ब्रेकिंग न्यूज़

 सरायपाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सिजेरियन प्रसव सुविधा प्रारंभ

 महासमुंद / जिले के सरायपाली विकासखंड अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सरायपाली में सिजेरियन (ऑपरेशन द्वारा) प्रसव सुविधा की सफल शुरुआत की गई है। यह सुविधा क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं, विशेषकर ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की महिलाओं के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी। अब जटिल एवं आपातकालीन प्रसव की स्थिति में महिलाओं को महासमुंद, रायपुर अथवा अन्य बड़े अस्पतालों में रेफर करने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। इससे समय पर उपचार सुनिश्चित होगा तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में सुधार आएगा। साथ ही गरीब एवं ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक व मानसिक राहत मिलेगी।
 यह उपलब्धि जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के समन्वित प्रयासों से संभव हो सकी है। कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह के मार्गदर्शन एवं सतत निगरानी में प्रारंभ की गई है। वहीं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आई. नागेश्वर राव के कुशल निर्देशन में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने आवश्यक तैयारियां पूर्ण कीं।
 खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुशल नायक के नेतृत्व में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ऑपरेशन थियेटर, आवश्यक उपकरण, प्रशिक्षित चिकित्सक एवं नर्सिंग स्टाफ की व्यवस्था सुनिश्चित की गई। इसके परिणामस्वरूप सिजेरियन प्रसव सेवा को सफलतापूर्वक प्रारंभ किया जा सका। इस उपलब्धि में स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. संजय, एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. भागेश्वर (शुभा नर्सिंग होम), नर्सिंग टीम, प्रगति सिस्टर, समीर पटेल, स्मृति एवं अंकिता का विशेष योगदान रहा। समस्त टीम के सामूहिक प्रयासों से प्रथम सिजेरियन प्रसव सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।सिजेरियन सुविधा के तहत ग्राम खैरमल निवासी प्रमिला मांझी (27 वर्ष), पति खिरसागर मांझी का प्रसव सुरक्षित रूप से कराया गया। मां एवं नवजात दोनों पूर्णतः स्वस्थ हैं तथा चिकित्सकों की सतत निगरानी में हैं। 
इस अवसर पर कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने कहा सरायपाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सिजेरियन प्रसव सुविधा की शुरुआत क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। इससे ग्रामीण महिलाओं को समय पर सुरक्षित उपचार मिलेगा और मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में सुधार होगा। जिला प्रशासन का निरंतर प्रयास है कि स्वास्थ्य सेवाएं अंतिम व्यक्ति तक सुलभ हों। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आई. नागेश्वर राव ने कहा कि सिजेरियन प्रसव सुविधा शुरू होने से जिले की मातृ स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी। अब जटिल प्रसव मामलों में त्वरित उपचार संभव हो सकेगा, जिससे मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी आएगी। हमारा लक्ष्य है कि दूरस्थ क्षेत्रों की महिलाओं को भी गुणवत्तापूर्ण मातृत्व सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराई जाएं।
वर्तमान में यह सुविधा पूर्व नियोजित प्रसव के लिए प्रारंभ की गई है। शीघ्र ही इसे सभी प्रकार के प्रसव मामलों के लिए विस्तारित किया जाएगा, जिससे सेवा को और अधिक सुरक्षित एवं प्रभावी रूप से संचालित किया जा सके।स्थानीय नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे सरायपाली एवं आसपास के ग्रामीण अंचलों के लिए वरदान बताया है।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english