनमार्क के खिलाड़ी के खिलाफ एकमात्र जीत जर्मन ओपन में पिछली भिड़ंत में मिली थी।
- आकलैंड। बारिश के कारण शनिवार को यहां भारत और आस्ट्रेलिया के बीच आईसीसी महिला वनडे विश्व कप मैच रोक दिया गया।जब बारिश शुरू हुई तब आस्ट्रेलिया को जीत के लिये 278 लक्ष्य का पीछा करते हुए 54 गेंद में 53 रन की दरकार थी। मेग लैनिंग (73) और एलिस पैरी (28) क्रीज पर थीं।
- फुकेट. भारत की दूसरी श्रेणी की टीम ने यहां चल रही एशिया कप तीरंदाजी चैम्पियनशिप के कम्पाउंड वर्ग में गुरूवार को छह पदक पक्के कर दिये। हालांकि भारत के पुरूष रिकर्व तीरंदाजों ने फिर निराश किया जिसमें एक भी तीरंदाज व्यक्तिगत पदक दौर तक नहीं पहुंच पाया। भारतीयों ने हालांकि इसकी भरपायी रिकर्व टीम स्पर्धाओं में की जिसमें पुरूष और महिला वर्ग दोनों में टीमें फाइनल में पहुंच गयी हैं। देश के लिये दिन का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कम्पाउंड वर्ग में रहा जिसमें भारत ने लगभग क्लीन स्वीप किया। दक्षिण कोरिया, चीन, जापान और चीनी ताइपे के टूर्नामेंट से हटने से इसकी चमक फीकी हो गयी थी जिसमें भारत ने भी अपने मुख्य तीरंदाजों को नहीं भेजा था। राष्ट्रीय चैम्पियन पार्थ सौलंके को शीर्ष वरीयता मिली थी। वह और छठे वरीय धीरज बी पहले दौर में बाहर हो गये। महाराष्ट्र के सौलंके को मलेशिया के मोहम्मद जरीफ साहिर जोल्केपेली से 4-6 से जबकि धीरज को एक तरफा मुकाबले में 1-7 से हार मिली। महिलाओं की शीर्ष वरीय रिद्धि फोर और 10वीं वरीय लक्ष्मी हेम्ब्रोम केा पहले दौर में हार मिली।चौथी वरीय तिशा पूनिया ने कांस्य पदक के प्लेऑफ में पहुंचकर रिकर्व महिला व्यक्तिगत स्पर्धा में कुछ उम्मीद की किरण दिखायी जिसमें वह मलेशिया की ना फोजी के सामने होंगी। सौलंके, धीरज और राहुल कुमार नागरवाल की पुरूष तिकड़ी फाइनल में कजाखस्तान से भिड़ेगी, जिन्होंने मलेशिया की प्रतिद्वंद्वी टीम को 5-1 से पराजित किया। रिकर्व महिला टीम स्पर्धा में सिर्फ चार टीमें थीं जिसमें शीर्ष वरीय भारतीय टीम में रिद्धि, तिशा और तनीषा वर्मा शामिल हैं जिन्होंने मेजबान थाईलैंड को 6-2 से हराकर फाइनल में जगह बनायी जहां उनका सामना बांग्लादेश से होगा। कम्पाउंड स्पर्धा में आठ सदस्यों के दल में दूसरे वरीय ऋषभ यादव ने बांग्लादेश के नवाज अहमद और ईरान के सैयद कोवसार को हराकर फाइनल में प्रवेश किया जहां उनका सामना स्वर्ण पदक के लिये ईरान के चौथे वरीय मोहम्मदसालेह पालीजबान से होगा। भारत को कम्पाउंड पुरूष व्यक्तिगत स्पर्धा में भी कांस्य पदक की उम्मीद है जिसमें प्रथमेश जाखड़ का सामना कोवसार से होगा। कम्पाउंड महिला व्यक्तगित स्पर्धा के फाइनल में दोनों भारतीय आमने सामने होंगी जिसमें परनीत कौर अपनी साथी साक्षी चौधीर से भिड़ेंगी। भारत ने पुरूष और महिला कम्पाउंड टीम स्पर्धाओं के भी फाइनल में प्रवेश कर लिया है।
- नयी दिल्ली। ओलंपिक रजत पदक विजेता भारोत्तोलक मीराबाई चानू इस हफ्ते अमेरिका में एक महीने लंबे ट्रेनिंग कार्यक्रम के साथ इस साल होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों और एशियाई खेलों की तैयारी शुरू करेंगी। मीराबाई और भारत के मुख्य भारोत्तोलक कोच विजय शर्मा गुरुवार रात अमेरिका के सेंट लुइ के लिए रवाना होंगे और वहां कम से कम एक महीने ट्रेनिंग करेंगे। शर्मा ने बताया, ‘‘हमने अभी चार से पांच हफ्ते रहने की योजना बनाई है लेकिन इसमें इजाफा भी किया जा सकता है।'' उन्होंने कहा, ‘‘हम वहां जाकर देखेंगे कि चीजें कैसी रहती हैं। अभी अप्रैल के अंतिम हफ्ते तक वहां रहने की योजना है लेकिन हम एक महीने के बाद प्रगति का आकलन करेंगे और फिर फैसला करेंगे कि हमें और अधिक समय वहां रहना है या नहीं।'' असंतुलन के कारण चानू को स्नैच वर्ग में परेशानी होती थी क्योंकि इससे उनके दाएं कंधे और कमर पर असर पड़ता था। तोक्यो ओलंपिक से पहले हालांकि अमेरिका में डॉ. आरोन होर्शिग से सलाह लेने से उन्हें काफी फायदा हुआ। डॉ. आरोन पूर्व भारोत्तोलक थे जो बाद में फिजियोथेरेपिस्ट और मजबूती एवं अनुकूल कोच बन गए। पिछले महीने मणिपुर की मीराबाई ने एक बार फिर डॉ. आरोन के साथ काम करने की इच्छा जताई थी। शर्मा ने कहा, ‘‘हां, हम एक बार फिर डॉ. आरोन के साथ काम करेंगे। हम हफ्ते में तीन दिन उनके पास जाएंगे और फिर जब उनकी जरूरत होगी तो फिर उन्हें ट्रेनिंग के लिए बुलाएंगे।'' मीराबाई के अलावा पांच अन्य भारोत्तोलकों जेरेमी लालरिननुंगा, अचिंता श्युली, संकेत सागर, बिंदियारानी देवी और झिली डालबेहड़ा को भी ट्रेनिंग के लिए अमेरिका जाना है लेकिन उन्हें वीजा का इंतजार है। पिछले महीने सिंगापुर में अंतरराष्ट्रीय भारोत्तोलन टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाली पूर्व विश्व चैंपियन मीराबाई ने बर्मिंघम में 28 जुलाई से आठ अगस्त तक होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों के लिए 49 किग्रा और 55 किग्रा दोनों वर्ग में क्वालीफाई कर लिया है। मीराबाई ने 49 किग्रा वर्ग में ओलंपिक रजत पदक जीता था। चानू राष्ट्रमंडल खेलों में दो बार की पदक विजेता हैं। उन्होंने 2014 में ग्लास्गो में रजत जबकि 2018 में गोल्ड कोस्ट में स्वर्ण पदक जीता।
- लंदन. सभी चार ग्रैंडस्लैम टेनिस टूर्नामेंट अब अंतिम सेट में स्कोर 6-6 से बराबरी पर पहुंचने के बाद 10 अंक के टाईब्रेकर का उपयोग करेंगे। ग्रैंडस्लैम बोर्ड ने बुधवार को आस्ट्रेलियाई, फ्रेंच, यूएस ओपन और विंबलडन की तरफ से तुरंत प्रभाव से ट्रायल के आधार पर इसे अपनाने की घोषणा की। बोर्ड ने कहा, ‘‘ग्रैंडस्लैम बोर्ड का निर्णय ग्रैंडस्लैम टूर्नामेंट में खेल के नियमों में अधिक स्थिरता बनाने की मंशा पर आधारित है।'' आस्ट्रेलियाई ओपन में पहले से ही 10 अंक के टाईब्रेकर का उपयोग किया जाता है। फ्रेंच ओपन एकमात्र ग्रैंडस्लैम है जो निर्णायक सेट में निर्धारित अंकों वाले टाईब्रेकर का उपयोग नहीं करता था। विंबलडन ने 12-12 के स्कोर के बाद सात अंकों का टाईब्रेकर निर्धारित किया था जबकि यूएस ओपन 6-6 के स्कोर के बाद सात अंक के टाईब्रेकर का उपयोग करता रहा है। ग्रैंडस्लैम बोर्ड ने कहा, ‘‘इस ट्रायल के अंतर्गत यदि अंतिम सेट में स्कोर 6-6 की बराबरी पर पहुंचता है तो कम से कम दो अंकों का अंतर के साथ सबसे पहले 10 अंक तक पहुंचने वाला खिलाड़ी विजेता माना जाएगा।
- चेन्नई. यूक्रेन पर हमले के कारण रूस से मेजबानी छीने जाने के बाद 44वें शतरंज ओलंपियाड का आयोजन इस साल चेन्नई में होगा। वर्ष 2013 में विश्व चैंपियनशिप के आयोजन के बाद यह दूसरा बड़ा वैश्विक शतरंज टूर्नामेंट है जो भारत में आयोजित होगा। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने मंगलवार रात ट्विटर पर इसकी घोषणा की।स्टालिन ने ट्वीट किया, ‘‘बेहद खुशी है कि भारत की शतरंज राजधानी 44वें शतरंज ओलंपियाड की मेजबानी करने जा रही है। तमिलनाडु के लिए गौरवपूर्ण क्षण। चेन्नई दुनिया भर के किंग और क्वीन का गर्मजोशी से स्वागत करता है। शतरंज ओलंपियाड 2022।'' अखिल भारतीय शतरंज महासंघ (एआईसीएफ) ने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा, ‘‘यह अब आधिकारिक है... भारत 44वें विश्व शतरंज ओलंपियाड 2022 की मेजबानी चेन्नई में करेगा।'' एआईसीएफ ने टूर्नामेंट की मेजबानी के लिए शतरंज की वैश्विक संचालन संस्था को एक करोड़ डॉलर की गारंटी राशि सौंपी है। पड़ोसी यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद 24 फरवरी को देश से ओलंपियाड की मेजबानी छीन ली गई थी। शतरंज ओलंपियाड प्रत्येक दो साल में होने वाली टीम प्रतियोगिता है जिसमें लगभग 190 देश की टीम दो हफ्ते के टूर्नामेंट में हिस्सा लेते हैं। पहले इसका आयोजन मॉस्को में 26 जुलाई से आठ अगस्त तक होना था। इसके अलावा रूस से दिव्यांगों के लिए पहले शतरंज ओलंपियाड और 93वीं फिडे कांग्रेस की मेजबानी भी छीन ली गई है। भारत ने पिछली बार इतने बड़े स्तर के टूर्नामेंट की मेजबानी 2013 में विश्वनाथन आनंद और दुनिया के मौजूदा नंबर एक खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन के बीच विश्व चैंपियनशिप मुकाबले के रूप में की थी। एआईसीएफ के अध्यक्ष डॉ. संजय कपूर ने कहा, ‘‘हमें यह मौका दिया जाना बहुत की गर्व और जिम्मेदारी की बात है और हम इसे बेहद सफल बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इसके लिए देश का पूरा शतरंज जगत एकजुट होने के लिए तैयार है।'' एआरईसीएफ सचिव भरत सिंह चौहान ने कहा, ‘‘मैं अब जीवन में किसी चीज की शिकायत नहीं कर सकता। दुनिया के सभी देशों को अब उस देश में एक ही छत के नीचे आने का शानदार मौका मिलेगा जहां शतरंज का जन्म हुआ था। एमके स्टालिन को धन्यवाद, माननीय मुख्यमंत्री ने इस सपने को साकार किया।'' प्रतियोगिता आयोजन ओपन और महिला दोनों वर्ग में 11दौर में किया जाएगा और इसमें 2000 से अधिक खिलाड़ियों के हिस्सा लेने की उम्मीद है। यह टीम स्पर्धा है जिसमें दोनों वर्ग में प्रत्येक टीम में पांच खिलाड़ियों और एक ट्रेनर को शामिल करने की स्वीकृति होती है। विश्व चैंपियन कार्लसन कई बार नॉर्वे के लिए इस टूर्नामेंट में खेल चुके हैं और दुनिया के लगभग सभी शीर्ष खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में अपने देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए मौजूद रहते हैं। पिछले ओलंपियन का आयोजन आनलाइन किया गया था और भारत स्वर्ण पदक का संयुक्त विजेता रहा था। इस बार टीम की अगुआई आनंद करेंगे जिन्हें पी हरिकृष्णा और विदित गुजराती का सहयोग मिलना तय है। टीम के अन्य दो सदस्य तय नहीं हैं लेकिन अर्जुन एरिगेसी, निहाल सरीन जैसे युवा खिलाड़ियों के अलावा बी अधिबान, शशिकिरण और कुछ अन्य का दावा मजबूत है। एआईसीएफ के नियमों के अनुसार ओपन वर्ग में टीम चयन को लेकर अंतिम फैसला एक मई को होगा।महिला वर्ग में कोनेरू हंपी भारतीय चुनौती की अगुआई करेंगी जबकि डी हरिका और आर वैशाली का खेलना लगभग तय है। दो अन्य स्थानों के लिए तानिया सचदेव का दावा मजबूत है जबकि भक्ति कुलकर्णी और कुछ अन्य भी टीम में जगह बनाने की दावेदारी पेश करेंगे। मेजबान के रूप में भारत अतिरिक्त टीम उतारने का हकदार है। वह दोनों वर्ग में जूनियर या ‘बी' टीम उतार सकता है। एआईसएफ अंतिम फैसला एक मई को करेगा।
- बामबोलिम. हैदराबाद एफसी ने दूसरे चरण के सेमीफाइनल को 0-1 से गंवाने के बावजूद कुल स्कोर में मोहन बागान एफसी को 3-2 से हराकर बुधवार को यहां पहली बार इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के फाइनल में प्रवेश किया। हैदराबाद रविवार को फाइनल में केरल ब्लास्टर्स से भिड़ेगा जिसने एक अन्य सेमीफाइनल में जमशेदपुर एफसी को 2-1 से हराया था। हैदराबाद ने सेमीफाइनल के पहले चरण में 3-1 से जीत दर्ज करके मजबूत बढ़त हासिल कर ली थी और इसलिए दूसरे चरण में उसकी टीम ने अपनी पूरी ताकत गोल बचाने में लगा दी जिसमें वह आखिर में सफल भी रही। मैच का एकमात्र गोल मोहन बागान के स्टार स्ट्राइकर रॉय कृष्णा ने 79वें मिनट में किया लेकिन इससे दोनों टीमों के बीच गोल अंतर ही कम हो पाया। बागान ने पहले हाफ में गोल नहीं होने के बाद दूसरे हाफ में अपने कुछ रक्षकों की जगह स्ट्राइकर को भी उतारा लेकिन हैदराबाद ने भी गोल बचाने के लिये पूरी तरह से कमर कस रखी थी। गोलकीपर लक्ष्मीकांत कट्टीमनी ने बागान के ज्यादातर हमलों का सफलतापूर्वक बचाव किया और उन्हें हीरो ऑफ द मैच अवार्ड से नवाजा गया।
- माउंट मोनगानुई. बल्लेबाजी में लचर प्रदर्शन का खामियाजा भारत को भुगतना पड़ा जबकि गत चैंपियन इंग्लैंड ने बुधवार को यहां चार विकेट की जीत के साथ आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप में नॉकआउट में जगह बनाने की उम्मीद बरकरार रखी। गत चैंपियन इंग्लैंड के लिए यह करो या मरो का मुकाबला था जिसने इससे पहले अपने तीनों लीग मुकाबले गंवाए थे। टीम अंक तालिका में सातवें से छठे स्थान पर पहुंच गई है। भारत ने चार मुकाबलों में से दो में जीत दर्ज की है जबकि इतने ही मैच गंवाए है जिससे टीम तीसरे स्थान पर है। टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम 36.2 ओवर में सिर्फ 134 रन पर ढेर हो गई। स्मृति मंधाना 35 रन के साथ शीर्ष स्कोरर रही जबकि विकेटकीपर बल्लेबाज रिचा घोष ने 33 रन का योगदान दिया। इंग्लैंड की ओर से चार्ली डीन ने 23 रन देकर चार जबकि आन्या श्रुबसोल ने 20 रन देकर दो विकेट चटकाए।चार बार के चैंपियन इंग्लैंड ने इसके जवाब में कुछ विषम पलों का सामना करने के बावजूद कप्तान हीथर नाइट की नाबाद 53 रन की पारी की बदौलत 31.2 ओवर में छह विकेट पर 136 रन बनाकर जीत दर्ज की। तेज गेंदबाज मेघना सिंह ने 26 रन देकर तीन विकेट चटकाए।
- वास्को । केरला ब्लास्टर्स ने जमशेदपुर एफसी को मंगलवार को 1 . 1 से ड्रॉ पर रोककर 2016 के बाद पहली बाद इंडियन सुपर लीग फुटबॉल फाइनल में प्रवेश कर लिया । केरल के लिये एड्रियन लूना ने 18वें मिनट में गोल दागा । वहीं जमशेदपुर के लिये प्रणय हलदर ने 50वें मिनट में बराबरी का गोल किया । पहले चरण में केरल ने 1 . 0 से जीत दर्ज की थी और औसतम 2 . 1 से जीत के आधार पर टीम विजयी रही ।
- मुंबई .रिकॉर्ड पांच बार की आईपीएल चैम्पियन मुंबई इंडियंस ने 2022 सत्र की तैयारी मंगलवार से शुरू कर दी । मुंबई इंडियंस के पहले मैच से 12 दिन पूर्व अनुकूलन शिविर नवी मुंबई के रिलायंस जियो स्टेडियम में शुरू हो गया है । टीम द्वारा जारी एक बयान के अनुसार ,‘‘ मुंबई इंडियंस टीम के भीतर ही अभ्यास मैच खेलेगी जो शिविर के दूसरे सप्ताह में खेले जायेंगे ।'' पहले अभ्यास सत्र से पूर्व टीम के क्रिकेट निदेशक और कोच महेला जयवर्धने के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों का आकलन किया गया । जहीर और जयवर्धने के साथ कोचिंग स्टाफ में शेन बांड, रॉबिन सिंह, किरण मोरे, राहुल सांघवी, विनय कुमार, टी ए सेकर, पॉल चैपमैन और डाटा विश्लेषक सीकेएम धनंजय हैं ।
- नयी दिल्ली. उभरते हुए भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन मंगलवार को जारी नवीनतम बीडब्ल्यूएफ विश्व रैंकिंग में पुरुष एकल में 11वें स्थान पर पहुंच गए जबकि दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू महिला एकल में सातवें स्थान पर बरकरार हैं। लगातार अच्छे प्रदर्शन की बदौलत लक्ष्य ने पिछले कुछ महीनों में बीडब्ल्यूएफ रैंकिंग में लंबी छलांग लगाई है। पुरुष एकल में उनके अभी 70,086 अंक हैं। डेनमार्क के ओलंपिक चैंपियन विक्टर एक्सेलसन शीर्ष पर चल रहे हैं जबकि उनके बाद जापान के केंतो मोमोता और डेनमार्क के ही एंडर्स एंटोनसन का नंबर आता है। भारत के किदांबी श्रीकांत एक स्थान के नुकसान से 12वें पायदान पर हैं। उनके 69,158 अंक हैं। बी साई प्रणीत एक स्थान के नुकसान से 19वें नंबर पर हैं। लक्ष्य पिछले छह महीने से बेहतरीन फॉर्म में हैं। वह पिछले हफ्ते जर्मनी ओपन में उप विजेता रहे जबकि उन्होंने इंडियन ओपन का खिताब जीता और पिछले साल दिसंबर में विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतने में सफल रहे। पुरुष एकल में एचएस प्रणल और समीर वर्मा क्रमश: 24वें और 26वें स्थान पर हैं।महिला एकल में सिंधू 90,994 अंक के साथ सातवें स्थान पर बनी हुई हैं। एक अन्य ओलंपिक पदक विजेता भारतीय साइना नेहवाल 28वें स्थान पर हैं। पुरुष युगल में सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी आठवें स्थान पर बने हुए हैं। एमआर अर्जुन और ध्रुव कपिला की जोड़ी 40वें नंबर पर है। महिला युगल में अश्विनी पोनप्पा और एन सिक्की रेड्डी की जोड़ी 19वें स्थान पर बरकरार है। अश्विनी और सात्विक की मिश्रित युगल जोड़ी 25वें पायदान पर है।
- दोहा. गत चैंपियन पंकज आडवाणी ने ग्रुप ए में शीर्ष पर रहते हुए मंगलवार को यहां एशियाई स्नूकर चैंपियनशिप के नॉकआउट चरण के लिए क्वालीफाई कर गए। आडवाणी ने हाल में विश्व चैंपियन बने पाकिस्तान के अहसन रमजान को 4-1 से हराया। बयान के अनुसार अहसन ने पहले फ्रेम में बढ़त बनाई लेकिन आडवाणी ने इसे 73-38 से जीत लिया। दूसरे फ्रेम में आडवाणी ने 50 अंक के ब्रेक के साथ 2-0 की बढ़त बनाई।अहसन ने अगले फ्रेम में 58 के ब्रेक के साथ वापसी करते हुए स्कोर 1-2 किया लेकिन आडवाणी ने 102 के शतकीय ब्रेक के साथ 3-1 की बढ़ बना ली। आडवाणी ने पांचवां फ्रेम जीतकर मुकाबला अपने नाम किया।
- नयी दिल्ली। तमन्ना (50 किलो) और निवेदिता कारकी (48 किलो) समेत पांच भारतीय महिला मुक्केबाजों ने जोर्डन के अम्मान में चल रही एशियाई युवा और जूनियर मुक्केबाजी चैम्पियनशिप में युवा वर्ग में स्वर्ण पदक जीते । शाहीन (60 किलो), रवीना (63 किलो) और मुस्कान (75 किलो) ने भी अपने अपने वर्ग में पीला तमगा हासिल किया । निवेदिता ने उजबेकिस्तान की एस रखमोनोवा को 3 . 2 से हराया । वहीं तमन्ना ने उजबेकिस्तान की रोबियाखोन बखतियोरोवा को हराया । शाहीन ने मुखलिसा तोखिरोवा को और रवीना ने उजबेकिस्तान की सितोरा बाहोदिरोवा को मात दी । मुस्कान ने कजाखस्तान की ऐदासारिबारोव को हराया । रेणु (52 किलो), तनीषा लाम्बा (54 किलो), प्राची (57 किलो), प्रांजल यादव (70 किलो) और स्नेहा (81 किलो) ने सेमीफाइनल में पहुंचकर कांस्य पदक पक्का कर लिया था । भारत ने सभी 12 वर्गों में पदक जीते ।
- बेंगलुरू. भारत ने श्रीलंका की दूसरी पारी को तीसरे ही दिन समेटकर गुलाबी गेंद से खेला गया दूसरा क्रिकेट टेस्ट 238 रन से जीतकर श्रृंखला 2 . 0 से अपने नाम कर ली । दो टेस्ट में जीत से भारत को 24 अंक मिले लेकिन रोहित शर्मा की टीम प्रतिशत अंक कम होने के कारण विश्व चैम्पियनशिप तालिका में पांचवें स्थान पर बनी हुई है । भारत के 77 अंक हैं । जीत के लिये 447 रन के दुरूह लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंकाई टीम ने तीसरे दिन के शुरूआती सत्र में अच्छी बल्लेबाजी की लेकिन टर्न और असमान उछाल लेती पिच पर भारतीय गेंदबाजों का सामना करना उनके लिये मुश्किल था । अपने कल के स्कोर एक विकेट पर 28 रन से आगे खेलते हुए श्रीलंकाई टीम के लिये दिमुथ करूणारत्ने ने 107 रन बनाये । श्रीलंका की टीम चाय के बाद दूसरी पारी में 208 रन पर आउट हो गई। बायें हाथ के बल्लेबाज करूणारत्ने ने अपना 14वां टेस्ट शतक जसप्रीत बुमराह को चौका लगाकर पूरा किया । उन्हें क्रीज पर जमने में समय जरूर लगा लेकिन बाद में उन्होंने सहज होकर खेला । बुमराह ने 23 रन देकर तीन विकेट लिये । मैच में वह 47 रन देकर आठ विकेट लेने में कामयाब रहे । अपनी धरती पर एक पारी के पांच विकेट उन्होंने पहली बार लिये थे । रविचंद्रन अश्विन ने चार, अक्षर पटेल ने दो और रविंद्र जडेजा ने एक विकेट लिया ।भारत इससे पहले अपनी धरती पर गुलाबी गेंद के दोनों टेस्ट जीते थे । बांग्लादेश को कोलकाता में 2019 में और इंग्लैंड को अहमदाबाद में 2021 में भारतीय टीम ने दिन रात के टेस्ट में हराया था । इससे पहले मेंडिस और करूणारत्ने ने आत्मविश्वास के साथ खेलना शुरू किया । मेंडिस खास तौर पर काफी सहज नजर आये और उन्होंने जडेजा को एक रन लेकर अपना अर्धशतक पूरा किया । वह हालांकि अश्विन का शिकार हुए और विकेट के पीछे कैच दे बैठे । मेंडिस और करूणारत्ने दोनों ने अपने पैरों का बखूबी इस्तेमाल करके भारतीय स्पिनरों का सामना किया । मेंडिस ने फ्रंट और बैकफुट पर प्रभावी प्रदर्शन किया । उनके आउट होने से दूसरे विकेट की 96 रन की साझेदारी भी टूट गई । जडेजा ने एंजेलो मैथ्यूज (एक) और अश्विन ने धनंजय डिसिल्वा (चार) को पवेलियन भेजा ।करूणारत्ने को जडेजा की गेंद पर विकेट के पीछे कैच आउट करार दिया गया लेकिन उन्होंने डीआरएस लिया जिसमें साफ नजर आया कि गेंद उनकी जांघ के पैड से टकराकर पंत के हाथ में गई थी । उन्होंने अक्षर पटेल की गेंद पर एक रन लेकर अपना अर्धशतक पूरा किया ।
- दोहा. भारत के अनुभवी क्यू खिलाड़ी पंकज आडवाणी ने एशियाई स्नूकर चैम्पियनशिप के पहले दिन दो जीत के साथ शुरूआत की । आडवाणी ग्रुप ए में कतर के मंसूर अलोबैदली , श्रीलंका के मोहम्मद ताहाहा इरशाद और पाकिस्तान के विश्व स्नूकर चैम्पियन अहसान रमजान के साथ हैं । दो बार विश्व स्नूकर और बिलियडर्स चैम्पियन रह चुके आडवाणी ने इरशाद को पहले मैच में 4 . 2 से हराया । दूसरे मैच में उन्होंने मंसूर को मात दी ।
- नयी दिल्ली. ओलंपिक कांस्य पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन और पूर्व जूनियर विश्व चैम्पियन निकहत जरीन ने सोमवार को यहां चयन ट्रायल फाइनल्स जीतकर चीन के हांगजोऊ में इस साल होने वाले एशियाई खेलों के लिये भारतीय महिला मुक्केबाजी टीम में अपना स्थान सुनिश्चित किया। जरीन ने यहां इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में हुए ट्रायल्स के बाद 51 किग्रा वजन वर्ग में जबकि बोरगोहेन ने 69 किग्रा में स्थान पक्का किया। दोनों ने पिछले हफ्ते विश्व चैम्पियनशिप के लिये भी टीम में जगह बनायी थी जिसमें जरीन ने ट्रायल्स में 52 किग्रा वर्ग के लिये क्वालीफाई किया था जबकि बोरेगोहेन ने 70 किग्रा में कट हासिल किया। एशियाई खेलों के ट्रायल फाइनल्स आज सुबह कराये गये जिसमें बोरगोहेन ने रेलवे की मुक्केबाज पूजा को हराया और जरीन ने 2019 विश्व चैम्पियनशिप की रजत पदक विजेता मंजू रानी को पराजित किया। एशियाई खेल 10 से 25 सितंबर तक आयोजित होंगे।विश्व चैम्पियनशिप के ट्रायल्स पिछले हफ्ते कराये गये थे। एशियाई खेलों के लिये तीन ‘ओवरलैपिंग' वर्गों 57 किग्रा, 60 किग्रा और 75 किग्रा के लिये भी चयन की पुष्टि की गयी। एशियाई खेलों में पांच महिला वर्ग होंगे। मनीषा ने 57 किग्रा ट्रायल मुकाबले में जीत दर्ज कर दोनों टूर्नामेंट के लिये जगह निश्चित की जबकि जैसमीन ने 60 किग्रा और अनुभवी स्वीटी बूरा (75 किग्रा) ने भी दोनों में चयन सुनिश्चित किया। विश्व चैम्पियनशिप छह मई से इस्तांबुल में शुरू होगी जो बोरगोहेन के लिये एक तरह से वापसी टूर्नामेंट होगी क्योंकि तोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने के बाद वह किसी प्रतियोगिता में नहीं खेली हैं। असम की 24 वर्षीय मुक्केबाज पिछले महीने से ही राष्ट्रीय शिविर में ट्रेनिंग कर रही थी। तोक्यो में कांस्य पदक जीतने के बाद वह कई सम्मान समारोह में व्यस्त रहीं। बोरगोहेन ओलंपिक पदक जीतने वाली तीसरी भारतीय मुक्केबाज बन गयी थीं और वह उस क्लब का हिस्सा बनीं जिसमें विजेंदर सिंह (2008 बीजिंग) और एम सी मैरीकॉम (2012 लंदन) शामिल हैं। जरीन (25 वर्षीय) की साल की शुरूआत अच्छी रही, उन्होंने बुल्गारिया के सोफिय में प्रतिष्ठित स्ट्रैंड्जा मेमोरियल टूर्नामेंट में स्वर्ण पदक जीता था। यह उनका (2019 के बाद) टूर्नामेंट में दूसरा स्वर्ण पदक था जिससे वह यह उपलब्धि हासिल करने वाली पहली भारतीय भी बनीं। छह बार की विश्व चैम्पियन मैरीकॉम इस साल केवल राष्ट्रमंडल खेलों पर ध्यान लगाये हैं। वह एकमात्र भारतीय महिला मुक्केबाज हैं जिन्होंने एशियाड में स्वर्ण पदक जीता है। मैरीकॉम ने 2014 इंचियोन एशियाड में पीला पदक जीता था। इससे पहले उन्होंने 2010 ग्वांग्जू खेलों में कांस्य पदक हासिल किया था। केवल चार भारतीय महिला मुक्केबाज ही एशियाई खेलों में पदक जीत सकी हैं। एशियाड में महिला मुक्केबाजी स्पर्धा 2010 में शुरू हुई थी। एल सरिता देवी (कांस्य, 2014), कविता गोयत (कांस्य, 2010) और पूजा रानी (कांस्य, 2014) तीन अन्य पदक विजेता महिला मुक्केबाज हैं। राष्ट्रमंडल खेलों के लिये ट्रायल्स जून में होंगे। एशियाड और राष्ट्रमंडल खेल दोनों के लिये पुरूषों के ट्रायल्स मई में होंगे।एशियाई खेलों के लिये भारतीय महिला टीम :निकहत जरीन (51 किग्रा), मनीषा (57 किग्रा), जैसमीन (60 किग्रा), लवलीना बोरगोहेन (69 किग्रा) और स्वीटी बूरा (75 किग्रा)
- तिरूवनंतपुरम. अमोज जैकब और प्रिया मोहन ने रविवार को यहां चंद्रशेखरन नायर पुलिस स्टेडियम में इंडियन ग्रां प्री 1 में 400 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीते जबकि लंबी कूद में जेस्विन एल्ड्रिन और एंसी सोजन ने बाजी मारी। दिल्ली के जैकब ने पुरुष 400 मीटर में केरल के नोह निर्मल टॉम को पछाड़ा जबकि कर्नाटक की प्रिया को महिला वर्ग में जीतने के लिए अधिक मशक्कत नहीं करनी पड़ी। पुरुष और महिला 200 मीटर दौड़ में क्रमश: असम के अमलान बोरगोहेन और तमिलनाडु की एस धनलक्ष्मी चैंपियन बने। लंबी कूद में तमिलनाडु के जेस्विन एल्ड्रिन ने पुरुष जबकि केरल की एंसी सोजन ने महिला वर्ग का खिताब जीता। एंसी ने 6.55 मीटर का निजी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया।
- बेंगलुरू. विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत श्रीलंका के खिलाफ दिन रात्रि के दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन रविवार को यहां महान क्रिकेटर कपिल देव के 40 साल के रिकॉर्ड को तोड़कर सबसे तेज अर्धशतक जड़ने वाले भारतीय खिलाड़ी बन गये। पंत ने सिर्फ 28 गेंद में भारत की ओर से सबसे तेज टेस्ट अर्धशतक का रिकॉर्ड बनाया जिसमें सात चौके और दो छक्के जड़े थे। उन्होंने भारत की दूसरी पारी के 42वें ओवर में प्रवीण जयविक्रम की गेंद पर एक्सट्रा कवर पर बाउंड्री लगाकर यह रिकॉर्ड बनाया। भारत को पहला विश्व कप दिलाने वाले कप्तान कपिल देव ने 1982 में कराची टेस्ट में पाकिस्तान के खिलाफ 30 गेंद में अर्धशतक जड़ा था। बीसीसीआई (भारतीय क्रिकेट बोर्ड) ने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा, ‘‘ऋषभ पंत ने भारत के टेस्ट क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक जड़ने के कपिल देव के रिकॉर्ड को तोड़ दिया। बधाई हो, ऋषभ। '' पंत ने साथ ही टेस्ट में किसी विकेटकीपर-बल्लेबाज द्वारा सबसे तेज अर्धशतक जड़ने का विश्व रिकॉर्ड भी बनाया। उन्होंने इस विश्व रिकॉर्ड में आस्ट्रेलिया के इयान स्मिथ और पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (दोनों ने 34 गेंद में अर्धशतक जमाया था) को पीछे छोड़ा। पंत हालांकि बड़ी पारी नहीं खेल सके और जयविक्रम को उनकी ही अंतिम गेंद पर कैच देकर आउट हुए। शार्दुल ठाकुर भारत की ओर से सबसे तेज अर्धशतक जड़ने वाले खिलाड़ियों की सूची में तीसरे स्थान पर हैं, उन्होंने पिछले साल इंग्लैंड के खिलाफ द ओवल टेस्ट में 31 में अर्धशतक बनाया था। पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने 2008 में चेन्नई में इंग्लैंड के खिलाफ 32 गेंद में 50 रन बनाये थे।
- नयी दिल्ली.भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), मद्रास के अनुसंधानकर्ताओं ने एक नयी तकनीक विकसित की है जो पुनर्निर्मित अल्ट्रासाउंड छवि के माध्यम से एक स्पष्ट और उच्च गुणवत्ता वाला दृश्य उपलब्ध करा सकता है। इस अनुसंधान से बीमारियों के बेहतर निदान, सूक्ष्म विसंगतियों का पता लगाने और बेहतर सटीक छवि-निर्देशित बायोप्सी प्रक्रियाओं तथा उपचार निगरानी उपकरणों को मदद मिल सकती है। मानव शरीर के अंदर उसी समय की छवियों के लिए ‘अल्ट्रासाउंड इमेजिंग' तकनीक का उपयोग किया जाता है। तकनीक का व्यापक रूप से अंदरूनी अंगों में दर्द, सूजन और संक्रमण के कारण का पता लगाने तथा गर्भवती महिलाओं में भ्रूण की जांच करने के लिए उपयोग किया जाता है। अल्ट्रासाउंड मशीन का मुख्य घटक एक ‘‘बीमफॉर्मर'' होता है, जो अंतिम पुनर्निर्मित छवि की गुणवत्ता में एक प्रमुख भूमिका निभाता है। वर्षों से बीमफॉर्मर को बदलकर पुनर्निर्मित छवि की गुणवत्ता में सुधार करने के लिए कई तकनीक की पहचान की गई है। टीम ने एक नयी बीमफॉर्मिंग तकनीक विकसित करने का दावा किया है, जो अन्य मौजूदा तकनीक से बेहतर प्रदर्शन करता है और सर्वोत्तम रिजॉल्यूशन वाली छवि उत्पन्न करता है। टीम के अनुसंधान के निष्कर्ष पत्रिका ‘साइंटिफिक रिपोर्ट्स' में प्रकाशित हुए हैं। एप्लाइड मैकेनिक्स विभाग, आईआईटी मद्रास के प्रोफेसर अरुण के थिट्टाई ने बताया, ‘‘यह अनुसंधान संभावित रूप से कई अनुप्रयोगों को सहायता प्रदान कर सकता है। रोगों का जल्द पता लगाना और उनके बेहतर निदान, गुर्दे की पथरी जैसी मानव शरीर के भीतर छोटी असामान्यताओं का पता लगाना, बेहतर वास्तविक समय की छवि-निर्देशित बायोप्सी प्रक्रियाएं और उपचार निगरानी अनुप्रयोग में मदद मिलेगी।'' डिले एंड सम (डीएएस) बीमफॉर्मर हार्डवेयर की सुगमता के कारण वाणिज्यिक प्रणालियों में सबसे अधिक उपयोग की जाने वाली अल्ट्रासाउंड इमेजिंग तकनीक है। हालांकि, इसमें कम रिजॉल्यूशन होता है। आईआईटी मद्रास के एक रिसर्च स्कॉलर अनुदीप वाययती ने कहा, ‘‘हमने फिल्टर्ड डिले संबंधी एक नयी तकनीक विकसित की है जो मौजूदा तकनीकों की तुलना में उच्च गुणवत्ता वाली छवियां प्रदान करेगा।
- भोपाल. पश्चिम बंगाल की मेहुली घोष ने रविवार को यहां राष्ट्रीय टी2 ट्रायल्स की महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में कर्नाटक की तिलोतमा सेन को 17-9 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। युवा ओलंपिक की रजत पदक विजेता मेहुली शुक्रवार को टी1 ट्रायल्स में दूसरे स्थान पर रही थीं।तिलोतमा ने हालांकि जूनियर महिला 10 मीटर एयर राइफल टी2 ट्रायल जीता। वह युवा टी2 प्रतियोगिता में भी दूसरे स्थान पर रहीं जिससे उन्होंने दिन में तीन पदक जीते। गुजरात की इलावेनिल वालारिवान ने 37 अंक से रजत पदक अपने नाम किया।बाकू में आगामी विश्व कप और जूनियर विश्व कप के लिये भारतीय टीमों का चयन इन ट्रायल के आधार पर किया जायेगा। जनवरी में ट्रायल कोविड-19 महामारी के कारण स्थगित कर दिये गये थे।
- मुंबई. इंग्लैंड के बायें हाथ के तेज गेंदबाज टाइमल मिल्स आगामी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में मुंबई इंडियंस फ्रेंचाइजी में भारतीय स्टार जसप्रीत बुमराह के साथ गेंदबाजी करने के लिये बेताब हैं। इंग्लैंड का 12 मैचों में प्रतिनिधित्व करने वाले 29 वर्षीय टी20 विशेषज्ञ मिल्स ने 11 विकेट चटकाये हैं। उन्हें पांच बार की चैम्पियन मुंबई इंडियंस ने 1.5 करोड़ रूपये में खरीदा है। मिल्स ने मुंबई इंडियंस द्वारा पोस्ट किये गये एक वीडियो में कहा, ‘‘विश्व कप के दौरान बुमराह के साथ थोड़ा समय बिताने का मौका मिला था। इसलिये उनके साथ खेलने के लिये तैयार हूं। '' वर्ष 2017 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के लिये खेलने वाले मिल्स ने कहा, ‘‘मैं लंबे समय से वापसी करने का इच्छुक था और यह मौका मिलने से खुश हूं। '' उन्होंने कहा, ‘‘सभी नये साथियों से मिलने के लिये उत्सुक हूं। निश्चित रूप से मुंबई इंडियंस एक शानदार फ्रेंचाइजी है। मैं पहले कभी वानखेड़े स्टेडियम में नहीं खेला हूं। यह 2017 के बाद मेरा पहला मौका होगा। '' मुंबई इंडियंस की टीम 2022 आईपीएल में अपना अभियान 27 मार्च को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ करेगी।
- बेम्बोलिम। हैदराबाद एफसी ने पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए इंडियन सुपर लीग फुटबॉल टूर्नामेंट के सेमीफाइनल के पहले चरण में शनिवार को एटीके मोहन बागान को 3-1 से हराया। एटीके मोहन बागान को 18वें मिनट में रॉय कृष्णा ने बढ़त दिलाई लेकिन स्टार खिलाड़ी बार्थोलोमेव ओगबेचे ने पहले हाफ के इंजरी टाइम में गोल दागकर हैदराबाद एफसी को बराबरी दिला दी। दूसरे हाफ में हैदराबाद की टीम पूरी तरह से हावी रही। मोहम्मद यासिर ने 58वें मिनट में हैदराबाद को बढ़त दिलाई जबकि जेवियर सिवेरियो ने 64वें मिनट में एक और गोल दागकर टीम की 3-1 से जीत सुनिश्चित की।



























