गृहे-गृहे यज्ञ अभियान के तहत मेडेसरा के 60 घरों में एक साथ होगा यज्ञ
धमधा। अखिल विश्व गायत्री परिवार के तत्वावधान में संचालित गृहे-गृहे यज्ञ अभियान के अंतर्गत 28 जून रविवार को ग्राम मेडेसरा में एक विशेष धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन किया जाएगा। सुबह 8 बजे से गांव के 60 घरों में एक साथ वैदिक विधि-विधान से यज्ञ संपन्न होंगे। आयोजन का संचालन गायत्री प्रज्ञापीठ नंदकट्ठी–बोड़ेगांव द्वारा किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य यज्ञ संस्कृति को घर-घर तक पहुंचाना, परिवारों में आध्यात्मिक चेतना का विकास करना तथा समाज में सद्भाव, संस्कार और नैतिक मूल्यों को सुदृढ़ करना है।
आयोजन की जानकारी देते हुए श्रीमती ऊषा केसरा ने बताया कि इस सामूहिक आयोजन के लिए 60 प्रशिक्षित यज्ञाचार्यों की व्यवस्था की गई है। प्रत्येक यज्ञाचार्य एक-एक घर में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ यज्ञ संपन्न कराएंगे। उन्होंने बताया कि यह अभियान पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य एवं वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा के विचारों और जीवन-दर्शन से प्रेरित है। दोनों ने यज्ञ को केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि व्यक्ति, परिवार और समाज के सर्वांगीण उत्थान का प्रभावी माध्यम बताया है। इसी भावना को जन-जन तक पहुंचाने के लिए गृहे-गृहे यज्ञ अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि इस आयोजन में गायत्री मंदिर धमधा के परिजन भी सक्रिय रूप से भाग लेंगे और आयोजन को सफल बनाने में अपनी सेवाएं देंगे। आयोजन की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। यज्ञ सामग्री, मंत्र-पुस्तिकाएं तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं संबंधित यज्ञाचार्यों को उपलब्ध करा दी गई हैं।
आयोजकों के अनुसार गृहे-गृहे यज्ञ अभियान का उद्देश्य प्रत्येक परिवार को भारतीय संस्कृति, नैतिक जीवन, स्वावलंबन, सेवा और संस्कारों से जोड़ना है। यज्ञ के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, मानसिक शांति, पारिवारिक सौहार्द और सामाजिक समरसता का संदेश भी दिया जाएगा। आयोजकों ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं एवं गायत्री परिवार के परिजनों से इस पुण्य अभियान में सहभागी बनकर इसे सफल बनाने की अपील की है।












Leave A Comment