निगम आयुक्त ने किया कोसा नगर गौठान का औचक निरीक्षण
-गौवंश के बेहतर उपचार और सुविधाओं के लिए शेड विस्तार के दिए निर्देश
भिलाई: नगर पालिक निगम भिलाई के आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय ने आज निगम क्षेत्र के अंतर्गत कोसा नगर गौठान का बारीकी से अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने गौवंश के लिए उपलब्ध सुविधाओं, चारे-पानी की व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया।
गौवंश की बढ़ती संख्या और सुविधा को देखते हुए आयुक्त ने जोन आयुक्त अजय राजपूत और कार्यपालन अभियंता संजय अग्रवाल को गौठान में शेड विस्तार के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
आयुक्त ने गौवंश के स्वास्थ्य परीक्षण और चिकित्सा व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद डॉ. जी एल बंजारे और गौसेवकों से चर्चा कर व्यवस्थाओं को और अधिक बेहतर बनाने हेतु सुझाव लिए।
चर्चा के दौरान यह बात सामने आई कि इस गौठान के संचालन में स्थानीय गौसेवकों और समाजसेवियों का विशेष सहयोग प्राप्त होता है। आयुक्त ने इस सामाजिक सहभागिता की सराहना की।
भ्रमण के दौरान जोन आयुक्त अजय राजपूत, कार्यपालन अभियंता संजय अग्रवाल, उप अभियंता पुरुषोत्तम सिन्हा, बसंत साहू, सहायक राजस्व अधिकारी जोशी, पशुचिकित्सा विभाग से डॉ. जी एल बंजारे, गौसेवक संजय तिवारी एवं निगम के अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गौठान में सफाई और गौवंश के रखरखाव में किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाए।









.jpg)

Leave A Comment