- Home
- बिजनेस
- नयी दिल्ली । जर्मनी की लक्जरी कार कंपनी ऑडी ने भारत में आयातित कारों पर लगने वाली कर की ऊंची दरों को इलेक्ट्रिक वाहन क्षेत्र की वृद्धि के लिए बाधा करार दिया है। कंपनी ने आयातित कारों पर कर की दरों में कटौती का आग्रह किया है। कंपनी ने कहा कि शुल्कों में कुछ राहत से भी वह अधिक वाहन बेच सकेगी और अपने मुख्यालय को ऐसे वाहनों के स्थानीय विनिर्माण के लिए निवेश के प्रति आश्वस्त कर पाएगी। ऑडी की देश में फिलहाल पांच बिजलीचालित यानी इलेक्ट्रिक वाहन बेचती है। कंपनी ने कहा कि आयात किये जाने वाले मॉडलों पर कर में कमी से वाहन के मूल्य को कम करने में मदद मिलेगी। साथ ही बाजार में वह एक निश्चित मात्रा में बिक्री के आंकड़े को हासिल कर पाएगी। ऑडी ने कहा कि यदि कंपनी को बाजार में एक निश्चित हिस्सेदारी मिलती है तो वह अपने वैश्विक मुख्यालय को भारत विनिर्माण संयंत्र स्थापित करने के लिए देश में फिर से निवेश करने के लिए मनाने की कोशिश करेगी। ऑडी इंडिया के प्रमुख बलबीर सिंह ढिल्लों ने कहा कि कंपनी देश में आयातित अपने इलेक्ट्रिक वाहनों के पहले सेट को बेच दिया है। उन्होंने कहा, ‘‘हाल में भारतीय बाजार में उतारी गई की गई बिजली से चलने वाली ई-ट्रॉन गाड़ी की पहली खेप बिक गई हैं। इससे हमें विश्वास मिला है कि लोग और भारत इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए तैयार है। यह सब हमें ऐसी अधिक से अधिक कारों को पेश करने में मदद कर रहा है।'' कंपनी ने पिछले सप्ताह ही दो नई पूर्ण इलेक्ट्रिक चार दरवाजे की कूपे ई-ट्रॉन जीटी और आरएस ई-ट्रॉन जीटी भारत में पेश की है। इसके साथ कंपनी की भारत में बिजली से चलने वाली कुल पांच गाड़ियां हो गई है। हालांकि, उन्होंने कहा कि आयात शुल्क इलेक्ट्रिक वाहनों के रास्ते में बाधक साबित हो रहा है।
-
नयी दिल्ली। डीजल कीमतों में रविवार को 25 पैसे प्रति लीटर की और बढ़ोतरी की गई है। हालांकि, पेट्रोल के दाम नहीं बढ़ाए गए हैं।
सार्वजनिक क्षेत्र की पेट्रोलियम कंपनियों ने तीन सप्ताह तक कीमतों में बदलाव नहीं किया था। उसके बाद से डीजल कीमतों में यह दूसरी बढ़ोतरी है।सार्वजनिक क्षेत्र की पेट्रोलियम कंपनियों की मूल्य अधिसूचना के अनुसार दिल्ली में डीजल अब 89.07 रुपये प्रति लीटर हो गया है। मुंबई में यह 96.68 रुपये प्रति लीटर हो गया है। पेट्रोल के दाम नहीं बढ़ाए गए हैं। दिल्ली में पेट्रोल 101.19 रुपये लीटर और मुंबई में 107.26 रुपये लीटर है।सार्वजनिक क्षेत्र की पेट्रोलियम कंपनियों....इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसी), भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन (बीपीसीएल) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन (बीपीसीएल) ने 24 सितंबर से कीमतों में दैनिक आधार पर संशोधन फिर शुरू किया है। पांच सितंबर से कीमतों में बदलाव नहीं किया गया था। 24 सितंबर को डीजल के दाम 20 पैसे प्रति लीटर बढ़ाए गए थे। उस दिन भी पेट्रोल कीमतों में बदलाव नहीं हुआ था। वैश्विक बेंचमार्क ब्रेंट कच्चा तेल 77.50 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया है। इस सप्ताह कच्चे तेल के दाम दो प्रतिशत चढ़े हैं। - नयी दिल्ली। सार्वजनिक क्षेत्र की बिजली कंपनी एनटीपीसी ने सीपीएसयू योजना-दो निविदा में 1.9 गीगावॉट की सौर परियोजनाएं हासिल की हैं। इसके साथ, एनटीपीसी के पास अब प्रतिस्पर्धी बोलियों के माध्यम से हासिल की गई 6.3 गीगावॉट क्षमता है। कंपनी के एक बयान में कहा गया है कि इससे एनटीपीसी की वर्ष 2032 तक 60 गीगावॉट आरई (नवीकरणीय ऊर्जा) क्षमता की योजना का मार्ग प्रशस्त होगा। कंपनी ने पांच गीगावॉट निविदा की तीसरी किस्त में परियोजनाएं हासिल की हैं।
- नई दिल्ली। भारत में सबसे पॉवुलर ऑटोमोबाइल कंपनी मारुति सुजुकी जल्द ही भारत में अपनी कई कारों के नेक्स्ट जेनरेशन मॉडल लॉन्च करने वाली है, जो कि बेहतर लुक और फीचर्स से लैस होगी। इसी कड़ी में मारुति सुजुकी अपनी बेस्ट सेलिंग हैचबैक कार मारुति सुजुकी ऑल्टो को नए अवतार में पेश करने वाली है, जिसमें ज्यादा स्पेस के साथ ही लुक और फीचर्स में भी काफी बदलाव देखने को मिलेंगे।ऑल्टो के अब तक कई अपडेट मॉडल आ चुके हैं और अब अगले साल यानी 2022 की शुरुआत में हृनेक्स्ट जनरेशन मारुति सुजुटी ऑल्टो लोगों के सामने आ सकती है। दरअसल, कोविड की वजह से इसकी लॉन्चिंग में देरी हुई। अपकमिंग मारुति ऑल्टो को हार्टेक्ट प्लैटफॉर्म पर डिवेलप किया जाएगा, जिस पर मारुति सुजुकी एस- प्रेशो के साथ ही न्यू जेन वेगेन आर डिवेलप हुई है। मारुति सुजुकी की अपकमिंग हैचबैक न्यू सेलेरयिो भी इसी प्लैटफॉर्म पर बेस्ड होगी।माना जा रहा है कि नेक्स्ट जेनरेशन मारुति ऑल्टो में 3 सिलिंडर नेचरली एस्पिरेटेज पेट्रोल इंजन देखने को मिलेगा। इसकी माइलेज में भी बेहतरी की संभावना दिख सकती है। अपकमिंग ऑल्टो के डिजाइन में काफी सारे बदलाव देखने को मिलेंगे। साथ ही इसके इंटीरियर में भी काफी कुछ नया देखने को मिल सकता है। अपकमिंग ऑल्टो ज्यादा स्पोर्टी होगी, जो ज्यादा ऊंची होगी और इसमें नई ग्रिल, बंपर, हेडलाइट, टेललाइट और व्हील्ज देखने को मिलेंगे।नई मारुति सुजुकी ऑल्टो की संभावित फीचर्स की बात करें तो इसमें एप्पल कार प्ले और एंड्रॉइड ऑटो सपोर्ट वाला 7 इंच का टचस्क्रीन इन्फोटेनमेंट सिस्टम, कीलेस एंट्री, पावर विंडो, डुअल फ्रंट एयरबैग्स, रिवर्स पार्किंग सेंसर, स्पीड अलर्ट सिस्टम जैसे कई सेल्टी और स्टैंडर्ड फीचर्स देखने को मिलेंगे। अपकमिंग ऑल्टो को सीएनजी ऑप्शन के साथ पेश किया जा सकता है। कंपनी ने नई ऑल्टो की कीमत का अभी खुलासा नहीं किया है।
- नई दिल्ली।केन्द्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारामन ने आज कहा कि कोविड महामारी की चुनौती के बावजूद देश की अर्थव्यवस्था सुधार के पथ पर है और आर्थिक वृद्धि दर मजबूत हो रही है। उन्होंने कहा कि शेयर बाजार में भरोसा बढ रहा है क्योंकि खुद्रा और छोटे निवेशक इसमें निवेश के लिए उत्सुक हैं। आज चंडीगढ में हरियाणा भाजपा कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन में वित्तमंत्री ने यह बात कही। वे हरियाणा के पंचकुला में पार्टी कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए वहां गई हैं। प्रदेश भाजपा प्रमुख ओपी धनखड़ और पूर्व केन्द्रीय मंत्री रतन लाल कटारिया भी इस अवसर पर मौजूद थे।वित्तमंत्री ने कहा कि वस्तु और सेवाकर- जीएसटी तथा प्रत्यक्ष करों के संग्रह से अर्थव्यवस्था में सुधार के स्पष्ट संकेत मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्यक्ष कर और जीएसटी संग्रह का छमाही लक्ष्य हासिल कर लिया गया है। प्रति महीने औसतन एक लाख ग्यारह हजार करोड रुपए का जीएसटी और एक लाख 12 हजार करोड रुपए का प्रत्यक्ष कर संग्रह हो रहा है। श्रीमती सीतारामन ने कहा कि ये कोई छोटे-मोटे संकेत नहीं हैं।वित्तमंत्री ने कहा कि सब जानते हैं कि सरकार सबका साथ सबका विकास और सबका विश्वास के मंत्र पर विश्वास करती है। 15 अगस्त को प्रधानमंत्री ने इस मंत्र में सबका प्रयास जोडा था। वित्तमंत्री ने कहा कि बैंकों के जरिए स्टार्टअप्स को ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। फल-सब्जी विक्रेता रेहडी पटरी वालों को भी प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत वित्तीय सहायता दी जा रही है। वित्तमंत्री ने कहा कि भाजपा की भावना के अनुरूप सरकार सबका साथ सबका विकास और सबका विश्वास के मंत्र पर पूरे विश्वास से आगे बढ रही है।
- नयी दिल्ली। प्रमुख शेयर सूचकांक बीएसई सेंसेक्स को इस साल जनवरी में 50 हजार से शुक्रवार को पहली बार 60 हजार का आंकड़ा पार करने में सिर्फ आठ महीने लगे।सेंसेक्स ने 21 जनवरी 2021 को पहली बार 50 हजार अंक के आंकड़े को पार किया था।स्वास्तिका इन्वेस्टमार्ट के अनुसंधान प्रमुख संतोष मीणा ने कहा, ‘‘सभी चिंताओं को पीछे छोड़ते हुए भारतीय शेयर बाजार में जोरदार तेजी का दौर जारी है, जहां सेंसेक्स ने 60 हजार के स्तर को पार कर लिया। हम वर्ष 2003-2007 की तरह ही तेजी के बाजार में हैं, और इसके अगले 2-3 साल तक जारी रहने की संभावना है।’’उन्होंने कहा कि हालांकि छोटी अवधि में सुधारात्मक गिरावट से इनकार नहीं किया जा सकता।यह साल अब तक तेजड़ियों का रहा है, क्योंकि बाजारों ने कई ऐतिहासिक कीर्तिमान बनाए। इस साल अब तक सेंसेक्स 25 फीसदी से ज्यादा चढ़ा है।जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के मुख्य बाजार रणनीतिकार आनंद जेम्स ने कहा कि एवरग्रैंड ऋण संकट को लेकर आशंकाएं कम होने के बाद सेंसेक्स ने 60 हजार अंक का आंकड़ा पार किया, हालांकि बाजार में दरों में बढ़ोतरी की संभावनाओं पर नजर बनाए रखनी चाहिए। आईआईएफएल सिक्योरिटीज के सीईओ (रिटेल) संदीप भारद्वाज ने कहा कि अगले कुछ वर्षों में ठोस आर्थिक सुधार और लगातार वृद्धि की उम्मीदें तेजड़ियों को उत्साहित कर रही हैं।
- नई दिल्ली। अमेरिका के सेंट्रल बैंक फेड रिजर्व के नतीजों के बाद भारतीय शेयर बाजार में तेजी आई। 30 शेयरों का इंडेक्स सेंसेक्स ऐतिहासिक स्तर, 60 हजार अंक के करीब बंद हुआ है। कारोबार के दौरान पहली बार सेंसेक्स ने 59,957 का और निफ्टी ने 17,843 का स्तर छुआ। सेंसेक्स 958 पॉइंट चढ़कर 59,885 पर और निफ्टी 276 पॉइंट चढ़कर 17,823 पर बंद हुआ। इससे पहले सेंसेक्स 59,358 पर निफ्टी 17,670 पर खुला था। बजाज फिनसर्व के शेयर में 5.15 फीसदी की तेजी देखने को मिली। बढ़त की वजह से निवेशक मालामाल हो गए। दरअसल, बीएसई में सूचीबद्ध शेयरों का मार्केट कैपिटल 3 लाख करोड़ रुपए बढ़ गया है। ये रकम निवेशकों के मुनाफे के तौर पर बढ़ा है। फिलहाल, बीएसई का मार्केट कैपिटल 2 करोड़ 61 लाख 75 हजार रुपए है। फीसदी में ग्रोथ की बात करें तो एक दिन पहले के मुकाबले सेंसेक्स 1.63 फीसदी बढ़ा है। निफ्टी ने भी 1 फीसदी से अधिक की तेजी दर्ज की।
-
नयी दिल्ली। दूरसंचार कंपनी भारती एयरटेल का करीब 21,000 करोड़ रुपये का राइट इश्यू पांच अक्टूबर को खुलेगा। कंपनी ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि राइट इश्यू की पात्रता को लेकर रिकार्ड तिथि 28 सितंबर तय की गयी है। भारती एयरटेल के निदेशक मंडल ने 29 अगस्त को राइट इश्यू के जरिये 21,000 करोड़ रुपये जुटाने को मंजूरी दी थी। यह राशि 230 रुपये के प्रीमियम समेत 535 रुपये प्रति शेयर के भाव पर जुटायी जाएगी। कंपनी ने सूचना में कहा कि उसकी निदेशकों की विशेष समिति ने राइट इश्यू खुलने के लिये पांच अक्टूबर की तारीख को मंजूरी दी है जबकि 21 अक्टूबर 2021 को यह बंद होगा। समिति ने शेयरधारकों की पात्रता के निर्धारण के लिये रिकार्ड तिथि के रूप में 28 सितंबर को मंजूरी दी है। -
नयी दिल्ली। देश के खनिज उत्पादन में इस साल जून में सालाना आधार पर 23.1 प्रतिशत की वृद्धि हुई। बुधवार को जारी आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गयी। खान मंत्रालय के बयान के अनुसार खनन और उत्खनन क्षेत्र के खनिज उत्पादन का सूचकांक जून 2021 में 105.5 रहा। यह जून 2020 के मुकाबले 23.1 प्रतिशत अधिक है। बयान के अनुसार, ‘‘अप्रैल-जून, 2021-22 के दौरान संचयी वृद्धि पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 27.4 प्रतिशत रही।'' मंत्रालय ने कहा कि जून, 2021 में महत्वपूर्ण खनिजों में कोयला उत्पादन 510 लाख टन, लिग्नाइट 34 लाख टन, प्राकृतिक गैस (प्रयुक्त) 271.4 करोड़ घन मीटर, पेट्रोलियम (कच्चा तेल) 25 लाख टन, बॉक्साइट 1739 हजार टन, क्रोमाइट 322 हजार टन और मैंगनीज 208 हजार टन रहा। आंकड़े के अनुसार जून, 2020 की तुलना में जून, 2021 के दौरान उत्पादन में सकारात्मक वृद्धि दिखाने वाले महत्वपूर्ण खनिजों में क्रोमाइट, मैग्नेसाइट ,लौह अयस्क शामिल हैं। दूसरी तरफ जिन क्षेत्रों में वृद्धि में गिरावट रही, उनमें पेट्रोलियम (कच्चा तेल), सोना और हीरा शामिल हैं।
- नयी दिल्ली। देश में अगस्त माह के दौरान कच्चे तेल का उत्पादन 2.3 प्रतिशत घट गया। हालांकि, रिलायंस-बीपी के केजी-डी6 फील्ड से होने वाले उत्पादन के कारण इस दौरान गैस उत्पादन में 20 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई। सरकार के बुधवार को जारी आंकड़े से यह जानकारी मिली। आंकड़े के अनुसार सार्वजनिक क्षेत्र की ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉरपोरेशन (ओएनजीसी) के तेल एवं गैस क्षेत्रों से उत्पादन कम होने से अगस्त महीने में कच्चे तेल का उत्पादन घटकर 25.1 लाख टन रहा। भारत अपनी तेल जरूरतों को पूरा करने के लिये 85 प्रतिशत तक आयात पर निर्भर है। इसको देखते हुए सरकार लंबे समय से घरेलू उत्पादन बढ़ाने पर ध्यान दे रही है ताकि आयात पर निर्भरता कम हो सके। कच्चे तेल को रिफाइनरी में पेट्रोल और डीजल जैसे ईंधन में बदला जाता है।प्राकृतिक गैस का उत्पादन आलोच्य महीने में 20.23 प्रतिशत बढ़कर 2.9 अरब घन मीटर रहा। इसका कारण निजी कंपनियों के फील्डों से उत्पादन में 186 प्रतिशत की वृद्धि है। आंकड़े के साथ जारी बयान के अनुसार, ‘‘गैस उत्पादन में वृद्धि का कारण नये क्षेत्रों डी-34 और केजी-डीडब्ल्यूएन-98/3 के उप-क्षेत्रों (केजी-डी6) से उत्पादन है। यहां उत्पादन क्रमश: दिसंबर 2020 और अप्रैल 2021 में शुरू हुआ।'' रिलायंस इंडस्ट्रीज और उसकी भागीदार ब्रिटेन की बीपी पीएलसी केजी-डी6 फील्ड का परिचालन करती है।देश की सबसे बड़ी तेल एवं गैस उत्पादक ओएनजीसी का कच्चे तेल का उत्पादन 4 प्रतिशत घटकर 16 लाख टन और गैस 9 प्रतिशत कम होकर 1.7 अरब घन मीटर रहा। आंकड़े के अनुसार ईंधन मांग बढ़ने के साथ तेल रिफाइनरियों ने अगस्त महीने में अधिक कच्चे तेल का प्रसंस्करण किया। आलोच्य महीने में कच्चे तेल का प्रसंस्करण सालाना आधार पर 14.17 प्रतिशत बढ़कर 1.84 करोड़ टन रहा।
- मुंबई। अगले तीन महीने में लगभग 28 प्रतिशत शहरी भारतीय सोने पर खर्च करने की योजना बना रहे हैं। इससे कोविड-19 की दूसरी लहर का प्रभाव कम होने की स्थिति में नए सिरे से सोने की मांग बढ़ने का संकेत मिलता है। एक सर्वेक्षण में यह जानकारी दी गई है। वर्ष 2020 में कोविड- के प्रतिबंधों के चलते रत्न और आभूषण उद्योग ने इस साल जनवरी-मार्च में वापस ठीक होने का संकेत दिया था। हालांकि, महामारी की दूसरी लहर ने इसे रोक दिया। दूसरी लहर के कमजोर पड़ने के बाद राज्य सरकारें धीरे-धीरे आवाजाही पर प्रतिबंधों में ढील दे रही हैं और संगठित खुदरा विक्रेता उम्मीद कर रहे हैं कि इस साल त्योहारी सत्र के दौरान उपभोक्ताओं की मांग बेहतर रहने की उम्मीद है। मार्केट रिसर्च फर्म यू गोव्स के दिवाली खर्च सूचकांक के अनुसार, शहरी भारतीयों में त्योहारी सत्र के दौरान खर्च करने की चाहत बढ़ रही है और दस में से तीन शहरी भारतीयों (28 फीसदी) अगले तीन महीनों में सोने पर खर्च करने की योजना बना रहे हैं। दिवाली खर्च सूचकांक के लिए आंकड़ों को यू-गोव बोमनीबस द्वारा 17-20 अगस्त के बीच देश के 2,021 उत्तरदाताओं से ऑनलाइन एकत्र किया गया जो भारत में वयस्क ऑनलाइन आबादी का प्रतिनिधित्व करते हैं। सर्वेक्षण के अनुसार, पांच में से तीन उत्तरदाताओं (58 प्रतिशत) ने व्यक्तिगत या पारिवारिक उपयोग के लिए संगठित खुदरा विक्रेताओं द्वारा लाई गई स्वर्ण योजना के जरिये या भौतिक स्वरूप में सोना खरीदने की योजना के बारे में बताया। इसमें कहा गया है कि शेष 38 प्रतिशत द्वारा, निवेश के उद्देश्य से या तो गोल्ड फंड के माध्यम से या भौतिक सोने के रूप में सोने पर खर्च करने की संभावना है। इसके अलावा, सर्वेक्षण से पता चलता है कि इन संभावित सोने के खरीदारों में से 69 प्रतिशत का मानना था कि दिवाली और त्योहारी सत्र, सोना खरीदने का सबसे अच्छा समय है, जो त्योहारी सत्र के दौरान खर्च करने के उनके झुकाव को उजागर करता है।
- नयी दिल्ली। प्रमुख मीडिया फर्म जी एंटरटेनमेंट और सोनी पिक्चर्स ने बुधवार को कहा कि उन्हें विलय के लिए सैद्धांतिक मंजूरी मिल गई है, जिसके तहत दोनों कंपनियों के लाइनर नेटवर्क, डिजिटल संपत्ति, निर्माण परिचालन और कार्यक्रम लाइब्रेरी को साथ लाया जाएगा।जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेस लिमिटेड (जील) के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी पुनीत गोयनका विलय के बाद बनी इकाई का नेतृत्व करेंगे। सोनी पिक्चर्स नेटवक्र्स इंडिया (एसपीएनआई) ने एक बयान में कहा कि उसकी मूल कंपनी सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट आगे और निवेश करेगी, ताकि एसपीएनआई के पास लगभग 1.575 अरब अमेरिकी डॉलर का नकद अधिशेष हो। एसपीएनआई ने कहा कि संयुक्त कंपनी से सभी हितधारकों को लाभ मिलने की उम्मीद है। सौदे के अनुसार संयुक्त कंपनी में एसपीएनआई के शेयरधारकों की बहुलांश हिस्सेदारी होगी।जील के अनुसार जील और एसपीएनआई के मौजूदा अनुमानित इक्विटी मूल्यों के आधार पर, जील के पक्ष में सांकेतिक विलय अनुपात 61.25 प्रतिशत है। जील ने आगे कहा, हालांकि, एसपीएनआई में वृद्धि पूंजी के प्रस्तावित निवेश के बाद नई इकाई में जील की हिस्सेदारी 47.07 प्रतिशत और शेष 52.93 प्रतिशत हिस्सेदारी एसपीएनआई के पास रहने की उम्मीद है। बयान में यह भी कहा गया कि जी एंटरटेनमेंट के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी पुनीत गोयनका विलय के बाद बनी इकाई का नेतृत्व करते रहेंगे। हालांकि, गोयनका कंपनी के दो सबसे बड़े शेयरधारकों - इनवेस्को और ओएफआई ग्लोबल चाइना फंड एलएलसी द्वारा पद छोडऩे के दबाव का सामना कर रहे थे। सौदे की शर्तों के मुताबिक विलय के बाद बनी कंपनी के बोर्ड में बहुसंख्यक सदस्य सोनी द्वारा नामित किए जाएंगे, जबकि गोयनका इसका नेतृत्व करेंगे। इस सौदे से जी पर कुछ दबाव कम होगा, जबकि इससे सोनी को भारत में मीडिया कारोबार बढ़ाने में मदद मिलेगी।संयुक्त इकाई के पास 70 से अधिक टीवी चैनल, दो वीडियो स्ट्रीमिंग सेवाएं (जी5 और सोनी लिव) और दो फिल्म स्टूडियो (जी स्टूडियो और सोनी पिक्चर्स फिल्म्स इंडिया) होंगे और यह देश का सबसे बड़ा मनोरंजन नेटवर्क होगा। भारतीय बाजार में इसके निकटतम प्रतिस्पर्धी स्टार एंड डिज्नी हैं। जील ने एक बयान में कहा कि मंगलवार को हुई उसकी बोर्ड बैठक में सर्वसम्मति से एसपीएनआई और कंपनी के विलय को सौद्धान्तिक मंजूरी दी गई। विलय के बाद बनी कंपनी भारत में सार्वजनिक रूप से सूचीबद्ध होगी। इसके अलावा सौदे की शर्तों के तहत प्रवर्तक सुभाष चंद्रा परिवार अपनी हिस्सेदारी को मौजूदा चार प्रतिशत से बढ़ाकर 20 प्रतिशत तक कर सकता है। चंद्रा ने कर्ज चुकाने के लिए जी में अपनी हिस्सेदारी बेची थी। जील के अध्यक्ष आर गोपालन ने कहा कि नियामक दिशानिर्देशों के मुताबिक इस प्रस्ताव पर जील के शेयरधारकों की सहमति ली जाएगी।
-
भुवनेश्वर। ओडिशा ने 2025 तक एक लाख करोड़ रुपये का निर्यात कारोबार हासिल करने का लक्ष्य रखा है। ओडिशा के मुख्यमंत्री के प्रमुख सलाहकार ए के त्रिपाठी ने मंगलवार को ‘वाणिज्य उत्सव' में भाग लेते हुए यह जानकारी दी। एक आधिकारिक बयान के अनुसार पूर्व मुख्य सचिव ने कहा, ‘‘ओडिशा देश की इस्पात राजधानी है। यहां दो एल्युमीनियम पार्क बन रहे हैं। राज्य देश का शीर्ष निर्यातक बनने की ओर अग्रसर है।'' केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के तहत वाणिज्य विभाग तथा विदेश विदेश व्यापार महानिदेशालय (डीजीएफटी) ने राज्य के एमएसएमई और उद्योग विभाग के साथ मिलकर निर्यातकों के सम्मेलन वाणिज्य उत्सव का आयोजन किया है। यह आयोजन देश को आर्थिक ताकत के रूप में पेश करने के लिए ‘आजादी के अमृत महोत्सव' के तहत किया गया है। ओडिशा के एमएसएमई विभाग के प्रमुख सचिव सत्यव्रत साहू ने कहा कि राज्य के पास खान, खनिज, समुद्र, कृषि और अन्य मूल्यवान संसाधन हैं। राज्य राष्ट्रीय स्तर पर आर्थिक वृद्धि में योगदान दे रहा है। उद्योग विभाग के प्रमुख सचिव हेमंत शर्मा ने कहा कि भविष्य के निर्यात की नीतियों पर ध्यान देने की जरूरत है। -
नयी दिल्ली। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने मंगलवार को कहा कि अगरबत्ती आयात पर प्रतिबंध लगाये जाने से बड़े पैमाने पर इनके घरेलू उत्पादन को प्रोत्साहित करने में मदद मिली है। सरकार ने अगस्त 2019 में चीन और वियतनाम जैसे देशों से अगरबत्ती के आयात में उल्लेखनीय वृद्धि की रिपोर्ट के बीच अगरबत्ती और इसी तरह के अन्य उत्पादों के आयात पर प्रतिबंध लगा दिया। इन सामानों के आयातकों को सरकार से लाइसेंस की आवश्यकता होती है। गोयल ने त्रिपुरा में ‘अगरवुड' (सुगंधित लकड़ी) से बने उत्पादों पर क्रेता-विक्रेता बैठक में कहा कि आयात पर प्रतिबंध ने बड़े पैमाने पर विनिर्माण को बढ़ावा देने में मदद की। आगे जाकर हम सुगंधित लकड़ी (अगरबत्ती, इत्र जैसे सुगंधित उत्पाद बनाने में उपयोग) की खेती बढ़ा सकते हैं और फिर हम इसके आयात को भी रोक सकते हैं तथा इस क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन सकते हैं।'' ‘अगरवुड' चिप्स और उसके उत्पादों का वैश्विक व्यापार लगभग 30 अरब डॉलर का है। उन्होंने यह भी कहा कि ‘ऑटोमोटिव टायर मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन' की मदद से रबर की खेती बढ़ाने के लिए योजना तैयार की गयी है। - नयी दिल्ली। वॉलमार्ट के स्वामित्व वाली ई-कॉमर्स कंपनी फ्लिपकार्ट सात से 12 अक्टूबर तक अपने प्रमुख कार्यक्रम ‘द बिग बिलियन डेज' (टीबीबीडी) के आठवें संस्करण का आयोजन करेगी। कंपनी ने मंगलवार को कहा कि छह दिन के बिग बिलियन डेज में लाखों उपभोक्ता, विक्रेता, छोटे कारोबारी, कारीगर, किराना, ब्रांड और ई-कॉमर्स पारिस्थितिकी तंत्र के भागीदार भाग लेंगे। कंपनी ने कहा कि इस साल बिग बिलियन डेज में घरेलू ब्रांड और विक्रेताओं के लिए कई नए अवसर उपलब्ध होंगे। वे महानगरों से लेकर दूसरी श्रेणी के शहरों तक के उपभोक्ताओं से जुड़ सकेंगे। ई-कॉमर्स कंपनियां त्योहारी मौसम की बिक्री के दौरान अपने सालाना कारोबार का एक बड़ा हिस्सा हासिल करती हैं। इस आयोजन से पहले कंपनियां अपनी क्षमता का विस्तार करती हैं। फ्लिपकार्ट समूह के मुख्य कार्यपालक अधिकारी कल्याण कृष्णमूर्ति ने कहा कि कंपनी इस चुनौतीपूर्ण समय में अवसरों के सृजन तथा उपभोक्ता धारणा को बेहतर करने के लिए अपने पारिस्थतिकी तंत्र के भागीदारों के साथ सहयोग कर रही है।
- नयी दिल्ली। यूनियन बैंक ऑफ इंडिया को उत्तरी दिल्ली नगर निगम (एनडीएमसी) से पेंशन वितरण का अधिकार मिला है। बैंक ने मंगलवार को बयान में कहा कि उसने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पेंशन वितरण के लिए एनडीएमसी के साथ करार किया है। इस बारे में एनडीएमसी के मुख्यालय सिविक सेंटर में सहमति ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।बैंक के महाप्रबंधक- सरकारी कारोबार आर के जगलान ने कहा कि यह करार एनएमडीसी के साथ हमारे सहयोग की दिशा में एक और कदम है। इससे बैंक, एनडीएमसी तथा लोगों को लाभ होगा। यह करार तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।
- नयी दिल्ली। कार शेयरिंग मार्केटप्लेस जूमकार ने मंगलवार को इंडोनेशिया और वियतनाम में अपना परिचालन शुरू करने की घोषणा की। इससे पहले कंपनी ने हाल ही में फिलीपीन और मिस्र के बाजार में प्रवेश किया था।घरेलू कंपनी ने एक बयान में कहा कि लियो विबिसोनो अरिफिन को इंडोनेशिया में जूमकार का उपाध्यक्ष और कंट्री हेड नियुक्त किया गया है। जूमकार में शामिल होने से पहले, अरिफिन इंडोनेशिया की सबसे बड़ी टेक कंपनी गोजेक में रणनीति प्रमुख के रूप में काम कर रहे थे। बयान में कहा गया कि कंपनी के वियतनाम में विस्तार के लिए किएट फाम को जूमकार का उपाध्यक्ष और कंट्री हेड नियुक्त किया गया है। फाम इससे पहले गोजेक, ओयो और नीलसन जैसी कंपनियों में वरिष्ठ प्रबंधन पदों पर रह चुके हैं।जूमकार के सीईओ और सह-संस्थापक ग्रेग मोरन ने कहा कि इंडोनेशिया और वियतनाम में कंपनी के लिए विस्तार का सही मौका है और वह इन दोनों अधिकारियों के अनुभव का लाभ उठाने को लेकर आशान्वित है।--
- नयी दिल्ली। देश के सबसे बड़े मॉर्गेज ऋणदाता एचडीएफसी ने मंगलवार को भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) जैसे प्रतिद्वंदियों की तर्ज पर एक त्योहारी ऑफर की घोषणा की, जिसमें 6.70 प्रतिशत से शुरू होने वाला गृह ऋण शामिल है। पिछले हफ्ते, एसबीआई ने त्योहारी बोनस के हिस्से के रूप में अपने ऑफर के तहत 6.70 प्रतिशत की रियायती गृह ऋण दर की पेशकश की थी। इसके बाद पंजाब नेशनल बैंक और बैंक ऑफ बड़ौदा जैसे अन्य ऋणदाताओं ने भी इसी तरह के ऑफर पेश किए। एचडीएफसी लि. की प्रबंध निदेशक रेणु सूद कर्नाड ने कहा, "आज घर पहले की तुलना में कहीं अधिक किफायती है। पिछले कुछ वर्षों में, संपत्ति की कीमतें देश भर के प्रमुख इलाकों में कमोबेश एक जैसी रही हैं, जबकि आय का स्तर बढ़ा है।" उन्होंने कहा कि ब्याज की रिकॉर्ड कम दरें, पीएमएवाई (प्रधानमंत्री आवास योजना) के तहत सब्सिडी और कर लाभ से भी मदद मिली है। एचडीएफसी ने कहा कि उत्सव योजना के तहत "ग्राहक 20 सितंबर, 2021 से प्रभावी 6.70 प्रतिशत प्रति वर्ष से शुरू होने वाले एचडीएफसी गृह ऋण का लाभ उठा सकते हैं। यह ऑफर ऋण राशि या रोजगार श्रेणी के इतर सभी नए ऋण आवेदनों पर लागू होगा।" एचडीएफसी का 6.70 प्रतिशत का विशेष उत्सव ऑफर सभी ऋण स्लैब, और 800 एवं उससे अधिक के क्रेडिट स्कोर वाले सभी ग्राहकों के लिए है।
- नयी दिल्ली। हरित ऊर्जा को लेकर अपने समूह का एजेंडा साफ करते हुए अरबपति उद्योगपति गौतम अडाणी ने मंगलवार को कहा कि उनका समूह अगले 10 साल में नवीकरणीय ऊर्जा उत्पादन और कलपुर्जों के निर्माण में 20 अरब डॉलर का निवेश करेगा तथा दुनिया में सबसे सस्ते हरित इलेक्ट्रॉन का उत्पादन करेगा। उन्होंने कहा कि समूह ने अगले चार वर्ष में अपने नवीकरणीय ऊर्जा उत्पादन क्षमता को तीन गुना करने, हरित हाइड्रोजन उत्पादन में क्षेत्र में प्रवेश करने, सभी डेटा सेंटर को नवीकरणीय ऊर्जा से चलाने, 2025 तक अपने बंदरगाहों के कार्बन उत्सर्जन को शून्य करने और 2025 तक हरित प्रौद्योगिकियों में पूंजीगत व्यय का 75 प्रतिशत हिस्सा खर्च करने की योजना बनायी है। अडाणी ग्रुप के प्रमुख ने जेपी मॉर्गन इंडिया इन्वेस्टर समिट में अपने संबोधन के दौरान यह जानकारी दी।उन्होंने कहा कि 20 अरब डॉलर का निवेश नवीकरणीय ऊर्जा उत्पादन, कलपुर्जों के निर्माण, ट्रांसमिशन और वितरण के क्षेत्रों में किया जाएगा। उद्योगपति ने कहा कि अडाणी समूह की "एकीकृत मूल्य श्रृंखला, हमारे आकार और अनुभव के चलते हम दुनिया में सबसे सस्ते ग्रीन इलेक्ट्रॉन के निर्माता बनने की राह पर हैं।" इससे पहले हाल ही में रिलायंस इंडस्ट्रीज के प्रमुख मुकेश अंबानी ने भी तीन वर्ष में स्वच्छ ऊर्जा और हाइड्रोजन ईंधन में 75,000 करोड़ रुपये (10 अरब डॉलर) निवेश की घोषणा की है। अंबानी ने इस महीने कहा था कि एक दशक में नवीकरणीय ऊर्जा से एक डालर प्रति किलोग्राम की लागत पर हाइड्रोजन बनाई जा सकती है। हाइड्रोजन में कार्बन उत्सर्जन नहीं होता है और इसे उद्योग और आटोमोबाइल में ईंधन के तौर पर इस्तेमाल किया जा सकता है।
- नयी दिल्ली। टाटा मोटर्स ने मंगलवार को कहा कि वह बढ़ती लागत के प्रभाव को दूर करने के लिए एक अक्टूबर से अपने वाणिज्यिक वाहनों की कीमतों में करीब दो प्रतिशत तक की वृद्धि करेगी। ऑटो कंपनी ने एक बयान में कहा कि दो प्रतिशत तक की प्रभावी मूल्य वृद्धि वाहन के मॉडल और संस्करण के आधार पर की जाएगी। बयान के मुताबिक इस्पात और कीमती धातुओं जैसी वस्तुओं की लागत में निरंतर वृद्धि के कारण कंपनी को उत्पादों की कीमत में वृद्धि करने की जरूरत पड़ रही है। टाटा मोटर्स देश में वाणिज्यिक वाहनों की सबसे बड़ी निर्माता है। इन वाहनों में ट्रक, बस और हल्के वाणिज्यिक वाहन शामिल हैं।
- नई दिल्ली। स्कोडा कुशक इस साल जून महीने में लॉन्च हुई थी। तब से अब तक में इसे भारतीय ग्राहकों का शानदार साथ मिल रहा है। इस एसयूवी ने 10 हजार बुकिंग का आंकड़ा पार कर लिया है। इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 10.5 लाख रुपये है, जो इसके टॉप वैरिएंट पर 17.6 लाख रुपये तक जाती है।स्कोडा कुशक एसयूवी दो पेट्रोल इंजन के साथ आती है। इनमें, 1.0 लीटर,3-सिलिंडर टीएसआई और 1.5-लीटर, 4-सिलिंडर टीएसआई इंजन शामिल है। इसका 1.0 लीटर का 3-सिलिंडर वाला टीएसआई इंजन 113 बीएचपी की पावर और 175 एनएम का टॉर्क जेनरेट करता है। वहीं, इसका 1.5-लीटर का 4-सिलिंडर वाला टीएसआई इंजन 148 बीएचपी की पावर और 250 एनएम का टॉर्क जेनरेट करता है। इसमें 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स स्टैंडर्ड दिया गया है। वहीं, इसके 1.0 लीटर टीएसआई इंजन में 6-स्पीड एएमटी और 1.5-लीट टीएसआई इंजन में 7-स्पीड डीएसजी का विकल्प मिलता है।यह अपने सेगमेंट में एकलौती ऐसी कार है, जिसमें सबसे ज्यादा व्हीलबेस दिया गया है। इसकी लंबाई 4,225 मिलीमीटर, चौड़ाई 1,760 मिलीमीटर और ऊंचाई 1,612 मिलीमीटर है। वहीं, इसका व्हीलबेस 2,651 मिलीमीटर और ग्राउंड क्लीयरेंस 188 मिलीमीटर है।भारतीय बाजार में स्कोडा कुशक पांच कलर ऑप्शन्स में बिक्री के लिए उपलब्ध है। इनमें, कैंडी व्हाइट, ब्रिलियंट सिल्वर, कार्बन स्टील, हनी ऑरेंज और टोमेटो रेड शामिल हैं।
- नयी दिल्ली । वैश्विक बाजारों में बहुमूल्य धातुओं की कीमतों में कमजोर रुख तथा रुपये के मूल्य में सुधार होने से राष्ट्रीय राजधानी सर्राफा बाजार में मंगलवार को सोना तीन रुपये की मामूली गिरावट के साथ 45 हजार 258 रुपये प्रति 10 ग्राम पर रहा। एचडीएफसी सिक्योरिटीज ने यह जानकारी दी। इससे पिछले कारोबारी सत्र में सोना 45 हजार 261 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।दूसरी ओर, चांदी की कीमत भी 40 रुपये की तेजी के साथ 58 हजार 750 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई। पिछले कारोबारी सत्र में यह 58 हजार 710 रुपये प्रति किलो रही थी। विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में मंगलवार सुबह के कारोबार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये का मूल्य 15 पैसे बढ़कर 73.59 रुपये प्रति डॉलर पर पहुंच गया था। अंत में यह 13 पैसे सुधरकर 73.61 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना मामूली गिरावट के साथ 1,761 डॉलर प्रति औंस रह गया जबकि चांदी 22.42 डॉलर प्रति औंस पर लगभग अपरिवर्तित रही। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ शोध विश्लेषक (जिंस) तपन पटेल ने कहा, ''दो दिवसीय अमेरिकी एफओएमसी (फेडरल ओपन मार्केट कमेटी) की बैठक आज से शुरू हो रही है। निवेशकों को बांड खरीद कार्यक्रम को लेकर फेडरल रिजर्व के रुख का इंतजार है।'
- मुंबई। वैश्विक स्तर पर सकारात्मक रुख के बीच बीएसई सेंसेक्स में मंगलवार को 514 अंक की जोरदार तेजी आयी। इन्फोसिस, बजाज फाइनेंस और आईटीसी के शेयरों की अगुवाई में बाजार में उछाल आया। तीस शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 514.34 अंक यानी 0.88 प्रतिशत की बढ़त के साथ 59,005.27 पर बंद हुआ।इसी प्रकार, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 165.10 अंक यानी 0.95 प्रतिशत मजबूत होकर 17,562 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स के शेयरों में करीब 5 प्रतिशत की तेजी के साथ सर्वाधिक लाभ में बजाज फाइनेंस रहा। इसके अलावा इंडसइंड बैंक, टाटा स्टील, आईटीसी, बजाज फिनसर्व, टेक महिंद्रा और इन्फोसिस में भी प्रमुख रूप से तेजी रही। दूसरी तरफ, गिरावट वाले शेयरों में मारुति, बजाज ऑटो, नेस्ले इंडिया, पावर ग्रिड और एक्सिस बैंक शामिल हैं। रिलायंस सिक्योरिटीज के रणनीति प्रमुख विनोद मोदी ने कहा, ''घरेलू शेयर बाजारों में जोरदार तेजी रही। इसका कारण अपेक्षाकृत सुरक्षित माने जाने वाले आईटी, दवा और दैनिक उपयोग से जुड़े सामान बनाने वाली कंपनियों के शेयरों में जोरदार लिवाली है।'' उन्होंने कहा कि निफ्टी धातु में भी मजबूत सुधार देखने को मिला क्योंकि निवेशकों ने कीमतों में आयी कमी का उपयोग लिवाली में किया। वैश्विक शेयर बाजारों में सकारात्मक रुख से भी बाजार को समर्थन मिला। एशिया के अन्य बाजारों में हांगकांग का हैंगसेंग और जापान में निक्की नुकसान में रहें जबकि चीन तथा दक्षिण कोरिया के बाजार अवकाश के कारण बंद रहें। यूरोप के प्रमुख शेयर बाजारों में दोपहर कारोबार में एक प्रतिशत की तेजी दर्ज की गयी। इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.96 प्रतिशत मजबूत होकर 74.63 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
-
मुंबई। भारतीय रिजर्व बैंक के डिप्टी गवर्नर एम राजेश्वर राव ने पर्यावरण अनुकूल कार्यों के लिये दिये जाने वाले वित्त को मुख्यधारा में लाने पर जोर दिया है। उन्होंने सोमवार को कहा कि वाणिज्यिक ऋण प्रदान करने के फैसलों में पर्यावरणीय प्रभाव को शामिल करने की जरूरत है। राव ने सीएएफआरएएल के हरित और सतत वित्त पर वर्चुअल सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि वित्तीय क्षेत्र में जलवायु जोखिमों को दूर करना अंशधारकों की संयुक्त जिम्मेदारी है, क्योंकि इससे दीर्घावधि में वित्तीय प्रणाली की जुझारू क्षमता प्रभावित हो सकती है। उन्होंने कहा, ‘‘जलवायु परिवर्तन के विभिन्न क्षेत्रों के लिए जोखिम और अवसर भिन्न होते हैं। ऐसे में भारत जैसी अर्थव्यवस्थाओं के लिए विचार करने की विशिष्ट स्थिति बनती है।'' राव ने कहा, ‘‘हमारे समक्ष चुनौती हरित वित्त को मुख्यधारा में लाने और वाणिज्यिक ऋण के फैसलों में पर्यावरणीय प्रभाव को शामिल करने के तरीके ढूंढने की है।'' उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन के अर्थव्यवस्था पर प्रणालीगत प्रभाव को लेकर समझ बन रही है और दुनियाभर के केंद्रीय बैंक इसी के अनुरूप प्रतिक्रिया विकसित कर रहे हैं।
- जयपुर। निजी क्षेत्र के लघु वित्त बैंक एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक ने अब तक 40 हजार क्रेडिट कार्ड जारी किए हैं और इनमें से 50% से अधिक कार्ड ऐसे ग्राहकों को जारी किए गए हैं जो पहली बार क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल कर रहे हैं। बैंक के प्रमुख (क्रेडिट कार्ड्स) मयंक मार्कंडे ने बताया कि एयू क्रेडिट कार्ड इस साल अप्रैल में पेश किया गया था। बैंक ने अब तक 40 हजार क्रेडिट कार्ड जारी किए हैं, जिनमें से 50% से अधिक, पहली बार के क्रेडिट कार्ड उपयोक्ताओं को जारी किए गए हैं। यहां जारी बयान के अनुसार देश के 150 से अधिक जिलों में क्रेडिट कार्ड जारी किए गए हैं। एयू स्माल बैंक गृहिणियों के लिए विशेष अल्टुरा प्लस क्रेडिट कार्ड की पेशकश करता है। उन्होंने बताया कि बैंक भविष्य में अपने लिमिटेड-एडिशन वाले कार्ड लाने पर भी काम कर रहा है जिसमें बैंक के ब्रांड एंबेसडर आमिर खान और कियारा आडवाणी कार्ड पर दिखेंगे। उल्लेखनीय है कि इस बैंक ने अप्रैल 2017 में अपना बैंकिंग परिचालन शुरू किया और 30 जून 2021 तक इसने 15 राज्यों और 2 केंद्र शासित प्रदेशों में 20.2 लाख ग्राहक बना लिये।






.jpg)





.jpg)


.jpg)





.jpg)



.jpg)

.jpg)