कलेक्टर ने किया सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र डौण्डी का औचक निरीक्षण
0- मरीजों एवं उनके परिजनों से बातचीत कर जाना हालचाल, अधिकारी-कर्मचारियों को बेहतर इलाज करने के दिए निर्देश
बालोद. कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने आज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डौण्डी का आकस्मिक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल के विभिन्न कक्षों का भ्रमण कर वहाँ उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं की विस्तृत जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों से चर्चा की। उन्होंने कड़े निर्देश दिए कि अस्पताल आने वाले हर मरीज को बेहतर और त्वरित स्वास्थ्य सुविधाएं मिलनी चाहिए।
इसके साथ ही उन्होंने वार्डों में भर्ती मरीजों से सीधे बातचीत कर उन्हें मिल रहे इलाज, भोजन और अन्य सुविधाओं का फीडबैक लिया। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अस्पताल की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ व मरीज-अनुकूल बनाया जाए। इस मौके पर उन्होंने अस्पताल में चिकित्सा प्रमाण पत्र बनाने पहुँचे कन्या छात्रावास के बालिकाओं से बातचीत कर उनका हालचाल पूछा। उन्होंने मौके पर उपस्थित खण्ड चिकित्सा अधिकारियों को छात्राओं का तत्काल चिकित्सा प्रमाण पत्र बनाने के निर्देश भी दिए। इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती मिश्रा एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील चंद्रवंशी ने अस्पताल परिसर में पौध रोपण भी किया। इस मौके पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ जे एल उइके सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।













Leave A Comment