- Home
- बिजनेस
- नयी दिल्ली। सूक्ष्म, लघु एवं मझोले उद्यम (एमएसएमई) मंत्रालय ने कहा है कि जल्द ही छत्तीसगढ़ में 25 और हरियाणा में पांच प्राकृतिक पेंट विनिर्माण इकाइयां लगाई जाएंगी। एमएसमएई मंत्रालय ने मंगलवार को बयान में कहा कि इस बारे में खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग (केवीआईसी) के साथ प्रौद्योगिकी हस्तांतरण करार पर हस्ताक्षर किए गए हैं। मंत्रालय ने कहा कि केवीआईसी द्वारा गाय के गोबर का कच्चे माल के रूप में इस्तेमाल कर विकसित खादी प्राकृतिक पेंट को छत्तीसगढ़ और हरियाणा ने सतत रोजगार के मॉडल के रूप में अपनाया है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की उपस्थिति में राज्य सरकार ने 21 नवंबर को केवीआईसी के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। हरियाणा के साथ समझौता ज्ञापन पर 12 नवंबर को हस्ताक्षर किए गए थे।
- नयी दिल्ली। भारत कच्चे तेल की कीमतों में कमी लाने के लिए अपने रणनीतिक तेल भंडार से 50 लाख बैरल कच्चा तेल निकालने की योजना बना रहा है। एक न्यूज़ एजेंसी के अनुसार सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि दूसरी बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के साथ तालमेल बनाकर यह कच्चा तेल बाजार में लाया जाएगा। अधिकारी के मुताबिक, अगले हफ्ते-दस दिन में यह प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। उन्होंने बताया कि भारत के रणनीतिक भंडार से निकाले जाने वाले कच्चे तेल को मंगलोर रिफाइनरी एंड पेट्रोकेमिकल्स लिमिटेड (एमआरपीएल) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) को बेचा जाएगा। ये दोनों सरकारी तेल शोधन इकाइयां रणनीतिक तेल भंडार से पाइपलाइन के जरिये जुड़ी हुई हैं। इस अधिकारी ने कहा कि इस बारे में औपचारिक घोषणा जल्द ही की जाएगी। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर भारत अपने रणनीतिक भंडार से और कच्चे तेल की निकासी का भी फैसला ले सकता है। भारत ने कच्चे तेल की अंतरराष्ट्रीय कीमतों में जारी तेजी के बीच अन्य बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के साथ मिलकर अपने आपातकालीन तेल भंडार से निकासी का मन बनाया है। इससे कच्चे तेल की कीमतों में कमी आने का आधार तैयार होगा। भारत ने अपने पश्चिमी एवं पूर्वी दोनों तटों पर रणनीतिक तेल भंडार बनाए हुए हैं। आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम और कर्नाटक के मंगलूरु एवं पदुर में ये भूमिगत तेल भंडार बनाए गए हैं। इनकी सम्मिलित भंडारण क्षमता करीब 3.8 करोड़ बैरल की है। भारत ने यह कदम तेल उत्पादक देशों की तरफ से कीमतों में कमी लाने के लिए उत्पादन बढ़ाने से इनकार करने के बाद उठाने का मन बनाया है। इसके लिए अमेरिका ने भारत के अलावा चीन एवं जापान से भी मिलकर प्रयास करने का अनुरोध किया था। इस अधिकारी ने अपना नाम सामने न आने की शर्त पर कहा कि दूसरे देशों के साथ समन्वय बनाकर रणनीतिक भंडार से तेल निकासी का काम शुरू किया जाएगा। इसका समय इस बारे में अमेरिकी सरकार की औपचारिक घोषणा पर निर्भर करेगा। भारत दुनिया का तीसरा बड़ा तेल उपभोक्ता देश है। पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने पिछले हफ्ते दुबई में कहा था कि तेल कीमतें बढ़ने का असर वैश्विक आर्थिक पुनरुद्धार पर पड़ेगा। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम 78 डॉलर प्रति बैरल पर हैं। पिछले महीने यह 86 डॉलर प्रति बैरल से भी ज्यादा हो गया था लेकिन यूरोप के कुछ देशों में फिर से लॉकडाउन लगने और प्रमुख उपभोक्ता देशों के मिलकर सुरक्षित तेल जारी करने की धमकियों से इसमें गिरावट आई है।
- नयी दिल्ली। प्रमुख खाद्य कंपनी पारले प्रोडक्ट्स ने उत्पादन लागत में वृद्धि के मद्देनजर अपने उत्पादों की सभी श्रेणियों में कीमतों में पांच से 10 प्रतिशत की वृद्धि की है। कंपनी के एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी देते हुए कहा कि चीनी, गेहूं और खाद्य तेल जैसे कच्चे माल की कीमतों में वृद्धि के चलते यह कदम उठाना पड़ा है। बिस्कुट खंड में पारले के उत्पादों में पारले जी, हाइड एंड सीक और क्रैकजैक जैसे लोकप्रिय ब्रांड शामिल हैं। कंपनी ने रस्क और केक खंड में कीमतों में क्रमशः 5-10 प्रतिशत और 7-8 प्रतिशत की वृद्धि की है। इसका सबसे लोकप्रिय ग्लूकोज बिस्किट पारले जी अब 6-7 प्रतिशत महंगा हो गया है। पारले प्रोडक्ट्स के वरिष्ठ श्रेणी प्रमुख मयंक शाह ने कहा, ‘‘हमने कीमतों में 5-10 प्रतिशत की वृद्धि की है।'' उन्होंने कहा कि कंपनी ने 20 रुपये या अधिक मूल्य के बिस्कुट और अन्य उत्पादों के दाम बढ़ाए हैं। वहीं कीमतों को आकर्षक स्तर पर बनाए रखने के लिए पैकेट के ‘ग्राम' में कटौती की है।
- नयी दिल्ली। देश के अधिकांश शहरों में टमाटर की खुदरा कीमतें 80 रुपये प्रति किलोग्राम के आसपास चल रही हैं, लेकिन सरकारी आंकड़ों के अनुसार, व्यापक बारिश के कारण कुछ दक्षिणी राज्यों में इसका खुदरा भाव 120 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गया है। चेन्नई में टमाटर का खुदरा भाव 100 रुपये प्रति किलो, पुडुचेरी में 90 रुपये प्रति किलो, बेंगलुरु में 88 रुपये प्रति किलो और हैदराबाद में 65 रुपये प्रति किलो हो गया है। केरल में टमाटर की खुदरा कीमतें कोट्टायम में 120 रुपये प्रति किलो, एर्नाकुलम में 110 रुपये प्रति किलो, तिरुवनंतपुरम में 103 रुपये प्रति किलो, पलक्कड़ में 100 रुपये प्रति किलो, त्रिशूर में 97 रुपये प्रति किलो तथा वायनाड और कोझीकोड में 90 रुपये प्रति किलो पर चल रही हैं। कर्नाटक में टमाटर का खुदरा भाव धारवाड़ में 85 रुपये किलो, मैसूर में 84 रुपये किलो, मेंगलूर में 80 रुपये किलो और बेल्लारी में 78 रुपये किलो है। आंध्र प्रदेश में टमाटर की कीमतें विजावाड़ा में 91 रुपये प्रति किलो, विशाखापत्तनम में 80 रुपये प्रति किलो और तिरुपति में 75 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई हैं। तमिलनाडु में रामनाथपुरम में टमाटर 119 रुपये प्रति किलो, तिरुनेलवेली में 103 रुपये किलो, तिरुचिरापल्ली में 97 रुपये किलो, कुड्डालोर में 94 रुपये किलो और कोयंबटूर में 90 रुपये किलो बिक रहा है। हालांकि, उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय के 167 केंद्रों के आंकड़ों के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में टमाटर 72 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव बिक रहा है। आंकड़ों के अनुसार, टमाटर की खुदरा कीमतों में अक्टूबर की शुरुआत से वृद्धि शुरू हुई और नवंबर में यह उच्चस्तर पर बनी हुई हैं। आजादपुर टमाटर संघ के अध्यक्ष अशोक कौशिक ने कहा, ‘‘दक्षिण भारत से दिल्ली को टमाटर की आपूर्ति बारिश के कारण प्रभावित हुई है। अगर आने वाले दिनों में बारिश जारी रही, तो राष्ट्रीय राजधानी में कीमतें मौजूदा स्तर से भी बढ़ सकती हैं।'' उन्होंने कहा कि पड़ोसी राज्यों उत्तराखंड, राजस्थान और मध्य प्रदेश से देसी किस्म के टमाटर की आवक के कारण आजादपुर थोक बाजार में टमाटर की कीमतों में मंगलवार को थोड़ी गिरावट आई।
- नयी दिल्ली,। पेटीएम की मूल कंपनी वन97 कम्युनिकेशंस का शेयर मंगलवार को 10 प्रतिशत चढ़ गया। सूचीबद्धता के बाद लगातार दो कारोबारी सत्रों में पेटीएम का शेयर टूटा था। बीएसई में कंपनी का शेयर 9.90 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,494.95 रुपये पर बंद हुआ। दिन में कारोबार के दौरान यह 12.10 फीसदी उछलकर 1,525 रुपये पर पहुंचा था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज में कंपनी का 9.93 प्रतिशत के लाभ से 1,494.70 रुपये पर बंद हुआ। वन97 कम्युनिकेशंस लिमिटेड के शेयर की गुरुवार को बाजार में कमजोर शुरुआत हुई थी और यह 2,150 रुपये के निर्गम मूल्य से 27 प्रतिशत नीचे आ गया था।
- नई दिल्ली। दूरसंचार परिचालक भारती एयरटेल ने सोमवार को विभिन्न प्रीपेड पेशकश के लिए टैरिफ में 20-25 प्रतिशत बढ़ोतरी की घोषणा की, जिसमें टैरिफ वॉयस प्लान, असीमित वॉयस बंडल और डेटा टॉप अप शामिल हैं। शुरुआती स्तर के वॉयस प्लान में लगभग 25 फीसदी की बढ़ोतरी की गई है, जबकि अनलिमिटेड वॉयस बंडल के ज्यादातर मामलों में बढ़ोतरी लगभग 20 फीसदी है।कंपनी ने कहा कि उसने हमेशा यह सुनिश्चित किया है कि मोबाइल प्रति उपयोगकर्ता औसत राजस्व (एआरपीयू) 200 रुपये और आखिरकार 300 रुपये होना चाहिए, ताकि पूंजी पर उचित प्रतिफल मिल सके।एयरटेल ने एक बयान में कहा, हम यह भी मानते हैं कि एआरपीयू के इस स्तर से नेटवर्क और स्पेक्ट्रम में जरूरी पर्याप्त निवेश किया जा सकेगा। इससे भी महत्वपूर्ण बात यह है कि इससे एयरटेल को भारत में 5जी लागू करने के लिए मदद मिलेगी। नए टैरिफ 26 नवंबर 2021 से लागू होंगे। शुरुआती वायस प्लान का टैरिफ 28 दिनों की वैधता के साथ मौजूदा 79 रुपये की जगह अब 99 रुपये होगा। इसमें 50 प्रतिशत अधिक टॉकटाइम (99 रुपये), 200 एमबी डेटा और एक पैसा प्रति सेंकेंड का वॉयस टैरिफ जैसे लाभ शामिल हैं।
- नयी दिल्ली। रियल एस्टेट क्षेत्र की अग्रणी सलाहकार फर्म कोलियर्स ने भारत में अपने कारोबार के विस्तार के लिए आक्रामक रणनीति अख्तियार करते हुए अगले साल एक हजार से अधिक कर्मचारियों की नियुक्ति करने का फैसला किया है। कोलियर्स इंडिया के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) रमेश नायर ने कहा कि अगले साल कंपनी भारत में करीब एक हजार नए कर्मचारियों की भर्ती करने के अलावा जनवरी में दो नई सेवाएं भी शुरू करने जा रही है। यह भारतीय बाजार में विस्तार के लिए कंपनी की आक्रामक रणनीति का हिस्सा है। नायर ने एजेंसी को दिए गए साक्षात्कार में कहा कि कोलियर्स इंडिया को लाभपरकता के लिहाज से देश की शीर्ष तीन रियल एस्टेट सलाहकार फर्मों में शामिल करने के लक्ष्य को देखते हुए यह रणनीति अपनाई गई है। नायर इस साल जुलाई में ही इस कंपनी के सीईओ बने हैं। कनाडा स्थित सलाहकार फर्म कोलियर्स की भारतीय अनुषंगी कोलियर्स इंडिया के मुखिया के तौर पर नायर ने कहा कि कर्मचारियों की संख्या बढ़ाना, सही कार्यसंस्कृति अपनाना, अपने ब्रांड की मार्केटिंग, नवाचारी तकनीकों को लागू करना और अपने ग्राहक आधार को बढ़ाना जरूरी है। नायर ने कहा, ‘‘हम अपनी मजबूती पर टिके रहेंगे। हम देश में सबसे बड़ी परियोजना प्रबंधन कंपनी हैं। अब हमें कार्यालय, औद्योगिक एवं भंडारगृह और पूंजी बाजार खंडों में अपनी बाजार हिस्सेदारी बढ़ाने की जरूरत है।'' उन्होंने कहा कि इसके लिए सभी स्तरों पर नए कर्मचारियों की भर्ती से मदद मिलेगी।फिलहाल कोलियर्स इंडिया में करीब 3,000 कर्मचारी काम कर रहे हैं। अगले साल एक हजार नई भर्तियां करने की योजना है। कंपनी की जनवरी, 2022 में दो नई सेवाएं शुरू करने की भी तैयारी है। हालांकि, उन्होंने इसका ब्योरा नहीं दिया लेकिन यह जरूर कहा कि कंपनी कारोबार विकास के साथ खाता प्रबंधन पर भी जोर देती रहेगी। उन्होंने कहा कि कोविड-19 महामारी के झटके से अब रियल एस्टेट क्षेत्र काफी हद तक उबरता दिख रहा है। आवासीय क्षेत्र के अलावा कार्यालय एवं शॉपिंग मॉल के क्षेत्र में भी सुधार के संकेत नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि कोविड टीकाकरण की रफ्तार और सुधरे आर्थिक हालात इसे मजबूती दे रहे हैं।
- मुंबई। किराये पर इलेक्ट्रिक स्कूटर देने वाली स्टार्टअप बाउंस का पहला उपभोक्ता इलेक्ट्रिक स्कूटर 'इन्फिनिटी' अगले महीने यानी दो दिसंबर को घरेलू बाजार में उतारा जाएगा। इसकी डिलिवरी 2022 की शुरुआत में शुरू होने की उम्मीद है। बेंगलुरु से कारोबार का संचालन करने वाली कंपनी ने इससे पहले 22 मोटर्स का अधिग्रहण किया था। इसके तहत 22 मोटर्स के राजस्थान के भिवाड़ी संयंत्र का भी अधिग्रहण किया गया था। यह सौदा करीब 70 लाख डॉलर में हुआ था। इसके अलावा कंपनी ने इसी महीने अपने ई-स्कूटर विनिर्माण और बैटरी अदला-बदली ढांचे में अगले 12 माह में 10 करोड़ डॉलर का निवेश करने की घोषणा की थी। बाउंस ने रविवार को एक बयान में कहा कि उसका उपभोक्ता इलेक्ट्रिक स्कूटर इन्फिनिटी दो दिसंबर को घरेलू बाजार में पेश किया जाएगा और इसकी बुकिंग भी उसी दिन से शुरू हो जायेगी। कंपनी ने मुताबिक, इस स्कूटर की आपूर्ति हालांकि अगले वर्ष की शुरुआत से होगी। पूर्ण रूप से देश में विनिर्मित इस स्कूटर को 499 रुपये के अग्रिम भुगतान के साथ बुक किया जा सकता है। बाउंस इन्फिनिटी स्कूटर में स्मार्ट और हटाने जाने योग्य लिथियम-आयन बैटरी होगी, जिसे ग्राहक अपनी सुविधा और जरूरत के अनुसार निकालकर कहीं भी चार्ज कर सकते हैं। कंपनी घरेलू बाजार की क्षमता को देखते हुए दक्षिण भारत में एक और संयंत्र स्थापित करने पर विचार कर रही है।
- नयी दिल्ली। ओला इलेक्ट्रिक ने शनिवार को कहा कि उसने देश भर में अपने इलेक्ट्रिक स्कूटरों के लिए ग्राहक टेस्ट राइड का विस्तार किया है। कंपनी के एक बयान में कहा गया है कि इस विस्तार के साथ, 1,000 से अधिक शहरों और कस्बों में ग्राहक ओला एस1 इलेक्ट्रिक स्कूटर की सवारी को परख और अनुभव कर सकेंगे। बयान में कहा गया कि टेस्ट राइड शुरू में केवल उन लोगों के लिए खुली होंगी, जिन्होंने ओला एस1 और एस1 प्रो स्कूटर खरीदे या आरक्षित किए हैं। ओला ने 10 नवंबर को बेंगलुरु, दिल्ली, अहमदाबाद और कोलकाता में टेस्ट राइड की शुरुआत की थी और फिर 19 नवंबर को पांच और शहरों- चेन्नई, हैदराबाद, कोच्चि, मुंबई और पुणे में इसकी शुरुआत की थी। बयान में कहा गया है कि कंपनी अब 15 दिसंबर तक सभी ग्राहकों को टेस्ट राइड की सुविधा प्रदान करने के लिए तेजी से और स्थानों पर इसका विस्तार करेगी।
- नयी दिल्ली। ई-कॉमर्स ‘रोल अप' कंपनी 10क्लब ने शुक्रवार को कहा कि उसने लॉन और उद्यान खंड में काम कर रही तीन ई-कॉमर्स कंपनियों का अधिग्रहण किया है। 10क्लब ने जिन फर्मों का अधिग्रहण किया है उनमें क्राफ्टसीड्स, गेट गार्डन और कृति कलश शामिल हैं। इन अधिग्रहण के साथ 10क्लब को पांच करोड़ डॉलर का वार्षिक राजस्व ‘रन रेट' हासिल होने की उम्मीद है। तीनों कंपनियों के कर्मचारी 10क्लब में शामिल हो जाएंगे, जिससे उसके कर्मचारियों की संख्या आठ गुना बढ़कर 400 हो जाएगी, जो वर्तमान में 48 है। 10क्लब के अधिग्रहण वाले तीनों ब्रांड बीज, मिट्टी, खाद, प्लांटर्स, उपकरण और हर उस प्रकार के उपकरणों की विशेषज्ञता रखते हैं, जिनकी उपभोक्ताओं को अपने घर में बागवानी के लिए जरूरत हो सकती है।
- नयी दिल्ली। जर्मनी की लग्जरी कार कंपनी मर्सिडीज-बेंज ने शुक्रवार को अपनी कॉम्पैक्ट कार एएमजी ए 45 एस 4मैटिक+ पेश की, जिसकी शोरूम कीमत 79.50 लाख रुपये है। मर्सिडीज-बेंज इंडिया ने एक बयान में कहा कि यह मॉडल 2 लीटर टर्बोचार्ज्ड इंजन द्वारा संचालित है, जो 421 एचपी की शक्ति प्रदान करता है। यह मॉडल 3.9 सेकंड में 0-100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकता है और इसकी अधिकतम गति 270 किमी प्रति घंटा है। इस मौके पर मर्सिडीज-बेंज इंडिया के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) मार्टिन श्वेंक ने कहा, ‘‘हम नयी मर्सिडीज-एएमजी ए 45 एस 4मैटिक+ को उतारने साथ अपनी ए-क्लास श्रेणी को मजबूत कर रहे हैं। यह देश में सबसे तेज हैचबैक कार है।'' उन्होंने कहा कि कंपनी अपनी समग्र विकास रणनीति में नई पीढ़ी की स्पोर्ट्स कार के महत्व पर भी जोर दे रही है।
- मुंबई। सुंदरम एसेट मैनेजमेंट कंपनी (एएमसी) ने शुक्रवार को कहा कि उसे भारत में प्रिंसिपल एएमसी के अधिग्रहण के लिए भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) की मंजूरी मिल गई है। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, सुंदरम फाइनेंस की पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी कंपनी प्रिंसिपल इंडिया द्वारा प्रबंधित योजनाओं और प्रिंसिपल एसेट मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड, प्रिंसिपल ट्रस्टी कंपनी प्राइवेट लिमिटेड और प्रिंसिपल रिटायरमेंट एडवाइजर्स की 100 प्रतिशत शेयर पूंजी का अधिग्रहण करेगी। इस सौदे की घोषणा 28 जनवरी को की गई थी। सौदे के मूल्य का खुलासा नहीं किया गया है।
- नयी दिल्ली। रूट मोबाइल लि. ने पात्र संस्थागत नियोजन (क्यूआईपी) से 867.49 करोड़ रुपये जुटाए हैं। रूट मोबाइल एक सेवा के रूप में संचार मंच (सीपीएएएस) है। कंपनी ने शुक्रवार को बयान में कहा कि उसके क्यूआईपी में अंतरराष्ट्रीय और घरेलू निवेशकों के साथ कई मौजूदा और नए शेयरधारकों ने भाग लिया। रूट मोबाइल लि. के प्रबंध निदेशक एवं समूह मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) राजदीपकुमार ने बताया कि क्यूआईपी में भाग लेने वाले कुछ बड़े निवेशकों में स्टेडव्यू कैपिटल मॉरीशस लि., आरबीसी एशिया पैसिफिक एक्स-जापान इक्विटी फंड, कुबेर इंडिया फंड आदि शामिल हैं। उन्होंने कहा, ‘‘हम क्यूआईपी में कुछ नए निवेशकों की भागीदारी तथा मौजूदा निवेशकों के समर्थन से काफी खुश हैं।
- नयी दिल्ली। डिजिटल भुगतान कंपनी फोनपे ने 135 करोड़ रुपये के कर्मचारी शेयर विकल्प (ईसॉप) की पुनर्खरीद की घोषणा की है। कंपनी ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि पुनर्खरीद का विकल्प कर्मचारियों को वरिष्ठता के आधार पर तीन स्तरीय मॉडल के तहत अमल में लाया जाएगा। कंपनी के संस्थापक पुनर्खरीद में भाग नहीं लेंगे जबकि शीर्ष नेतृत्व अपने निहित शेयरों का 10 प्रतिशत तक बेच सकता है। वहीं अन्य मौजूदा कर्मचारी अपने शेयरों का 25 प्रतिशत तक बेच सकते हैं। फोनपे के मानव संसाधन प्रमुख मनमीत संधू ने कहा, "हमने पिछले वर्ष दिसंबर में अपने सभी कर्मचारियों के लिए इसॉप योजना शुरू की थी और अपने 00 प्रतिशत कर्मचारियों को इस योजना के तहत शेयर जारी किए थे। इस अवधि को अगले महीने पूरा एक साल हो जाएगा, इसलिए यह सभी को कुछ तरलता प्रदान करने का एक अच्छा समय है।" वर्तमान में कंपनी के कर्मचारियों की संख्या 2,500 है। फोनपे ने पिछले वर्ष दिसंबर में अपने सभी 2,200 कर्मचारियों को 1,500 करोड़ रुपये के ईसॉप जारी किये थे।
- नयी दिल्ली। डिजिटल भुगतान कंपनी गूगल पे अपने ऐप पर 'स्पीच टू टेक्स्ट फीचर' का विकल्प देगी। इसके जरिये प्रयोगकर्ता अपनी आवाज से खाता संख्या जोड़ सकेंगे और भुगतान कर सकेंगे। फ़ोन पे, पेटीएम और अमेजन पे से प्रतिस्पर्धा करने वाली गूगल पे का कहना है कि इस श्रेणी में और वैश्विक स्तर पर यह गूगल का नवनीतम फीचर है। इसके साथ ही एप्लिकेशन में पसंदीदा भाषा के रूप में 'हिंगलिश' का भी विकल्प जोड़ा गया है। गूगल पे के उपाध्यक्ष (उत्पाद प्रबंधन) अंबरीश केंघे ने कहा, ‘‘हम भुगतान को आसान बनाने के लिए मिशन पर है। सामान्य तौर पर, जिस तरह से हम इसके बारे में सोचते हैं, वह सभी के लिए बहुत सारे आर्थिक अवसर पैदा कर रहा है। हम भारत में डिजिटल भुगतान पारिस्थितिकी तंत्र से खुश हैं।'' उन्होंने कहा कि कंपनी का मुख्य ध्यान डिजिटल भुगतान को सभी के लिए प्रासंगिक और समावेशी बनाने के साथ-साथ अपने प्रयासों के हिस्से के रूप में नवाचार और सर्वोत्तम प्रौद्योगिकी लाने पर केंद्रित है।
- नयी दिल्ली ।बहुमूल्य धातुओं की अंतरराष्ट्रीय कीमतों में तेजी के बीच दिल्ली सर्राफा बाजार में बृहस्पतिवार को सोने का भाव 21 रुपये की मामूली तेजी के साथ 48,196 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। एचडीएफसी सिक्योरिटीज ने यह जानकारी दी। इससे पिछले कारोबारी सत्र में सोना 48,175 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। हालांकि, चांदी की कीमत 121 रुपये टूटकर 65,147 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई। पिछले कारोबारी सत्र में चांदी 65,268 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना तेजी के साथ 1,869 डॉलर प्रति औंस हो गया, जबकि चांदी 25.09 डॉलर प्रति औंस पर स्थिर रही। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) तपन पटेल ने कहा, ‘‘बृहस्पतिवार को कॉमेक्स (न्यूयॉर्क स्थित जिंस एक्सचेंज) में सोने की हाजिर कीमत तेजी के साथ 1,869 डॉलर प्रति औंस हो गयी जिससे यहां सोने की कीमतों में मजबूती रही। डॉलर के कमजोर होने तथा अमेरिकी बांड आय में गिरावट से सोने की कीमतों में मजबूती रही।
- नयी दिल्ली। सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) ने बुधवार को कहा कि उसने उत्तर प्रदेश में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के लिए लगभग 50,000 टन इस्पात की आपूर्ति की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को 341 किलोमीटर लंबे पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया। यह एक्सप्रेसवे लखनऊ को पूर्वी उत्तर प्रदेश के गाजीपुर से जोड़ता है। सेल ने एक बयान में कहा, "हमें पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के लिए 48,200 टन इस्पात की आपूर्ति की है, जिसका उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया है।" कंपनी ने बताया कि परियोजना के लिए इस्पात के अलावा सरिया और इस्पात के अन्य उत्पाद समेत प्लेट्स की भी आपूर्ति की है। यह एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश के कई जिलों के बीच सड़क संपर्क में काफी सुधार करेगा। सेल ने इससे पहले ईस्टर्न और वेस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे, अटल टनल, बोगीबील और ढोला सादिया ब्रिज जैसी परियोजनाओं के लिए भी इस्पात की आपूर्ति की थी।
- हैदराबाद। सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम भारत डाइनेमिक्स लिमिटेड (बीडीएल) ने एयरबस डिफेंस ऐंड स्पेस को काउंटर मीजर्स डिस्पेंसिंग सिस्टम (सीएमडीएस) के निर्यात के लिए एक अनुबंध पर बुधवार को हस्ताक्षर किए। बीडीएल ने यहां जारी एक विज्ञप्ति में कहा कि करीब 2.1 करोड़ डॉलर मूल्य वाले इस अनुबंध के तहत उसे एयरबस को सीएमडीएस की आपूर्ति करनी होगी। इस सिस्टम का विकास बीडीएल ने अपने स्तर पर किया है। इस अनुबंध पर बीडीएल के निदेशक (तकनीकी) एन पी दिवाकर और एयरबस डिफेंस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अर्नाल डिडिएर डोमिनिक ने हस्ताक्षर किए।
- मुंबई। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने कहा है कि 15 नवंबर 2021 को समाप्त पखवाड़े में बैंक ऋण 7.14 प्रतिशत बढ़कर 111.64 लाख करोड़ रुपये और जमा राशि 11.42 प्रतिशत बढ़कर 160.49 लाख करोड़ रुपये हो गईं। बुधवार को जारी आरबीआई के आंकड़ों के अनुसार, छह नवंबर 2020 को समाप्त पखवाड़े में बैंक ऋण 104.19 लाख करोड़ रुपये और जमा राशि 144.03 लाख करोड़ रुपये थी। इससे पहले 22 अक्टूबर 2021 को खत्म हुए पिछले पखवाड़े में बैंक ऋण 6.84 प्रतिशत और जमा राशि 9.94 प्रतिशत बढ़ी थी। वित्त वर्ष 2020-21 में बैंक ऋण में 5.56 प्रतिशत और जमा राशि में 11.4 प्रतिशत की वृद्धि हुई थी।
- जयपुर। राजस्थान सरकार ने पेट्रोल व डीजल पर मूल्य वर्धित कर (वैट) कम करने का फैसला किया है, जिससे राज्य में पेट्रोल चार रुपये व डीजल पांच रुपये प्रति लीटर सस्ता होगा। नई दरें मंगलवार रात 12 बजे से लागू होंगी। मंत्रिमंडल की बैठक में यह फैसला किया गया। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बैठक के बाद ट्वीट किया, ''आज मंत्रिमंडल की बैठक में पेट्रोल/डीजल पर वैट की दर को कम करने का सर्वसम्मति से निर्णय किया गया। इसके बाद आज रात्रि 12 बजे से पेट्रोल में चार रुपये प्रति लीटर तथा डीजल में पांच रुपये प्रति लीटर की कमी हो जायेगी।' गहलोत के अनुसार, इस कदम से राज्य सरकार 3500 करोड़ रुपये वार्षिक राजस्व की हानि वहन करेगी। उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोल व डीजल पर उत्पाद शुल्क में हालिया कमी के बाद राज्य सरकार पर वैट कम करने के लिए दबाव बना हुआ था। मुख्य विपक्षी दल भाजपा वैट में कमी की मांग को लेकर लगातार राज्य सरकार पर निशाना साध रही थी।
- नयी दिल्ली। फिच रेटिंग्स ने भारत की सॉवरेन रेटिंग में कोई बदलाव न करते हुए इसे नकारात्मक परिदृश्य के साथ 'बीबीबी-' पर कायम रखा है। फिच ने मंगलवार को जारी बयान में कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था की यह रेटिंग मध्यम अवधि के वृद्धि परिदृश्य और बाह्य लचीलापन के बीच एक संतुलन को दर्शाती है। इसके अलावा कमजोर वित्तीय क्षेत्र और कुछ ढांचागत मुद्दों का भी असर है। फिच के मुताबिक, कोविड महामारी से उबरते हुए देश तेजी से आर्थिक पुनरुद्धार की राह पर है। साथ ही वित्तीय क्षेत्र से दबाव कम हो रहा है, जिससे मध्यम अवधि में वृद्धि परिदृश्य से जुड़े जोखिम कम हो रहे हैं। हालांकि, भारत की रेटिंग का नकारात्मक परिदृश्य सीमित राजकोषीय गुंजाइश को देखते हुए मध्यम अवधि के ऋण पथ को लेकर बनी अनिश्चितता को प्रदर्शित करता है। फिच ने कहा, ‘‘हमारा पूर्वानुमान है कि इस वित्त वर्ष में सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) की वृद्धि दर 8.7 प्रतिशत के मजबूत स्तर पर रहेगी। जबकि वर्ष 2022-23 में यह 10 प्रतिशत रह सकती है। कोविड महामारी से तेजी से पुनरुद्धार में भारत की अर्थव्यवस्था की जुझारू क्षमता इसे समर्थन देती है।'' फिच का कहना है कि आवाजाही संकेतक कोविड-पूर्व स्तर पर लौट आए हैं और उच्च-आवृत्ति के संकेतक विनिर्माण क्षेत्र में मजबूती की ओर इशारा कर रहे हैं। पिछले महीने एक अन्य रेटिंग एजेंसी मूडीज ने भारत की सॉवरेन रेटिंग को कायम रखते हुए उसके परिदृश्य को 'नकारात्मक' से 'स्थिर' कर दिया था।
- मुंबई। अमेरिका और अन्य प्रमुख बाजारों की मजबूत मांग से देश का रत्न और आभूषणों का निर्यात अक्टूबर में 45.2 प्रतिशत बढ़कर 31,241.09 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। रत्न एवं आभूषण निर्यात संवर्द्धन परिषद (जीजेईपीसी) ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अक्टूबर, 2020 में रत्न एवं आभूषणों का कुल निर्यात 21,515.97 करोड़ रुपये रहा था।जीजेईपीसी के चेयरमैन कोलिन शाह ने कहा, “रत्न और आभूषण उद्योग की कुल धारणा काफी सकारात्मक है। दीवाली से पहले की अवधि में विनिर्माण गतिविधियां चरम पर थीं। इसका पता अमेरिका सहित अन्य प्रमुख बाजारों की मजबूत मांग से चलता है।'' शाह ने कहा, ‘‘मेरा अनुमान है कि अब विनिर्माण गतिविधियों में गिरावट आएगी क्योंकि अधिकांश कंपनियां दिवाली के अवकाश के लिए बंद हैं। हालांकि, मुझे उम्मीद है कि वित्त वर्ष की अंतिम तिमाही में इसकी रफ्तार ठीक हो जाएगी और हम 2021-22 के लिए अपने 41.75 अरब डॉलर के निर्यात लक्ष्य को हासिल कर पाएंगे।'' इस बीच, कटे और पॉलिश हीरों का कुल निर्यात अक्टूबर में 47.90 प्रतिशत बढ़कर 19,178.5 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जबकि 2020 के समान महीने में यह 12,966.89 करोड़ रुपये था। अक्टूबर में सोने के आभूषणों का कुल निर्यात 72.05 प्रतिशत बढ़कर 8,152.92 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले वर्ष की समान अवधि में 4,738.77 करोड़ रुपये था। चालू वित्त वर्ष के पहले सात माह अप्रैल-अक्टूबर में चांदी के आभूषणों का निर्यात (अस्थायी) 25.98 प्रतिशत बढ़कर 11,331.52 करोड़ रुपये हो गया, जो इससे पिछले वर्ष की समान अवधि में 8,994.9 करोड़ रुपये था। अप्रैल-अक्टूबर के दौरान प्लैटिनम के आभूषणों का कुल निर्यात 227.26 प्रतिशत बढ़कर 137.6 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 42.05 करोड़ रुपये था। इस दौरान रंगीन रत्नों का निर्यात 105.39 प्रतिशत बढ़कर 1,297.45 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
- नयी दिल्ली। हीरो इलेक्ट्रिक ने तीन साल में देशभर में एक लाख चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने के लिए बेंगलुरु की ईवी चार्जिंग स्टार्टअप ‘चार्जर' से हाथ मिलाया है। इस भागीदारी के पहले साल में चार्जर देश के शीर्ष 30 शहरों में 10,000 चार्जिंग स्टेशन स्थापित करेगी। देश की प्रमुख दोपहिया कंपनी ने मंगलवार को बयान में कहा कि स्टार्टअप कंपनी चार्जर हीरो इलेक्ट्रिक की डीलरशिप में किराना चार्जर लगाएगी। इससे उपभोक्ता सुगमता से अपने इलेक्ट्रिक वाहनों को चार्ज कर सकेंगे। हीरो इलेक्ट्रिक के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) सोहिंदर गिल ने कहा, ‘‘हमारा मानना है कि देश में इलेक्ट्रिक वाहन क्षेत्र के विकास के लिए एक तेजतर्रार और बेहतर ढांचागत नेटवर्क जरूरी है। इस भागीदारी से देश में ईवी की वृद्धि को प्रोत्साहन मिलेगा और उपभोक्ताओं को आसानी से अपनी वाहनों को चार्ज करने की सुविधा मिल पाएगी। इस भागीदारी के तहत चार्जर द्वारा लगाए गए चार्जिंग स्टेशनों पर स्लॉट की बुकिंग और भुगतान का एकीकरण किया जाएगा।'' उन्होंने कहा कि देश में इलेक्ट्रिक वाहनों को प्रोत्साहन देने के लिए कंपनी चार्जिंग ढांचे के विस्तार पर काम कर रही है।
- मुंबई। पुणे की इलेक्ट्रिक वाहन कंपनी नेक्सज़ू मोबिलिटी ने अपने ई-कॉमर्स पोर्टल के जरिये अपनी ई-बाइक और स्कूटर की ऑनलाइन बिक्री शुरू कर दी है। कंपनी देशभर में इन वाहनों की डिलिवरी करेगी। कंपनी ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि इलेक्ट्रिक वाहन परिवहन का भविष्य है। इसी क्रम में नेक्सज़ू मोबिलिटी अपने ई-कॉमर्स मंच पर इलेक्ट्रिक साइकिल खरीदने से लेकर वारंटी तक संपूर्ण ऑनलाइन समाधान पेश कर रही है। कंपनी ने कहा कि इसके अलावा आसान और अधिक सुविधाजनक तरीके से इलेक्ट्रिक साइकिल और स्कूटर खरीदने के लिए जेस्ट मनी के साथ एक मासिक किस्त (ईएमआई) का विकल्प भी उपलब्ध है।
- नयी दिल्ली। रियल एस्टेट कंपनियों के शीर्ष निकाय क्रेडाई ने सीमेंट और इस्पात की कीमतों में बेतहाशा वृद्धि पर चिंता जताई है। क्रेडाई ने कहा है कि अगर कच्चे माल के दाम नीचे नहीं आए, तो आवासीय संपत्तियों की कीमतें 10 से 15 प्रतिशत बढ़ सकती हैं। उद्योग निकाय ने सरकार से कच्चे माल की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए कदम उठाने की मांग करते हुए निर्माण क्षेत्र में इस्तेमाल होने वाली सामग्री पर माल एवं सेवा कर (जीएसटी) में कटौती का सुझाव दिया। कनफेडरेशन ऑफ रियल एस्टेट डेवलपर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (क्रेडाई) ने कहा कि निर्माण में इस्तेमाल किये जाने कच्चे माल की कीमतों में जनवरी, 2020 से लगातार वृद्धि हो रही है। निकाय ने कहा कि कोविड प्रतिबंधों और श्रमबल की कमी के कारण निर्माण में देरी से पिछले 18 महीनों में निर्माण लागत में 10 से 15 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। क्रेडाई ने एक बयान में कहा, ‘‘कच्चे माल की कीमतें निकट भविष्य में नहीं घटती हैं, तो इस बात की बहुत अधिक संभावना है कि निर्माण की बढ़ी हुई लागत की भरपाई के लिए आवासीय संपत्तियों की कीमतें 10-15 प्रतिशत तक बढ़ जाएंगी।'' क्रेडाई के अध्यक्ष हर्ष वर्धन पटोदिया ने कहा, ‘‘हम पिछले एक साल में कच्चे माल की कीमतों में लगातार तेज वृद्धि देख रहे हैं और निकट भविष्य में उनके नीचे आने या स्थिर होने संभावना नहीं है।'' उन्होंने कहा कि ऐसे में बिल्डर बढ़ती लागत का बोझ नहीं उठा पाएंगे और वे इसे घर खरीदारों पर डालेंगे।



























.jpg)