विधानसभा लोकतंत्र की सबसे बड़ी पाठशाला, विद्यार्थियों का यहां आना प्रेरणादायी – शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव
दुर्ग। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान दुर्ग जिले के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने विधानसभा की कार्यवाही का अवलोकन किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने प्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव से मुलाकात कर लोकतंत्र, विधानसभा की कार्यप्रणाली एवं जनप्रतिनिधियों की भूमिका से जुड़े विषयों पर संवाद किये।
शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि विधानसभा केवल कानून बनाने का सदन नहीं, बल्कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी पाठशाला भी है। यहां आकर विद्यार्थी लोकतांत्रिक व्यवस्था को निकट से समझते हैं और संविधान के प्रति सम्मान तथा जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा प्राप्त करते हैं।
उन्होंने बताया कि स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय पाऊवारा, कोड़िया, चंदखुरी सहित दुर्ग जिले के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने विधानसभा की कार्यवाही देखी तथा अनेक विषयों पर उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछे। विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्होंने लोकतांत्रिक व्यवस्था, विधानसभा की कार्यप्रणाली, जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारियों तथा जनसेवा के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी।
शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार शिक्षा को केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित न रखकर विद्यार्थियों को व्यवहारिक शिक्षा, लोकतांत्रिक मूल्यों एवं संवैधानिक संस्थाओं से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत है। ऐसे शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों में जागरूक, जिम्मेदार और संवेदनशील नागरिक बनने की भावना को मजबूत करते हैं।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की जिज्ञासा, आत्मविश्वास और सीखने की उत्सुकता अत्यंत प्रेरणादायी है। प्रदेश सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ नई पीढ़ी को लोकतांत्रिक परंपराओं और संवैधानिक मूल्यों से जोड़ने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्हें विश्वास है कि विधानसभा का यह अनुभव विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास तथा उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।





.jpg)


.jpg)




Leave A Comment