ब्रेकिंग न्यूज़

 कलेक्टर ने साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में विभागीय कार्यों की समीक्षा की

 - प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के क्रियान्वयन में तेजी लाने के दिए निर्देश
- किसानों को धान की जगह कम पानी उपयोग वाली फसलों की बोआई के लिए प्रोत्साहित करने कहा
- एचपीवी वैक्सीनेशन कार्य में तेजी लाने के दिए निर्देश

राजनांदगांव  । कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों एवं शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने गिरदावरी कार्य गंभीरतापूर्वक करने के निर्देश देते हुए कहा कि पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष बेहतर तरीके से कार्य करने के लिए विभागीय स्तर पर समुचित कार्ययोजना तैयार की जाए। कलेक्टर ने जिले में पौधरोपण अभियान की तैयारियों एवं प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से पौधों की उपलब्धता, रोपण स्थलों के चयन तथा विभागवार लक्ष्य की जानकारी ली। उन्होंने निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण पौधरोपण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन 1076, जन शिकायतों, सुशासन तिहार के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों तथा अन्य लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा करते हुए कहा कि सभी आवेदनों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए नियमित ऑनलाइन मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी स्कूलों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के आधार सत्यापन का कार्य प्राथमिकता से पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत प्राप्त आवेदनों का परीक्षण शीघ्र पूर्ण कर पात्र हितग्राहियों के घरों में सोलर पैनल स्थापना का कार्य तेजी से कराया जाए। उन्होंने वार्डों एवं ग्राम पंचायतों में नियमित रूप से सूर्यघर सभाएं आयोजित कर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि जिले में अब तक 3 हजार 959 हितग्राहियों के घरों में सोलर पैनल स्थापित किए जा चुके हैं, जिससे वे ऊर्जा उत्पादक बनने के साथ अतिरिक्त बिजली उत्पादन से आर्थिक लाभ भी प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को योजना से लाभान्वित करने के लिए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सभी नगरीय निकायों में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के क्रियान्वयन में तेजी लाने के निर्देश दिए। नगरीय निकायों में वर्षा के दौरान जलभराव की समस्या से बचाव के लिए नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कुपोषण मुक्ति अभियान की समीक्षा करते हुए कहा कि छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा कुपोषित बच्चों को हर हाल में सुपोषण की श्रेणी में लाने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं। उन्होंने शत-प्रतिशत कुपोषण मुक्त होने वाले ग्राम पंचायतों एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों को सम्मानित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की अनिवार्य स्क्रीनिंग, समय पर सोनोग्राफी, उपचार एवं दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा उनके स्वास्थ्य की प्रतिदिन मोबाइल के माध्यम से मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान की समीक्षा करते हुए बताया कि जिले में अब तक 4 हजार 777 किशोरी बालिकाओं का टीकाकरण किया जा चुका है। उन्होंने स्कूलवार रोस्टर बनाकर टीकाकरण अभियान में और तेजी लाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने किसानों को धान के स्थान पर दलहन एवं तिलहन फसलों की खेती के लिए प्रोत्साहित करने तथा पर्याप्त मात्रा में बीज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि जिले में अब तक 61 प्रतिशत बोआई हो चुकी है।  उन्होंने किसानों को नैनो यूरिया एवं नैनो डीएपी के उपयोग के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने अग्निवीर भर्ती में जिले के पंजीयन एवं चयन की जानकारी ली। पिछले वर्ष चयनित अग्निवीरों को सम्मानित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले के सभी आश्रम एवं छात्रावासों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। प्रयास आवासीय विद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया, नीट, जेईई एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग व्यवस्था की जानकारी ली। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री दुर्गा प्रसाद अधिकारी, अपर कलेक्टर श्री सीएल मारकण्डेय, अपर कलेक्टर श्री प्रेमप्रकाश शर्मा सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english