सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा के लिए 18 जुलाई तक एचपीवी विशेष टीकाकरण अभियान
- राजनांदगांव जिले में 5176 किशोरी बालिकाओं को लगाया गया एचपीवी टीका
राजनांदगांव । स्वास्थ्य विभाग द्वारा सर्वाइकल (गर्भाशय ग्रीवा) कैंसर जैसी गंभीर और जानलेवा बीमारी से बेटियों को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से जिले में 13 से 18 जुलाई तक एचपीवी (हाूमन पैंपिलोमा वायरस) विशेष टीकाकरण सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान के तहत जिले की 14 वर्ष आयु की सभी पात्र बालिकाओं को नि:शुल्क एचपीव्ही टीका लगाया जा रहा है। इसके अंतर्गत जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंन्द्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, स्वास्थ्य एवं कल्याण केन्द्रों सहित चिन्हित विद्यालयों एवं निर्धारित टीकाकरण सत्र स्थलों पर एचपीवी टीकाकरण के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। जिले में अब तक तक 5176 किशोरी बालिकाओं को चिकित्सकों की निगरानी में एचपीपी टीका लगाया गया है, जिसका अभी तक कोई भी प्रतिकूल प्रभाव नहीं हुआ है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नेतराम नवरतन ने बताया है कि एचपीवी संक्रमण सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण माना जाता है। एचपीवी टीका सर्वाइकल कैंसर बीमारी से बचाव का सुरक्षित, प्रभावी एवं वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित माध्यम है। टीकाकरण से भविष्य में सर्वाइकल कैंसर का खतरा काफी हद तक कम किया जा सकता है। एचपीवी विशेष टीकाकरण अभियान को सफल बनाने तथा पात्र बालिकाओं के टीकाकरण के लिए स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा शिक्षा विभाग द्वारा संयुक्त रूप से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बेटियों के स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य के लिए अभिभावकों से अपनी 14 वर्ष की प्रत्येक पात्र बेटी को एचपीवी विशेष टीकाकरण अभियान के तहत नि:शुल्क एचपीवी टीका लगवाने की अपील की है। जनप्रतिनिधियों, शिक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मितानिन, स्वंयसेवी संगठनों और सामाजिक संस्थाओं से अधिक से अधिक बालिकाओं का टीकाकरण सुनिश्चित कराने के लिए सहयोग का आग्रह किया गया है।













Leave A Comment