जामगांव (एम) में 20 जुलाई को राज्य स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव
-मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव करेंगे विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन
दुर्ग। दुर्ग जिले के पाटन विकासखंड अंतर्गत जामगांव (एम) स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में 20 जुलाई को राज्य स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा तथा स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव शामिल होकर नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत एवं उत्साहवर्धन करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय लगभग एक घंटे तक विद्यार्थियों के बीच रहेंगे। वे नवप्रवेशी विद्यार्थियों को तिलक लगाकर नवीन शिक्षण सत्र की शुभकामनाएं देंगे तथा उनके साथ संवाद भी करेंगे।
जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार कार्यक्रम में सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत छात्राओं को साइकिलों का वितरण किया जाएगा। साथ ही प्रतिभावान विद्यार्थियों का सम्मान, नए शैक्षणिक सत्र के शैक्षणिक कैलेंडर का विमोचन तथा विद्यालय में स्थापित एस्ट्रोनॉमी लैब का मुख्यमंत्री द्वारा अवलोकन भी किया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री विद्यार्थियों के साथ न्योता भोज में सहभागिता कर उनके साथ भोजन करेंगे। राज्य स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव के माध्यम से विद्यार्थियों में शिक्षा के प्रति उत्साह बढ़ाने तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को और सशक्त करने का संदेश दिया जाएगा।







.jpg)


.jpg)


Leave A Comment