- Home
- बिजनेस
- नयी दिल्ली। पेट्रोल और डीजल की कीमतें मंगलवार को अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गयी। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तेल की कीमतों के 2014 के बाद अपने उच्चतम स्तर पर पहुंचने के बाद मूल्यों में फिर से बढ़ोतरी के साथ ईंधन के दाम चढ़े हैं। सरकारी खुदरा ईंधन विक्रेताओं की मूल्य अधिसूचना के अनुसार, पेट्रोल की कीमत में 25 पैसे प्रति लीटर और डीजल में 30 पैसे की बढ़ोतरी की गयी। इससे दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 102.64 रुपये प्रति लीटर और मुंबई में 108.67 रुपये के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गयीं। डीजल की कीमत भी दिल्ली में 91.07 रुपये और मुंबई में 98.80 रुपये के रिकॉर्ड स्तर को छू गयी। स्थानीय करों के आधार पर कीमतें राज्यों में अलग-अलग होती हैं।एक हफ्ते के भीतर पेट्रोल की कीमतों में छठी वृद्धि के साथ देश के ज्यादातर प्रमुख शहरों में इस ईंधन की कीमत 100 रुपये के पार हो गयी है। इसी तरह, दो हफ्ते से भी कम समय में कीमतों में नौवीं वृद्धि के साथ मध्य प्रदेश, राजस्थान, ओडिशा, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के कई शहरों में डीजल की कीमत 100 रुपये के ऊपर चली गयी है। बाजार में ऊर्जा की कमी के बावजूद, ओपेक प्लस (तेल उत्पादक देश) द्वारा आपूर्ति की अपनी योजनाबद्ध क्रमिक वृद्धि को बनाए रखने के फैसले के बाद अंतर्राष्ट्रीय तेल की कीमतें लगभग सात साल के उच्च स्तर पर पहुंच गयीं। वैश्विक बेंचमार्क ब्रेंट 81.51 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।तेल का शुद्ध आयातक होने के नाते, भारत पेट्रोल और डीजल की कीमतें अंतरराष्ट्रीय कीमतों के अनुसार रखता है। एक महीने पहले ब्रेंट 72 डॉलर प्रति बैरल से भी कम था। सार्वजनिक क्षेत्र की पेट्रोलियम कंपनियों - इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन, भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन ने क्रमश: 24 सितंबर और 28 सितंबर से डीजल एवं पेट्रोल की कीमतें बढ़ाने का सिलसिला फिर से शुरू कर दिया जिसके साथ ही उससे पिछले कुछ समय से मूल्य वृद्धि पर लगी रोक समाप्त हो गयी। तब से डीजल की कीमत में 2.45 पैसे प्रति लीटर और पेट्रोल में 1.50 पैसे प्रति लीटर की वृद्धि हुई है।ईंधन की कीमतों में लगातार वृद्धि की विपक्षी दलों ने आलोचना की है और मांग की है कि सरकार उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए दोनों ईंधनों पर लगाए जा रहे रिकॉर्ड उत्पाद शुल्क में कटौती करे। सरकार ने अब तक इस मांग की अनदेखी की है। तेल मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने शनिवार को ईंधन की ऊंची कीमतों पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
- नयी दिल्ली ।रेलवे की निर्माण इकाई इरकॉन और गुजरात की बुनियादी ढांचा कंपनी दिनेशचंद्र की संयुक्त उद्यम कंपनी अहमदाबाद और साबरमती में 18 किमी के पुल और हाई-स्पीड स्टेशनों के डिजाइन एवं निर्माण के लिए सबसे कम बोली लगाने वाली इकाई के रूप में उभरी है। यह निर्माण कार्य मुंबई-अहमदाबाद ‘हाई स्पीड रेल कॉरिडोर' का हिस्सा है। नेशनल हाई स्पीड रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (एनएचएसआरसीएल) ने सोमवार को एक बयान में कहा कि पुल का निर्माण आणंद और साबरमती के बीच किया जाएगा। एनएचएसआरसीएल ने आणंद और साबरमती के बीच लगभग 18 किलोमीटर के पुल के डिजाइन और निर्माण समेत मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल कॉरिडोर के लिए अहमदाबाद और साबरमती में एचएसआर स्टेशनों के लिए वित्तीय बोलियां आमंत्रित की हैं। बयान में कहा गया कि तकनीकी रूप से योग्य चार बोलीदाताओं की वित्तीय बोली खोली गई और इसमें इरकॉन-दिनेशचंद्र संयुक्त उद्यम कंपनी सबसे कम बोली लगाने वाले के रूप में उभरी। एनएचएसआरसीएल ने मुंबई और अहमदाबाद के बीच आगामी बुलेट ट्रेन कॉरिडोर के लिए निर्माण गतिविधियों के हिस्से के रूप में गुजरात के नवसारी के पास एक कास्टिंग यार्ड के पहले खंड की भी शुरुआत की है।
- नयी दिल्ली। अमृतांजन हेल्थकेयर ने सोमवार को कहा कि उसने टोक्यो ओलंपिक में भारोत्तोलन रजत पदक विजेता मीराबाई चानू और कुश्ती कांस्य पदक विजेता बजरंग पुनिया को अपने दर्द निवारक उत्पादों के लिए ब्रांड एंबेसडर बनाया है। अमृतांजन हेल्थकेयर ने एक बयान में कहा, चानू और पुनिया कंपनी के शरीर दर्द के निवारण से जुड़े उत्पादों का विज्ञापन करेंगे। इसमें पीठ, जोड़ो की मांसपेशियों के दर्द निवारक स्प्रे आदि शामिल हैं। बयान के अनुसार साझेदारी के तहत, ब्रांड एंबेसडर इन उत्पादों के लिए टेलीविजन और डिजिटल विज्ञापनों सहित अभियानों की एक श्रृंखला में शामिल होंगे।
- नयी दिल्ली। वाणिज्य मंत्रालय ने सोमवार को कहा कि भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला (आईआईटीएफ) का आयोजन राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के प्रगति मैदान में एक साल के अंतराल के बाद इस वर्ष 14-27 नवंबर के बीच किया जाएगा। इस बार व्यापार मेले का विषय आत्मनिर्भर भारत है।भारत व्यापार संवर्धन संगठन (आईटीपीओ) इस विशाल व्यापार मेले का आयोजन करता है। इस मेले को पहली बार 1979 में आयोजित किया गया था। कोविड-19 महामारी के कारण पिछले साल मेले का आयोजन नहीं किया गया था। इससे पहले 1980 में भी मेले का आयोजन नहीं हो सका था। मंत्रालय ने कहा कि 14 दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी एवं सभा केंद्र (आईईसीसी) के नवनिर्मित हॉल के साथ ही प्रगति मैदान में मौजूदा हॉल में किया जाएगा। बयान में कहा गया कि इस दौरान कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन किया जाएगा और व्यापार मेला अर्थव्यवस्था, निर्यात क्षमता, आपूर्ति श्रृंखला और मांग को बढ़ावा देने के साथ ही इस बार के विषय ‘आत्मनिर्भर भारत' को प्रदर्शित करेगा। बयान में कहा गया कि व्यापार मेला 14-18 नवंबर तक थोक कारोबार खंड के लिए आरक्षित होगा, जिसके बाद इसे आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा। मेले का समय सुबह 9.30 बजे से शाम 7.30 बजे तक रहेगा।
- मुंबई। महिंद्रा एंड महिंद्रा ने मंगलवार को अपने प्रीमियम स्पोट्र्स यूटिलिटी वाहन एक्सयूवी700 के दो नये संस्करण पेश करने की घोषणी की जो डीजल इंजन के साथ मैनुअल और ऑटोमैटिक दोनों ट्रांसमिशन में उपलब्ध होंगे।एमएंडएम लिमिटेड ने एक विज्ञप्ति में कहा कि सात सीटों वाले दो नए संस्करण - एएक्स7 लग्जरी एमटी और एएक्स7 लग्जरी एटी प्लस एडब्ल्यूडी (ऑल-व्हील ड्राइव) की कीमत क्रमश: 19.99 लाख रुपये और 22.89 लाख रुपये है। विज्ञप्ति के अनुसार ये कीमतें पहली 25 हजार बुकिंग के लिए लागू होंगी, जो सात अक्टूबर से शुरू होने वाली है। कंपनी एक्सयूवी700 को दो सीरीज- एमएक्स और एडरिनोएक्स (एएक्स) में पेश करती है।---
- नयी दिल्ली। अडाणी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड (एजीईएल) ने सोमवार को कहा कि उसने 3.5 अरब डॉलर (26,000 करोड़ रुपये) में एसबी एनर्जी इंडिया का अधिग्रहण पूरा कर लिया है।कंपनी ने एक बयान में कहा, "दुनिया की सबसे बड़ी सौर ऊर्जा डेवलपर एजीईएल ने एसबी एनर्जी होल्डिंग्स लिमिटेड (एसबी एनर्जी इंडिया) के अधिग्रहण को सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है, जिसके लिए 18 मई, 2021 को निर्णायक समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए थे।"इस सौदे के साथ, एसबी एनर्जी इंडिया अब एजीईएल की 100 प्रतिशत स्वामित्व वाली अनुषंगी बन गयी है। इससे पहले, यह जापान की सॉफ्टबैंक ग्रुप कॉर्प और भारती समूह के बीच 80:20 (क्रमश: 80 प्रतिशत और 20 प्रतिशत का सह स्वामित्व) का संयुक्त उद्यम थी।इस लेनदेन के साथ एसबी एनर्जी इंडिया का उद्यम मूल्यांकन 3.5 अरब डॉलर (लगभग 26,000 करोड़ रुपये) हो गया है और यह भारत में नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में सबसे बड़ा अधिग्रहण है।पिछले हफ्ते अडाणी समूह के चेयरमैन गौतम अडाणी ने घोषणा की थी कि समूह अगले 10 वर्षों में नवीकरणीय ऊर्जा उत्पादन में 20 अरब डॉलर से अधिक का निवेश करेगा।एजीईएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) और प्रबंध निदेशक (एमडी) विनीत एस जैन ने बयान में कहा कि इस लेनदेन की मदद से एजीईएल नवीकरणीय ऊर्जा में वैश्विक अगुआ बनने के करीब पहुंच गया है।उन्होंने कहा, “एसबी एनर्जी इंडिया की इन उच्च-गुणवत्ता वाली बड़ी उपयोगिता-पैमाने की संपत्तियों को अपने साथ जोड़ने से अडाणी ग्रीन एनर्जी के कार्बन न्यूट्रल भविष्य की ओर बढ़ने के भारत के प्रयासों में तेजी लाने के इरादे को पता चलता है। हमारी नवीकरणीय ऊर्जा की बुनियाद नए उद्योगों के पूरे पारिस्थितिकी तंत्र को सक्षम करेगी जिससे कई क्षेत्रों में रोजगार सृजन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद की जा सकती है।" एसबी एनर्जी इंडिया के पास अपने विशेष प्रयोजन इकाइयों (एसपीवी) के माध्यम से भारत के चार राज्यों में पांच गीगावॉट क्षमता की नवीकरणीय संपत्तियां हैं।
- नई दिल्ली। चेक गणराज्य की कार कंपनी स्कोडा ऑटो ने सोमवार को भारत में अपनी मध्यम आकार की सेडान रैपिड का सीमित संस्करण पेश किया, जिसकी कीमत 11.99 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) से शुरू होती है।स्कोडा ऑटो इंडिया ने एक बयान में कहा कि रैपिड मैट संस्करण, कार्बन स्टील मैट रंग में उपलब्ध होगी और यह स्वचालित एवं मैनुअल ट्रांसमिशन के विकल्पों के साथ एक-लीटर पेट्रोल इंजन से लैस है। मैनुअल ट्रांसमिशन संस्करण की कीमत 11.99 लाख रुपये है, जबकि ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन संस्करण की कीमत 13.49 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) है। स्कोडा ऑटो इंडिया के ब्रांड निदेशक जैक हॉलिस ने इस लेकर कहा कि 2011 में पेश किए जाने के बाद से, एक लाख से अधिक ग्राहकों के साथ रैपिड भारत में सफल रही है। देश भर के कार प्रेमियों को यह काफी पसंद आयी है। उन्होंने कहा कि इस सफलता को आगे बढ़ाते हुए कंपनी को भारत में रैपिड मैट संस्करण पेश कर काफी खुशी हो रही है।-----
- नयी दिल्ली । तोशिबा इंडिया ने सोमवार को शुइची इतो को अपना प्रबंध निदेशक नियुक्त करने की घोषणा की। उनकी नियुक्ति एक अक्टूबर, 2021 से प्रभाव में आ गयी है। कंपनी के एक बयान में कहा गया है कि वह तोमोहिको ओकादा का स्थान लेंगे और देश में तोशिबा इंडिया के ऊर्जा तथा सामाजिक बुनियादी ढांचे से जुड़े कारोबार की अगुवाई करेंगे। इतो के पास तोशिबा के अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा कारोबार में काम करने का लगभग तीन दशकों का अनुभव है। तोशिबा इंडिया प्राइवेट लिमिटेड (टीआईपीएल) जापान की तोशिबा कॉर्पोरेशन की पूर्ण अनुषंगी इकाई है।
- नयी दिल्ली । मैक्स हेल्थकेयर इंस्टीट्यूट हरियाणा के गुरुग्राम में लगभग 1,000 बिस्तरों के साथ दो नये अस्पताल शुरू करेगी। इसके लिए कंपनी की 1,600 करोड़ रुपये निवेश की योजना है। मैक्स हेल्थकेयर इंस्टीट्यूट ने सोमवार को शेयर बाजार को दी सूचना में कहा, "कंपनी की गुरुग्राम में 500-500 बिस्तरों के दो अस्पतालों का निर्माण कर अपनी उपस्थिति मजबूत करने और दिल्ली-एनसीआर में बिस्तर क्षमता बढ़ाने की योजना है।" इससे पहले मैक्स हेल्थकेयर बोर्ड ने दिन में हुई बैठक में इस विस्तार योजना को मंजूरी दी।मैक्स हेल्थकेयर इंस्टीट्यूट ने कहा, निवेश की कुल रकम लगभग 1,600 करोड़ रुपये होने की उम्मीद है। विस्तार योजना को आंतरिक स्रोत, उधार और/या कानून के तहत मंजूर अन्य तरीकों से वित्तपोषित करने का प्रस्ताव है।" उसने कहा कि इन दो अस्पतालों का निर्माण हाल में हुई हुडा (हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण) की नीलामी में सफल बोली के बाद आवंटित की जानी वाली 6.11 और 5.26 एकड़ भूमि पर किया जाएगा।
- नयी दिल्ली। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सोमवार को कहा कि कंपनी सचिवों की तरफ से व्यवसायों को दी गई सलाह से काफी फर्क पड़ता है, क्योंकि बेहतर संचालन व्यवस्था का अनुसरण करने वाली अच्छी तरह से प्रबंधित कंपनियां निवेशकों को आकर्षित करती हैं। उन्होंने आगे कहा कि भारतीय कंपनियों ने अपनी पारदर्शिता और बेहतर अनुपालन के कारण निवेश आकर्षित करने के लिहाज से पिछले वर्ष में अत्यधिक अच्छा प्रदर्शन किया है। वित्त मंत्री ने कहा, ‘‘पिछले कुछ वर्षों में जिस तेजी से अनुपालन से संबंधित मुद्दे कंपनियों के लिए अहम हो गए हैं, उससे कामकाज में अधिक पारदर्शी अच्छी तरह से प्रबंधित कंपनियां न सिर्फ बड़े निवेशकों, बल्कि छोटे खुदरा निवेशकों को भी आकर्षित कर रही हैं।'' उन्होंने कहा कि इसलिए एक कंपनी के संचालन और विस्तार के लिए कंपनी सचिव की भूमिका महत्वपूर्ण हो जाती है। वह इंस्टीट्यूट ऑफ कंपनी सेक्रेटरीज ऑफ इंडिया (आईसीएसआई) के 53वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में जब सरकार पुराने कानूनों को हटाने और कंपनी अधिनियम में सजा के प्रावधानों को कम करने के लिए संशोधन लाने की कोशिश कर रही हैं, कंपनी सचिव के काम का दायरा बढ़ रहा है। सीतारमण ने कहा, ‘‘2020 और आज के बीच आप देखते हैं कि बहुत सारे खुदरा निवेशक भारतीय शेयर बाजार में दिलचस्पी ले रहे हैं। '' उन्होंने कहा, ‘‘खुदरा निवेशक सहित बहुत सारे निवेशक बाजार में जा रहे हैं, कंपनियां विदेशों से बहुत अधिक धन आकर्षित कर रही हैं, और यह सब केवल इसलिए संभव है, क्योंकि आप (कंपनी सचिव) यहां हैं और कंपनियों को बेहतर अनुपालन की सलाह देने का काम कर रहे हैं।
- नयी दिल्ली । मुल्तानी फार्मास्युटिकल्स के अध्यक्ष प्रदीप मुल्तानी ने उद्योग मंडल पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (पीएचडीसीसीआई) के नए अध्यक्ष का कार्यभार संभाल लिया है। पीएचडी चैंबर ने सोमवार को यह जानकारी दी। उद्योग मंडल ने कहा कि मुल्तानी को आयुर्वेदिक और यूनानी चिकित्सा क्षेत्र में 40 से अधिक वर्षों का अनुभव है। उन्होंने पैरामाउंट केबल्स समूह के अध्यक्ष और मुख्य कार्यपालक अधिकारी संजय अग्रवाल का स्थान लिया है। पीएचडी चैंबर के अनुसार पीजी इंडस्ट्री लिमिटेड के प्रबंध निदेशक साकेत डालमिया को पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के वरिष्ठ उपाध्यक्ष और एमएमजी ग्रुप के चेयरमैन संजीव अग्रवाल को उपाध्यक्ष चुना गया है।
- नई दिल्ली। टाटा मोटर्स ने सोमवार को अपनी सब-कॉम्पैक्ट एसयूवी पंच के अनावरण के साथ देश में अपनी उत्पाद श्रृंखला का विस्तार किया। कंपनी 20 अक्टूबर को यह मॉडल पेश करने की योजना बना रही है, और 21,000 रुपये के साथ देश भर में उसकी वेबसाइट और बिक्री नेटवर्क पर बुकिंग शुरू कर दी गयी है।
पंच 1.2 लीटर पेट्रोल इंजन के साथ मैनुअल और स्वचालित ट्रांसमिशन दोनों ही विकल्पों में मिलेगी। पंच कार एसयूवी वाली विशेषताओं के साथ आती है जैसे लंबी सीटिंग, हाई ग्राउंड क्लीयरेंस, 370 मिमी वाटर वेडिंग क्षमता आदि। टाटा मोटर्स के यात्री वाहन कारोबार इकाई के उपाध्यक्ष (बिक्री, विपणन एवं ग्राहक सेवा) राजन अंबा ने कहा, "जैसा कि हमने बीते कुछ वर्षों में देखा है, आज एसयूवी का मतलब केवल आकार से नहीं है बल्कि रवैये एवं अभिव्यक्ति से है। लोग अपेक्षाकृत ज्यादा चौड़ाई के साथ एक छोटी एसयूवी या सब-कॉम्पैक्ट एसयूवी तलाश रहे हैं। पंच को ग्राहकों की जरूरतों को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है।"
प्री-बुकिंग में खास बात ये है कि अगर आपका प्लान बदल रहा है तो आप इस बुकिंग को कैंसिल करा सकते हैं और कंपनी आपका पूरा पैसा वापस कर देगी। Tata Punch Micro टाटा मोटर्स की पहली एसयूवी होगी, जो ALFA आर्किटेक्चर (Agile Light Flexible Advanced Architecture) पर तैयार की गई है । कार में एलईडी डीआरएल के साथ प्रोजेक्टर हेडलैंप, एलईडी टेललैंप और बेहतरीन लुक वाले बीफी बंपर दिया हुआ है।. इसमें आपको अंडरबॉडी और साइड क्लैडिंग, फॉक्स रूफ रेल और स्पोर्टी अलॉय व्हील जैसे फीचर्स मिलेंगे।.इंजन के बारे में दावा किया जा रहा है कि कार का इंजन भी दमदार होगा। कीमत की बात करें तो कंपनी ने अभी कीमतों का खुलासा नहीं किया है, लेकिन बताया जा रहा है कि कार की कीमत आम आदमी के बजट में ध्यान रखते हुए निर्धारित की जाएगी।
- नई दिल्ली। कमजोर वैश्विक रुख के बीच राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोमवार को सोना 37 रुपये की गिरावट के साथ 45 हजार 539 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। एचडीएफसी सिक्योरिटीज ने यह जानकारी दी। इससे पिछले कारोबारी सत्र में सोना 45 हजार 576 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।चांदी की कीमत भी 137 रुपये की हानि के साथ 59 हजार 203 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई। पिछले कारोबारी सत्र में यह 59 हजार 340 रुपये प्रति किलो के भाव पर बंद हुई थी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना हानि के साथ 1,753 डॉलर प्रति औंस रह गया जबकि चांदी 22.42 डॉलर प्रति औंस पर लगभग अपरिवर्तित रही। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) तपन पटेल ने कहा, ''जिंस बाजार में सोमवार को सोने की हाजिर कीमत 0.44 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,753 डॉलर प्रति औंस रह गयी।
- मुंबई। शेयर बाजारों में पिछले चार कारोबारी सत्रों से जारी गिरावट पर सोमवार को विराम लगा और बीएसई सेंसेक्स 534 अंक उछलकर बंद हुआ। निवेशकों की ऊर्जा, वित्त और आईटी शेयरों की लिवाली से बाजार में जोरदार तेजी आयी।कारोबारियों के अनुसार बाजार ने वैश्विक स्तर पर कमजोर रुख और रुपये की विनिमय दर में गिरावट को तरजीह नहीं दी। निवेशकों की नजर कंपनियों के बेहतर तिमाही परिणाम और आर्थिक गतिविधियों में तेजी पर है। तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 533.74 अंक यानी 0.91 प्रतिशत की बढ़त के साथ 59,299.32 अंक पर बंद हुआ। इसी प्रकार, एनएसई निफ्टी 159.20 अंक यानी 0.91 प्रतिशत उछलकर 17,691.25 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स के शेयरों में 4.08 प्रतिशत की तेजी के साथ सर्वाधिक लाभ में एनटीपीसी रहा। इसके अलावा बजाज फिनसर्व, एसबीआई, बजाज फाइनेंस, टेक महिंद्रा, डॉ. रेड्डीज और टाटा स्टील में भी मुख्य रूप से तेजी रही।दूसरी तरफ, सेंसेक्स में शामिल शेयरों में केवल छह... बजाज ऑटो, एचयूएल, नेस्ले इंडिया, कोटक बैंक, टाइटन और पावरग्रिड 0.75 प्रतिशत तक नुकसान में रहें। जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ''पिछले सप्ताह गिरावट के बाद वैश्विक स्तर पर प्रतिकूल रुख के बावजूद बाजार में फिर से तेजी लौटी। इसका कारण आर्थिक गतिविधियों में तेजी के साथ कंपनियों के दूसरी तिमाही के परिणाम बेहतर रहने की उम्मीद है। महामारी की दूसरी लहर का प्रभाव उतना व्यापक नहीं रहा और त्योहारों के दौरान बेहतर परिदृश्य की संभावना से भी बाजार में तेजी लौटी।'' उन्होंने कहा, ''तिमाही परिणाम से पहले आईटी कंपनियों के शेयरों में गिरावट देखी गयी थी। इन कंपनियों के तिमाही परिणाम आने शुरू होने से पहले, इनमें हल्की तेजी देखी गयी। परिणाम मजबूत परिदृश्य के अनुकूल रहें तो यह यह एक अवसर हो सकता है। रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समीक्षा पर भी बाजार की नजर है जो नीतिगत दर में बदलाव की उम्मीद नहीं कर रहा है।''एलकेपी सिक्योरिटीज के शोध प्रमुख एस रंगनाथन ने कहा, ''कंपनियों के दूसरी तिमाही के वित्तीय परिणाम की घोषणा का समय करीब आने के साथ धातु और सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों की अगुवाई में बाजार में तेजी लौटी। छोटी एवं मझोली कंपनियों (स्मॉल और मिडकैप) के शेयरों में सकारात्मक रुख रहा। उन्होंने कहा कि कुछ औषधि कंपनियों और विशेष रसायन वाली कंपनियों के शेयरों में अच्छी लिवाली देखी गयी। वैश्विक स्तर पर बाजार में मुद्रास्फीति चिंता और चीन की प्रमुख कंपनी एवरग्रांड के कर्ज संकट से दबाव रहा। एशिया के अन्य बाजारों में हांगकांग, टोक्यो भारी नुकसान में बंद हुए जबकि शंघाई और सोल अवकाश के कारण बंद रहें। यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर कारोबार में स्थिर रुख रहा। इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.13 प्रतिशत घटकर 79.38 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये की विनिमय दर 19 पैसे टूटकर 74.31 पर पहुंच गयी।
- नई दिल्ली। रोल्स-रॉयस ने आधिकारिक तौर पर इलेक्ट्रिक व्हीकल्स की दुनिया में एंट्री कर ली है। कंपनी ने अपनी पहली ऑल-इलेक्ट्रिक लग्जरी कार Rolls-Rouce Spectre की एक टीजर तस्वीर जारी की और इसकी पहली झलक दिखाई है। रोल्स-रॉयस मोटर कार्स के सीईओ टॉस्टन मुलर-ओटवोस ने सोशल मीडिया लिंक्डइन पर इसकी घोषणा की।कंपनी ने फिलहाल रोल्स-रॉयस स्पेक्टर इलेक्ट्रिक कार के बारे में किसी टेक्निकल डिटेल्स का खुलासा नहीं किया है। लेकिन इलेक्ट्रिक लग्जरी वाहनों के एक विशेष क्लब में इसकी एक मजबूत पहचान दर्ज किए जाने की संभावना है। यह कंपनी अपनी कारों के जरिए दुनिया भर के अमीर और मशहूर हस्तियों की जरूरतों को पूरा करती है।रिपोर्ट के मुताबिक Rolls-Rouce Spectre साल 2023 तक चुनिंदा बाजारों में लॉन्च की जा सकती है। बता दें कि रोल्स-रॉयस ने साल 2011 में फैंटम पर आधारित पहली इलेक्ट्रिक कॉन्सेप्ट पेश किया था। 2016 में, रोल्स-रॉयस ने विजन नेक्स्ट 100 नामक एक कॉन्सेप्ट कार प्रदर्शित किया था, जो पूरी तरह से इलेक्ट्रिक थी और यह ऑटोनॉमस फीचर्स से लैस थी।इलेक्ट्रिक मोबिलिटी की दुनिया में एक बड़े एंट्री की योजना के साथ, रोल्स-रॉयस स्पेक्टर ई-कार लगभग 115 वर्षीय ब्रिटिश ऑटोमोबाइल दिग्गज के लिए एक नए युग की शुरुआत करने में केंद्रीय भूमिका निभाएगा। मुलर-ओटवोस ने कहा, "मैंने रिकॉर्ड पर एक सार्वजनिक वादा किया था कि हम मौजूदा दशक के भीतर पहली पूरी तरह से इलेक्ट्रिक रोल्स-रॉयस को बाजार में लाएंगे। और, अभी, हमारी कंपनी अपने प्रकार की पहली, सुपर-लक्जरी कार बनाने के लिए एक ऐतिहासिक उपक्रम शुरू कर रही है।"उन्होंने कहा, "इस नए उत्पाद के साथ हमने 2030 तक अपने पूरे उत्पाद पोर्टफोलियो के फुल इलेक्ट्रिफिकेशन का मन बनाया है। तब, रोल्स-रॉयस किसी भी इंटनल कम्बशन इंजन वाले उत्पादन बनाने या बेचने के व्यवसाय में नहीं होगा।" मुलर-ओटवोस ने इस बात पर खास रौशनी डाली कि क्यों रोल्स-रॉयस इलेक्ट्रिक वाहनों की पेशकश करने के लिए उपयुक्त है। उन्होंने कहा, "हम एक बड़े लाभ के साथ इस साहसिक नए भविष्य की शुरुआत कर रहे हैं। किसी भी अन्य ऑटोमोटिव ब्रांड की तुलना में, इलेक्ट्रिक ड्राइव रोल्स-रॉयस की मोटर कारों के लिए ज्यादा विशिष्ट और पूरी तरह से अनुकूल है। यह बिना आवाज के, बेहतर तरीके से तुरंत टॉर्क जेनरेट करता है, जबरदस्त पावर पैदा करता है। रोल्स-रॉयस में हम इसे 'वेफ्टेबिलिटी' कहते हैं"।
-
नयी दिल्ली। ''ई-कॉमर्स क्षेत्र की प्रमुख कंपनी फ्लिपकार्ट और अमेजन इंडिया ने रविवार को कहा कि इस साल उनकी त्योहारी बिक्री की मजबूत शुरुआत हुई है और टियर-2 तथा टियर-3 शहरों की मांग में खासतौर से बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। वॉलमार्ट के स्वामित्व वाली फ्लिपकार्ट ने रविवार को कहा कि उसके ‘फ्लिपकार्ट प्लस' कार्यक्रम (लॉयल्टी प्रोग्राम) के लिए पिछले साल की तुलना में इस साल 40 प्रतिशत की बढ़ोतरी देखी गई, जबकि ग्राहकों की लगभग 45 प्रतिशत मांग टियर-3 शहरों और उससे बाद के शहरों से है। एक अलग बयान में अमेजन इंडिया के उपाध्यक्ष मनीष तिवारी ने कहा कि ‘अमेजन डॉट इन' पर सालाना आधार पर सर्वाधिक एकल दिवस बिक्री हासिल करने वाले विक्रेताओं की संख्या में 60 प्रतिशत की वृद्धि हुई। उन्होंने कहा कि हमारे महीने भर चलने वाले उत्सव ‘अमेजन ग्रेट इंडियन फेस्टिवल 2021' की मजबूत शुरुआत हुई है, जिसमें लाखों ग्राहक अमेजन पर पंजीकृत छोटे विक्रेताओं से खरीदारी कर रहे हैं। इन दुकानदारों में स्थानीय दुकानें, स्टार्ट-अप और ब्रांड, कारीगर और बुनकर शामिल हैं। तिवारी ने कहा, ‘‘दो अक्टूबर को प्राइम ग्राहकों के लिए शीघ्र पहुंच के दौरान पिछले साल की तुलना में इस साल आयोजन में शामिल होने वाले स्थानीय दुकानदारों की संख्या दोगुनी से अधिक हो गई।'' उन्होंने कहा कि प्राइम सब्सक्रिप्शन पूरे भारत में ग्राहकों की पसंद बना हुआ है, तीन में से दो नए प्राइम ग्राहक टियर-2 और टियर-3 शहरों से आते हैं। फ्लिपकार्ट की द बिग बिलियन डेज (टीबीबीडी) बिक्री आठ दिनों तक चलने वाला आयोजन है, जो 10 अक्टूबर को खत्म होगा, वहीं अमेजन इंडिया का जीआईएफ एक महीने तक चलेगा। इसके अलावा मिंत्रा, स्नैपडील और अन्य ई-कॉमर्स मंच भी इसी तरह के बिक्री आयोजित कर रहे हैं।फ्लिपकार्ट ने अपने बयान में कहा कि उसके टीबीबीडी के आठवें संस्करण की शुरुआत सकारात्मक रही।
बयान में कहा गया, ‘‘फ्लिपकार्ट प्लस के जरिए ग्राहकों के लिए शुरुआती पहुंच में पिछले साल की तुलना में 40 प्रतिशत वृद्धि देखी गई। दिलचस्प बात यह है कि ग्राहकों की लगभग 45 प्रतिशत मांग टियर-3 शहरों से आ रही है। - नयी दिल्ली। देश के आठ प्रमुख शहरों में जनवरी-जून, 2021 के दौरान 1.4 करोड़ वर्गफुट औद्योगिक और लॉजिस्टिक्स स्थल पट्टे या लीज पर दिया गया। संपत्ति सलाहकार सीबीआरई ने अपनी एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है। पिछले कैलेंडर साल 2020 की दूसरी छमाही की तुलना में यह आंकड़ा 13 प्रतिशत अधिक है। सीबीआरई, दक्षिण एशिया ने इंडिया इंडस्ट्रियल एंड लॉजिस्टिक्स मार्केट मॉनिटर (सीबीआरई) रिपोर्ट में कहा कि चालू कैलेंडर वर्ष की पहली छमाही में नयी आपूर्ति पांच प्रतिशत बढ़कर 1.1 करोड़ वर्ग फुट हो गई। रिपोर्ट में कहा गया, ‘‘किराये पर दिया जाने वाला औद्योगिक और लॉजिस्टिक्स क्षेत्र पहली छमाही में 13 प्रतिशत बढ़कर 1.4 करोड़ वर्ग फुट पर पहुंच गया। छमाही आधार पर इसमें 13 प्रतिशत की वृद्धि देखी गई।'' रिपोर्ट के अनुसार दिल्ली-एनसीआर और बेंगलुरु में पट्टे पर दी जाने वाली जगह के मामले सबसे अधिक गतिविधियां हुईं और इन दो शहरों का पहली छमाही में हुई कुल गतिविधियों में पचास प्रतिशत हिस्सा रहा। इस साल की पहली छमाही के दौरान किराये पर दी वाली जगह के मामले में सबसे ज्यादा हिस्सेदारी 50 हजार वर्गफुट से अधिक क्षेत्रफल वाले स्थानों की रही। इनका योगदान 62 प्रतिशत रहा। वही पहली छमाही के दौरान हुई कुल आपूर्ति में चेन्नई का योगदान सबसे अधिक लगभग एक-तिहाई रहा। दिल्ली-एनसीआर की 19 प्रतिशत और मुंबई की 16 प्रतिशत हिस्सेदारी रही। संपत्ति सलाहकार कंपनी ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि जनवरी-जून की अवधि के दौरान अहमदाबाद, हैदराबाद और चेन्नई में छमाही आधार पर किराये में दो से 14 प्रतिशत की वृद्धि हुई।
- नयी दिल्ली। दुनिया के सबसे अमीर उद्यमियों में से एक एलन मस्क की अगुवाई वाली सैटेलाइट कंपनी स्टारलिंक इंटरनेट सेवाएं प्रदान करने के लिए देश के दस ग्रामीण लोकसभा क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित करेगी। कंपनी इस संबंध में ग्रामीण क्षेत्रों में बदलते जीवन में ब्रॉडबैंड इंटरनेट संपर्क के महत्व पर सांसदों, मंत्रियों और शीर्ष सरकारी अधिकारियों के साथ बातचीत भी करेगी। स्पेसएक्स की सैटेलाइट ब्रॉडबैंड इकाई का लक्ष्य सरकार की अनुमति से दो लाख सक्रिय टर्मिनलों के साथ दिसंबर, 2022 से भारत में ब्रॉडबैंड सेवा शुरू करने का है। भारत में स्टारलिंक के कंट्री निदेशक संजय भार्गव ने रविवार को कहा, ‘‘मैं अक्टूबर में सांसदों, मंत्रियों, सचिवों के साथ 30 मिनट की आभासी बातचीत करने का भी इच्छुक हूं। भारत को भेजे गए 80 प्रतिशत स्टारलिंक टर्मिनलों के लिए हम संभवत दस ग्रामीण लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित करेंगे।'' इससे पहले उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा था कि भारत से ऑर्डर की संख्या 5,000 को पार कर गई है और कंपनी ब्रॉडबैंड सेवाएं प्रदान करने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में काम करने की इच्छुक है। कंपनी ग्राहकों से 99 डॉलर या 7,350 रुपये प्रति ग्राहक का शुल्क ले रही है। कंपनी ने ग्राहकों को 50 मेगाबिट से 150 मेगाबिट प्रति सेकंड की इंटरनेट गति प्रदान करने का वादा किया है।कंपनी की सेवाएं ब्रॉडबैंड में रिलायंस जियो, भारती एयरटेल, वोडाफोन आइडिया के साथ प्रतिस्पर्धा करेंगी और इसका भारती समूह समर्थित वनवेब से सीधा मुकाबला होगा।
- नई दिल्ली। जर्मनी की लक्जरी वाहन कंपनी ऑडी को उम्मीद है कि पूर्णतया नयी क्यू 5 एसयूवी भारत में उसकी वृद्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इस वाहन को अगले महीने पेश किया जाना है।कंपनी आगामी क्यू5 की बुकिंग अगले एकाध सप्ताह में शुरू करेगी। देश के भारत चरण-छह उत्सर्जन दौर में प्रवेश के बाद पिछले साल कंपनी ने अपनी लोकप्रिय एसयूवी क्यू3, क्यू5 और क्यू7 की बिक्री को बंद कर दिया था। इसके अलावा कंपनी ने भारत में इंजन विकल्पों की पेशकश को बंद कर दिया है।ऑडी इंडिया के प्रमुख बलबीर सिंह ढिल्लो ने कहा, हमारी नवंबर में स्थानीय स्तर पर उत्पादित क्यू5 पेश करेंगे। हमें लंबे समय से इसका इंतजार कर रहे हैं। हालांकि, हमारे कई ऊंची बिक्री वाले मॉडल क्यू श्रृंखला पूरी तरह उपलब्ध नहीं है, इसके बावजूद हम काफी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। ढिल्लो ने कहा, अगले महीने क्यू5 को उतारे जाने के बाद हम अगले चरण की वृद्धि की ओर रुख करेंगे। मुझे भरोसा है कि हम देर-सवेर इसे हासिल करेंगे। हम भारत में जबसे हैं क्यू5 हमारे सफल मॉडलों में से हैं। ऑडी इंडिया अपने सिर्फ सालाना बिक्री के आंकड़ों को साझा करती है। कंपनी ने 2020 में 1,639 वाहन बेचे थे। 2021 के पहले आठ माह में कंपनी की बिक्री में पहले ही 115 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज हो चुकी है। ढिल्लो ने कहा कि इस साल हम बिक्री में 100 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि की उम्मीद कर रहे हैं। मुझे उम्मीद है कि क्यू5 और बाद में अन्य मॉडलों के जरिये हम बिक्री को और बढ़ा सकेंगे।
- नई दिल्ली। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में रविवार को फिर वृद्धि हुई। इससे देशभर में वाहन ईंधन के दाम नयी रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गए हैं। हालांकि, शीर्ष सरकारी अधिकारियों का कहना है कि पेट्रोलियम विपणन कंपनियों ने उपभोक्ताओं को राहत के लिए कच्चे तेल की कीमतों में वृद्धि का पूरा बोझ उनपर नहीं डाला है।अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल और गैस के दाम तीन साल के उच्चस्तर पर पहुंच गए हैं। अधिकारियों ने कहा कि भारत में ब्रिटेन जैसी स्थिति नहीं बनने दी गई है जहां पेट्रोल पंपों पर ईंधन की कमी की वजह से लंबी कतारें लगी हैं। पेट्रोलियम विपणन कंपनियों की मूल्य अधिसूचना के अनुसार, रविवार को लगातार तीसरे दिन पेट्रोल का दाम 25 पैसे लीटर और बढ़ाया गया है। वहीं डीजल कीमतों में 30 पैसे प्रति लीटर की और वृद्धि हुई है। इससे दिल्ली में पेट्रोल 102.39 रुपये प्रति लीटर के अपने सर्वकालिक उच्चस्तर पर पहुंच गया है। मुंबई में यह 108.43 रुपये प्रति लीटर है।दिल्ली में डीजल भी 90.77 रुपये प्रति लीटर की नयी रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया है। मुंबई में डीजल 98.48 रुपये प्रति लीटर है। स्थानीय करों की वजह से विभिन्न राज्यों में वाहन ईंधन कीमतों में भिन्नता होती है।पेट्रोलियम सचिव तरुण कपूर ने कहा कि पेट्रोलियम कंपनियां लागत के साथ खुदरा दरों के तालमेल के लिए खुद निर्णय ले रही हैं। लेकिन साथ ही वे सुनिश्चित कर रही हैं कि बाजार में अत्यधिक उतार-चढ़ाव की स्थिति नहीं बने। उन्होंने कहा, हमारी स्थिति पर निगाह है। यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि वैश्विक उतार-चढ़ाव का यहां प्रभाव सीमित रहे। पिछले कुछ दिन में भारत द्वारा आयातित कच्चे तेल का औसत दाम करीब तीन साल के उच्चस्तर 76.71 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया है।एक अन्य अधिकारी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में अचानक आई तेजी और वैश्विक स्तर पर उत्पादन में बाधा से खुदरा कीमतों में बढ़ोतरी जरूरी हो गई है। लेकिन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हुई कीमतों में बढ़ोतरी का पूरा बोझ उपभोक्ता पर नहीं डाला गया है। उन्होंने कहा, एलपीजी दरों पर गौर करें। एक महीने में इसकी कीमत 665 डॉलर से 797 डॉलर हो गई है, लेकिन पेट्रोलियम कंपनियों ने इसका पूरा बोझ ग्राहकों पर नहीं डाला है। एक सप्ताह से कम समय में पेट्रोल कीमतों में यह पांचवीं वृद्धि है। इससे देश के प्रमुख शहरों में पेट्रोल 100 रुपये प्रति लीटर के पार हो गया है।इसी तरह 10 दिन में डीजल के दाम आठ बार बढ़ाए गए हैं। इससे मध्य प्रदेश, राजस्थान, ओडिशा, आंध्र प्रदेश तथा तेलंगाना के कई शहरों में डीजल 100 रुपये प्रति लीटर से अधिक के दाम पर बिक रहा है।सार्वजनिक क्षेत्र की पेट्रोलियम कंपनियों....इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन, भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन ने 24 सितंबर से वाहन ईंधन कीमतों में फिर से संशोधन का सिलसिला शुरू किया है। 24 सितंबर से आठ बार में डीजल 2.15 रुपये प्रति लीटर महंगा हुआ है। वहीं इस सप्ताह पांच किस्तों में पेट्रोल के दाम 1.25 रुपये प्रति लीटर बढ़ाए गए हैं। जुलाई और अगस्त में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल के दाम घटने के बाद दिल्ली में पेट्रोल 65 पैसे प्रति लीटर और डीजल 1.25 रुपये प्रति लीटर सस्ता हुआ था।
- नयी दिल्ली। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में शनिवार को फिर वृद्धि हुई। इससे देश में वाहन ईंधन के दाम नयी रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गए हैं। पेट्रोलियम विपणन कंपनियों की मूल्य अधिसूचना के अनुसार, शनिवार को पेट्रोल का दाम 25 पैसे लीटर और बढ़ाया गया है। वहीं डीजल कीमतों में 30 पैसे प्रति लीटर की वृद्धि हुई है। इससे दिल्ली में पेट्रोल 102.14 रुपये प्रति लीटर के अपने सर्वकालिक उच्चस्तर पर पहुंच गया है। मुंबई में यह 108.19 रुपये प्रति लीटर है। दिल्ली में डीजल भी 90.47 रुपये प्रति लीटर की नयी रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया है। मुंबई में डीजल 98.16 रुपये प्रति लीटर है। स्थानीय करों की वजह से विभिन्न राज्यों में वाहन ईंधन कीमतों में भिन्नता होती है।अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल के दाम बढ़ने की वजह से देश में वाहन ईंधन कीमतों में बढ़ोतरी हो रही है। पिछले कुछ दिन में भारत द्वारा आयातित कच्चे तेल का औसत दाम 78 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया है। इस सप्ताह पेट्रोल कीमतों में चौथी बार बढ़ोतरी हुई है। इसे देश के कई प्रमुख शहरों में पेट्रोल 100 रुपये प्रति लीटर के पार निकल गया है। इसी तरह नौ दिन में डीजल के दाम सात बार बढ़ाए गए हैं। इससे मध्य प्रदेश, राजस्थान, ओडिशा, आंध्र प्रदेश तथा तेलंगाना के कई शहरों में डीजल 100 रुपये प्रति लीटर से अधिक के दाम पर बिक रहा है। सार्वजनिक क्षेत्र की पेट्रोलियम कंपनियों....इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन, भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन ने 24 सितंबर से वाहन ईंधन कीमतों में फिर से संशोधन का सिलसिला शुरू किया है। 24 सितंबर से सात बार में डीजल 1.85 रुपये प्रति लीटर और पेट्रोल एक रुपये प्रति लीटर महंगा हुआ है। जुलाई और अगस्त में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल के दाम घटने के बाद दिल्ली में पेट्रोल 65 पैसे प्रति लीटर और डीजल 1.25 रुपये प्रति लीटर सस्ता हुआ था।
- नयी दिल्ली। वाहन कंपनी होंडा मोटरसाइकल एंड स्कूटर इंडिया प्राइवेट लि. ने शनिवार को बताया कि सितंबर, 2021 में उसकी कुल बिक्री आठ प्रतिशत घटकर 4,82,756 इकाई रही। कंपनी ने एक बयान में बताया कि इससे पिछले वर्ष के इसी महीने में उसकी कुल बिक्री 5,26,866 इकाई रही थी। वही सितंबर, 2021 में कंपनी की घरेलू बिक्री 4,63,679 इकाई रही, जो सितंबर, 2020 में 5,00,888 इकाई की थी। कंपनी ने पिछले साल सितंबर में 25,978 इकाइयों का निर्यात किया था। इस साल सितंबर में यह संख्या 19,077 इकाई की रही। कंपनी के इस प्रदर्शन पर होंडा मोटरसाइकल के खरीद एवं विपणन निदेशक यादविंदर सिंह गुलेरिया ने कहा, ‘‘हम हर गुजरते महीने के साथ ग्राहकों की संख्या में वृद्धि देख रहे हैं।'' उन्होंने कहा कि त्योहारी सीजन की वजह से आगामी महीने कंपनी के वृद्धि अनुमान की दृष्टि से महत्वपूर्ण रहेंगे।
- भारत में इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों की मांग में इजाफा हो रहा है। इसकी वजह पेट्रोल की आसमान छूती कीमतें तो हैं ही, साथ ही इलेक्ट्रिक वाहनों से प्रदूषण भी नहीं फैलता। लेकिन दोपहिया वाहनों को सड़क पर चलाने के लिए ड्राइविंग लाइसेंस (डीएल) की जरूरत होती है। देश में ऐसे कई वाहन हैं जिन्हें बिना ड्राइविंग लाइसेंस, व्हीकल रजिस्ट्रेशन और बीमा के भी चलाया जा सकता है। आइये जानते हैं ऐसी बाइक्स के बारे में...Hero Electric Flash LXदेश की प्रमुख इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता कंपनी हीरो इलेक्ट्रिक कई इलेक्ट्रिक वाहन पेश करती है। बता दें कि हीरो इलेक्ट्रिक का दोपहिया वाहन कंपनी हीरो मोटोकॉर्प से कोई संबंध नहीं है। इलेक्ट्रिक स्कूटर की बात करें तो हीरो इलेक्ट्रिक की फ्लैश एलएक्स ई-स्कटूर का बेहतर ऑप्शन है। इस ई-स्कूटर का टॉप स्पीड 25 किलोमीटर प्रतिघंटा है। स्कूटर फुल चार्जिंग पर 85 किमी तक की दूरी तय कर सकता है। इसकी बैटरी को फुल चार्ज करने में 4 से 5 घंटे का समय लगता है। इसकी कीमत करीब 56 हजार 940 रुपये है।Lohia Oma Star Liलोहिया ऑटो की इलेक्ट्रिक स्कूटर ओमा स्टार ली एक आरामदायक सवारी और स्थिरता के लिए एर्गोनॉमिक्स सीटों और स्टाइलिश अलॉय व्हील्स से लैस है। इस ई-स्कूटर का टॉप स्पीड 25 किलोमीटर प्रति घंटा है, लिहाजा इसे चलाने के लिए ड्राइविंग लाइसेंस और रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट जैसे दस्तावेजों की जरूरत नहीं पड़ती है। इसमें 250 डब्ल्यू का बीएलडीसी इलेक्ट्रिक मोटर और 20 एएच का बैटरी पैक मिलता है। कंपनी के मुताबिक यह ई-स्कूटर एक बार फुल चार्जिंग पर अधिकतम 60 किलोमीटर तक की दूरी तय कर सकता है। इसकी बैटरी को 3 घंटे में फुल चार्ज किया जा सकता है। इसमें ड्रम ब्रेक के साथ हाइड्रोलिक टेलेस्कोपिक सस्पेंशन मिलता है। इसकी कीमत तकरीबन 51,750 रुपये है।Okinawa Liteओकिनावा लाइट इलेक्ट्रिक स्कूटर को काफी आकर्षक डिजाइन के साथ पेश किया जाता है। इस ई-स्कूटर का टॉप स्पीड 25 किमी प्रति घंटा है। इस स्कूटर में 250 डब्ल्यू इलेक्ट्रिक मोटर और 1.25 एएच डिटेचेबल लिथियम-आयन बैटरी मिलता है। इस ई-स्कूटर को एक बार फुल चार्ज करने पर 60 किमी तक की दूरी तय की जा सकती है। ओकिनावा लाइट को फुल चार्ज होने में 4-5 घंटे तक का समय लगता है। इसकी कीमत करीब 64 हजार 110 रुपये है।Detel Easy Plusसबसे किफायती इलेक्ट्रिक स्कूटरों में यह सबसे सस्ती है। डिटेल ने हाल ही में किफायती इलेक्ट्रिक मोपेड इजी प्लस को लॉन्च किया था। इस इलेक्ट्रिक मोपेड को खरीदने के इच्छुक ग्राहक इसे कंपनी के आधिकारिक वेबसाइट के जरिए 1,999 रुपये की टोकन राशि का भुगतान कर बुक कर सकते हैं। इसमें 48 वी और 20 एएच का बैटरी पैक मिलता है। बैटरी को सीट के नीचे लगाया गया है। कंपनी का कहना है कि इस इलेक्ट्रिक मोपेड में सबसे बेहतर 170 एमएम का ग्राउंड क्लीयरेंस मिलता है। कंपनी का दावा है कि यह वाहन फुल चार्जिंग पर 60 किमी तक की दूरी तय कर सकता है। इसकी कीमत करीब 39 हजार 999 रुपये है।Ampere Reo Eliteएम्पीयर व्हीकल्स मूल रूप से ग्रीव्स का ब्रांड है और कंपनी घरेलू बाजार में काफी समय से इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री कर रही है। कंपनी ने हाल ही में रियो एलीट को लॉन्च किया था। एम्पीयर रियो एलीट एक पारंपरिक लुक वाला इलेक्ट्रिक स्कूटर है। इसमें एक एप्रन माउंटेड हेडलैंप है जो होंडा डियो की तरह दिखता है। इसमें प्रीमियम लुक वाला एलईडी हेडलैंप, टेललाइट, डिजिटल इंस्ट्रूमेंट कंसोल, फ्रंट एप्रन पॉकेट और यूएसबी चार्जिंग पोर्ट मिलता है। ई-स्कूटर लीड-एसिड और लिथियम-आयन बैटरी कॉन्फिगरेशन दोनों में उपलब्ध है। लिथियम-आयन बैटरी पैक से लैस वेरिएंट फुल चार्जिंग पर 60 किमी तक चलता है। इसकी बैटरी को फुल चार्ज होने में 8 से 10 घंटे तक का समय लगता है। कंपनी इसकी बैटरी पर 1 साल की वारंटी देती है। यह स्कूटर 4 कलर ऑप्शंस के साथ आता है, जिसमें ग्लॉसी ब्लैक, ग्लॉसी व्हाइट, ग्लॉसी रेड, ग्लॉसी ब्लू रंग शामिल हैं। इसकी कीमत करीब 43 हजार रुपये है।
- नई दिल्ली। भारत में सबसे ज्यादा कारें बेचने वाली कंपनी मारुति सुजुकी जल्द ही भारत में अपने कई पॉपुलर कारों के नेक्स्ट जेनरेशन मॉडल पेश करने वाली हैं, जिनमें मिनी हैचबैक, नेक्स्ट मारुति सुजुकी ऑल्टो के साथ ही न्यू जनरेशन मारुति सिलेरियो भी है। अब मीडिया रिपोट्र्स में खबर आ रही है कि नई मारुति सिलेरियो को भारत में फेस्टिवल सीजन में लॉन्च किया जा सकता है और लॉन्च डेट संभवत: 10 नवंबर है। बेहतर लुक और फीचर्स वाली इस नेक्स्ट जेनरेशन हैचबैक कार का लोगों को लंबे समय से इंतजार है।न्यू जेन मारुति सिलेरियो की हाल ही में ऑफिशल टीवीसी शूट के दौरान झलक दिखी है। खबर है कि सिलेरियो में बेहतर डिजाइन तो दिखेंगे ही, साथ ही यह साइज में भी बड़ी होगी और इसमें केबिन स्पेस भी ज्यादा होगा। माना जा रहा है कि यह मारुति बलेनो से काफी इंस्पायर्ड हो सकती है। न्यू सिलेरियो को हार्टटेक प्लैटफॉर्म पर डिवेलप किया जाएगा, जिसपर एस- प्रेसो और वेगेनॉर जैसी कारें बनी हैं। इसमें हनीकंब पैटर्न में नई ओवल ग्रिल, क्रोम स्लैट, बड़ा हेडलैंप, नया बंपर, बड़ा फॉगलैंप, नया टेललैंप दिखेंगे।ज्यादातर संभावना है कि नई सिलेरियो का सीएनजी वेरिएंट भी लॉन्च हो। वहीं फीचर्स की बात करें तो अपकमिंग सिलेरियो में डैशबोर्ड में इंटिग्रेटेड 7 इंच का टचस्क्रीन इन्फोटेनमेंट सिस्टम होगा, जो कि एप्पल कार प्ले और एंड्रॉइड ऑटो सपोर्ट वाला होगा। इसमें मल्टी फंक्शनल स्टीयरिंग व्हील्ज के साथ ही नई अपहॉल्स्ट्री भी देखने को मिलेगी।इस समय मारुति सिलेरियो की कीमत 4 लाख 66 हजार रुपए से शुरू होकर 6 लाख तक जाती है।
- नई दिल्ली। शुक्रवार को सोने और चांदी की हाजिर बाजार में कीमतों में तेजी दर्ज की गई। वायदा कारोबार में सोने की कीमत में गिरावट आई, वहीं दूसरी ओर चांदी में उछाल दर्ज किया गया। राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में शुक्रवार को सोना 555 रुपये की तेजी के साथ 45 हजार 472 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। एचडीएफसी सिक्योरिटीज ने यह जानकारी दी। सोने में तगड़े उछाले की वजह रुपये की विनिमय दर में गिरावट आना रहा। इससे पिछले कारोबारी सत्र में सोना 44 हजार 917 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। चांदी की कीमत भी 975 रुपये के उछाल के साथ 58 हजार 400 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई। पिछले कारोबारी सत्र में यह 57 हजार 425 रुपये प्रति किलो के भाव पर बंद हुई थी।अंतरराष्ट्रीय बाजार में हुआ सस्ताअंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना मामूली गिरावट के साथ 1,752 डॉलर प्रति औंस रह गया, जबकि चांदी 22.16 डॉलर प्रति औंस पर लगभग अपरिवर्तित रही। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) तपन पटेल ने कहा, जिंस बाजार में सोने की कीमतों में स्थिरता रही, जबकि यहां इसका हाजिर भाव 1,752 डॉलर प्रति औंस पर मामूली रूप से नीचे चल रहा था। अंतरबैंक विदेशीमुद्रा विनिमय बाजार में आरंभिक कारोबार में डॉलर के मुकाबले रुपया 12 पैसे की गिरावट के साथ 74.35 रुपये प्रति डॉलर रह गया।वायदा बाजार में सोने और चांदी का हालशुक्रवार को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर अक्टूबर अनुबंध वाला सोना 133 रुपये गिरकर 46 हजार 388 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर आ गया। ऐसा कम मांग की वजह से सौदों में की गई कटौती के चलते हुआ। इस दौरान 1,340 लॉट्स के लिए कारोबार हुआ। वहीं दूसरी ओर हाजिर बाजार में मजबूत मांग के कारण वायदा कारोबार में चांदी की कीमत 73 रुपये बढ़कर 59,690 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई। इस दौरान 13,054 लॉट के लिए कारोबार हुआ।





.jpg)
.jpg)
.jpg)




.jpg)
.jpg)

.jpg)




.jpg)



.jpg)
.jpg)

.jpg)