मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना अंतर्गत 21 से 27 सितंबर तक द्वारिका, सोमनाथ एवं नागेश्वर की यात्रा निर्धारित
महासमुंद / मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना अंतर्गत संशोधित समय-सारणी के अनुसार महासमुंद जिले के तीर्थयात्रियों के लिए 21 सितंबर 2026 से 27 सितंबर 2026 तक द्वारिका, सोमनाथ एवं नागेश्वर की तीर्थयात्रा निर्धारित की गई है। इस संबंध में कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने जिले के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों एवं नगरीय निकाय के अधिकारियों को आवश्यक तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। निर्धारित विकासखण्डवार एवं नगरीय निकायवार सीट संख्या के अनुसार कुल 323 तीर्थ यात्रियों एवं 9 अनुरक्षकों का चयन किया जाएगा।
कलेक्टर ने निर्देशित किया है कि चयनित हितग्राहियों का चिकित्सकीय जांच एवं परीक्षण कराने के पश्चात पात्र हितग्राहियों की सूची तैयार की जाए। साथ ही चयनित हितग्राहियों की संख्या के 10 प्रतिशत के अनुपात में प्रतीक्षा सूची भी तैयार की जाएगी। चयनित एवं प्रतीक्षारत हितग्राहियों की सूची निर्धारित प्रारूप में हार्ड कॉपी एवं सॉफ्ट कॉपी (एक्सल शीट) के माध्यम से 10 सितंबर 2026 तक कार्यालय उप संचालक, समाज कल्याण, जिला महासमुंद को भेजना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
यात्रा के लिए पात्र हितग्राहियों को नियत समय एवं स्थान पर उपस्थित कराने के संबंध में यात्रा तिथि से 24 घंटे पूर्व सूचना प्रेषित की जाएगी। संबंधित जनपद पंचायतों एवं नगरीय निकायों के साथ समन्वय स्थापित कर सभी चयनित हितग्राहियों को 21 सितंबर 2026 को रायपुर रेलवे स्टेशन पहुंचाना सुनिश्चित करने कहा गया है। इसके अलावा चयनित पात्र हितग्राहियों एवं प्रतीक्षा सूची में शामिल हितग्राहियों का निर्धारित पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीयन भी अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।













Leave A Comment