- Home
- खेल
- कुइएबा । लियोनेल मेस्सी अर्जेंटीना की तरफ से सर्वाधिक अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले फुटबॉलर बन गये। मेस्सी ने बोलिविया के खिलाफ कोपा अमेरिका मैच में यह उपलब्धि हासिल की। इस अवसर पर उन्होंने अपनी टीम की 4-1 से जीत में दो गोल भी किये। इस 34 वर्षीय फुटबॉलर का यह अर्जेंटीना की तरफ से 148वां मैच था। उन्होंने संन्यास ले चुके डिफेंडर जेवियर मासचेरानो के रिकार्ड को तोड़ा। उनके दो गोल से अर्जेंटीना ने ग्रुप ए में अपना शीर्ष स्थान सुनिश्चित किया। वह क्वार्टर फाइनल में शनिवार को इक्वाडोर से भिड़ेगा। मेस्सी ने अर्जेंटीना की तरफ से अपना पहला मैच हंगरी के खिलाफ 2005 में खेला था। इस मैत्री मैच में अपने प्रतिद्वंद्वी पर कोहनी से प्रहार करने के कारण उन्हें बीच से बाहर भेज दिया गया था। बार्सिलोना की तरफ से खेलने वाले मेस्सी के नाम पर अभी 75 अंतरराष्ट्रीय गोल दर्ज हैं और वह दक्षिण अमेरिकी रिकार्ड तोड़ने के करीब है। पेले ने ब्राजील की तरफ से 77 गोल किये थे और अभी वह दक्षिण अमेरिकी सूची में शीर्ष पर हैं। यही नहीं मेस्सी कोपा अमेरिका में सर्वाधिक मैच खेलने के रिकार्ड की बराबरी भी कर सकते हैं। मेस्सी ने अब तक 31 मैच खेले हैं जबकि रिकार्ड चिली के सर्जियो लिविंगस्टोन (34 मैच) के नाम पर है।
- नयी दिल्ली। भारतीय तैराकी महासंघ ने ओलंपिक के लिये सीधे क्वालीफाई करने वाले देश के पहले तैराक बने साजन प्रकाश को पांच लाख रूपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की । प्रकाश ने शनिवार को रोम में सेट्टे कोली ट्रॉफी में 200 मीटर बटरफ्लाय में स्टैंडर्ड ए टाइम निकालकर ओलंपिक का टिकट कटाया । एसएफआई ने एक बयान में कहा ,‘‘ एसएफआई अध्यक्ष आर एन जयप्रकाश ने साजन प्रकाश को पांच लाख रूपये देने का ऐलान किया है । उन्होंने प्रकाश की उपलब्धियों की तारीफ की और इसे भारतीय तैराकी का अहम पल बताया ।'' श्रीहरि नटकराज ने भी इसी टूर्नामेंट में 100 मीटर बैकस्ट्रोक में स्टैंडर्ड ए समय निकाला । उन्होंने चूंकि ट्रायल में यह समय निकाला है तो उनका ओलंपिक खेलना तभी तय होगा जब फिना टाइमिंग को मंजूरी दे । अगर ऐसा होता है तो पहली बार भारत के दो तैराक ओलंपिक में सीधे क्वालीफाई करेंगे ।
- पेरिस। विश्व कप के तीसरे चरण में तीन स्वर्ण पदक जीतने वाली भारत की स्टार तीरंदाज दीपिका कुमारी सोमवार को विश्व रैंकिंग में फिर से शीर्ष पर काबिज हो गयी। रांची की रहने वाली इस 27 वर्षीय खिलाड़ी ने पहली बार 2012 में नंबर एक रैंकिंग हासिल की थी। उन्होंने रविवार को रिकर्व की तीन स्पर्धाओं – महिलाओं की व्यक्तिगत, टीम और मिश्रित युगल में स्वर्ण पदक जीते थे। विश्व तीरंदाजी ने दीपिका के शानदार प्रदर्शन के बाद ट्वीट किया, ‘‘इससे दीपिका सोमवार को विश्व रैंकिंग में नंबर एक स्थान हासिल कर लेगी।'' दीपिका ने पहले अंकिता भगत और कोमोलिका बारी के साथ मिलकर रिकर्व टीम स्पर्धा में मैक्सिको को 5-1 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। इसके बाद मिश्रित टीम स्पर्धा के फाइनल में दीपिका और उनके पति अतनु दास की पांचवीं वरीय जोड़ी ने नीदरलैंड के जेफ वान डेन बर्ग और गैब्रिएला शोलेसर से 0-2 से पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए 5-3 से जीत हासिल की। दीपिका ने महिला व्यक्तिगत रिकर्व स्पर्धा के फाइनल में रूस की एलिना ओसिपोवा को 6-0 से हराकर एक दिन में स्वर्ण पदकों की हैट्रिक पूरी की। दीपिका विश्व कप में अब तक कुल नौ स्वर्ण, 12 रजत और सात कांस्य पदक जीत चुकी है।
- नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के अध्यक्ष सौरव गांगुली ने पिछले कई सप्ताहों से चल रही अटकलबाजियों पर विराम लगाते हुए सोमवार को कहा कि कोविड-19 के कारण स्वास्थ्य संबंधी चिंताओं को देखते हुए अक्टूबर - नवंबर में टी20 विश्व कप का आयोजन भारत की बजाय संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में किया जाएगा। गांगुली ने कहा, ''हमने आईसीसी (अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद) को आधिकारिक तौर पर बता दिया है कि टी 20 विश्व कप को संयुक्त अरब अमीरात में स्थानान्तरित किया जा सकता है। इस बारे में ब्यौरा तैयार किया जा रहा है। '' उन्होंने कहा, ''यह निर्णय सभी हितधारकों की स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखकर किया गया। ''बीसीसीआई हालांकि इस प्रमुख प्रतियोगिता का मेजबान बना रहेगा। गांगुली से पूछा गया कि क्या टूर्नामेंट 17 अक्टूबर को ही शुरू होगा, उन्होंने कहा, ''हम कार्यक्रम को कुछ दिनों में अंतिम रूप देंगे। 17 अक्टूबर से टूर्नामेंट शुरू होगा इस पर अभी अंतिम निर्णय नहीं किया गया है। '' यहां तक कि आईसीसी के प्रवक्ता ने भी पुष्टि की कि विश्व संस्था ने अभी तक अंतिम कार्यक्रम पर फैसला नहीं किया है। आईसीसी ने इस महीने के शुरू में बीसीसीआई को यह फैसला करने और उसे सूचित करने के लिये चार सप्ताह का समय दिया था कि कोविड-19 की स्थिति को देखते हुए क्या भारत इस प्रतियोगिता की मेजबानी कर सकता है।इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) को स्थगित किये जाने के बाद ऐसी संभावना बन गयी थी। आईपीएल के बाकी बचे मैचों का आयोजन भी सितंबर-अक्टूबर में यूएई में ही होगा। यह पहले ही तय लग रहा था कि भारत के लिये नौ शहरों में 16 देशों के टूर्नामेंट को आयोजित करना मुश्किल होगा क्योंकि इससे स्वास्थ्य सुरक्षा की कई परतें जुड़ी हैं। यहां तक कि आईसीसी ने टूर्नामेंट के लिये अपनी तरफ से तैयारियां शुरू कर दी थी जो कि दुबई, अबुधाबी और शारजाह में आयोजित किया जाएगा। क्वालीफाईंग दौर के मैच मस्कट में आयोजित किये जा सकते हैं जिससे यूएई की पिचों को तैयार करने के लिये पर्याप्त समय मिल जाएगा क्योंकि आईपीएल के बाकी बचे 31 मैच 15 अक्टूबर तक खेले जाएंगे।भारतीय टीम के खिलाड़ी आईपीएल में खेलने के लिये 15 सितंबर को मैनचेस्टर से विशेष विमान से दुबई पहुंचेंगे। इस तरह से टी20 विश्व कप के लिये टीम में शामिल खिलाड़ी लगभग दो महीने तक यूएई में ही रहेंगे।
- पटियाला। हरियाणा के कृष्ण कुमार और पंजाब की हरमिलन बैंस ने रविवार को यहां राष्ट्रीय अंतरराज्यीय एथलेटिक्स चैम्पियनशिप के तीसरे दिन आसान जीत से क्रमश: पुरूष और महिला 800 मीटर के स्वर्ण पदक अपने नाम किये। कृष्ण कुमार ने मार्च में फेडरेशन कप में भी स्वर्ण पदक जीता था। उन्होंने एक मिनट 50.12 सेकेंड के समय से पहला स्थान हासिल किया। उत्तराखंड के अनु कुमार ने रजत और एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता मंजीत सिंह ने कांस्य पदक हासिल किया। हरमिलन बैंस को एनआईएस में स्थानीय समर्थन मिला। 22 साल की इस एथलीट ने दो मिनट 2.57 सेकेंड से स्वर्ण पदक जीता। दिल्ली की चंदा ने रजत जबकि श्रीलंका की निमली लियानाराच्ची ने दिल्ली की शालू चौधरी को पीछे छोड़ते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। वहीं केरल के त्रिकूद एथलीट एल्डहोस पॉल ने 16.58 मीटर के प्रयास से पहला स्थान प्राप्त किया। फेडरेशन कप के स्वर्ण पदक विजेता उन्नीकृष्णन दूसरे और अब्दुल्ला अबूबेकर तीसरे स्थान पर रहे। महिलाओं की हेप्टाथलन रेस सोनू कुमारी ने 5004 अंक जुटाकर जीती जो फेडरेशन कप की कांस्य पदक विजेता थीं।
- पेरिस ।फार्म में चल रही अनुभवी रिकर्व तीरंदाज दीपिका कुमारी के शानदार प्रदर्शन से भारत ने रविवार को यहां विश्व कप के तीसरे चरण में तीन स्वर्ण पदक अपनी झोली में डाले। इससे इस प्रतियोगिता में भारत के नाम चार स्वर्ण पदक रहे। शनिवार को अभिषेक वर्मा ने कम्पाउंड व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता था। अगले महीने होने वाले तोक्यो ओलंपिक से पहले भारत का यह इस वैश्विक प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन रहा। दीपिका की तीन स्वर्ण पदक दिलाने में अहम भूमिका रही। उन्होंने महिला व्यक्तिगत रिकर्व स्पर्धा के फाइनल में रूस की एलिना ओसिपोवा को 6-0 से हराकर एक दिन में स्वर्ण पदकों की हैट्रिक पूरी की। इससे पहले वह मिश्रित और महिला रिकर्व टीम के स्वर्ण पदक जीतने वाली टीम का हिस्सा थीं। मिश्रित टीम स्पर्धा के फाइनल में दीपिका और उनके पति अतनु दास की पांचवीं वरीय जोड़ी ने नीदरलैंड के जेफ वान डेन बर्ग और गैब्रिएला शोलेसर से 0-2 से पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए 5-3 से जीत हासिल की। इससे पहले स्टार तीरंदाज दीपिका, अंकिता भगत और कोमोलिका बारी की भारतीय महिला रिकर्व टीम ने मेक्सिको पर 5-1 की आसान जीत से स्वर्ण पदक जीता। महिला रिकर्व टीम पिछले हफ्ते तोक्यो ओलंपिक के लिये क्वालीफाई करने से चूक गयी थी और इस स्वर्ण पदक से उसने इस निराशा को कम करने की कोशिश की। अतनु ने जीत के बाद कहा, ‘‘यह शानदार अहसास है। पहली बार हम एक साथ फाइनल में खेल रहे थे और हमने एक साथ जीत हासिल की, बहुत खुशी महसूस हो रही है। '' अतनु और दीपिका ने पिछले साल शादी की थी और 30 जून को उनकी पहली वर्षगांठ होगी।उन्होंने कहा, ‘‘ऐसा लगता है कि हम एक दूसरे के लिये बने हैं। लेकिन मैदान में हम युगल नहीं हैं बल्कि अन्य प्रतिस्पर्धियों की तरह हम एक दूसरे को प्रेरित करते हैं, सहयोग करते हैं और एक दूसरे का समर्थन करते हैं। '' दिलचस्प बात है कि दुनिया की पूर्व नंबर एक तीरंदाज दीपिका के लिये यह पहला मिश्रित युगल स्वर्ण पदक है जो इस स्पर्धा में पहले पांच रजत और तीन कांस्य पदक जीत चुकी हैं। उनका अंतिम मिश्रित युगल फाइनल भी अतनु के साथ था, जब उन्हें अंताल्या विश्व कप 2016 में कोरिया से हार का सामना करना पड़ा था। दीपिका ने महिला टीम को इस साल विश्व कप में लगातार दूसरा स्वर्ण पदक दिलाने की अगुआई की। उन्होंने कहा, ‘‘बहुत खुशी हो रही है। '' दुनिया की तीसरे नंबर की तीरंदाज दीपिका, अंकिता और कोमोलिका की तिकड़ी ने विश्व कप के पहले चरण के फाइनल में भी मेक्सिको को हराकर पहला स्थान हासिल किया था। टीम ने इस तीसरे चरण में भी मेक्सिको को हराकर स्वर्ण पदक जीता और इस दौरान एक भी सेट नहीं गंवाया। इस साल यह विश्व कप में उनका लगातार दूसरा और कुल मिलाकर छठा (शंघाई 2011, मेडेलिन 2013, रोक्लॉ 2013, रोक्लॉ 2014, ग्वाटेमाला सिटी 2021) स्वर्ण पदक है। हर बार टीम में दीपिका शामिल थी। भारतीय टीम का प्रदर्शन शानदार रहा जिसमें पहले सेट में स्कोर 57-57 था। लेकिन दूसरे सेट में भारतीय टीम ने मेक्सिको की टीम पर दबाव बनाया जिसमें लंदन 2012 की रजत पदक विजेता ऐडा रोमन, एलेजांद्रा वालेंसिया और अन्ना वाज्क्वेज शामिल थीं। दूसरे सेट में मेक्सिको की टीम 52 अंक जुटाकर तीन अंक से पिछड़ गयी। भारतीय टीम 3-1 से आगे थी और उसने तीसरे सेट में भी अच्छे निशाने लगाते हुए 55 अंक जुटाये लेकिन मेक्सिको की टीम बराबरी नहीं कर सकी और एक अंक से तीसरा सेट गंवा बैठी। इस तरह उसे इस साल लगातार दूसरी हार झेलनी पड़ी।
- पेरिस। भारतीय तीरंदाजों ने रविवार को यहां विश्व कप के तीसरे चरण में शानदार प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्वर्ण पदक अपनी झोली में डाला। अतनु दास और उनकी पत्नी दीपिका कुमारी की पांचवीं वरीय जोड़ी ने रविवार को मिश्रित टीम स्पर्धा के फाइनल में नीदरलैंड के जेफ वान डेन बर्ग और गैब्रिएला शोलेसर से 0-2 से पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए 5-3 से जीत हासिल की और भारत को प्रतियोगिता में तीसरा स्वर्ण पदक दिलाया। इससे पहले स्टार तीरंदाज दीपिका, अंकिता भगत और कोमोलिका बारी की भारतीय महिला रिकर्व टीम ने मेक्सिको पर 5-1 की आसान जीत से स्वर्ण पदक जीता। महिला रिकर्व टीम पिछले हफ्ते तोक्यो ओलंपिक के लिये क्वालीफाई करने से चूक गयी थी और इस स्वर्ण पदक से उसने इस निराशा को कम करने की कोशिश की। अतनु ने जीत के बाद कहा, ‘‘यह शानदार अहसास है। पहली बार हम एक साथ फाइनल में खेल रहे थे और हमने एक साथ जीत हासिल की, बहुत खुशी महसूस हो रही है। '' अतनु और दीपिका ने पिछले साल शादी की थी और 30 जून को उनकी पहली वर्षगांठ होगी।उन्होंने कहा, ‘‘ऐसा लगता है कि हम एक दूसरे के लिये बने हैं। लेकिन मैदान में हम युगल नहीं हैं बल्कि अन्य प्रतिस्पर्धियों की तरह हम एक दूसरे को प्रेरित करते हैं, सहयोग करते हैं और एक दूसरे का समर्थन करते हैं। '' दिलचस्प बात है कि दुनिया की पूर्व नंबर एक तीरंदाज दीपिका के लिये यह पहला मिश्रित युगल स्वर्ण पदक है जो इस स्पर्धा में पहले पांच रजत और तीन कांस्य पदक जीत चुकी हैं। उनका अंतिम मिश्रित युगल फाइनल भी अतनु के साथ था, जब उन्हें अंताल्या विश्व कप 2016 में कोरिया से हार का सामना करना पड़ा था। दीपिका ने महिला टीम को इस साल विश्व कप में लगातार दूसरा स्वर्ण पदक दिलाने की अगुआई की। उन्होंने कहा, ‘‘बहुत खुशी हो रही है। '' वह शाम को स्वर्ण की हैट्रिक बनाने की कोशिश करेंगी।शनिवार को अभिषेक वर्मा ने कम्पाउंड व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता था।दुनिया की तीसरे नंबर की तीरंदाज दीपिका, अंकिता और कोमोलिका की तिकड़ी ने विश्व कप के पहले चरण के फाइनल में भी मेक्सिको को हराकर पहला स्थान हासिल किया था। टीम ने इस तीसरे चरण में भी मेक्सिको को हराकर स्वर्ण पदक जीता और इस दौरान एक भी सेट नहीं गंवाया। इस साल यह विश्व कप में उनका लगातार दूसरा और कुल मिलाकर छठा (शंघाई 2011, मेडेलिन 2013, रोक्लॉ 2013, रोक्लॉ 2014, ग्वाटेमाला सिटी 2021) स्वर्ण पदक है। हर बार टीम में दीपिका शामिल थी। भारतीय टीम का प्रदर्शन शानदार रहा जिसमें पहले सेट में स्कोर 57-57 था। लेकिन दूसरे सेट में भारतीय टीम ने मेक्सिको की टीम पर दबाव बनाया जिसमें लंदन 2012 की रजत पदक विजेता ऐडा रोमन, एलेजांद्रा वालेंसिया और अन्ना वाज्क्वेज शामिल थीं। दूसरे सेट में मेक्सिको की टीम 52 अंक जुटाकर तीन अंक से पिछड़ गयी। भारतीय टीम 3-1 से आगे थी और उसने तीसरे सेट में भी अच्छे निशाने लगाते हुए 55 अंक जुटाये लेकिन मेक्सिको की टीम बराबरी नहीं कर सकी और एक अंक से तीसरा सेट गंवा बैठी। इस तरह उसे इस साल लगातार दूसरी हार झेलनी पड़ी।
- नयी दिल्ली । साजन प्रकाश ओलंपिक ‘ए' क्वालीफिकेशन टाइम पार करने वाले पहले भारतीय तैराक बन गए जिन्होंने रोम में सेट्टे कोली ट्रॉफी में पुरूषों के 200 मीटर बटरफ्लाय वर्ग में एक मिनट 56 . 38 सेकंड का समय निकाला । रियो ओलंपिक 2016 खेल चुके साजन तोक्यो ओलंपिक ‘ए ' स्टैंडर्ड में प्रवेश में 0 . 1 सेकंड से कामयाब रहे । तोक्यो ओलंपिक ए स्टैंडर्ड एक मिनट 56 . 48 सेकंड है । प्रकाश ने एक विज्ञप्ति में कहा ,‘‘ मैने इसके लिये बहुत मेहनत की है और अपनी तैयारियों की वजह से मुझे पूरा आत्मविश्वास था ।'' उन्होंने कहा ,‘‘ यह मेरे पास आखिरी मौका था और मुझे पता था कि यहां करना ही है ।मैं पहले भी क्वालीफाइंग मार्क के करीब पहुंचा लेकिन मेरे कोच प्रदीप सर और मैने इस तरह रणनीति बनाई थी कि सर्बिया और रोम में दोनों टूर्नामेंटों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन हो ।'' उन्होंने कहा ,‘‘ मैं एसएफआई, साइ और खेल मंत्रालय से मिले सहयोग के लिये शुक्रगुजार हूं । मुझे खुद पर और कोच प्रदीप सर पर भरोसा था । यह उन्हीं की वजह से संभव हुआ है ।'' केरल के इस तैराक ने पिछले सप्ताह बेलग्रेड ट्रॉफी तैराकी प्रतियोगिता में एक मिनट 56 . 96 सेकंड का समय निकाला था जो उनका राष्ट्रीय रिकॉर्ड था । भारतीय तैराकी महासंघ ने ट्वीट किया ,‘‘ भारतीय तैराकी के लिये ऐतिहासिक पल । साजन प्रकाश ने ओलंपिक क्वालीफिकेशन समय निकाला । बधाई ।'' प्रकाश तोक्यो ओलंपिक की तैराकी स्पर्धा में माना पटेल के साथ भाग लेंगे । माना को भारतीय तैराकी महासंघ ने नामित किया है । प्रकाश के सीधे क्वालीफाई करने के मायने हैं कि श्रीहरि नटराज तोक्यो ओलंपिक में भाग नहीं ले सकेंगे जिन्हें माना के साथ यूनिवर्सिटिलिटी कोटा के तहत नामांकित किया गया था। नटराज रोम में शुक्रवार को 100 मीटर बैकस्ट्रोक में क्वालीफाई करने से 0 . 5 सेकंड से चूक गए थे । यूनिवर्सिलिटी कोटा के तहत देश से एक पुरूष और एक महिला तैराक को ओलंपिक खेलने का मोका मिलता है बशर्ते कोई सीधे क्वालीफाई नहीं कर ले या उसे ओलंपिक चयन समय (बी) के आधार पर फिना से न्यौता नहीं मिले । प्रकाश को हमेशा से ए मार्क हासिल करने का यकीन था । उन्होंने अप्रैल में कहा था ,‘‘ अभी मैं सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नही कर रहा हूं लेकिन मुझे यकीन है कि जल्दी ही करूंगा । इसके लिये सब्र रखना होगा ।'' भारत की केनिषा गुप्ता ने भी रोम में 100 मीटर फ्रीस्टाइल में राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया ।
- नई दिल्ली। खेल मंत्री किरेन रीजीजू ने ओलंपिक जाने वाले भारतीय खिलाडिय़ों के लिये शनिवार को चीयर अप अभियान की घोषणा की और लोगों से इन खिलाडिय़ों का समर्थन करने की अपील की जो 23 जुलाई से शुरू हो रहे तोक्यो खेलों में शिरकत करेंगे।भारत के अब 100 से ज्यादा खिलाडिय़ों ने ओलंपिक के लिये क्वालीफाई किया है और रीजीजू ने कहा कि लोग अपना समर्थन दिखा सकें, इसके लिये देश में 6000 से ज्यादा सेल्फी प्वाइंट बनाये जाएंगे। रीजीजू ने सीआईआई-स्पोर्टसकॉम इंडस्ट्री कंफेडरेशन द्वारा आयोजित वर्चुअल बातचीत में कहा, मैंने रेल मंत्री पीयूष गोयल से बात की है और उन्होंने तुरंत ही ओलंपिक सेल्फी प्वाइंट के लिये देश भर में 6000 रेलवे स्टेशनों पर जगह दे दी।उन्होंने कहा, हरियाणा के मुख्यमंत्री ने भी चीयर अप चिन्ह के साथ सेल्फी फोटो ली ताकि अन्य भी इस अभियान से जुड़े और तोक्यो जाने खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन हो। उन्होंने विज्ञप्ति में कहा, मैं ओलंपिक आंदोलन चाहता था और ओलंपिक की अहमियत सभी को समझ आनी चाहिए। खेल किसी देश की सबसे बड़ी सॉफ्ट पॉवर है। बैडमिंटन के मुख्य राष्ट्रीय कोच पुलेला गोपीचंद ने कहा कि तोक्यो जाने वाले भारतीय खिलाड़ी पिछले दलों की तुलना में काफी आत्मविश्वाव से भरे हैं। उन्होंने कहा, आज मैं पूरे विश्वास से कह सकता हूं कि टीम का प्रत्येक सदस्य अपनी सर्वश्रेष्ठ फार्म के लिये ट्रेनिंग कर रहा है और संभवत: पदक जीतेगा और अगर वे पदक नहीं जीत पाते या फिर अच्छा प्रदर्शन नहीं करते हैं तो वे काफी निराश होंगे। पूर्व हॉकी अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एमएम सौमाया ने कहा, इन दिनों हॉकी में हमारे पास दुनिया के कुछ सर्वश्रेष्ठ कोच जुड़े हुए है और हमारे पुरूष और महिला खिलाड़ी सही हाथों में हैं। इस सत्र में लंदन ओलंपिक के कांस्य पदक विजेता गगन नारंग, भारतीय पैरालंपिक समिति की अध्यक्ष और रियो 2016 की रजत पदक विजेता दीपा मलिक और स्पोट्र्सकॉम इंडस्ट्री कंफेडेरेशन के अध्यक्ष जलज दानी मौजूद थे।
-
ईस्टबोर्न। लाटविया की येलेना ओस्टापेंको ने विम्बलडन की तैयारियां मजबूत करते हुए एनेट कोंटावेट को हराकर ईस्टबोर्न टेनिस खिताब जीता जो 2019 के बाद उसका पहला खिताब है । फ्रेंच ओपन 2017 चैम्पियन ओस्टापेंको ने 6 . 3, 6 . 3 से जीत दर्ज की ।
दो गैर वरीय खिलाड़ियों के बीच 2013 के बाद यह पहला फाइनल था । ओस्टापेंको रैंकिंग में 43वें स्थान पर है और उन्हें वाइल्ड कार्ड से प्रवेश मिला था । वहीं एस्तोनिया की कोंटावेट रैंकिंग में 27वें स्थान पर है । पुरूष वर्ग के फाइनल में दूसरी वरीयता प्राप्त एलेक्स डि मिनाउर का सामना तीसरी वरीयता प्राप्त लोरेंजो सोनेगो से होगा । -
पटियाला । तमिलनाडु की एस धनलक्ष्मी ने राष्ट्रीय अंतर प्रांत चैम्पियनशिप में सौ मीटर की दौड़ जीत ली जबकि राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी दुती चंद चौथे स्थान पर रही । स्टार फर्राटा धाविका हिमा दास हीट रेस में लगी चोट के कारण बाहर हो गई जिससे तोक्यो ओलंपिक में उनकी भागीदारी पर भी संशय पैदा हो गया है । महिलाओं की सौ मीटर दौड़ में कोई भी अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाया । धनश्री ने 11 . 52 सेकंड का समय निकाला । श्रीलंका की अमाशा डिसिल्वा 11 . 59 सेकंड के साथ दूसरे और तमिलनाडु की अर्चना सुसींद्रन 11 . 60 सेकंड के साथ तीसरे स्थान पर रही । इस सप्ताह की शुरूआत में इंडियन ग्रां प्री 4 में इसी ट्रैक पर 11 . 17 सेकंड का समय निकालने वाली दुती 11 . 62 सेकंड के साथ चौथे स्थान पर रही । रोड टू तोक्यो सूची में 41वें स्थान पर काबिज दुती का ओलंपिक में खेलना लगभग तय है । तोक्यो में महिलाओं की 100 मीटर रेस में 56 खिलाड़ी भाग लेंगे । लंबे समय से कमर में चोट से जूझ रही हिमा सुबह 100 मीटर हीट में मांसपेशी में खिंचाव का शिकार हो गई । अभी पता नहीं चल सका है कि उनकी चोट कितनी गंभीर है । समझा जाता है कि वह रविवार को 200 मीटर की दौड़ और 29 जून को महिलाओं की चार गुणा सौ मीटर दौड़ में भाग नहीं लेगी । हिमा की चोट चार गुणा सौ मीटर महिला रिले टीम की क्वालीफिकेशन की उम्मीदों को करारा झटका है । इस चौकड़ी में हिमा के अलाव दुती, धनलक्ष्मी और अर्चना शामिल है । पुरूष वर्ग में पंजाब के गुरिंदरवीर सिंह ने 10 . 27 सेकंड में सौ मीटर दौड़ जीती । पंजाब के लवप्रीत सिंह दूसरे और ओडिशा के अमिय कुमार मलिक तीसरे स्थान पर रहे । ऊंचीकूद में राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी तेजस्विन शंकर की ओलंपिक कोटा हासिल करने की उम्मीदें टूट गई जो 2 . 20 मीटर की कूद ही लगा सके । वह ओलंपिक क्वालीफिकेशन का आखिरी प्रयास करने अमेरिका से यहां आये थे जहां वह कंसास स्टेट यूनिवर्सिटी में पढते हैं । -
बेरॉन (चेक गणराज्य) । भारतीय गोल्फर दीक्षा डागर टिपस्पोर्ट्स चेक लेडिज ओपन के दूसरे दौर में शनिवार को बोगी रहित चार अंडर 68 के कार्ड के साथ तालिका में शीर्ष 10 में पहुंच गयी है। अदिति आशोक के बाद 2019 में लेडिज यूरोपीयन टूर पर विजेता बनने वाली दूसरी भारतीय खिलाड़ी बनीं दीक्षा ने पहले दौर में दो अंडर 70 का कार्ड खेला था। दूसरे दौर के बाद उनका स्कोर छह अंडर का है। टूर्नामेंट में भाग ले रही अन्य भारतीयों में त्वेसा मलिक (71-74) के लिए कट में जगह बनाना मुश्किल होगा जबकि पहले दौर में 83 का कार्ड खेलने वाली आस्था मदान के लिए कट में जगह पाना लगभग असंभव है । त्वेसा का स्कोर एक ओवर का है जबकि कट के पार-स्कोर के बराबर रहने की संभावना है।
इस महीने दीक्षा एमुंडी चेक लेडीज चैलेंज गोल्फ चैंपियनशिप में संयुक्त छठें स्थान पर रही थी। - कोलकाता। भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान रानी रामपाल ने कहा है कि उनकी टीम फिटनेस के मामले में यूरोपीय टीमों से कम नहीं है और वह टोक्यो ओलंपिक खेलों में किसी भी सर्वश्रेष्ठ टीम को कड़ी चुनौती देने के लिए तैयार है। भारतीय महिला टीम ने 36 वर्षों बाद रियो ओलंपिक में हिस्सा लिया था लेकिन वह ग्रुप चरण से आगे नहीं बढ़ पाई थी। उसने चार मैच गंवाए और जापान से ड्रा खेला था लेकिन रानी ने कहा कि इस बार टीम पहले से काफी बेहतर है। रानी ने वर्चुअल संवाददाता सम्मेलन में कहा, 'कोई भी टीम रातों रात चैंपियन नहीं बनती। इसके लिए कहीं न कहीं से शुरुआत करनी होती है। हम भी इस प्रक्रिया का हिस्सा हैं। कोचिंग और स्टाफ इस दिशा में काम कर रहा है। इससे पहले लोगों को लगता था कि हमारा यूरोपीय टीमों से कोई मुकाबला नहीं है।
- दुबई। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने शुक्रवार को रोमांचक फाइनल में भारत को हराकर पहले विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) का खिताब जीतने पर न्यूजीलैंड को बधाई दी।यह न्यूजीलैंड के लिए साल 2000 के आईसीसी की पहली बड़ी ट्रॉफी है। टीम इससे पहले 2015 और 2019 में लगातार दो बार एकदिवसीय विश्व कप फाइनल में पहुंची थी। न्यूजीलैंड ने करीबी मुकाबले में भारतीय टीम की दूसरी पारी को 170 रन पर समेट दिया। टीम को इसके बाद साउथम्पटन में दूसरी पारी में जीत के लिए 139 रन का लक्ष्य मिला जिसे उसने दो विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया।आईसीसी के कार्यवाहक मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) ज्योफ एलार्डिस ने कहा, मैं पहले विश्व टेस्ट चैंपियन ब्लैक कैप्स (न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम) को बधाई देना चाहता हूं, जिन्होंने दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टेस्ट टीम बनने के लिए शानदार कौशल और जज्बा दिखाया। उन्होंने कहा, मैं भारतीय टीम को भी बधाई देना चाहता हूं, जिसने फाइनल के लिए क्वालीफाई करने के लिए लगातार अच्छा प्रदर्शन किया और जीतने के इतने करीब पहुंच गये थे। एलार्डिस ने कहा कि दोनों टीमों ने शानदार कौशल दिखाया और यह टेस्ट क्रिकेट का बेहतरीन मैच था जो दुनिया भर के क्रिकेट प्रशंसकों को लंबे समय तक याद रहेगा। उन्होंने कहा, मैच को अच्छी भावना के साथ खेला गया था जिसने दोनों टीमों के एक दूसरे के प्रति सम्मान को दर्शाया।
- नई दिल्ली। दिल्ली की एक अदालत ने यहां छत्रसाल स्टेडियम में एक युवा पहलवान की कथित हत्या के संबंध में ओलंपिक पदक विजेता पहलवान सुशील कुमार की न्यायिक हिरासत नौ जुलाई तक बढ़ा दी है। कुमार को 14 दिन की न्यायिक हिरासत की अवधि समाप्त होने पर शुक्रवार को मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट मयंक अग्रवाल के समक्ष पेश किया गया। वह हत्या, गैर-इरादतन हत्या और अपहरण के आरोपों का सामना कर रहे हैं। आरोपी के वकील के अनुसार उन्हें मंडोली जेल से तिहाड़ की जेल संख्या दो में भेजा गया है।कुमार ने कथित संपत्ति विवाद को लेकर अपने साथियों के साथ मिलकर चार मई और पांच मई की मध्यरात्रि को स्टेडियम में सागर धनखड़ और उसके दो दोस्तों की पिटायी की थी। बाद में धनखड़ (23) की चोटों के कारण मौत हो गयी थी। पुलिस ने दावा किया कि सुशील कुमार हत्या का मुख्य आरोपी और मास्टरमाइंड है और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य भी उपलब्ध हैं जिसमें कुमार और उसके साथियों को धनखड़ की पिटायी करते हुए देखा जा सकता है। सुशील कुमार को 23 मई को उनके साथी अजय कुमार सहरावत के साथ पकड़ा गया। अभी तक वह 10 और 23 दिनों की क्रमश: पुलिस और न्यायिक हिरासत में रह चुके हैं। घटना के संबंध में सुशील कुमार समेत कुल 10 लोगों को अभी तक गिरफ्तार किया गया है।
- विम्बलडन। गत चैम्पियन नोवाक जोकोविच को बुधवार को विम्बलडन में शीर्ष वरीयता दी गयी जो अपना 20वां ग्रैंडस्लैम खिताब जीतने की कोशिश करेंगे जबकि रोजर फेडरर और सेरेना विलियम्स अगले हफ्ते ग्रासकोर्ट टूर्नामेंट में सातवें वरीय के तौर पर अभियान शुरू करेंगे। शीर्ष रैंकिंग पर काबिज एशले बार्टी को महिलाओं की टीम में पहली वरीयता दी गयी है। पैर में चोट के कारण फ्रेंच ओपन के दूसरे दौर के मैच में रिटायर होने के बाद से यह आस्ट्रेलियाई खिलाड़ी कोर्ट पर खेलने नहीं उतरी है। ड्रा शुक्रवार को है और टूर्नामेंट सोमवार से शुरू होगा।आठवीं रैंकिंग के फेडरर को सातवीं वरीयता दी गयी है क्योंकि फ्रेंच ओपन सेमीफाइनल में जोकोविच से हारने वाले तीसरी रैंकिंग पर काबिज राफेल नडाल विम्बलडन में नहीं खेलेंगे। दानिल मेदवेदेव दूसरे वरीय होंगे जिनके बाद स्टेफानोस सिटसिपास और डॉमिनिक थीम को वरीयता दी गयी है। गत चैम्पियन सिमोना हालेप को दूसरी वरीयता दी गयी है, उन्हें आर्यना सबालेंका और एलिना स्वितोलिना से वरीयता क्रम में आगे रखा गया है। दूसरी रैंकिंग की खिलाड़ी नाओमी ओसाका नहीं खेल रही हैं।
- साउथम्पटन। न्यूजीलैंड ने भारत को बुधवार को यहां फाइनल के छठे और सुरक्षित दिन आठ विकेट से हराकर पहली विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का खिताब जीता। भारत अपनी दूसरी पारी में 170 रन ही बना पाया जिससे पहली पारी में 32 रन की बढ़त हासिल करने वाले न्यूजीलैंड को 139 रन का लक्ष्य मिला। उसने रोस टेलर (नाबाद 47) और कप्तान केन विलियमसन (नाबाद 52) के बीच तीसरे विकेट के लिए 96 रन की अटूट साझेदारी से दो विकेट पर 140 रन बनाए। बारिश से प्रभावित इस मैच में भारत ने अपनी पहली पारी में 217 रन बनाए थे जिसके जवाब में न्यूजीलैंड 249 रन बनाने में सफल रहा था।
- चेन्नई। विदित गुजराती और डी गुकेश सहित चार भारतीय खिलाड़ी 26 जून से चार जुलाई तक खेले जाने वाले एशियाई रैपिड ऑनलाइन शतरंज टूर्नामेंट में अपनी चुनौती पेश करेंगे। इस टूर्नामेंट में 16 खिलाड़ी भाग ले रहे है जिसमें विश्व रैंकिंग में शीर्ष पर काबिज नार्वे के मैगनस कार्लसन के अलावा नीदरलैंड्स के अनिश गिरी, अमेरिका के वेस्ले सो, अर्मेनिया के लेवोन अरोनियान और चीन के डिंग लिरेन भी शामिल है। यहां जारी विज्ञप्ति के मुताबिक मेल्टवाटर चैम्पियनशिप शतरंत टूर का हिस्सा इस टूर्नामेंट में गुजराती और गुकेश के अलावा भारतीय ग्रैंडमास्टर बी अधिबान और अर्जुन इरिगैसी भी भाग ले रहे हैं। ग्रैंडमास्टर गुजराती को वाइल्ड कार्ड मिला है जबकि दूसरे सबसे कम उम्र के ग्रैंडमास्टर गुकेश ने गेलफैंड चैलेंज के माध्यम से क्वालीफाई किया । अधिबान और इरिगैसी को भारतीय क्वालीफायर के रूप में प्रवेश मिला। टूर्नामेंट में सभी की निगाहें लय में चल रहे 15 वर्षीय गुकेश पर होंगी, जिन्होंने हाल ही में गेलफैंड चैलेंज टूर्नामेंट जीता है। सत्रह वर्षीय इरिगैसी शीर्ष स्तर पर सफलता हासिल करने की उम्मीद कर रहे होंगे और ‘द बीस्ट' के नाम से जाने जाने वाले अधिबान भी एलीट खिलाड़ियों के बीच पहचान बनाने के लिए उत्सुक होंगे। चीन के होउ यिफान इस टूर पर भाग लेने वाली पहली महिला खिलाड़ी होंगी। वह महिलाओं में शीर्ष रैंकिंग की खिलाड़ी है। एशियन रैपिड प्रतियोगिता में 100,000 डालर (लगभग 73 लाख रूपये) का इनाम होगा और यह मैग्नस ग्रुप द्वारा आयोजित ऑनलाइन शतरंज के प्रतिष्ठित एटीपी-शैली सत्र का सातवां चरण है। सभी मुकाबलों को ‘चेस24 डॉट कॉम' पर खेला जाएगा। इस प्रारूप में सभी चाल के लिए प्रति खिलाड़ी 15 मिनट का समय मिलेगा और उसके बाद हर चाल के लिए 10 सेकेंड की बढोतरी होगी।
- नयी दिल्ली। भारत सरकार ने मंगलवार को सभी राज्य सरकारों और केंद्र शासित प्रदेशों से तोक्यो ओलंपिक के लिए जाने वाले भारतीय दल के लिए समर्पित कोविड-19 टीकाकरण केंद्र को तैयार करने को कहा है। भारतीय ओलंपिक संघ ने कहा है कि देश में 120 से अधिक खिलाड़ियों सहित 190 सदस्यों को तोक्यो ओलंपिक में भेजने की संभावना है, जो 23 जुलाई से शुरू होगा। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों को लिखे पत्र में कहा , ‘‘ ओलंपिक के लिए एथलीटों, कोचों, सहायक कर्मचारियों और प्रतिनिधि सदस्यों को पूरी तरह से टीकाकरण की आवश्यकता है, जिसमें खेलों के लिए प्रस्थान से पहले कोविशील्ड वैक्सीन की दूसरी खुराक भी शामिल है।'' उन्होंने कहा, ‘‘इस संबंध में, आपसे अनुरोध है कि कृपया अपने राज्यों में समर्पित कोविड-19 टीकाकरण केंद्रों की पहचान करें और एथलीटों, कोचों, सहायक कर्मचारियों और प्रतिनिधि सदस्यों को तोक्यो ओलंपिक के लिए रवाना होने से पहले कोविशील्ड वैक्सीन की दूसरी खुराक के साथ पूर्ण टीकाकरण करने के लिए जरूरी व्यवस्था करें।'' आईओए (भारतीय ओलंपिक संघ) ने कहा है कि ओलंपिक के लिए जाने वाले अधिकांश एथलीटों (कुछ को छोड़कर) ने टीके की अपनी पहली डोज प्राप्त कर ली है। इसमें उन एथलीटों के लिए भी व्यवस्था की गई है जो विदेश में प्रशिक्षण ले रहे हैं और उनके सीधे तोक्यो जाने की उम्मीद है।
- नयी दिल्ली। भारत ने तोक्यो में 23 जुलाई से आठ अगस्त के बीच होने वाले ओलंपिक खेलों के लिये सोमवार को स्ट्राइकर रानी रामपाल को राष्ट्रीय महिला हॉकी टीम का कप्तान तथा दीप ग्रेस एक्का और सविता के रूप में दो उपकप्तान नियुक्त किये। भारत ने पिछले सप्ताह तोक्यो ओलंपिक के लिये 16 सदस्यीय टीम घोषित की थी लेकिन तब कप्तान की घोषणा नहीं की गयी थी हालांकि यह लगभग तय था कि रानी ही टीम की अगुवाई करेगी। रानी ने हॉकी इंडिया के बयान में कहा, ‘‘ओलंपिक खेलों में भारतीय टीम की अगुवाई करना बहुत बड़ा सम्मान है। पिछले कुछ वर्षों में कप्तान के रूप में मेरी भूमिका आसान हो गयी है क्योंकि मेरी साथी खिलाड़ियों ने सीनियर खिलाड़ियों के रूप में जिम्मेदारियां साझा की। '' रानी की कप्तानी में भारत ने पिछले कुछ वर्षों में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की। इनमें एशिया कप 2017 में खिताब, एशियाई खेल 2018 में रजत पदक, एशियाई चैंपियन्स ट्राफी 2018 में रजत पदक और एफआईएच सीरीज फाइनल 2019 में जीत शामिल है। मुख्य कोच सोर्ड मारिन ने कहा, ‘‘मैं रानी को ओलंपिक खेलों के लिये भारतीय महिला टीम की कप्तान नियुक्त किये जाने पर बधाई देता हूं।
- युगेन (अमेरिका)। दिग्गज धाविका एलिसन फेलिक्स ने 35 साल की उम्र में पांचवीं बार ओलंपिक में जगह बनाई। फेलिक्स की नजरें 10वें ओलंपिक पदक पर टिकी हैं। फेलिक्स 400 मीटर स्पर्धा में हिस्सा लेंगी। उन्होंने ट्रायल में दूसरे स्थान पर रहते हुए ओलंपिक टीम में जगह बनाई।एक बेटी की मां फेलिक्स के पास ओलंपिक में 10 वां पदक जीतने का मौका होगा और अगर वह ऐसा करने में सफल रहती हैं तो खेलों के इतिहास की सबसे सफल महिला ट्रैक एथलीट के रूप में जमैका की मार्लिन ओटे की बराबरी कर लेंगी। अमेरिकी ट्रैक ट्रायल में फेलिक्स एक समय पांचवें स्थान पर पिछड़ी हुई थी लेकिन इसके बाद जोरदार वापसी करते हुए दूसरा स्थान हासिल करने में सफल रहीं। फेलिक्स ने 50.02 सेकेंड का समय लिया और वह क्वानेरा हायेस से 0.24 सेकेंड पीछे रही। उनसे 0.01 सेकेंड पीछे वेडलिन योनाथास ने तीसरा स्थान हासिल किया।फेलिक्स ने रविवार की स्पर्धा के बाद कहा, यह मेरे लिए बेहद गौरवपूर्ण पल है। मैंने इसके लिए काफी मेहनत की है। कई बार मैं सुनिश्चित नहीं थी कि यह संभव होगा या नहीं। मुझे चुनौती पेश करने और किसी तरह टीम में जगह बना पाने पर गर्व है।
- ब्रिस्टल। अपना पहला टेस्ट खेल रही आल राउंडर स्नेह राणा (नाबाद 80 रन) की शानदार अर्धशतकीय पारी और तानिया भाटिया (नाबाद 44 रन) के साथ नौंवे विकेट के लिये 104 रन की रिकार्ड साझेदारी से भारत ने शनिवार को यहां चौथे और अंतिम दिन इंग्लैंड से एकमात्र क्रिकेट टेस्ट मैच ड्रा कराया।इंग्लैंड ने पहली पारी नौ विकेट पर 396 रन पर घोषित की थी जिसके जवाब में भारतीय टीम पहली पारी में 231 रन पर सिमट गयी और मेजबानों ने उसे फॉलो ऑन दिया। शीर्ष क्रम ने फिर भारत को अच्छी शुरूआत करायी, पर मध्यक्रम फिर चरमरा गया। इसके बावजूद भारत ने निचले क्रम के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत दूसरी पारी में आठ विकेट पर 344 रन बनाये और मैच ड्रा कराया। भारत के लिये पांच खिलाडिय़ों ने टेस्ट पदार्पण किया जिसमें स्नेह, तानिया, दीप्ति शर्मा और शेफाली वर्मा अपने प्रदर्शन से सभी को लुभाने में सफल रहीं। स्नेह और तानिया ने इस तरह भारत की नौंवे विकेट के लिये 90 रन की रिकार्ड साझेदारी को पीछे छोड़ दिया जो शुभांगी कुलकर्णी और मणिमाला सिंघल के बीच 1986 में इंग्लैंड के खिलाफ बनी थी। स्नेह ने अपनी पारी में 154 गेंद का सामना करते हुए 13 चौके जमाये जबकि तानिया ने छह चौके लगाये।इंग्लैंड की गेंदबाज सोफी एक्लेस्टोन ने दोनों पारियों में चार चार विकेट हासिल किये जबकि हीथर नाइट और नैट स्किवर ने दोनों पारियों में कुल तीन तीन विकेट झटके। भारत ने एक विकेट पर 83 रन से आगे खेलते हुए लंच तक तीन विकेट पर 171 रन बना लिये थे जिसमें दीप्ति शर्मा ने 54 रन की संयमित पारी खेली। दीप्ति ने पूनम राउत (83 गेंद में 39 रन) के साथ 72 रन की भागीदारी की लेकिन लंच से पहले आउट हो गयीं। भारत ने लंच के बाद चार विकेट जल्दी गंवा दिये थे और इस दौरान केवल 28 रन जुड़े। लेकिन पदार्पण कर रही स्नेह और शिखा पांडे (18 रन) ने आठवें विकेट के लिये 41 रन की अहम साझेदारी निभा मेहमान टीम को मैच में ड्रा की ओर बनाये रखा। इन दोनों ने 17 ओवर तक बल्लेबाजी की जिसके बाद शिखा 91वें ओवर में नैट स्किवर की गेंद पर स्टंप के पीछे आउट हो गयीं। दूसरे सत्र में इंग्लैंड ने कप्तान मिताली राज (04) को सस्ते में आउट कर दिया और फिर राउत का विकेट झटका जिससे स्कोर पांच विकेट पर 175 रन हो गया। कप्तान मिताली इंग्लैंड की गेंदबाज सोफी एक्लेस्टोन (मैच में कुल आठ विकेट) की गेंद को नहीं पढ़ सकीं जिससे उनके स्टंप उखड़ गये जबकि अच्छी लय में दिख रही राउत स्क्वायर लेग पर सीधा कैच देकर आउट हुईं। पूजा वस्त्राकर (12) ने फिर 68वें ओवर में एक्लेस्टोन पर तीन बाउंड्री लगायी पर 71वें ओवर में हीथर नाइट ने उनका विकेट झटक लिया। पहली पारी में महज चार रन बनाने वाली उप कप्तान हरमनप्रीत कौर भी ज्यादा देर क्रीज पर नहीं टिक सकीं और स्लॉग स्वीप शॉट खेलने के प्रयास में एक्लेस्टोन का चौथा शिकार बनीं। शिखा और स्नेह ने मिलकर आठ चौके लगाकर कुछ रन जोड़े।इससे पहले भारत ने सुबह सलामी बल्लेबाज शेफाली का विकेट गंवाया जो 30वें ओवर में एक्लेस्टोन का शिकार बनी। वह अपने रात के 55 रन के स्कोर में आठ रन ही जोड़ सकीं और टीम का स्कोर दो विकेट पर 99 रन हो गया। एक्लेस्टोन के ओवर की पहली गेंद को सीधे छक्के के लिये भेजने के बाद शेफाली अंतिम गेंद पर आउट हुईं जिनका कैच लांग आन पर कैथरीन ब्रंट ने लपका। इसके बाद दीप्ति और राउत काफी संयमित होकर खेलीं और इन दोनों ने टीम को लंच तक छह रन की बढ़त दिला दी। तब भारत के सात विकेट बचे थे। दीप्ति ने कुछ बेहतरीन शॉट लगाये जिसमें आन्या श्रबसोल पर एक ड्राइव और स्वीप शॉट शामिल था।राउत ने भी कुछ गेंदों को सीमा तक पहुंचाया लेकिन इस दौरान वह पगबाधा की दो अपील से भी बचीं और दोनों बार डीआरएस ने उन्हें बचा लिया। दीप्ति 55वें ओवर में नटाली स्किवर की गेंद पर एक रन लेकर 50 रन तक पहुंची। एक्लेस्टोन की गेंद पर दीप्ति का ध्यान भंग हुआ और वह गेंद को स्लॉग करने की कोशिश में लेग स्टंप पर लगा बैठी। यह लंच से पहले 58वें ओवर की अंतिम गेंद थी।
- चेन्नई। भारत के युवा शतरंज खिलाड़ी निहाल सरीन और आर प्रागनानंधा को रूस में होने वाले आगामी विश्व कप के पुरूष वर्ग में फिडे प्रेसिंडेंट्स वाइल्ड कार्ड मिला है। ग्रैंडमास्टर सरीन (16 वर्ष) और ग्रैंडमास्टर प्रागनानंधा (15 वर्ष) इस तरह 10 जुलाई में सोच्चि में होने वाले विश्व कप में ग्रैंडमास्टर विदित संतोष गुजराती, पी हरिकृष्णा, अरविंद चिदम्बरम, पी इनियान और डी गुकेश के साथ शिरकत करेंगे। चेस डॉट कॉम इंडिया ने ट्वीट किया, ‘‘उभरते हुए स्टार निहाल सरीन और प्रागनानंधा को फिडे प्रेसिडेंट्स वाइल्ड कार्ड मिला है। ये दोनों अगले महीने विश्व कप में खेलेंगे। '
- - जीवनसाथी के निधन की खबर अक्सर ही उसके साथी को 'ब्रोकेन हार्ट सिंड्रोम' से ग्रसित कर देती है- विशेषज्ञनई दिल्ली। भारत के महान फर्राटा धावक मिल्खा सिंह की पत्नी निर्मल कौर की कोविड-19 से मृत्यु होने के पांच दिन बाद मिल्खा सिंह का भी निधन हो गया। इस महामारी ने पूरे भारत को अपनी चपेट में लिया, जिसमें कई अन्य दंपती की भी जान चली गई। वे लोग दशकों से एक दूसरे के साथी थे, या शायद साथ में अपने जीवन का सफर शुरू किया था और हफ्तों के अंदर तथा कभी-कभी कुछ दिनों के अंतराल पर दुनिया को अलविदा कह गये।मनोचिकित्सकों ने इसके लिए एक शब्दावली-'ब्रोकेन हार्ट सिंड्रोम' दी है और महान मिल्खा सिंह दंपती संभवत: इसके प्रतीक हैं। कोविड-19 से 91 वर्ष की आयु में लंबी लड़ाई लडऩे के बाद भारत के महान खेल विभूतियों में शामिल मिल्खा सिंह का निधन शुक्रवार को चंडीगढ़ में हो गया। वहीं, उनकी पत्नी एवं राष्ट्रीय वॉलीबॉल खिलाड़ी रह चुकी निर्मल कौर का 13 जून को निधन हो गया था। उन दोनों का विवाह 58 साल पहले हुआ था और 65 साल पहले वे एक दूसरे से पहली बार मिले थे। उनकी तीन बेटियों और बेटे जीव मिल्खा सिंह ने अपने माता-पिता के सच्चे प्रेम और साहचर्य की सराहना की।परिवार ने एक बयान में कहा, ''उन्होंने बहुत हौसला दिखाया, लेकिन ईश्वर को कुछ और ही मंजूर था और शायद यह उनका सच्चा प्रेम और साहचर्य ही था कि दोनों ही लोग, हमारी मां निर्मल जी और अब पिता पांच दिनों के अंतराल पर गुजर गए।'' इस तरह से निधन होने वाले लोगों में सिर्फ वे ही एकमात्र नहीं हैं।राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ पहाडिय़ा (89) और उनकी पत्नी शांति पहाडिय़ा (पूर्व विधायक एवं राज्यसभा सदस्य) का निधन भी कुछ ही दिनों के अंतराल पर हुआ। पूर्व मुख्यमंत्री का निधन गुडगांव के अस्पताल में 20 मई को हुआ था, जबकि उनसे दो साल छोटी उनकी पत्नी का निधन उसी अस्पताल में तीन दिन बाद हुआ। उनके बेटे ओम प्रकाश पहाडिय़ा ने कहा, ''वे दोनों जीवनभर साथ रहे और राजनीतिक रूप से सक्रिय रहे तथा एक साथ दुनिया को अलविदा कह गये।''वरिष्ठ पत्रकार कल्याण बरूआ और नीलाक्षी भट्टाचार्य का भी कोविड से मई में गुडग़ांव के अस्पताल में निधन हो गया। उनका भी निधन एक दूसरे से तीन दिन के अंतराल पर हुआ था। लंबे समय तक साथ रहने के बाद राजस्थान के बीकानेर निवासी दंपती ओम प्रकाश और मंजू देवी भी एक दूसरे से अलग नहीं रह सके। पिछले साल नवंबर में 15 दिनों के अंतराल पर उनका निधन हो गया। उनके भतीजे ने कहा कि उनकी चाची अपने पति के निधन के सदमे को सहन नहीं कर सकी।ऐसे मामलों में, जिनमें किसी दंपती में एक का इलाज के दौरान निधन हो जाता है जबकि दूसरा अब भी रोग से उबर रहा होता है, उस बारे में मेडिकल विशेषज्ञों की यह सलाह है कि निधन की खबर जीवनसाथी की स्थिति खतरे से बाहर होने के बाद ही साझा की जाए। मुंबई के मनोचिकित्सक हरीश शेट्टी के मुताबिक निधन की खबर नहीं मिलने पर रोग से उबरने में मदद मिलती है। उन्होंने कहा, ''जब दंपती में एक शारीरिक रूप से बहुत ही कमजोर हो जाता है तब उसे इस तरह की सूचना देने पर उसका मानसिक स्वास्थ्य बिगड़ जाता है और स्थिति बहुत ही खराब हो जाती है।'' शेट्टी ने कहा, ''मैं उन टीमों में शामिल रहा हूं, जिसने जीवनसाथी को रोग से उबरने के बाद (दुखद) सूचना दी। परिवार, चिकित्सक और सलाहकार की मौजूदगी जरूरी है।'' अर्पिता बसु रॉय के माता-पिता का चार दिनों के अंतराल पर निधन हो गया। दोनों एक साथ अस्पताल में भर्ती थे। उन्होंने बताया, ''वे दोनों एक दूसरे के बगैर भोजन भी नहीं करते थे। ''उन्होंने बताया, ''जब उनकी मां का निधन हो गया, तब उनके पिता के जीने की इच्छा भी नहीं रही। वे दोनों जीवनसाथी थे और शायद एक दूसरे के बिना नहीं रह सकते थे।'' गुडग़ांव की मनोचिकित्सक ज्योति कपूर ने कहा कि जीवनसाथी के निधन की खबर अक्सर ही उसके साथी को 'ब्रोकेन हार्ट सिंड्रोम' से ग्रसित कर देती है। यह हृदय की एक ऐसी अस्थायी स्थिति है, जो काफी तनाव और अत्यधिक भावुक होने से पैदा होती है। अपने माता-पिता को कोविड-19 के कारण गंवा चुके कॉमेडियन भुवन बाम ने कहा , आई और बाबा के बिना पहले जैसा कुछ नहीं रहेगा। एक महीने में सब बिखर चुका है। घर, सपने, सब कुछ। '' मुंबई के इस कलाकार ने पिछले हफ्ते इंस्टाग्राम पर लिखा, ''क्या मैं एक अच्छा बेटा था? क्या मैंने उन्हें बचाने की पर्याप्त कोशिश की? ये सवाल हमेशा ही मेरे मन में बने रहेंगे।'
- चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने शनिवार को घोषणा की कि खेल विश्वविद्यालय पटियाला में मिल्खा सिंह के नाम पर पीठ स्थापित की जाएगी। अपने जमाने के दिग्गज ट्रैक एवं फील्ड एथलीट मिल्खा सिंह का शुक्रवार की रात को कोविड-19 से जुड़ी जटिलताओं के कारण निधन हो गया था। मुख्यमंत्री ने मिल्खा सिंह के सेक्टर-8 स्थित आवास के बाहर पत्रकारों से कहा, ‘‘हम खेल विश्वविद्यालय पटियाला में मिल्खा सिंह पीठ स्थापित करने जा रहे हैं। '' अमरिंदर सिंह और राज्य के खेल मंत्री राणा गुरमीत सिंह मिल्खा के पुत्र जीव और अन्य परिजनों के पास शोक व्यक्त करने के लिये आये थे। file photo




.jpg)




.jpg)



.jpg)
.jpg)






.jpg)
.jpg)


.jpg)

.jpg)