बालू के मानस पुत्र परमेश्वरी ने श्रोताओं को किया आध्यात्मिक अनुभूति से सराबोर
रागम तानम पल्लवी- सीजन 4 का शानदार आयोजन
-टी सहदेव
भिलाई नगर। पद्मश्री घंटसाला चैतन्य वेदिका के तत्वावधान में रविवार को बालाजी मंदिर के आंध्र भवन में तेलुगु संगीत प्रेमियों के लिए विशेष सांस्कृतिक संध्या 'रागम तानम पल्लवी–सीजन 4' का शानदार आयोजन किया गया। यह सुरमयी संध्या महान पार्श्वगायक पद्मविभूषण डॉ. एस. पी. बालासुब्रह्मण्यम की 80वीं जयंती की स्मृति में आयोजित की गई थी, जिसमें भिलाई और आसपास के क्षेत्रों के प्रतिभाशाली गायकों और गायिकाओं ने उनके अमर गीतों को उन्हीं के अंदाज में गाकर श्रद्धांजलि दी। इस कार्यक्रम में उस समय पूरा हॉल तालियों से गूंज उठा जब बालू के मानस पुत्र एवं पाडुता तीयगा फेम सेलिब्रिटी एन परमेश्वरी ने दिल को छूने वाले सुर में क्लासिकल फिल्म शंकराभरणम का गीत शंकरा नाद शरीरापरा गीत प्रस्तुत किया। आध्यात्मिक अनुभूति से सराबोर श्रोताओं को उनके दो और गीतों के रसास्वादन का भी अवसर मिला।
तीस से ज्यादा फिल्मी गाने सुरों से सजे
संगीत प्रेमियों के लिए विशेष रूप से तैयार किए गए इस कार्यक्रम में संगीत, स्मृतियों और सांस्कृतिक गौरव का सुंदर संगम देखने को मिला। इसी कड़ी में संगीत प्रेमियों को तेलुगु फ़िल्मों स्वाति किरणम, पवित्र बंधम, अल्लुडु मजाका, स्वराभिषेकम, वेटगाडु, गीतांजलि, मुठा मेस्त्री, प्रेमाभिषेकम, अनुबंधम सहित तीस से ज्यादा फिल्मी नगमे सुनने को मिले। अपनी गायकी से महफ़िल लूटने वालों में जी वेणुगोपाल, बी रामू, लक्ष्मण मूर्ति, विद्याशंकर श्रीनिवास, जोशना, प्रकाश, लक्ष्मीरानी, के राजू, सिरीषा, कुसुमा, शेखर, गीता, डी लता, एन चंदू, जी वेंकट, गीता और दिलीप शामिल हैं। कार्यक्रम में सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े व्यक्तियों में स्वास्थ्य, खाद्य एवं स्वच्छता विभाग के अध्यक्ष लक्ष्मीपति राजू, आंध्र साहित्य समिति के अध्यक्ष पीवी राव, सचिव पीएस राव, अखिल भारतीय तेलुगु सेना के प्रदेशाध्यक्ष नीलम चन्ना केशवलु समेत विभिन्न समाज प्रमुखों की मौजूदगी भी रही।
संगीत की विरासत नई पीढ़ी को सौंपी
वेदिका के अध्यक्ष एएस शर्मा और महासचिव के लक्ष्मीनारायण का कहना है कि यह आयोजन केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि तेलुगु भाषा, संगीत और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। इससे पहले कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के बाद गणेश वंदना से हुई, जिसे वेदिका के डायरेक्टर जी वेणुगोपाल ने सुरों से सजाया। इस मौके पर सेलिब्रिटी एन परमेश्वरी, अखिल भारतीय पंचायत परिषद के छत्तीसगढ़ प्रदेश संयोजक बीवीएस राजकुमार और रायपुर थोक सब्जी मंडी के अध्यक्ष श्रीनिवास रेड्डी को शॉल तथा स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।













Leave A Comment