ग्राम अरकार जनसमस्या निवारण शिविर में जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हुए ग्रामीण हितग्राही
0- जनप्रतिनिधि एवं आला अधिकारी हुए शामिल, शिविर में 596 आवेदनों का किया गया निराकरण
बालोद. सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत आज गुरूर विकासखण्ड के ग्राम अरकार में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में ग्राम पंचायत अरकार सहित अरकार कलस्टर में शामिल आसपास के ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों को शासन के विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया।
इसके अंतर्गत आज अरकार में आयोजित शिविर में अपर कलेक्टर श्री चंद्रकांत कौशिक, जनपद अध्यक्ष श्रीमती सुनीता संजय साहू, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती लक्ष्मी साहू, जनपद सदस्य श्री नरेश मदन साहू, डाॅ. हरिकृष्ण गंजीर, श्री झालेन्द्र साहू, श्री हेमंत गुरूपंच, श्रीमती संतोषी साहू, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि श्री तुमेश्वर पाण्डेय, ग्राम पंचायत अरकार के सरपंच श्री खेमलाल देवांगन एवं अन्य अतिथियों के द्वारा ग्रामीणों एवं हितग्राहियों को कृषि विभाग अंतर्गत बीज वितरण, केसीसी पंजीयन, मत्स्य पालन प्रसार योजना अंतर्गत जाल, स्वास्थ्य विभाग अंतर्गत वय वंदन एवं निक्षय पोषण किट का वितरण किया गया। इसी तरह प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण अंतर्गत आवास निर्माण पूर्णता प्रमाण पत्र का वितरण किया। इसके अलावा शिविर में राज्य शासन के निर्देशानुसार दिव्यांगजनों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाने हेतु मेडिकल बोर्ड लगाया गया था। इस दौरान मेडिकल बोर्ड में शामिल विशेषज्ञ चिकित्सकों के द्वारा शिविर में दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाने पहुँचे दिव्यांगजनों का दिव्यांगता प्रमाण पत्र भी बनाया गया।
शिविर में अतिथियों के द्वारा नन्हें-मुन्हें बच्चों को स्वादिष्ट खीर खिलाकर उनका अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। इसके अलावा गर्भवती माताओं को सुपोषण किट भेंटकर उनके गोदभराई के रस्म को पूरा किया गया। इस मौके पर विभिन्न विभागों के द्वारा शिविर में आज अपने-अपने विभागों से संबंधित कुल आवेदन एवं उनके निराकरण की स्थिति के अलावा आम नागरिकों को शासन के जनकल्याणकारी योजनाओं के संबंध में जानकारी दी। ग्राम अरकार में आयोजित शिविर में आज विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 827 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिसमें से 596 आवेदनों को मौके पर निराकरण सुनिश्चित किया गया। शिविर में अतिथियों के द्वारा ग्राम पलारी निवासी श्री कृष्णकुमार बंजारे का भैंस विद्युत दुर्घटना में मृत्यु होने पर 32 हजार 800 रूपये का चेक प्रदान भी किया गया।
जनसमस्या निवारण शिविर को संबोधित करते हुए जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सुनीता संजय साहू ने शिविर में उपस्थित ग्रामीणों को सुशासन तिहार के अंतर्गत आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर के उद्देश्यों के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने ग्रामीणों को जनसमस्या निवारण शिविर में अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर शासन के जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने को कहा। श्रीमती साहू ने शिविर में उपस्थित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों को आम जनता से प्राप्त आवेदनों का पूरी तत्परता एवं संवेदनशीलता के साथ निराकरण करने को कहा। इस अवसर पर श्रीमती सुनीता साहू ने बाल विवाह को सामाजिक बुराई के साथ-साथ सामाजिक अपराध बताते हुए शिविर में उपस्थित सभी लोगों को बाल विवाह के रोकथाम के कार्य में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की शपथ दिलाई। जिला पंचायत सदस्य श्रीमती लक्ष्मी साहू ने भीषण गर्मी के उपरांत भी शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति पर सराहना व्यक्त की। उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों को शिविर में प्राप्त आवेदनों का गुणवत्तायुक्त ढंग से शत प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। जिससे आम जनता को शासन के जनकल्याणकारी योजनाओं का समुचित लाभ मिल सके। इसके अलावा अन्य अतिथियों ने भी शिविर को संबोधित करते हुए सुशासन तिहार के उद्देश्यों के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने आम जनता को सुशासन तिहार के अंतर्गत आयोजित शेष सभी शिविरों में उपस्थित होकर शासन के जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
उल्लेखनीय है कि अरकार में आज आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में ग्राम अरकार, हसदा, भिरई, बोहारा, डोटोपार, कोसागोंदी, पिकरीपार, मोहारा, सनौद, सांगली, ओझागहन, देवकोट, गंगोरीपार, बासीन, अरमरीकला, जेवरतला, भोथली और डांडेसरा ग्राम पंचायतों के ग्रामीण जन शामिल हुए थे। शिविर में आज पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग को 573 आवेदन, तहसील गुरूर को 58, विद्युत विभाग को 52, खाद्य विभाग को 28, जल संसाधन विभाग को 14 आवेदन सहित विभिन्न विभागों से कुल 827 आवेदन प्राप्त हुए थे। जिसमें से कुल 596 आवेदनों का निराकरण किया गया। शिविर में एसडीएम श्री आरके सोनकर, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री उमेश रात्रे सहित अंचल के जनप्रतिनिधियों विभिन्न विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों तथा बड़ी संख्या में अरकार कलस्टर में शामिल सभी ग्राम पंचायतों के ग्रामीणजन उपस्थित थे।











.jpg)

Leave A Comment