ब्रेकिंग न्यूज़

 पंचतत्वों के संतुलन और प्रकृति संरक्षण से ही मानव जीवन सुरक्षित - विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह

- विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने मेडिकल कॉलेज परिसर में किया पौधरोपण
- एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
राजनांदगांव  । विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने आज स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजनांदगांव प्रवास के दौरान एक पेड़ मां के नाम अभियान के अंतर्गत भारतरत्न स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी शासकीय मेडिकल कॉलेज परिसर में मौलश्री का पौधरोपण किया। इस अवसर पर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, पौधरोपण और प्रकृति के संतुलन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए नागरिकों से अधिक से अधिक फलदार एवं उपयोगी पौधे लगाने का आह्वान किया। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि आजादी की 80 वर्ष की यात्रा पूरी हो चुकी है। भारतरत्न स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर स्थापित राजनांदगांव का मेडिकल कॉलेज सभी के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण हुआ और आज प्रदेश में बड़ी संख्या में मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज एवं अन्य स्वास्थ्य संस्थान विकसित हुए हैं। उन्होंने मेडिकल कॉलेज परिसर को हरा-भरा देखकर प्रसन्नता व्यक्त की।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि प्रकृति सबसे बड़ी चिकित्सक है। पृथ्वी, जल, अग्नि, वायु और आकाश पंचतत्वों से हमारा जीवन और यह सृष्टि बनी है। प्रकृति हमें अन्न, जल, वायु और सूर्य की ऊर्जा जैसी अमूल्य चीजे नि:शुल्क प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि ऑक्सीजन का महत्व कोरोना काल में सभी ने अनुभव किया, जब लोगों को ऑक्सीजन सिलेंडर के लिए संघर्ष करना पड़ा। इसलिए पेड़ों का संरक्षण और अधिक से अधिक पौधरोपण मानव जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक है। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सिंह ने कहा कि पर्यावरण का संतुलन बिगडऩे पर मानव अस्तित्व भी खतरे में पड़ जाएगा। जल को प्रदूषित और वायु को अशुद्ध करने के दुष्परिणाम आज महानगरों में दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने भावी चिकित्सकों से प्रकृति संरक्षण को अपनी जिम्मेदारी का हिस्सा बनाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थी भविष्य के डॉक्टर हैं और डॉक्टर मानव जीवन की रक्षा करने वाले महत्वपूर्ण सेवक हैं। उन्होंने कहा कि भगवान के बाद मानव जीवन की रक्षा में डॉक्टर का महत्वपूर्ण स्थान है। उन्होंने मेडिकल कॉलेज में बेहतर कार्य करने वाले चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, सफाई कर्मचारियों एवं अन्य कर्मचारियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि आने वाले समय में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिक से अधिक कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सम्मानित किया जाना चाहिए।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सिंह ने पौधरोपण के अवसर पर नागरिकों से स्थानीय एवं फलदार प्रजातियों के पौधे लगाने का आग्रह किया। उन्होंने आम, जामुन, पीपल, बरगद, आंवला, हर्रा, बहेड़ा, कुसुम आदि उपयोगी पौधे लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पौधे केवल लगाने तक सीमित न रहें, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी किया जाना चाहिए। उन्होंने सौर ऊर्जा का अधिक से अधिक उपयोग करने कहा। उन्होंने कहा कि सूर्य की ऊर्जा कभी समाप्त नहीं होने वाली ऊर्जा है और इसका उपयोग स्वच्छ ऊर्जा के रूप में किया जाना चाहिए। उन्होंने लोगों को सौर ऊर्जा अपनाने और पर्यावरण संरक्षण में सहभागी बनने का संदेश दिया। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य संस्थानों की प्रतिष्ठा वहां कार्य करने वाले चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और कर्मचारियों की सेवाभावना से बनती है। उन्होंने शासकीय मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव में बेहतर कार्य करने के लिए सभी चिकित्सकों एवं कर्मचारियों को शुभकामनाएं दी।
महापौर श्री मधुसूदन यादव ने देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले शहीदों को नमन किया। उन्होंने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि भारतरत्न स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी शासकीय मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव लाखों लोगों को जीवनदान देने का कार्य कर रहा है। उन्होंने मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों एवं कर्मचारियों की सेवाभावना की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। महापौर श्री यादव ने बताया कि मेडिकल कॉलेज परिसर में आगामी फिजियोथेरेपी सेंटर के लिए 200 पौधे लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि राजनांदगांव में इस वर्ष लगभग 10 हजार पौधों का रोपण किया जा रहा है। पिछले भीषण गर्मी को देखते हुए पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए सार्वजनिक स्थानों के साथ-साथ नागरिकों को अपने घरों में भी फलदार एवं छायादार पौधे लगाने चाहिए। उन्होंने एक पेड़ मां के नाम अभियान से जुड़कर प्रत्येक नागरिक से पौधरोपण करने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि नगर पालिक निगम, वन विभाग एवं अन्य माध्यमों से नागरिकों को पौधे उपलब्ध कराए जा रहे हैं। महापौर श्री यादव ने मेडिकल कॉलेज परिसर में पौधों की बेहतर देखरेख के लिए प्रबंधन को धन्यवाद देते हुए सभी से पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान में सहयोग करने की अपील की। इस अवसर पर अध्यक्ष राजगामी संपदा न्यास श्रीमती पूर्णिमा साहू, श्री खूबचंद पारख, श्री कोमल सिंह राजपूत, श्री संतोष अग्रवाल, श्री रमेश पटेल, पार्षद श्री पारस वर्मा, श्री भावेश बैद, आईजी श्री अजय कुमार यादव, कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव, सीईओ जिला पंचायत श्री दुर्गा प्रसाद अधिकारी, मेडिकल कॉलेज के डीन श्री पंकज लुका सहित चिकित्सक, अधिकारी-कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english