ब्रेकिंग न्यूज़

 सेवा सेतु अभियान में हर पात्र हितग्राही तक पहुंचे योजनाओं का लाभ : कलेक्टर

10 हजार लोगों को मिलेंगे भूमि स्वामित्व कार्ड, 800 निःशक्तजनों को सहायक उपकरण
जनभागीदारी के कार्यों को मिलेगा सम्मान
बिलासपुर/ सेवा संकल्प अभियान को अधिक प्रभावी और जनहितकारी बनाने के लिए कलेक्टर  संजय अग्रवाल ने सभी नोडल अधिकारियों को योजनाओं के सैचुरेशन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल योजनाओं का प्रचार-प्रसार नहीं, बल्कि हर पात्र हितग्राही तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। एक भी पात्र व्यक्ति शासकीय योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। कलेक्टर ने अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव द्वारा अभियान को और बेहतर बनाने के लिए दिए गए निर्देशों की जानकारी अधिकारियों को दी। उन्होंने कहा कि इन निर्देशों पर प्रभावी अमल करते हुए अधिक से अधिक लोगों को शासन की योजनाओं से जोड़ा जाए और योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक पहुंचाया जाए।
शिक्षा, स्वास्थ्य और जनसेवा के कार्यों पर विशेष जोर
      कलेक्टर ने आमजनता से सीधे जुड़े शिक्षा, स्वास्थ्य, आंगनबाड़ी और पर्यावरण जैसे क्षेत्रों के साथ ही देहदान और वस्त्रदान जैसे मानवीय कार्यों पर विशेष फोकस करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयासों से गरीब और जरूरतमंद लोगों को प्रत्यक्ष मदद मिलेगी तथा समाज में जनभागीदारी की भावना को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे केवल निर्धारित शासकीय दायित्वों तक सीमित न रहें, बल्कि स्वप्रेरित होकर जनसेवा के कार्यों में आगे आएं और समाज के सहयोग से ऐसे कार्य करें, जिनका व्यापक जनहित में सकारात्मक प्रभाव पड़े।
बुढ़ीखार के ग्रामीणों की पहल को मिलेगा सम्मान
    कलेक्टर ने बुढ़ीखार मस्तूरी में ग्रामीणों द्वारा जनभागीदारी से स्कूल में अतिरिक्त भवन निर्माण और स्कूल परिसर को सुंदर बनाने की पहल का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास अनुकरणीय हैं। उन्होंने बताया कि जिले के स्कूलों को जनभागीदारी से 700 से अधिक स्मार्ट टीवी दान में मिले हैं। उन्होंने अभियान के दौरान ऐसे सहयोगकर्ताओं को सम्मानित करने के निर्देश दिए।
350 निःशक्तजनों को मिला सहारा, 800 और होंगे लाभान्वित
       कलेक्टर ने बताया कि जिले में अब तक 350 निःशक्तजनों को सहायक उपकरण प्रदान किए जा चुके हैं। अभियान के दौरान आगे 800 और निःशक्तजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। इसी तरह करीब 10 हजार लोगों को भूमि के स्वामित्व कार्ड वितरित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को आवास निर्माण की अगली किश्त भी जारी की जा रही है। वीबी रामजी योजना के तहत 3000 कार्य स्वीकृत किए जा चुके हैं। गणेश विसर्जन के बाद अरपा नदी के किनारे स्थित घाटों पर स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा।
       कलेक्टर ने कहा कि सेवा सेतु अभियान का मूल उद्देश्य शासन की योजनाओं और सेवाओं को उन लोगों तक पहुंचाना है, जिनके लिए ये योजनाएं बनाई गई हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों को योजनाओं की पहुंच, पात्र हितग्राहियों का कवरेज और जमीनी परिणाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री प्रकाश सर्वे, अपर कलेक्टर श्री वीरेंद्र बहादुर पंचभाई, जिला पंचायत सीईओ श्री संदीप अग्रवाल सहित सभी नोडल अधिकारी एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english