‘सूचना तो जल्दी मिल रही लेकिन आत्मीयता हो रही दूर’
0- वाद-विवाद स्पर्धाः सोशल मीडिया ने मानव संचार को बेहतर तो बनाया
रायपुर। ‘सोशल मीडिया ने मानव संचार को बेहतर बनाया’ विषय पर हुई वाद विवाद स्पर्धा में पक्ष के वक्ताओं ने कहा कि सोशल प्लेटफार्म आने के बाद सूचनाओं का आदान-प्रदान काफी कम समय यानी चंद सेकंड में सिमट कर रह गया, इससे सुविधाएं काफी बढ़ गई हैं। वहीं विपक्ष के प्रतिभागियों ने सोशल मीडिया के इस्तेमाल से दूर होती आत्मीयता पर सवाल खड़े किए। विपक्ष ने कहा कि आज हर घर की यही स्थिति है कि एक कमरे में घर के चार सदस्य बैठे हैं और सभी अपने- अपने मोबाइल स्क्रॉल कर रहे हैं, ऐसे में बच्चों की माता-पिता के साथ आत्मीयता ही खत्म होते जा रही है।
महाराष्ट्र मंडल के शहीद मेजर यशवंत गोरे स्मृति गणेशोत्सव के चौथे दिन शालेय स्तरीय ‘सोशल मीडिया ने मानव संचार को बेहतर बनाया’ विषय पर वाद विवाद स्पर्धा में प्रतिभागियों ने दमदारी से अपने पक्ष तटस्थता से रखे। स्पर्धा में संत ज्ञानेश्वर विद्यालय, लक्ष्मी नारायण विद्यालय, गुजराती स्कूल के बच्चों ने उत्साह के साथ भाग लिया। निर्णायक सेवानिवृत्त प्राचार्य श्यामल जोशी, सेवानिवृत्त शिक्षिका कुमुद लाड और वरिष्ठ पत्रकार रविंद्र ठेंगड़ी के अनुसार वाद-विवाद प्रतियोगिता में पक्ष में विजेता गुजराती स्कूल की पायल साहू और विपक्ष से संत ज्ञानेश्वर स्कूल के तन्मय भगाड़े रहे। संत ज्ञानेश्वर की डिंपल अवधिया और लक्ष्मी नारायण विद्यालय की पीहू सोना संयुक्त रूप से उप विजता रहीं।
युवा समिति की समन्वयक डा. शुचिता देशमुख ने बताया कि कार्यक्रम का संचालन युवा समिति के उदित बक्षी ने किया। कार्यक्रम में महाराष्ट्र मंडल की उपाध्यक्ष गीता श्याम दलाल, कार्यकारिणी सदस्य मालती मिश्रा, सहसचिव अजय पोतदार, प्रवीण क्षीरसागर, युवा समिति की प्रमुख श्रावणी मुकादम, अक्षदा मातुरकर सहित युवा समिति की टीम उपस्थित रही।
--







.jpg)



.jpg)
Leave A Comment